वाराणसी की खबरें: 17 किलो चीनी मांझे के साथ दो गिरफ्तार, किसान समेत दो की मौत; 11 गिरफ्तार
वाराणसी में प्रतिबंधित चीनी मांझे के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। वहीं, विभिन्न हादसों में किसान सहित दो लोगों की माैत से परिवार में कोहराम मच गया। उधर, सिगरा पुलिस ने चाय की दुकान की आड़ में चल रहे ऑनलाइन लॉटरी और जुए के धंधे का भंडाफोड़ किया है। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
विस्तार
जैतपुरा पुलिस ने बीती शाम सात किलो प्रतिबंधित चीनी मांझे के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया। वहीं, चेतगंज पुलिस ने बृहस्पतिवार को नया पानदरीबा से 10 किलो प्रतिबंधित मांझा बरामद कर दुकानदार जगरनाथ गुप्ता को गिरफ्तार किया। थाना प्रभारी उपेंद्र प्रताप सिंह ने सूचना पर पुलिस ने उचवां के पास नख्खी घाट पुल से आने वाले रास्ते पर घेराबंदी कर मो. इस्लाम उर्फ अरमान को पकड़ा। वह जैतपुरा थाना क्षेत्र के सरैया बाजार का निवासी है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी चीनी मांझे की बिक्री करता था। तलाशी के दौरान उसके पास मौजूद सफेद बोरी से मांझा बरामद हुआ। इलेक्ट्रॉनिक तराजू पर तौलने पर उसका वजन सात किलो निकला। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
खेत में करंट उतरने से किसान की मौत
मिर्जामुराद के चक्रपानपुर गांव की बरमपर बस्ती में बीती रात खेत में लगी लोहे की फेंसिंग में करंट उतरने से किसान बबलू बिंद की मौत हो गई। आरोप है कि फेंसिंग में जानवरों को भगाने के लिए सीधे बिजली का कनेक्शन दिया गया था। जानकारी के अनुसार, बबलू अपने सब्जी के खेत में पानी भर रहे थे।
इसी दौरान पैर फिसलने से वह करंट प्रवाहित फेंसिंग की चपेट में आ गए। देर तक घर नहीं लौटने पर परिजन उन्हें खोजते हुए खेत पहुंचे। ग्रामीणों ने बिजली कटवाकर उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
ग्रामीणों का आरोप है कि फेंसिंग में करंट प्रवाहित करने की शिकायत पहले भी की गई थी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। इससे पहले भी एक व्यक्ति करंट की चपेट में आ चुका था। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी गोपाल जी कुशवाहा के अनुसार, परिजनों की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। मृतक खेती करके परिवार चलाते थे। उनके एक पुत्र और एक पुत्री हैं।
कमरे में फंदे से लटका मिला युवती का शव
विष्णुलोक कॉलोनी में किराये के कमरे में रहने वाली शांभवी सिंह उर्फ शुभी सिंह (18) का शव फंदे से लटका मिला। परिजनों ने उसके साथ रहने वाले युवक पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है।
इंस्पेक्टर सरोजनीनगर राजदेव प्रजापति के मुताबिक, शांभवी मूलरूप से वाराणसी के भोजूबीर की रहने वाली थी। 12वीं की पढ़ाई पूरी करने के बाद दो महीने पहले वह वाराणसी निवासी ऋषभ के साथ एसएससी की तैयारी करने लखनऊ आई थी। दोनों विष्णुलोक कॉलोनी में किराये के कमरे में रहते थे। उनके बगल के कमरे में वाराणसी निवासी हर्ष रहता है। मंगलवार को शांभवी पूरे दिन दिखाई नहीं दी तो रात करीब आठ बजे हर्ष उसके कमरे के पास पहुंचा। कई बार आवाज देने पर भी जवाब नहीं मिला। उसने ऋषभ को फोन किया तो पता चला कि वह रविवार को नोएडा चला गया था।
ऋषभ के कहने पर हर्ष ने वीडियो बनाते हुए दरवाजा तोड़ा। अंदर शांभवी का शव पंखे के हुक से दुपट्टे के सहारे लटका मिला। हर्ष ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने परिजनों को सूचना देकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बुधवार देर शाम परिजन लखनऊ पहुंचे। उनका आरोप है कि ऋषभ पढ़ाई कराने की बात कहकर शांभवी को अपने साथ लाया था। करीब 10 दिन पहले शांभवी ने फोन पर प्रताड़ित किए जाने की बात भी बताई थी।
ऑनलाइन लॉटरी खेलते 11 गिरफ्तार
सिगरा पुलिस ने लल्लापुरा क्षेत्र में चाय की दुकान की आड़ में चल रहे ऑनलाइन लॉटरी और जुए के धंधे का भंडाफोड़ करते हुए 11 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 5,800 रुपये नकद और कई मोबाइल फोन बरामद किए हैं। दुकान में भाग्यश्री एप के जरिये ऑनलाइन जुआ खिलाया जा रहा था। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने छापेमारी की। इस दौरान मौके पर कई लोग मोबाइल फोन के जरिये ऑनलाइन लॉटरी लगाते मिले। पुलिस ने सभी को हिरासत में लेकर पूछताछ की और उनके खिलाफ कार्रवाई शुरू की। थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि सूचना के आधार पर छापेमारी की गई। कार्रवाई जारी रहेगी।
