Varanasi Top News: एलकेजी के छात्र को शिक्षक ने पीटा, प्रिंसिपल ने भगाया तो मां पहुंची थाने, पढ़ें- अन्य खबरें
Varanasi News: वाराणसी जिले में पिछले 24 घंटे में कई खबरें सुर्खियों में बनी रहीं। इनमें क्राइम व कोर्ट के साथ अन्य खबरें भी शामिल रहीं। संक्षिप्त में पढ़ें- दिनभर की अपडेट...
विस्तार
भिटारी में निजी स्कूल के शिक्षक ने बच्चे की बेरहमी से पिटाई कर दी। क्षुब्ध होकर मां ने थाने में तहरीर में कहा कि 4.5 साल के बच्चे को पीटा गया। वह बार बार अपने बड़ी बहन की क्लास में जाकर बैठ जा रहा था। बच्चे के शरीर में कई जगह चोट के निशान हैं। मां रीना ओझा ने शनिवार को स्कूल से शिकायत की तो उसे भगा दिया गया। क्षुब्ध होकर क्लास टीचर और प्रिंसिपल के खिलाफ मुकदमे के लिए लोहता थाने में तहरीर दी। लोहता थानाध्यक्ष निकिता सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।
मारपीट मामले में लेखपाल व चेनमैन राजस्व की ओर से मुकदमा दर्ज
सदर तहसील में 28 अगस्त को अधिवक्ता और लेखपाल व चेनमैन राजस्व के बीच मारपीट के मामले में शनिवार को लेखपाल ने भी अधिवक्ताओं के खिलाफ केस दर्ज कराया। चेनमैन राजस्व राजस्व निरीक्षक कार्यालय फुलवरिया के शिवश्याम सिंह व लेखपाल सिरगोवर्धन के कुंदन सिंह, लेखपाल भरथना के मनु उपाध्याय की ओर से तीन लोगों के खिलाफ मारपीट, गालीगलौज, जान से मारने की धमकी, सरकारी कार्य में बाधा, नक्शा फाड़ने के मामले में राजनाथ यादव, अभय यादव, जितेंद्र यादव पर केस कराया गया है। इंस्पेक्टर जगदीश कुशवाहा ने बताया कि केस दर्ज मामले की जांच की जा रही है। संवाद
सराफा कारीगर को आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में पांचवां आरोपी गिरफ्तार
कोतवाली थाना क्षेत्र में लूटपाट और आत्महत्या के मामले में वांछित पांचवें आरोपी हड़हासराय निवासी नरेंद्रनाथ को पुलिस ने चौक से गिरफ्तार किया। इंस्पेक्टर दया शंकर सिंह ने बताया कि छह अगस्त की रात सोराकुआं में किराये के मकान में रहने वाले आभूषण कारीगर सुमंत सामंत उर्फ बिट्टू ने खुदकुशी कर ली थी। नरेंद्रनाथ ने बताया कि वह अपने जीजा, बहन और भांजे के साथ पीड़ित के घर गया था। मां रेखा ने मुकदमा दर्ज कराया था कि ब्रह्मनाल निवासी संतोष सेठ और उसकी पत्नी, बेटा बेटी समेत आठ लोग घर में जबरन घुसे और तीसरी मंजिल पर सुमंत के साथ मारपीट की। आलमारी से आभूषण, सोना, चांदी समेत अन्य सामान लूट ले गए। संतोष ने सूद पर सुमंत को सोना दिया था, जिसका दोगुना दाम वसूल चुका था। इसके बावजूद भी सुमंत को सूद ले लिए प्रताड़ित करता था।
मिर्जामुरादथाना क्षेत्र के गोकुल गाव (राने) में हाइटेंशन तार पर लटक रहे हरे वृक्ष की डाली को हटाने गए बिजलीकर्मी राजेश पटेल की पिटाई के मामले में आरोपी शीतल के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। मिर्जापुर के कछवा बाजार के नरायनपुर निवासी राजेश पटेल की पिटाई से क्षुब्ध बिजली कर्मियों ने लालपुर फीडर के जेई अखिलेश यादव के नेतृत्व में थाने में शीतला के खिलाफ केस दर्ज कराया। मिर्जामुराद थाना प्रभारी प्रमोद पांडेय ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।
विवाहिता संदिग्ध हाल में लापता
मायके से विवाहिता दो बच्चों को छोड़कर संदिग्ध हाल में लापता हो गई। पिता ने खोजबीन के बाद शनिवार सुबह मिर्जामुराद थाने में एक युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की। मिर्जामुराद थाना प्रभारी प्रमोद पांडेय ने बताया कि महिला की तलाश के लिए टीम गठित कर दी गई है।
हेरोइन के साथ आरोपी गिरफ्तार
हेरोइन के साथ बृजेश बिंद को शनिवार को राजातालाब पुलिस ने जमुई तिराहे से गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से सात ग्राम हेरोइन बरामद हुई। थानाध्यक्ष राजातालाब राजू कुमार ने बताया कि रोहनिया के करसड़ा निवासी बृजेश है। उससे पूछताछ की जा रही है।
चेन स्नेचिंग के मामले में आरोपी को मिली अग्रिम जमानत
विशेष न्यायाधीश (ईसी एक्ट) सर्वजीत कुमार सिंह की अदालत ने चेन स्नेचिंग के मामले में आरोपी अभिनव शुक्ला को जमानत दे दी। शिवपुर के चमाव निवासी आरोपी अभिनव शुक्ला को गिरफ्तार करने की दशा में 40-40 हजार रुपये की दो जमानतें और बंधपत्र देने पर रिहा करने का आदेश दिया।
मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट मनीष कुमार की अदालत ने फर्जी कॉल सेंटर चलाकर ठगी करने वाले 26 साइबर आरोपियों को 25-25 हजार रुपये की दो जमानतें और बंधपत्र देने पर रिहा करने का आदेश दिया है। आरोपियों में किशन झा, शुभम राय, नीतीश कुमार राय, पवन कुमार पांडेय, शुभम जायसवाल, ज्ञानेंद्र राय, सूर्यांश गुप्ता, चंदन पांडेय समेत 26 आरोपी शामिल है।
डीसीपी क्राइम सरवणन टी को सूचना मिली थी कि लक्सा व सिगरा थाना क्षेत्र में कुछ शातिर साइबर अपराधी शेयर मार्केट में ट्रेडिंग और निवेश के नाम पर ठगी करते हैं। लोगों को अलग-अलग टिप्स देने के नाम पर फ्रॉड वीडियो भेजकर क्यूआर कोड और ऑनलाइन पेमेंट करवा कर पैसे ऐंठते थे। साइबर सेल के साथ ही सिगरा और लक्सा थाने की संयुक्त पुलिस टीम गठित कर छापा मारा गया। साथ ही 26 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। छानबीन में पता चला कि वाराणसी में फ्रॉड कॉल सेंटर दो साल से चल रहा था। इसमें आरोपियों की भी संलिप्तता थी। ये लोग तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, गुजरात और महाराष्ट्र के लोगों को टारगेट करते थे।
इसे भी पढ़ें; MGKVP: काशी विद्यापीठ में तैयार हो रही प्रवेशित छात्रों की सूची, सभी कोर्स में खाली सीटों की मिलेगी सही जानकार
जगतगंज तिराहे पर दो दुकानों में चोरी
चेतगंज थाना क्षेत्र के जगतगंज तिराहे पर शुक्रवार रात सीसीटीवी कैमरे समेत दो दुकानों में चोरी हो गई। मुकेश की सीसी कैमरे की दुकान से 65 हजार नकदी और प्रमोद की दुकान से 45 हजार नकदी,13 हार्ड डिस्क चोरी हुए। दोनों पीड़ितों ने चेतगंज थाने में तहरीर दी है। इंस्पेक्टर दिलीप कुमार मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है।
पति-पत्नी और बेटे की पिटाई, महिला ने दी तहरीर
फूलपुर थाना क्षेत्र के समोगरा गांव में बीती रात मनबढ़ों ने महिला रेनू देवी की लात घूसों से जमकर पिटाई कर दी। बचाव करने पहुंचे पति और बेटे को भी मारा। पीड़िता ने फूलपुर थाने में तहरीर में बताया कि शुक्रवार रात 11 बजे पुरानी रंजिश को लेकर उसके घर पर पड़ोसियों ने गालीगलौज की। विरोध किया तो उसे लात घूसों से मारने लगे। फूलपुर थानाध्यक्ष प्रवीण सिंह ने बताया कि घायल महिला का इलाज पीएचसी पिंडरा में कराया जा रहा है। आरोपियों के खिलाफ जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
