Varanasi News Today: युवक ने पेड़ पर फंदे से लटक दी जान, पिस्टल निकालकर धमकाने का आरोप; पढ़ें खबरें
Varanasi News: वाराणसी में एक युवक ने पेड़ से फंदा लगाकर अपनी जान दे दी। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। वहीं, लोहता थाने के एक सिपाही पर धमकाने का आरोप लगा है। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
विस्तार
Varanasi News in Hindi: कपसेठी थाना क्षेत्र के जम्मनपुर गांव में शुक्रवार की अपराह्न घर के पास नीम के पेड़ की डाली पर गमछे के सहारे इंद्रसेन राय उर्फ नीलू ने फंदे से लटक जान दे दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा। फॉरेंसिक टीम ने छानबीन की है। आर्थिक तंगी और अवसाद में इंद्रसेन ने यह कदम उठाया।
पुलिस ने बताया कि इंद्रसेन के बचपन में ही माता-पिता मौत हो चुकी है। अविवाहित इंद्रसेन तीन भाईयों में सबसे छोटा था। दोनों भाई गोरखपुर और दिल्ली में नौकरी करते हैं। इंद्रसेन घर पर अकेले रहता था। आसपास के लोगों ने पुलिस को बताया कि दोपहर बाद इंद्रसेन अपने घर पहुंचा और घर के सामने नीम के पेड़ पर चढ़कर गमछे के सहारे लटक गया, जब तक आसपास के लोग पहुंचते तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। एसीपी राजातालाब अजय श्रीवास्तव ने भी पुलिस से जानकारी ली। कपसेठी थानाध्यक्ष सधुवन राम गौतम ने बताया कि उसके दोनों भाईयों को सूचना दी गई है।
किशोरी को अगवा मामले में केस दर्ज
किशोरी को बहला फुसलाकर अगवा मामले में शनिवार को आरोपी विकास के खिलाफ केस दर्ज किया गया। पिता ने बताया कि 15 सितंबर की शाम 4 बजे 17 वर्षीय बेटी घर से बिन बताए कहीं चली गई। काफी खोजबीन के बाद मालूम चला कि ऑटो चालक विकास ने बेटी को अगवा किया है। थाना प्रभारी निरीक्षक जगदीश कुशवाहा ने मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिसकर्मी पर पिस्टल निकालकर धमकाने का आरोप
लोहता थाना क्षेत्र के कोटवा गांव में शुक्रवार की शाम एक सिपाही पर 17 वर्षीय किशोर को पिस्टल निकालकर धमकाने का आरोप लगा है। आरोप है कि सिपाही ने किशोर को चौकी में ले जाकर मारा पीटा। कोटवा के रहने वाले पीड़ित आयुष ने बताया कि वह बहन को छितौनी स्थित काॅलेज लेकर घर लौट रहा था। तभी कोटवा चौकी के सिपाही ने बाइक रोक ली।
पूछताछ शुरू की तो बताया कि बहन है, लेकिन सिपाही मानने को तैयार नहीं हुए। जबरन चौकी ले जाने लगे और विरोध करने पर सिपाही ने कमर से पिस्टल निकालकर हाथ में ले लिया। चौकी ले गए और इंचार्ज समेत अन्य पुलिसकर्मियों ने पिटाई की और शाम को छोड़ दिया गया। थानाध्यक्ष निकिता सिंह ने बताया कि पिस्टल की बात गलत है। मारपीट की घटना में किशोर से पूछताछ हुई है।
दुपट्टे के सहारे फांसी के फंदे से लटकता मिला विवाहिता का शव
कपसेठी थाना क्षेत्र के निमनी गांव में बीती रात 11: 30 बजे 22 वर्षीय एक विवाहिता का शव संदिग्ध अवस्था में उसक कमरे में मिला। मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया है। मृतिका साहिबा की शादी अप्रैल 2023 में कपसेठी के निमनी गांव निवासी हजरत से हुई थी।
मायके पक्ष का कहना है कि शादी के बाद से ही उनकी बेटी को प्रताड़ित किया जा रहा था। घटना के बाद से ससुराल पक्ष के सभी लोग घर छोड़कर फरार हो गए हैं। मृतका के भाई रब्बासी प्रयागराज से गांव निमानी गांव पहुंचे और पुलिस को तहरीर देकर ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया है।
पड़ोसियों ने बताया कि मृतका का शव कमरे में संदिग्ध अवस्था में था। कपसेठी थाने की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, इस मामले में थाना प्रभारी कपसेठी एसआर गौतम ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा।
डीसीपी से मिले अधिवक्ता, कार्रवाई न होने पर आज करेंगे तहसील पर तालाबंदी
तहसील बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने शुक्रवार को डीसीपी गोमती जोन आकाश पटेल से मुलाकात की। इस दौरान पत्रक सौंपा। अधिवक्ताओं ने कहा कि तहसील महामंत्री सुधीर कुमार सिंह से गांव में पहुंचे डायल-112 के पुलिसकर्मी ने अनुचति व्यवहार किया। इस दौरान शाम को हुई बैठक में तहसील अध्यक्ष कृपाशंकर पटेल कहा कि सुबह 9 बजे तक आरोपी सिपाही के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो अधिवक्ता शनिवार को सुबह 10 बजे से तहसील गेट व रजिस्ट्री कार्यालय में तालाबंदी कर धरना प्रदर्शन के लिए बाध्य होंगे।
किशोरी से दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार
नाबालिग से दुष्कर्म और उसका अश्लील वीडियो वायरल की धमकी मामले में आरोपी अंकुर मौर्या को भेलूपुर पुलिस ने शुक्रवार की रात दुर्गाकुंड क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार ने बताया की आरोपी आजमगढ़ का निवासी है। पीड़िता ने मुकदमा दर्ज कराया की फोन से संपर्क में आए अंकुर ने उसके साथ दुष्कर्म किया और वीडियो भी बनाया है। पीड़िता गाजीपुर की रहने वाली है। 20 दिन पूर्व की घटना है।
दूसरी मंजिल से गिरकर घायल छात्रा का निजी अस्पताल में चल रहा उपचार
चौबेपुर थाना क्षेत्र के बरियासनपुर स्थित एक निजी महाविद्यालय के दूसरी मंजिल के क्लास में जाते समय गिरने से घायल छात्रा का निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। सीढ़ी पर पैर फिसलने से नीचे गिरी छात्रा के पैर और हाथ में चोट है। डुबकियां के ग्राम प्रधान संजीव कुमार सिंह ने बताया कि उनके भाई राजेश सिंह की बेटी अनुष्का सिंह बीएससी तृतीय वर्ष की छात्रा है।
