Varanasi Top News: दूध मंडी में ऑनलाइन जुआ खेल रहे 13 आरोपी गिरफ्तार, निवेश का झांसा देकर 20 लाख की साइबर ठगी
Varanasi Top News: वाराणसी जिले में क्राइम की कई खबरें चर्चा में रहीं। इनमें दूध मंडी में ऑनलाइन जुआ खेल रहे 13 लोगों की गिरफ्तारी व 20 लाख की साइबर ठगी का मामला भी शामिल है।
विस्तार
वाराणसी जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के दूध मंडी के बाड़ा नंबर 5 में एसओजी-2 ने सोमवार दोपहर छापा मारकर भाग्य लक्ष्मी एप से ऑनलाइन जुआ खेल रहे 13 लोगों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से 10 मोबाइल मिले हैं।
डीसीपी क्राइम सरवणन टी. ने बताया कि आरोपियों में हरतीरथ पोखरा का हेमंत यादव, विशेश्वरगंज निवासी दिलीप जायसवाल, कोतवाली क्षेत्र निवासी रतन सेठ, पड़ाव निवासी कुणाल यादव, राजू केसरी, सुनील पटेल, सारनाथ पंचक्रोशी सलारपुर निवासी संतोष केसरी, भैरवनाथ मोहल्ला निवासी शंकर यादव, ओंकारेश्वर वार्ड निवासी पप्पू लाल, आदमपुर प्रह्लाद घाट निवासी राजेश कुमार, चौखंभा निवासी सुभाष चौरसिया, जतनबर निवासी विकास यादव और कुतबन शहीद निवासी मकसूद अहमद है। बताया कि आसपास के लोगों ने एसओजी-2 को सूचना दी कि दूध मंडी में जुआ खेला जा रहा है। आरोपी मोबाइल पर लूडो एप खोलकर रखते थे। ताकि पुलिस के आने पर उन्हें गुमराह कर सके।
शेयर ट्रेडिंग में निवेश का झांसा देकर 20 लाख की साइबर ठगी
शेयर ट्रेडिंग में निवेश का झांसा देकर निवेशक से 20 लाख रुपये की साइबर ठगी की गई। व्हाट्सएप ग्रुप में लिंक और एप डाउनलोड कर निशाना बनाया गया। पीड़ित ने साइबर क्राइम थाने में केस दर्ज कराया है। लक्सा थाना क्षेत्र के औरंगाबाद ईथा निवासी अजय सिंह यादव ने पुलिस को बताया कि 17 जून को एक व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ा और शेयर ट्रेडिंग के लिए कहा गया। 23 जुलाई को ग्रुप की ओर से केटीलोन एप को डाउनलोड कर पहले 5000 रुपये बैंक खाते में भेजा।
इसी प्रकार अपने बैंक खाता से अन्य खातों में अलग-अलग तिथियों में 20 लाख रुपये भेजे। जिसके एवज में आईपीओ अलॉट होना बताया गया। मुकेश शर्मा नाम के व्यक्ति ने व्हाट्सएप चैट की।कुछ दिन बाद निवेश किए गए 20 लाख रुपये की मांग की गई तो और पैसे मांगे। जिसके बाद ठगी का अहसास हुआ। साइबर क्राइम इंस्पेक्टर गोपालजी कुशवाहा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इसे भी पढ़ें; Varanasi News: दरोगा समेत चार पुलिसकर्मियों को वकीलों ने दौड़ा- दौड़ाकर पीटा, छावनी में तब्दील हुई कचहरी
मजार की जमीन पर कब्जे के लिए मारपीट, पत्थरबाजी
फूलपुर थाना क्षेत्र के पिंडरा बाजार में मजार की जमीन पर कब्जे को लेकर दो पक्षों में सोमवार सुबह मारपीट और पत्थरबाजी हुई। इस दौरान चले लाठी-डंडे में छह लोग घायल हो गए। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। सैयद बाबा मजार की मरम्मत चल रही है। एक पक्ष ने एतराज जताया और गेट लगवाने की बात को लेकर विरोध जताया। दूसरे पक्ष ने एतराज जताया और मजार की सुरक्षा में लगे रेलिंग को गिरा दिया। जिस पर दोनों पक्षों में मारपीट और पत्थरबाजी हुई। एक पक्ष से अहमद शाह उर्फ कल्लू और दूसरे पक्ष सोहेल खा घायल हुए। दूसरे पक्ष से मेराज (7) के सिर में चोट लगी। उसे पीएचसी पिंडरा से बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया। अन्य घायल का पीएचसी पर इलाज हुआ। फूलपुर इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि केस दर्ज कर जांच की जा रही है।