शादी का भरोसा देकर तीन साल तक दुष्कर्म
चौबेपुर क्षेत्र के डुबकिया गांव निवासी नीतीश यादव उर्फ लालू पर एक युवती ने करीब तीन साल तक शादी का भरोसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। पीड़िता के अनुसार, अब युवक शादी करने से मुकर रहा है। आरोप है कि 14 अक्तूबर को दोपहर करीब 2:30 बजे युवती युवक के घर पहुंची थी। वहां मौजूद सतीश यादव, शशिबाला यादव और लिच्छी यादव ने मारा-पीटा। साथ ही दोबारा घर आने पर जान से मारने की धमकी दी। थाना प्रभारी अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।
उधार के रुपये के विवाद में कारोबारी की पिटाई
सिंधौरा के महगांव में पुराने हिसाब-किताब को लेकर हुए विवाद में बर्फ कारोबारी प्रदीप मिश्रा की पिटाई का मामला सामने आया है। आरोप है कि बीच-बचाव करने पहुंची पत्नी और सास को भी गाली देकर धमकी दी गई। पीड़िता पिंकी मिश्रा के अनुसार, 12 अक्तूबर की शाम उनके पति की मुलाकात हिचना के पास गाडर निवासी बबलू दुबे उर्फ विजय दुबे से हुई। पुराने उधार के रुपये मांगने पर विवाद बढ़ गया और बबलू ने प्रदीप की पिटाई कर दी। आरोप है कि मौके पर पहुंचे बबलू के बेटे सतीश दुबे ने महिलाओं को भी धमकाया। थाना प्रभारी पंकज कुमार पांडे ने बताया कि शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।
ड्रोन कैमरे से पतंगबाजों की हुई रिकॉर्डिंग
प्रतिबंधित चीनी मांझे के इस्तेमाल पर रोक लगाने और हादसों की आशंका को देखते हुए जैतपुरा पुलिस ने बृहस्पतिवार को ड्रोन कैमरे से पतंगबाजों की निगरानी की। वरुणा नदी किनारे, ढेलवरिया, कज्जाकपुरा फ्लाईओवर और सिटी रेलवे स्टेशन के आसपास ड्रोन उड़ाकर रिकॉर्डिंग की गई। अभियान के दौरान पतंग उड़ाते मिले नाबालिगों के परिजनों को मौके पर बुलाकर चेतावनी दी गई। पुलिस ने उन्हें बच्चों को प्रतिबंधित मांझे से दूर रखने और सावधानी बरतने की हिदायत दी। पुलिस के अनुसार, चीनी मांझे से राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों की जान को खतरा रहता है। थाना प्रभारी उपेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि प्रतिबंधित मांझे के इस्तेमाल पर रोक लगाने के लिए ड्रोन से निगरानी और चेकिंग अभियान जारी रहेगा।
बीएचयू के वीसी ऑफिस के बाहर तालाबंदी कर धरने पर बैठे एबीवीपी कार्यकर्ता
बीएचयू में 18 दिनों के अनिश्चितकालीन आंदोलन के बाद अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद कार्यकर्ताओं ने बृहस्पतिवार को कुलपति कार्यालय पर तालाबंदी कर दी। केंद्रीय कार्यालय के पहले तल की गैलरी में बैठकर चैनल गेट के बाहर नारेबाजी भी की। इस बीच कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि समाधान नहीं देकर समस्या टाली जा रही है। उनका कहना था कि पिछले दिनों धरने में उठी उनकी मांगों पर अमल नहीं किया गया।
लोकपाल बीएचयू की ओर से जो पत्र आंदोलन समाप्ति पर दिया गया था। ये कहा गया था कि 12 अक्तूबर को संबंधित मांगों पर अध्यक्ष और लोकपाल सुख महेंद्र सिंह ने ही आश्वासन जताया था। अभी तक चार दिन बीत गए लेकिन कोई आधिकारिक पक्ष नहीं आया। इन छात्रों ने बीएचयू के चीफ प्रॉक्टर को हटाने की मांग की थी। हालांकि, धरने के 18वें और भूख हड़ताल के दूसरे दिन जांच बिठा दी गई थी।
मानव तस्करी के मामले में महिला गिरफ्तार
मानव तस्करी से जुड़े मामले में वांछित 32 वर्षीय चंदा देवी को बृहस्पतिवार सुबह टेंगड़ा मोड़ के पास से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, महिला पर दो नाबालिग लड़कियों को बहला-फुसलाकर ले जाने और नशीला पदार्थ सुंघाकर तस्करी करने का आरोप है। पुलिस के मुताबिक, 14 मार्च 2025 को एक व्यक्ति ने रोहनिया थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप था कि उसकी 14 वर्षीय बेटी और उसकी 13 वर्षीय सहेली को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाया गया था। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस जांच कर रही थी। इसी प्रकरण में वांछित महिला को 15 अक्तूबर को सुबह करीब 10:30 बजे गिरफ्तार किया गया। थाना प्रभारी राजू सिंह ने बताया कि आरोपी महिला को अदालत में पेश कर जेल भेजा गया।
दहेज में फ्लैट नहीं मिला तो विवाहिता को घर से निकाला
आदमपुर थाना क्षेत्र में दहेज उत्पीड़न के मामले में विवाहिता के पिता प्रेम अग्रहरी की तहरीर पर पुलिस ने पति समेत पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। आरोप है कि शादी में करीब 60 लाख रुपये खर्च करने और 30 लाख रुपये के आभूषण देने के बावजूद ससुराल पक्ष के लोग गुरुग्राम में फ्लैट खरीदकर देने का दबाव बना रहे थे।