गुरुवार को काॅलेज में दूसरी मंजिल की कक्षा में जाते समय सीढ़ी पर उसका पैर फिसल गया और वह नीचे गिर गई। कॉलेज के प्रबंधक ने निजी अस्पताल में भर्ती कराया और परिजनों को सूचना दी। पैर व हाथ में चोट है। थाना प्रभारी चौबेपुर अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि इस संबंध में कोई सूचना या तहरीर नहीं मिली है।
वीडीए ने भेलूपुर में अवैध निर्माण कराया सील
वीडीए की ओर से शुक्रवार को एक अवैध निर्माण सील किया गया। भेलूपुर वार्ड के गौरीगंज होटल डायमंड के पास आशीष जायसवाल की ओर से अवैध रूप से निर्माण किया जा रहा था। कारण बताओ नोटिस और विकास कार्य रोकने का नोटिस दिया गया है। बावजूद इसके चोरी छिपे काम कराया जा रहा था। इसके चलते अवैध निर्माण सील किया गया।
भेलूपुर में एक अवैध निर्माण कराया सील
भेलूपुर वार्ड के देवरिया बीर अंसार नगर में आवास विकास में अब्दुल रब की ओर से अवैध निर्माण कराया जा रहा था। इस अवैध निर्माण के खिलाफ कारण बताओ नोटिस और विकास कार्य रोकने का नोटिस दिया गया। बावजूद इसके चोरी छुपे रुक-रुक कर रात्रि में निर्माण कार्य कराने पर भवन को सील कर दिया गया। जोनल अधिकारी संजीव कुमार की देखरेख में कार्रवाई को अंजाम दिया गया।
दो छात्राओं के साथ छेड़खानी, तीन के खिलाफ केस दर्ज
चोलापुर थाना क्षेत्र में दो छात्राओं के साथ छेड़छाड़ और मारपीट मामले में पुलिस ने महिला समेत तीन के खिलाफ केस दर्ज किया है। बेला गांव की रहने वाली छात्रा ने पुलिस को बताया कि पड़ोस का रहने वाला युवक अक्सर परेशान करता है। कॉलेज आवाजाही के दौरान रास्ता रोकता है। मां ने आरोपी के घर विरोध दर्ज कराया तो आरोपियों ने मारा पीटा। आरोपी बेला निवासी सर्वेश राजभर, अमरावती शर्मिला के खिलाफ केस दर्ज किया गया। चोलापुर इंस्पेक्टर योगेंद्र प्रसाद ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी होगी।
घर में घुसकर चाचा पर किया फावड़े से हमला
चौबेपुर थाना क्षेत्र के मुस्तफाबाद पिछवारी गांव में शुक्रवार की दोपहर रंजिश में भतीजों ने चाचा धर्मराज यादव की पिटाई कर दी। आरोप है कि फावड़े से हमला किया गया। पुलिस ने भतीजे उदयराज व उमेश पर केस दर्ज किया है। पीड़ित धर्मराज यादव ने पुलिस को बताया कि वह घर पर मौजूद थे। भतीजे उदयराज यादव व उमेश यादव घर में घुसकर विवाद किए और फावड़े से हमला किया। थाना प्रभारी निरीक्षक अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि दोनों भतीजों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
एयरपोर्ट पर नौकरी दिलाने के नाम पर 6 लोगों से ठगी
बाबतपुर एयरपोर्ट पर नौकरी के नाम पर छह लोगों से तीन लाख रुपये की ठगी हुई है। पीड़ितों ने शुक्रवार को चोलापुर थाने में केस दर्ज कराया। चोलापुर के निदौरा निवासी दीप नारायण पटेल ने पुलिस को बताया कि छह बेरोजगारों से बाबतपुर एयरपोर्ट पर नौकरी के नाम पर आशीष कुमार ने 3 लाख रुपये लिए। इससे संपर्क पिंडरा निवासी रंजीत कुमार पटेल के जरिये हुआ था। आशीष कुमार नौकरी दिलाने के नाम पर 3 लाख ले लिए। थाना प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र प्रसाद ने बताया कि मुकदमा दर्ज किया गया है।
बैग छीनने के तीन आरोपी गिरफ्तार
लालपुर-पांडेयपुर पुलिस ने बैग छिनने वाले तीन आरोपियों को काशीराम आवास कॉलोनी से शुक्रवार को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से दो मोबाइल, 3700 नकदी और छिनैती में उपयोग बाइक बरामद हुई। इंस्पेक्टर राजीव कुमार सिंह ने बताया कि माधोपुर सिगरा का अंकित कन्नौजिया, जयप्रकाश और जौनपुर के गौराबादशाहपुर के राजेपुर निवासी आदित्य कुमार है। पांच सितंबर की रात हुकुलगंज रोड पर मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने बैग छीना था। बैग में आधार कार्ड, पैन कार्ड, वोटर आईडी कार्ड व 67000 रुपये थे।
मनरेगा मजदूरों की दो साल की दौड़ दो मिनट में पूरी
मनरेगा मजदूरों की दो साल की दौड़ दो मिनट में पूरी हो गई। मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु नागपाल शुक्रवार को चिरईगांव ब्लॉक मुख्यालय पहुंचे तो सुल्तापुर की के मनरेगा मजदूर महिलाएं अपनी समस्या रखी। कहा कि वे दो साल से जॉब कार्ड के लिए ब्लॉक का चक्कर काट रही लेकिन जॉब कार्ड नहीं मिला। सीडीओ ने मजदूरों को शांत कराते हुए कहा बैठक से लौटकर आपकी समस्या हल कराऊंगा। देखते ही देखते जो काम दो साल में नहीं हुआ, वह दो मिनट में हो गया। पुष्पा, उषा, प्रमिला, राजमनी, इंदु, लालती, कौशल्या, गायत्री, गीता समेत 35 मजदूरों को जॉब कार्ड मिल गए।
हाईवे पर 13 किमी के दायरे में नो पार्किंग में 40 ट्रकों का चालान
हाईवे पर सड़क किनारे और ढाबा पर भारी वाहनों को खड़ी कर रास्ता जाम करने वालों के खिलाफ शुक्रवार को परिवहन विभाग, एनएचएआई और यातायात पुलिस का संयुक्त अभियान चलाया। डाफी टोल प्लाजा से मोहनसराय तक चले अभियान में सड़क किनारे खड़े 40 ट्रकों का चालान किया गया। वहीं, ढाबा संचालकों को एनएचएआई और यातायात पुलिस ने हिदायत दी कि ढाबा पर पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था हो। ढाबा के सामने सड़क पर किसी भी दशा में भारी वाहन नहीं खड़े होने चाहिए।