अपहृत किशोरी बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार
चौक थाना क्षेत्र से अगवा किशोरी को पुलिस ने चार दिन बाद सोमवार को काशी स्टेशन के पास भैंसासुर घाट से बरामद किया। अपहरण के आरोपी बिहार रोहतास निवासी महेश कुमार और कैमूर के धर्मेंद्र राम को गिरफ्तार किया। चौक इंस्पेक्टर विमल कुमार मिश्रा ने बताया कि 8 सितंबर को सुड़िया से किशोरी को बहला फुसलाकर अगवा किया गया था।
बच्चों के विवाद में मारपीट, केस दर्ज
कपसेठी थाना क्षेत्र के भरहरिया गांव में रविवार दोपहर छोटे बच्चों के विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। दोनों पक्षों की तहरीर पर कपसेठी पुलिस ने आठ नामजद और आठ अज्ञात पर केस दर्ज किया। भरहरिया गांव में दयाराम राजभर और पड़ोसी रवि शंकर पटेल के घर के बच्चों में किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देर शाम को दोनों तरफ से बड़े लोगों में मारपीट हो गई। थाना प्रभारी कपसेठी सधुवन राम ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर पर शांति भंग की आशंका में मुकदमा दर्ज किया गया।
ईयर बड मांगने पर युवक को पीटा, तीन पर केस दर्ज
खोनपुर मंगरहुंआ गांव में ईयर बड मांगने को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। जिसमें तीन लोग घायल हो गए। पीड़ित गुलाब प्रसाद की तहरीर पर सोमवार को तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि बेटे अभिषेक ने 6 अगस्त को भाई के नाती समीर ऊर्फ प्रिंस को ईयर बड दिया था। 14 सितंबर की शाम 7 बजे वापस मांगने पहुंचा तो समीर निवासी चोलापुर व उसका साथी रामफेर प्रधान, रामकुमार अईली चौबेपुर ने लाठी-डंडे से अभिषेक की पिटाई कर दी। साथ ही जान से मारने की धमकी दी। प्रभारी निरीक्षक अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।
मोटर चोरी कर रहा था, ग्रामीणों ने पकड़ा
जंसा थाना क्षेत्र के खिल्लूपुर गांव में रविवार रात 11 बजे घर में घुसकर चारा काटने वाली मशीन का मोटर चोरी करने के आरोपी को ग्रामीणों ने पकड़ा और पुलिस को सौंपा। आरोपी की पिटाई भी की गई। शिवशंकर पटेल ने पुलिस को बताया कि रात 11 बजे सोकर उठे तो बगल वाले कमरे में खटखट सुनकर कमरे की तरफ गए तो मोटर खोल रहा आरोपी भागने लगा। शोर मचाया तो आसपास के लोगों ने उसे पकड़ा। थाना प्रभारी अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
वरुणा में डूब रहे वृद्ध दर्शनार्थी को ग्रामीणों ने बचाया
