News: तेज रफ्तार ट्रेलर ने ली युवक की जान, पांच लाख की रंगदारी मांगी, वीडियो वायरल; पढ़ें वाराणसी की खास खबरें
वाराणसी में बीती रात एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने युवक की जान ले ली। वहीं, यौन उत्पीड़न का विरोध करने पर महिला का अश्लील फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए गए। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
विस्तार
Varanasi News Today: बड़ागांव थाना क्षेत्र के हरहुआ बाजार के पास सोमवार को एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान अश्वनी निरंजन (32) निवासी भरलाई, थाना शिवपुर के रूप में हुई है।
वह सेहमलपुर स्थित उत्कर्ष बैंक के पास स्थित कैंटीन में काम करता था और ड्यूटी के बाद बाइक से अपने घर लौट रहा था। जैसे ही वह हरहुआ बाजार के पिलर संख्या 66 के पास पहुंचा, बाबतपुर से वाराणसी की ओर जा रहे एक ट्रेलर ने उसे टक्कर मार दी और पिछले पहिए से कुचल दिया। स्थानीय लोगों ने ट्रेलर का पीछा किया और चालक सहित वाहन को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और चालक से पूछताछ जारी है।
नए डीआईजी रेंज ने कार्यभार ग्रहण किया
रेंज के नए डीआईजी वैभव कृष्ण ने बुधवार को परिक्षेत्रीय कार्यालय में कार्यभार ग्रहण किया। इससे पहले उन्होंने बाबा विश्वनाथ और बाबा कालभैरव का दर्शन-पूजन किया। वाराणसी रेंज में तीन जिले चंदौली, गाजीपुर और जौनपुर शामिल हैं।
2010 बैच के आईपीएस वैभव कृष्ण मूल रूप से बागपत जिले के रहने वाले हैं। वाराणसी जोन में डीआईजी रेंज के पद पर आईपीएस वैभव कृष्ण दूसरी बार तैनात किए गए हैं। इससे पहले वह आजमगढ़ रेंज के डीआईजी रह चुके हैं।
पांच लाख की रंगदारी न देने पर वायरल किए अश्लील फोटो-वीडियो
यौन उत्पीड़न का विरोध करने और पांच लाख रुपये रंगदारी न देने पर दूसरे समुदाय के युवक ने महिला के अश्लील फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए। महिला की तहरीर पर बारादरी थाना पुलिस ने वाराणसी निवासी आजाद शेख के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। पीलीभीत के थाना बीसलपुर के एक गांव की महिला पति के साथ काफी समय से बारादरी थाने के एक मोहल्ले में रहती है।
महिला का कहना है कि उसके घर पर वाराणसी के सिकरोल भाग-2 अर्दली बाजार, वरुणा निवासी आजाद शेख का आनाजाना था। आजाद ने चोरी-छिपे अश्लील फोटो और वीडियो बना लिए। इसके बाद वायरल करने की धमकी देकर यौन शोषण करने लगा। पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगी।
रुपये देने से इन्कार करने पर फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए। उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई। महिला अनुसूचित जाति की है। इंस्पेक्टर धनंजय पांडेय ने बताया कि महिला की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।
बाजार को निकला किशोर लापता, अपहरण का मुकदमा
मिर्जामुराद के गौर गांव में बंगला चट्टी निवासी राजन सोनकर के घर आए भांजे प्रिंस (15) के रहस्यमय ढंग से लापता होने का मामला सामने आया है। प्रिंस रामनगर के सगरा गांव निवासी रंगीले सोनकर का पुत्र है। वह दो दिन पहले मामा राजन सोनकर के घर से मिर्जामुराद बाजार के लिए निकला था, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। परिजनों और मामा राजन सोनकर ने किशोर की काफी तलाश की, लेकिन वह नहीं। राजन ने मंगलवार देर शाम मिर्जामुराद थाने में प्रिंस की गुमशुदगी और अपहरण का मामला दर्ज कराया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर किशोर की तलाश शुरू कर दी है।
दो अधिवक्ता सहित सात के खिलाफ मुकदमा दर्ज
कैंट थाने में दो अधिवक्ताओं सहित सात लोगों के खिलाफ मारपीट सहित अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई ओदार गांव निवासी अमित पाल की तहरीर के आधार पर की गई है। अमित पाल ने पुलिस को बताया कि वह गत तीन मई को अपने मुकदमे के सिलसिले में कचहरी गए थे।
अदालत के दरवाजे के बाहर बेनीपुर खुर्द निवासी अधिवक्ता जितेंद्र पाल व उनके मामा, अधिवक्ता अखिलानंद मिश्रा, संतोष कुमार पाल, बिंदू पाल और दो अज्ञात लोग मौजूद थे। अमित ने कहा कि सभी उन्हें देखते ही गालीगलौज करते हुए पीटने लगे। साथ ही धमकी दिए कि मुकदमे के लिए दिखाई दिए तो जान से मरवा देंगे। अधिवक्ता डीके पाल, सलाउद्दीन, मनीष पाल और अन्य अधिवक्ताओं ने किसी तरह बीचबचाव कर उन्हें बचाया। इस संबंध में इंस्पेक्टर कैंट ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
ठेला लगाने को लेकर दो पक्षों में मारपीट
कछवा रोड बाजार में अंडरपास के नीचे ठेला लगाने को लेकर बुधवार को दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई। शिकायत के बाद पुलिस हरकत में आई और अतिक्रमण को हटाया। पुलिस ने ठेला-पटरी दुकानदारों, ऑटो स्टैंड और अन्य अवैध कब्जों के खिलाफ कार्रवाई कर पूरे क्षेत्र को खाली कराया।
अनियंत्रित कार ने दुकान में घुसी, दो घायल
चौबेपुर थाना क्षेत्र के जाल्हुपुर बाजार स्थित कच्चा बाबा मंदिर के पास बुधवार एक अनियंत्रित कार ने मोपेड बाइक, ठेला और मिठाई की दुकान को टक्कर मारते हुए दुकान में घुस गई। हादसे में बाइक सवार राजेंद्र राजभर (60) और उनकी पत्नी दुर्गावती गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना पर चौकी प्रभारी लल्लन सिंह पहुंचे और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने चंदौली निवासी वाहन चालक अनिल जायसवाल को वाहन सहित हिरासत में लिया गया है। चौबेपुर थाना प्रभारी शिवप्रकाश वर्मा ने बताया कि तहरीर मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
दुष्कर्म के आरोप से आरपीएफ का दरोगा बरी
नौकरी दिलाने का झांसा देकर दलित महिला से दुष्कर्म और पैसा हड़पने के मामले में आरोपी को कोर्ट से राहत मिल गई। विशेष न्यायाधीश (एससी-एसटी एक्ट) देवकांत शुक्ला की अदालत ने मनोज कुमार सिंह उर्फ दिनेश को आरोप सिद्ध न होने पर संदेह का लाभ देते हुए दोषमुक्त कर दिया।
पीड़िता ने सिगरा थाने में 29 जनवरी 2017 को प्राथमिकी दर्ज कराई थी। आरोप था कि उसकी मुलाकात एक वर्ष पहले दिनेश कुमार से बनारस स्टेशन पर हुई थी। उसने खुद को आरपीएफ का दरोगा बताया और कहा कि वह उसकी नौकरी रेलवे में लगवा देगा। इसके एवज में सात लाख रुपये मांगे।
झांसे में आकर पीड़िता ने डेढ़ लाख रुपये दिए। 27 जनवरी 2017 को आरोपी ने उसे ज्वाइनिंग लेटर देने और किसी सांसद से मिलने के लिए बनारस रेलवे स्टेशन के सामने होटल में बुलाया। वहां उसके साथ दुष्कर्म किया और किसी को कुछ बताने पर जान से मारने की धमकी दी। अभियोजन की ओर से नौ गवाह पेश किए गए। अदालत ने गवाहों के बयान व साक्ष्यों के अवलोकन के बाद आरोप सिद्ध न होने पर आरोपी को दोषमुक्त कर दिया।
लाठी-डंडा से हमले के आरोपी को जमानत मिली