एआरटीओ (प्रवर्तन) सुधांशु रंजन ने बताया कि लगातार मिल रही शिकायतों के आधार पर यातायात पुलिस और एनएचएसआई की संयुक्त टीम ने राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर अभियान चलाया। डाफी टोल प्लाजा से मोहनसराय तक सड़क पर खड़े 40 ट्रकों का चालान किया गया। अन्य मामलों में भी चालान किए गए। इस अभियान का उद्देश्य सड़कों पर जाम की समस्या को नियंत्रित करना व सड़क सुरक्षा को सुनिश्चित करना था। उन्होंने बताया कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
पति ने दी जान से मारने की धमकी, मुकदमा दर्ज
शिवपुर के भरलाई शिवपुर निवासी मालती देवी ने पुलिस को दी लिखित शिकायत में बताया कि मेरे पति वर्षों से मेरे साथ मारपीट कर रहे हैं। 2 वर्ष पहले भी मुझे घर के अंदर बंद करके बहुत मारा था, जिसके कारण मैं जान बचाकर अपने मायके चली गई। दो वर्ष तक मेरे बच्चों को भी मारता पिटता रहा। जिससे मुझे और मेरे बच्चों को मेरे पति से जान का खतरा है। मामले में थाना प्रभारी जगदीश कुशवाहा ने पति के खिलाफ गाली गलौज, जान से मारने की धमकी, मारपीट,के मामले मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
बंद रहीं जन औषधि की 107 दुकानें
जनऔषधि केंद्रों के बीच न्यूनतम दूरी को समाप्त करने के पीएमबीआई (भारतीय औषधि एवं चिकित्सा उपकरण ब्यूरो) के आदेश के विरोध में शुक्रवार को जिले की 107 दुकानें बंद रहीं। संचालकों ने दुकानों को बंद रखकर अपना विरोध दर्ज कराया। एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने लमही स्थित एक लॉन में बैठक कर आगे के आंदोलन की रूपरेखा तैयार की। एसोसिएशन के अध्यक्ष अरविंद कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि आज पूरे जिले के सभी जन औषधि की दुकानें बंद रही। विरोध शांतिपूर्ण तरीके से जारी है। इस दौरान उपाध्यक्ष प्रवीण कुमार मौर्य, कोषाध्यक्ष अभिषेक पटेल, मीडिया प्रभारी अंजली वर्मा, आलोक शर्मा मौजूद रहे।
राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति के लिए 7 जिलों से महज 4982 आवेदन
शासन की ओर से राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति योजना 2026-27 के लिए कक्षा 6 से 12 तक के छात्रों के लिए आवेदन मांगे गए हैं। 24 सितंबर आवेदन की अंतिम तिथि है लेकिन आवेदन बहुतायत संख्या में नहीं आए हैं। अब तक सात जिलों के महज 4982 छात्रों ने ही आवेदन किया है।
मनोवैज्ञानिक जितेंद्र कुमार ने बताया कि इस छात्रवृत्ति के लिए परीक्षा 9 नवंबर को होगी। इसमें किसी भी बोर्ड के छात्र आवेदन कर सकते हैं। छात्रवृत्ति के लिए अब तक कुल 4982 आवेदन आए हैं। इसमें वाराणसी से 907, सोनभद्र से 256, मिर्जापुर से 508, जौनपुर से 1302, गाजीपुर से 573, भदोही से 751 और चंदौली से 685 आवेदन हैं। प्रदेश स्तर पर कुल 15143 आवेदन लिए जाएंगे। इसमें परीक्षा पास करने वाले छात्र को मेरिट के आधार पर 1000 रुपये प्रतिमाह यानी 12000 रुपये वार्षिक दिया जाएगा।
बीमा सखी बन महिलाएं करेंगी कमाई, 55 को किया प्रशिक्षित
उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत स्वयं सहायता समूह की महिलाओं की आय बढ़ाने एवं रोजगार के नए अवसर देने के लिए अब उन्हें बीमा सखी बनाया जाएगा। बीमा सखी बनने और कार्यक्रम से जोड़ने के लिए उन्हें शुक्रवार को हरहुआ ब्लॉक सभागार में आयोजित कार्यशाला में प्रशिक्षित किया गया।
कार्यशाला में खंड विकास अधिकारी बद्री प्रसाद ने समूह की महिलाओं को प्रेरित कर इस कार्यक्रम से जोड़ने का आह्वान किया। कार्यक्रम में जिला मिशन प्रबंधक श्रवण कुमार सिंह ने महिलाओं को इसकी महत्ता, रोजगार के अवसर, बीमा के फायदे एवं वित्तीय समावेशन के अन्य घटकों पर जानकारी दी।
ताईक्वांडो में नंदिनी को मिला रजत पदक
सीआईएससीई की राष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता महाराष्ट्र में 15 से 18 सितंबर तक खेली गई। इसमें वाराणसी के द मिलेनियम फाउंडेशन स्कूल की ताईक्वांडो खिलाड़ी नंदिनी मद्धेशिया ने रजत पदक जीता है। कोच हरिप्रिया चौरसिया ने बताया कि नंदिनी ने यूपी टीम में वाराणसी का प्रतिनिधित्व करते हुए अंडर-17 बालिका वर्ग के अंडर 55 किलोग्राम भार वर्ग में कांटे का मुकाबला खेला। इसमें महाराष्ट्र के खिलाड़ी के हाथों महज दो अंक से हार का सामना करना पड़ा। इस उपलब्धि पर जिला ताइक्वांडो संघ के मनीष सिंह, चंद्रभान पटेल, सौरभ सिंह, अमित जायसवाल ने खुशी व्यक्त किया है।
क्वींस कॉलेज में जूनियर व सीनियर वर्ग की प्रदर्शनी 26 सितंबर को
जिले के सभी माध्यमिक विद्यालयों में 26 सितंबर को राजकीय क्वींस कॉलेज में विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। जिला विद्यालय निरीक्षक भोलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि सभी माध्यमिक विद्यालयों में 15 सितंबर तक विद्यालय स्तर पर प्रदर्शनी का आयोजन किया गया है। इसमें चयनित होने वाले सर्वश्रेष्ठ मॉडल को 26 सितंबर को प्रतिभाग कराया जाएगा। इसमें दो वर्गों में जूनियर व सीनियर वर्ग में छात्र प्रतिभाग करेंगे। उन्होंने बताया कि प्रदर्शनी में प्रथम पुरस्कार विजेता को 4000 रुपये, द्वितीय पुरस्कार 3000 रुपये, तृतीय पुरस्कार 2000 रुपये दिए जाएंगे।
