वाराणसी: पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने पुलिस परिवार के साथ किया रावण दहन, बोले- असत्य और अन्याय का अंत निश्चित
विजयादशमी पर वाराणसी पुलिस लाइन में पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों के साथ रावण दहन किया। उन्होंने कहा कि असत्य और अन्याय का अंत निश्चित है। पुलिस अपराध के खिलाफ कार्रवाई कर समाज में न्याय, शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।
विस्तार
विजयादशमी के अवसर पर पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने मंगलवार को पुलिस लाइन में पुलिस परिवार के साथ रावण दहन कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें पुलिसकर्मियों के साथ उनके परिजनों और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान पुलिस आयुक्त ने सत्य की विजय और बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि दशहरा सिखाता है कि असत्य और अन्याय का अंत निश्चित है। पुलिस भी इसी आदर्श को अपनाकर समाज में न्याय और सुरक्षा स्थापित करने के लिए लगातार प्रयास करती है।
अपराध और अन्याय के खिलाफ कार्रवाई का संदेश
पुलिस आयुक्त ने कहा कि दशहरा असत्य पर सत्य, अधर्म पर धर्म और बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है। पुलिस का दायित्व भी अपराध और अन्याय के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करना तथा न्यायालय के माध्यम से अपराधियों को दंडित कराना है। इसके साथ ही समाज में शांति, सुरक्षा और विश्वास का वातावरण बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है।
पुलिस परिवार से मिले आयुक्त
कार्यक्रम के दौरान मोहित अग्रवाल ने पुलिसकर्मियों और उनके परिजनों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना। उन्होंने परिवार के सदस्यों के साथ समय बिताया और आपसी सहयोग, सौहार्द व पारिवारिक एकजुटता का संदेश दिया। पुलिस लाइन में रावण दहन के दौरान उत्सव का माहौल रहा। पुलिस आयुक्त ने सभी पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों को दशहरा व आगामी त्योहारों की शुभकामनाएं भी दीं।