Varanasi News: पानी की टंकी पर चढ़ी किशोरी, युवक बोला- नीचे आ जाओ, मैं शादी कर लूंगा; जेल जा चुका है प्रेमी
Varanasi Crime: शिवपुर क्षेत्र में एक किशोरी प्रेमी से शादी की मांग को लेकर पानी की टंकी पर चढ़ गई। पुलिस के समझाने पर भी वह नहीं मानी और प्रेमी को बुलाने की जिद पर अड़ी रही। करीब ढाई घंटे बाद युवक ने शादी का भरोसा दिया, तब किशोरी नीचे उतरी।
विस्तार
शिवपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार को उस समय हाईवोल्टेज ड्रामा देखने को मिला, जब एक किशोरी अपने प्रेमी से शादी की मांग को लेकर पानी की टंकी पर चढ़ गई। घटना ने लोगों को 1975 में आई शोले के उस मशहूर दृश्य की याद दिला दी, जिसमें वीरू पानी की टंकी पर चढ़कर बसंती से शादी की जिद करता है।
जानकारी के अनुसार, किशोरी की जिद थी कि यदि उसकी शादी उसके प्रेमी से नहीं कराई गई तो वह टंकी से कूदकर जान दे देगी। सूचना मिलते ही शिवपुर पुलिस मौके पर पहुंची और उसे नीचे उतारने का प्रयास शुरू किया। काफी देर तक समझाने-बुझाने के बावजूद किशोरी अपनी बात पर अड़ी रही। उसका कहना था कि जब तक उसका प्रेमी मौके पर नहीं आएगा, वह नीचे नहीं उतरेगी।
पुलिस ने की पूछताछ
मामला बढ़ता देख पुलिस ने युवक को मौके पर बुलाया। युवक ने पुलिस के माइक हेलर से घोषणा करते हुए कहा, 'नीचे आ जाओ, कुछ नहीं होगा, मैं तुमसे ही शादी करूंगा।' इसके बाद करीब ढाई घंटे तक चले ड्रामे का अंत हुआ और शाम लगभग 5:30 बजे किशोरी सुरक्षित नीचे उतर आई।
परिजनों के मुताबिक, जिस युवक से किशोरी शादी करना चाहती थी, उस पर पहले किशोरी को बहला-फुसलाकर साथ ले जाने का आरोप लगा था। इस मामले में उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज हुई थी और वह करीब तीन महीने जेल में रहा। युवक को 7 नवंबर 2025 को जमानत मिली थी।
थाना प्रभारी अजीत वर्मा ने बताया कि दोनों पक्षों से बातचीत की जा रही है। पुलिस ने सूझबूझ के साथ किशोरी को सुरक्षित नीचे उतार लिया। घटना के दौरान मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुटी रही और पूरे इलाके में इस घटना की चर्चा होती रही।