जान से मारने की नीयत से लाठी-डंडा से हमला करने के आरोपी को कोर्ट से राहत मिल गई। अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (चतुर्थ) नीरज कुमार त्रिपाठी की अदालत ने मलहथ निवासी आरोपी दिनेश सिंह को 25-25 हजार रुपये की दो जमानतें और बंधपत्र देने पर रिहा करने का आदेश दिया।
अभियोजन पक्ष के अनुसार, मलहथ निवासी दीनानाथ सिंह ने फूलपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। आरोप है कि वह अपनी पड़ोसन जमरिता देवी से बात कर रहे थे। इसी बीच उनका बड़ा लड़का दिनेश सिंह आया और गालीगलौज करने लगा। मना करने पर उग्र हो गया और जान से मारने की नीयत से लाठी-डंडा से मारना शुरू कर दिया।
लखनऊ की क्राइम ब्रांच से बताकर मांगा पैसा
शिवपुर थाने में हरिहरपुर सरसवा निवासी अभिषेक पांडेय ने तहरीर दी है। उन्होंने पुलिस को बताया कि उनके मोबाइल फोन पर एक व्यक्ति कॉल कर खुद लखनऊ के क्राइम ब्रांच से बताते हुए धमकाया। उसके बाद पैसे की मांग किया। पैसा न देने पर वह मुकदमा दर्ज कराने की धमकी दे रहा है। इस संबंध में शिवपुर थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
शमन शुल्क जमा नहीं करने वालों के अवैध निर्माण होंगे ध्वस्त
शमन शुल्क जमा नहीं करने वालों के अवैध निर्माण ध्वस्त कराए जाएंगे। वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग की ओर से सभी जोनल अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि अपने अपने क्षेत्रों की समीक्षा कर लें। जिन्होंने शमन शुल्क जमा नहीं किया है। उनकी सूची बना लें। उन्हें ताकीद कर शुल्क जमा कराएं। ऐसा नहीं करने वालों के अवैध निर्माण ध्वस्त कराएं।
सील प्रकरणों की जांच एवं बेसमेंट खाली कराते हुए पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित कराएं। लम्बित शमन मानचित्रों का जल्द से जल्द निस्तारण कराएं। स्वीकृत शमन पत्रावली के सापेक्ष बकाया शमन शुल्क जमा न करने वालों के खिलाफ प्रवर्तन की कार्रवाई करें। शहर में हो रहे अनियोजित विकास एवं अवैध प्लाटिंग का चिन्हांकन करते हुए ध्वस्तीकरण कराएं। इसके लिए जल्द ही बड़ा अभियान चलाने की कार्ययोजना बनाई जा रही है।
वाराणसी से गाजियाबाद की विमान सेवा अगले आदेश तक बंद
ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान में हुए एयर स्ट्राइक के बाद बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर विमानों का संचालन बुधवार को हर दिन की तरह सामान्य रहा। यहां से गाजियाबाद के लिए चलने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान सेवा अगले आदेश तक रद्द रहेगी। गाजियाबाद का हिंडन एयरपोर्ट वायु सेना का एयरबेस है, इसलिए इस एयरपोर्ट को यात्री विमान के लिए बंद कर दिया गया है।
एयर स्ट्राइक के बाद उत्तर भारत के कई एयरपोर्ट पर विमानों का संचालन बंद कर दिया गया है। जिन जगहों पर संचालन बंद हैं, उन एयरपोर्ट से वाराणसी एयरपोर्ट के बीच कोई भी सीधी विमान सेवा संचालित नहीं होती है। इसलिए इसका प्रभाव वाराणसी एयरपोर्ट पर नहीं दिखाई दिया। हालांकि इस घटना के बाद एयरपोर्ट पर पहले की तुलना में सतर्कता बढ़ा दी गई है। बाबतपुर एयरपोर्ट भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार है। दो साल पहले वायुसेना का लड़ाकू विमान मिराज 2000 यहां लैंड हुआ था। आपात स्थिति में एयरपोर्ट पर तैयारियों का अभ्यास किया गया था।
गबन का आरोपी हेड कैशियर गया जेल
लोहता थाने की पुलिस ने बैंक आफ बड़ौदा की शाखा के हेड कैशियर संदीप कुमार को बुधवार को गबन के आरोप में गिरफ्तार किया। संदीप के खिलाफ मंगलवार को लोहता थाने में बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक संजीव कुमार वर्णवाल ने मुकदमा दर्ज कराया था।
लोहता थानाध्यक्ष निकिता सिंह ने बताया कि संदीप कुमार पर आरोप है कि उसने चार ग्राहकों के 2.70 लाख रुपये उनके खाते में जमा नहीं किया। जबकि, उन्हें पैसा जमा करने की रसीद बैंक की मुहर लगाकर थमा दिया। मुकदमा दर्ज कर आरोपी संदीप कुमार को लोहता कस्बा प्रभारी अनुज शुक्ला ने केराकतपुर से गिरफ्तार किया है।
घर से दवा लेने निकले बुजुर्ग का शव दूसरे दिन पेड़ के नीचे मिला
चोलापुर के आयर गांव में बुधवार सुबह एक वृद्ध का शव आम के पेड़ के नीचे मिला। चोलापुर थाने की पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। चोलापुर थाना क्षेत्र के आयर गांव निवासी रामजी प्रसाद वर्मा (70) अमर शहीद इंटर कॉलेज से कार्यालय सहायक पद से सेवानिवृत्त थे। परिजनों ने बताया कि रामजी मंगलवार शाम घर से आयर बाजार दवा लेने निकले थे।
देर रात तक वह घर वापस नहीं लौटे, तो परिजनों ने खोजबीन की, लेकिन कहीं पता नहीं लगा। बुधवार सुबह गांव से करीब 400 मीटर दूर सड़क किनारे आम के पेड़ के नीचे शव मिला। शरीर पर कहीं भी चोट के निशान नहीं थे। शव के पास उनका चश्मा और दवाइयां पड़ी थीं।
चोलापुर थाने की पुलिस फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस और परिजनों ने ह्रदयाघात या तेज गर्मी के कारण मौत की आशंका जताई है। इस संबंध में चोलापुर थानाध्यक्ष ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह स्पष्ट होने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
निगम ने 75 किलो प्लास्टिक जब्त कर वसूला जुर्माना, हटवाए अतिक्रमण
नगर निगम की ओर से बुधवार को प्रतिबंधित प्लास्टिक और अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया गया। प्रवर्तन दल के प्रभारी कर्नल संदीप शर्मा की अगुवाई में मांडवी जोन के ककरमत्ता उत्तरी में एक प्लास्टिक व्यापारी के यहां स्टोर में 75 बोरी प्रतिबंधित प्लास्टिक पकड़ा गया। इसका वजन 2025 किलो रहा।
इसे जब्त करने के साथ 101200 रुपये जुर्माना वसूला गया। इसके अलावा गोविंदपुरी कालोनी की सड़क और चिल्ड्रेन पार्क से अवैध कब्जा हटवाया गया। साथ ही जमीन का कागजात के साथ अतिक्रमण करने वालों को नगर निगम कार्यालय बुलाया गया। महमूरगंज तिराहा से रथयात्रा चौराहे तक पाथवे पर ठेला, दुकान लगाने वालों के अतिक्रमण हटवाए गए। इस दौरान जुर्माना वसूला गया।
महमूरगंज के पाथवे से अवैध अतिक्रमण को हटवाकर जुर्माना वसूला गया। लंका में चाय की दुकान लगाकर अतिक्रमण की शिकायत की गई। मौके पर दुकान न मिलने पर शिकायतकर्ता को अतिक्रमण की दोबारा सूचना देने को कहा गया। महमूरगंज तुलसीपुर में मंदिर की जमीन के संबंध में भवन स्वामी को कागजात के साथ निगम बुलाया गया।
बैटरी चोरी के मामले में पीड़ित ने की शिकायत
शिवपुर के सिकरौल सेंट्रल जेल रोड अंश न्यूरो हॉस्पिटल के पास से लहुराबीर निवासी संजीव चतुर्वेदी के ऑटो का नट बोल्ट खोल कर बैटरी चोरी हो गई। संजीव चतुर्वेदी ने शिकायत में बताया कि हॉस्पिटल के पास उनकी दुकान है। वहीं पर 4 मई की शाम को ऑटो खड़ा कर गया था, 5 मई को सुबह लौटने पर देखा कि बैटरी चोरी हो गई है। पास में कई सीसीटीवी कैमरे लगे हैं, लेकिन कोई फुटेज नहीं दिखा रहा है। इस मामले में थाना प्रभारी ने बताया कि जांच की जा रही है।
