Varanasi News Today: वाराणसी में दो लोगों ने दी जान, अश्लील टिप्पणी का विरोध करने पर हमला; पढ़ें खबरें
Varanasi News: वाराणसी के लोहता और लंका थाना क्षेत्र में क्रमश: युवती-युवक ने अपनी जान दे दी। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। वहीं, चौबेपुर में किशोरी से छेड़छाड़ और अश्लील टिप्पणी का विरोध करने पर मनबढ़ों ने परिजनों की पिटाई कर दी। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
विस्तार
Varanasi News in Hindi: लोहता के हरपालपुर गांव में बीती शाम मधुकुमारी (24) ने मकान के दूसरे तल के कमरे में साड़ी के फंदे से लटक कर जान दे दी। फॉरेंसिक टीम ने छानबीन की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। नगर निगम में सफाई कर्मी मां हीरामनी देवी ने पुलिस को बताया कि वह शाम को चार बजे ड्यूटी से आई और नीचे के कमरे में सो गई।
मधु की नानी शाम 6 बजे चाय लेकर दूसरे मंजिल के कमरे में पहुंची तो मधु को फंदे पर लटका देख चीखने-चिल्लाने लगीं। पूछताछ में हीरामनी ने बताया कि बेटी अपनी भाभी के साथ रोज कोचिंग जाती थी, लेकिन शनिवार को वह नहीं गई। कुछ दिन पहले सगाई हुई थी। थानाध्यक्ष निकिता सिंह ने बताया कि पीएम रिपोर्ट के बाद असली वजह स्पष्ट होगी।
लेन-देन में पिटाई से आहत युवक ने दी जान
लंका थाना क्षेत्र के रमना गांव में नीरज पटेल (18) ने शनिवार सुबह गमछे के सहारे फंद पर लटककर जान दे दी। नीरज के पास से सुसाइड नोट बरामद हुआ। नोट में नीरज ने लिखा कि गांव के विजय यादव ने पैसे के लेनदेन को लेकर 3 दिन पहले बेरहमी से पीटा था। घर से बाहर निकलने पर जान से मारने की धमकी दी थी। फाॅरेंसिक टीम ने छानबीन की और लंका पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
पिता की तहरीर पर लंका पुलिस ने विजय के खिलाफ केस दर्ज किया है। पिता विनोद पटेल ने पुलिस को बताया कि सुबह सब्जी तोड़ने के लिए खेत जाने के लिए कहा गया तो नीरज गया नहीं। उसकी मां व भाई सब्जी तोड़ने गए। छोटा बेटा मनीष जब घर लौटा तो कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर मनीष किसी तरह दाखिल हुआ तो पंखे की कुंडी में गमछे के सहारे नीरज का शव लटका था। लंका इंस्पेक्टर राजकुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
कच्ची शराब के साथ दो गिरफ्तार
पुलिस ने शुक्रवार रात दो अलग-अलग जगहों से कच्ची शराब के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। दोनों के कब्जे से 28 लीटर कच्ची शराब बरामद हुई। थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि करवल बस्ती पानी टंकी के पास से घमहापुर निवासी चंद्रमा राजभर को गिरफ्तार किया गया। खररिया खास गांव के मुसहर बस्ती से आरोपी सविंद्र निवासी इसीपुर को गिरफ्तार किया गया।
महिला पर जानलेवा हमला, बेटे को भी पीटा
बड़ागांव थाना क्षेत्र के रामपुर बसनी में महिला को पड़ोसियों ने पीट दिया। पीड़िता सहदरुन ने शुक्रवार रात थाने में केस दर्ज कराया। सहदरून ने पुलिस को बताया कि रंजिश में मुमताज, शेरू रूबी, फातिमा ने गालीगलौज और मारपीट की। बीचबचाव के दौरान बेटे जुनैद को भी पीटा। थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया। जांच की जा रही है।
