फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Varanasi News today Two juvenile offenders were caught in case of obscene act and firing

News: आठ साल की बच्ची से की अश्लील हरकत, फायरिंग मामले में दो बाल अपचारी पकड़े गए; पढ़ें वाराणसी की खबरें

Sat, 19 Jul 2025 05:40 AM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: अमन विश्वकर्मा Updated Sat, 19 Jul 2025 05:40 AM IST
सार

Varanasi News Today: वाराणसी के लक्सा थाना क्षेत्र में आठ साल की एक बच्ची से अश्लील हरकत करने के आरोप में आरोपी को अरेस्ट कर लिया है। वहीं, चार दिन पूर्व फायरिंग मामले में पुलिस ने शुक्रवार को दो बाल अपचारी को कटौना मोड़ से पकड़ा। आइए जानते हैं अन्य खबरें...

विज्ञापन
Varanasi News today Two juvenile offenders were caught in case of obscene act and firing
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

Varanasi News in Hindi: लक्सा थाना क्षेत्र में गुरुवार की रात आठ साल की बच्ची के साथ अश्लील हरकत करने के आरोपी मुस्तफा को लक्सा पुलिस ने गिरफ्तार किया। पीड़ित मां की तहरीर के आधार पर पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। दुकान के सीसीटीवी फुटेज में बच्ची से गलत हरकत करते हुए आरोपी कैद हुआ है।

विज्ञापन


लक्सा थाना प्रभारी दयाराम ने बताया कि दशाश्वमेध थाना क्षेत्र की रहने वाली महिला लक्सा थाना क्षेत्र के एक प्रतिष्ठान में काम करती है। रात आठ बजे बेटी भी मां के साथ प्रतिष्ठान पर थी। इस बीच बेटी पास के ही एक साड़ी की दुकान पर पहुंच गई।
विज्ञापन


आरोप है कि दुकान में काम करने वाला भेलूपुर के मदनपुरा निवासी मुस्तफा ने बेटी के साथ अश्लील हरकत की। डरी सहमी बेटी ने मां से पूरी बात बताई। मां दुकान पर पहुंची और सीसी कैमरा चेक कराया तो मुस्तफा की हरकत सामने आई। पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपी मुस्तफा को गिरफ्तार किया गया। 

विज्ञापन
विज्ञापन

मुर्गा नहीं देने पर मनबढ़ों ने दुकानदार को पीटा, एक युवक हिरासत में
सारनाथ थाना क्षेत्र के नई बाजार में जबरन मुर्गा मांगने को लेकर मनबढ़ों ने शुक्रवार की रात दुकानदार नत्थू की पिटाई कर दी। 10 से 12 की संख्या में पहुंचे मनबढ़ों ने लाठी डंडे से तीन अन्य युवकों को भी वार कर लहूलुहान कर दिया। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मौके से एक युवक को हिरासत में लिया है।

पतेरवा निवासी नत्थू ने पुलिस को बताया कि उसकी नई बाजार में मीट मुर्गा की दुकान है। रात में भैसौड़ी गांव का युवक पहुंचा और मुर्गा की मांग की। इस दौरान दुकान बंद होने के हवाला दिया तो युवक को नागवार गुजरा। वह अपने 10 से 12 साथियों के संग पहुंचा और लाठी डंडे से पिटाई की। 

मौके पर विकास, रामजनम, बबलू ने बीच बचाव किया तो हमलावरों ने उन्हें भी मारा पीटा। थाना प्रभारी विवेक त्रिपाठी ने बताया कि घायलों का शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार कराया जा रहा है। घटनास्थल से एक युवक को हिरासत में लिया है। तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया जाएगा।

सैलून में शराब पीने को मना करने पर व्यक्ति की पिटाई
सारनाथ के सारंगतालाब स्थित सैलून में शराब पीने से टोकने पर नशे में धुत युवकों ने शुक्रवार की रात एक युवक की पिटाई कर दी। कुंती विहार कालोनी के रविन्द्र सिंह ने पुलिस को बताया कि वह रात में दाढ़ी बनवाने सैलून में गए थे, जहां कुछ युवक शराब का सेवन कर रहे थे। इस दौरान विरोध किया तो सभी ने हमला कर दिया। थाना प्रभारी विवेक त्रिपाठी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच कराई जा रही है।

लंका में अतिक्रमण पर 12 लोगों के खिलाफ केस दर्ज
लंका गेट से नरिया तिराहे तक सड़क पर अतिक्रमण करने वाले 12 लोगों के खिलाफ शुक्रवार को लंका थाने में केस दर्ज किया गया। कुल 22 ठेले खोमचे नगर निगम के सचल दल ने जब्त किए। 50 से अधिक व्यक्तियों का 34 पुलिस एक्ट के तहत चालान और 100 से अधिक व्यक्तियों को कड़ी हिदायत दी गई। 

लंका इंस्पेक्टर राजकुमार के मुताबिक सड़क पर ठेला, खोमचा और स्टाल लगाकर पटरी पर अतिक्रमण करने वालों को बार-बार चेतावनी दी गई। इस दौरान 12 लोगों के खिलाफ अतिक्रमण पर केस दर्ज किया गया। रविदास गेट से नरिया तिराहे तक सार्वजनिक मार्गों से अतिक्रमण को हटवाया गया गया। नगर निगम के सचल दल की मदद से अतिक्रमित मार्गों पर लगाए गए ठेले खोमचे और गुमटी को हटवाते हुए जब्त किया गया। 

फायरिंग मामले में दो बाल अपचारी पकड़े गए, अवैध पिस्टल बरामद
सिंधौरा के राजपुर गांव में चार दिन पूर्व फायरिंग मामले में पुलिस ने शुक्रवार को दो बाल अपचारी को कटौना मोड़ से पकड़ा। दोनों के कब्जे से .32 बोर की पिस्टल और एक कारतूस बरामद हुआ। राजपुर गांव के रहने वाले पीड़ित सुनील कुमार पांडेय ने केस दर्ज कराया कि 14 जुलाई की रात आपसी विवाद में मां, बहन और पत्नी के साथ आरोपियों ने मारपीट की और अवैध असलहे से जान से मारने की नीयत से फायरिंग की। प्रभारी निरीक्षक ज्ञानेंद्र त्रिपाठी ने बताया कि बाल अपचार को पकड़ा गया है। अन्य की भी तलाश में दबिश दी जा रही है।

