वाराणसी: दारानगर के सपा पार्षद, दो भाइयों और पिता पर हमला, मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी
उत्तर प्रदेश के वाराणसी जनपद में दारानगर के पार्षद और सपा नेता मनोज यादव पर मंगलवार की देर रात मनबढ़ों ने हमला कर दिया। हमले में पार्षद, उनके दो भाई रुद्र व कृष्णा और पिता बच्चेलाल घायल हुए हैं। बच्चेलाल की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। इस मामले में कोतवाली थाने में पार्षद मनोज यादव और दूसरे पक्ष के सूरज यादव ने मुकदमा दर्ज कराया है।
मंडलीय अस्पताल में भर्ती पार्षद मनोज यादव ने बताया कि होली के दिन उनके भतीजे और भांजे के साथ पट्टीदारी के कुछ लोगों का झगड़ा हो गया था। उस दौरान घर के बड़े बुजुर्गों ने बीचबचाव कर मामला शांत करा दिया था। मंगलवार की रात उनका छोटा भाई कृष्णा मैदागिन से पैदल घर की ओर जा रहा था। मैदागिन पेट्रोल पंप के पास पट्टीदारों ने उसे रोक लिया। वहां से भाग कर कृष्णा दारानगर चौमुहानी के पास पहुंचा तो 20 से 25 की संख्या में पट्टीदारों समेत कुछ अन्य युवकों ने उसे घेर कर हमला कर दिया।
शोर सुन कर वह, रुद्र और पिता मौके पर पहुंचे। जब तक सभी कुछ समझते तब तक मनबढ़ युवकों ने उनके ऊपर भी लाठी-डंडे से वार कर दिया। पार्षद मनोज ने बताया कि हमलावरों ने हमलावरों ने घर में घुस कर तोड़फोड़ भी की। सारी घटना घर के बाहर लगे सीसी कैमरे में कैद है। इससे पहले भी उनके ऊपर जानलेवा हमला हो चुका है। उधर, इस संबंध में इंस्पेक्टर कोतवाली ने बताया दोनों पक्षों में लंबे समय से पारिवारिक विवाद चला आ रहा है। मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।