वाराणसी: गंगा की लहरों पर चलेगा दूसरा क्रूज, खिड़कियां घाट से रामनगर के बीच सैलानियों के लिए होगा संचालन
वाराणसी में अलकनंदा क्रूज के बाद अब गंगा की लहरों पर विवेकानंद रो पास चलेगा। हूबहू क्रूज जैसा यह रो पास खिड़कियां घाट से रामनगर के बीच पर्यटकों को काशी की संस्कृति और प्राचीन घाटों से रूबरू कराएगा। सोमवार की रात खिड़कियां घाट पर पहुंचा है। हालांकि, अभी यह तय नहीं है कि इसका संचालन भारतीय अंतरदेशीय जलमार्ग प्राधिकरण या टूरिज्म विभाग को करना है।
इसलिए किराया और संचालन की तिथि अभी निर्धारित नहीं है। पर्यटन अधिकारियों के अनुसार अर्थ गंगा प्रोजेक्ट के तहत पटना से आए रो पास में 200 यात्रियों की बैठने की क्षमता है। इसमें सिर्फ यात्री बाहर से लाकर खा पी सकते हैं। मतलब की किचेन की सुविधा नहीं है।
वहीं माल की लोडिंग अनलोडिंग भी की जा सकती है। एक बार में ट्रक, कार व बाइक तक लद सकते हैं। क्रूज की गति अप स्ट्रीम में 6 से 7 और डाउन स्ट्रीम में 12 से 13 किमी की होगी। हालांकि, किराया यदि निर्धारित होता है तो 250 रुपये प्रति यात्री से कम नहीं होगा।
आसपास के जिलों में बढ़ेगी व्यापारिक गतिविधियां
पर्यटकों के साथ ही चंदौली, मिर्जापुर के बीच व्यापारिक गतिविधियों को भी यह क्रूज बढ़ावा देगा। जल परिवहन को बढ़ावा देने के लिए केंद्र व राज्य सरकार काफी प्रयासरत है। चुनार और वाराणसी के बीच 12 जगहों पर जेटी का निर्माण भी कराया जा रहा हैं ताकि जहाज ठहर सकें।
किराया व संचालन को लेकर अभी कुछ तय नहीं है। पर्यटन व जलमार्ग प्राधिकरण कौन संचालन करेगा, यह जल्द ही मालूम चल जाएगा।
कीर्तिमान श्रीवास्तव, पर्यटन अधिकारी