कंटेनर को 35 पशु बरामद, चार तस्कर गिरफ्तार
राजातालाब पुलिस ने गुरुवार की रात लगभग 1.30 बजे एक कंटेनर को 35 पशुओं को बरामद कर चार तस्करों को गिरफ्तार किया। कंटेनर में 21 भैंसों की मौत हो गई, जबकि 14 जिंदा मिलीं। राजातालाब थाना अध्यक्ष राजू कुमार ने बताया कि 35 पशु थे। इसमें 21 की मौत हो गई थी। तस्कर अमरोहा के अनवर अली, संभल के साहिद, मेरठ के अफजल और बागपत के रिजवान को गिरफ्तार किया गया है। पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर ट्रक को सीज कर दिया है।

भटकी नाबालिग बच्चियों को पुलिस ने पिता को सौंपा
पिंडरा बाजार में भटक रही दो नाबालिग बच्चियों को शुक्रवार को परिजनों को सौंपा गया। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि बाजार में भटक रही नाबालिग बहनों को थाने पर लाया गया था। पूछताछ के दौरान लड़कियों ने परिजनों का पता बताया। खोजकर परिजनों को सौंपा गया।

पुरानी रंजिश में दो पक्षों में मारपीट, मुकदमा दर्ज
जंसा थाना क्षेत्र के खेमापुर गांव निवासी संदीप की तहरीर पर दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। संदीप शर्मा ने तहरीर में बताया कि गांव के ही अजय शर्मा और वीरू शर्मा ने रंजिश में गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध किया तो दोनों ने उनकी पिटाई की। थाना प्रभारी जंसा अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। 

पुलिस लाइन के डाककर्मी को स्कार्पियो सवारों ने पीटा, केस दर्ज
कैंट थाना क्षेत्र के विराट नगर काॅलोनी के पास गुरुवार को स्कार्पियो सवारों ने रिजर्व पुलिस लाइन में तैनात डाक कर्मी की पिटाई कर दी। आरोपियों चंचल, राजेश, आयुष, शाहिल, अश्वनी, दिनेश व रिशु के खिलाफ कैंट थाने में केस दर्ज किया गया। घायल कर्मी निरंजन कुमार ने पुलिस को बताया कि वह अपर पुलिस आयुक्त के कार्यालय में डाक देने जा रहा था। 

विराट नगर के रास्ते में पहुंचने पर स्कार्पियो में सवार चालक ने वाहन में टक्कर मार दी। विरोध करने पर स्कार्पियो सवार चंचल, राजेश, आयुष, शाहिल, अश्वनी, दिनेश व रिशु ने पिटाई की। आवास पर भी आरोपियों ने धमकी दी। कैंट इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि मुकदमा दर्ज करते हुए आरोपियों की तलाश की जा रही है। 

मारपीट के मामले में तीन नामजद समेत अज्ञात पर केस
लंका थाना क्षेत्र के सीरगोवर्धन के रहने वाले सिद्धार्थ यादव उर्फ भोतू को गांव के ही मनबढ़ों ने पीट दिया। आरोप है कि गोलू, राम भरोसे और चुकु व अज्ञात ने पिटाई की। लंका इंस्पेक्टर राजकुमार ने बताया कि घायल सिद्धार्थ की तहरीर पर 3 नामजद समेत अज्ञात पर केस दर्ज किया गया है।

जमीन के विवाद में बंधक बनाकर पिटाई का आरोप, दो हिरासत में
रोहनिया के गंगापुर बड़ीवारी में जमीन विवाद को लेकर शुक्रवार की सुबह दो पक्षों में मारपीट हो गई। धीरज उर्फ सोहित का आरोप है कि शुभम सिंह, आदर्श सिंह, अमन ने बंधक बनाकर मारापीटा। ईंट से पैर और हाथ पर हमला किया। धीरज का उपचार कराया गया। इंस्पेक्टर राजू सिंह ने बताया कि चार नामजद के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। दो आरोपियों को हिरासत में लिया गया है।

पूर्व पशु चिकित्साधिकारी के बंद मकान में चोरी
लंका थाना क्षेत्र के नारायनपुर में पूर्व पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ आदित्य नारायण उपाध्याय के बंद मकान में बृहस्पतिवार की रात चोरी हो गई। घर के पिछले हिस्से में खिड़की की ग्रिल काट कर अंदर घुसे चोरों ने तीन सूटकेस खंगाले। वहीं, बीएचयू के पूर्व कुलपति पंजाब सिंह के मकान के पिछले हिस्से में खिड़की की ग्रिल को काटने का प्रयास किया। 

चोरी की सूचना आदित्य नारायण उपाध्याय के मकान के दूसरे तल पर रहने वाले किराएदार संजय ने लंका पुलिस और मकान मालिक को दी। 100 मीटर की दूरी पर कर्मनवीरपुर तिराहे पर पुलिस पिकेट लगती है। दूसरी तरफ नारायणपुर चौराहे पर भी पुलिस पिकेट है।

लंका इंस्पेक्टर राजकुमार ने बताया कि जांच के दौरान पता चला कि आदित्य नारायण पिछले चार माह से पत्नी समेत सिक्किम में बेटी के यहां रह रहे हैं। दो बेटे अमेरिका में रहते हैं। आदित्य नारायण के आने के बाद घर में चोरी में गए सामान की जानकारी हो पाएगी। पास में लगे सीसीटीवी फुटेज में 5 से 6 की संख्या में युवकों को आसपास घूमते हुए दिख रहे हैं। सभी को चिह्नित किया जा रहा है।

अमन हत्याकांड में चार दोषियों को उम्रकैद की सजा
फास्ट ट्रैक कोर्ट (14वां फाइनेंस) मनोज कुमार की अदालत ने शुक्रवार को अमन हत्याकांड में चार आरोपियों बबलू यादव उर्फ अजय, सदानंद यादव उर्फ झग्गड़, उमेश यादव उर्फ जुगेश और विकास यादव उर्फ विशाल को दोषी पाते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई। दोषियों पर 35-35 हजार रुपये के अर्थदंड भी लगाया।