गर्भवती महिला और परिजनों की पिटाई के आरोप में केस
करौंदी में नीरज पटेल के घर में घुसकर मंगलवार को उनकी और गर्भवती पत्नी को मारपीट कर घायल कर दिया गया। चितईपुर थाने की पुलिस ने नीरज की शिकायत पर नेवादा की रहने वाली नेहा केसरी, प्रदीप केसरी और मच्छरहट्टा के गोलू केसरी के अलावा सात अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है।
नीरज का आरोप है नेहा, प्रदीप और गोलू का गिरोह है। तीनों ब्याज पर पैसा देकर मनमाने तरीके से वसूलते हैं। नीरज ने बेटी के एडमिशन के लिए दस हजार रुपये ब्याज पर लिए थे। ब्याज सहित पूरा पैसा लेने के बाद भी और पैसे की मांग की।
जमीन विवाद में मां-बेटे की पिटाई, मुकदमा दर्ज
फूलपुर थाना क्षेत्र के थरी गांव में जमीन विवाद को लेकर एक महिला और पुत्र की पिटाई की गई। घायल महिला का पुलिस ने प्राथमिक उपचार कराया। थरी गांव निवासी विजय यादव की पत्नी पूनम देवी ने पुलिस को बताया कि 6 मई की शाम जमीन के विवाद को लेकर गांव के ही अमरनाथ, लालमनी देवी और बृजेश यादव गालीगलौज करने लगे। विरोध करने पर तीनों बाल पकड़ कर लात-घूसों और लाठी से हमला कर दिया। शोर सुनकर पुत्र विवेक यादव बीचबचाव करने आया तो उसे भी पीटा। फूलपुर थाने की पुलिस मुकदमा दर्ज कर जांच कर रही है।
लेखपाल को जान से मारने की धमकी, केस
सिंधौरा के कोर्रा गांव में अन्नपूर्णा गोदान भवन के लिए जमीन का सीमांकन करने गए क्षेत्रीय लेखपाल को मनबढ़ों ने जान से मारने की दी धमकी। लेखपाल ने जिलाधिकारी और उप जिलाधिकारी पिंडरा को लिखित जानकारी दी। गांव में लेखपाल कमलेश सोनकर अन्नपूर्णा गोदान भवन बनाने के लिए 5 मई की शाम को जमीन का सीमांकन ग्राम प्रधान और ग्रामीणों की उपस्थिति में कर रहे थे।
आरोप है कि उसी दौरान गांव के अभिनव पांडेय व उसके भाई ने गालीगलौज और मारपीट कर सरकारी काम में बाधा पहुंचाई। साथ ही गोली से मारने की धमकी दी। लेखपाल की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ सिंधौरा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।
प्रवर्तन टीम ने दो अवैध निर्माण सील कर पुलिस को साैंपा
वीडीए की प्रवर्तन टीम ने बुधवार को नोटिस देकर दो अवैध निर्माण सील कर पुलिस को सुपुर्द किया गया। जोनल अधिकारी शिवाजी मिश्रा ने सिकरौल वार्ड के नदेसर में 300 वर्गमीटर भूमि पर तीन तल का अवैध निर्माण कराया जा रहा था। इसी प्रकार वरुणा पुल के पास संगीता जायसवाल की ओर से दो तल का अनधिकृत निर्माण हो रहा था। दोनों अवैध निर्माणों को सील किया गया।
लल्लापुरा में दूषित जलापूर्ति की समस्या झेल रहे लोग
लल्लापुरा हनुमान मंदिर के पास दूषित जलापूर्ति की समस्या की शिकायत क्षेत्रीय लोगों ने पार्षद हारून अंसारी से की है। सुबह और शाम को होने वाली जलापूर्ति के समय काफी बदबू रहता है। इस पानी का इस्तेमाल करने से लोग परहेज कर रहे हैं।
क्षेत्र के इमरान ने बताया कि हनुमान मंदिर के आसपास के कई मकानों में दूषित जलापूर्ति हो रही है। पार्षद ने बताया कि यहां पर दूषित जलापूर्ति की समस्या है। जलकल के अधिकारियों से समस्या बताई गई है। जलकल के सचिव ओपी सिंह के अनुसार यहां लाइन की जांच की जा रही है। जल्द ही दूषित जलापूर्ति की समस्या समाप्त हो जाएगी।
संदिग्ध परिस्थितियों में नीलगाय मरी
जंसा थाना क्षेत्र की बरनी गांव में नाले के पास बुधवार को संदिग्ध परिस्थितियों में नीलगाय मर गई। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने शव का पोस्टमार्टम करने के बाद उसे दफनाया। ग्रामीणों ने बताया कि किसानों की ओर से फसलों को बचाने के लिए खेत के चारों तरफ तार लगाकर करंट दौड़ाया जाता है। जिसकी चपेट में आने से नीलगाय मर गई। पहले भी कई जानवर करंट की चपेट में आ चुके हैं। वन रेंजर दिवाकर दुबे ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद यही वजह पता चलेगी। अगर करंट लगने से हुई है तो किसानों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
फया राजभर के परिजनों को सपा ने दिए एक लाख
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर एक प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को सेवापुरी विधानसभा के बेनीपुर, माहेशपट्टी गांव पहुंचा। 25 अप्रैल को फया राजभर को कुछ लोगों ने जबरदस्ती घर से उठा लिया था। 29 अप्रैल को फया का शव कुंडलियां के कुएं से बरामद हुआ था। सदस्यों ने परिजनों से मिलकर शोक संवेदना जताई। लोगों से घटना की सही जानकारी प्राप्त की।
प्रतिनिधिमंडल ने मृतक की विधवा को एक लाख का आर्थिक सहयोग दिया। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने कल्लीपुर में जाकर नहर के पास मृत मिले गौतम राजभर के परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना जताई। साथ ही बीस हजार की आर्थिक मदद की। राष्ट्रीय महासचिव राम अचल राजभर ने कहा कि भाजपा सरकार में अन्याय, अत्याचार चरम पर है।
पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह पटेल ने उप जिलाधिकारी राजातालाब से बातकर दोनों परिवारों को दुर्घटना बीमा योजना के तहत चार लाख की मदद दिलाने, राष्ट्रीय परिवार लाभ योजना के तहत तीस हजार रुपये की सहयोग राशि, विधवा पेंशन दिलाने की बात कही। उप जिलाधिकारी ने मदद का भरोसा जताया। सुजीत यादव लक्कड़, कमलाकांत राजभर, श्रीप्रकाश, रीबू श्रीवास्तव, प्रदीप जायसवाल शामिल रहे।
सारनाथ में अवैध निर्माण किया सील
वीडीए की प्रवर्तन टीम ने बुधवार को सारनाथ वार्ड के रमदत्तपुर में अवैध निर्माण सील किया। ओम नगर कॉलोनी में अभिषेक मौर्या की ओर से निर्माण के बाद फिनिशिंग कराई जा रही थी। अवैध निर्माण सील कर थाने को सौंपा गया। इस मौके पर जोनल अधिकारी श्रीप्रकाश, अवर अभियंता विनोद कुमार की अगुवाई में सील की कार्रवाई हुई।
मानचित्र के विपरीत काम कराने पर तीन अवैध निर्माण सील
वीडीए की ओर से बुधवार को सिकरौल वार्ड में तीन अवैध निर्माण सील किए गए। बुद्ध विहार कॉलोनी में विकास जायसवाल की ओर से सेटबैक कवर कर निर्माण कराया गया। जिस पर नोटिस दिया गया था। बावजूद काम कराने पर अवैध निर्माण सील कर पुलिस को सौंपा गया। अरुण तिवारी की ओर से दो तल का स्वीकृत करवाकर चार का निर्माण कराने पर नोटिस दिया गया था।
इसके बाद भी काम हो रहा था। अवैध निर्माण सील कर संबंधित थाने को सौंपा गया। कॉलोनी के ही मोहित पाल की ओर से मानचित्र के विपरीत निर्माण कराने पर नोटिस दिया गया। बावजूद काम जारी रखने पर अवैध निर्माण सील कर पुलिस को सौंपा गया। जोनल अधिकारी शिवाजी मिश्रा, अवर अभियंता रोहित कुमार की देखरेख में कार्रवाई हुई।
रविदास और हनुमान घाट पर दो युवकों के शव मिले
रविदास घाट और हनुमान घाट पर बुधवार सुबह गंगा किनारे दो युवकों के शव उतराए मिले। लंका और भेलूपुर थाने की पुलिस पहुंची, लेकिन दोनों शव की पहचान नहीं हो सकी। लंका थाने की पुलिस के अनुसार, रविदास घाट पर जिस युवक का शव मिला है।