खाते से 10 बार में 89 हजार रुपये उड़ाए
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के कछवा बाजार में पैथोलॉजी सेंटर संचालक के बैंक खाते से 10 बार में 89 हजार रुपये ठगों ने साफ कर दिए। पीड़ित ने शुक्रवार रात थाने में केस दर्ज कराया। मिर्जापुर के मझवा गांव निवासी सुरेश विश्वकर्मा ने पुलिस को बताया कि चित्रसेनपुर गांव के यूनियन बैंक ऑफ इंडिया में उनका खाता है। पैसे निकलने पर साइबर क्राइम के नंबर पर सूचना दी। थाना प्रभारी निरीक्षक प्रमोद पांडेय ने बताया कि जांच में सामने आया कि बैंक खाते से छत्तीसगढ़ के जालबाड़ा क्षेत्र के एक अकाउंट में पैसा ट्रांसफर हुआ है, जिसकी जांच की जा रही है। टीम गठित की गई है।
शिकायतकर्ताओं का फीडबैक लें : सीपी
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने शनिवार को राजपत्रित अधिकारियों के साथ कैंप कार्यालय में बैठक की। उन्होंने कहा कि आईजीआरएस प्रार्थना पत्रों के शिकायतों का समाधान करें। शिकायतकर्ताओं से फीडबैक अनिवार्य रूप से लें। राजपत्रित अधिकारियों से कहा कि धोखाधड़ी और जमीन के मामलों में समाधान के लिए विवेचकों को बुलाकर समीक्षा और निस्तारण करेंं।
महिला संबंधी अपराध में उपनिरीक्षक स्तर तक के पुलिस अधिकारियों को संवेदनशील बनाते हुए सैनिटाइजेशन प्रशिक्षण कराया जाए। धर्म परिवर्तन, गुमशुदगी और महिला अपराधों के पंजीकरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। एडीसीपी यातायात को जाम वाले क्षेत्रों में मौजूद रहने को कहा।
किशोरी को पुलिस ने किया बरामद, आरोपी गिरफ्तार
बड़ागांव थाना क्षेत्र से अगवा किशोरी को पुलिस ने शनिवार दोपहर हरहुआ चौराहे के पास से बरामद किया। साथ ही अपहरणकर्ता टिकरी निवासी काजू को गिरफ्तार किया। थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि 12वीं की छात्रा 18 अगस्त को सुबह घर से पढ़ने निकली और लापता हो गई। काफी खोजबीन के बाद पिता ने केस दर्ज कराया।
अश्लील टिप्पणी का विरोध करने पर हमला, 3 घायल
चौबेपुर के सरसौल गांव में किशोरी से छेड़छाड़ और अश्लील टिप्पणी का विरोध करने पर मनबढ़ों ने परिजनों की पिटाई कर दी। पीड़िता की मां की तहरीर पर शनिवार को केस दर्ज किया गया। मां ने पुलिस को बताया कि सोमवार शाम उनकी बेटी घर से बाहर जा रही थी। तभी गांव के युवक ने उसका पीछा किया और अश्लील हरकत की। शिकायत लेकर आरोपी के घर पहुंची तो चार से पांच मनबढ़ों ने परिजनों पर हमला कर दिया। प्रभारी निरीक्षक अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि मुकदमा दर्ज किया गया है।
जुआ खेलते चार गिरफ्तार, 11 दोपहिया वाहन सीज
बड़ागांव थाना क्षेत्र खरावन गौशाला के पास शनिवार शाम 5 बजे पुलिस ने छापा मारकर जुआ खेलते चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। मौके से 11 दोपहिया वाहन को सीज किया गया। थाना प्रभारी अतुल सिंह ने बताया कि आरोपियों में गणेश यादव , संजय चौहान निवासी खरावन और लखनसीपुर निवासी चंद्र देव व बच्चा लाल हैं। कुछ युवक भाग निकले। जिनके दो पहिया वाहनों को जब्त किया गया। फड़ से 2750 रुपये नकद और ताश की गड्डी बरामद हुई है।
किशोरी को अगवा करने का आरोपी गिरफ्तार