तहरीर के मुताबिक, प्रेम अग्रहरी की बेटी नेहा अग्रहरी की मुलाकात वर्ष 2023 में गुरुग्राम में नौकरी के दौरान कर्णवीर सिंह से हुई थी। दोनों की सहमति से 19 जनवरी 2025 को गुरुग्राम के सेक्टर 39 स्थित गुरुद्वारे में सिख रीति-रिवाज से विवाह हुआ। शादी से संबंधित अन्य रस्में गुरुग्राम और वाराणसी में हुई थीं।
आरोप है कि विवाह के बाद पति कर्णवीर सिंह, सास गुरविन्दर कौर, ननद सुखबिन्दर कौर, ननदोई सर्वजीत सिंह लुथरा और ताया ससुर प्रताप सिंह कम दहेज मिलने का ताना देने लगे। साथ ही गुरुग्राम में अपने खर्च से फ्लैट खरीदकर देने की मांग की। थाना प्रभारी विमल मिश्रा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच उपनिरीक्षक को सौंपी गई है।
साईक्लोसिनोन खरपतवारनाशी की बिक्री पर रोक
शासन के निर्देश पर अपंजीकृत खरपतवारनाशी रसायन साईक्लोसिनोन की बिक्री, भंडारण और निर्माण पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। जिला कृषि रक्षा अधिकारी बृजेश कुमार विश्वकर्मा ने बताया कि जिले में कीटनाशी विक्रेताओं को इस संबंध में सचेत किया कि वे इस प्रतिबंधित रसायन का विक्रय तथा भंडारण न करें। साईक्लोसिनोन अपंजीकृत चयनात्मक अंकुरण पूर्व खरपतवारनाशी है। इसकी आपूर्ति कुछ ऑनलाइन व्यापार मंचों से किए जाने की शिकायतें मिलें हैं। विक्रय और भंडारण करने वालों पर कार्रवाई होगी।
केंद्रीय पूजा समिति के अध्यक्ष के पिता को दी श्रद्धांजलि
वाराणसी। केंद्रीय पूजा समिति के अध्यक्ष तिलक राज मिश्रा के पिता बैकुंठ नाथ मिश्रा को प्रीमियम बॉयज क्लब एवं मार्केट पंडाल परिवार ने श्रद्धांजलि दी। पंडाल परिसर में क्लब के कोषाध्यक्ष संजय गुप्ता के नेतृत्व में शोकसभा कर पदाधिकारियों ने शोक जताया। संगठन मंत्री रवि अग्रहरि, महामंत्री अजय सिंह, शुभम सेठ आदि ने प्रीमियम बॉयज क्लब एवं मार्केट पंडाल परिवार ने इस दुख की घड़ी में उनके साथ रहने का आश्वासन दिया।
हितों की आवाज उठाने वालों को वोट देंगे शिक्षक
राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के पूर्व अध्यक्ष डॉ. दीनानाथ सिंह, पूर्व संयुक्त महामंत्री डॉ. जगदीश सिंह दीक्षित, प्रदेश प्रभारी प्रो.राघवेंद्र पांडेय ने एक बयान जारी किया। इसमें उन्होंने कहा कि आगामी 23 अक्तूबर को होने वाले चुनाव में जो प्रत्याशी शिक्षकों की समस्याओं के सुधार एवं समाधान की बात खुलकर विधान परिषद में कहे उसी को अपना मत देने की जरूरत है।
चिट फंड विभाग कराएगा सराफा मंडल का चुनाव
श्री काशी सराफा मंडल की आमसभा बृहस्पतिवार को अग्रवाल भवन सुड़िया में हुई। सभा में सर्वसम्मति से श्री काशी सर्राफा मंडल के आगामी चुनाव संपन्न कराने का निर्णय लिया गया। चुनाव चिट फंड सोसाइटी के सब रजिस्ट्रार के नेतृत्व में चुनाव होगा। चुनाव की प्रक्रिया को निष्पक्ष रूप से संपन्न कराने के लिए अशोक अग्रवाल, सत्यनारायण सेठ, अरविंद सर्राफ, प्रह्लाद अग्रवाल व संजीव अग्रवाल को चुनाव संयोजक के रूप में नामित किया गया। इनके साथ रजिस्ट्रार के सहयोग से तय तिथि पर मंडल का चुनाव होगा।
14 नवंबर तक पंजीकरण कराने वालों को ओटीएस का लाभ
नगर निगम की एकमुश्त समाधान योजना (ओटीएस) का लाभ उठाकर गृहकर बकाया पर 100 प्रतिशत ब्याज माफी का अवसर 14 नवंबर तक है। इस तारीख तक पंजीकरण कराने वाले भवन स्वामियों को 31 दिसंबर तक टैक्स जमा करने पर ओटीएस का लाभ दिया जाएगा, नहीं तो भवन स्वामियों को मूल बकाये के साथ पूरा सरचार्ज/ब्याज देना होगा।
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बृहस्पतिवार को नगर निगम के सभागार में कर वसूली पर चार जोनों (आदमपुर, वरूणापार, ऋषि मांडवी और सारनाथ जोन) की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने निर्धारित लक्ष्य की शत-प्रतिशत वसूली करने के सख्त निर्देश दिए। इसके लिए उन्होंने कर व राजस्व अधीक्षकों से भवन स्वामियों को जागरूक करें, क्षेत्र में विशेष कैंप लगाएं और अधिक से अधिक बकायेदारों का मोबाइल नंबर से पंजीकरण कराकर वसूली में तेजी लाने का निर्देश दिया। नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि 15 दिन बाद फिर समीक्षा बैठक होगी। इसमें प्रगति की जांच होगी।
85.76 करोड़ रुपये की ब्याज राशि होगी माफ : नगर निगम क्षेत्र में कुल 97,857 बकायेदार भवनों पर 209.96 करोड़ रुपये का मूल टैक्स और 85.76 करोड़ रुपये का ब्याज, यानी कुल 295.73 करोड़ की मांग है। यदि सभी बकायेदार 14 नवंबर तक पंजीकरण करा लेते हैं, तो उन्हें 85.76 करोड़ रुपये की भारी ब्याज राशि से पूरी राहत मिल सकती है।