उसने फुल बांह की चेकदार शर्ट और नीले रंग की जींस पहन रखी थी। उसकी उम्र लगभग 35 साल है। भेलूपुर थाने की पुलिस ने बताया कि हनुमान घाट पर जिस युवक का शव मिला है, उसने नीले रंग की टी-शर्ट और लुंगी पहन रखी है। उसकी उम्र लगभग 45 साल है।
काशी जोन की 7 चौकियों पर नए इंचार्ज तैनात
डीसीपी गौरव बंसवाल ने बुधवार को काशी जोन की सात पुलिस चौकियों में नये इंचार्ज तैनात किए। इस क्रम में सब इंस्पेक्टर गौरव कुमार मिश्रा को सूजाबाद, जितेंद्र कुमार को सप्तसागर, पंकज पांडेय को सोनिया, पवन पांडेय को खोजवा, प्रशांत शिवहरे को लल्लापुरा और अजय कुमार को तेलियानाला चौकी का इंचार्ज बनाया गया है। सब इंस्पेक्टर अरुण कुमार को आदमपुर और शिव स्वरूप पांडेय को दशाश्वमेध थाने में तैनात किया गया है।
गेहूं खरीद की धीमी गति पर डीएम ने तीन केंद्र प्रभारियों को किया निलंबित
गेहूं खरीद को लेकर बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक हुई। खरीद की गति धीमी होने पर जिलाधिकारी ने तीन केंद्र प्रभारियों को निलंबित कर दिया। जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने सबसे कम खरीद करने वाले पीसीएफ के केंद्र प्रभारी, कोरौता गोपालपुर के संजय वर्मा, परमानंदपुर के ऋषि सिंह और भवानीपुर के राजेश सिंह को तत्काल निलंबित करने को कहा।
पीसीयू के केंद्र प्रभारी कनियर और भारतीय खाद्य निगम के केंद्र प्रभारी, मंडुआडीह को नोटिस जारी करने के लिए कहा। कहा कि शहरी क्षेत्रों में जिन क्रय केंद्रों पर खरीद कम हो रही है, उन्हें ऐसे स्थानों पर स्थानांतरित किया जाए जहां गेहूं खरीद की अधिक संभावना हो।
किसानों तक पहुंच बढ़ाने के लिए उप जिलाधिकारियों के माध्यम से लेखपाल को ग्रामवार पांच किसानों के नाम उपलब्ध कराने को कहा जो गेहूं विक्रय करने के इच्छुक हैं। अब तक पंजीकृत 1465 किसानों में से मात्र 433 किसानों से ही गेहूं खरीद हुई है। जिलाधिकारी ने कहा कि किसानों के घर-घर जाकर मोबाइल क्रय के माध्यम से गेहूं खरीद लक्ष्य शत-प्रतिशत पूर्ण कराया जाए। चेतावनी दी कि लक्ष्य प्राप्ति न होने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
आईआईवीआर में सब्जी अनुसंधान की समीक्षा, भविष्य की रणनीति पर हुई चर्चा
भारतीय सब्जी अनुसंधान संस्थान (आईआईवीआर) में तीन दिवसीय 31वीं शोध परिषद की वार्षिक बैठक बुधवार को हुई। इसमें सब्जी अनुसंधान से जुड़े काम की समीक्षा और भविष्य की चुनौतियों का सामना करने की रणनीति तैयार की गई।
संस्थान के निदेशक डॉ. राजेश कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में वैज्ञानिकों ने पिछले एक वर्ष में किए गए शोध कार्यों और उनकी उपलब्धियों का जानकारी दी। भविष्य की अनुसंधान योजनाओं पर भी विचार-विमर्श किया गया। बैठक में संस्थान के पूर्व निदेशक डॉ. जगदीश सिंह और पूर्व विभागाध्यक्ष डॉ. एबी राय भी उपस्थित थे।
प्रो. शैलेश ने कार्यभार ग्रहण किया
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में सामाजिक विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. शैलेश कुमार मिश्र ने बुधवार को नवनियुक्त छात्र कल्याण संकायाध्यक्ष का पदभार ग्रहण किया। निवर्तमान छात्र कल्याण संकायाध्यक्ष प्रो. हरिशंकर पांडेय से संकाय प्रमुख का चार्ज लेते हुए प्रो. शैलेश ने बताया कि इस विभाग में विद्यार्थियों के कल्याण एवं उत्थान के लिए संकल्पित भाव से कार्य करेंगे।
हाथों की मेंहदी और हल्दी का भी पूरा हिसाब चुकाएगी सेना
आतंकवाद पूरी दुनियां के लिए आज सबसे बड़ी चुनौती बन चुका है। पाकिस्तानी आतंकियों ने जो घृणित हमला पहलगाम में किया था कल रात उस पर सीधी कार्यवाही करते हुए पाकिस्तान की सर जमीं पर पल रहे आतंकी और उनके ठिकानों को नेस्तनाबूद कर दिया है। पाकिस्तान को अब इसकी पूरी कीमत चुकानी ही होगी।
उक्त बातें संकल्प संस्था के अनिल जैन ने कहीं। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार अपने किए वादों के अनुसार जो कदम उठा रही है, पूरा देश उनके साथ खड़ा है। आज संकल्प संस्था का पूरा परिवार भारत और हमारे जाबांज सैनिकों के साथ कदम से कदम मिलाकर उनके साथ खड़ा है। अनिल जैन ने कहा कि सिंदूर के साथ साथ नई दुल्हनों के हाथों की मेंहदी और हल्दी का भी पूरा हिसाब चुकता करेंगे हमारी सेना।
कार्रवाई ऐसी करें जिससे पाकिस्तान सौ साल पीछे चला जाए : शंकराचार्य
ज्योतिष्पीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने पाकिस्तान में छुपे आतंकियों पर कार्रवाई का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि भारतीय सरकार से अभी और कार्रवाई की उम्मीद है। सरकार ऐसी कार्रवाई करे जिससे पाकिस्तन सौ साल पीछे धकेल दिया जाए। आतंकियों को पनाह देने वाला पाकिस्तान उतना ही गुनहगार। सरकार ने सोच समझ कर ऑपरेशन को सिंदूर का नाम दिया है। मांग का सिंदूर उजाड़ने वालों की अब खोपड़ी पर सिंदूर चढ़ेगा। देश लंबे समय से कार्रवाई की प्रतीक्षा कर रहा था।
महिलाओं ने मां भगवती एवं हनुमान जी को अर्पित किया सिंदूर
भारतीय सेना के ऑपरेशन सिंदूर की खुशी में बुधवार को खुशियां मनाई गई। जागृति फाउंडेशन की महिला महिला सदस्यों ने लोकनाथ मंदिर में मां भगवती एवं हनुमान जी को सिंदूर अर्पित कर सेना को शक्ति प्रदान करने की देवी-देवताओं से कामना की। इस अवसर पर समाजसेविका साधना यादव व चिंतामणि वर्मा के नेतृत्व में महिलाओं ने सर्वप्रथम मां भगवती को सिंदूर चढ़ाया उसके बाद हनुमान जी को भी पुजारी जी के माध्यम से सिंदूर अर्पित किया।
इस अवसर पर साधना यादव ने कहा कि आज ऑपरेशन सिंदूर के जरिए पहलगाम का बदला सेना के जवानों ने ले लिया। चिंतामणि वर्मा ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर चलाकर महिलाओं की सिंदूर की लाज बचाई है। हम चाहते हैं कि पूरे विश्व से आतंकवाद का समूल नष्ट हो जाए। कार्यक्रम का संचालन रामयश मिश्र ने किया। इस अवसर पर सोनी मिश्रा, वंदना चतुर्वेदी, विभा मिश्रा, प्रीति सिंह उपस्थित थीं।
पॉलिटेक्निक में आवेदन की अंतिम तिथि 10 मई तक
राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज एवं राजकीय महिला पॉलिटेक्निक कॉलेज में हाईस्कूल, इंटर के छात्र-छात्राओं के विभिन्न कोर्स संचालित किए जा रहे हैं। इसके लिए 10 मई तक आवेदन किया जा सकता है। विद्यार्थी वेबसाइट jeecup.admissions.nic.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
जनपद में 45 पॉलिटेक्निक कॉलेज हैं। इनमें दो सरकारी और 43 प्राइवेट हैं। इनमें 4500 से अधिक सीटें है। प्रधानाचार्य प्रमोद सिंह ने बताया कि परीक्षा में मेरिट के आधार पर प्रवेश दिया जाएगा। सामान्य एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए 300 और अनुसूचित जाति के लिए 200 रुपये आवेदन फीस है।
