वाराणसी: पांच लाख एडवांस लेने के बाद फ्लैट का कब्जा नहीं दिया, रकम मांगने पर धमकी का आरोप; कैंट थाने में केस
पांच लाख रुपये एडवांस लेने के बावजूद अर्धनिर्मित फ्लैट का कब्जा नहीं देने और रकम वापस न करने का आरोप लगा है। बिंध्यवासिनी नगर निवासी दुर्गा प्रसाद की तहरीर पर पुलिस ने सूरज नगर कॉलोनी निवासी अभिषेक जायसवाल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। आरोप है कि रकम वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी दी गई।
विस्तार
कैंट थाना क्षेत्र के बिंध्यवासिनी नगर निवासी दुर्गा प्रसाद ने सूरज नगर कॉलोनी, शिवदासपुर निवासी अभिषेक जायसवाल पर पांच लाख रुपये एडवांस लेने के बावजूद अर्धनिर्मित फ्लैट का कब्जा नहीं देने और रकम वापस न करने का आरोप लगाया है। आरोप है कि एडवांस की रकम वापस मांगने पर अभिषेक ने जान से मारने की धमकी भी दी। दुर्गा प्रसाद की तहरीर पर कैंट पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
तहरीर के मुताबिक, वर्ष 2006 में वरुणापुल-नदेसर स्थित अमर कॉम्प्लेक्स में दो कमरे वाले 2-बीएचके अर्धनिर्मित फ्लैट का सौदा हुआ था। इसकी कीमत 1700 रुपये प्रति वर्गफीट की दर से तय की गई थी। दुर्गा प्रसाद का आरोप है कि सौदे के तहत उन्होंने 28 नवंबर 2006 को कैंटोनमेंट रोड स्थित सूर्या होटल में अपनी दुकान पर अभिषेक जायसवाल को पांच लाख रुपये नकद एडवांस के तौर पर दिए थे। रकम देने के संबंध में 10 रुपये के स्टांप पर रसीद भी लिखी गई थी।
दुर्गा प्रसाद के अनुसार, एडवांस की रकम लेने के बाद भी अभिषेक जायसवाल ने उन्हें संबंधित फ्लैट का कब्जा नहीं दिया। लंबे समय तक इंतजार करने के बावजूद जब फ्लैट का कब्जा नहीं मिला तो उन्होंने रकम वापस करने की मांग की। आरोप है कि इस दौरान रकम लौटाने के बजाय उन्हें धमकी दी गई। तहरीर में जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
तहरीर में दुर्गा प्रसाद ने यह भी बताया है कि उनकी बहन शीला खटका ने 14 सितंबर 2023 को उक्त फ्लैट से संबंधित पावर ऑफ अटार्नी उनके पक्ष में कर दी थी। इसके बाद भी फ्लैट का कब्जा उन्हें नहीं मिल सका। साथ ही एडवांस के रूप में दी गई पांच लाख रुपये की रकम भी वापस नहीं की गई।
मामले में शिकायत मिलने के बाद कैंट पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। थाना प्रभारी राजकिशोर पांडेय ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। पुलिस दस्तावेजों, रकम के लेनदेन और फ्लैट से संबंधित अभिलेखों की भी जांच कर रही है। जांच के बाद आरोपों की स्थिति स्पष्ट होगी और उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।