चौक थाने की पुलिस ने भुलेटन से किशोरी को अगवा करने के आरोपी को शुक्रवार देर रात मैदागिन से गिरफ्तार किया। किशोरी को अश्लील वीडियो और फोटो दिखाकर ब्लैकमेल करता था। किशोरी के पिता ने बताया कि आरोपी दुकान पर कर्मचारी बनकर आया और ट्रेडिंग के नाम पर 65 लाख रुपये का कर्ज भी मार्केट से उठा लिया। आरोपी ऋषिकेश सालुखे महाराष्ट्र के सांगली का रहने वाला है। भाई शुभम व पिता सतीश फोन पर धमकी देते हैं। चौक इंस्पेक्टर विमल कुमार मिश्रा ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।
मिर्जामुराद में किशोरी का अपहरण, मुकदमा दर्ज
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र से बृहस्पतिवार को लापता किशोरी के मामले में शनिवार को अपहरण का मुकदमा दर्ज किया गया। परिजनों ने बताया कि किशोरी पुराने घर जाने की बात कहकर निकली थी, लेकिन नहीं लौटी। पिता ने शनिवार शाम मिर्जामुराद थाने में बड़ौरा बाजार निवासी किशन सरोज पर आरोप लगाया कि उसने पुत्री को भगाया है। थाना प्रभारी प्रमोद पांडेय ने बताया कि केस दर्ज कर जांच की जा रही है।
गेट के निर्माण में बाधक खंभे और तार हटाए जाएंगे
कैंट रेलवे स्टेशन के सेकंड एंट्री गेट के निर्माण में बाधक खंभे और तार हटाए जाएंगे। बिजली निगम की ओर जल्द ही इसपर काम शुरू हो जाएगा। शनिवार को कैंट रेलवे स्टेशन के निदेशक अर्पित गुप्ता ने पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम के प्रबंध निदेशक शंभू कुमार से मिल इसकी जानकारी दी। इसपर उन्होंने जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया है। बिजली निगम के प्रबंध निदेशक कार्यालय में उत्तर रेलवे और बिजली निगम के अधिकारियों बैठक की।
स्टेशन निदेशक ने बताया कि शिवपुर रेलवे स्टेशन के दूसरी छोर में 11 केवी सप्लाई के पोल को शिफ्ट करने की जरूरत है। वाराणसी स्टेशन के दूसरे प्रवेश द्वार पर मुख्य द्वार बनाने के लिए बिजली के खंभे और तार को शिफ्ट करने, गेट नंबर 5 पावर हाउस के बिल में ग्रीन एनर्जी चार्ज हटाने की दिशा में कार्रवाई चल रही है। कई सारे फाटक के बिजली कनेक्शन के पेमेंट के बाद भी कनेक्शन मिलने में देरी हो रही है। स्टेशन निदेशक ने बताया कि प्रबंध निदेशक ने समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया है। इस दौरान राकेश पांडेय, संकल्प उपाध्याय, राजीत राम मौजूद रहे।
बाइक सवार तीन बदमाशों ने ऑटो सवार दंपती से छीना बैग
लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र के हुकुलगंज मस्जिद के पास शुक्रवार रात ऑटो सवार दंपती का बैग छीनकर बाइक सवार बदमाश भाग निकले। बैग में 67 हजार रुपये और दस्तावेज रहे। पीड़ित ने थाने में केस दर्ज कराया।
पुलिस आसपास के सीसी कैमरे खंगाल रही है। जौनपुर के चंदवक थाना क्षत्र के हटावा निवासी पीड़ित जवाहर पांडेय ने पुलिस को बताया कि मुंबई से वह अपनी पत्नी चंपा के साथ ट्रेन से रात डेढ़ बजे कैंट स्टेशन पहुंचे। जौनपुर के लिए परिचित टीसौरा चोलापुर निवासी रणजीत शर्मा के ऑटो को स्टेशन बुलाया। ऑटो में सवार होकर हुकुलगंज मस्जिद से पहले बाइक सवार तीन युवक पहुंचे और पत्नी का पर्स छीनकर पांडेयपुर की तरफ भाग निकले। कुछ दूर पीछा भी किया, लेकिन बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले।