पंचक्रोशी परिक्रमा के तीसरे पड़ाव रामेश्वर में यात्रा के दौरान सोमवार को कर्नाटक का वृद्ध नहाते समय डूबने लगा। ग्रामीणों ने उसे किसी तरह से बचाया। ग्रामीणों ने बताया कि कर्नाटक के बड़ागली (हुबली) निवासी दस्तगीर साव सुबह टीएफसी के पास नया पक्का घाट पर सुबह 6 बजे वरुणा में स्नान करने उतरे। इस बीच उनका पैर फिसल गया। नदी में बहते देख दो युवकों ने तुरंत छलांग लगाई और डूबने से बचाया। चौकी प्रभारी रामेश्वर ने जिला अस्पताल में बुजुर्ग को भर्ती कराया, जहां उनकी हालत सामान्य है।
रंजिश में मारपीट कर किया लहूलुहान, मुकदमा दर्ज
बड़ागांव थाना क्षेत्र के बौलिया (बलुआ) गांव में रंजिश को लेकर मनबढ़ों ने रोशन राजभर की पिटाई कर दी। लहूलुहान हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। रविवार को पीड़ित रोशन की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया। रोशन ने पुलिस को बताया कि आनंद चौबे ने बाइक की चाबी निकाल ली और फोन से अपने साथियों छोटू चौबे, शिवा, नमन यादव, पवन चौबे को बुलाकर पिटाई कराई। थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। जल्द ही उनकी गिरफ्तारी की जाएगी।
पति समेत अन्य पर दहेज उत्पीड़न का केस दर्ज
विवाहिता ने पति समेत ससुराल के अन्य सदस्यों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न समेत अन्य आरोपों में रविवार रात बड़ागांव थाने में केस दर्ज कराया। रतनपुर गांव निवासी पीड़िता रोशनी पटेल ने पुलिस को बताया कि जौनपुर के सलेमपुर गांव निवासी पति गोविंदा नेवढि़या में साथ रहता है। इस बीच दहेज की मांग को लेकर गोविंदा, मामा धर्मेंद्र, जितेंद्र, महेंद्र पटेल व नाना ने प्रताड़ित किया। थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि पति समेत पांच के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
दो जगहों पर फायरिंग का आरोपी गिरफ्तार
तीन दिन पहले जनकपुर और सुल्तानपुर कजरी में हवाई फायरिंग कर दहशत फैलाने के मामले में पुलिस ने सोमवार को एक और आरोपी दिलीप यादव उर्फ दरोगा को सीहाबीर से गिरफ्तार किया। रामनगर थाना प्रभारी दुर्गा सिंह ने बताया कि आरोपी पर पहले से तीन केस दर्ज हैं। तीन आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर दबिश दी जा रही है। इस मामले में एक बाल अपचारी को भी रविवार को पकड़ा गया था।
चोरी की बाइक के साथ आरोपी गिरफ्तार
लोहता थाना क्षेत्र के खेवसीपुर अंडरपास के पास से पुलिस ने सोमवार अपराह्न बाइक चोरी के आरोपी अनिल कुमार पटेल को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से चोरी की बाइक मिली। थानाध्यक्ष निकिता सिंह ने बताया गिरफ्तार आरोपी जंसा थाना क्षेत्र के देईपुर निवासी अनिल कुमार पटेल है। 12 सितंबर को कोरौती शराब ठेके के पास वारदात की थी।
रथयात्रा चौराहे पर पुलिस की पिटाई से नाराज अधिवक्ताओं ने नहीं किया काम, नारेबाजी
भेलूपुर थाना क्षेत्र के रथयात्रा चौराहे पर शनिवार रात अधिवक्ता शिव प्रताप सिंह की पिटाई से नाराज अधिवक्ता सोमवार को न्यायिक कार्य से विरत रहे। दीवानी कचहरी परिसर में अधिवक्ताओं ने धरना-प्रदर्शन और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। सुबह से ही अधिवक्ता कचहरी पहुंचे और पोर्टिको में एकजुट होकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। मांग की कि आरोपी पुलिसकर्मी की जल्द गिरफ्तारी की जाए।
