News: जमीन के विवाद में पथराव, नौ लोग घायल, बर्तन व्यवसायी की मिली लाश; पढ़ें वाराणसी की प्रमुख खबरें
वाराणसी में जमीन के विवाद को लेकर दो पक्ष आमने-सामने हो गए। मारपीट और पत्थराव में नौ लोग घायल हुए हैं। वहीं, सड़क के किनारे गड्ढे में व्यवसायी की लाश को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
विस्तार
Varanasi News Today: चौबेपुर थाना क्षेत्र के राजापुर कमौली गांव में गुरुवार की सुबह जमीन के विवाद में दो पक्षों में मारपीट और पथराव हुआ। इसमें नौ लोग घायल हो गए। सभी का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नरपतपुर में उपचार कराया गाय। दोनों पक्षों ने मुकदमा दर्ज कराया है।
एक पक्ष के माधव यादव ने पुलिस को बताया कि वह सुबह साढ़े सात बजे खेत देखने गये थे तभी पड़ोसी मिट्ठू यादव, विजय यादव, अमरजीत यादव ने पिटाई की। परिवार के सिद्धार्थ यादव, अनिकेत, रामलाल यादव की भी पिटाई कर पत्थर से हमला किया। विकास यादव की तहरीर पर तीन के खिलाफ केस दर्ज किया गया। वहीं दूसरे पक्ष के मिट्ठू यादव ने पुलिस को बताया कि वह पत्नी के साथ खेत में फसल काट रहा था।
विपक्षी संतोष यादव, रामलाल, अनिकेत, संजय, सिद्धार्थ, विकास ने पिटाई की। जब परिवार के अन्य सदस्य पहुंचे तो पत्नी पुष्पा, सुमित्रा, सिट्टू यादव को भी आरोपियों ने पीटा। मिट्ठू यादव की तहरीर पर पांच के खिलाफ मारपीट का मुकदमा दर्ज किया गया। प्रभारी निरीक्षक जगदीश कुशवाहा ने बताया कि दोनों तरफ से मारपीट हुई है। मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।
गंगा में डूब रहे नेपाल के पर्यटक को नाविकों ने बचाया
मणिकर्णिका घाट पर गुरुवार को नेपाल के पर्यटक को गंगा में डूबने से नाविकों ने बचाया। नेपाल का रहने वाले दिनेश कुमार पांडेय सुबह के समय मणिकर्णिका घाट किनारे नहा रहे थे। इस दौरान पैर फिसलने से वह गहरे पानी में चल गया। दिनेश को डूबता देख रामकिशन माझी और अन्य नाविकों ने उसे सुरक्षित बाहर निकाला। गंगा दशहरा पर सभी घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ रही वहीं, पुलिस की ओर से कहीं तैनाती नहीं दिखी। जल पुलिस व एनडीआरएफ भी नदारद रही।
दुष्कर्म के आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार
शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने के आरोपी को पुलिस ने गुरुवार को गिरफ्तार किया। थानाध्यक्ष विवेक त्रिपाठी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी आशीष रोहनिया के अखरी स्थित कुराहवान का निवासी है। वह दुष्कर्म के मामले में पहले भी जेल जा चुका है।
किशोरी से लापता, गुमशुदगी दर्ज
सिंधौरा थाना क्षेत्र के गड़खड़ा चार्हुवा गांव निवासी किशोरी लापता हो गई। 15 वर्षीय बेटी की खोजबीन के बाद बृहस्पतिवार को पिता ने केस दर्ज कराया। पिता ने पुलिस को बताया कि दो जून की सुबह नौ बजे से बेटी लापता है। थाना प्रभारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
सड़क किनारे गड्ढे में मिला बर्तन व्यवसायी का शव