खेल के साथ आत्मरक्षा के लिए जूडो का दिया जा रहा प्रशिक्षण
भट्टी गांव से कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी निकले हैं। इसे ध्यान में रखते हुए यूपी जूडो संघ की ओर से वाराणसी में नियुक्त जूडो कोच खेल के जरिये बालिकाओं को आत्मरक्षा का प्रशिाक्षण दे रहे हैं। बाबू आरएन सिंह इंडोर स्पोर्ट्स हाॅल में लखनऊ से महिला प्रशिक्षक ग्रामीण क्षेत्र के बालक-बालिकाओं को मैट पर निशुल्क जूडो का प्रशिक्षण दे रही हैं। शाम 4 से 7 बजे तक 80 से अधिक बालक-बालिकाएं जूडो का प्रशिक्षण ले रहे हैं। इस वर्ष नवंबर में वाराणसी में जूडो की महिला लीग कराई जाएगी।
टेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष बने जितेंद्र गुप्ता, महामंत्री मनोज रावत
टेंट व्यावसायिक एसोसिएशन का स्थापना दिवस एवं शपथ ग्रहण समारोह शुक्रवार को सुद्धिपुर स्थित एक लॉन में मनाया गया। नई कार्यकारिणी में अध्यक्ष जितेंद्र गुप्ता, महामंत्री मनोज रावत अच्छू, कोषाध्यक्ष अनिल मौर्या, उपाध्यक्ष विनय शर्मा, राजेंद्र प्रसाद राजू, महेंद्र कुमार सिंह, संतोष गुप्ता, अविनाश पटेल और प्रवक्ता के पद पर राजेश श्रीवास्तव ने शपथ ली। इसके अलावा मंत्री पद पर धर्मदास कुकरेजा, नूर मोहम्मद, जामवंत सिंह, सुरेश केशरी, मोहन दास गुप्ता, ओम प्रकाश ने शपथ ली। मुख्य अतिथि मेयर अशोक तिवारी ने 2025-27 सत्र की कार्यकारिणी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
यूपी टीम में मालवीय कॉलेज की तीन छात्राएं चयनित
मालवीय महाविद्यालय इंटर कॉलेज शाहंशाहपुर की तीन छात्राओं का चयन फुटबॉल की यूपी टीम में हुआ है। विद्यालय के प्रधानाचार्य मुसर्रत इस्लाम ने बताया कि चयनित छात्राओं में खुशी शर्मा, परी और नेहा शामिल हैं। चयनित खिलाड़ी राष्ट्रीय फुटबॉल प्रतियोगिता में खेलेंगी। राष्ट्रीय प्रतियोगिता 20 से 26 नवंबर तक आगरा में खेली जाएगी। फुटबॉल की अंडर-14 टीम ने गाजीपुर में आयोजित प्रादेशिक स्कूली प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीता था। टीम में चयन पर खेल शिक्षक डॉ. देवेश सिंह, रमेश पंकज, अजय सिंह ने खिलाड़ियों को बधाई दी है।
स्वच्छता पखवाड़ा में महापौर ने लगाई झाड़ू
मेयर अशोक कुमार तिवारी ने शुक्रवार को नदेसर, जगतगंज, पिशाच मोचन वार्ड में झाड़ू लगाकर सफाई की। प्रधानमंत्री के जन्मदिवस से महात्मा गांधी के जन्म दिवस 02 अक्तूबर तक चलने वाले स्वच्छता पखवाड़ा के तहत मेयर ने अभियान में सम्मिलित होकर सफाई की। मेयर ने पिचाशमोचन क्षेत्र में कुंड के पास तर्पण करने वालों की ओर से काफी गंदगी देखी और क्षेत्रीय स्वास्थ्य निरीक्षक को सफाई कराने के निर्देश दिए। आ पास अवैध रूप से लगी झुग्गियों तथा अतिक्रमण को हटाने के निर्देश दिए।
तीन घंटे में रामबरात ने तय की तीन किलोमीटर की दूरी
लोहता रामलीला की ऐतिहासिक और प्रसिद्ध रामबरात शुक्रवार को धार्मिक उल्लास और परंपरा के रंगों के साथ निकली। महमूदपुर स्थित अयोध्या धाम छेदी साव के घर से प्रारंभ होकर यह भव्य बरात जनकपुर कुशवाहा नगर में सतीश मौर्य के घर पहुंची। शाम छह बजे शुरू हुई यात्रा तीन घंटे में लगभग तीन किलोमीटर की दूरी तय कर नौ बजे गंतव्य तक पहुंची।
रास्ते भर श्रद्धालु नाचते-झूमते रहे और नगरवासियों ने अतिथियों का स्वागत कर भक्ति और उल्लास का भाव भरा। रामबरात बड़ी बाजार, मीना बाजार, बजरंग नगर होते हुए जनकपुर पहुंची। बरात में अध्यक्ष त्रिलोकी दुबे, भोला गुप्ता, सुरेश.श्रीवास्तव, रमाकांत शुक्ला, तेज बहादुर सिंह शामिल रहे।
मैराथन और साइक्लोथॉन में शाामिल हुए 150 बरेकाकर्मी
बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) की ओर से शुक्रवार को मैराथन, साइक्लोथॉन और वॉकथान का आयोजन हुआ। गोल्फ कोर्स से शुरू हुई साक्लोथॉन को बरेका महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह और प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियरसुशील श्रीवास्तव ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
साइक्लोथॉन और मैराथन गोल्फ कोर्स से शुरू होकर आरपीएफ चेक पोस्ट, सूर्य सरोवर, इंटरमीडिएट कॉलेज चौराहा, नाथूपुर रेलवे क्रॉसिंग और प्रशासनिक भवन तिराहा से होते हुए बरेका स्टेडियम गेट पहुंचकर समाप्त हुई। इसमें 150 से अधिक बरेकाकर्मी शामिल हुए। इस मौके पर अंकुर चंद्रा, सुनील कुमार, अनुराग गुप्ता, रामजन्म चौबे, अनुज कटियार, जन संपर्क अधिकारी राजेश कुमार मौजूद रहे।
पिंडरा बाजार में लगेंगी 60 स्ट्रीट लाइट
पिंडरा बाजार में 60 स्ट्रीट लाइट लगाई जाएंगी। इसकी जानकारी पिंडरा विधायक के प्रतिनिधि ने दी। वे फूलपुर बाजार में उद्योग व्यापार मंडल के द्वितीय स्थापना दिवस कार्यक्रम में आए थे। यहां केक काटकर कार्यक्रम धूमधाम से मनाया गया। व्यापार मंडल के अध्यक्ष के रूप में जितेंद्र जायसवाल सपालू को दूसरे कार्यकाल के लिए निर्विरोध निर्वाचित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जेपी पटेल और धन्यवाद ज्ञापन भरत जायसवाल ने दिया।
पर्यटकों को बढ़ाने और आकर्षित करने का दायित्व होटल मालिकों का