बीएचयू में एलएलबी के छात्र सर्वेश त्रिपाठी को कैंपस में मारने की धमकी देने वाले दो छात्रों रवि यादव और दिव्यांशु दुबे पर लंका थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। चाणक्य छात्रावास में रहने वाले सर्वेश का आरोप है कि आरोपियों ने धमकी दी है कि जब कैंपस में दिखोगे तब तुमको मारेंगे। इससे पहले दिव्यांशु ने उसे फोन कर बिड़ला स हॉस्टल के पास बुलाया। फिर धक्का दिया गया। आरोपियों ने कहा कि पिछली बार पुलिस के पास गए थे, वो मेरा कुछ नहीं बिगाड़ सकी। इसके बाद मारपीट की। लंका थानाध्यक्ष राज कुमार ने कहा कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
दूध-छेना व्यवसायी के मकान में चोरी
कपसेठी थाना क्षेत्र के सरावा गांव में शनिवार रात दूध छेना व्यवसायी शिवसागर पाल के मकान में चोरी हो गई। शनिवार सुबह पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने छानबीन की। घर से 500 मीटर दूर सिवान में दो बॉक्स टूटे मिले। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि 12 लाख नकदी और 8 लाख के आभूषण चोरी हुए हैं। शिवसागर पाल ने पुलिस को बताया कि रात में मकान के सामने लगे टिन शेड में पत्नी मंजू पाल के साथ सोए थे। बेटा विशाल व सनी दूसरे कमरे और बेटी दूसरे कमरे में सो रही थी। चोरों ने दो जगहों से सेंधमारी कर दो बॉक्स उठा लिए। विशाल जब बहन को उठाने पहुंचा तो देखा कि कमरे में दो जगह से दीवार तोड़ी गई थी। कपसेठी थाना प्रभारी सधुवन राम गौतम ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।
शराब की दुकान में चोरी
कैंट थाना क्षेत्र के वरुणा पुल के कंपोजिट शराब की दुकान में शनिवार रात चोरी हो गई। दुकान की छत का पटिया खोलकर अंदर घुसे चोरों ने नकदी और शराब की बोतल चोरी कर ली। दयाशंकर राय के नाम से दुकान का संचालन विनय सिंह करते हैं। पीड़ित ने कैंट थाने में केस दर्ज कराया है। कैंट इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है। सीसी कैमरे भी खंगाले जा रहे हैं।
ऑटो और कार चालक में मारपीट
बनारस स्टेशन के मुख्य प्रवेश द्वार के सर्कुलेटिंग एरिया में शनिवार को क्रूजर और ऑटो में टक्कर हो गई। इस बीच दोनों में मारपीट हो गई। क्रूजर चालक का सिर फट गया। जीआरपी चौकी प्रभारी अशोक ओझा ने बताया कि सनोज गिरी निवासी खुटहा बाजार आरा बिहार और सूरज मौर्या निवासी चंदुआ छित्तूपुर, सोनू बिंद निवासी तुलसीपुर का चालान किया गया।
किशोरी को अगवा करने का आरोपी गिरफ्तार
किशोरी को शादी का झांसा देकर अगवा करने के आरोपी रोहित निवासी जयरामपुर को पुलिस ने शनिवार सुबह सारनाथ मुनारी मोड़ से गिरफ्तार किया। साथ ही किशोरी को भी बरामद किया। थाना क्षेत्र के एक गांव में 27 अगस्त को कोचिंग पढ़ने निकली छात्रा अगवा हो गई। किशोरी के पिता ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। प्रभारी निरीक्षक अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि किशोरी को बरामद कर लिया गया है।
लक्ष्मीकुण्ड क्षेत्र में मेयर ने किया निरीक्षण, मिली कई खामियां