काशी विद्यापीठ में सात दिन तक योगाभ्यास करेंगे विद्यार्थी
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के शिक्षाशास्त्र विभाग में बीएड के विद्यार्थियों के लिए सात दिवसीय योग शिविर का शुभारंभ बुधवार को हुआ। सात दिन तक विद्यार्थियों को सूर्य नमस्कार, ध्यान, आसन एवं प्राणायाम का नियमित अभ्यास कराया जाएगा।
शिविर के उद्घाटन समारोह में विभागाध्यक्ष प्रो. सुरेंद्र राम ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य भावी शिक्षकों को स्वस्थ एवं निरोग जीवन हेतु प्रेरित एवं जागरूक करना है। स्वस्थ शरीर में स्वस्थ मस्तिष्क का विकास करना ही शिक्षा का प्रयोजन होता है। इस दौरान डॉ. दिनेश कुमार, डॉ. बालरूप यादव, सौरभ सिंह, श्रवण कुमार यादव, वैशाली और अस्मिता मौजूद रहे।
ऑपरेशन सिंदूर के नाम पर किया 102वां रक्तदान
काशी रक्तदान नेत्रदान कुटुंब के संस्थापक सचिव राजेश कुमार गुप्ता ने बुधवार को ऑपरेशन सिंदूर के नाम पर होमी भाभा कैंसर अस्पताल में 102वां रक्तदान किया। सराय मोहाना कोटवा निवासी राजेश ने बताया कि वर्तमान समय में देश हर तरह चौकन्ना और महफूज है।
फिर भी अगर रक्त से सम्बंधित किसी भी प्रकार की जरूरत आपदा में पड़ेगी तो रोटरी क्लब सदस्य और केआरके सदस्य सदैव तैयार रहेंगे। इस मौके ओर रवि सरीन ने भी अपना प्लेटलेट्स दान किया। इस दौरान नीरज पारिख, केशव जालान, परदीप इसरानी, नमित पारिख, धीरज मल्ल, प्रशांत गुप्ता, आशीष केसरी आदि लोग मौजूद रहे।
महंगाई भत्ते पर वित्त एवं लेखाधिकारी से की मुलाकात
शिक्षकों की समस्याओं को लेकर राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को बेसिक शिक्षा विभाग के वित्त एवं लेखाधिकारी प्रदीप कुमार पाल से मुलाकात की। महंगाई भत्ते (डीए) की राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली (एनपीएस) कटौती के संबंध में भी चर्चा की।
वित्त एवं लेखाधिकारी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि शीघ्र ही एनपीएस का अभिदान भेज दिया जाएगा। जिलाध्यक्ष शशांक कुमार पांडेय, जिला महामंत्री आनंद कुमार सिंह, जिला संयुक्त मंत्री संजीव त्रिपाठी, अनुराधा भार्गव उपस्थित रहे।
बीएचयू में खाना निगलने में परेशानी वाले मरीजों को मिलेगा परामर्श
आईएमएस बीएचयू के गैस्ट्रोइंट्रोलॉजी विभाग में एआईजी अस्पताल हैदराबाद के विशेषज्ञ प्रो. मोहन राम चांदनी 17 मई को गैस्ट्रोइंट्रोलॉजी विभाग में मौजूद रहेंगे। विभागाध्यक्ष डॉ. देवेश कुमार यादव ने बताया कि ऐसे मरीज जिनको आहार नली से खाना निगलने में परेशानी होती है, वो प्रो.चांदनी से मिलकर परामर्श ले सकते हैं। उस बीमारी को पीओईएम विधि कहते हैं।
कमरा नंबर 19 से 24 में प्रो. चांदनी पीओईएम विधि से इलाज के बारे में प्रशिक्षण देंगे। इस बीमारी को चिकित्सकीय भाषा में एक्लाजीआ कार्डिया के नाम से जाना जाता है। डॉ. देवेश ने बताया कि बीएचयू में पहली बार इस विधि का प्रयोग कर इलाज की जानकारी मिलेगी।
जैतपुरा, चितईपुरा इलाके में दो घंटे गुल रहेगी बिजली
बिजली निगम की ओर से बिजनेस प्लान के तहत बिजली उपकरणों के मरम्मत, नए उपकरणों के लगाए जाने की वजह से गुरुवार को जैतपुरा, चितईपुर इलाके में दो घंटे बिजली गुल रहेगी। अधिशासी अभियंता नगरीय विद्युत वितरण मंडल प्रथम कार्यालय की ओर से इसका आदेश जारी किया गया है।
इसमें यह बताया गया कि बृहस्पतिवार को कज्जाकपुरा उपकेंद्र से सुबह 10 बजे से 12 बजे तक जैतपुरा, दोषीपुरा, डिगीया, कमलगड़हा इलाके में बिजली नहीं रहेगी। इसके साथ ही अमरा खेरा उपकेंद्र से अमरा, चितईपुर आसपास के इलाके में भी 11 से 1 बजे तक आपूर्ति बाधित रहेगी।
औद्योगिक आस्थान चांदपुर में फ्लैटेड फैक्ट्री से उद्यमियों की उम्मीदों को लगेंगे पंख
राजकीय औद्योगिक आस्थान चांदपुर में प्रस्तावित फ्लेटेड फैक्ट्री परियोजना के सरकार की पहल का दी स्मॉल इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने स्वागत किया है। एमएसएमई सभागार में आयोजित कार्यशाला में सहायक आयुक्त उद्योग अजय कुमार ने कहा कि इस फैक्ट्री के निर्माण से उद्यमियों की उम्मीदों को पंख लगेंगे।
हितधारक परामर्श कार्यशाला में सहायक आयुक्त ने कहा कि कार्यशाला का उद्देश्य परियोजना से जुड़ी तकनीकी जानकारी साझा करना और विभिन्न औद्योगिक संगठनों, विशेषज्ञों और उद्यमियों से सुझाव प्राप्त करना था। दी स्मॉल इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश भाटिया ने प्रस्तावित फ्लेटेड फैक्ट्री परियोजना को वाराणसी के औद्योगिक विकास की दिशा में एक मील का पत्थर बताया। तकनीकी सत्र में यूपीएसआईसी के रूपक गुप्ता, अभिषेक सिंह ने फ्लेटेड फैक्ट्री के तकनीकी पक्षों, निर्माण मॉडल एवं सुविधाओं की प्रस्तुति दी।
ओडीओपी के जोनल कंसल्टेंट बलराम कुमार ने क्षेत्रीय एमएसएमई इकाइयों की आवश्यकताओं पर आधारित अपेक्षा-मानचित्र प्रस्तुत किया, जिसे योजना में सम्मिलित किया जा सकता है। कार्यक्रम में जितेंद्र सिंह , सहायक निदेशक एमएसएमई राजेश कुमार चौधरी, प्रशांत अग्रवाल, दिनेश जैन, मनीष कटारिया, अजय जायसवाल आदि लोग मौजूद रहे।
अधिवक्ताओं ने ऑपरेशन सिंदूर पर मिठाइयां बांटीं
पिंडरा तहसील में ऑपरेशन सिंदूर पर अधिवक्ताओं ने खुशी जाहिर की। एक दूसरे को मिठाइयां बांटीं। अधिवक्ताओं ने कहा कि आतंकवादियों के सफाए पर हम अधिवक्ता भारत सरकार के साथ कंधा से कंधा मिलाकर चलेंगे, अगर जरूरत पड़ी तो हम सरकार के कहने पर पाकिस्तान से युद्ध भी लड़ेंगे। इस दौरान अध्यक्ष कृपा शंकर पटेल, महामंत्री सुधीर सिंह, उपाध्यक्ष जुबेर खान, शिव पूजन सिंह, राजेश सिंह, अश्वनी सिंह, अधिवक्ता उपस्थित रहे।
यूनिटी मॉल के लिए बिल्डिंग का होगा मूल्यांकन
नगर निगम के आदमपुर जोन कार्यालय के पास 5733 वर्गमीटर में बनने वाले यूनिटी माॅल का निर्माण जल्द शुरू होगा। इसके लिए आसपास की बिल्डिंग का मूल्यांकन किया जा रहा है। जिला प्रशासन की ओर से इसकी जिम्मेदारी नगर निगम के अधिकारियों काे दी गई है।
इसमें हस्तशिल्प और पारंपरिक वस्त्रों का प्रदर्शन और बिक्री की तैयारी है। यहां बुनकरों और शिल्पकारों के उत्पादों को माॅल में विशेष स्थान दिया जाएगा। साथ ही, मेक इन इंडिया अभियान को बढ़ावा दिया जाएगा। इसका संचालन नगर निगम व सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग संयुक्त रूप से करेगी। यह शहर का पहला यूनिटी मॉल होगा। माॅल के निर्माण और संचालन में स्थानीय युवाओं को काम मिलेगा। माॅल का मुख्य उद्देश्य राष्ट्रीय एकीकरण के तहत स्थानीय हस्तशिल्प उत्पाद, मेक इन इंडिया, ओडीओपी प्रयासों को बढ़ावा देना। इसमें शो-रूम खोला जाएगा।
माॅल में एक ऑडिटाेरियम, फूड स्टाल, सुंदर बगीचा भी बनवाने का प्रस्ताव है। वहीं, माॅल का एक तल का उपयोग नगर निगम स्वयं करेगा। पिछले दिनों नगर निगम की ओर से अभियान चलाकर आसपास से झुग्गी झोपड़ियों को हटाया गया था। इसके बाद यहां निर्माण कार्य शुरू करने से पूर्व सभी एजेंसियों से क्लीरेंस लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