प्रो. बिक्रम ने बताया एंटीबायोटिक का प्रभाव
आईएमएस बीएचयू में क्रिटिकल केयर मेडिसिन के प्रो. बिक्रम कुमार गुप्ता ने पुर्तगाल की राजधानी लिस्बन में 10 से 14 अक्तूबर तक हुए अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में एंटीबायोटिक के प्रभाव के बारे में बताया। उन्होंने एंटीबायोटिक प्रतिरोध की बढ़ती वैश्विक चुनौती, गंभीर मरीजों में एंटीबायोटिक के उपयोग पर पर बात रखी। यह भी बताया कि प्रोकैल्सीटोनिन (पीसीटी) जैसे बायोमार्कर्स की सहायता से एंटीबायोटिक उपचार की अवधि कम करने और अनावश्यक उपयोग रोकने में मदद मिल सकती है। सम्मेलन में इंडियन सोसाइटी ऑफ क्रिटिकल केयर मेडिसिन के अध्यक्ष डॉ. रणवीर सिंह त्यागी सहित भारत के अन्य विशेषज्ञों ने भी भाग लिया।
कृषक मेले में किसान सम्मानित
संभागीय कृषि परीक्षण और प्रदर्शन केंद्र, वाराणसी में कृषक मेले का आयोजन हुआ। उप कृषि निदेशक अमित जायसवाल के मार्गदर्शन में एक दिवसीय कृषक ज्ञान संगोष्ठी और किसान मेले में कृषि विभाग के अधिकारियों, वैज्ञानिकों, महिला कृषकों, किसानों और विभिन्न संस्थानों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। अंतरराष्ट्रीय महिला किसान दिवस के मौके पर कृषि-क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित भी किया गया। मौके पर संयुक्त कृषि निदेशक शैलेंद्र कुमार, जिला कृषि अधिकारी संगम सिंह ने विचार रखे। कार्यक्रम में उप कृषि निदेशक अमित जायसवाल, सहायक निदेशक (खाद) राज कुमार, जिला कृषि रक्षा अधिकारी बृजेश विश्वकर्मा, स्नेह प्रभा रहीं।
महिला किसानों को मिला नई तकनीक का ज्ञान
भारतीय सब्जी अनुसंधान संस्थान (आईसीएआर-आईआईवीआर) में बृहस्पतिवार को महिला किसान दिवस मनाया गया। इसमें वाराणसी और मिर्जापुर की करीब 100 महिला किसानों ने भाग लिया। उन्हें सब्जियों से अलग-अलग उत्पाद तैयार करने, मशरूम उत्पादन और खेती से आमदनी बढ़ाने के तरीके बताए गए। मौके पर वाराणसी की सुनीता पटेल, मिर्जापुर की बीनू देवी, चंदौली की सुप्रिया राय और साक्षी सिंह और बिहार के आरा की संध्या कुमारी को सम्मानित किया गया।
जोड़ों की सूजन कम करेगा आयुर्वेदिक फॉर्मूलेशन
बीएचयू के शोधकर्ताओं ने पांच औषधीय पौधों से एक ऐसा आयुर्वेदिक फॉर्मूलेशन तैयार किया है, जो जोड़ों में सूजन को कम करने में सहायक साबित होगा। ओएक्योर नामक फॉर्मूलेशन ऑस्टियो ऑर्थराइटिस में सूजन कम करने और उपास्थि की रक्षा करने में भी सहायक होगा।
चूहों पर किए गए अध्ययन में फॉर्मूलेशन के उपयोग से जोड़ों की सूजन में कमी, उपास्थि (कार्टिलेज) को क्षति से बचाने और उसके नीचे हड्डी की संरचना में सुधार के संकेत मिले। मनुष्यों पर इसके प्रभाव का अध्ययन जारी है।
ऑस्टियो ऑर्थराइटिस जोड़ों को प्रभावित करने वाली एक दीर्घकालिक बीमारी है, जिसमें उपास्थि धीरे-धीरे क्षतिग्रस्त होती है। इसके साथ जोड़ की भीतरी झिल्ली (सिनोवियल मेम्ब्रेन) में सूजन और नीचे हड्डी में संरचनात्मक बदलाव भी हो सकते हैं। इससे दर्द, अकड़न और चलने-फिरने में परेशानी हो सकती है।
अध्ययन में शोधकर्ताओं ने जोड़ के विभिन्न घटकों पर ओएक्योर के प्रभावों का मूल्यांकन किया, ताकि सूजन, उपास्थि के क्षरण और हड्डी की संरचना में होने वाले बदलावों को एक साथ समझा जा सके। हाल ही में शोध पत्र का प्रकाशन भी हुआ है। इसमें अनिरबान रॉय, रत्ना सहानी, निकिता सिंह, डॉ. संजीव कुमार, डॉ. संजय यादव और समीर गुप्ता शामिल रहे। शोध का नेतृत्व जूलॉजी विभाग, इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस, के डॉ. अमरेश कुमार सिंह ने किया।
130 लोगों में बुखार के लक्षण, 19 दिन तक स्वास्थ्य विभाग खोजेगा मरीज
मौसम में बदलाव और बीमारियों के खतरे को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग डेंगू, मस्तिष्क ज्वर के साथ ही कुपोषण वाले मरीजों की खोज करेगा। इसके लिए जिले में 31 अक्तूबर तक चलने वाले दस्तक अभियान में मिलने वाले मरीजों की सूची तैयार करवाकर उनका इलाज भी कराया जाएगा। 12 अक्तूबर से शुरू दस्तक अभियान में अब तक 130 बुखार वाले मरीज मिले हैं। इनका सैंपल लेकर जांच कराई जा रही है।
सरकारी अस्पतालों में पिछले चार दिनों में हर दिन सभी अस्पताल मिलाकर 600 से ज्यादा बुखार वाले लोग मिल रहे हैं। अभियान में जिन 130 लोगों में बुखार वाले लक्षण मिले उनमें आधे से ज्यादा ग्रामीण इलाकों के लोग हैं। संबंधित स्वास्थ्य केंद्र की ओर से आशा, एएनएम की टीम भेजकर लोगों को बुखार के कारण, बचाव के बारे में भी जागरूक किया जा रहा है। डाॅ. एनपी सिंह ने बताया कि बुखार, मस्तिष्क ज्वर सहित अन्य बीमारियों वाले मरीजों का पता लगाकर उनकी अलग सूची तैयार करवाई जा रही है। जिन लोगों में बुखार जैसे लक्षण मिल रहे हैं, उन सबकी डेंगू, चिकनगुनिया आदि की जांच कराई जा रही है।