काशी में पर्यटकों की संख्या बढ़ी है। इसे और बढ़ाने और पर्यटकों को आकर्षित करने का दायित्व होटल एवं होमस्टे मालिकों का है। पर्यटकों को किफायत के साथ बेहतर से बेहतर सुविधा और उनके साथ अच्छा व्यवहार करके उन्हें आकर्षित किया जा सकता है। ये बातें मेयर अशोक कुमार तिवारी ने कहीं। वह पर्यटन मंत्रालय की ओर से उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग और जिला प्रशासन के सहयोग से होटल और होमस्टे मालिकों के लिए हॉस्पिटैलिटी ट्रेनिंग वर्कशॉप के चौथे बैच को संबोधित कर रहे थे।
शुक्रवार को कार्यशाला में विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने कहा कि काशी आध्यात्मिक पर्यटन का केंद्र है। यह पर्यटन और भारत की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। काशी विश्वनाथ कॉरिडोर के उद्घाटन के बाद काशी में पर्यटन कई गुना बढ़ गया है। सरकार की कार्य क्षमता के कारण सीएफए का विवेकपूर्ण उपयोग किया जा रहा है। मेयर ने प्रतिभागियों को प्रतिभागिता प्रमाणपत्र दिया।
छात्रों की संख्या बढ़ाएं नहीं तो रुक जाएगा वेतन
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों में शास्त्री और आचार्य प्रथम सेमेस्टर में छात्रों की कम संख्या पर शासन और विश्वविद्यालय प्रशासन ने नाराजगी जताई है। कुलसचिव राकेश कुमार के अनुसार 232 महाविद्यालयों के 3086 छात्रों ने शास्त्री व आचार्य के प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश लिया है। यह संख्या बेहद कम है। उन्होंने सभी महाविद्यालयों से प्रवेश कार्यक्रम संपादित करने काे कहा है। यदि जो महाविद्यालय नियत तिथि में प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण करते हैं तो उनका वेतन रोकने पर विचार किया जा सकता है।
ई-फाइलिंग पोर्टल की दिक्कतों से जूझ रहे करदाता
आयकर विभाग के ई-फाइलिंग पोर्टल पर लगातार आ रही तकनीकी गड़बड़ियों और सर्वर की समस्याओं ने करदाताओं को काफी समस्याएं आ रही हैं। पोर्टल की धीमी गति और बार-बार तकनीकी त्रुटि के चलते टैक्स ऑडिट रिपोर्ट अपलोड करने की प्रक्रिया प्रभावित हो रही है। ऐसे में वित्त मंत्रालय और केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड से मांग की गई है कि टैक्स ऑडिट रिपोर्ट की अपलोडिंग की अंतिम तिथि 30 सितंबर से बढ़ाकर 31 अक्तूबर 2025 तक की जाए। अधिवक्ता आसिम ज़फ़र ने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूरा कर पाना करदाताओं और पेशेवरों दोनों के लिए कठिन है।
सेल्स टैक्स बार एसोसिएशन में आज हड़ताल
कचहरी प्रकरण में सेंट्रल और बनारस बार एसोसिएशन के न्यायिक कार्य से विरत रहने के निर्णय को सेल्स टैक्स बार ने समर्थन दिया है। सचिव चंद्रेश सिंह ने बताया कि शनिवार को चेतगंज स्थित सेल्स टैक्स बार में भी अधिवक्ता न्यायिक कार्य से विरत रहेंगे।
कोलकाता तक 23 सितंबर से चलेगी पूजा स्पेशल
त्योहारों को देखते हुए रेलवे की ओर से पूजा विशेष गाड़ी का संचालन 5 नवंबर तक किया जाएगा। इसमें 23 सितंबर से 05047/05048 बनारस-कोलकाता-बनारस साप्ताहिक गाड़ी चलाई जाएगी। 05047 गाड़ी बनारस रेलवे स्टेशन से 23 सितंबर से 4 नवंबर तक हर मंगलवार और 05048 कोलकाता से 24 नवंबर से 5 नवंबर तक हर बुधवार को 7 फेरों के लिए चलेगी।
बनारस से मंगलवार को सुबह 10.45 बजे प्रस्थान कर गाड़ी 11 बजे वाराणसी रेलवे स्टेशन, गाजीपुर सिटी से 12.40 बजे, बलिया से 13.40 बजे छूटकर उसी दिन रात 11.08 बजे जसीडीह पहुंचेगी। यहां से निकलकर दूसरे दिन आसनसोल से रात 1 बजे और दुर्गापुर, खाना जंक्शन, वर्धमान होते हुए सुबह 05.25 बजे कोलकाता पहुंचेगी। कोलकाता से हर बुधवार को सुबह 8.25 बजे प्रस्थान कर विभिन्न स्टेशन होते हुए यह गाड़ी दूसरे दिन भोर में 4.15 बजे बनारस पहुंचेगी।
27 तक रजिस्ट्रेशन करा सकेंगे 9 व 11 के विद्यार्थी
यूपी बोर्ड कक्षा 9 व 11 के विद्यार्थियों के लिए बोर्ड परीक्षा के रजिस्ट्रेशन की तारीख बढ़ा दी गई है। अब विद्यार्थी 27 सितंबर तक रजिस्ट्रेशन करा सकेंगे। यूपी बोर्ड मुख्य सचिव भगवती सिंह के ओर से इसका आदेश जारी किया गया है। इसके अलावा कक्षा 10 एवं 12 के विद्यार्थियों के लिए बोर्ड फीस की तारीख भी 27 सितंबर तक बढ़ाई गई है।
तिलक और विदाई गीत से कार्यशाला का हुआ समापन
संस्कृति मंत्रालय के सहयोग से कला सृष्टि की ओर से विवाह संस्कार गायन शैली की प्रस्तुति पर आधारित 15 दिवसीय कार्यशाला का समापन दुर्गाकुंड स्थित श्रीहनुमान प्रसाद पोद्दार अन्ध विद्यालय में हुआ। कलाकारों ने प्रस्तुतियों से सभी को आनंदित किया।
मुख्य अतिथि प्रसिद्ध संगीतविद् पं. ऋत्विक सान्याल, सुबह-ए-बनारस के संस्थापक सचिव डॉ. रत्नेश वर्मा, संस्था के अध्यक्ष डॉ. प्रेम नारायण सिंह, प्रशिक्षक डॉ. विजय कपूर और डॉ. मधुमिता भट्टाचार्या ने दीप प्रज्ज्वलित कर उद्घाटन किया। कार्यशाला निर्देशक डॉ. सिंह, प्रशिक्षक डॉ. कपूर, डॉ. भट्टाचार्या ने विवाह गायन शैली का प्रशिक्षण दिया।
तिलक गीत, मडबा गीत, मेहंदी गीत, बारात गीत, पात्रा गीत, बन्ना गीत, द्वारपूजा गीत, कन्यादान गीत, विदाई गीत की प्रतिभागियों ने प्रस्तुति दी। तबले पर पंकज राय, हारमोनियम पर प्रवीण सिंह, ढोलक पर रीतिक शुक्ला एवं साइड रिदम पर संजय श्रीवास्तव ने संगत की। इस मौके पर नीतू सिंह,, अमरेन्द्र कुमार राय, रेनू राय, शेरू सिंह, आदित्य नारायण सिंह आदि रहे।
गेल ने होटल में शुरू की पीएनजी की शुरुआत