बिजली निगम के कंट्रोल रूम में कटौती की कर सकेंगे शिकायत
बिजली निगम के भिखारीपुर कार्यालय में कंट्रोल रूम खोलवाया गया है। बिजली आपूर्ति सहित बिजली संबंधी अन्य समस्या पर उपभोक्ता दूरभाष नंबर 0542-2300177 और मोबाइल नंबर 9140084001 पर 24 घंटे शिकायत कर सकेंगे। मुख्य अभियंता कार्यालय की ओर से इसका आदेश जारी किया गया है। इसमें कहा गया है कि विद्युत आपूर्ति से सम्बन्धित किसी भी समस्या की शिकायत दर्ज कराने के लिये कन्ट्रोल रूम में शिकायत की जा सकती है।
पुलिस आयुक्त को मातृशोक
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल की मां दुर्गावती अग्रवाल (82) का बुधवार को निधन हो गया। वह कुछ समय से बीमार चल रही थीं। उनकी अंतिम यात्रा गुरुवार को बरेली के ग्रेटर ग्रीन पार्क स्थित आवास से निकलेगी। वह अपने पीछे पति सेवानिवृत्त शिक्षक कृष्ण मोहन अग्रवाल, चार पुत्रों और एक पुत्री का भरा-पूरा परिवार छोड़ गई हैं। पुलिस आयुक्त की मां के निधन पर जिले के जनप्रतिनिधियों, पुलिस-प्रशासनिक अफसरों और समाज के संभ्रांत लोगों ने शोक जताया है।
सारंगी स्टाइल इन हिंदुस्तानी म्यूजिक का हुआ लोकार्पण
इंटैक वाराणसी चैप्टर और इंडिका बुक्स की ओर से अस्सी स्थित होटल गंगेज व्यूज में बुधवार की शाम को स्वर संवाद का कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि पद्मश्री पं. ऋत्विक सान्याल और पं. रबिंद्र नारायण गोस्वामी ने इंडिका बुक्स की ओर से प्रकाशित निकोलस मैग्रियल की पुस्तक सारंगी स्टाइल इन हिंदुस्तानी म्यूजिक का लोकार्पण किया गया। अलवारो ने पुस्तक परिचय दिया।
पं. कन्हैया लाल मिश्र ने सारंगी के इतिहास और वादन शैली पर प्रकाश डालते हुए लेखक के विषय में भी जानकारी दी। इसके बाद राग पूरिया धनाश्री में आलाप के साथ पंडित कन्हैया लाल मिश्र के शिष्य ओम सहाय ने सारंगी पर सांगीतिक कार्यक्रम का प्रारंभ किया। इसके बाद इसी राग में अपनी गुरु परंपरा की सुंदर रचना प्रस्तुत की। राग भैरवी से अपनी प्रस्तुति का समापन किया।
इंटैक वाराणसी संयोजक अशोक कपूर ने बताया कि दुर्लभ परंपराओं के संरक्षण के लिए इंटैक द्वारा कार्यशालाएं तथा इस प्रकार के अन्य कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। शशांक नारायण सिंह एवं अशोक कपूर ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. अनुराधा रतूड़ी ने किया। इस दौरान पं. धर्मनाथ मिश्र, पं. पंकज मिश्र, अनिल केशरी, डॉ. आशीष जायसवाल उपस्थित रहे।
भूमि कटान रोकने के लिए तटबंध निर्माण का किया शुभारंभ
गंगा किनारे भूमि कटान के लिए तटबंध निर्माण शुरु हो गया है। कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने बुधवार को शुभारंभ किया। तीन करोड़ रुपए की लागत से बनाया जा रहा है। राजभर ने कहा कि बाढ़ के समय गंगा किनारे बसे दो दर्जन से अधिक गांवों के किसानों की कीमती जमीन प्रतिवर्ष जल में समाहित हो जाती है।
सरकार बाढ़ की समस्या का स्थाई समाधान तलाश रही है। लेकिन इसमें समय लगेगा। ढाब क्षेत्र के मोकलपुर से अम्बा के सामने सोता पर पक्का पुल निर्माण मेरी प्राथमिकता में है, जिसके बनने पर ढाब वासियों के आवागमन हेतु एक और मार्ग हो जाएगा। इसके बाद क्षेत्रवासियों को क्षेत्र में एक सिरे से दूसरी ओर जाने में 10 किलो मीटर की दूरी कम तय करनी होगी। इस अवसर पर संजय सिंह, गौरव सिंह, प्रिंस चौबे, दीपक पांडेय आदि उपस्थित रहे।
बाबा विश्वनाथ को चढ़ाई 1100 कमल की माला
ऑपरेशन सिंदूर के बाद शिवभक्तों ने बाबा दरबार में विशेष पूजन किया। भारतीय सेना के शौर्य को बढ़ाने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को विधर्मियों की बद्दुआ से बचाने के लिए बाबा से प्रार्थना की गई। बाबा विश्वनाथ को 11 सौ कमल के फूल की माला और छह किलोग्राम मलाई गिलौरी और पांच किलो मालपुआ का भोग लगाया गया।
बुधवार की शाम को बाबा विश्वनाथ के भक्त हर-हर महादेव का जयकारा लगाते हुए श्री काशी विश्वनाथ धाम पहुंचे। बाबा विश्वनाथ के स्वर्ण शिखर को प्रणाम करके सभी गर्भगृह में पहुंचे। उन्होंने बाबा विश्वनाथ को 11 सौ कमल की माला अर्पित की। बाबा विश्वनाथ से सेना के शौर्य को बढ़ाने के लिए प्रार्थना और अभिषेक किया।
इसके साथ ही बाबा विश्वनाथ को छह किलो मलाई गिलौरी और पांच किलोग्राम मालपुआ अर्पित किया गया। इस दौरान अभिषेक द्विवेदी गणेश, अजय शर्मा, संजय मिश्र, कन्हैया दुबे केडी, रवि राय, श्रीशरंजन त्रिपाठी, अवनीश द्विवेदी, हितेश दूबे मौजूद रहे।
अधिवक्ताओं ने निकाला विजय जुलूस, बांटी मिठाई
पाकिस्तान और पाक अधिकृत कश्मीर में आतंकियों के ठिकानों पर भारतीय वायुसेना द्वारा किए गए जबरदस्त प्रहार से दीवानी कचहरी के अधिवक्ता बुधवार को गदगद दिखे। दोपहर एक बजे अधिवक्ता हाथों में तिरंगा लेकर बनारस बार एसोसिएशन के सभागार पहुंचे और एक-दूसरे को मिठाई खिलाए। भारत माता की जय,वंदे मातरम, भारतीय सेना जिंदाबाद और पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे लगाते हुए अधिवक्ताओं ने दीवानी कचहरी परिसर में जुलूस निकाला।
जुलूस की शक्ल में अधिवक्ता सर्किट हाउस होते हुए डीएम पोर्टिको पहुंचे और सभा किए। अधिवक्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद ज्ञापित किया। बनारस बार एसोसिएशन के पूर्व महामंत्री नित्यानंद राय ने कहा कि देश पाकिस्तान को तीन टुकड़े होते हुए देखना चाहता है। पाक अधिकृत कश्मीर को देश पुनः वापस लेना चाहता है और यह काम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रहते हुए ही संभव है।
इस दौरान बनारस बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सतीश तिवारी, महामंत्री शशांक श्रीवास्तव, सेंट्रल बार एसोसिएशन के महामंत्री राजेश गुप्ता, नित्यानंद राय, गौतम झा, अजय शर्मा, राजेश प्रसाद सिंह सहित कई अधिवक्ता मौजूद रहे।
अधिवक्ताओं ने निकाला विजय जुलूस,बांटी मिठाइयां
काशी के अधिवक्ताओं ने दीवानी कचहरी में ऑपरेशन सिंदूर को लेकर जुलूस निकाला। उन्होंने पाकिस्तान में आतंकियों के ठिकानों पर भारतीय फौज द्वारा नौ जगह पर एयर स्ट्राइक से प्रसन्नता जताई। अधिवक्ता हाथों में तिरंगा लेकर बनारस बार के सभागार पहुंचे। भारत माता की जय,वंदे मातरम, भारतीय सेना जिंदाबाद, हिंदुस्तानी सेना जिंदाबाद, पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे लगाए।
बनारस बार के पूर्व महामंत्री नित्यानंद राय ने कहा कि देश की जनता पाकिस्तान के तीन टुकड़े होते हुए देखना चाहती है और पाक अधिकृत कश्मीर को पुनः वापस लेना चाहती है। यह काम देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रहते हुए ही संभव है।