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के छतेरी गांव के पास सड़क के किनारे गड्ढे में व्यवसायी ठटरा गांव निवासी जितेंद्र केसरी (40) का शव मिला। परिजनों ने बृहस्पतिवार को अंतिम संस्कार कर दिया। परिजनों के अनुसार जितेंद्र केसरी के शरीर पर चोट के निशान थे। आशंका है कि किसी वाहन की टक्कर से गड्ढे में गिरने से मौत हुई होगी। थाना प्रभारी ने बताया कि इस तरह की कोई सूचना या तहरीर नहीं मिली है।
गणित के प्रश्नों ने परीक्षार्थियों को उलझाया, 1125 ने छोड़ी परीक्षा
जिले में संयुक्त प्रवेश परीक्षा परिषद की ओर से गुरुवार को पॉलिटेक्निक की प्रवेश परीक्षा शुरू हो गई। जिले में 13 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। तीन पालियों की परीक्षा गुरुवार को दो ही पालियों में ही हुई। पहली पाली सुबह 8 से 10.30 बजे तक होनी थी, लेकिन नहीं हुई। परीक्षा में बायोमेट्रिक के बाद परीक्षार्थियों को प्रवेश दिया गया। घुमावदार सवालों ने परीक्षार्थियों को उलझाए रखा।
द्वितीय पाली में 2881 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इसमें से 1654 परीक्षार्थी शामिल हुए, जबकि 720 ने परीक्षा छोड़ दी। तीसरी पाली में 2881 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इसमें 2276 शामिल हुए और 405 ने छोड़ दी। परीक्षार्थी अभिषेक, रिचा, अनुराधा ने बताया कि गणित और रासायनिक के कुछ सवालों ने उलझाया था जबकि सुमन सिंह ने बताया कि फिजिक्स विषय में प्रकाश व विद्युत धारा चैप्टर से ही सवाल पूछे गए।
परीक्षा नोडल अधिकारी प्रमोद कुमार ने कहा कि दोनों केंद्रों पर शांतिपूर्वक परीक्षा हुई है। बताया कि परीक्षा तीन पालियों में होगी। पहली पाली सुबह 8 से 10.30 बजे, दूसरी दोपहर 12 से 2.30 बजे तक और तीसरी पाली शाम 4 से 6.30 बजे तक होगी।
पुलिस ने पर्यटक का ऑटो में छूटा बैग सौंपा
स्वर्वेद मंदिर दर्शन करने जा रहे झारखंड के पर्यटक का बैग एवं मोबाइल बृहस्पतिवार को ऑटो में छूट गया। ऑटो वाले ने बैग व मोबाइल पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने पर्यटक को मोबाइल एवं बैग सौंपा। सारनाथ थाना प्रभारी विवेक कुमार त्रिपाठी ने बताया कि मझियांव, गढ़वा (झारखंड) निवासी उज्ज्वल कुमार काशी दर्शन के लिए आए थे।
ऑटो वाले उन्हें आशापुर चौराहा पर छोड़ दिया। जल्दबाजी में उज्ज्वल मोबाइल एवं बैग ऑटो में ही छोड़कर दूसरे ऑटो से स्वर्वेद मंदिर चले गए। उज्ज्वल के मोबाइल से नंबर निकाल कर उनके परिजनों से संपर्क किया गया। परिजनों के मदद से उज्ज्वल से संपर्क किया गया। इसके बाद दो मोबाइल एवं बैग आशापुर पुलिस चौकी पर उज्ज्वल को सौंप दिया गया।
तालाब के पास गई महिला को शराबियों ने पीटा
कपसेठी थाना के चौर बेलवा गांव में बुधवार शाम तालाब के किनारे गई महिला की शराबियों ने पिटाई कर दी। सूचना मिलने पर डायल 112 मौके पर पहुंची और घायल महिला को सेवापुरी के राजकीय अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर महिला को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना से गांव में तनाव बना है।
