Varanasi News : इलेक्ट्रॉनिक जकार्ड से बुनकर 24 घंटे में तैयार कर सकेंगे पांच साड़ी, अत्याधुनिक मशीनें छाईं
Varanasi News : मशीन की खासियत ये है कि इसमें ज्यादा मैन पावर की जरूरत नहीं है। साथ ही तैयार होने वाली साड़ियों की फिनिंशिंग भी बहुत अच्छी होती है। यदि एक साड़ी तैयार करने में यदि 1500 रुपये खर्च हुए तो वह साड़ी मार्केट में पांच हजार से कम में नहीं बिकती है।
विस्तार
साड़ी उत्पादन में काशी के बुनकर सूरत को भी टक्कर दे सकते हैं। चाहे साड़ी की बुनाई, डिजाइन हो या फिर प्रिंटिंग, सभी में वे अपना दबदबा रखते हैं। बरेका के तीन दिवसीय ग्रेट इंंडिया मार्ट टेक्सटाइल शो में ऐसी अत्याधुनिक इलेक्ट्रॉनिक जकार्ड मशीन है, जिससे 24 घंटे में बुनकर चार से पांच साड़ी तैयार कर सकेंगे। अब तक पावरलूम पर बुनकर एक दिन में एक से डेढ़ साड़ी ही तैयार कर पाते हैं।
खास बात कि इलेक्ट्राॅनिक जकार्ड में पेनड्राइव से डिजाइन सेट करके बुनाई की प्रक्रिया आसान होती है। इससे समय, परिश्रम और लागत में कमी तो वहीं गुणवत्ता भी काफी बेहतर होती है। इस मशीन को पूर्वी से लेकर पश्चिमी यूपी के कई जिलों से आए उद्यमी और बुनकर पसंद कर रहे हैं।
एसवीएम इंडस्ट्रीज के निदेशक योगेश दुबे ने बताया कि इस तरह के टेक्सटाइल शो हमेशा सूरत, अहमदाबाद, गुजरात, दिल्ली, मुंबई आदि शहरों में लगते आ रहे हैं।
पहली बार उत्तर प्रदेश के वाराणसी में टेक्सटाइल शो लगाया है, ताकि यहां के उद्यमी और बनारसी बुनकरों को लाभ मिल सके। इलेक्ट्राॅनिक जकार्ड मशीन का चलन तेजी से बढ़ा है, अब तक एक हजार से अधिक बुनकरों, उद्यमियों ने इस मशीन को अपना बनाया है।
डिजिटल प्रिंटिंग मशीन से एक बार में होगी 4000 साड़ियों की प्रिंटिंग
शो में सूरत की एक कंपनी ने ऐसी डिजिटल प्रिंटिंग मशीन उतारी है, जो एक बार में चार हजार साड़ियों पर प्रिंट करती है। कंप्यूटर से डिजाइन और कलर सब कुछ सेट होगा। इस मशीन को चलाने में एक व्यक्ति की जरूरत होगी। सूरत में इस तरह की डिजिटल प्रिंटिंग से साड़ियों पर प्रिंट का काम आसान हुआ है। इस नई तकनीक से सूरत के मुकाबले काशी के बुनकर और बेहतर काम कर सकते हैं।
काशी में साड़ी उत्पादन की प्रक्रिया को अपग्रेड करने के लिए ही बरेका में तीन दिवसीय ग्रेट इंंडिया टेक्सटाइल शो लगाया गया है। इसमें धागे, जरी, डायमंड, कलर, डिजिटल सिलाई मशीन आदि की प्रदर्शनी लगाई है। बरेका के सूर्य सरोवर के सामने खेल मैदान में आयोजित तीन दिवसीय ग्रेट इंडिया टेक्सटाइल शो का आज अंतिम दिन है।