पर्स में 67 हजार रुपये के अलावा आधार, वोटर, पैनकार्ड अन्य कागजात रहे। लालपुर-पांडेयपुर इंस्पेक्टर राजीव कुमार सिंह ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। सीसी कैमरे में फिलहाल कोई दिख नहीं रहा है।
पातालपुरी हनुमान जी का हुआ शृंगार
अनंत चतुर्दशी पर कबीरचौरा-जालपा देवी रोड मार्ग स्थित श्री पातालपुरी संकट हरण हनुमान जी का शृंगार हुआ। अखंड रामायण का पाठ की पूर्णाहुति हुई। मंदिर को आकर्षक फूल-मालाओं एवं विद्युत झालर से सजावट की गई। डमरूओं के साथ भव्य आरती हुई। भंडारे में भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया। पूजन में बबलू यादव, दीनानाथ यादव, विनोद यादव, यस, प्रिंस, सुनील, पुष्कर, नीरज गुप्त आदि रहे। संवाद
कार्यशाला में डॉ. विजय कपूर ने दिया प्रशिक्षण
कला सृष्टि की ओर से अस्सी स्थित राणाजी मूवमेंट सभागार में आयोजित 15 दिवसीय पारंपरिक विवाह गीत कार्यशाला में गायन का प्रशिक्षण दिया गया। शनिवार को डॉ. विजय कपूर ने विवाह गीतों के प्रशिक्षण की शुरुआत की। तबले पर पंकज राय और ढोलक पर ऋतिक शुक्ला सहयोग दे रहे थे। कार्यशाला का उद्देश्य पारंपरिक विवाह गीतों का प्रशिक्षण देकर प्रतिभागियों को तैयार कर मंचप्रदर्शन के योग्य बनाना है। भावी पीढ़ी प्रशिक्षित होकर भारतीय संस्कृति को निरंतर समृद्ध कर सकेगी।
संकटमोचन को लगाया खिचड़ी का भोग
संकल्प संस्था से संचालित संकल्प अन्न क्षेत्र की ओर से शनिवार को चौक स्थित संकटमोचन हनुमान जी का शृंगार किया। खिचड़ी आदि पकवानों का भोग लगा। श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन करने आए भक्तों और राहगीरों में प्रसाद का वितरण हुआ। सहयोग में अनिल कुमार जैन, विनोद जैन, अमिता जैन, अनुज केशरी, मृदुला अग्रवाल, गिरधर दास अग्रवाल, संतोष अग्रवाल, राजेंद्र अग्रवाल आदि रहे।
गाजेबाजे संग निकली बप्पा की शोभायात्रा
श्रीगणेशोत्सव के समापन के साथ ही वृहन महाराष्ट्र मंडल के शताब्दी वर्ष और श्री गणेशोत्सव सेवा समिति के रजत जयंती वर्ष पर शनिवार को दशाश्वमेध स्थित राधाकृष्ण मंदिर के पास उत्सव स्थल पर भगवान गणेश का पूजन हुआ। परंपरागत वेशभूषा में सुसज्जित भक्तों ने गणेश जी की गाजेबाजे के साथ शोभायात्रा निकाली। जो विभिन्न मार्गों से होकर लक्ष्मीकुंड पहुंची। यहां पूजन क साथ प्रतिमा का विसर्जन किया। संचालन षडानन पाठक और धन्यवाद ज्ञापन रूपेश कस्तुरे ने किया।
मिर्जापुर कइला गुलजार हो...
छावनी परिषद एवं दीपिका कल्चरल सोसाइटी ऑफ इंडिया की ओर से आयोजित वरुणा संध्या में बांसुरी वादक पं. सुनील प्रसन्ना ने प्रस्तुति दी। पं. प्रसन्ना ने अपने पांच शिष्यों के साथ पहली प्रस्तुति राग यमन में झूला झूलावे ए सखी तोरी ओर... से शुरुआत की। इसके बाद पहाड़ी धुन जाओ करो ना मोसे रार...के बाद समापन मिर्जापुरी कजरी मिर्जापुर कइला गुलजार हो कचौड़ी गली सून कइला बलमू... की धुन से किया। प्रमाण पत्र अध्यक्ष अजय गुप्ता ने दिया। संचालन तनुज वर्मा एवं धन्यवाद ज्ञापन परिषद के अभियंता सचिन कुमार श्रीवास्तव ने दिया।
पं . माता प्रसाद मिश्र का हुआ अभिनंदन
पं. राम सहाय फाउंडेशन की ओर से गुरु अभिनंदन समाराेह का आयोजन शनिवार को रामकटोरा में हुआ। बनारस घराने के वरिष्ठ कथक कलाकार गुरु पं. माता प्रसाद मिश्र का अभिनंदन तबला वादक पं. कामेश्वरनाथ, पं. पूरन महाराज तथा सरोद वादक पं. विकास महाराज ने किया। स्वागत रोहित मिश्रा और संचालन डॉ. प्रीतेश आचार्य ने किया।