महिला के परिजनों ने तहरीर में बताया कि सीता देवी (32) छह महिलाओं के साथ तालाब के पास गई थी। वहीं कुछ मनबढ बैठकर शराब पी रहे थे। इसका महिलाओं ने विरोध किया। अन्य महिलाएं तो किसी तरह भाग गईं। सीता देवी की शराबियों ने पिटाई कर दी। इस बारे में थानाध्यक्ष अरविंद सरोज ने बताया कि मामला जानकारी में है, लेकिन अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
बगीचे में शराब पीने से मना करने पर दी धमकी
कपसेठी थाना क्षेत्र के दादूपुर महीन गांव में बगीचे में शराब पीने से मना करने पर मनबढ़ों ने बगीचा मालिक के घर पर आकर धमकी दी। महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार का भी आरोप है। पीड़ित सुरेश मिश्रा ने पुलिस को बताया कि घर के बगल में ही बगीचा है। बुधवार की शाम गांव के ही पिंटू उर्फ सभाजीत पटेल, आसिफ उर्फ छेदी साह, अरविंद और प्रदीप बैठकर शराब पी रहे थे। मना करने से नाराज होकर बृहस्पतिवार की दोपहर चारों लोगों ने घर पर आकर गाली-गलौज के साथ महिलाओं के साथ अभद्रता की। थाना प्रभारी ने बताया कि चारों के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
पूर्व सैनिक को धमकी के मामले में पूर्व प्रधान के खिलाफ केस
पूर्व सैनिक को धमकी के मामले में कपसेठी पुलिस ने गुरुवार को सकलपुर के पूर्व प्रधान महेंद्र यादव के खिलाफ केस दर्ज किया। सकलपुर गांव के रहने वाले पूर्व सैनिक अछैदन यादव ने पुलिस को बताया कि बुधवार को जमीन की चहारदीवारी को पूर्व प्रधान ने ढहा दिया। विरोध करने पर गाली-गलौज के साथ जान से मारने की धमकी दी। इस बारे में थाना प्रभारी ने बताया कि केस दर्ज किया गया है।
अवैध निर्माणों का एक सप्ताह में दाखिल कराएं शमन मानचित्र
अवैध निर्माणों पर कार्रवाई को लेकर वीडीए ने सख्त रणनीति तैयार की है। अपर सचिव परमानंद यादव ने निर्देश दिया है कि एक सप्ताह में शमन मानचित्र दाखिल कराएं। उन्होंने आईजीआरएस रिपोर्ट की गुणवत्ता सुधार के लिए सभी जोनल अधिकारी एवं अवर अभियन्ता को निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि चिह्नित निर्माणकर्ता को शमन मानचित्र एक सप्ताह में दाखिल करने का समय देते हुए अंतिम नोटिस भेजें। यदि एक सप्ताह में निर्माणकर्ता की ओर से शमन मानचित्र दाखिल नहीं किया जाता है तो कार्रवाई करें। अशमनीय निर्माणों के खिलाफ प्राथमिकता पर वाद दाखिल करने का निर्देश जोनल अधिकारियों को दिया गया।
आईजीआरएस प्रकरणों में अनिवार्य रूप से स्थलीय जांच करें। इसका फोटोग्राफ निस्तारण रिपोर्ट में संलग्न करें। सर्वाधिक खराब फीडबैक वाले जोन के जोनल अधिकारी को गुणवत्ता में सुधार लाने की हिदायत दी।
कुआर गांव के पास घायलावस्था चीतल मिला
पिंडरा क्षेत्र के कुआर गांव के पास गुरुवार की सुबह ग्रामीणों को झाड़ में घायल अवस्था में चीतल मिला। ग्रामीणों ने चीतल को प्राथमिक उपचार कराया। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीण आनंद पटेल ने बताया कि एक हिरण जैसा दिखने वाला चीतल गांव के बाहर झाड़ में अचेतावस्था में पड़ा दिखा। कुत्तों ने उसे जख्मी किया था। जख्म पर दवा लगाने के बाद बाबतपुर स्थित वन विभाग के अधिकारियों को सूचना दी गई।
रेंजर पंकज सिंह ने बताया कि चीतल जंगल से ग्रामीण इलाके में आ गया था। वन विभाग की टीम ने चीतल को कब्जे में ले लिया है। चीतल ग्रामीण इलाकों में कैसे आया, इसकी जांच की जा रही है। सारनाथ मिनी जू में उसका इलाज कराया जा रहा है। स्वस्थ होने पर चीतल को जंगल में छोड़ा जाएगा।
मड़ई में आग लगाने का आरोप, सामान जला, दो पशु झुलसे
चिरईगांव के चौबेपुर थाना क्षेत्र के रामचंदीपुर स्थित टूडी पर गांव में बुधवार की रात रविंद्र यादव की रिहायशी मड़ई में आग लग गई। इसमें गृहस्थी का सामान जल गया। वहीं, मड़ई में बंधे दो पशु झुलस गए। रविंद्र ने आग लगाने के आरोप में तीन के खिलाफ चौबेपुर थाने में तहरीर दी है।
पीड़ित रवींद्र यादव ने पुलिस को बताया कि मड़ई में भूसा, अनाज व अन्य सामान था। तीन भैंस व पांच गाय बंधी थी। दो पशु झुलस गए। देर रात करीब डेढ़ बजे पशुओं के छटपटाने की आवाज पर उठा तो मड़ई जल रही है। गांव के तीन व्यक्ति निकल कर भागते हुए दिखे थे।
रविंद्र यादव आरोप है कि विरोधियों ने खेत में लगी हरी सब्जी नष्ट कर दी थी और धमकी भी दी थी। इसकी सूचना स्थानीय पुलिस चौकी चांदपुर पर लिखित रूप से दी गई थी। इस बारे में चौबेपुर थाना प्रभारी जगदीश कुशवाहा ने बताया कि घटना की तहरीर मिली है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
मकान से आभूषण और नकदी चोरी
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र खालिसपुर गांव में बुधवार की रात छत के सहारे घर में घुसे चोर नकदी और आभूषण उठा ले गए। घर से लगभग 1 किमी दूर हरिरामपुर गांव के बिसैता ताल में चोरी गई अटैची और बैग बरामद हुआ। पुलिस ने गुरुवार को छानबीन की। पीड़ित कल्लू राम यादव ने बताया कि 10 हजार रुपये और आभूषण चोरी हुए। इस बारे में मिर्जामुराद थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि मौके पर जांच की गई है। जल्द आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
सीएनजी गैस रिसाव से मचा हड़कंप, एक घंटे यातायात रहा बाधित
लोहता थाना क्षेत्र के खेवसीपुर गांव के पास गुरुवार शाम गेल इंडिया से सीएनजी गैस भरे सिलिंडर वाले ट्रक में रिसाव होने लगा। सूचना पर लोहता थाना प्रभारी और कोटवा चौकी इंचार्ज पवन कुमार मौके पर पहुंचकर यातायात रोका।
थाना प्रभारी निकिता सिंह ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, एक घंटे के बाद रिसाव बंद होने पर यातायात सही हुआ। ट्रक सिलिंडर लादकर हरहुआ से राजातालाब की तरफ जा रहा था। तभी सिलिंडर से रिसाव शुरू हो गया। चालक वही बीच सड़क पर ट्रक खडी दिया। गैस रिसाव से एक घंटे तक एक लेन यातायात बाधित रही। गेल इंडिया के विशेषज्ञों, कंपनी के फायर और मेंटेनेस टीम ने रिसाव बंद किया।
एडीसीपी ने किया पैदल गस्त
लोहता थाना क्षेत्र के कोटवा गांव में गुरुवार एडीसीपी वरुणा जोन नीतू कादयान ने पैदल गश्त किया। उन्होंने लोगों से ईद उल जुहा का त्योहार अमन चैन से मनाने की अपील किया। इस दौरान एसीपी रोहनिया संजीव शर्मा, थानाध्यक्ष निकिता सिंह, चौकी इंचार्ज पवन कुमार सहित थाने और चौकी के सभी पुलिसकर्मी रहे।
