संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में बुधवार को छात्रसंघ चुनाव सुबह शुरू हो गए। विवि में 1950 विद्यार्थी छात्रसंघ के लिए वोट डालेंगे। चुनाव में खड़े 21 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला शाम तक हो जाएगा। दोपहर दो बजे तक होने वाले मतदान के लिए परीक्षा भवन में आठ बूथ बनाए गए हैं। वहीं बारिश के कारण मतदान धीरे-धीरे हो रहा है।
आपको बता दें छात्र नेता चुनाव प्रत्याशी छात्र के लिए उतने ही अहम होते हैं जितने कि एक नेता के लिए विधानसभा या लोकसभा के चुनाव। संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में भी ऐसी झलक देखने को मिली है, जो आपको कभी लोकसभा या विधानसभा चुनावों में देखने को मिली होगी।
दरअसल, छात्रसंघ चुनाव में प्रत्याशी छात्र, छात्रों के आगे अपने लिए हाथ जोड़ते हुए दिखाई दे रहे हैं, जो अपने पक्ष में छात्रों से वोट करने के लिए कह रहे हैं। ऐसी कई फोटो सामने आई हैं, जिसमें प्रत्याशी छात्र मतदाताओं के आगे वोट करने की अपील कर रहे हैं।
विश्वविद्यालय परिसर में मुख्य भवन से लेकर परीक्षा भवन और केंद्रीय कार्यालय के पास बैरीकेडिंग करा दी गई है। अध्यक्ष पद पर तीन प्रत्याशी होने की वजह से इस बार त्रिकोणीय मुकाबला है, जबकि महामंत्री और उपाध्यक्ष पर दो-दो प्रत्याशी हैं। चुनाव अधिकारी प्रो. शैलेश मिश्र के निर्देशन में बूथों पर दिन भर तैयारियां चलती रहीं। इधर, परिसर स्थित छात्रावासों में घूम-घूम कर प्रत्याशी अपने पक्ष में छात्रों से वोट की अपील करते रहें। चुनाव अधिकारी ने बताया कि कैमरे की नजर में मतदान, मतगणना कराई जाएगी। सुरक्षा के लिहाज से जिला और पुलिस प्रशासन को पत्र भेजा जा चुका है।
यह भी जानना जरूरी
- परिचय पत्र के तौर पर पहचान पत्र, आधार कार्ड, पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस लाएं।
- छात्र दक्षिणी गेट से जाकर मतदान करेंगे और पूर्वी गेट से निकलेंगे।
- 1950 मतदाताओं में 1810 छात्र और 140 छात्राएं शामिल।