गेल इंडिया लिमिटेड के ओर से पहले व्यावसायिक पीएनजी (पाइप्ड नैचुरल गैस) की शुरूआत सारनाथ स्थित एक होटल में की गई। गेल वाराणसी के प्रभारी अधिकारी एवं महाप्रबंधक सुशील कुमार ने गैस आपूर्ति का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि अब तक कंपनी ने शहर के करीब 52000 घरों तक घरेलू पाइप्ड नैचुरल गैस पहुंचाया है। जबकि 1 लाख घरों के लिए इन्फ्रास्ट्रक्चर तैयार हो चुका है और जल्द गैस आपूर्ति की जायेगी।
इसके साथ ही 105 व्यावसायिक ग्राहक और 27 औद्योगिक उपभोक्ता गैस आपूर्ति से जुड़े हैं। इस दौरान नवाज़िश अली अंसारी (मुख्य प्रबंधक परियोजना, शहरी गैस वितरण), प्रवीण गौतम (मुख्य प्रबंधक विपणन, शहरी गैस वितरण), देवाशीष शाहू (वरिष्ठ अधिकारी विपणन) उपस्थित रहे। वहीं, होटल की ओर से अधिष्ठाता रत्नेश सिंह मौजूद रहे।
नवरात्र पर सुरक्षा और सुविधाओं पर जोर
दशाश्वमेध थाने के गोदौलिया स्थित एक होटल में शुक्रवार को सर्किल के एसीपी डॉ. अतुल अंजान त्रिपाठी ने पूजा पंडाल पदाधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था पर सीसी कैमरों से निगरानी और पंडालों पर पुलिस फोर्स की तैनाती पर जोर दिया। इस दौरान पदाधिकारियों ने क्षतिग्रस्त सड़कें, जलभराव और तारों के जाल जैसी समस्याओं पर ध्यान दिलाया। एसीपी ने आश्वासन दिया कि त्योहार से पहले समस्याओं का समाधान हो जाएगा। थाना प्रभारी विजय कुमार शुक्ला, पार्षद नरसिंह बाबा, गोल्डन क्लब अध्यक्ष विश्वजीत शास्त्री, विकास यादव, अतुल और अमित पांडेय आदि रहे।
कैंटोंमेंट इलाके में दो घंटे नहीं रहेगी बिजली
वाराणसी। बिजली निगम की ओर से बिजनेस प्लान के तहत तार सहित अन्य उपकरण बदले जाने का काम शनिवार को करवाया जाएगा। अधिशासी अभियंता वीरेंद्र सिंह ने बताया कि 33 केवी वीसीबी बदलने की वजह से शनिवार को दोपहर 12 से 2 बजे तक बिजली गुल रहेगी। इस कारण कैंटोंमेंट और आसपास का इलाका प्रभावित रहेगा।
कैंट रेलवे स्टेशन पर बनेगा टूरिस्ट इनफॉर्मेशन सेंटर
उत्तर रेलवे के अपर मंडल रेल प्रबंधक बीके यादव और कैंट रेलवे स्टेशन निदेशक अर्पित गुप्ता ने शुक्रवार को कैंट रेलवे स्टेशन परिसर में निरीक्षण कर सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान नया टूरिस्ट इनफॉर्मेशन सेंटर बनाए जाने, दोपहिया वाहन पार्किंग की तरफ नया शौचालय बनाने,सर्कुलेटिंग एरिया की जीटी रोड की तरफ जल निकासी के लिए नाली बनाने का निर्णय लिया गया। इसके साथ ही पार्किंग एरिया में कैमरा लगवाए जाने का भी निर्देश अधिकारियों ने दिया है।
प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर बेराजगारी दिवस पर मनाने पर आठ पर केस
राष्ट्रवादी हिंदू शक्ति वाहिनी ने चेतगंज थाने में गुरुवार को सपा महानगर अध्यक्ष विष्णु शर्मा, विकास यादव समेत आठ कार्यकर्ताओं के खिलाफ केस दर्ज कराया। राष्ट्रवादी हिंदू शक्ति वाहिनी के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रदीप कुमार गुप्ता ने पुलिस को बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर सपा नेताओं ने बेरोजगारी दिवस मनाया। असंवैधानिक गतिविधियों को कारित किया। आरोपियों में सपा महानगर अध्यक्ष विष्णु शर्मा, विकास यादव, संदीप यादव, शुभम सेठ गोलू, राजू यादव, भैयालाल यादव समेत अन्य पदाधिकारी है। चेतगंज इंस्पेक्टर दिलीप कुमार मिश्रा ने बताया कि मुकदमा दर्ज किया गया है।
बनारस रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के टाॅयलेट में भ्रूण मिलने से हड़कंप
बनारस रेलवे स्टेशन के प्लेटफाॅर्म नंबर दो पर शुक्रवार शाम को खड़ी बनारस-आरा पैसेंजर के टाॅयलेट में लावारिस हाल में भ्रूण मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पहुंचे आरपीएफ जवानों ने देखा तो लावारिस हाल में भ्रूण पड़ा था। इसकी सूचना रेलवे अस्पताल के चिकित्सकों को दी गई तो मौके पर पहुंची चिकित्सकीय टीम ने प्राथमिक स्तर पर जांच के बाद उसको महिला अस्पताल भेजने का निर्णय लिया।
इसके बाद स्वास्थ्य टीम के साथ आरपीएफ की महिला जवान भ्रूण को लेकर कबीरचौरा महिला अस्पताल पहुंचीं। यहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। बनारस रेलवे स्टेशन के आरपीएफ इंस्पेक्टर राजेश ने बताया कि पैसेंजर ट्रेन के टाॅयलेट में भ्रूण मिलने की सूचना मिलते ही तुरंत जवान को भेजा गया। मामले की नियमानुसार जानकारी जीआरपी को दे दी गई है।
एनपीएस से यूपीएस में 30 तक चुन सकेंगे विकल्प
राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली (एनपीएस) से जुड़े कर्मचारियों को यूनिफाइड पेंशन स्कीम (यूपीएस) में वापस आने के लिए एकमुश्त अवसर दिया गया है। इसके तहत कर्मचारी एनपीएस से यूपीएस में वापस आने का विकल्प 30 सितम्बर तक चुन सकते हैं। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक कुलदीप तिवारी ने सभी पात्र रेल कर्मचारियों से समय सीमा से पहले ही अपना विकल्प चुनने को कहा है।
जो कर्मचारी एनपीएस में बने रहना चाहते हैं, वे इस तिथि ( 30 सितम्बर) के बाद यूपीएस नहीं चुन सकते हैं। उन कर्मचारियों के लिए एकमुश्त, एकतरफा स्विच सुविधा शुरू की गई है, जिन्होंने पहले ही यूपीएस का विकल्प चुना है, जिससे उन्हें निर्दिष्ट शर्तों के तहत राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली (एनपीएस) में वापस लौटने की अनुमति मिलती है। इस बारे में संबंधित कार्यालय से जानकारी ली जा सकती है।