स्वामी अभिनव सच्चिदानंद को दी गई समाधि
श्रीश्री भोला गिरि आश्रम गौरीगंज के अध्यक्ष महामंडलेश्वर स्वामी अभिनव सच्चिदानंद महाराज (98) का बीती रात निधन हो गया। शनिवार को केदारघाट पर उनको समाधि दी गई। गौरीगंज से निकली अंतिम यात्रा में महामंडलेश्वर, मंडलेश्वर, श्रीमहंत और महंत शामिल हुए। हर-हर महादेव का जयघोष करते हुए संन्यासियों की टोली केदारघाट पहुंची। अंतिम यात्रा में अन्नपूर्णा मंदिर के महंत शंकर पुरी, महामंडलेश्वर आशुतोषानंद महाराज, महामंडलेश्वर स्वामी प्रणव चैतन्य पुरी महाराज, मधुसूदानंद गिरि, सोमेश्वरानंद गिरि, स्वामी ब्रह्मानंद सहित कई मठ, मंदिर और आश्रमों के साधु-संन्यासी शामिल हुए।
बाबा लाटभैरव के दरबार में छाई मेहंदी की लाली
बाबा लाटभैरव के दरबार में शनिवार को मेहंदी की लाली छाई रही। विवाह के पूर्व होने वाली रस्म के तहत लाट भैरव मंदिर में मेहंदी की रस्म निभाई गई। हरे रंग के पारंपरिक परिधान में उपस्थित क्षेत्रीय महिलाओं व युवतियों ने माता भैरवी को मेहंदी लगाई। श्री विग्रह के सम्मुख अति प्राचीन भैरवी कूप को मां भैरवी के रूप में पूजित माना गया है।
बाबा कपाल भैरव के मंदिर में मंगलगीतों का क्रम शनिवार को भी जारी रहा। आरती के बाद भैरवाष्टकं व स्तुतिगान के साथ कार्यक्रम को विराम दिया गया। तेलियाना स्थित श्री सेवाती डीह बाबा, गुम्बट बीर बाबा मंदिर में विशेष शृंगार किया गया। श्री कपाल भैरव अथवा लाट भैरव प्रबंधक समिति के मीडिया प्रभारी शिवम अग्रहरि ने बताया कि बरात की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इस दौरान माला, आशा गुप्ता, पूनम सिंह, नीना सिंह, शिखा सिंह, नंदिता, रोली त्रिपाठी रहीं।
श्रीनाथ त्रिपाठी का निष्कासन वापस होने पर हर्ष
बार काउंसिल ऑफ इंडिया के सदस्य व फौजदारी के वरिष्ठ अधिवक्ता श्रीनाथ त्रिपाठी का निष्कासन बीसीआई द्वारा वापस लेने पर अधिवक्ताओं में हर्ष है। शनिवार को दीवानी न्यायालय परिसर में अधिवक्ताओं ने श्रीनाथ त्रिपाठी को बधाई दी। वरिष्ठ अधिवक्ता श्रीनाथ त्रिपाठी ने कहा कि सभी के सहयोग से ही विजय मिली है।
लालपुर-चौबेपुर के युवकों ने सपा प्रमुख पर की टिप्पणी
सपा के एक प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को अपर पुलिस आयुक्त राजेश कुमार सिंह से मुलाकात की। सोशल मीडिया पर सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर की गई अभद्र टिप्पणी के संबंध में शिकायत कर कानूनी कार्रवाई की मांग की।
जिलाध्यक्ष सुजीत यादव लक्कड़ और एमएलसी आशुतोष सिन्हा ने बताया कि चौबेपुर और लालपुर थाना क्षेत्र के दो युवकों ने अभद्र टिप्पणी की है। कार्यकर्ताओं में काफी रोष है। पुलिस प्रशासन की ओर से कानूनी कार्रवाई नहीं की जाती है तो आंदोलन कहा जाएगा। इस दौरान जिला प्रवक्ता संतोष यादव बबलू एडवोकेट, अखिलेश यादव, धर्मेंद्र यादव, लवकुश मौजूद रहे।
घाटों की सफाई तेजी से करें, चलाएं अभियान
नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने शनिवार को रविदास घाट, अस्सी घाट, तुलसी घाट का निरीक्षण किया। बाढ़ के बाद जमा सिल्ट की सफाई को लेकर अफसरों को तेज काम कराने के निर्देश दिए। मुख्य अभियंता को पूरी तैयारी करने के निर्देश दिए। नगर आयुक्त ने वरुणा पुल का भी निरीक्षण किया। तत्काल सुंदरीकरण के निर्देश दिए।
इसके बाद एयरपोर्ट से हरहुआ होते हुए तरना से शिवपुर संत अतुलानंद होते हुए गिलट बाजार से सर्किट हाउस सर्किट हाउस से गोलघर कचहरी का निरीक्षण किया। मकबूल आलम रोड, चौकाघाट होते हुए लहरतारा फुलवरिया मार्ग होते हुए ककरमत्ता, मंडुवाडीह सुंदरपुर नरिया, बीएचयू से रविदास घाट सहित शहर के प्रमुख सभी मार्गों के साफ सफाई, मार्ग प्रकाश, हॉर्टिकल्चर, आकर्षक गमलों से सजावट, मार्ग मरम्मत, पाथवे के इंटर लॉकिंग के कार्यों के निर्देश दिए।
दिसंबर तक बनेगा नेशनल एजिंग सेंटर
आईएमएस बीएचयू के तहत बीएचयू अस्पताल में नेशनल एजिंग सेंटर का काम इस साल दिसंबर तक पूरा हो जाएगा। इसके बाद दूर दराज से आने वाले मरीजों, बुजुर्गों को जांच और इलाज में सहूलियत होगी। बीएचयू अस्पताल के सुपरस्पेशियलिटी ब्लॉक के पास बनने वाले 200 बेड के नेशनल सेंटर ऑफ एजिंग के बिल्डिंग का 65 फीसदी काम पूरा हो चुका है।
इस बीच कुलपति प्रो. अजीत कुमार चतुर्वेदी के निर्देशन में पार्किंग के लिए जगह, डॉक्टर, पैरामेडिकल स्टाफ की तैनाती की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसके लिए सेंटर के नोडल अधिकारी प्रो.अनूप सिंह ने कुलपति का आभार जताया है। बताया कि मुख्यमंत्री योगी ने मई 2025 में सेंटर का निरीक्षण कर जायजा लिया था। सेंटर में फ्रेलिटी, सार्कोपीनिया, डिमेंशिया, ऑस्टियोपोरोसिस, आर्थराइटिस, हृदय रोग और मल्टीमॉर्बिडिटी का इलाज होगा।
सितंबर में पहली बार अधिकतम तापमान 36.6 डिग्री सेल्सियस
सितंबर के छह दिन में पहली बार शनिवार को बनारस का अधिकतम तापमान 36.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से 3.6 डिग्री ज्यादा है। न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहा। यह तापमान भी सामान्य से 1.3 डिग्री ज्यादा है।
शनिवार की सुबह सात बजे से ही तीखी धूप हुई। इस वजह से उमस महसूस की गई। पूरब की तरफ से 20 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गर्म हवाएं चलीं। मौसम विभाग के अनुसार बनारस में अगले 5-6 दिनों तक बारिश के अलर्ट नहीं हैं।
लखनऊ स्थित यूपी आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. अतुल कुमार सिंह ने बताया कि अब राजस्थान और गुजरात में मानसूनी बारिश हो रही है। ये हो सकता है कि बनारस और आसपास कहीं-कहीं लोकल इफेक्ट की वजह से बारिश हो जाए, मगर अच्छी बारिश की उम्मीद फिलहाल इस पूरे सप्ताह नहीं है।
नॉन-नेट फेलोशिप की राशि बढ़ाने की मांग
संवाद में छात्रों ने भी कई सवाल पूछे। छात्रों ने नॉन-नेट फेलोशिप की राशि 8000 से बढ़ाने, छात्रावास सुविधाओं के विस्तार, शोध सॉफ्टवेयर की उपलब्धता, और ओपन एक्सेस में शोध प्रकाशित करने के लिए वित्तीय सहायता मांगी। इस पर कुलपति ने कहा कि नॉन-नेट फेलोशिप राशि में वृद्धि का विषय विश्वविद्यालय के दायरे से बाहर है, फिर भी इसे उचित मंच तक पहुंचाया जाएगा।