मेयर अशोक कुमार तिवारी ने लक्ष्मीकुंड क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान लक्सा तिराहे पर स्ट्रीट लाइटें बंद मिलीं। मेयर ने जलकल विभाग के अधिकारियों को लाइट दुरुस्त कराने को कहा। नई लाइटें लगाने के निर्देश दिए। निरीक्षण में सफाई की समस्या भी मिली। कुंड के पास तीन स्थानों पर कूड़ा एकत्र मिला। मेयर ने सफाई कर्मचारियों को तत्काल सफाई करने और आगे से लापरवाही न बरतने की चेतावनी दी। कुंड के द्वार के पास सीढि़यां टूटी हुई थीं। मेयर ने जल्द मरम्मत कराने के निर्देश दिए। इस दौरान जीएम जलकल सविता यादव, मुख्य अभियंता पीयूष नेहरा, केके गुप्ता, नरसिंह दास, रामगोपाल वर्मा आदि मौजूद रहे। क्षेत्रीय पार्षद प्रवीण राय और मंडल अध्यक्ष सोमनाथ मौर्य भी साथ रहे।
नशामुक्त समाज के बारे में सोचना जरूरी
आईएमएस बीएचयू के मनोचिकित्सा विभाग की ओर से आयोजित सम्मेलन में शनिवार को नशे से जुड़ी बीमारियों पर विशेषज्ञों ने मंथन किया। सोसाइटी फॉर एडिक्शन साइकोलॉजी के चौथे वार्षिक राष्ट्रीय सम्मेलन में बतौर मुख्य अतिथि अच्युत मोहन दास ने कहा कि नशामुक्त समाज निर्माण समय की मांग है। इसके लिए सभी को सोचना होगा। केएन उडुप्पा सभागार में कार्यक्रम में अच्युत मोहन ने मानसिक स्वास्थ्य की प्रासंगिकता एवं आत्मनिर्भरता पर बात रखी। बीएचयू कार्यकारिणी समिति के सदस्य प्रो. यूपी शाही ने कहा कि शिक्षा एवं मानसिक स्वास्थ्य से पीड़ित व्यक्तियों की देखभाल और पुनर्वास के साथ ही समाज-नीतियों का विकास ही कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य है। इस दौरान आईएमएस निदेशक प्रो.एसएन संखवार, आधुनिक चिकित्सा संकाय के प्रमुख प्रो. संजय गुप्ता, प्रो. एलएन सुमन मौजूद रहे।
चेतावनी बिंदु से 28 सेंटीमीटर ऊपर बह रही हैं गंगा
गंगा के जलस्तर में गिरावट का सिलसिला पिछले 48 घंटे से जारी है। फिलहाल गंगा का जलस्तर चेतावनी बिंदु से 28 सेंटीमीटर ऊपर है। केंद्रीय जल आयोग की बाढ़ बुलेटिन के अनुसार रात नौ बजे गंगा का जलस्तर 70.54 मीटर दर्ज किया गया। गंगा के जलस्तर में एक सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गिरावट दर्ज की गई। गंगा का जलस्तर सुबह आठ बजे 70.70 मीटर था। गंगा के घाट अब भी पूरी तरह से बाढ़ के पानी में डूबे हुए हैं।
सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों का चालान
शराब की दुकानों के आसपास और सड़कों पर शराब पीने वालों के खिलाफ शनिवार को कैंट पुलिस ने चेकिंग अभियान चलाया। सड़क पर शराब पीने वालों का चालान कर हिदायत दी गई। कैंट इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि झोपड़ियों में रहने वालों को हिदायत दी गई है कि दो दिन के अंदर निर्धारित स्थान पर चले जाएं नहीं तो कार्रवाई की जाएगी।
इंस्टाग्राम रील से अवैध निर्माण का चल रहा था प्रचार, सील
इंस्टाग्राम रील से अवैध निर्माण के प्रचार पर वीडीए ने एक्शन लिया है। नगवां वार्ड के गौतम नगर कॉलोनी में राहुल सिंह और अन्य लोग 190 वर्गमीटर क्षेत्रफल पर बिना मानचित्र पास कराए जी+4 के डुप्लेक्स का अवैध निर्माण करवा रहे थे। इसे इंस्टाग्राम की रील के माध्यम से प्रचार-प्रसार कर बेचा जा रहा था। वीडीए की टीम ने तत्काल कार्रवाई कर भवन को सील कर पुलिस अभिरक्षा में सौंप दिया।
शिवपुर में 2 अवैध निर्माण सील