प्रशिक्षु आईआरटीएस अफसर पुलिस आयुक्त से मिले
भारतीय रेल यातायात सेवा (आईआरटीएस) के प्रशिक्षु अधिकारियों ने गुरुवार को पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल से उनके कैंप कार्यालय पर मुलाकात की। इस संबंध में पुलिस आयुक्त ने बताया कि आईआरटीएस के प्रशिक्षु अधिकारी रेलवे संचालन के साथ ही अन्य सरकारी विभागों के साथ समन्वय स्थापित करने के प्रशिक्षण के क्रम मे स्टेशन डायरेक्टर अर्पित गुप्ता के नेतृत्व में शिष्टाचार मुलाकात करने आए थे।
उन्हें रेलवे और पुलिस सेवा से संबंधित अनुभव और महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की गई हैं। अपने अनुभवों से प्रेरित करते हुए प्रशिक्षुओं को कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और जनता के प्रति संवेदनशीलता के साथ काम करने की सलाह दी गई। उन्हें बताया गया कि आप सभी युवा अधिकारी देश की सेवा के लिए महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभालने जा रहे हैं। अपने कार्यक्षेत्र मे नवाचार और सहयोग की भावना से आगे बढ़ें।
अतिक्रमण के साथ हटवाए 67 होर्डिंग, 1900 जुर्माना
नगर निगम की ओर से गुरुवार को शहर के कई इलाकों से अतिक्रमण हटवाए गए। इस दौरान 1900 रुपये जुर्माना लगाया और 67 होर्डिंग हटवाई गई। सिगरा नगर निगम से फल मंडी तक अवैध वेंडरों को सड़क से हटवाया गया। संतुष्टि हॉस्पिटल से नट बस्ती तक सड़क और नाले के दोनों किनारे में लगे ठेला, अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई की गई।
नाली के ऊपर स्थायी मकान बनाने से नाली का रास्ता बंद हो गया है। जिस पर जोनल अधिकारी ने अतिक्रमण कर्ता को नोटिस देने के लिए कहा। चितईपुर मेन रोड से नासिरपुर सुसुवाहीं मार्ग, करौंदी चौराहा होते हुए बीएचयू मार्ग तक बंद पड़ी नाली का निरीक्षण किया गया। ककरमत्ता एरिया के रोजा हाउस के पास गली में हटवाया गया। कुछ वेंडरों का लावारिस सामान भी जब्त किया गया।
आरक्षी प्रशिक्षण को लेकर अपर पुलिस आयुक्त ने दिये निर्देश
अपर पुलिस आयुक्त, कानून-व्यवस्था व मुख्यालय शिवहरी मीना ने गुरुवार को पुलिस लाइन स्थित आरक्षियों के प्रशिक्षण के तहत तैयारियों को जायजा लिया। 17 जून से शुरू हो रहे 1212 आरक्षियों के प्रशिक्षण के तहत मूलभूत सुविधाएं माॅडल मेस, बिजली, पानी, पंखा, कूलर, वाटर कूलर आदि व्यवस्थित कराने का निर्देश दिया।
क्षतिग्रस्त खिड़की दरवाजा को ठीक कराने और शौचालय की साफ-सफाई कराने कहा और प्रवेश एवं निकास द्वार पर सीसी टीवी कैमरे की व्यवस्था कराए जाने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस आयुक्त, मुख्यालय रंजन कुमार एवं प्रतिसार निरीक्षक प्रथम एवं द्वितीय उपस्थित रहे।
बाउंड्रीवाॅल ढहाने के आरोप में ग्राम प्रधान समेत चार के खिलाफ केस
बड़ागांव थाना क्षेत्र के काजीसरांय गांव में जमीन की बाउंड्रीवाॅल ढहाने के आरोप में ग्राम प्रधान समेत अन्य के खिलाफ बड़ागांव थाने में बृहस्पतिवार को मुकदमा दर्ज किया गया है। काजीसरांय गांव के पीड़ित सुधांशु द्विवेदी ने पुलिस को बताया कि गांव के ग्राम प्रधान भोलानाथ पटेल और अन्य ने जमीन पर बनी बाउंड्रीवाॅल को ढहा दिया है। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। इस बारे में थानाध्यक्ष अतुल कुमार सिंह ने बताया कि ग्राम प्रधान समेत चार के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
घर से भागे किशोर को पुलिस ने परिजनों को सौंपा
घर से भागे किशोर को पुलिस ने गुरुवार को परिजनों को सौंपा। बोकारो के चास थाना क्षेत्र के भोजपुर निवासी किशोर अचानक घर से लापता हो गया था। बुधवार को पुलिस को हवेलिया चौराहे पर किशोर मिला। थानाध्यक्ष विवेक कुमार त्रिपाठी ने बताया कि गुरुवार को परिजनों को बुलाकर किशोर को सुपुर्द किया गया।
वित्त आयोग से प्रशिक्षु अधिकारियों ने की मुलाकात
सिविल सेवा परीक्षा 2023 के भारतीय रेल प्रबंधन सेवा (ट्रैफिक) के ट्रेनी अधिकारियों ने गुरुवार को 16वें वित्त आयोग के अध्यक्ष अरविंद पानागरिया से मुलाकात की। इस दौरान अरविंद पानागरिया ने रेल प्रबंधन और संचालन पर चर्चा की। उधर, ट्रेनी अधिकारियों ने पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल से कैंप कार्यालय में भेंट की। इस दौरान स्टेशन निदेशक अर्पित गुप्ता, प्रशिक्षु अधिकारी शिवानी वासेकर, डिंपल कौशिक, जय वत्स, अनुराग किशोर गौतम, गौरव सिंह मौजूद रहे। कैंट स्टेशन के पास हेल्थ यूनिट परिसर में पौधरोपण किया गया।
काशी विश्वनाथ धाम में हुआ जलाभिषेक
गंगा दशहरा पर श्री काशी विश्वनाथ धाम में विशेष अनुष्ठान किया गया। गुरुवार को प्रात: काल मां गंगा का जलाभिषेक किया गया। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास की ओर से आयोजित अनुष्ठान में अधिकारियों, कर्मचारियों के साथ ही श्रद्धालुओं ने भी हिस्सा लिया।
बीएचयू एनसीसी के एयर स्कवाड्रन में 328 जवानों की ड्रोन और एसेंबली की वार्षिक ट्रेनिंग पूरी
बीएचयू एनसीसी के एयर स्कवाड्रन में 328 जवानों की ड्रोन फ्लाइंग और एसेंबली ट्रेनिंग हुई। वार्षिक प्रशिक्षण के तहत ट्रेनिंग शिविर लगाया गया। भगवानपुर के महिला कॉलेज परिसर में 7 यूपी एयर स्कवाड्रन की 10 दिन की ट्रेनिंग गुरुवार को पूरी हुई।
शिविर में वाराणसी, जौनपुर और प्रयागराज के कई स्कूलों के कैडेट्स और एनसीसी की एयरविंग रही। एनसीसी स्कवाड्रन आगरा, कानपुर, लखनऊ के 328 कैडेट्स पहुंचे थे। 40 कैडेट्स को ड्रोन फ्लाइंग और एसेंबली की विशेष ट्रेनिंग दी गई।
शिविर में शामिल कैडेट्स को अनुशासन, ड्रिल, फ्लाइंग, राइफल शूटिंग के टिप्स दिए गए। साथ ही कई तरह के खेल और योगासनों के बारे में बताया गया। फ्लाइंग की ट्रेनिंग ग्रुप कैप्टन नीरज अंबा और ड्रोन फ्लाइंग-एसेंबली की ट्रेनिंग ग्रुप कैप्टन ए के तिवारी और कर्नल दीगवेंद्र सिंह ने दी। ड्रोन की विधिवत जानकारी काफी व्यावहारिक तरीके से दी गई।
काशी विद्यापीठ में डिप्लोमा कोर्स में दो दिन चलेगी काउंसिलिंग
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में 2025-26 में पीजी डिप्लोमा इन म्यूजिक थेरेपी (हाइब्रिड मोड) में दाखिले के लिए काउंसिलिंग की तिथि फाइनल हो गई है। विश्वविद्यालय की ओर से 10 व 11 जून को काउंसिलिंग करवाई जाएगी। मनोविज्ञान विभाग के संगीत चिकित्सा प्रकोष्ठ एवं शोध केंद्र में काउंसिलिंग के लिए विभागवार सूची तैयार करवाई जा चुकी है।
कुलसचिव डॉ. सुनीता पांडेय ने बताया कि अभ्यर्थी को मूल प्रमाणपत्र/ अभिलेखों के साथ काउंसिलिंग में उपस्थित होना अनिवार्य है। काउंसिलिंग वाले दिन ही प्रथम सेमेस्टर का शुल्क 10,000 रुपये जमा करना होगा। विस्तृत जानकारी वेबसाइट से ली जा सकती है।
जल संरक्षण के लिए लोगों को जागरूक करेगी टीम
जल जीवन मिशन के तहत ग्रामीणों को जागरूक करने के लिए गुरुवार को चिरईगांव ब्लॉक मुख्यालय से बीडीओ वीरेंद्र द्विवेदी ने जागरूकता अभियान की टीम को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह टीमें ग्रामीणों को जल संरक्षण की जरूरत, स्वच्छता के लाभ तथा पाइपलाइन से घरों में जल आपूर्ति के महत्व के प्रति जागरूक करेंगी।
साथ ही नुक्कड़ नाटक से हर घर जल योजना के महत्व को रोचक तरीके से बताया जाएगा। बीडीओ ने कहा कि इस मिशन का उद्देश्य हर घर तक स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराना है। इस दौरान एडीओ पंचायत सुजीत यादव, एडीओ एसटी हवलदार यादव, सचिव राजेश यादव, अनिल कुमार समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
प्लास्टिक मुक्त अभियान में हाईवे किनारे हुई सफाई
चिरईगांव के ग्राम पंचायत बरियासनपुर में सोमवार को सफाई अभियान चला। इसके तहत गांव के पास हाईवे के किनारे फैले प्लास्टिक कचरे को इकट्ठा कर सफाई की गई। इकट्ठा हुए प्लास्टिक को निस्तारण के लिए आरसी सेंटर बर्थराकला भेजा जाएगा। ग्रामीणों को प्लास्टिक प्रदूषण और स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए यह अभियान चलाया गया।
सहायक विकास अधिकारी पंचायत सुजीत यादव ने मौके पर कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने प्लास्टिक का उपयोग न करने की अपील की। कहा कि स्वच्छता सरकारी प्रयास के साथ ही जनभागीदारी से संभव है। इस दौरान सचिव राजेश, शैलेंद्र और अनिल मौजूद रहे।
एडिशनल सीपी ने गंगा घाटों की परखी सुरक्षा व्यवस्था
गंगा दशहरा के उपलक्ष्य पर गुरुवार को अपर पुलिस आयुक्त, कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय शिवहरी मीना ने रामापुरा चौराहा से गोदौलिया चौराहा, सिंह द्वार होते हुए दशाश्वमेध घाट तक निरीक्षण किया। इस दौरान दशाश्वमेध घाट से अस्सी घाट तक और अस्सी घाट से नमो घाट तक पुलिस बोट से नदी में यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था को परखा। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों और पुलिसकर्मियों से सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में दिशा निर्देश दिए। भ्रमण के दौरान पुलिस उपायुक्त काशी-जोन गौरव वंशवाल, सहायक पुलिस आयुक्त अतुल अंजान त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।
सुख-समृद्धि और राष्ट्रोन्नति के लिए हुआ यज्ञानुष्ठान
