Varanasi News Today: बीएचयू में छात्र की पिटाई, रास्ता जाम, धरना, आरपीएफ ने सात पर दर्ज किया FIR; पढ़ें खबरें
Varanasi News: काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के बिड़ला हॉस्टल के बाहर छात्रों ने जमकर हो-हल्ला मचाया। वहीं, कैंट रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल एवं डॉग स्क्वॉड ने चेकिंग अभियान चलाया। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
विस्तार
Varanasi News in Hindi: बीएचयू में गुरुवार को छात्र की पिटाई के विरोध में छात्रों ने बिड़ला हॉस्टल के बाहर रास्ता जाम कर दिया। इस दौरान नारेबाजी करते हुए छात्रों ने प्रॉक्टोरियल बोर्ड पर छात्र के साथ दुर्व्यवहार और पिटाई का आरोप लागते हुए कार्रवाई की मांग की। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे सुरक्षाकर्मियों ने समझाबुझाकर शांत कराने का प्रयास किया लेकिन छात्र मानने को तैयार नहीं हुए।
बिड़ला हॉस्टल के पास धरने पर बैठे छात्रों का कहना था कि कुछ छात्र अपने काम से नरिया गेट के पास गए थे। वह अंदर आ रहे थे इसी बीच सुरक्षाकर्मियों से किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। छात्रों का आरोप है कि प्रॉक्टोरियल बोर्ड की टीम में शामिल सुरक्षा कर्मियों ने दुर्व्यवहार किया।
कुछ छात्रों के साथ मारपीट भी की गई। इधर, घटना की जानकारी हॉस्टल में रहने वाले छात्रों को हुई तो वह बिड़ला हॉस्टल के बाहर निकलकर रास्ता जाम कर दिए। छात्रों ने मारपीट करने वाले सुरक्षाकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की। उनका कहना है कि जब तक ठोस कार्रवाई नहीं होती है तब तक वह हटेंगे नहीं।
चाट विक्रेता को चाकू मारा, हमलावर पर मुकदमा
सुसुवाही स्थित चाट विक्रेता अमित केसरी के ऊपर रविवार को चाकू से हमला किया गया। पीड़ित की तहरीर पर चितईपुर थाना में रोहनिया के अखरी गांव के रहने वाले सुनील कुमार यादव उर्फ सोपाठू यादव के खिलाफ पुलिस ने अमित केसरी के पिता रामदयाल केसरी की तहरीर पर बृहस्पतिवार को मुकदमा दर्ज किया है। पीड़ित ने बताया कि आरोपी सुनील कुमार यादव दुकान में पहुंचा और बहसबाजी के बाद चाकू से हमला कर दिया। चितईपुर थाना प्रभारी प्रवीण सिंह ने कहा कि केस दर्ज कर लिया गया है। जांच पूरी कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
आरपीएफ ने सात पर दर्ज किया मुकदमा
कैंट रेलवे स्टेशन पर बृहस्पतिवार को रेलवे सुरक्षा बल एवं डॉग स्क्वॉड ने चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान सर्कुलेटिंग एरिया, प्लेटफाॅर्म एवं टिकट घर की सघन चेकिंग की गई। अभियान में नो पार्किंग करने एवं अवैध वेंडिंग पर 7 के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। आरपीएफ थाना प्रभारी संदीप कुमार ने बताया कि 7 के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। सीसी कैमरे से लगातार निगरानी कर कार्रवाई की जा रही है।