अधिवक्ताओं ने कहा कि अधिवक्ता न्याय व्यवस्था का अभिन्न हिस्सा है। हमारे साथ ही पुलिसकर्मी इस तरह का बर्बर व्यवहार करेंगे तो आम जनता की सुरक्षा की कल्पना नहीं की जा सकती। तब तक शांत नहीं बैठेंगे जब तक आरोपी पुलिसकर्मी को जेल नहीं भेजा जाता। अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था) शिवहरि मीणा ने बताया कि आरोपी इंस्पेक्टर क्राइम गोपाल कन्हैया को निलंबित कर दिया गया है।
अधिवक्ताओं ने चेताया कि शीघ्र गिरफ्तारी नहीं हुई और आरोपी को अदालत में प्रस्तुत नहीं किया गया तो आंदोलन तेज किया जाएगा। इस दौरान मंगलेश दूबे, प्रेम प्रकाश सिंह गौतम, आशीष सिंह, विकास सिंह, दीपक राय कान्हा, सुभाष नंदन चतुर्वेदी, राघवेंद्र नारायण दूबे, जयश्री पाठक अधिवक्ता मौके पर मौजूद रहे।
बुद्धि के अनुसार एआई का उपयोग घातक नहीं : डॉ. शिप्रा शिल्पी
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के मानविकी संकाय के स्मार्ट कक्ष में सोमवार को राजभाषा हिंदी एवं कृत्रिम बुद्धिमत्ता : संभावना और चुनौतियां विषय पर संगोष्ठी हुई। मुख्य वक्ता वैश्विक हिंदीशाला संस्थान कोलोन, जर्मनी की संस्थापक डॉ. शिप्रा शिल्पी ने बताया कि विश्व के साथ कदम मिलाकर चलना है तो हमें तकनीक को अपनाना ही होगा। लेकिन एआई का उपयोग हम अपनी बुद्धि और समझ के अनुसार करें तो वह घातक नहीं होगा। मानविकी संकायाध्यक्ष प्रो. अनुराग कुमार ने कहा कि हमें एआई का गुलाम नहीं बनना है। हिंदी और अन्य भारतीय भाषा विभाग के पूर्व अध्यक्ष प्रो. शिव कुमार मिश्र ने कहा कि काशी के साहित्यकारों की परंपरा के अनुसार साहित्य के महत्व को उजागर किया जाए।
मुख्य पुजारी के साथ दुर्व्यवहार करने वाले पर केस
भेलूपुर थाना क्षेत्र के केदारघाट में गौरी केदारेश्वर मंदिर के मुख्य पुजारी डी नारायण शास्त्री शुक्रवार शाम भोग आरती कर रहे थे। मंदिर परिसर में जयफनी वर्धन पहुंचा और बिना कारण गालीगलौज और हाथापाई करने लगा। दर्शनार्थियों ने आरोपियों को मंदिर से बाहर किया था। पुलिस ने सोमवार को आरोपी के खिलाफ जान से मारने की धमकी के मामले में केस दर्ज किया। इंस्पेक्टर सुधीर कुमार त्रिपाठी ने बताया कि आरोपी की तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
दहेज के लिए किया प्रताड़ित, पिटाई भी की, केस
सारनाथ पहड़िया अशोक नगर कालोनी की शुभांगी जोशी ने दहेज के लिए प्रताड़ित और पिटाई का आरोप लगाया है। पीड़िता ने तहरीर में बताया कि उनकी शादी जनता फ्लैट इंकलेव दिल्ली के रहने वाले आदित्य जोशी के साथ 10 दिसंबर 2024 को अकथा चौराहे के वशिष्ठ उपवन में हिंदू रीति रिवाज से हुई थी। कुछ ही दिन बाद पति आदित्य, ससुर गोविंद, चचिया ससुर प्रभाकर, बुआ भारती जोशी ने दहेज के लिए प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। साथ ही उसकी पिटाई भी की। थाना प्रभारी विवेक कुमार त्रिपाठी ने बताया कि पति समेत चार के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज किया गया। आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।