उन्होंने शोधार्थियों की सॉफ्टवेयर उपलब्ध कराने की मांग से सहमति जताई और कहा कि इसे संबंधित संकायों के साथ मिलकर देखा जाएगा और विश्वविद्यालय इस पर सकारात्मक रूप से विचार करेगा। रेक्टर प्रो. संजय कुमार ने कहा कि पीएचडी छात्रों ने बीएचयू को वैश्विक स्तर पर ऊंचा उठाया है। रजिस्ट्रार प्रो. अरुण कुमार सिंह ने स्वागत भाषण दिया। छात्र अधिष्ठाता प्रो. अनुपम कुमार नेमा ने धन्यवाद ज्ञापन दिया।
तीसरी बार डूबा सुबह ए बनारस का मंच जल पुलिस चौकी में भी घुसा बाढ़ का पानी
इस सीजन में तीसरी बार गंगा का जलस्तर बढ़ा है। एक बार फिर दशाश्वमेध घाट स्थित जल पुलिस चौकी में बाढ़ का पानी घुस गया है। इसी तरह अस्सी घाट का सुबह ए बनारस मंच डूब गया। जलस्तर में हर घंटे तीन सेंटीमीटर की बढ़ोतरी हो रही है।
गंगा का जलस्तर चेतावनी बिंदु से एक मीटर नीचे बह रहा है। केंद्रीय जल आयोग की ओर से शनिवार की देर शाम जारी बाढ़ बुलेटिन के अनुसार सुबह आठ बजे गंगा का जलस्तर 68.90 मीटर था। हर घंटे दो सेंटीमीटर की रफ्तार से जलस्तर बढ़ रहा था। दोपहर दो बजे से जलस्तर बढ़ने की रफ्तार तीन सेंटीमीटर प्रतिघंटा हो गई। इस वजह से रात आठ बजे जलस्तर 69.21 मीटर पहुंच गया। इससे गंगा के निचले इलाकों में बाढ़ का पानी घुसने लगा। कुछ लोगों को अपना घर तक छोड़ना पड़ा है। अस्सी घाट की सड़क पर गंगा का पानी पहुंच चुका है। सभी 84 घाट की सीढि़यां पहले से पानी में डूबी हैं।
अगले 3 महीने में बीएचयू कराएगा 20 बड़े इवेंट्स
बीएचयू ने आठ सितंबर से लेकर मार्च 2026 तक के 24 राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रमों, सेमिनार और कार्यशालाओं की सूची जारी कर दी गई है। सितंबर में कुल पांच कार्यक्रम होंगे। वहीं अक्तूबर में सात, नवंबर में आठ, दिसंबर में दो, जनवरी में एक, फरवरी में छह और मार्च में एक बड़े कार्यक्रम की सूची जारी की गई है।
हालिया आठ से 13 सितंबर तक शल्य तंत्र पर कार्यक्रम होगा। 11 से 13 सितंबर तक स्वास्थ्य और खेल विषय पर कार्यशाला, 18 से 19 सितंबर तक जेंडर स्पेशिफिक पर राष्ट्रीय सेमिनार और 20 से 21 तक एनर्जी कॉन्क्लेव होगा। ये सारे कार्यक्रम बीएचयू में ही अलग-अलग जगहों पर आयोजित किए जाएंगे।
बीएचयू के कुलसचिव कार्यालय की ओर से सूचना जारी कर बताया गया है कि मार्च 2026 तक दी गई तिथियों पर कोई कार्यक्रम न रखे जाए, नहीं तो हॉल और वाहन बुकिंग संबंधित कई समस्याएं हो सकती हैं।
बीएचयू में 3 दिन की स्टोरी टेलिंग कार्यशाला
बीएचयू में तीन दिन की रचनात्मक स्टोरी-टेलिंग कार्यशाला का उद्घाटन किया गया। शनिवार को दृश्य कला संकाय के व्यावहारिक कला विभाग में बीएचयू के पूर्व छात्र नितिन के. मिश्रा आए और कैंपस से जुड़ी यादों को साझा किया। नितिन मिश्रा ने छात्रों को कहानी कहने की कई तकनीक के बारे में बताया। मानसिक अध्ययन, टैरो कार्ड और मार्शल आर्ट में अपनी व्यक्तिगत रुचियों को बताया। कहा कि अनुभवों की एक विस्तृत श्रृंखला कलाकार के दृष्टिकोण को समृद्ध कर सकती है। कार्यशाला में डीन प्रो. उत्तमा दीक्षित और प्रो. मनीष अरोड़ा आदि मौजूद थे।
डॉ. राजीव कुमार दूबे को मिला राष्ट्रीय पुरस्कार