अभियोजन पक्ष के अनुसार जौनपुर केराकत थाना क्षेत्र के रहने वाले कृपा शंकर यादव उर्फ गोरक ने तीन अक्टूबर 2022 को बसनी स्थित एक हॉस्पिटल में दवा लेने आए थे। वह अपने मित्र अमन यादव के साथ पल्सर बाइक से दवा लेकर घर लौट रहे थे। पिंडरा स्थित पीएचसी के पास बोलेरो वाहन सवार चार आरोपियों ने बाइक में टक्कर मार दी, जिससे दोनों लोग सड़क पर गिर पड़े। गाड़ी से उतरे बबलू और विकास के ललकारने पर योगेश व सदानंद ने गोली चलाई।

योगेश ने गोली चलाई तो वादी के बाएं हाथ में लगी और सदानंद की चलाई गोली अमन को लगी। इसके बाद चारों हमलावर गाड़ी में सवार होकर भाग गए। घटना की सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने कृपा शंकर और अमन यादव को इलाज के लिए बीएचयू ट्राॅमा सेंटर भेजा। गोली से घायल अमन की रास्ते में ही मौत हो गई। इस मामले में पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था।

शराब की दुकान बंद कराने के लिए पांच दिनों से धरना जारी
दुर्गाकुंड स्थित घसियारी टोला में पांच दिनों से महिलाओं का शराब की दुकान के बाहर धरना प्रदर्शन जारी है। महिलाओं ने कहा शराब की दुकान के बगल में बाबा भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा है। इसके कुछ दूर पर संकट मोचन मंदिर है तथा दूसरी तरफ मानस मंदिर एवं दुर्गाकुंड मंदिर है। यहां शराब पीने आने वाले लोगों द्वारा महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार भी किया जाएगा। अगर यह दुकान बंद नहीं हुई तो हम सड़क पर उतर कर धरना प्रदर्शन करेंगे। वहीं आबकारी निरीक्षक सेंटर- 2 कृष्ण कुमार मिश्रा ने बताया कि दुकान नियमानुसार है। 

Varanasi News today Two juvenile offenders were caught in case of obscene act and firing
काशी विद्यापीठ। - फोटो : अमर उजाला

काशी विद्यापीठ में सात अगस्त से माइनर की परीक्षाएं
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के ललित कला विभाग में स्किल डेवलपमेंट एवं माइनर/मेजर पाठ्यक्रम की परीक्षाएं सात अगस्त से होंगी। विभागाध्यक्ष डॉ. सुनील कुमार विश्वकर्मा ने बताया कि पहले यह परीक्षा चार अगस्त को होने वाली थी लेकिन सावन का अंतिम सोमवार होने के कारण अब ये परीक्षा सात अगस्त को होगी। इस बारे में विस्तृत जानकारी वेबसाइट से ली जा सकती है।

राष्ट्रीय उपभोक्ता संरक्षण के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बने आलोक पारिख
राष्ट्रीय उपभोक्ता संरक्षण ने उद्योगपति आलोक पारिख को संगठन का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किया है। इसकी जानकारी संगठन की राष्ट्रीय अध्यक्ष आस्था माथुर ने दी। उन्होंने बताया कि आलोक पारिख सामाजिक संस्था पहल के माध्यम से लंबे समय से विभिन्न जनहितकारी गतिविधियों, सामाजिक जागरूकता अभियानों और शहर के सुंदरीकरण के कार्यों से जुड़े रहे हैं। उनके नेतृत्व में गंगा घाटों, प्रमुख चौराहों और डिवाइडरों की मरम्मत जैसे अनेक कार्य हुए। संगठन के राष्ट्रीय सलाहकार दीपक श्रीवास्तव ने आलोक पारिख को पदभार ग्रहण कराया। 

कैंपस प्लेसमेंट में 52 छात्राओं का चयन
सुंदरपुर स्थित महिला पॉलिटेक्निक में आयोजित कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव में संस्थान की 52 छात्राओं को पहले चरण में सफलता मिली। सेवायोजन अधिकारी डॉ. उमेश चंद सोनकर ने बताया कि मेधा फाउंडेशन के सहयोग से कैंपस प्लेसमेंट में मध्य प्रदेश की कपड़ा कंपनी ट्राइडेंट ने हिस्सा लिया। कंपनी के प्रतिनिधियों ने पहल चरण की चयन प्रक्रिया के बाद 52 छात्राओं को चुना है। पहले चरण में चयनित इन छात्राओं के दस्तावेजों की विस्तृत जांच की जाएगी। इसके बाद सभी आवश्यक प्रक्रियाओं को पूरा करने के बाद, उन्हें नियुक्ति पत्र सौंपे जाएंगे।

आईटीआई में प्रवेश के लिए दूसरे चरण की प्रक्रिया शुरू 24 तक का मौका
राजकीय आईटीआई करौंदी में प्रवेश के लिए दूसरे चरण प्रक्रिया शुरू हो गई। 24 जुलाई तक फिटर, इलेक्ट्रीशियन और कंप्यूटर कोर्स की 756 सीटों पर प्रवेश होगा। संस्थान प्रधानाचार्य मुकेश कुमार ने बताया कि कुल 29 ट्रेडों में 1264 सीटें उपलब्ध हैं। पहले चरण की प्रवेश प्रक्रिया में कुल 508 विद्यार्थियों ने प्रवेश हो चुका है। बाकी सीटों पर प्रवेश के लिए दूसरे चरण की घोषणा कर निदेशालय से कर दी गई है।

अलम व ताबूत का उठा जुलूस, हुईं मजलिस
कर्बला के शहीदों की याद में शुक्रवार को जुलूस व मजलिस के जरिये लोगों ने अकीदत पेश की। रात में दालमंडी से अंजुमन हैदरी चौक के जेरे इंतजाम कदीमी अलम और ताबूत का जुलूस उठा। लियाकत अली, आफताब हुसैन, शराफत नकवी, साहब जैदी, सूफी अली और अंजुमन के नौहाख्वानों ने नौहा व मातम पेश किया।

हकीम काजिम, महकश गाजीपुरी, डॉ. नाजिम जाफरी, आरफी जौनपुरी, आफाक हैदर, दिलकश गाजीपुरी ने कलाम पेश किए। देर रात दरगाहे फातमान पहुंचकर जुलूस समाप्त हुआ। शिया मस्जिद कालीमहल में मजलिस को शिया जामा मस्जिद के प्रवक्ता हाजी फरमान हैदर ने खिताब किया। ख्वातीन की मजलिस भदऊं चुंगी में डॉ. तबस्सुम हैदर के संयोजन में हुई। 20 जुलाई को दरगाहे फातमान में 18 बनी हाशिम का जुलूस उठेगा।

