रेलवे ट्रैक टूटा, पटरी से उतरी वाराणसी-सियालदह अपर इंडिया एक्सप्रेस
भारतीय रेलवे के बारे में हर दिन किसी ना किसी तरह की शिकायतें सामने आती रहती हैं। अब एक बार फिर से उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले में ट्रेन के साथ बड़ा हादसा होने से बच गया।
पूर्व मध्य रेलवे दानापुर मंडल के चौसा स्टेशन के पास रविवार सुबह 11:49 बजे एक फुट पटरी टूटने से वाराणसी सियालदह अपर इंडिया एक्सप्रेस जमीन में धंस गई। संयोग अच्छा था कि चौसा में ट्रेन का स्टापेज होने से उसकी गति काफी कम थी, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था। करीब पांच घंटे बाद शाम पांच बजे पटरी की मरम्मत हुई तब ट्रेनों का आवागमन शुरू हुआ।
चौसा स्टेशन के पास डाउन मेन लाइन में पटरी की मरम्मत हो रही थी। पटरी के नीचे से तार ले जाने के लिए वहां पर गिट्टी आदि हटाकर जमीन खोखली की गई थी। इसी पटरी पर अपर इंडिया एक्सप्रेस को निकाला जा रहा था। तभी पटरी टूट गई और ट्रेन का पहिया जमीन में धंस गया। इससे पहले इंजन और दो बोगियां आगे सरक चुकी थीं।
बताते हैं, पटरी पर हो रहे काम की जानकारी पीडब्लूआई ने स्टेशन को नहीं दी थी। इससे ट्रेन को चौसा से आगे जाने के लिए ग्रीन सिग्नल दे दिया गया था। उस समय ट्रेन की गति दस किमी प्रति घंटे थी।
पटरी अवरुद्ध होने से लंबी दूरी की कई ट्रेनें जहां-तहां स्टेशनों पर रोक दी गईं। डाउन लाइन की दिल्ली से इस्लामपुर जाने वाली मगध एक्सप्रेस को गहमर, दादर-गुवाहाटी को दिलदारनगर और सूरत भागलपुर को जमानिया में रोका गया। चौसा स्टेशन अधीक्षक मंसूर आलम ने बताया कि मरम्मत का काम पूरा होने के बाद शाम करीब पांच बजे ट्रेन आगे रवाना की गई।