आईएमएस बीएचयू के एनेस्थिसियोलॉजी और क्रिटिकल केयर मेडिसिन के प्रो. राजीव कुमार दुबे को डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन स्मृति राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। शिक्षक दिवस के मौके पर नई दिल्ली स्थित कॉन्स्टीट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया में आयोजित एक समारोह में दिल्ली विधानसभा उपाध्यक्ष मोहन बिष्ट ने उन्हें ये सम्मान दिया। डॉ. दुबे को यह पुरस्कार चिकित्सा शिक्षा के प्रति उनके अनुकरणीय समर्पण, अग्रणी स्वास्थ्य सेवा और मानसिक स्वास्थ्य के क्षेत्र में बेहतर योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
प्रो. आरपी मौर्य को मिला द्रोणाचार्य अवाॅर्ड
आईएमएस बीएचयू के क्षेत्रीय नेत्र संस्थान के विभागाध्यक्ष प्रो. आरपी मौर्य को द्रोणाचार्य पुरस्कार से नवाजा गया है। नई दिल्ली के इंडिया हैबिटेट सेंटर में यंग ऑप्थल्मोलॉजिस्ट सोसाइटी ऑफ इंडिया (योसी) के दूसरे अंतरराष्ट्रीय वार्षिक सम्मेलन में डाॅ. मौर्य को ये सम्मान उनकी दूरदर्शिता और छात्रों को मार्गदर्शन देने के लिए दिया गया। सम्मान पाकर प्रो. आरपी मौर्य ने बताया कि इस तरह के पुरस्कार से मरीजों की सेवा के प्रति समर्पित भाव से आगे बढ़ते रहने की प्रेरणा मिलती है और दूसरे भी इससे प्रेरित होते हैं।
बीएचयू कर्मचारियों में विकसित करेगा राष्ट्रीय भावना
बीएचयू में शनिवार को केसकेडिंग ट्रेनिंग (शृंखलाबद्ध प्रशिक्षण) की शुरुआत की गई। इसके तहत केंद्रीय सरकारी कर्मचारियों में सेवा-भावना को गहराई से विकसित किया जाएगा। यह कार्यक्रम प्रशासन को नियम-आधारित से भूमिका-आधारित और नागरिक-केंद्रित बनाते हुए कर्मचारियों के दृष्टिकोण, कौशल और ज्ञान को बेहतर करेगा।
यूजीसी ने इसके लिए बीएचयू के संकायों से कुल 51 मास्टर ट्रेनर्स को प्रशिक्षित कर तैयार किया है। अब 30–35 प्रतिभागियों के बैच में ट्रेनिंग कराए जाएंगे। इन्हें दो मास्टर ट्रेनर्स सह-प्रशिक्षक के रूप में संयुक्त रूप से संचालित करेंगे। 8 सितंबर को विधि संकाय, 9 को महिला महाविद्यालय और 10 सितंबर को कला संकाय में आईजी ओटी डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म पर ट्रेनिंग दी जाएगी।
10 को ब्रेकिंग द साइलेंस पर कार्यशाला
बीएचयू में 10 सितंबर को ब्रेकिंग द साइलेंस की थीम पर कार्यशाला होगी। इसमें आत्महत्या से बचाने के लिए कैंपस के प्रयासों पर छात्र-छात्राओं को ट्रेनिंग दी जाएगी। यह कार्यक्रम दोपहर दो बजे से पांच बजे तक स्टूडेंट वेलफेयर सिस्टम बिल्डिंग के सेमिनार हॉल में होगा। इसका आयोजन स्टूडेंट वेलबीइंग सेल की ओर से कराया जा रहा है। इसमें बीएचयू के साथ ही संबद्ध महाविद्यालयों के छात्र-छात्राएं भी कार्यशाला में हिस्सेदारी कर सकते हैं।
सामाजिक विज्ञान में नैतिकता बहुत जरूरी
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ समाजशास्त्र विभाग में शनिवार को रिसर्च पब्लिकेशंस एथिक्स इन सोशल साइंसेज विषय पर आयोजित व्याख्यान में वक्ताओं ने शोध की प्रविधि पर चर्चा की। मुख्य वक्ता बाबा साहब भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय लखनऊ के स्कूल ऑफ सोशल साइंसेज के डीन प्रो. मनीष कुमार वर्मा ने शोध और प्रकाशन से संबंधित नैतिकता पर बताया कि सामाजिक विज्ञान में इसका अनुपालन बहुत जरूरी है। प्रो. कृष्ण कुमार ने समाज विज्ञानों मे शोध प्रविधि के प्रयोग मे उचित न्यायदर्श प्रणाली को अपनाते हुए शोध को पूर्ण करना चाहिए।