काशी विद्यापीठ में 22 को होगी छूटी प्रायोगिक परीक्षा
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ परिसर एवं सम्बद्ध महाविद्यालयों के बी.एड. (प्रथम, द्वितीय व तृतीय सेमेस्टर) के जिन विद्यार्थियों की प्रायोगिक/मौखिक परीक्षा छूट गई है, उनको एक और मौका देने का निर्णय लिया गया है। ऐसे विद्यार्थियों की परीक्षा 22 जुलाई को करवाई जाएगी। शिक्षाशास्त्र विभाग के अध्यक्ष प्रो. सुरेन्द्र राम ने बताया कि सुबह 10:30 बजे से विभाग में होने वाली परीक्षा के लिए परीक्षार्थियों को अपनी फाइल/पाठ-योजना पुस्तिका/क्रियात्मक अनुसंधान प्रतिवेदन के साथ उपस्थित होना अनिवार्य है।

Varanasi News today Two juvenile offenders were caught in case of obscene act and firing
नगर निगम वाराणसी। - फोटो : अमर उजाला

नगर निगम ने कई जगहों से हटाया अतिक्रमण
नगर निगम के ओर से शुक्रवार को शहर में जबरदस्त अतिक्रमण अभियान चलाया गया। इस दौरान अतिक्रमण के खिलाफ 7500 रुपये जुर्माना वसूला गया। रविदास गेट से बीएचयू मेन गेट होते हुए सुंदरपुर रोड, चौकाघाट, गोलगड्डा, आदमपुर, वसंत कॉलेज, चौकाघाट, मकबूल आलम रोड, पुलिस लाइन, सर्किट हाउस क्षेत्र से अतिक्रमण हटवाया गया। अभियान के दौरान ठेला, स्थाई काउंटर, साईकिल, पन्नी, दुकानें हटवाकर रोड को अतिक्रमण मुक्त किया। भेलुपुर, रेवड़ी तलाब, तिलभांडेश्वर में मीट की दुकानों को सावन भर के लिए बंद कराया। 

विकास प्राधिकरण का प्री-डीसीआर सॉफ़्टवेयर अस्थायी रूप से बंद
विकास प्राधिकरण का प्री-डीसीआर सॉफ़्टवेयर अस्थायी रूप से 30 सितंबर तक बंद रहेगा। मानचित्र सीधे ऑनलाइन आवेदन होकर प्राधिकरण में प्रेषित होंगे। उत्तर प्रदेश विकास प्राधिकरण भवन निर्माण एवं विकास उपविधि तथा आदर्श जोनिंग रेगुलेशन्स–2025 के अनुपालन में इसका निर्णय लिया गया है। इस अवधि में मानचित्र ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से ही प्रस्तुत किए जाएंगे। लेकिन उन पर सॉफ़्टवेयर द्वारा स्वचालित परीक्षण नहीं किया जाएगा। 

नाइट मार्केट के दुकानदारों को पुनर्स्थापित करने की मांग
कैंट लहरतारा फ्लाईओवर के नीचे बसे नाइट मार्केट के दुकानदारों को पुनर्स्थापित करने के लिए शुक्रवार को समाजवादी व्यापार सभा ने नगर आयुक्त अक्षत वर्मा को मांग पत्र सौंपा है। नगर आयुक्त ने वेंडिंग जोन स्थापित करने का आश्वासन दिया है।

एमएलसी आशुतोष सिन्हा ने बताया कि 4 जुलाई की देर रात सभी दुकानें हटा दी गईं थीं। जबकि दुकानदार एडवांस रुपये दे रखे थे। नाइट मार्केट उजाड़ने से समस्त स्थापित छोटे दुकानदार रोड पर आ गए हैं। उनके लिए सपरिवार आजीविका का संकट आ गया हैं। इस दौरान प्रदीप जायसवाल, डॉ. ओ.पी सिंह, डा. अजय चौरसिया मौजूद रहे।

आलोक बने राष्ट्रीय उपभोक्ता संरक्षण संगठन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष
उपभोक्ताओं के अधिकारों की रक्षा के लिए समर्पित राष्ट्रीय उपभोक्ता संरक्षण संगठन ने उद्योगपति आलोक पारिख को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किया है। संगठन की राष्ट्रीय अध्यक्ष आस्था माथुर ने शुक्रवार को नियुक्ति की घोषणा की।

आलोक लंबे समय से जिले के सामाजिक जीवन में सक्रिय रहे हैं। उन्होंने विभिन्न जन कल्याणकारी कार्यों, सामाजिक जागरूकता अभियानों और शहर के सौंदर्यीकरण में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनकी गहरी सामाजिक प्रतिबद्धता और समाज सेवा के प्रति समर्पण ने उन्हें शहर में एक प्रतिष्ठित स्थान दिलाया है। 

आलोक ने अपनी सामाजिक संस्था पहल के माध्यम से शहर के सौंदर्यीकरण में अहम भूमिका निभाई है। उनके नेतृत्व में गंगा घाटों का जीर्णोद्धार, प्रमुख चौराहों का विकास और शहर के डिवाइडरों की मरम्मत जैसे कई महत्वपूर्ण कार्य किए। इसके अतिरिक्त पारिख ने सांस्कृतिक क्षेत्र में भी योगदान दिया है। उन्होंने कई कलाकारों को एक सशक्त मंच प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। 

उनके द्वारा आयोजित सिटी महोत्सव और सुरगंगा जैसे सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने न केवल राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के कलाकारों को आकर्षित किया, बल्कि स्थानीय प्रतिभाओं को भी अपनी कला का प्रदर्शन करने का अवसर मिला। शुक्रवार को एक विशेष समारोह में राष्ट्रीय सलाहकार दीपक श्रीवास्तव ने आलोक को उनके नए पद की जिम्मेदारी सौंपी और संगठन की ओर से उन्हें हार्दिक बधाई दी।

गिरिजा देवी सांस्कृतिक संकुल का वीडीए उपाध्यक्ष ने किया निरीक्षण
वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग ने शुक्रवार को पद्मभूषण गिरिजा देवी सांस्कृतिक संकुल का निरीक्षण किया। उन्होंने संकुल में संचालित व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए बुकिंग रजिस्टर को चेक किया। इस दौरान सी.सी.टी.वी. कैमरों का रिकॉर्ड न्यूनतम तीन माह तक सुरक्षित रखने के निर्देश दिए।

सांस्कृतिक हाल के उपयोग को बढ़ावा देने हेतु व्यापक प्रचार-प्रसार को कहा। उन्होंने प्राधिकरण द्वारा नामित अधिकारी प्रत्येक माह में कम से कम एक बार स्थल का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सचिव डॉ. वेद प्रकाश, अपर सचिव डॉ. गुडाकेश शर्मा एवं नगर नियोजक प्रभात कुमार उपस्थित रहे।

बैंकाक में मिला सम्मान
थाईलैंड के बैंकॉक में ईएमएफ एएमई ग्लोबल कन्वेंशन एवं अवाॅर्ड्स 2025 में काशी की बुल ग्रुप को दो प्रतिष्ठित पुरस्कार मिले हैं। ग्रुप के प्रबंध निदेशक और आईएनडब्ल्यूएमएस के संस्थापक एवं अध्यक्ष मनीष श्रीवास्तव, कार्यकारी निदेशक पूजा श्रीवास्तव को सम्मानित किया गया।

ग्रुप को बेस्ट वैदिक वेडिंग ऑफ द ईयर और बेस्ट संगीत ऑफ द ईयर पुरस्कार से नवाजा गया। 11 से 14 जुलाई 2025 तक चले सम्मेलन में दुनिया भर से 500 से ज्यादा इवेंट, एमआईसीई और वेडिंग प्लानर्स ने भाग लिया था। मनीष श्रीवास्तव और पूजा श्रीवास्तव ने कहा कि ये पुरस्कार उन्हें असाधारण अनुभव प्रदान करने के लिए प्रेरित करते हैं।

दो साल में बनकर तैयार होगा टेक्नोलॉजी सेंटर
केंद्रीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम विभाग के ओर से जिले में 200 करोड़ की लागत से एमएसएमई टेक्नोलॉजी सेंटर बनाने की तैयारी चल रही है। इस सेंटर में वाराणसी समेत पूर्वांचल के इंजीनियरिंग में रुचि रखने वाले छात्रों को प्रशिक्षित किया जाएगा। इसमें हवाई जहाज, ट्रेन, बस, मोबाइल बनाने से लेकर हर तरह का प्रशिक्षण दिया जाएगा।

सहायक निदेशक राजेश कुमार चौधरी ने बताया कि इसके लिए पिंडरा में 12 एकड़ जमीन चिह्नित कर ली गई है। फिलहाल जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया चल रही है। जमीन अधिग्रहण पूरा होते ही इसका निर्माण शुरू हो जाएगा। इसमें आवश्यकता के अनुसार, श्रमिकों को प्रशिक्षित कर कुशल कारीगर बनाया जाएगा।

साथ ही उन्हें नई टेक्नोलॉजी से जोड़ा जाएगा। एमएसएमई टेक्नोलॉजी सेंटर में आठवीं पास से लेकर बीटेक करने वाले छात्रों को प्रशिक्षित किया जाएगा। यहां डिप्लोमा टूल एंड मैकेनिकल, डिप्लोमा इन मेकाट्राॅनिक, डिप्लोमा इन मैकेनिकल जैसे कोर्स चलाए जाएंगे। 

राजातालाब और पिंडरा में बनेगी उपमंडी
जिले में पांच उप मंडियां खोलने की तैयारी है। फिलहाल राजातालाब और पिंडरा में उपमंडी के लिए जमीन तलाशी जा रही है। इसके लिए शासन को प्रस्ताव भेज दिया गया है। दोनों मंडियां 10 10 हेक्टेयर में बननी हैं। यानी एक पांच हेक्टेयर में बनाई जाएगी। इन मंडियों के खुलने से आमलोगों के साथ ही किसानों को भी राहत मिलेगी। 

जिले में सबसे बड़ी पहड़िया मंडी है, जो मंडी परिषद से संचालित होती है। अब परिषद पहले चरण में दो उप मंडी खोलने की तैयारी कर रहा है। उप निदेशक मंडी प्रशासन संजय कुमार सिंह ने बताया कि शासन ने राजातालाब और पिंडरा में उपमंडी बनाने का प्रस्ताव मांगा था। प्रस्ताव भेज दिया गया है।

जमीन की तलाश चल रही है। जमीन के लिए जिलाधिकारी को भी पत्र भेजा गया है। ताकि ग्रामसभा या सरकारी जमीन मिल जाए। अगर जमीन नहीं मिलती है तो खरीदी जाएगी। परिषद की ओर से कछवां रोड के जमुआ, मुगलसराय सहित तीन और उप मंडियां बनाई जाएंगी। अभी प्रस्ताव शासन से नहीं मांगा गया है। 

शांति के लिए मुस्लिम देश अपनाएं रामराज्य
पातालपुरी मठ में चल रहे श्रीराम कथा के अंतिम दिन जगद्गुरु बालकदेवाचार्य ने कहा कि मुस्लिम देश विश्व शांति के लिए रामराज्य अपनाएं। रामराज्य एक आदर्श राज्य की अवधारणा है और दुनिया को इसकी जरूरत है। 

वह शुक्रवार को पातालपुरी मठ में रामराज्य का वर्णन कर रहे थे। जगद्गुरु ने कहा कि युद्ध और संघर्ष का रास्ता छोड़कर रामराज्य के रास्ते को अपनाएं। बिना शांति स्थापित हुए धर्म का राज्य स्थापित नहीं हो सकता। राम ही धर्म हैं और धर्म ही राम। 

इस दाैरान पूर्व मंत्री नीलकंठ तिवारी, अधिवक्ता अमित श्रीवास्तव, अजीत सिंह टीका, नाजनीन अंसारी, शहाबुद्दीन तिवारी को सम्मानित किया गया। डॉ. राजीव, जगदीश्वर दास, भईया लाल जायसवाल, वीरेंद्र राय, सत्यम राय, कमलेश तिवारी, पूनम श्रीवास्तव मौजूद रहीं। 

तीन विशिष्ट हस्ती सम्मानित : काशी विद्वत परिषद ने पातालपुरी मठ में तीन विशिष्ट हस्तियों को सम्मानित किया। इसमें जगद्गुरु रामानंदाचार्य वैदेही वल्लभ देवाचार्य, बालकदेवाचार्य और विजय राम देवाचार्य शामिल रहे। परिषद के महामंत्री प्रो. रामनारायण द्विवेदी मौजूद रहे। 