महिला की फोटो की वायरल, केस
दशाश्वमेध थाने क्षेत्र की महिला ने सोमवार को फोटो एडिट कर सोशल मीडिया पर वायरल करने पर केस दर्ज कराया है। पीड़िता ने तहरीर में बताया कि बजरडीहा के रहने वाले कासिफ ने उनकी फोटो कई व्हाट्सएप ग्रुप में वायरल की। प्रभारी निरीक्षक विजयनाथ शुक्ला ने बताया कि आरोपी शहर के बाहर है। गिरफ्तारी के लिए टीम रवाना की जाएगी।
नोनहरा प्रकरण की एसआईटी जांच शुरू, पहले दिन घटना स्थल का निरीक्षण, ग्रामीणों से बातचीत
नोनहरा प्रकरण की जांच के लिए गठित तीन सदस्यीय विशेष जांच दल (एसआईटी) ने सोमवार की शाम घटनास्थल का निरीक्षण किया और पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज रजा से घटना से संबंधित पत्रावली की मांग की। शाम लगभग पांच बजे पहुंची एसआईटी ने नोनहरा थाना परिसर और रुकुंदीपुर गांव में भी लोगों से बातचीत की और साक्ष्य जुटाए। मंगलवार की सुबह में एसआईटी सियाराम उपाध्याय के पीड़ित परिजनों से भी मुलाकात के बाद उनके बयान दर्ज करेगी।
वाराणसी कमिश्नरेट के डीसीपी काशी गौरव बंशवाल की अध्यक्षता में गठित एसआईटी में शामिल सदस्य एडीसीपी यातायात अंशुमान मिश्रा और एसीपी कैंट नितिन तनेजा ने नोनहरा थाना परिसर का निरीक्षण किया। आसपास के लोगों से बातचीत की।रूकुंदीपुर गांव में भी एसआईटी गई और वहां से भी कुछ लोगों से बातचीत की। इसके पूर्व एसआईटी ने पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा से मुलाकात के बाद घटना से संंबंधित समस्त पत्रावलियों की फाइल मांगी। डीसीपी काशी जोन गौरव बंशवाल ने बताया कि पीड़ित परिजन मुख्यमंत्री से मुलाकात को लखनऊ गए, जिन्हें लौटने में रात हुई। सुबह सियाराम के बड़े भाई समेत अन्य परिवार के सदस्यों का बयान लिया जाएगा।
9 सितंबर की रात नोनहरा थाने में धरनारत लोगों की पुलिस ने पिटाई की थी। घायल भाजपा कार्यकर्ता व रुकुंदीपुर गांव निवासी सियाराम उपाध्याय की अस्पताल में मौत हो गई थी। रविवार को भाजपा के जिला प्रभारी डॉ.राकेश त्रिवेदी व जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय, भानु प्रताप सिंह ने सीएम योगी आदित्य नाथ से मुलाकात कर मामले की जानकारी दी थी। इसके बाद मामले की उच्चस्तरीय जांच के लिए एसआईटी गठन के आदेश दिए थे।
एसआईटी ने नोनहरा थाना समेत अन्य स्थानों का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाई। साथ ही पुलिस से घटना से जुड़ी पत्रावलियां मांगी हैं, जिन्हें जल्द ही उपलब्ध करा दिया जाएगा।
- डॉ. ईरज राजा, पुलिस अधीक्षक, गाजीपुर
हर घंटे 3 सेमी कम हो रहा गंगा का जलस्तर
गंगा के जलस्तर में गिरावट का सिलसिला लगातार जारी है। गंगा के जलस्तर में हर घंटे तीन सेंटीमीटर की रफ्तार से गिरावट हो रही है। गंगा के जलस्तर में 24 घंटे में 55 सेंटीमीटर की गिरावट दर्ज की गई। केंद्रीय जल आयोग की ओर से जारी बाढ़ बुलेटिन के अनुसार सोमवार की रात नौ बजे गंगा का जलस्तर 69.29 मीटर दर्ज किया गया। सुबह आठ बजे गंगा का जलस्तर 69.62 मीटर था। गंगा के जलस्तर में गिरावट से निचले इलाकों के साथ ही वरुणा पार इलाके में भी लोगों ने राहत की सांस ली है।