रोहनिया में 27 पुड़िया हेरोइन के साथ युवक गिरफ्तार
पुलिस ने 27 पुड़िया हेरोइन के साथ एक युवक जफराबाद निवासी शीतला प्रसाद को गिरफ्तार किया है। थाना प्रभारी रोहनिया राजू सिंह ने बताया कि बरामद हेराइन की अनुमानित कीमत 3 लाख है।
हेरोइन, कोकीन के तीन आरोपियों पर गैंगस्टर का मुकदमा
दो महीने पहले हेरोइन, कोकीन और गांजा के साथ पकड़े गए तीन आरोपियों पर चेतगंज थाने की पुलिस ने गैंगस्टर का मुकदमा दर्ज किया है। अंतरराज्यीय तस्कर दो भाई इसमें हैं। थाना प्रभारी दिलीप कुमार मिश्र ने बताया कि गैंग लीडर और चौक के नीलकंठ निवासी सरगना देवेंद्र मिश्रा, उसका भाई महेंद्र मिश्रा और चंदौली के बबुरी कुरुहजा निवासी अनिकेत चौहान पर केस किया गया है। ये तीनों हिमाचल प्रदेश से हेरोइन, कोकीन और गांजा खरीदकर तस्करी काम काम करते थे।
ड्रोन कैमरों से निगरानी रूफ टाॅप फोर्स रहेगी अलर्ट
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने मुख्यमंत्री आगमन को लेकर सुरक्षा ब्रीफिंग की। उन्होंने पुलिस बल की ड्यूटी सभी महत्वपूर्ण चौक-चौराहों पर लगाई। ड्रोन कैमरों से निगरानी और संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए। असामाजिक तत्वों पर सतर्क दृष्टि रखी जाए।
होटल, ढाबा आदि ठहरने वाले स्थलों की गहन चेकिंग की जाए। वहां ठहरे व्यक्तियों के आधार कार्ड/पहचान पत्र का अनिवार्य रूप से किया जाए। रूफ टॉप ड्यूटी लगाई जाए। वीआईपी मूवमेंट के दौरान यातायात व्यवस्था बाधित न हो। वीआईपी मार्ग पर पड़ने वाली गलियों एवं कट पर भीड़ नियंत्रण के लिए रस्सा का इस्तेमाल करें।
ढाबा पर मारपीट तोड़फोड़
रोहनिया के गंजारी गंगापुर निवासी रविकांत सिंह की तहरीर पर छह अज्ञात लोगों के खिलाफ मारपीट का मुकदमा दर्ज हुआ है। रविकांत ने तहरीर में बताया कि भदवर बाइपास पर उसका ढाबा है। बुधवार रात छह लोग खाना खाने आए और कर्मचारियों से मारपीट करने लगे। इस दौरान ऑफिस में घुसकर कुर्सी व सामान भी तोड़ दिया। प्रभारी निरीक्षक राजू सिंह ने बताया कि ढाबा पर मारपीट का तहरीर मिला है जिस पर मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।
होटल की फर्जी वेबसाइट बनाने में केस दर्ज
एक होटल की वेबसाइट की नकल कर गूगल पर विज्ञापन चलाने के मामले में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है। होटल के जनरल मैनेजर वेद प्रकाश पांडेय ने तहरीर में बताया कि दो महीने पहले से एक व्यक्ति होटल के वेबसाइट की नकल करते हुए गूगल पर विज्ञापन प्रसारित कर रहा था। इससे हमारे यहां आने वाले मेहमान गुमराह हो रहे थे। सारनाथ थाना प्रभारी विवेक कुमार त्रिपाठी ने बताया कि वेद प्रकाश की तहरीर पर एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।
साइबर ठगों ने शिक्षक के खाते से 27 हजार उड़ाए
कपसेठी थाना के बनकट गांव में शिक्षक के खाते से 27000 रुपये निकाले गए। शिक्षक ने साइबर थाने में तहरीर दी है। तहरीर में बताया एसी सही कराने के लिए नंबर देख रहा था तभी मोबाइल पर राजाराम पांडे के नाम से फोन आया, उन्होंने कहा कि पहले खाते में 5 रुपये भेज दीजिए। जैसे ही शिक्षक ने 5 रुपये डाले। उसके बाद शकील अहमद का नाम आने लगा, उसने कहा कि आपके नंबर पर जो ओटीपी नंबर गया है उसे भेज दीजिए ताकि उसी के आधार पर आपका एसी बनाने का समय और खर्च बताया जाए। ओटीपी नंबर देने के बाद 27 हजार रुपये गायब हो गए।
माहेश्वरी समाज ने मनाया रक्षाबंधन उत्सव पर्व
ऋषि पंचमी पर बृहस्पतिवार को माहेश्वरी समाज ने रक्षाबंधन के पर्व के रूप में उल्लास के साथ मनाया। बहनों ने भाइयों की कलाई पर राखी बांधी और मिठाई खिलाई। घरों में पकवान बनाए और एक-दूसरे को दावत दी। समाज के लोगों ने घर में पहली राखी भगवान श्रीकृष्ण को बांधने के बाद बड़ों से लेकर बच्चों ने रक्षाबंधन बांधकर परंपरा को निभाया। समाज के प्रचारमंत्री गौरव राठी ने बताया कि यह पर्व विदेश में रहने वाले समाज लोग मनाते हैं। रक्षाबंधन कार्यक्रम में नवरतन राठी, गौरी शंकर नेवर, योगेश भुराडिया, डॉ. मोहिनी झवर और पवन धूत आदि रहे।
बीएचयू में विकास केंद्र की गतिविधियों से रूबरू हुए नवागत छात्र
बीएचयू में समन्वित ग्रामीण विकास केंद्र के तहत नव प्रवेशी छात्रों (2025-27 बैच) के लिए आयोजित इंडक्शन कार्यक्रम में केंद्र की गतिविधियों की जानकारी दी गई। बीएचयू के पूर्व छात्र पंकजपति पाठक ने कहा कि ग्रामीण विकास के क्षेत्र में नए अवसर बहुत से हैं। इसके लिए नवाचार और समर्पण भाव के साथ काम करते रहने की जरूरत है।
केंद्र की ओर से आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों को केंद्र के शैक्षणिक, सामाजिक और सांस्कृतिक वातावरण के बारे में बताया गया। छात्र परामर्शदाता नित्यानंद तिवारी ने वेल बीईंग सर्विस से जुड़ी जानकारियां दीं। स्वागत समन्वयक डॉ. आलोक कुमार पांडेय और परियोजना अधिकारी डॉ. भूपेंद्र प्रताप सिंह ने किया। इस दौरान कुमुद कुमार, ज्ञान प्रकाश पांडेय, अभिषेक कुमार, विनीता, आकाश पात्रा आदि मौजूद रहे।
रश्मि नगर कॉलोनी में सड़क लेपन कार्य का हुआ शिलान्यास
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से गुरुवार को वार्ड संख्या 54 नरिया के रश्मि नगर कॉलोनी में सड़क के लेपन कार्य का शिलान्यास किया गया। विजय पटेल के आवास से लेकर डॉक्टर एसडी राय तक, डॉक्टर डीके लहरी के मकान से होते हुए सुभाष सोनकर के मकान तक लेपन कार्य का शिलान्यास पूर्व महानगर अध्यक्ष प्रेम कपूर ने किया। कार्य की लंबाई 278 मीटर और लागत 39.09 लाख रुपये है। कार्यदायी संस्था ग्रामीण अभियंत्रण विभाग प्रखंड वाराणसी है। कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष अनुराग शर्मा, पार्षद प्रतिनिधि राजीव सिंह पटेल, डॉ. लता शर्मा, डॉक्टर आनंद, राम हर्ष सिंह आदि मौजूद रहे।
सनातन धर्म के पंडाल में सजेगा खाटू श्याम का दरबार
शिव की नगरी में शक्ति की पूजा की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। शहर की पूजा समितियों की ओर से पंडाल बनाने के साथ ही भूमि पूजन किया जा रहा है। गुरुवार को सनातन धर्म इंटर कॉलेज के प्रांगण में श्री दुर्गा पूजा समिति की ओर से पंडाल भूमि का पूजन किया गया। इसके साथ ही पंडाल बनने का काम शुरू हो गया।
सनातन धर्म इंटर कॉलेज में बृहस्पतिवार को विधि-विधान से पंडाल निर्माण व भूमि पूजन का अनुष्ठान हुआ। वरिष्ठ उपाध्यक्ष रोहित चौरसिया ने पूजन किया। इस बार सनातन धर्म इंटर कॉलेज में खाटू श्याम का दरबार सजेगा। पंडाल में इस बार भी प्रदेश की सबसे ऊंची 60 फीट की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। इसके लिए कोलकाता से कारीगरों की टोली पहुंच चुकी है। वहीं, हथुआ मार्केट में भी पंडाल निर्माण का कार्य तेजी से चल रहा है।
मालवीय पुल पर ट्रेनों की गति 10 किमी प्रति घंटा
गंगा के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए काशी स्टेशन के पास स्थित मालवीय पुल पर बृहस्पतिवार शाम 4.25 बजे ट्रेनों की गति 10 किलोमीटर प्रति घंटा कर दी गई। अधिकारियों के मुताबिक काफी पुराने इस पुल पर 30 किलोमीटर प्रति घंटा की स्पीड से ट्रेनों का परिचालन किया जा रहा था। जिसे अब 10 किमी प्रति घंटा कर दिया गया है।
काऊ कैचर बनने के बाद भी घूम रहे आवारा पशु, आवाजाही में दिक्कत
बरेका के गेटों पर काऊ कैचर बनने के बाद भी आवारा पशुओं का आतंक खत्म नहीं हो रहा है। सड़कों पर आवारा पशुओं के घूमने से राहगीरों को परेशानी होती है। पहले कंदवा गेट से ये पशु बरेका के अंदर आ जाते थे। इसे देखते हुए बरेका ने पिछले सप्ताह काऊ कैचर बनवाया था। 12 से 18 अगस्त तक गेट बंद कर दिया गया था लेकिन काऊ कैचर बनने के बाद भी लोगों की समस्या खत्म नहीं हुई। यहां तैनात सुरक्षाकर्मी भी पशुओं को रोक नहीं पा रहे हैं।
इसके अलावा टाइप तीन आवासों के पीछे गंदगी का अंबार रहता है। इसके चलते कर्मचारियों में संक्रामक बीमारी फैलने का डर बना रहता है। बरेका प्रशासन से कई बार शिकायत के बाद भी समाधान नहीं हुआ। बरेका जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि बरेका परिसर से आवारा पशुओं को बाहर निकाला जा रहा है। इसके लिए काऊ कैचर भी बनाया गया है। गंदगी की समस्या का भी समाधान किया जाएगा।
महिला सशक्तीकरण से ही मजबूत समाज का निर्माण: कर्नल विनोद
चौबेपुर स्थित एक संस्था ने पहड़िया में जोन एक की माताएँ और मौसियाँ नामक चार दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया। कार्यशाला का मुख्य विषय सुरक्षित, सुसंस्कृत और भविष्य के लिए तैयार परिवारों के निर्माण के लिए माताओं को ज्ञान, मूल्यों और कौशल से सशक्त बनाना है। कार्यशाला का उद्घाटन पोस्टमास्टर जनरल कर्नल विनोद कुमार ने किया।
कहा कि एक सुसंस्कृत और भविष्य के लिए ज्ञान, मूल्यों और कौशल से सशक्त महिला ही एक मजबूत समाज का निर्माण कर सकती है। साथ ही माताओं को खुद भी पढ़ाई करनी चाहिए ताकि वे अपने बच्चों को सही ज्ञान दे सकें। कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों से 40 माताएं हिस्सा ले रही हैं। जिला प्रोबेशन अधिकारी पंकज ने कहा कि समाज में लैंगिक असमानता अभी भी मौजूद है, जहां अक्सर लड़कों को प्राथमिकता दी जाती है। मानद अतिथि स्नेहा उपाध्याय ने महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरुक रहने की सलाह दी।
अखिलेश ने जीती पांच हजार की इनामी कुश्ती
राजातालाब क्षेत्र के भवानीपुर में बुधवार को कुराश कुश्ती का शुभारंभ महेंद्र पटेल ने किया। प्रतियोगिता में 42 जोड़ी पहलवानों ने हिस्सा लिया। इसमें रुदौली के अखिलेश ने 5000 की इनामी कुश्ती जीता। वहीं सजनी के भोले ने 3500 रुपये की कुश्ती जीती। मंगल यादव और लालू के बीच कुश्ती बराबरी पर रही। प्रीति पटेल सजोई और नेहा कुमारी नरोत्तम के बीच 2000 की कुश्ती भी बराबरी पर रही। इस मौके पर क्षेत्र पंचायत सदस्य संजीव सिंह, अजीत, मुरारी यादव, गुड्डू पटेल, नरेंद्र भारती, सुरेश पटेल मौजूद रहे।
क्षतिग्रस्त सड़क पर आवागमन में परेशानी
पिंडरा क्षेत्र की लगभग छह से अधिक सड़कें बारिश के बाद क्षतिग्रस्त होने से ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी हो रही है। देवराई रेलवे फाटक से लेकर सराय गांव स्कूल और पानी टंकी के पास बारिश के बाद सड़कों पर गड्ढा हो गया है। ग्रामीण आयुष चौबे समेत कई ग्रामीणों ने बताया कि लोग गिरकर घायल हो रहे हैं।
कुछ दिन पहले साइकिल सवार बुजुर्ग के गड्ढे में गिरने से हाथ पैर में गंभीर चोटें आई थीं। देवराई- सराय मार्ग पर कई गावों के लोगों का आवागमन होता है। फूलपुर-सिंधोरा के बीच स्थित मार्ग को भी यही सड़क जोड़ती है। इसके अलावा पिंडरा-देवराई मार्ग, रामपुर-नथईपुर मार्ग, थाना-फूलपुर मार्ग, करखियांव-उधोपुर मार्ग की हालत खस्ता है। ग्रामीणों ने सड़क के मरम्मत की मांग की है।
बनारस क्लब का चुनाव 14 सितंबर को
शहर के प्रतिष्ठित बनारस क्लब का वार्षिक चुनाव 14 सितंबर को क्लब परिसर में होगा। चुनाव अधिकारी की जिम्मेदारी एडीएम सिटी आलोक वर्मा को दी गई है। नामांकन की प्रक्रिया सात सितंबर के बाद शुरू होगी। चुनाव 14 सितंबर को सुबह 9:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक होगा। मतदान खत्म होने के एक घंटे बाद मतगणना शुरू होगी। क्लब के 1850 सदस्य इस चुनाव में मतदान करेंगे।
सबसे अधिक वोट पाने वाले सात सदस्य क्लब की मैनेजमेंट कमेटी में होंगे जो कमेटी सचिव का चुनाव करेंगे। एक पैनल से डॉ. एनपी सिंह, नवीन कपूर, जयदीप सिंह, गौरव दास, अभिनव पांडेय, डॉ संजय गर्ग और मोहित मोहले हैं। वहीं, दूसरे पैनल से दीपक मधोक, अतुल सेठ, दीपेश वशिष्ठ, अमित अग्रवाल, धवल अग्रवाल, मनीष माहेश्वरी और भव्य कथूरिया हैं।
1500 यात्रियों को लेकर जम्मू से बनारस रवाना हुई ट्रेन
जम्मू मंडल ने राजकीय रेलवे पुलिस और जिला प्रशासन के साथ मिलकर बृहस्पतिवार को फंसे हुए यात्रियों को उनके घर तक पहुंचने के लिए दो विशेष ट्रेनें चलाई हैं। पहली विशेष ट्रेन 02238, करीब 1,500 यात्रियों को लेकर दोपहर 15:45 बजे जम्मू से बनारस के लिए रवाना हुई। इसके बाद दूसरी ट्रेन 04680 नई दिल्ली के लिए शाम 17.40 बजे रवाना हुई, इसमें भी लगभग 1,500 से ज्यादा यात्री सवार हैं।
भारी बारिश के कारण ट्रेन सेवाओं में भारी व्यवधान आया, जिससे जम्मू क्षेत्र में सैकड़ों यात्री फंस गए। मंडल के वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल ने बताया कि प्रशासन ने विशेष ट्रेनों के समय पर और सुचारू प्रस्थान सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न विभागों के साथ मिलकर समन्वय किया।
रेल प्रशासन द्वारा बाढ़ से फंसे यात्रियों के लिए गाड़ियों के संचालन के साथ-साथ जम्मू, श्री माता वैष्णो देवी कटरा, पठानकोट कैंट, पठानकोट सिटी जैसे महत्वपूर्ण स्टेशनों पर उनके खाने पीने की व्यवस्था करवाई गई। स्थानीय लोगों की सहायता से कई जगह लंगर लगवाए गए तथा रहने की समुचित व्यवस्था करवाई गई।
ज्ञान प्रवाह के दीक्षांत समारोह में विद्यार्थियों को मिला प्रमाण पत्र
सामने घाट स्थित सांस्कृतिक अध्ययन एवं शोध केन्द्र ज्ञान-प्रवाह के मीरघाट स्थित प्रकल्प संस्कार एवम् अनुष्ठान केन्द्र के दीक्षांत समारोह में स्नातकों को अंगवस्त्र, प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। बतौर मुख्य अतिथि महापौर अशोक कुमार तिवारी ने कहा कि संस्कृत और अपने देश की संस्कृति और आनुष्ठानिक विद्या का ज्ञाता होना हर भारतीय के लिये गौरव की बात है। उन्होंने ज्ञान-प्रवाह द्वारा गुरुकुल पद्धति से दिए जा रहे प्रशिक्षण की सराहना की।
महर्षि सान्दीपनि राष्ट्रिय वेदविद्या प्रतिष्ठान के उपाध्यक्ष प्रो. हृदयरंजन शर्मा ने कहा कि काशी की परम्परा के अनुरूप पौरोहित्य-कार्य का प्रशिक्षण देने का यह प्रयास अनूठा है, जिसमें वेद, ज्योतिष एवं संस्कृत भाषा का ज्ञान समुचित रूप से कराया जाता है। अतिथियों ने गंगा-कलश पूजन किया। इसके बाद केन्द्र के बटुकों द्वारा वैदिक एवं पौराणिक मंगलाचरण किया गया। इस दौरान प्रो.श्रीकिशोर मिश्र,पीयूष समाधिया आदि लोग मौजूद रहे।
जन अभिमुख संस्कृति के प्रतीक थे पं. कमलापति : अजय राय
ऋषि पंचमी पर पं.कमलापति त्रिपाठी जयन्ती समारोह को संबोधित करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि ऋषि पंचमी पर जन्मे काशी के गौरव पं कमलापति त्रिपाठी ऋषित्व के गुणों से सम्पन्न भारतीय राजनीति में बेमिसाल ऋषितुल्य राजनेता थे। राष्ट्रीय राजनीति में वह सिद्धांतों एवं मूल्यों की राजनीति और काशी की सनातनी एव जन अभिमुख संस्कृति के प्रतीक थे।
वह समाज के सभी वर्गों और बिना भेदभाव जन जन के साथ गहरा तादात्म्य जीने के आदर्शों के प्रेरणास्रोत थे, जिससे प्रेरणा लेकर हम राजनीति को जीने की की कोशिश करते हैं। वह बृहस्पतिवार को खजूरी में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। अध्यक्षता काशी पत्रकार संघ के अध्यक्ष अरुण मिश्र ने की। स्वागत सतीश चौबे ने किया। इस दौरान हरिशंकर सिंह, अरुण त्रिपाठी, अशोक उपाध्याय, सतीश तिवारी, नागेश्वर सिंह, प्रेम मिश्र आदि मौजूद रहे।
एयरपोर्ट के विस्तार के लिए ग्रामीणों को मुआवजा राशि का प्रमाणपत्र दिया
बाबतपुर स्थित लालबहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के विस्तारीकरण परियोजना में प्रभावित आबादी की भूमि के प्रतिकर (मुआवजा) के तहत पिंडरा के विधायक डॉ. अवधेश सिंह ने बृहस्पतिवार को लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र दिया।
प्राथमिक विद्यालय पूरा रघुनाथपुर में आयोजित मुआवजा वितरण समारोह में विधायक डॉ. अवधेश सिंह ने कहा कि डबल इंजन की सरकार समाज के हर तबके के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। इसी के तहत सरकारी भूमि (आबादी) में बसने वालों को मुआवजा राशि का प्रमाणपत्र दिया जा रहा है। एसडीएम पिंडरा प्रतिभा मिश्रा ने कहा कि सात गांवों की भूमि एयरपोर्ट के विस्तारीकरण में ली गई। इसका मुआवजा खाते में भेजा जा चुका है।
तीन गांव पुरारघुनाथपुर, बसनी और घमहापुर के उन ग्रामीणों को बोनस के रूप में सरकार की तरफ से दिया जा रहा है, जो आबादी में बसे थे। स्वीकृत 48 करोड़ रुपये में से 21 करोड़ रुपये खाते में भेजे जा चुके हैं। संचालन डॉ. जेपी दूबे और धन्यवाद ज्ञापन संदीप सिंह ने किया। इस दौरान तहसीलदार राधेश्याम यादव, आनंद दुबे, ओमप्रकाश दुबे, डॉ दिनेश मिश्रा, बृजेश दुबे, रमेश पटेल, दिलीप सिंह प्रधान, शैलेश मिश्रा, अरविंद मिश्रा आदि लाभार्थी थे।
बीएचयू हिंदी विभाग और साहित्य अकादमी नई दिल्ली के तत्वावधान में 29 से 31 अगस्त तकतीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन किया गया है। इसमें हिंदी गजल की उपलब्धियों पर वक्ताओं द्वारा चर्चा की जाएगी। संगोष्ठी में विभिन्न विश्वविद्यालयों और शहरों से लगभग 50 से अधिक विद्वान शामिल होंगे। आचार्य रामचंद्र शुक्ल सभागार में होने वाले कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय होंगे। इस दौरान कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी सहित अन्य लोग मौजूद रहेंगे।
समाज के वंचितों की अवाज थे राजेंद्र : चंद्रभाल
मुंशी प्रेमचंद परंपरा के संवाहक, कथा शिल्पी राजेंद्र यादव की 96वीं जयंती पर सत्तामुखी साहित्य और साहित्यकार विषयक संगोष्ठी और काव्य गोष्ठी सरदार पटेल स्मृति भवन तेलियावाग में हुई। पूर्वांचल से जुटे साहित्य प्रेमियों ने राजेंद्र यादव के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। मुख्य अतिथि वरिष्ठ साहित्यकार (पूर्व जिला जज) चंद्रभाल सुकुमार ने कहा कि मानव हितैषी, समाज सुधारक क्रांतिकारी कभी चुप नहीं बैठता, राजेंद्र यादव अपनी कलम से सदैव समाज के वंचित, उपेक्षित लोगों की आवाज उठाते रहे।
विशिष्ठ अतिथि डॉ. शिवपति सिंह रहे। अध्यक्षता श्यामसुंदर ने की। कवि बृजेश पाण्डेय, सिद्धनाथ शर्मा, चितिंत बनारसी, बुद्धिनाथ तिवारी शंकर आनन्द, विपिन कुमार ने काव्य पाठ किया। स्वागत प्रो. विजयप्रताप सिंह, संचालन डॉ. जयशंकर जय, धन्यवाद ज्ञापन डॉ. उमाशंकर यादव ने किया। मौके पर प्रो. दयाशंकर, डॉ. दुर्गाप्रसाद, डॉ. रविंद्र यादव, कैलाश, जगदीश कुशवाहा रहे।
पुष्टाहार और लड्डू की आपूर्ति करेंगी समूह की महिलाएं
उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत समूह की संस्था अन्नपूर्णा प्रेरणा महिला की ओर से अब पिंडरा ब्लॉक के आंगनबाड़ी केंद्रों पर पुष्टाहार और लड्डू की आपूर्ति की जाएगी। समूह की महिलाएं आर्थिक रूप से मजबूत होने के साथ समाज के लिए एक नजीर बनेंगी। यह बातें बृहस्पतिवार की शाम पिंडरा हॉट बाजार में फीता काटकर इकाई का शुभारंभ करने के बाद विधायक डॉ. अवधेश सिंह ने कही।
मशीन से लेकर मूलभूत सुविधाएं सरकार ने आजीविका मिशन के तहत विकसित किया है। बीडीओ छोटेलाल तिवारी ने बताया कि एक करोड़ की अधिक की लागत से स्थापित इस इकाई से प्रतिदिन 700 क्विंटल के पुष्टाहार बनाने का लक्ष्य रखा गया है। इस दौरान एडीओ पंचायत अशोक चौबे, पूर्व जिला पंचायत सदस्य रामू गुप्ता, राकेश तिवारी, अमर सिंह गुड्डू, विवेक गुप्ता समेत आजीविका मिशन और समूह से जुड़ी महिलाएं उपस्थित थीं।
लहरतारा पुल से लेकर अंधरापुल तक रोज दो बार कराएं सफाई
नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने गुरुवार को लहरतारा पुल से लेकर अंधरापुल तक निरीक्षण किया। नगर आयुक्त ने नियमित रूप से दो पालियों में सड़कों की सफाई के साथ नियमित कूड़ा उठवाने के निर्देश दिए। फ्लाईओवर के नीचे अवैध रूप से चस्पा किए गए बैनर-पोस्टर हटाने को कहा। सहायक नगर आयुक्त को निर्देशित किया कि इन स्थानों पर वेंडिंग जोन बनाने के लिए प्रस्ताव दें।
फ्लाईओवर के बीच में दो स्थानों पर ऑटो स्टैंड के लिए स्थान चिह्नित करने को कहा। नगर आयुक्त ने हटाए गए नाइट मार्केट के स्थान पर बेतरतीब तारों को हटाने, जर्जर सड़कों की मरम्मत कराने और सड़कों पर पड़े मलबे को हटाने के साथ ही अतिक्रमण हटाने के भी निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त सविता यादव, सहायक नगर आयुक्त अनिल यादव, अधिशासी अभियंता एमके सिंह आदि मौजूद रहे।
वार्ड प्रवास में हो रहा समस्याओं का समाधान
दक्षिणी विधानसभा में 20 जुलाई से 2 अक्तूबर तक वार्ड प्रवास कार्यक्रम विधायक डॉ नीलकंठ तिवारी के नेतृत्व में चलाया जा रहा है। इस 75 दिवसीय कार्यक्रम में क्षेत्र की पेयजल, सीवर, नाली से जुड़ी समस्याओं का निस्तारण किया जा रहा है। बृहस्पतिवार को वार्ड प्रवास के 40 दिन पूरे हो गए हैं। पंडित दीनदयाल मंडल के आदिविशेश्वर वार्ड में आज प्रवास हुआ। विधायक ने क्षेत्र स्वच्छता अभियान चलाया, जनसंपर्क किया। जनचौपाल लगाकर लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान विधायक निधि से लगे चार वाटर कूलर के कार्यों का लोकार्पण हुआ।