नरमू का रेल प्रबंधक कार्यालय पर प्रदर्शन
वेतन विसंगति सहित कई मांगों को लेकर रेल कर्मचारियों ने शुक्रवार को मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय पर प्रदर्शन किया। आल इंडिया रेलवे मेंस फेडरेशन (नरमू) के आह्वान पर हुए प्रदर्शन में कर्मचारियों ने मांग पूरी न होने के विरोध में नारेबाजी की। इस दौरान कर्मचारियों ने कहा कि 7वें वेतन आयोग के वेतन के अनुसार बोनस भी अब तक नहीं मिला और 8 वें वेतन आयोग के गठन में भी देरी हो रही है। यूपीएस में प्रस्तावित 10 फीसदी कटौती को भी बंद नहीं किया गया। इस दाैरान मथुरा तिवारी, कन्हैया सिंह, राणा राकेश रंजन कुमार, चंद्रशेखर सिंह मौजूद रहे।
संवाद में सीडीओ के सामने प्रधानों ने खोला शिकायतों का पिटारा
मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु नागपाल ने शुक्रवार को ब्लॉक मुख्यालय में प्रधानों के साथ संवाद किया। लेखपालों व ब्लाॅक के क्षेत्रीय कर्मचारियों के साथ बैठक कर गांवों में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान प्रधानों ने शिकायतों का पिटारा खोला। उन्होंने कहा कि पंचायत सचिवालयों पर जन्म-मृत्यु, आय, जाति, निवास प्रमाण पत्र बनवाने में दिक्कत हो रही है।
चांदपुर के प्रधान पति संजय सोनकर ने गांव के निवासी मृतक चुल्ली की तीसरी पीढ़ी तक वरासत नहीं होने की शिकायत पर सीडीओ ने गंभीर रुख अपनाते हुए लेखपाल का वेतन रोकने और कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्देश दिया। जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र का आवेदन लंबित होने के बावजूद जारी करने में लापरवाही पर एडीओ पंचायत कमलेश सिंह को फटकार लगाते हुए खंड विकास अधिकारी व एडीओ पंचायत का संयुक्त खाता खोलने का आदेश दिया।
उन्होंने सभी गांवों में शत-प्रतिशत कूड़ा उठान सुनिश्चित करने के कड़े आदेश दिए। साथ ही स्पष्ट किया कि वाहन चालक को प्रतिमाह 5 हजार रुपये भुगतान का नियम सख्ती से लागू होगा। खेतलपुर के अधूरे दिव्यांग शौचालय और सार्वजनिक शौचालय के केयर टेकर ने मानदेय नहीं मिलने की शिकायत पर सीडीओ नाराज हो गए तथा ग्राम प्रधान को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने जिला पंचायत राज अधिकारी को मौके पर जाकर जांच करने तथा आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
राजनीतिक अतीत को भूले अनिल राजभर
कैबिनेट मंत्री और भाजपा नेता अनिल राजभर के राहुल गांधी और पूरे गांधी परिवार पर किए गए व्यक्तिगत प्रहार ने राजनीतिक माहौल को गरमा दिया है। कांग्रेस ने इसे न केवल लोकतांत्रिक मर्यादा का हनन बताया।
महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने कहा कि सत्ता परिवर्तन के बाद समाजवादी पार्टी का दामन छोड़कर भाजपा में शामिल हुए अनिल राजभर को सत्ता के सुख का इतना मोह है कि वे अपने राजनीतिक अतीत और मर्यादाओं तक को भूल बैठे हैं। यही कारण है कि अब वे भाजपा की खुशामद करने के लिए गांधी परिवार जैसे बलिदानी घराने पर कीचड़ उछालने लगे हैं। तीखे स्वर में कहा कि यह भूलना उनकी राजनीतिक भूल नहीं, बल्कि सोच की गिरावट है। अगर गांधी-नेहरू परिवार के बलिदान न होते, तो अनिल राजभर जैसे नेता सत्ता की गोदी में बैठकर ऐसे बयान देने का साहस भी नहीं जुटा पाते।
नई तकनीक से हृदय रोगियों के उपचार पर मंथन किया जाएगा
आईसीसीकॉन के आयोजन समिति के अध्यक्ष डॉ. केएच श्रीनिवास और आयोजन सचिव डॉ. एनएन खन्ना ने बताया कि 21 सितंबर तक चलने वाले अधिवेशन के अलग-अलग सत्रों में नई तकनीक से हृदय रोगियों के उपचार पर मंथन किया जाएगा। वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ प्रो. सीएन मंजुनाथ ने बढ़ती दिल की बीमारी के कारणों के साथ ही उससे बचाव के अलग-अलग उपायों के बारे में बताया। इस दौरान डॉ. एसएन राउट्री, आईएमएस बीएचयू से प्रो. धर्मेंद्र जैन, डॉ. संजय राय आदि माैजूद रहे। इस दौरान डॉ. एसएन राउट्री, आईएमएस बीएचयू से प्रो. धर्मेंद्र जैन, डॉ. संजय राय आदि माैजूद रहे।
100 क्षय रोगियों को उपमुख्यमंत्री ने बांटी पोषण पोटली
स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान के अंतर्गत इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी उत्तर प्रदेश शाखा की ओर से सर्किट हाउस में जिले के 100 क्षय रोगियों को शुक्रवार को गोद लिया गया। सभी गोद लिए क्षय रोगियों को उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने पोषण पोटली दी। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि यदि टीबी मुक्त भारत के सपने को साकार करना है, तो इसे जन आंदोलन बनाना होगा। उन्होंने इस अभियान में जन प्रतिनिधियों, प्रबुद्ध वर्गों और जिले के लोगों से निक्षय मित्र बनकर टीबी मरीजों की मदद की अपील की।
जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने कहा कि टीबी का इलाज संभव है, यदि सही समय पर इसका उपचार कराया जाए और समय से दवाएं ली जाएं। पोषण का विशेष ध्यान रखा जाए तो क्षय रोगी आसानी से स्वस्थ हो जाते हैं। डीएम ने कहा कि निक्षय मित्र बनकर हम उनके उपचार को पूरा करने के लिए प्रेरित करने तथा उपचार के दौरान आने वाली छोटी मोटी समस्याओं का निदान करा सकते हैं।