अधिवक्ताओं ने सर्किट हाउस होते हुए डीएम पोर्टिको में सभा की और वक्ताओं ने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद ज्ञापित किया। इस दौरान बनारस बार के अध्यक्ष सतीश तिवारी, शशांक श्रीवास्तव, राजेश गुप्ता, गौतम कुमार झा,अजय शर्मा मौजूद रहे।
कस्तूरबा बालिका इंटर कॉलेज में छात्राओं को मिली राह
भविष्य की राह चुनने में छात्राओं की मदद करने और उन्हें करियर विकल्पों के चयन के लिए बुधवार को कस्तूरबा बालिका इंटर कॉलेज में कॅरिअर ओरिएंटेशन कार्यक्रम हुआ। मंडलीय मनोविज्ञान केंद्र की ओर से आयोजित कार्यक्रम में विद्यालय की 114 छात्राओं ने हिस्सा लिया और अपने करियर को लेकर मार्गदर्शन प्राप्त किया। कार्यक्रम विशेष रूप से छात्राओं को उनकी रुचियों, क्षमताओं और बाजार की जरूरतों के आधार पर सही कॅरिअर चुनने में सहायता प्रदान करने के लिए तैयार किया गया था।
मंडलीय मनोविज्ञान केंद्र के विशेषज्ञों ने छात्राओं को कई क्षेत्रों में उपलब्ध अवसरों के बारे में जानकारी दी, जिनमें पारंपरिक करियर के साथ-साथ नए और उभरते हुए क्षेत्र भी शामिल थे। मनोवैज्ञानिक जितेंद्र कुमार ने छात्राओं को बताया कि कैसे वे अपनी पढ़ाई को अपनी करियर से जोड़ सकती हैं और इसके लिए आवश्यक कौशल कैसे विकसित कर सकती हैं।
सुरक्षा के प्रति महिलाओं को किया गया जागरूक
मिशन शक्ति फेज-पांच अभियान के तहत बुधवार को महिला जागरूकता व सशक्तिकरण अभियान के अंतर्गत महिला पुलिस कर्मियों ने महिलाओं को जागरूक किया। थानों में तैनात महिला पुलिसकर्मी एवं एंटी रोमियो स्क्वाड ने मंदिर, बाजार, स्कूलों-कॉलेजो व प्रमुख मार्गों पर महिलाओं को सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।
एंटी रोमियो स्क्वाड ने भीड़भाड़ वाले स्थानों पर बालिकाओं, महिलाओं से वार्ता कर महिला सुरक्षा के संबंध में जागरूक किया।
महिलाएं और बालिकाओं को वुमेन पावर लाइन 1090, महिला हेल्पलाइन 181, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, स्वास्थ्य सेवा 102, एम्बुलेंस सेवा 108 एवं अपने अपने सीयूजी नंबरों के बारे में जानकारी दी। लोगों को साइबर अपराध से सचेत रहने को कहा। यदि कोई व्यक्ति साइबर धोखाधड़ी का शिकार हो जाता है तो उसकी सूचना तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 या 112 पर दें। जिससे समय रहते ही कार्रवाई की जा सके।
सारंग इंटीग्रेटेड कमांड सेंटर का वन भवन में शुभारंभ
सारनाथ स्थित सारंग इंटीग्रेटेड कमांड सेंटर का बुधवार को मुख्य वन संरक्षक प्रयागराज शेष नारायण मिश्रा ने फीता काटकर शुभारंभ किया। यह इंटीग्रेटेड कमांड सेंटर वन हेल्पलाइन-1926 के प्रभावी संचालन और सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान के लिए स्थापित किया गया है।
इसके माध्यम से विभिन्न वन अपराधों जैसे अवैध वृक्ष कटान, अवैध प्रकाष्ठ भंडारण व परिवहन, अवैध आरा मशीन संचालन, अवैध कोयला भट्ठी, वन्यजीवों का अवैध शिकार और व्यापार संबंधी शिकायतों एवं सुझावों को प्राप्त कर उनका शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा। सेंटर 35 करोड़ पौधरोपण के लक्ष्य की निगरानी भी करेगा।
इसके लिए सेंटर पीएमएस (प्लांटेशन मॉनीटरिंग सिस्टम) और एनएमएस (नर्सरी मॉनीटरिंग सिस्टम) पोर्टल्स के माध्यम से सभी 27 विभागों के साथ मंडल स्तर पर समन्वय स्थापित करेगा। इस दौरान वन संरक्षक, वाराणसी मंडल डॉ. रवि कुमार सिंह, वन संरक्षक, प्रयागराज मंडल, प्रभागी वनाधिकारी स्वाति श्रीवास्तव सहित वाराणसी, जौनपुर, प्रतापगढ़, और फतेहपुर के जिला वनाधिकारी एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
डीएम सत्येंद्र कुमार की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम की बैठक हुई। डीएम ने अंत्योदय राशनकार्डों का सत्यापन कराकर लाभार्थियों के स्थान पर पात्र राशनकार्ड जारी के निर्देश दिए। ई-केवाईसी की कार्ययोजना बनाकर शत-प्रतिशत कराने के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि ऐसे परिवार जो छह माह से राशन नहीं ले रहे हैं, उनकी जांच कर अपात्रता की स्थिति में राशन कार्ड निरस्त कर विधवा, दिव्यांग परिवार को राशन कार्ड जारी करें। लंब समय से खाली चल रही दुकानों पर नाराजगी जाहिर की।
डीएम ने अन्नपूर्णा भवन के निर्माण के लिए लक्ष्य के सापेक्ष शत-प्रतिशत निर्माण करने को निर्देशित किया। सिंगल स्टेज डोर स्टेप डिलीवरी की समीक्षा करने पर उचित दर दुकानों तक वाहनों के न पहुंचने पर डीएम ने कहा कि यह स्थिति ठीक नहीं है। कहा कि अधिकृत परिवहन ठेकेदार के माध्यम से उचित दर दुकानों तक शासन की मंशानुसार खाद्यान्न की डिलीवरी कराना सुनिश्चित करें।
जन अधिकार पार्टी ने सौंपा ज्ञापन
जाति जनगणना की तिथि घोषित करने के लिए जन अधिकार पार्टी की ओर से बुधवार को शास्त्री घाट पर राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन डीएम को दिया गया। नेतृत्व जिलाध्यक्ष शैलेंद्र मोर ने किया। पार्टी के संस्थापक व जौनपुर सांसद बाबू सिंह कुशवाहा का जन्मदिन मनाया गया। राष्ट्रीय संगठन मंत्री पटेल विजय नारायण वर्मा ने कहा कि बाबू सिंह कुशवाहा मसीहा हैं। इस अवसर पर दिनेश वर्मा, रामकृष्ण प्रजापति, रमेश कुमार मौर्य, संगीता मौर्य, इंद्र कुमार और राम प्रकाश मौर्य मौजूद रहे।
बीसीआई के पूर्व को-चेयरमैन को सपा का समर्थन
समाजवादी पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल बुधवार को कचहरी पहुंचा। बार कौंसिल ऑफ इंडिया (बीसीआई) के पूर्व को-चेयरमैन श्रीनाथ त्रिपाठी से मुलाकात कर समर्थन दिया। राष्ट्रीय महासचिव रामअचल राजभर, एमएलसी आशुतोष सिन्हा ने प्रकरण को सदन में उठाने का आश्वासन दिया।
कहा कि जिस तरह से बार काउंसिल आफ इंडिया के को चेयरमैन की ओर से अनुच्छेद 21 में वर्णित व्यक्ति को अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के तहत ऑल इंडिया हाई कोर्ट बार एसोसिएशन के कार्यक्रम में सरकार से सवाल पूछा था। इस पर बार काउंसिल ऑफ इंडिया के अध्यक्ष ने उन्हें पद से हटा दिया।
जल निगम का जला मोटर, पानी के लिए भटक रहे ग्रामीण
कछवा रोड के ठठरा गांव के तमाचाबाद में जल निगम का मोटर जल गया है। 5 दिन बाद भी मरम्मत न होने से जलापूर्ति बाधित है। पानी के लिए गांव वालों को भटकना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने कहा कि पानी भरने दूसरे के सबमर्सिबल पर लंबी लाइन लगानी पड़ती है। गर्मी में पानी के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
तमाचाबाद जल निगम कार्यालय पर बार-बार ग्रामीणों ने पानी की मांग की। इसके बाद भी जलापूर्ति नहीं हुई। ग्राम पंचायत की ओर से अधिकृत सहायक ऑपरेटर मदन गुप्ता ने बताया कि जल निगम का मोटर जला हुआ है। जल्द ही मोटर बनने के बाद आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी।
राजघाट पुल पर पिकअप खराब होने से लगा चार किलोमीटर लंबा जाम
राजघाट मालवीय पुल पर बुधवार दोपहर पिकअप खराब होने से भदऊचुंगी से पड़ाव के बीच चार किलोमीटर लंबा जाम लग गया। चिलचिलाती धूप और गर्मी के बीच जाम में फंसे लोगों की हालत खराब हो गई। दो घंटे बाद दो बजे पुलिस ने आवागमन सामान्य कराया।