मिसाइलमैन के पास थीं असाधारण उपलब्धियां
समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय अर्दली बाजार में बृहस्पतिवार को पूर्व राष्ट्रपति मिसाइलमैन डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की जयंती धूमधाम से मनाई गई। गोष्ठी की अध्यक्षता कर रहे जिलाध्यक्ष सुजीत यादव लक्कड़ ने कहा कि डॉ. कलाम का जन्म 15 अक्तूबर 1931 को तमिलनाडु के रामेश्वरम में हुआ था। एक साधारण परिवार में जन्म लेने के बावजूद उन्होंने असाधारण उपलब्धियां हासिल कीं। मुख्य अतिथि चंदौली सांसद वीरेंद्र सिंह ने कहा कि डॉ. कलाम ने राष्ट्रपति के रूप में देश के सर्वोच्च सांविधानिक पद की गरिमा को नई ऊंचाई प्रदान की। विशिष्ट अतिथि स्नातक एमएलसी आशुतोष सिंह ने कहा कि डॉ. कलाम को मिसाइल मैन ऑफ इंडिया कहा जाता है। संचालन जिला प्रवक्ता संतोष यादव ने किया।
मतदाताओं से बनाए रखें संपर्क: सपा
स्नातक एवं शिक्षक एमएलसी चुनाव को ध्यान में रखकर सपा ने कार्यालय में बृहस्पतिवार को संगठनात्मक बैठक की। अध्यक्षता कर रहे जिलाध्यक्ष सुजीत यादव ने कहा कि सभी पदाधिकारी अपने अपने क्षेत्र के बूथों के मतदाताओं से संपर्क करें। उधर, अवनीश यादव विक्की के नेतृत्व में हुई बैठक में मतदाताओं से संपर्क बढ़ाने पर जोर दिया। बैठक में राजकुमार यादव, विष्णु शर्मा, अजय चौरसिया, प्रदीप जायसवाल आदि शामिल रहे।
रेल सेवा आचरण नियमों की दी जानकारी
बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में सतर्कता जागरूकता अभियान-2026 के तहत अधिकारियों, कर्मचारियों को रेल सेवा आचरण नियमों, नैतिक मूल्यों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। पश्चिम रेलवे के पूर्व वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी शांतनु आंबेकर ने कहा कि अधिकारियों, कर्मचारियों को रेल सेवा आचरण नियमों को जानना और उसका शतप्रतिशत पालन करना जरूरी है। मुख्य सतर्कता अधिकारी अंकुर चंद्रा ने मुख्य वक्ता को सम्मानित किया। इस दौरान उप मुख्य सतर्कता अधिकारी नीरज सिंह,मुख्य अभिकल्प इंजीनियर-विद्युत अनुराग कुमार गुप्ता, मुख्य विद्युत इंजीनियर लोको अरविंद कुमार जैन मौजूद रहे।
पीएम श्री प्राथमिक विद्यालय भिटारी में मनाया गया ग्लोबल हैंडवाॅश डे
ग्लोबल हैंडवाॅश डे के मौके पर काशी विद्यापीठ विकास खंड के पीएम श्री प्राथमिक विद्यालय भिटारी में बृहस्पतिवार को बच्चों को हाथ धोने के फायदे बताए गए। इसमें उन्हें हाथ धोने के विभिन्न तरीके बताते हुए स्वच्छता के संबंध में जानकारी दी गई। बच्चों को बताया गया कि यदि हाथों को सही तरीके से धोया जाए। माैके पर विभा यादव, वीणा श्रीवास्तव, मीना यादव, मीनू शुक्ला, दीपक गुप्ता रहीं।
दिल्ली से लेट आई 5 ट्रेनें, 5.15 घंटे बाद वाराणसी पहुंची स्पेशल ट्रेन
नई दिल्ली से वाराणसी आने वाली ट्रेनें एक बार फिर बेपटरी होने लगी है। निर्धारित समय से कोई ट्रेन 1 घंटे तो कोई आधे घंटे की देरी से वाराणसी पहुंची। बृहस्पतिवार को पांच ट्रेनें अपने निर्धारित समय से लेट रहीं। दिल्ली से वाराणसी आने वाली 12560 शिवगंगा एक्सप्रेस जिसके आने का समय सुबह 6.10 बजे बनारस स्टेशन पर हैं। यह ट्रेन बृहस्पतिवार को 1.10 घंटे की देरी से पहुंची।
वहीं, स्वतंत्रता सेनानी सुपरफास्ट एक्सप्रेस भी सुबह 8.05 बजे की जगह 52 मिनट की देरी से 8.57 पर वाराणसी स्टेशन पहुंची। 04096 आनंद विहार से पाटलिपुत्र जाने वाली स्पेशल ट्रेन दोपहर में एक बजे की जगह शाम 5.15 बजे कैंट आई।
इस ट्रेन के 4 घंटे 15 मिनट देर होने की वजह से वाराणसी से आगे की यात्रा करने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। 14022 आनंद विहार से वाराणसी होकर पुरुलिया जाने वाली ट्रेन भी रात 9.40 बजे की जगह एक घंटे की देरी से रात 10.40 बजे आई। ट्रेन नंबर 22416 वंदेभारत एक्सप्रेस भी रात 11 बजे से 20 मिनट की देरी से प्लेटफॉर्म एक पर पहुंची।
दिन भर की धूप के बाद शाम को हुई बारिश
काशी में दिन भर की धूप और सूखे मौसम के बाद शाम को डेढ़ घंटे तक बारिश हुई। ज्यादातर बारिश शहरी इलाकों में हुई। हालांकि, मौसम विज्ञान विभाग की ओर से कोई आंकड़ा नहीं जारी किया गया। अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा चार से छह किलोमीटर प्रति घंटे की गति से बही। हवा में नमी 83 फीसदी तक दर्ज की गई।
3 घंटे बिजली कटौती 5 फीडर रहेंगे प्रभावित