शिवपुर वार्ड में वीडीए की टीम ने 2 अवैध निर्माण को सील कराया। अभिषेक उपाध्याय ने 9x22 वर्ग मीटर में बेसमेंट, ग्राउंड फ्लोर पर कॉलम का निर्माण कराया था। वीडीए की टीम ने उसे सील कराया। बेलवरिया सिंधोरा रोड पर आर के यादव नाम के शख्स ने प्राथमिक विद्यालय के सामने 145 वर्ग मीटर में भूतल का स्लैब डालकर प्रथम तल पर शटरिंग का कार्य कराया था। वीडीए ने उसे भी सील कराया।
निदेशक ने किया सोलर प्लांट का निरीक्षण
पीएमओ नई दिल्ली से आईं निदेशक पूजा जैन ने शनिवार की सुबह पंडित दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल में पीएम सूर्य घर योजना के तहत लगाए गए ऑनग्रिड 375 किलोवाट सोलर प्लांट का निरीक्षण किया। उन्होंने नेडा के अधिकारियों को अधिक से अधिक लोगों के घर सोलर सिस्टम लगाने का निर्देश दिए। ताकि बिजली की खपत में कमी आए और सभी क्षेत्रों को भरपूर बिजली मिले। इस अवसर पर सीडीओ हिमांशु नागपाल, सीएमओ संदीप चाैधरी, नेडा के अधिकारी शशी गुप्ता, विकास पटेल मौजूद रहे।
एक साल के लिए ब्याज दरों में राहत दे सरकार
राष्ट्रीय लघु उद्योग दिवस पर दी स्मॉल इंडस्ट्रीज एसोसिएशन ने एमएसएमई सभागार में कार्यक्रम किया। अध्यक्षता करते हुए राजेश भाटिया ने कहा कि किसी भी देश की अर्थव्यवस्था की असली रीढ़ उसके लघु उद्योग होते हैं। ये उद्योग न केवल रोजगार के अवसर पैदा करते हैं, बल्कि अपनी उत्पादन क्षमता और आत्मनिर्भरता से देश की आर्थिक मजबूती में अभूतपूर्व योगदान देते हैं। महासचिव नीरज पारेख ने कहा कि अमेरिकी टैरिफ नीति भले ही प्रतिकूल प्रतीत हो, लेकिन हमें इसे आपदा में अवसर के रूप में लेकर नए बाजार तलाशने और नवाचार पर ध्यान केंद्रित करना होगा। उद्यमियों ने सरकार से मांग की कि हमें कम से कम एक वर्ष के लिए ब्याज दरों में राहत दी जाए। ये कदम उद्यमियों को नई ऊर्जा देगा और वे अंतरराष्ट्रीय नीतियों के दुष्प्रभावों का मजबूती से मुकाबला कर पाएंगे। धन्यवाद ज्ञापन प्रशांत अग्रवाल ने किया। इस दौरान प्रमुख रूप से प्रशांत अग्रवाल, ज्ञानेश्वर गुप्ता, अजय जायसवाल, विपिन अग्रवाल आदि मौजूद रहे।
श्वेता की टीम ने संभाली इनरव्हील मित्रम की जिम्मेदारी
इनरव्हील क्लब वाराणसी मित्रम का पदग्रहण समारोह शनिवार को सिगरा स्थित एक रेस्टोरेंट में उल्लास के साथ मनाया गया। नई टीम को शपथ दिलाई गई। मुख्य अतिथि प्रिया नारायण (डिस्टि्रक्ट चेयरमैन 321) और क्लब की संस्थापिका अंजलि अग्रवाल ने दीप प्रज्ज्वलन कर नई टीम को पदभार ग्रहण कराया। श्वेता मिश्रा अध्यक्ष, प्रियंका दुबे सचिव और डॉ. ममता तिवारी कोषाध्यक्ष बनीं। आईएसओ पारुल पांडेय बनीं। उमा केशरी ने एडिटर की जिम्मेदारी संभाली। प्रियंका दुबे ने क्लब की कार्ययोजनाओं के बारे में बताया। इस मौके पर सतरूपा केशरी, निशा अग्रवाल, पल्लवी केशरी, श्वेता कोला, सरोज राय, ममता पांड्या, मीना, रुचि, गीता, मंजू, सुषमा आदि रहीं।
तकनीकी उन्नयन से अंतरराष्ट्रीय गुणवत्ता के पैकेजिंग उत्पाद तैयार करेंगे उद्यमी
उत्तर प्रदेश कोरूगेटेड बॉक्स मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन की बैठक मंडुआडीह स्थित एक होटल में हुई। बैठक में उद्यमियों ने संकल्प लिया कि वे तकनीकी उन्नयन और आधुनिक मशीनों का उपयोग कर अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप पैकेजिंग उत्पाद तैयार करेंगे। अध्यक्षता अध्यक्ष राजेश भाटिया ने की। उन्होंने कहा कि ग्लोबल मार्केट में प्रतिस्पर्धा का सामना केवल उच्च गुणवत्ता वाले उत्पादों से ही संभव है। उन्होंने