गायत्री मंदिर में हुई शिवपुराण कथा
गायत्री मंदिर लहुराबीर में चल रहे शिवमहापुराण कथा के छठवें दिन श्रद्धा और भक्ति का ज्वार उमड़ पड़ा। श्री महामाया ट्रस्ट समिति लहुराबीर महिला मंडल की ओर से आयोजित कथा में कथावाचक हीरामणि दुबे ने शिव की महिमा का भावपूर्ण वर्णन किया। उन्होंने कहा कि सावन महीने में शिव कथा कहना और सुनना कल्याणकारी है। इस दाैरान शिव शक्ति सेवा फाउंडेशन की ओर से बेलपत्र के पौधे दिए गए। प्रीति रवि जायसवाल व दिलीप सिंह, प्रिया सिंह, प्रेरणा कश्यप मौजूद थीं। 

रोडवेज बसों में महिला परिचालक के लिए आए 30 आवेदन
महिला परिचालकों की भर्ती के लिए शुक्रवार को कैंट स्थित रोडवेज के प्रशासनिक कार्यालय में रोजगार मेले का आयोजन हुआ। रोजगार मेले में 30 आवेदन आए। इसमें 300 से अधिक पदों पर भर्ती होनी है। भर्ती में एलएलबी, एम, एमकॉम, बीएड, बीएससी, एम से सहित कई डिग्री धारक महिलाएं पहुंचीं। सोनभद्र, गाजीपुर, जौनपुर और वाराणसी की महिलाएं शामिल रहीं।

मेले में इंटरमीडिएट पास और ट्रिपल सी सर्टिफिकेट, 18 से 40 वर्ष, अनुसूचित जाति/ जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए आयु सीमा में छूट दी गई है। एनसीसी-बी प्रमाण पत्र, भारत स्काउट एवं गाइड, संस्था के राज्य पुरस्कार व राष्ट्रपति पुरस्कार प्रमाण पत्रधारक महिला अभ्यर्थी को इंटरमीडिएट में प्राप्त प्राप्तांकों पर 5 प्रतिशत वेटेज देते हुए मेरिट का निर्धारण किया गया। रोडवेज अधिकारियों ने बताया कि महिलाओं को उनके गृह जनपद में ही तैनाती दी जानी है। इंटर पास भी पर महिला परिचालक बन सकती हैं। पिछली बार रोजगार मेले में केवल 27 महिलाओं की भर्ती हो पाई थी। 

4.16 करोड़ की लागत से बनेगा नया सब स्टेशन
मंडलायुक्त एस. राजलिंगम की अध्यक्षता में कमिश्नरी सभागार में शुक्रवार को उद्योग बंधुओं की बैठक हुई। इस दौरान उद्यमियों की समस्याओं समेत कई प्रस्तावों पर चर्चा हुई। बैठक में रामनगर औद्योगिक क्षेत्र फेज-1 में 33/11 केवी के नए सबस्टेशन की स्थापना के लिए 4.16 करोड़ बजट की मांग की गई। इस प्रस्ताव को बिजनेस प्लान 2025-26 में शामिल करने की तैयारी चल रही है। इसकी तकनीकी मंजूरी मिल चुकी है। 

बैठक में मंडलायुक्त ने विद्युत विभाग की ओर से उद्यमियों पर लगाई गई पेनाल्टी का निष्कर्ष निकालने को कहा। उन्होंने मुख्य अभियंता को उद्यमियों के साथ बैठक कर समाधान निकालने के निर्देश दिए। सतहरिया औद्योगिक विकास प्राधिकरण (सीडा) जौनपुर में नए सबस्टेशन की स्थापना और क्षमता वृद्धि के लिए जौनपुर के डीएम को पत्र लिखने को कहा। 

यूपीसीडा ने बताया कि रामनगर औद्योगिक क्षेत्र में औद्योगिक क्षेत्र फेज-1 एवं फेज-2 में 12 किलोमीटर के ड्रैनेज में 10 किलोमीटर ड्रैनेज का निर्माण हो चुका है। पटनवां से सिंधिताली मार्ग पर सीसी रोड के निर्माण के लिए 36 करोड़ के बजट का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। रामनगर औद्योगिक क्षेत्र में फायर स्टेशन की स्थापना की धीमी प्रगति पर अधिशासी अभियंता पर डीएम ने नाराजगी जताई। 

रोडवेज बसों में महिला परिचालक के लिए आए 30 आवेदन
महिला परिचालकों की भर्ती के लिए शुक्रवार को कैंट स्थित रोडवेज के प्रशासनिक कार्यालय में रोजगार मेले का आयोजन हुआ। रोजगार मेले में 30 आवेदन आए। इसमें 300 से अधिक पदों पर भर्ती होनी है। भर्ती में एलएलबी, एम, एमकॉम, बीएड, बीएससी, एम से सहित कई डिग्री धारक महिलाएं पहुंचीं। सोनभद्र, गाजीपुर, जौनपुर और वाराणसी की महिलाएं शामिल रहीं।

मेले में इंटरमीडिएट पास और ट्रिपल सी सर्टिफिकेट, 18 से 40 वर्ष, अनुसूचित जाति/जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए आयु सीमा में छूट दी गई है। एनसीसी-बी प्रमाण पत्र, भारत स्काउट एवं गाइड, संस्था के राज्य पुरस्कार व राष्ट्रपति पुरस्कार प्रमाण पत्रधारक महिला अभ्यर्थी को इंटरमीडिएट में प्राप्त प्राप्तांकों पर 5 प्रतिशत वेटेज देते हुए मेरिट का निर्धारण किया गया।

रोडवेज अधिकारियों ने बताया कि महिलाओं को उनके गृह जनपद में ही तैनाती दी जानी है। इंटर पास भी पर महिला परिचालक बन सकती हैं। पिछली बार रोजगार मेले में केवल 27 महिलाओं की भर्ती हो पाई थी। 

बच्चे के कटे तलवे का हुआ निशुल्क ऑपरेशन
हरहुआ ब्लॉक के कंपोजिट विद्यालय में कक्षा पांच के छात्र सोमारू के कटे तलवे का ऑपरेशन कराया गया। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम की टीम की पहल पर बच्चे का निशुल्क ऑपरेशन महमूरगंज स्थित एक अस्पताल में करवाया गया।  नोडल मेडिकल अफसर डॉ. अब्दुल जावेद ने बताया कि अब बच्चा सामान्य बच्चे की तरह बोल सकेगा। आरबीएसके टीम में डॉ. शैलेंद्र कुमार, डॉ. अरविंद कुमार, डॉ. अवनीश कुमार राय, विनोद कुमार, रंजना कुमारी आदि शामिल थीं। 

हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल, 6 केंद्रीय और 3 यूपी के मंत्री शामिल होंगे 
नशा मुक्त युवा विषय के साथ युवा आध्यात्मिक शिखर सम्मेलन का शुभारंभ शनिवार को सिगरा स्थित रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में होगा। कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल, छह केंद्रीय मंत्री और तीन मंत्री यूपी सरकार के शामिल होंगे। 

इसके अलावा 100 आध्यात्मिक और सामाजिक-सांस्कृतिक संगठनों के 500 से अधिक युवा प्रतिनिधि मौजूद रहेंगे। इसके बाद रविवार को काशी घोषणापत्र के उद्घोष के साथ नशा मुक्त विकसित भारत के लिए राष्ट्रीय युवा-नेतृत्व वाली रूपरेखा तैयार की जाएगी।

शिखर सम्मेलन में हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला, केंद्रीय श्रम एवं रोजगार तथा युवा कार्यक्रम और खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया, केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार, केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय, केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल राज्य मंत्री रक्षा निखिल खड़से, उत्तर प्रदेश के खेल मंत्री गिरीश यादव, उत्तर प्रदेश के समाज कल्याण एवं अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति कल्याण राज्य मंत्री असीम अरुण और उत्तर प्रदेश के उत्पाद शुल्क एवं निषेध राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नितिन अग्रवाल शामिल होंगे। 

Varanasi News today Two juvenile offenders were caught in case of obscene act and firing
बनारस हिंदी विश्वविद्यालय, BHU - फोटो : X (@bhupro)

बीएचयू में प्रवेश हो चुका है नीचे लिंक पर क्लिक करें...
बीएचयू में बीएससी बायोटेक समेत कई कोर्स में फर्जी एडमिशन की सूचना सोशल मीडिया पर वायरल हुई। इसमें लिखा गया है कि आपका बीएचयू के इस प्रोग्राम में प्रवेश हो चुका है, आपको कॉल नहीं की जा रही है। 

एडमिशन की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए मैसेज के नीचे जो अलग-अलग बटन है, उसमें से एक पर क्लिक करें। शुक्रवार को बीएचयू ने इसे फेक सूचना बताया है। ये भी जानकारी दी गई कि बीएचयू में बायोटेक से बीएससी नहीं बल्कि एमएससी कोर्स चलता है। 

बीएचयू की ओर से स्पष्ट किया गया कि बीएचयू एडमिशन की जो भी सूचना भेजता है वह ईमेल के माध्यम से ही जाती है। ऐसे किसी मैसेज के लिंक या यूआरएल पर क्लिक न करें जो व्हाट्सएप पर आ रहे हों। साथ ही साथ उनके छात्र पोर्टल पर भी सूचनाएं अपडेट की जाती हैं। 

आईटीआई में प्रवेश के लिए दूसरे चरण की प्रक्रिया शुरू, 24 तक का मौका
राजकीय आईटीआई करौंदी में प्रवेश के लिए दूसरे चरण प्रक्रिया शुरू हो गई। 24 जुलाई तक फिटर, इलेक्ट्रीशियन और कंप्यूटर कोर्स की 756 सीटों पर प्रवेश होगा। संस्थान प्रधानाचार्य मुकेश कुमार ने बताया कि कुल 29 ट्रेडों में 1264 सीटें उपलब्ध हैं। पहले चरण की प्रवेश प्रक्रिया में कुल 508 विद्यार्थियों ने प्रवेश हो चुका है। बाकी सीटों पर प्रवेश के लिए दूसरे चरण की घोषणा कर निदेशालय से कर दी गई है। 

काशी विद्यापीठ में सात अगस्त से माइनर की परीक्षाएं
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के ललित कला विभाग में स्किल डेवलपमेंट एवं माइनर/मेजर पाठ्यक्रम की परीक्षाएं सात अगस्त से होंगी। विभागाध्यक्ष डॉ. सुनील कुमार विश्वकर्मा ने बताया कि पहले यह परीक्षा चार अगस्त को होने वाली थी लेकिन सावन का अंतिम सोमवार होने के कारण अब ये परीक्षा सात अगस्त को होगी। इस बारे में विस्तृत जानकारी वेबसाइट से ली जा सकती है। 

कैंपस प्लेसमेंट में 52 छात्राओं का चयन
सुंदरपुर स्थित महिला पॉलिटेक्निक में आयोजित कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव में संस्थान की 52 छात्राओं को पहले चरण में सफलता मिली। सेवायोजन अधिकारी डॉ. उमेश चंद सोनकर ने बताया कि मेधा फाउंडेशन के सहयोग से कैंपस प्लेसमेंट में मध्य प्रदेश की कपड़ा कंपनी ट्राइडेंट ने हिस्सा लिया। कंपनी के प्रतिनिधियों ने पहल चरण की चयन प्रक्रिया के बाद 52 छात्राओं को चुना है। पहले चरण में चयनित इन छात्राओं के दस्तावेजों की विस्तृत जांच की जाएगी। इसके बाद सभी आवश्यक प्रक्रियाओं को पूरा करने के बाद, उन्हें नियुक्ति पत्र सौंपे जाएंगे। 

काउंसलर-साइकोलॉजिस्ट के लिए 193 आवेदन
आईआईटी बीएचयू में काउंसलर और साइकोलॉजिस्ट की भर्ती के लिए कुल 193 आवेदन आए। इसमें से 24 का चयन कर 169 अभ्यर्थियों को योग्य नहीं पाया गया। अयोग्य अभ्यर्थियों में से ज्यादातर के पास दो वर्ष का अनुभव नहीं था। 

आईआईटी बीएचयू में स्टूडेंट काउंसिलिंग सर्विसेज शाखा की शुरुआत की गई है। इसके तहत छात्र और छात्राओं की मानसिक स्थिति को बेहतर रखने के लिए कॉन्ट्रैक्ट पर काउंसलर और मनोवैज्ञानिक की नियुक्ति की जानी है। 