दौलतपुर उपकेंद्र से शुक्रवार को तीन घंटे का शटडाउन लिया जाएगा। सुबह 11 से दोपहर 2 बजे तक लाइन शिफ्टिंग, पोल शिफ्टिंग, चार्जिंग और केबल होस्टिंग का कार्य होगा। इससे 11 केवी रामरेपुर (आंशिक), श्रीनगर, अकथा, भक्ति नगर और जेडी नगर फीडर से जुड़े क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति प्रभावित रहेगी। पहड़िया चौराहा, काली माता मंदिर, श्रीनगर फेज-एक व दो और भक्ति नगर सहित आसपास के इलाके प्रभावित रहेंगे।
शारदीय नवरात्र की सांस्कृतिक संध्या पर सुरों-नृत्य की प्रस्तुतियां
श्री काशी विश्वनाथ धाम में शारदीय नवरात्र की सांस्कृतिक संध्या पर सुरों और नृत्य की प्रस्तुतियां हुईं। बाबा का दर्शन करने के बाद निकले भक्तों ने शिर्वाचनम मंच के सामने पैर जमा लिए। शंकराचार्य चौक में भक्तों के बीच में उत्साह बना रहा। रंजना रॉय और शुभम द्विवेदी ने अपने सुमधुर स्वरों से संगीत की मनोहारी प्रस्तुतियां दीं। राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त कलाकार पंडित विशाल कृष्ण ने अपनी विशिष्ट कलात्मक प्रस्तुति से दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया।
88वें शारदोत्सव में कलश स्थापना कर की पूजा
विद्यार्थी शारदोत्सव समिति का सप्ताहव्यापी शारदोत्सव ब्रह्मा घाट स्थित मंगल भवन में शुरू हुआ। मां शारदा की स्थापना, पूजन और कलश प्रतिष्ठा के साथ पूजन हुआ। समिति के 88वें वर्ष में सारंग चितळे ने हेमंत जोशी के आचार्यत्व में कलश स्थापना की। मां शारदा का पूजन और आरती की गई। भगवान गणेश का स्थापन, पूजन और माता शारदा का कलश में स्थापन भी वैदिक विधि से हुआ। पूजा में समिति के अध्यक्ष संतोष सोलापुरकर, माधव रटाटे, अनंत राम बक्षी, गौरव रटाटे, सुहास पटवर्धन, ज्ञानेश्वर तोलेदार, ऋत्विक बापट, उत्कर्ष रटाटे और गौरांग रटाटे आदि रहे।
नवरात्र में स्माइल मुनिया को दी साइकिलें
स्माइल मुनिया संस्था ने नवरात्र के उपलक्ष्य में मुनिया को सशक्त बनाने का प्रयास किया। उन्होंने स्कूल जाने वाली छात्राओं को साइकिल प्रदान कर उन्हें मुख्य धारा से जोड़ा। संस्था की सदस्याओं ने भजन अर्पित कर शक्ति की उपासना की। डांडिया नृत्य पेश किया। रीता और प्रीति ने मनोरंजक गेम शो पेश किया। रागिनी, सलोनी, ममता और विनीता ने डांडिया पेश किया। संस्थापिका अध्यक्ष अंजलि अग्रवाल ने सभी को तुलसी के पौधे वितरित किए। संचालन निशा अग्रवाल तथा धन्यवाद ज्ञापन शालिनी सिंह ने किया।
उत्तर-दक्षिण की ताल पद्धति पर व्याख्यान
बीएचयू में बृहस्पतिवार को उत्तर और दक्षिण भारतीय ताल पद्धति के साथ सौंदर्यशास्त्रीय व गणितीय स्थितियों पर व्याख्यान हुआ। दृश्य कला संकाय में भारतीय शास्त्रीय संगीत की दोनों ताल परंपराओं की तकनीकी संरचना, गणितीय प्रक्रियाओं और सौंदर्यशास्त्रीय पक्षों को बताया गया। मुख्य वक्ता गुरु येल्ला वेंकटेश्वर राव के वरिष्ठ शिष्य डॉ. बी. सत्यवरा प्रसाद ने कर्नाटक संगीत की ताल पद्धति को बताया। प्रो. प्रवीण उद्धव ने हिंदुस्तानी संगीत की ताल पद्धति में इस्तेमाल मैथेमेटिक्स गणनाओं, लयकारी और रचनाओं को समझाया।
समूहगान प्रतियोगिता में वरुणा शाखा प्रथम
भारत विकास परिषद और काशी प्रांत उत्तर मध्य क्षेत्र-2 के संयुक्त प्रयास से बृहस्पतिवार को प्रांतीय स्तरीय राष्ट्रीय समूहगान प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। भारत विकास परिषद की प्रांतीय समूहगान प्रतियोगिता में वरुणा शाखा की ओर से चुनी गई टीम ने पहला स्थान हासिल किया। महामना शाखा की टीम दूसरे और शिवम शाखा की टीम तीसरे स्थान पर रही।
प्रतियोगिता सेठ एमआर जयपुरिया स्कूल के जेडी बजाज सभागार में हुई। इसमें 19 विद्यालयों के विद्यार्थियों ने हिंदी और संस्कृत में देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता का शुभारंभ दीप जलाकर हुआ। इसके बाद मां भारती और स्वामी विवेकानंद के चित्र पर फूल चढ़ाए गए। डॉ. श्वेता राय, प्रो. श्रवण सिंह, पंडित अनूप मिश्रा, डॉ. श्रुति उपाध्याय, डॉ. आशीष मणि त्रिपाठी, हनुमान प्रसाद गुप्ता निर्णायक रहे।
सारनाथ हनुमान मंदिर की गोशाला का निरीक्षण
श्रीकाशी विश्वनाथ के अधिकारियों का दल सारनाथ के बेनीपुर स्थित श्री संकट हरण हनुमान मंदिर में पहुंचा। यहां संचालित गोशाला में संरक्षित गौवंशों के लिए उपलब्ध सुविधाओं, उनके रख-रखाव और गौशाला की व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। उनके लिए साफ पानी और पर्याप्त चारे की उपलब्धता, आश्रय स्थल की साफ-सफाई के साथ उनके नियमित इलाज से संबंधित व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।
साथ ही कहा गया कि गौवंशों के संरक्षण के साथ-साथ मंदिर की धार्मिक गरिमा भी अक्षुण्ण रहे। संकट हरण मंदिर काशी विश्वनाथ धाम के ही स्वामित्व में आता है। मंदिर मुख्य कार्यकारी अधिकारी सत्यम मिश्रा, के साथ डिप्टी कलेक्टर शंभू शरण और उप जिलाधिकारी भी मौजूद रहे। मुख्य कार्यकारी अधिकारी सत्यम मिश्रा ने कहा कि गौवंशों के संरक्षण एवं देखभाल में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
रोटरी क्लब ने स्कूल को सीसीटीवी और टीवी दी
रोटरी क्लब वाराणसी नॉर्थ ने बृहस्पतिवार को भारतीय शिशु मंदिर सिद्धगिरि बाग में सीसीटीवी और सोनी टीवी दान दिए। क्लब के वाइस प्रेसिडेंट रोटेरियन राकेश रस्तोगी ने सीसीटीवी कैमरे और क्लब अध्यक्ष रोटेरियन अशोक सुल्तानिया ने सोनी टीवी विद्यालय को समर्पित किया। विश्व बैंक के पूर्व अर्थशास्त्री एवं प्रख्यात समाज सुधारक धनंजय कुमार ने क्लब के बच्चों के शिक्षा में सहयोग की सराहना की। मौके पर सचिव डॉ. राकेश जायसवाल,सुरेश खंडेवाल, सतीश जैन, राजेश भार्गव, गणेश अग्रवाल, राकेश रस्तोगी, रो नर्मदानंद दुबे ,अनिल केसरी, सीके त्रिवेदी मौजूद रहे।
दिव्यांग जेन-जी की प्रतिभा से बिखरी कला की आभा
कला संगम ग्लोबल, सुबह-ए-बनारस आनंद कानन एवं भाव प्रभा पद्म संस्थान की ओर से बृहस्पतिवार को अस्सी घाट स्थित सुबह-ए-बनारस मंच पर सांस्कृतिक संध्या दिव्यार्पण का आयोजन किया गया। इसमें दिव्यांग जेन-जी की प्रतिभाओं से सभी परिचित हुए। दिव्यांग कलाकारों ने संगीत और नृत्य की प्रस्तुतियों से लोगों को भावविभोर कर दिया।
मुख्य अतिथि श्री काशी विश्वनाथ धाम के मुख्य कार्यपालक अधिकारी सत्यम मिश्रा ने दिव्यांगजनों के संवर्धन व संरक्षण के लिए श्री काशी विश्वनाथ धाम की ओर से हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। विशिष्ट अतिथि उत्तर प्रदेश राज्य दिव्यांग बोर्ड के सदस्य उत्तम ओझा ने समाज में दिव्यांगजनों को सशक्त बनाने को प्राथमिक आवश्यकता बताया। पर्यावरणविद् डॉ. रमेश भाटिया ने ऐसे कार्यों में सभी से सहयोग का आह्वान किया।
व्यक्ति, समाज, नैतिकता कर्तव्य और जीवन-मूल्यों से भी जुड़ा है धर्म
बीएचयू में बृहस्पतिवार को धर्मशास्त्र और प्रासंगिकता विषय पर कार्यक्रम हुआ। दिल्ली विश्वविद्यालय के डॉ. आशुतोष दयाल माथुर ने बताया कि धर्म के दो पक्ष हैं। एक ईश्वरोपासना और दूसरी सामाजिक व्यवस्था।
धर्म का स्वरूप केवल पूजा-पद्धतियों तक सीमित नहीं है, बल्कि वह व्यक्ति, समाज, नैतिकता, कर्तव्य और जीवन-मूल्यों से भी जुड़ी है। बताया कि भारतीय परंपरा में धर्म की अवधारणा का विस्तार हुआ है। इसका मुख्य लक्ष्य रहा है भयमुक्त समाज का निर्माण करना और सभी को समान उन्नति के अवसर देना। अध्यक्षता सोमनाथ संस्कृत विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. गोपबंधु मिश्र ने की। इस दौरान प्रो. सदाशिव कुमार द्विवेदी और प्रो. शारदिंदू मौजूद रहे।
ड्रीम, लर्न, हार्ड वर्क की थीम पर चलें युवा
बीएचयू के महिला महाविद्यालय के भौतिकी विभाग में भारत के पूर्व राष्ट्रपति व मिसाइलमैन डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की जयंती पर सम्मेलन हुआ। संयोजक प्रो. हृदयेश मिश्रा ने कहा कि युवाओं को डॉ. कलाम के संदेश “ड्रीम, लर्न, हार्ड वर्क, इनोवेट एंड सर्व द नेशन” को अपने जीवन में अपनाना चाहिए। निदेशक प्रो. संजय कुमार, विभागाध्यक्ष प्रो. राजेंद्र कुमार सिंह, छात्र अधिष्ठाता प्रो. रंजन कुमार सिंह और सीएसी अध्यक्ष प्रो. भास्कर भट्टाचार्य ने बहुविषयक सहयोग के महत्व को समझाया। रंजन कुमार, सुमित, कनक अग्रवाल, दीपक कुमार मौजूद थे।
श्री बलदेव इंटर कॉलेज में विज्ञान क्लब का गठन
श्री बलदेव इंटर कॉलेज में बृहस्पतिवार को विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने और विज्ञान के प्रति रुचि बढ़ाने के उद्देश्य से विज्ञान क्लब का गठन किया गया। प्रबंधक डॉ. एसडी अग्रवाल ने बताया कि गठन का उद्देश्य विज्ञान क्विज, मॉडल निर्माण, प्रयोगात्मक गतिविधियां, विज्ञान प्रदर्शनी और प्रतियोगिताओं का आयोजन है। प्रधानाचार्य छत्रपति पांडेय, गयासुद्दीन अंसारी, दीपक, विकास पांडेय, सचिन, सत्यप्रकाश मौजूद रहे।
140 विद्यार्थियों को दिए गए प्रमाणपत्र
बीएचयू के शिक्षा संकाय की ओर से चाणक्य सभागार में बीएड, एमएड, एमए और पीएचडी कोर्स के 140 विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र बांटे गए। 16 अगस्त को संकाय के स्थापना दिवस समारोह पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों में योगदान देने वाले विद्यार्थी और प्रतिभागी शामिल रहे। शिक्षा संकाय के छात्रों और वसंत महिला महाविद्यालय, राजघाट व आर्य महिला पीजी कॉलेज की छात्राओं ने समूह नृत्य कराने वाले निर्देशकों को भी सम्मानित किया। विद्यार्थी सलाहकार डॉ. सोमू सिंह ने किया।