दर्शन करने जा रही महिला की चेन व मंगलसूत्र छीना
वाराही माता मंदिर में सोमवार को दर्शन करने जा रही आंध्रप्रदेश की रहने वाली सरस्वती की चेन और मंगलसूत्र रास्ता दिखाने के बहाने एक युवक छीनकर भाग गया। तहरीर में सी रवि ने बताया कि दर्शन के लिए जाते समय उन्होंने एक युवक से रास्ता पूछा। रास्ता दिखाने के बहाने वह साथ चल पड़ा। आगे सुनसान रास्ता देख उसने वारदात की। दशाश्वमेध प्रभारी विजय शुक्ला ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया गया है। सीसी कैमरों की मदद से आरोपी की तलाश की जारी है।
सीईआईआर पोर्टल की मदद से 13 मोबाइल हुए बरामद
गुम हुए 13 मोबाइल को सीईआईआर पोर्टल की मदद से बरामद कर मालिकों को सौंपा गया। सोमवार को गोमती जोन के एसीपी पिंडरा प्रतीक कुमार ने बताया कि इन माबोइल की कीमत तीन लाख है। बड़ागांव में पांच, फूलपुर में चार, सिंधोरा, मिर्जामुराद, कपसेठी और राजातालाब में एक-एक मोबाइल बरामद हुए।
बिना हेलमेट 100 दोपहिया के चालान, दो स्कूली वाहन सीज
सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सोमवार को परिवहन विभाग ने कार्रवाई की। नो हेलमेट नो फ्यूल के तहत 100 वाहनों का चालान काटा गया। बिना परमिट दो स्कूली बस और ओवरलोड संचालन पर तीन वाहनों को सीज किया गया। नशे में वाहन चलाने में 25 वाहनों को चेक किया गया। साथ ही 2 का चालान किया गया। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) सुधांशु रंजन ने बताया कि अखिलेश पांडेय शामिल रहे। रामनगर और पड़ाव क्षेत्र में 40 चालकों का ब्रेथ एनालाइजर टेस्ट किया गया। एक चालक का चालान किया गया।
राजापुरा समेत शहर के 18 वार्डों में सीवर ओवरफ्लो की समस्या
ईश्वरगंगी के समीप राजापुरा समेत शहर के 18 वार्ड के लोग सीवर ओवरफ्लो की समस्या से परेशान हैं। इसके चलते यहां के लोगों की दुकानदारी पर असर पड़ रहा है। नगर निगम से साढ़े पांच किमी दूर इस मोहल्ले की आबादी 2200 है। सीवर की समस्या सुबह सात बजे से 12 बजे के बीच होती है। स्कूली बच्चों, महिलाओं और बुजुर्ग लोगों को दिक्कत होती है। क्षेत्र के इरफान अहमद ने कहा कि इससे दुकानदारी पर असर पड़ता है। विनोद ने बताया कि बारिश होने के बाद दिक्कत और बढ़ी है।
बीते 12 साल से शहर के 18 वार्डों में सीवर की गंभीर समस्या है। सबसे अधिक परेशानी सुबह और शाम को होती है। उस समय शहर के कई इलाकों में सीवर ओवरफ्लो की समस्या हो जाते हैं। पार्षदों के पास भी सबसे अधिक शिकायतें सीवर ओवरफ्लो की आती हैं। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की जनसुनवाई में भी शिकायतें पहुंच रही हैं। इसके बावजूद कोई स्थायी समाधान नहीं निकल रहा है।
क्षेत्र के पूर्व पार्षद सुनील यादव ने कहा कि यह समस्या यहां बीते कई वर्षों से है। अब तक यहां सीवर लाइन दुरुस्त नहीं हुई है। ईश्वरगंगी की पार्षद अर्चना यादव ने कहा कि क्षेत्र की समस्या का समाधान कराने के लिए जलकल में पत्र भेजा गया है। अभी तक सफाई नहीं हुई है। जलकल के अधिकारियों ने बताया कि 18 वार्ड में नई सीवर लाइन पड़ने के बाद सीवर ओवरफ्लो की समस्या दूर हो जाएगी।