रजिस्ट्रार की ओर से अभ्यर्थियों को निर्देश दिया गया है कि सात या 24 जुलाई तक सभी दस्तावेजों को जमा करें। आईआईटी बीएचयू ने वेबसाइट पर इसका गूगल फाॅर्म लिंक जनरेट किया है, इस पर क्लिक कर दस्तावेज अपलोड किए जा सकते हैं। 

नई शिक्षा नीति में शामिल करें व्यावसायिक शिक्षा
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के शिक्षाशास्त्र विभाग में राष्ट्रीय शिक्षा नीति : 2020 उन्मुखीकरण एवं संवेदीकरण कार्यक्रम हुआ। मुख्य वक्ता डाॅ. ई निर्मला ने कहा कि एनईपी में व्यावसायिक शिक्षा को शामिल करने की जरूरत है। 

शिक्षा विभाग और जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान, चंदौली के तत्वावधान में आयोजित व्याख्यान में डॉ. निर्मला ने कहा कि छात्रों को वास्तविक कार्य अनुभव प्रदान करने के लिए स्कूलों को उद्योगों से जोड़ने की जरूरत है। 

दूसरे सत्र में इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय नई दिल्ली से डॉ. हीना ने कहा कि एनईपी में राष्ट्रीय क्रेडिट रूपरेखा (एनसीआरएफ) एक व्यापक ढांचा है, जो शिक्षा के विभिन्न स्तरों पर अर्जित क्रेडिट को मान्यता देता है। स्वागत कार्यक्रम संयोजक प्रो. रमाकांत सिंह, संचालन डॉ. बैजनाथ पाण्डेय, धन्यवाद डॉ. जितेंद्र सिंह ने किया। 

काशी विद्यापीठ में 22 को होगी छूटी प्रायोगिक परीक्षा
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ परिसर एवं सम्बद्ध महाविद्यालयों के बी.एड. (प्रथम, द्वितीय व तृतीय सेमेस्टर) के जिन विद्यार्थियों की प्रायोगिक/मौखिक परीक्षा छूट गई है, उनको एक और मौका देने का निर्णय लिया गया है। ऐसे विद्यार्थियों की परीक्षा 22 जुलाई को करवाई जाएगी। शिक्षाशास्त्र विभाग के अध्यक्ष प्रो. सुरेन्द्र राम ने बताया कि सुबह 10:30 बजे से विभाग में होने वाली परीक्षा के लिए परीक्षार्थियों को अपनी फाइल/पाठ-योजना पुस्तिका/क्रियात्मक अनुसंधान प्रतिवेदन के साथ उपस्थित होना अनिवार्य है। 

चौथे दिन 215 विद्यार्थियों ने लिया बीए में दाखिला
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में सत्र 2025-26 में शुक्रवार को बीए में दाखिले के लिए चल रही काउंसिलिंग के चौथे दिन 218 विद्यार्थियों ने दाखिला लिया। इसमें 215 ने ऑनलाइन शुल्क जमा किया। प्रवेश लेने वालों में 16 छात्राएं शामिल रहीं। विश्वविद्यालय की ओर से काउंसिलिंग स्थल पर ही परिचय पत्र और लाइब्रेरी कार्ड का वितरण किया गया।

विश्वविद्यालय में 15 जुलाई से चल रही काउंसिलिंग में उन्हीं अभ्यर्थियों को अंदर आने की अनुमति मिल रही है, जिनके पास गेट पास है। प्रवेश सेल के सदस्य प्रो. नलिनी श्याम कामिल ने बताया कि शुल्क जमा करने के बाद काउंसिलिंग स्थल पर ही अभ्यर्थियों को परिचय पत्र एवं लाइब्रेरी कार्ड जारी किया गया। 19 जुलाई को अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के अभ्यर्थियों तथा 18 जुलाई के शेष अन्य पिछड़ा वर्ग के पुरुष व महिला अभ्यर्थियों की काउंसिलिंग होगी। संबंधित अभ्यर्थियों को ई-मेल पर लिंक भेजा गया है।

13 सितंबर से चलेगी भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन
आईआरसीटीसी की भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन 13 सितंबर से पुरी कोलकाता गंगासागर यात्रा कराएगी। इसकी बुकिंग शुरू हो गई है। ट्रेन आगरा कैंट रेलवे स्टेशन से पुरी जगन्नाथ, कोणार्क मंदिर, कोलकाता, गंगासागर, बैजनाथ धाम, वाराणसी, अयोध्या के लिए संचालित होगी। यह ट्रेन पर्यटकों के लिए 13 से 22 सितंबर तक चलाई जा रही है। स्लीपर क्लास का पैकेज 18460 रुपये प्रति व्यक्ति और थर्ड एसी में प्रति व्यक्ति 30480 रुपये किराया है। इस यात्रा सेवा में ईएमआई की सुविधा भी उपलब्ध है।

2500वें रेल इंजन का लोकार्पण आज
बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में बना 2500वां विद्युत रेल इंजन को शनिवार राष्ट्र को समर्पित किया जाएगा। दोपहर 12 बजे लोको असेंबली शॉप में आयोजित कार्यक्रम में महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह इसका लोकार्पण करेंगे। बरेका में साल 2016 से विद्युत रेल इंजन बन रहा है। वर्ष 2016-17 में दो विद्युत इंजन बनाए गए थे। इसके बाद 2017-18 में 25, 2018-19 में 145, 2019-20 में 272, 2020-21 में 275 और 2021-22 में 383 इंजन बने। सत्र 2022-23 में 450 इंजन बनाने का लक्ष्य मिला थ। 

Varanasi News today Two juvenile offenders were caught in case of obscene act and firing
वाराणसी विकास प्राधिकरण। - फोटो : अमर उजाला

वीडीए का प्री-डीसीआर साॅफ्टवेयर बंद
विकास प्राधिकरण का प्री-डीसीआर साॅफ्टवेयर अस्थायी रूप से 30 सितंबर तक बंद रहेगा। मानचित्र सीधे ऑनलाइन आवेदन होकर प्राधिकरण में प्रेषित होंगे। उत्तर प्रदेश विकास प्राधिकरण भवन निर्माण एवं विकास उपविधि तथा आदर्श जोनिंग रेगुलेशन्स–2025 के अनुपालन में इसका निर्णय लिया गया है। इस अवधि में मानचित्र ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से ही प्रस्तुत किए जाएंगे। लेकिन उन पर साॅफ्टवेयर द्वारा स्वचालित परीक्षण नहीं किया जाएगा। 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed