वाराणसी। दो-तीन दिन की राहत के बाद पूर्वांचल में मौसम ने बुधवार को फिर पलटी मार दी। वाराणसी, आजमगढ़ और विंध्याचल मंडल के लगभग सभी जिलों में कहीं बारिश हुई तो कहीं फुहारें पड़ीं। मिर्जापुर-जौनपुर में ओले पड़े। इसके चलते तापमान में कमी आने से ठंड बढ़ गई।
वाराणसी में 3.8 मिलीमीटर बारिश हुई और मंगलवार के अधिकतम तापमान 22 के मुकाबले बुधवार का अधिकतम तापमान 15.8 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। मौसम विज्ञानी एसएन पांडेय के अनुसार, शुक्रवार तक ऐसे ही मौसम बना रहेगा। उधर, खराब मौसम के चलते नौ विमानों को डायवर्ट कर दिया गया। जबकि जौनपुर में कक्षा पांच तक के स्कूल नौ जनवरी तक और आजमगढ़ में इंटर तक के विद्यालय 10 जनवरी तक बंद रहेंगे।
वैज्ञानिक एसएन पांडेय ने बताया कि मंगलवार को वार्म फ्रंट की वजह से मौसम एक बार फिर बदल गया। बादल छाए रहने के साथ ही शुक्रवार तक बूंदाबांदी की भी संभावना है। दो दिन से धूप निकलने की वजह से लोगों ने राहत महसूस की। यही वजह है कि अधिकतम और न्यूनतम तापमान भी बढ़ा। बुधवार को बारिश से तापमान में गिरावट आई।
रविवार को अधिकतम तापमान 14.4 डिग्री की तुलना में बढ़कर सोमवार को 21.8 डिग्री और मंगलवार को 22 डिग्री तक पहुंच गया। मौसम साफ होने का ही असर है कि न्यूनतम तापमान भी 11.4 डिग्री रहा।
पिछले सप्ताह कोल्ड फ्रंट की वजह से बढ़ी गलन के बाद अब धूप से लोग राहत महसूस कर रहे थे। मंगलवार को सुबह हालांकि कुछ समय के लिए बादल छाए रहे लेकिन इसके बाद मौसम साफ हो गया। धूप अच्छी होने की वजह से सड़कों पर भी चहल-पहल अधिक रही। उधर गंगा घाटों पर भी भीड़ रही।
पिछले कई दिनों से पछुआ हवाएं चलने से तापमान में भी उतार-चढ़ाव बना रहा। ठंड का असर शहरी क्षेत्र की तुलना में ग्रामीण इलाकों में अधिक रहा था।