Varanasi: कारोबारियों की शिकायतों के लिए रोज एक घंटे तक सुनवाई करेगी एसआईटी, सिंगल विंडो सिस्टम लागू
वाराणसी में अब व्यापारियों के लिए सिंगल विंडो सिस्टम लागू किया गया है। इसमें वह अपने साथ होने वाले अपराध को आसानी से बता सकेंगे। सीपी के अनुसार, व्यापारियों की समस्याओं का त्वरित समाधान भी किया जाएगा।
विस्तार
Varanasi News: साड़ी कारोबारियों का माल लेकर भुगतान हड़पने समेत अन्य अपराध के मामलों के लिए कमिश्नरेट में एसआईटी का गठन किया गया है। डीसीपी क्राइम सरवणन टी. की अध्यक्षता में एसआईटी रोज दोपहर एक से दो बजे तक व्यापारियों की शिकायत पर सुनवाई करेगी।
व्यापारियों की सुविधा के लिए पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने सिंगल विंडो सिस्टम की शुरुआत की है। कैंप कार्यालय में बैठक में पुलिस आयुक्त ने बताया कि एसआईटी के अध्यक्ष डीसीपी क्राइम सरवणन टी., एडीसीपी प्रोटोकॉल, एसीपी क्राइम, प्रभारी विवेचना सेल को सदस्य नामित गया है।
एसआईटी अभिलेखीय या साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार मुकदमा दर्ज करने के निर्देश देगी। जिन प्रकरणों में द्वितीय पक्ष को सुनने की आवश्यकता महसूस होगी, उन्हें एक-एक हफ्ते के अंतराल में 2 नोटिस जारी किया जाएगा। जिन मामलों में एफआईआर दर्ज की जाएगी, उसकी विवेचना क्राइम ब्रांच करेगी।
पुलिस उपायुक्त अपराध, क्राइम ब्रांच में नियुक्त किसी निरीक्षक, उपनिरीक्षक को विवेचक नियुक्त करेंगे। धोखाधड़ी या अपराध में कोई गिरोह बनाकर व्यापारियों के साथ अपराध किया तो उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई की जाएगी। अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोली जाएगी। अपर पुलिस आयुक्त, अपराध हर 15 दिन में समीक्षा करेंगे।
बीज बिक्री केंद्रों से लिए 23 नमूने, एक को नोटिस
कृषि विभाग ने शनिवार को जिले में 32 बीज बिक्री केंद्रों का निरीक्षण किया। बीज निरीक्षक और अन्य विभाग के अधिकारियों की टीम ने बीज की गुणवत्ता की जांच के लिए 23 नमूने लेकर प्रयोगशाला में भेजे। जिला कृषि अधिकारी संगम सिंह मौर्य ने बताया कि निरीक्षण के दौरान दानगंज के केंद्र बंद होने पर नोटिस दिया गया। बताया कि किसान किसी भी केंद्र से बीज खरीदें तो उसका बिल जरूर लें। टीम में अमित जायसवाल, सुभाष कुमार, रोहित कुमार सिंह, निरूपमा सिंह रहे।