उपस्थित उद्यमियों से अपील की कि वे अपने उत्पादों की गुणवत्ता सुधार के लिए नई तकनीक अपनाएं। मुख्य अतिथि उद्योग एवं उद्यम प्रोत्साहन केंद्र के उपायुक्त अजय कुमार गुप्ता ने कहा कि उत्तर प्रदेश सूक्ष्म एवं लघु उद्योग तकनीकी उन्नयन योजना से न केवल घरेलू बल्कि विदेशी बाजारों में भी सूक्ष्म एवं लघु उद्योग प्रतिस्पर्धा करने योग्य बनेंगे। उपाध्यक्ष संजय लखमानी ने स्वागत किया। संचालन सचिव महिपाल गुप्ता ने किया। बैठक मेंसंरक्षक कार्तिक जायसवाल, प्रदीप जायसवाल, लोकेश अग्रवाल, उमाशंकर श्रीवास्तव, रंजीत जायसवाल आदि मौजूद रहे।
डांस, रैंप वॉक पर खूब की मस्ती
काशी महिला व्यापार प्रतिनिधिमंडल की ओर से शनिवार को तीजोत्सव का आयोजन लक्सा स्थित होटल में किया गया। सोलह शृंगार में सजी-धजी महिलाओं ने डांस, रैंप वॉक, गीत आदि पेशकर खूब मस्ती की। तीज ब्यूटी प्रतियोगिता में तीज क्वीन का खिताब उषा गुप्ता को मिला। प्रथम रनर अप प्रीति मिश्रा, द्वितीय रनर अप सुनीता सोनी रहीं। बेस्ट ड्रेस बबीता चंदेल व बेस्ट हेयरस्टाइल का खिताब शिखा रस्तोगी को मिला। नृत्य प्रतियोगिता में वंदना मेहरोत्रा प्रथम, खुशबू अग्रवाल द्वितीय रहीं। मुख्य अतिथि भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य आयुषी श्रीमाली रहीं। काशी व्यापार मंडल के अध्यक्ष राकेश जैन, उपाध्यक्ष रविशंकर सिंह और केशरी नंदन उपाध्याय ने विजेताओं को पुरस्कृत किया।
सखी पैड बैंक संस्था की ओर से तीजोत्सव रंगीला राजस्थान का आयोजन महमूरगंत स्थित एक होटल में आयोजित किया गया। महिलाओं ने कजरी, नृत्य, संगीत, खेल प्रतियोगिताओं में बढ़चढ़ कर भाग लिया। डांस और तीज क्वीन प्रतियोगिता में महिलाओं ने अपनी प्रतिभा दिखाई। मुख्य अतिथि डॉ. अनु अग्रवाल, श्रेया गुप्ता, सुम्मी गुप्ता रहीं। इस मौके पर संस्थापिका सुनीता भार्गव, अध्यक्ष स्वप्ना कपूर, ऋतिका जैन, चारु जैन, रूबी जैन, पूजा श्रीवास्तव, चारु जैन, प्राची गुप्ता आदि रहीं।
ट्रेन में चोरी के मामले में दोषी को 1 साल 10 महीने की सजा
अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट उत्तर रेलवे अभिनव जैन की कोर्ट ने ट्रेन में यात्री के पौने दो लाख रुपये, गहने समेत अन्य सामान चोरी के मामले में चंदौली के मुगलसराय निवासी आरोपी बच्चा कुमार को दोषी पाया। साथ ही एक साल दस माह की सजा और दस हजार रुपये का जुर्माना लगाया। हाजीपुर बिहार निवासी कौशिक पांडेय ने जून 2023 में जीआरपी कैंट थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। 10 जून 2023 को पूर्वा एक्सप्रेस में ए 1 बोगी में वादी और उसकी पत्नी मीनू दिल्ली से यात्रा कर रहे थे। पत्नी के बैग से 1 लाख 83 हजार नकद, आभूषण, मोबाइल व डेबिट कार्ड चोरी कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से मोबाइल व 20 हजार रुपये बरामद किया था।
पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल में पहली बार टीटीई सेवा शुरू
पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल में शनिवार को टीटीई (ट्रेन टिकट एग्जामिनर) के लिए बायोमेट्रिक साइन-ऑन/ऑफ प्रणाली शुरू हुई। दोपहर 1:40 बजे से वाराणसी लॉबी में यह प्रणाली लागू होने के साथ ही, वाराणसी मंडल यह प्रणाली शुरू करने वाला पूर्वोत्तर रेलवे का पहला मंडल बन गया है। इसने टीटीई के लिए यह आधुनिक तकनीक अपनाई है। इस पायलट प्रोजेक्ट के लिए वाराणसी टीटीई लॉबी को विशेष रूप से चुना गया था। नई प्रणाली से टीटीई के काम के घंटे, उनकी पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी। यह प्रणाली ड्यूटी पर आने और जाने का सही समय दर्ज करेगी। इससे कर्मचारियों के कार्य प्रबंधन, आराम और अन्य व्यवस्थाओं में सहूलियत होगी। भारतीय रेलवे की ओर से उठाया गया यह कदम टीटीई की उपस्थिति में सुधार लाने और किसी भी अनियमितता को दूर करने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण पहल है।
इंटक का सरकार पर हमला, कल काशी में होगा अधिवेशन
राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस (इंटक) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और उत्तर प्रदेश इंटक के अध्यक्ष अशोक सिंह ने शनिवार को सरकार पर श्रमिकों और कर्मचारियों की उपेक्षा करने का आरोप लगाया। उन्होंने एक प्रेस वार्ता में कहा कि सरकार के नए श्रमकोड ने मजदूरों के हड़ताल करने, सामूहिक सौदेबाजी और सामाजिक सुरक्षा जैसे अधिकारों को कमजोर कर दिया है। असंगठित श्रमिकों को परेशान किया जा रहा है और उनके यूनियन बनाने के अधिकार को छीना जा रहा है। इंटक अध्यक्ष ने कहा कि समस्याओं को सरकार तक पहुंचाने के लिए 31 अगस्त को रेलवे ऑडिटोरियम, लहरतारा, वाराणसी में इंटक का प्रदेश अधिवेशन होगा। इसमें इंटक के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. जी संजीवा रेड्डी, पूर्व सांसद तारिक अनवर और राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह जैसे प्रमुख नेता होंगे। उन्होंने ठेका प्रथा के नाम पर हो रहे शोषण और कर्मचारियों को पेंशन, पीएफ, और ईएसआई जैसे मूलभूत अधिकारों से वंचित किए जाने पर चिंता जताई। आंगनबाड़ी, आशा कार्यकर्ता, प्रवासी मजदूर, और घरेलू कामगारों सहित सभी प्रकार के श्रमिकों को शोषण का शिकार बताया। रेलवे, बैंक, बिजली और कोयला जैसे प्रमुख उद्योगों के निजीकरण को श्रमिकों के हितों पर हमला बताया।
कृषि राज्यमंत्री ने इरी का किया दौरा, किसानों तक तकनीक पहुंचाने पर दिया जोर
उत्तर प्रदेश के कृषि शिक्षा एवं अनुसंधान राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख ने शनिवार को अंतरराष्ट्रीय चावल अनुसंधान संस्थान के दक्षिण एशिया क्षेत्रीय केंद्र (आईसार्क) का दौरा किया। इस दौरान धान पर हो रहे अत्याधुनिक शोध कार्यों का जायजा लिया। आईसार्क के निदेशक डॉ. सुधांशु सिंह ने मंत्री को संस्थान में चल रही गतिविधियों की जानकारी दी। राज्यमंत्री ने ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन को कम करने, पुनर्योजी कृषि और स्पीडब्रीड तकनीक से धान की उन्नत किस्में विकसित करने की प्रक्रिया देखी। उन्होंने आधुनिक कृषि उपकरण शाला और जीआईएस, कम्प्यूटेशनल बायोलॉजी और मृदा जांच जैसी अत्याधुनिक प्रयोगशालाओं का निरीक्षण किया। मंत्री ने किसानों के लिए डिजिटल प्रशिक्षण सामग्री तैयार करने वाली एजुकेशन टेक्नोलॉजी स्टूडियो की सराहना की।
बीएचयू अस्पताल में सीसीआई लैब के सर्वर में खराबी
बीएचयू अस्पताल के सीसीआई लैब में शनिवार को दिन में सर्वर में खराबी आने से मरीजों और तीमारदारों को परेशान होना पड़ा। मरीजों के सैंपल तो लिए जा रहे थे लेकिन जिन लोगों ने पहले जांच करवाई थी, उन्हें रिपोर्ट नहीं मिल सकी। बिना रिपोर्ट के ही लोगों को लौटना पड़ा।
शनिवार को सुबह मरीज और उनके तीमारदार जांच रिपोर्ट लेने के लिए सीसीआई लैब के काउंटर पर खड़े थे। दोपहर करीब एक बजे लोगों को सर्वर में तकनीकी खराबी की वजह से रिपोर्ट न मिलने की जानकारी दी गई। बिहार से रिपोर्ट लेने आए हरेंद्र सिंह ने बताया कि शुक्रवार को पत्नी की जांच का सैंपल दिया था। शनिवार को दोपहर में रिपोर्ट लेने आए तो पता चला कि सर्वर में खराबी की वजह से रिपोर्ट नहीं मिल सकती है। चंदौली से आए अविनाश तिवारी ने बताया कि रिपोर्ट समय से मिल जाती तो डॉक्टर को दिखा लेते। काउंटर पर पूछने पर पता चला कि सर्वर सही होने के बाद रिपोर्ट मिल जाएगी।
25 युवाओं को मिला जॉब ऑफर
क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय चौंकाघाट परिसर में शनिवार को रोजगार मेला लगा। इसमें कुल 192 अभ्यर्थियों ने भाग लिया। कुल 25 को जॉब ऑफर मिला। सहायक निदेशक (सेवायोजन) मुकेश कुमार ने सफल अभ्यर्थियों को बधाई दी और तकनीकी शिक्षा के महत्व पर जोर दिया। रोजगार मेला प्रभारी दीप सिंह ने अभ्यर्थियों को ईमानदारी से अपनी कंपनी के लिए काम करने की सलाह दी। इस मेले में बीएचईएल, एसबीआई बैंक, कॉर्पोरेट सिक्योरिटी इंटेलिजेंस सर्विसेस और वालकरू इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड सहित कुल 7 कंपनियों ने हिस्सा लिया। सबसे अधिक 17,000 रुपये का मासिक वेतन ऑफर किया गया।
बाल अपचारी के पकड़े जाने पर सदमे से पिता की मौत
किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म के मामले में बाल अपचारी के शनिवार को पकड़े जाने के बाद सदमे में उसके पिता की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, बाल अपचारी के पिता बीमार थे। सामूहिक दुष्कर्म मामले में दो बाल अपचारी पकड़े गए हैं। जबकि पांच आरोपी गिरफ्तार किए गए। सभी जेल में है। पांच दिन पहले पीड़िता ने बच्चे को जन्म दिया। चौबेपुर थाना प्रभारी निरीक्षक अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
चोरी के फोन के साथ एक युवक गिरफ्तार
कैंट रेलवे स्टेशन पर शनिवार को जीआरपी ने चोरी के फोन के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया। जीआरपी इंस्पेक्टर रजोल नागर ने बताया कि प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर गश्त के दौरान प्रतापगढ़ निवासी मो. गुलफाम को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
बैठक में शिक्षकों की समस्याओं पर हुई चर्चा
शिक्षकों की समस्याओं को लेकर शनिवार को उदय प्रताप इंटर कॉलेज के प्राचीन छात्रावास में उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ की बैठक हुई। मंडल अध्यक्ष सुधाकर सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में प्रदेश भर के शिक्षकों की लंबित समस्याओं पर गहन चर्चा की गई। पूर्व शिक्षक विधायक चेतनारायण सिंह ने बताया कि उन्होंने 27 अगस्त को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर इन मुद्दों पर वार्ता की है। उन्होंने विषय विशेषज्ञ अध्यापकों के लिए पुरानी पेंशन योजना, एनपीएस से ओपीएस में आए शिक्षकों की धनराशि जीपीएफ में लाने, शिक्षकों की स्थानांतरण सूची जारी करने और वित्तविहीन शिक्षकों को सम्मानजनक मानदेय देने की मांग की।