दोपहर 12 बजे पड़ाव की ओर से राजघाट की तरफ आ रहे एक पिकअप का एक्सल टूट गया। पिकअप सड़क के बीचोबीच खड़ा हो गया। कुछ ही देर में पुल के दोनों छोर पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। जाम में फंसे लोग छांव की तलाश में इधर-उधर आसरा ढूंढ़ने लगे, लेकिन पुल पर धूप से बचने का कोई ठिकाना नहीं था।
कई वाहन सवार बच्चों और बुजुर्गों के साथ परेशान होते रहे, तो दोपहिया वाहन सवार सिर पर कपड़ा लपेटकर खुद को तेज धूप से बचा रहे थे। सूचना पर आदमपुर थाने के एसएसआई केके गुप्ता और चौकी इंचार्ज आदमपुर अंकित राय फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने वाहन एक किनारे करवा कर दोपहर दो बजे के बाद आवागमन सामान्य कराया।
51 कैडेट्स ने की सीएचएस की मॉक ड्रिल में हिस्सेदारी
बीएचयू के सेंट्रल हिंदू बॉयज स्कूल में छात्रों और शिक्षकों ने मॉक डि्रल की। एनसीसी कैडेट्स ने 89 एनसीसी बटालियन और वाराणसी जिला प्रशासन के निर्देशानुसार अभ्यास किया गया। कैप्टन डॉ. संजय कुमार केसरी और केयरटेकर डॉ. शैलेश कुमार पटेल ने इस माॅक ड्रिल को पूरा कराया। इसमें प्रधानाचार्य, सभी शिक्षक, छात्र और एनसीसी के 51 कैडेट्स ने भाग लिया।
51 कैडेट्स ने की सीएचएस की मॉक ड्रिल में हिस्सेदारी
बीएचयू के सेंट्रल हिंदू बॉयज स्कूल में छात्रों और शिक्षकों ने मॉक डि्रल की। एनसीसी कैडेट्स ने 89 एनसीसी बटालियन और वाराणसी जिला प्रशासन के निर्देशानुसार अभ्यास किया गया। कैप्टन डॉ. संजय कुमार केसरी और केयरटेकर डॉ. शैलेश कुमार पटेल ने इस माॅक ड्रिल को पूरा कराया। इसमें प्रधानाचार्य, सभी शिक्षक, छात्र और एनसीसी के 51 कैडेट्स ने भाग लिया।
भारतीय सेना जिंदाबाद... आतंकवाद मुर्दाबाद
भारतीय सेना के एयर स्ट्राइक के समर्थन में कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने लोहता में शौर्य जुलूस निकाला। पाकिस्तान के आतंकी कैंपों पर भारतीय सेना के एयर स्ट्राइक के सर्मथन में मंत्री श्रम एवं सेवायोजन उत्तर प्रदेश अनिल राजभर द्वारा आज लोहता में सेना के पराक्रम को लेकर शौर्य जुलूस का आयोजन किया। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए। सभी ने भारतीय सेना जिंदाबाद, आतंकवाद मुर्दाबाद के नारे लगाया। जुलूस में शामिल होकर सेना के शौर्य और जज्बे को सलाम किया।
राजकीय बालिका गृह से आई एक बालिका आज जाएगी घर
अपना घर आश्रम से बुधवार को दो प्रभुजी को उनके घर भेजा गया। राजकीय बालिका गृह बलिया से भी आई चार बालिकाओं में से तीन तो उनके घर पहुंचा दिया गया है। एक बालिका गुरुवार को भेजी जाएगी। इसके साथ ही दो अन्य को भेजा जाएगा। वहीं चार लोगों को कैंट रेलवे स्टेशन से अपना घर आश्रम लाया गया है। यह तीन महीने से स्टेशन पर रह रहे थे। आश्रम के संस्थापक डॉ. के निरंजन ने बताया कि स्टेशन पर लगातार अभियान जारी रहेगा। रोजाना आश्रम में एक-दो लोग आते हैं।
सेना को समर्पित की गई अस्सी घाट पर लगी भित्ति चित्र प्रदर्शनी
अस्सी घाट पर लगी भित्ति चित्र प्रदर्शनी को शिल्पकार अरुण सिंह ने सेना के जवानों को समर्पित किया है। उन्होंने कहा कि आज हमारे देश के जवानों ने 140 करोड़ भारतीयों को गर्व से जीने की जो अनुभूति दी है, उसे शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। हमारे देश के जवान किसी भी स्थिति में दुश्मन देश से लोहा लेने में सबसे आगे हैं।
बुधवार को मुख्य अतिथि साहित्यकार डॉ. जयप्रकाश मिश्रा एवं विशिष्ट अतिथि समाजसेवी रामयश मिश्र थे। डॉ. जयप्रकाश मिश्रा ने कहा कि पत्थरों पर अपनी कला को प्रदर्शित करना बहुत ही टेढ़ा कार्य है जो इसमें कुशल होता है वही यह कार्य कर पाता है। इन चित्रों को देखकर पौराणिक काल की याद आ गई।
कमांड सेंटर ने 6 घंटे में खोजकर दिया सामान
बनारस स्टेशन से शिवाला की तरफ जा रही बंगला की एकता का मंगलवार दोपहर 12 बजे सामान टोटो में छूट गया। इसके बाद एकता ने पूरे मामले की जानकारी सिटी कमांड सेंटर फेज-2 को दी। सिटी कमांड सेंटर फेज-2 के इंचार्ज राजेश सिंह ने बताया कि उनके द्वारा बताए गए रास्ते पर लगे 50 से अधिक कैमरे की जांच की गई। चौराहे पर टोटो नजर आया। इसके बाद एक-एक कर टोटो के रास्ते को ट्रैक किया गया। 6 घंटे की जांच के बाद उनका सामान वापस किया गया। वह काशी घूमने आई थी, बैंग में पांच हजार रुपये और जरूरी दस्तावेज थे।
पीएम किसान, डिजिटल क्रॉप सर्वे और फार्मर रजिस्ट्री पर सीडीएओ हुए सख्त
मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) हिमांशु नागपाल की अध्यक्षता में बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पीएम किसान अभियान, डिजिटल क्रॉप सर्वे और फार्मर रजिस्ट्री के कार्यों की समीक्षा की गई। इसमें भूमि अंकन, ई-केवाईसी और एनपीसीआई लिंकिंग के मामले लंबित होने पर सीडीओ ने नाराजगी जताई।
डिजिटल क्रॉप सर्वे के तहत जायद फसल के सर्वे को समय पर पूरा करने के लिए लेखपालों और क्षेत्रीय कर्मचारियों को गांव आवंटित करने को कहा। फार्मर रजिस्ट्री के लिए लंबित किसानों को चिह्नित कर कैंप या जन सेवा केंद्रों के माध्यम से रजिस्ट्री कराने और लेखपाल स्तर पर लंबित सत्यापन तत्काल पूरा करने के लिए कहा।
संत समिति ने सेना को दिया आशीर्वाद
पहलगाम में आतंकी हमले के प्रति उत्तर भारतीय सेना द्वारा किए जाने पर अखिल भारतीय संत समिति और गंगा महासभा के राष्ट्रीय महामंत्री स्वामी जीतेन्द्रानन्द सरस्वती ने भारतीय सेना को आशीर्वाद दिया। कहा कि अखिल भारतीय संत समिति उन सभी रक्षकों के पीछे चट्टान की तरह खड़ा रहेगा जो राष्ट्र के लिए समर्पित रहेंगे।
सुबह-ए-बनारस के मंच से पराक्रम सेना को दी बधाई
सुबह-ए-बनारस के मंच से जनता की ओर से अपने नेतृत्व और पराक्रमी सेना को ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर बधाई दी गई। नवयुवा कलाकार शुभ मिश्रा का गायन हुआ। गायन का आरंभ राग अहीर भैरव में विलंबित एक ताल में निबद्ध बंदिश हे जोगिया... से हुआ। इसके उपरांत द्रुत तीन ताल में निबद्ध बंदिश दरश भये बिहारी के... से आनंदित किया। इसके बाद द्रुत तीनताल में निबद्ध तराना ओ दानी तदानी... पेश किया। समापन पं. महादेव प्रसाद मिश्र के प्रिय दादरा आया करे जरा कह दो संवरिया... से किया। कलाकार को प्रमाणपत्र डॉ. रत्नेश वर्मा ने दिया।
नगर निगम कार्यकारिणी की बैठक 16 को
नगर निगम कार्यकारिणी की बैठक 16 मई को होगी। मेयर अशोक कुमार तिवारी की ओर से इस आशय का पत्र जारी कर दिया गया है। पहले यह बैठक 14 मई को होनी थी लेकिन अपरिहार्य कारणों से इस तिथि में संशोधन कर दिया गया है। नगर निगम सभागार में दिन में 12 बजे से होने वाली बैठक में शहर के विकास की रूपरेखा पर चर्चा की जाएगी। इस आशय का पत्र सभी 12 कार्यकारिणी सदस्यों को भेजा गया है।