फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Varanasi news today Truck Driver Beaten on Ring Road Two Accused Arrested FIR Filed in Fake Degree Case

Varanasi News Today: रिंग रोड पर ट्रक चालक को पीटा, 15 घंटे में दो आरोपी गिरफ्तार, फर्जी डिग्री मामले में FIR

Wed, 15 Apr 2026 03:02 PM IST
Pragati Chand अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: Pragati Chand Updated Wed, 15 Apr 2026 03:02 PM IST
सार

Varanasi News: रिंग रोड पर ट्रक चालक की पिटाई कर 30 हजार रुपये की लूट की घटना को अंजाम देने के मामले में 15 घंटे में दो आरोपियों को  गिरफ्तार किया गया। 

विज्ञापन
Varanasi news today Truck Driver Beaten on Ring Road Two Accused Arrested FIR Filed in Fake Degree Case
Varanasi Top News - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

रिंग रोड-2 स्थित सभईपुर गांव के सामने ट्रक चालक उमेश यादव की पिटाई कर 30 हजार लूटने और शीशा क्षतिग्रस्त मामले में कार सवार दो आरोपियों को पुलिस ने 15 घंटे के अंदर गिरफ्तार किया। आरोपियों की कार भी सीज कर दी गई। गिरफ्तार आरोपियों में गोंडा के तरबगंज थाना क्षेत्र के बरसेठी निवासी तुषार कांत चौबे और गोंडा के उमरी बेगमगंज थाना क्षेत्र के उमरी चौहान पुरवा निवासी आकाश सिंह है। जौनपुर टोल प्लाजा पर ट्रेलर पीछे करते समय कार में खरोंच लगी थी, जिससे आक्रोशित कार सवारों ने पीछा करके सभईपुर में चालक की पिटाई और ट्रक में तोड़फोड़ की है।

विज्ञापन


थाना प्रभारी दिगंबर उपाध्याय ने बताया कि अंबेडकरनगर बहादुरपुर बलुआ गांव निवासी ट्रक चालक उमेश कुमार ने पुलिस को सुबह सात बजे सूचना दी कि अकबरपुर से बिहार जाते समय सभईपुर के पास कार सवारों ने रोककर पिटाई और 30 हजार नकदी लूट ली। वाहन का शीशा भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया। सीसी कैमरे और गाड़ी नंबर की छानबीन के दौरान यह सामने आया कि जौनपुर टोल प्लाजा के पास ट्रेलर बैक करते समय कार में खरोंच आ गई थी। इसी बात पर सुबह 3 बजे कार सवारों ने सभईपुर अंडरपास पर रोक लिया और ईंट पत्थर से शीशा तोड़ दिया। 30 हजार नकदी लूट की बात पुष्टि नहीं हो सकी। चालक की पिटाई के बाद कार सवार हरहुआ की ओर भाग निकले। पुलिस की टीम ने तफ्तीश करते हुए दबिश देकर दोनों आरोपियों को रात 9 बजे के बाद गिरफ्तार किया। कार भी बरामद की गई है।
विज्ञापन


सात महीने बाद दर्ज हुई फर्जी डिग्री लगाने वाले पर प्राथमिकी
डायग्नोस्टिक सेंटर के लिए फर्जी डिग्री लगाने वाले डॉक्टर के खिलाफ डीएम के आदेश के सात महीने बाद प्राथमिकी दर्ज हुई है। विभागीय अफसर मामले को दबाने में लगे रहे। सोमवार को हुई बैठक में जब डीएम को फिर मामले का पता चला तो उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई। इसके बाद सेंटर संचालक की तहरीर पर डॉक्टर के खिलाफ कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज हुई। नगर पंचायत में संचालित अपना डायग्नोस्टिक सेंटर के संचालक कोतवाली क्षेत्र के बगहा गांव निवासी अंशु पटेल ने तहरीर दी। इसमें बताया कि डायग्नोस्टिक सेंटर में अल्ट्रासाउंड संचालन के पंजीकरण के लिए रोहित नगर नरिया लंका जिला वाराणसी निवासी खेसारी रमनलाल ने एमबीबीएस, डीएमआरडी के अपने प्रपत्र लगाए थे। ऑनलाइन जांच में उसके मेडिकल प्रमाणपत्र फर्जी मिले थे।
विज्ञापन
विज्ञापन