इस अवसर पर सीएमओ डॉ. संदीप चौधरी, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजय राय, जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. पीयूष राय और इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी की उत्तर प्रदेश शाखा के कोषाध्यक्ष अरुण कुमार सिंह मौजूद रहे। इससे पहले उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने काशी विश्वनाथ के दर्शन किए।
नमो युवा रन में दौड़ेंगे दस हजार युवा
भारतीय जनता पार्टी गुलाब बाग कार्यालय पर शुक्रवार को महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि की अध्यक्षता में बैठक हुई। उन्होंने सेवा पखवाड़ा के तहत आगामी कार्यक्रमों की विस्तृत चर्चा की। तय हुआ कि 21 सितंबर को शाम 5 बजे नमो युवा रन का आयोजन किया जाएगा।
भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री सुनील बंसल हरी झंडी दिखाकर युवा रन को रवाना करेंगे। नमो रन काशी विद्यापीठ के मैदान से शुरू होकर संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय तक जाएगी। इसमें 10 हजार युवा हिस्सा लेंगे। युवा रन में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को एक लिंक के माध्यम से रजिस्ट्रेशन करना होगा।
सभी मंडल अध्यक्षों को अपने मंडल से कम से कम 1500 लोगों को रजिस्ट्रेशन कराना होगा। इसमें समाज के सभी वर्ग के लोग व्यापारी, इंजीनियर, डॉक्टर, आर्किटेक्ट, वकील, विद्यालय के छात्र, छात्राएं एवं महिलाएं भाग लेंगी। युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री देवेंद्र सिंह पटेल ने कहा कि पीएम के जन्मदिन के अवसर पर पूरे देश में सबसे ज्यादा रक्तदान वाराणसी में हुआ। प्रतिभागी 18 वर्ष से कम आयु का न हो।
229 स्ट्रीट फूड वेंडर्स को बताए सफाई और खानपान परोसने के तौर-तरीके
खाद्य विभाग के प्रशिक्षण अभियान के तहत शुक्रवार को 229 स्ट्रीट फूड वेंडर्स को साफ-सफाई व खानपान परोसने के तौर-तरीके आदि का प्रशिक्षण दिया गया। भारतीय खाद्य संरक्षा एवं मानक प्राधिकरण नई दिल्ली के कार्यपालक निदेशक यूएस ध्यानी की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने पर जोर दिया गया। संयुक्त सचिव ईशा कालिया पीएम स्वनिधि योजना के बारे में बताया। संयुक्त निदेशक अंकलेश्वर मिश्रा, नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने किया।
व्यावसाइयों से मिली मंत्रालय की टीम: शहरी मंत्रालय की पांच सदस्यीय टीम ने पर्यटन स्थल सारनाथ संग्रहालय के पास ठेला व्यवसायियों को स्वनिधि से मिलने वाले लाभ व व्यवस्था का निरीक्षण किया। पीएम कार्यालय शहरी मंत्रालय की सयुक्त सचिव ईशा कालिया के नेतृत्व में टीम ने सग्रहालय पहुंच कर स्वनिधि योजना के तहत मिलने वाले लोन में आ रही परेशानियों के बारे में जाना। उनको डिजिटल माध्यम से लेनदेन का सुझाव दिया। स्वनिधि लोन में आ रही समस्या को दूर करने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिया।
शहर के 30 हजार लोग एक घंटे में लगाएंगे तीन लाख पौधे
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती 2 अक्तूबर को नगर निगम की ओर से एक घंटे में तीन लाख पौधे लगाए जाएंगे। गंगा पार डोमरी सूजाबाद में पौधे लगाए जाएंगे। नगर निगम के अधिकारियों के अनुसार इस वन को तैयार करने में तीन साल का समय लगेगा। मियावाकी तकनीक से ये पौधों का रोपण किया जाएगा। 30 हजार लोग एक घंटे में 10-10 पौधों का रोपण करेंगे।
इस आधार पर 3 लाख पौधे लग जाएंगे। इन पौधों के रोपण की तैयारी तीन दिन पहले से होगी। दो फीट का गड्ढा खोदा जाएगा। हर गड्ढे के पास पहले से पौधे रखे रहेंगे। जो समय तय किया जाएगा। एक व्यक्ति को 10 पौधे लगाने की जिम्मेदारी दी जाएगी। शहर के 30 हजार लोगों को बुलाया जाएगा। इस पौधरोपण में हर प्रकार के पौधे होंगे। फल, फूल और अधिक आक्सीजन देने वाले पौधे लगाए जाएंगे।
कोलकाता तक 23 सितंबर से चलेगी पूजा स्पेशल
त्योहारों को देखते हुए रेलवे की ओर से पूजा विशेष गाड़ी का संचालन 5 नवंबर तक किया जाएगा। इसमें 23 सितंबर से 05047/05048 बनारस-कोलकाता-बनारस साप्ताहिक गाड़ी चलाई जाएगी। 05047 गाड़ी बनारस रेलवे स्टेशन से 23 सितंबर से 4 नवंबर तक हर मंगलवार और 05048 कोलकाता से 24 नवंबर से 5 नवंबर तक हर बुधवार को 7 फेरों के लिए चलेगी। बनारस से मंगलवार को सुबह 10.45 बजे प्रस्थान कर गाड़ी दूसरे दिन 05.25 बजे कोलकाता पहुंचेगी।
278 वर्ग किमी क्षेत्र के 850 गांवों का बनेगा जीआईएस आधारित मास्टर प्लान
वीडीए सीमा के अंतर्गत वाराणसी विकास क्षेत्र का कुल क्षेत्रफल 278 वर्ग किलोमीटर है, जिसमें कुल 850 राजस्व ग्राम शामिल हैं। इन सभी राजस्व गांवों का मास्टर प्लान बनाने के लिए शुक्रवार को वीडीए और साई इंजीनियरिंग प्राइवेट लिमिटेड के बीच एमओयू हुआ।
वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग ने बताया कि विस्तारित क्षेत्र के लिए जीआईएस आधारित मास्टर प्लान तैयार करने के लिए चयनित संस्था इसे आठ माह की अवधि में तैयार करेगी, जिससे विस्तारित क्षेत्र के सुनियोजित विकास को गति मिल सकेगी। उन्होंने बताया कि मास्टर प्लान, विकास को दिशा देने के लिए प्रस्तावित भूमि-उपयोग मानचित्र तैयार करते हुए शहर के विकास के लिए एक दीर्घकालिक दृष्टिकोण प्रदान करता है, जो समय के साथ विकास और परिवर्तन का मार्गदर्शन करता है।