स्नातक छात्रों को पाठयक्रम पूरा करने का अंतिम मौका
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में शैक्षणिक सत्र 2021-22 में स्नातक पाठ्यक्रम (एनईपी) में बीए, बीकॉम, बीएससी, बीबीए में पंजीकृत छात्रों को पाठ्यक्रम पूरा करने की समय सीमा समाप्त हो गई है। ऐसे विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम पूर्ण करने का एक अंतिम मौका दिया गया है। ऐसे विद्यार्थियों को छठे वर्ष में विषम सेमेस्टर (प्रथम/तृतीय एवं पंचम सेमेस्टर) की परीक्षा में शामिल होने का मौका मिलेगा।
11 छात्रों ने हिमाचल में राज्यपाल से की मुलाकात
बीएचयू के 11 सदस्यीय छात्रों का दल शिमला में हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविंदर गुप्ता से मिला। छात्रों ने उन्हें शिक्षा महाकुंभ 6.0 का स्मृति चिह्न भेंट किया। 1971 के शिमला समझौते से जुड़े ऐतिहासिक साक्ष्यों और दस्तावेज का अवलोकन कर कई पहलुओं की जानकारी ली। मेजर शमशेर सिंह और डॉ. बाला लखेंद्र के साथ शोध छात्र रंजीत कुमार राय के नेतृत्व में दल राजभवन में पहुंचा था।
प्रो. आशा यादव बनीं वीकेएम की नई प्राचार्या
वाराणसी। वसंत कन्या महाविद्यालय कमच्छा में प्राचार्य पद की जिम्मेदारी हिंदी विभाग की विभागाध्यक्ष प्रो. आशा यादव को दी गई है। बृहस्पतिवार को उन्होंने प्राचार्य का पदभार ग्रहण कर दिया। निवर्तमान प्राचार्य प्रो. रचना श्रीवास्तव ने उन्हें पदभार सौंपा। प्रो. आशा यादव कादमिक योगदान के लिए जानी जाती हैं।
पोषण संबंधी चुनौतियों का करना होगा समाधान : प्रो. पात्रा
विश्व खाद्य दिवस पर बृहस्पतिवार को आज नवाचार करें, कल पोषण दें की थीम पर बीएचयू में ‘फूड फेयर’ लगा। फूड फेयर के 30 स्टॉल पर नए, पौष्टिक, पारंपरिक और मूल्यवर्धित खाद्य उत्पादों की प्रदर्शनी लगी। मुख्य अतिथि आईआईटी बीएचयू के निदेशक प्रो. अमित पात्रा ने कहा कि खाद्य और पोषण संबंधी उभरती चुनौतियों के समाधान करना होगा। वैज्ञानिक अनुसंधान और तकनीकी प्रगति बहुत जरूरी है।
बाजार की जरूरत पर निर्भर है स्टार्टअप की सफलता
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में सेवा संकल्प अभियान के तहत पिच प्रस्तुतिकरण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने नवाचार और स्टार्टअप माॅडल की प्रस्तुति दी। वाणिज्य विभाग के प्रो. केके अग्रवाल ने कहा कि किसी भी स्टार्टअप की सफलता इस बात पर निर्भर करती है कि बिजनेस प्लान बाजार की व्यावहारिक जरूरतों को कितना समझता है। संदीप कुमार, अंकित सिंह, विजय रहे।
एक दिन की प्रधानाचार्या बनीं कुमारी विशाखा
मिशन नारी शक्ति के अंतर्गत कुमारी विशाखा एक दिन की प्रधानाचार्या बनीं। बृहस्पतिवार को बीरापट्टी इंटरमीडिएट कॉलेज में विशाखा ने पद ग्रहण करने के बाद विद्यालय की शैक्षणिक और प्रशासनिक व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। परीक्षा व्यवस्था, विद्यालय की साफ-सफाई और शिक्षकों व विद्यार्थियों की समय पर उपस्थिति का निरीक्षण किया। विशाखा ने गोल्ड मेडल हासिल किया है।
5वीं की रोशनी बनीं प्रधानाचार्या
नवरात्र में चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान के तहत बृहस्पतिवार को प्राथमिक विद्यालय मच्छोदरी में छात्राओं को जागरूक किया गया। कक्षा 5 की रोशनी को एक दिन का प्रधानाचार्या बनाया गया। रोशनी में बतौर प्रधानाध्यापक सभी दायित्वों का बखूबी निर्वहन किया। शिक्षकों ने रोशनी के कार्यों की सराहना की।
सिर्फ देखकर नहीं सीखी जा सकती फ्रेस्को कला
फ्रेस्को जैसी कला-विधा केवल देखकर नहीं सीखी जा सकती। इसके लिए सामग्री, सतह, रंग और निर्माण-प्रक्रिया के साथ समय बिताना पड़ता है। चित्रकला विभाग की अध्यक्ष और संकाय प्रमुख प्रो. जसमिंदर कौर ने फ्रेस्को कार्यशाला में ये बातें कहीं। पांच से लेकर 15 अक्तूबर तक देश के 11 राज्यों से 30 युवा कलाकार बीएचयू में पहुंचे थे।
डिप्टी रजिस्ट्रार को मिली एसआरआईसीसी की जिम्मेदारी
बीएचयू के डिप्टी रजिस्ट्रार डॉ. पुष्यमित्र त्रिवेदी को (एसआरआईसीसी) की अतिरिक्त जिम्मेदारी भी दी गई है। विश्वविद्यालय के शिक्षण प्रशासन की ओर से बृहस्पतिवार को कार्यालय आदेश जारी इसकी सूचना दी गई। डॉ. त्रिवेदी वर्तमान में डिप्टी रजिस्ट्रार (अकाउंट-II), कुलसचिव कार्यालय (वित्त) के रूप में सेवाएं दे रहे हैं।