बता दें कि सात महीने पहले डॉक्टर ने स्वास्थ्य विभाग में आवेदन किया था। नौ सितंबर 2025 को पीसीपीएनडीटी की बैठक में डीएम ने अभिलेख फर्जी पाए जाने पर मामले की जांच सीएमओ को सौंपी थी। 15 सितंबर 25 को डिग्री फर्जी मिलने पर जिम्मेदार मामले को दबाने में लगे रहे और प्राथमिकी दर्ज नहीं कराई। सात महीने बाद सोमवार को डीएम को पीसीपीएनडीटी की दूसरी बैठक में जब पता चला कि अभी कार्रवाई नहीं हुई तो उन्होंने संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाई। डीएम का कड़ा रुख देख जिम्मेदारों ने डायग्नोस्टिक संचालक पर दबाव बनाया और बीघापुर कोतवाली में तहरीर दिलवाकर प्राथमिकी दर्ज कराई।कोतवाल राजपाल ने बताया कि सेंटर संचालक की तहरीर पर खेसारी रमनलाल के खिलाफ कूटरचित अभिलेख बनाने की प्राथमिकी दर्ज की गई है। इंदामऊ चौकी इंचार्ज राजेश सिंह को जांच सौंपी गई है।  

नीतू बनीं डीसीपी गोमती जोन, वरुणा जोन की एडीसीपी बनी लिपि
वरुणा जोन की एडीसीपी नीतू कात्यायन को गोमती जोन का डीसीपी बनाया गया है। वहीं नवागत आईपीएस लिपि नगायच को एडीसीपी वरुणा जोन बनाया गया है। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने दोनों अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी है। नीतू कात्यायन अब तक वरुणा जोन की एडीसीपी थी।

ड्राई डे पर शराब बिक्री में आरोपी गिरफ्तार, 81 पेटी बरामद
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के बेनीपुर गांव में डॉ. भीमराव आंबेडकर जयंती के अवसर पर घोषित ‘ड्राई डे’ के उल्लंघन में मंगलवार की सुबह शराब बिक्री के आरोपी नीतिश कुमार शाह को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से 81 पेटी शराब बरामद हुई है। मिर्जामुराद थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि बेनीपुर स्थित बीयर व अंग्रेजी शराब की कंपोजिट दुकान के बगल वाले कमरे से शराब की बिक्री की जा रही थी। गिरफ्तारी के दौरान कमरे से 81 पेटी शराब बरामद हुई। बिक्री के 5100 नकदी बरामद हुई। शराब की अनुमानित कीमत 3.5 लाख रुपये है। आरोपी रामपुर पटना बिहार निवासी नीतीश कुमार शाह है। 

युवती के अपहरण के आरोप में दो पर प्राथमिकी दर्ज
संदहा गांव में एक युवती को अगवा के मामले में दो आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। परिजनों ने पुलिस को बताया कि 11 अप्रैल की सुबह निखिल राजभर ने बहला-फुसलाकर अगवा कर लिया। प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि दो आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। 

धारदार हथियार से हमला करने का अरोपी गिरफ्तार
धारदार हथियार से राजन कुमार पर हमला के आरोपी पड़ोसी रोहित कुमार को पुलिस ने मंगलवार को जगतपुर से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी जगतपुर का निवासी है। इंस्पेक्टर राजू सिंह ने बताया कि पीडि़त की पत्नी मीरा देवी ने प्राथमिकी दर्ज कराई थी। 

नाबालिग से छेड़खानी और मारपीट में आरोपी गिरफ्तार
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र स्थित एक गांव में नाबालिग से छेड़खानी और मारपीट के आरोपी अमित कुमार बिंद को पुलिस ने रखौना अंडरपास से मंगलवार को गिरफ्तार किया। प्रभारी निरीक्षक प्रमोद पांडेय ने बताया कि सोमवार को पीड़िता के चाचा ने थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। आरोपी ने किशोरी के साथ छेड़छाड़ की और विरोध करने पर उसकी पिटाई कर झाड़ियों में फेंक भाग निकला था।  

पति समेत 10 सदस्यों पर दहेज उत्पीड़न की प्राथमिकी दर्ज
विवाहिता ने पति समेत ससुराल के 10 सदस्यों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न समेत अन्य आरोपों में मंगलवार को प्राथमिकी दर्ज कराई। सोनातालाब निवासी पीड़िता पूजा राय ने पुलिस को बताया कि तिलमापुर निवासी पति दिलीप राय, भइया लाल, कमला देवी, काजल, रीना, गोविंद, राकेश, प्रकाश, सीमा, मनीषा ने 2 लाख रुपये की मांग को लेकर पिटाई की और घर से भगा दिया। थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी ने बताया कि पति समेत 10 पर दहेज उत्पीड़न की प्राथमिकी दर्ज की गई है।  

जिला बदर को कैंट पुलिस ने किया गिरफ्तार
जिला बदर के बावजूद शहर में घूम रहे आरोपी सुरेश कुमार मौर्या को कैंट पुलिस ने मंगलवार को अर्दली बाजार से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी अर्दली बाजार के महावीर मंदिर के पास रहता है। आरोपी के खिलाफ पूर्व में चोरी, मारपीट, धोखाधड़ी, आपराधिक धमकी समेत कई आरोपों में प्राथमिकी दर्ज है।कैंट इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि कोर्ट ने आरोपी को 25 मार्च 2026 से छह माह के लिए जिला बदर किया है। इसके बावजूद आरोपी घर पर छिपकर रह रहा था।  

हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ताओं की पिटाई
भेलूपुर थाना के सोनारपुरा स्थित लस्सी की दुकान के पास हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ता गौरव दुबे की मनबढ़ों ने पिटाई कर दी। चंदौली के कटेसर रतनपुर निवासी पीड़ित गौरव दुबे का आरोप है कि कृष यादव और सुरेश यादव समेत अज्ञात ने मारपीट और जान से मारने की धमकी दी है। गौरव ने पुलिस को बताया कि वह लस्सी की दुकान पर था। इस दौरान मनबढ़ों ने हिंदू युवा वाहिनी पर अपमानजनक भाषा का प्रयोग किया। भेलूपुर थाना प्रभारी दुर्गा सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज की गई है। 

मारपीट और चेन छीनने का आरोप
वीडीए कॉलोनी बड़ालालपुर में पम्मी यादव की पार्क में टहलने को लेकर पड़ोसी से मारपीट हो गई। सोमवार की घटना के बाबत पम्मी ने महिला समेत पांच पर मारपीट और चेन छीनने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कराई है। आरोप है कि सोनू नामक महिला ने सोने की चेन छीन ली। थाना प्रभारी अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि चेन स्नेचिंग, मारपीट, गाली गलौज, जान से मारने की धमकी मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है। 

रिंग रोड पर ट्रक चालक की पिटाई कर 30 हजार की लूट
लोहता थाना क्षेत्र के रिंग रोड फेज-2 सभईपुर गांव के सामने अंडरपास के नजदीक पर मंगलवार की अलसुबह कार सवार मनबढ़ों ने ट्रक चालक उमेश कुमार की पिटाई कर 30 हजार रुपये लूट लिए। इस दौरान ट्रक चालक का शीशा भी क्षतिग्रस्त कर दिया। पुलिस आसपास के सीसी कैमरे को खंगाल रही है।

अंबेडकरनगर बहादुरपुर बलुआ गांव निवासी ट्रक चालक उमेश कुमार ने पुलिस को बताया कि वह डेहरी जा रहा था। रिंग रोड फेज -2 सभईपुर गांव के सामने पहुंचा कि चार पहिया वाहन से तीन से चार की संख्या में युवकों ने ओवरटेक कर रोक लिया। इस दौरान पत्थरबाजी कर शीशा क्षतिग्रस्त कर दिया। पास में रखा 30 हजार रुपये छीन ली। एसीपी रोहनिया संजीव कुमार शर्मा ने बताया की ओवर टेक को लेकर मारपीट हुईथी। एक टीम गठित की गई है। सीसी कैमरे भी खंगाले जा रहे हैं। 

गुमटी तोड़कर चोरी
केशरीपुर निवासी सुरेश राजभर की केशरीपुर लोहता मार्ग स्थित दिग्घा मार्केट में गुमटी की दुकान में सोमवार की रात चोरी हो गई। पीड़ित ने रोहनिया थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। 
 
पुलिस आयुक्त ने 12 किमी तक की गश्त
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने मंगलवार को यातायात व्यवस्था के तहत प्रमुख मार्गों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आशापुर चौराहा, पांडेयपुर चौराहा से चौकाघाट तक लगभग 12 किलोमीटर पैदल गश्त करते हुए यातायात संचालन, सड़क सुरक्षा व मार्गों की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया। इस बीच थानेदारों और चौकी इंचार्ज को हिदायत दी कि यातायात व्यवस्था में किसी तरह की बाधा नहीं आनी चाहिए।निरीक्षण के दौरान बिना नंबर प्लेट वाहन, रांग साइड चलने, तीन सवारी बैठाकर वाहन चलाने जैसे यातायात नियमों के उल्लंघन पर विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही स्पष्ट किया कि जिस थाना क्षेत्र में अतिक्रमण पाया जाएगा, उसकी पूर्ण जिम्मेदारी संबंधित थाना प्रभारी और चौकी प्रभारी की होगी। अवैध ऑटो रिक्शा स्टैंडों को चिह्नित कर तत्काल हटाने, सुव्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था लागू करने के निर्देश दिए। ब्यूरोसड़क पर अतिक्रमण और रास्ता बाधित करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। निरीक्षण में अपर पुलिस आयुक्त अपराध आलोक प्रियदर्शी, अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय शिवहरी मीणा, डीसीपी वरुणा प्रमोद कुमार, एडीसीपी लिपि नागयाच, डीसीपी यातायात अनिल यादव, एडीसीपी काशी जोन वैभव बांगर, एडीसीपी यातायात अंशुमान मिश्र आदि रहे।  

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed