Varanasi Police: चौकी इंचार्ज बोला, डीसीपी वरूणा जोन ने जूते से मारने की धमकी दी, पढ़ें क्या है मामला?
पुलिस आयुक्त को दिए शिकायती पत्र में कैंट थाना के कचहरी चौकी इंचार्ज मनोज कुमार तिवारी ने कहा िै कि डीसीपी वरूणा जोन ने विवेचना की समीक्षा के लिए तलब किया था।
विस्तार
कमिश्नरेट पुलिस के कचहरी चौकी इंचार्ज मनोज कुमार तिवारी ने डीसीपी वरूणा जोन अमित कुमार पर बुधवार को गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस आयुक्त मुथा अशोक जैन को पत्र भी भेजा है। चौकी इंचार्ज का आरोप है कि डीसीपी ने जूता से मारने की धमकी दी। साथ ही गालीगलौज करके अपमानित किया। कमिश्नरेट के उच्चाधिकारियों ने चौकी इंचार्ज को समझाने और मामले को दबाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली सकी।
पुलिस आयुक्त को दिए शिकायती पत्र में कैंट थाना के कचहरी चौकी इंचार्ज मनोज कुमार तिवारी ने कहा िै कि डीसीपी वरूणा जोन ने विवेचना की समीक्षा के लिए तलब किया था। सुबह 11 बजे कार्यालय में हाजिर हुआ। समीक्षा के बीच डीसीपी ने मां, बहन की गालियां देनी शुरू कर दी। इस पर मैंने आपत्ति की और अनुरोध करते हुए कहा कि पुलिस की नौकरी के 35 वर्ष हो गए। इस तरह से अपमानित न करें। इसके बावजूद डीसीपी नहीं माने और गालीगलौज करते रहे, फिर जूता से मारने की धमकी देने लगे। अपमान का घूंट पीकर समीक्षा बैठक से बाहर आ गया। घटना से मर्माहत हूं। मानसिक रूप से असंतुलित हो गया हूं। उचित कार्रवाई की जानी चाहिए। चौकी इंचार्ज ने मामले की शिकायत आईजीआरएस के जरिये की है। मुख्यमंत्री कार्यालय पत्र भेजकर न्याय दिलाने की मांग की है।
देररात पुलिस आयुक्त ने किया तलब
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, चौकी इंचार्ज मनोज कुमार तिवारी की शिकायत का संज्ञान पुलिस आयुक्त ने लिया और बुधवार की देर रात डीसीपी अमित कुमार को कैंप कार्यालय पर तलब किया। पुलिस आयुक्त ने पूरे मामले की जानकारी डीसीपी से ली है।
प्रकरण को दिखवाया जा रहा है। उचित कार्रवाई की जाएगी।- मुथा अशोक जैन, पुलिस आयुक्त