राष्ट्रोन्नति और सुख समृद्धि के लिए भारत विकास परिषद नीलकंठ शाखा ने भोजूबीर में विश्व पर्यावरण दिवस और गंगा दशहरा पर यज्ञानुष्ठान किया। इस दौरान आचार्य प्रमोद आर्य ने वेद मंत्रों से पर्यावरण शुद्धि के लिए आहुतियां अर्पित कीं। इस अवसर पर सचिव संजीव श्रीवास्तव, राजीव गुप्ता, किरण, अजय योगाचार्य, रवि प्रकाश बरनवाल, चंद्रदीप आर्य, वेद प्रकाश आर्य, सुनील जायसवाल उपस्थित रहे।
प्राचीन हनुमान मंदिर पर हुआ भंडारा
गंगा दशहरा पर कोरौत घाट पर विशाल साधु भंडारा हुआ। इसमें हजारों साधु संतों ने भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया। इस दौरान पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह पटेल ने साधु संतों का आशीर्वाद लिया। उन्होंने कहा कि साधु संतों की सेवा भगवान की सेवा के बराबर है। साधु संत समाज को सही दिशा देते हैं एवं सच्ची राह दिखाते हैं। इस अवसर पर संत शिरोमणि विजय दास, सीकरदास, हरिदास, रंजीत पटेल आदि उपस्थित थे।
भारतीय हैंडबॉल टीम का हिस्सा बनेंगी काशी की चार खिलाड़ी
भारतीय हैंडबॉल टीम का हिस्सा बनने के लिए काशी चार बेटियां दावेदारी पेश करेंगी। चारों राष्ट्रीय खिलाड़ी शुक्रवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय रेलवे स्टेशन से गुजरात रवाना होंगे। गांधीनगर के साई सेंटर में नौ और दस जून को खिलाड़ी ट्रायल देंगी। भारतीय युवा महिला हैंडबॉल टीम में अंतिम रूप से चयनित खिलाड़ी चीन में 11वीं एशियाई युवा महिला हैंडबॉल चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।
उत्तर प्रदेश हैंडबॉल संघ के उपाध्यक्ष डॉ. एके सिंह ने बताया कि नैना यादव, प्रीति यादव, कोमल राय और सताक्षी पटेल दमखम का प्रदर्शन करेंगी। सभी बाबू आरएन सिंह स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स परमानंदपुर में डॉ. आशा सिंह की देखरेख में अभ्यास करती हैं। गुरुवार को जिला हैंडबॉल संघ की ओर से खिलाड़ियों को विदाई दी गई। चारों शुक्रवार को मुगलसराय रेलवे स्टेशन से गांधीनगर रवाना होंगी।
ब्रह्मकुमारीज ने किया पौधरोपण
ब्रह्माकुमारीज के क्षेत्रीय मुख्यालय सारनाथ की ओर से विश्व पर्यावरण दिवस पर सारनाथ स्थित वन विभाग परिसर वन एवं वन्य जीव विभाग के अधिकारियों के साथ पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण और संवर्द्धन का संदेश दिया। इस अवसर पर ब्रह्माकुमारीज के जन संपर्क प्रभारी बी के विपिन, शाखा प्रभारी बीके राधिका दीदी, रेंजर रविन्द्र यादव, डिप्टी रेंजर अमित कुमार दुबे, बी के सौम्या, बी के प्रियंका, बी के उदयलाल ने वन विभाग में नीम, जामुन आदि पर्यावरणीय संतुलन वाले पौधे लगाए।
वैज्ञानिकों ने 12 गांवों में 600 किसानों से किया संवाद
विकसित कृषि संकल्प अभियान के तहत आठवें दिन भारतीय सब्जी अनुसंधान संस्थान शाहंशाहपुर की ओर से गुरुवार को हरहुआ, काशी विद्यापीठ और सेवापुरी ब्लाॅक के 12 से अधिक गांवों में कृषक संवाद और पौधरोपण हुआ। संस्थान के निदेशक डॉ. राजेश कुमार ने बच्छाव गांव में किसानों से संवाद किया। वैज्ञानिकों ने नीम, पीपल, महुआ के पौधे लगाए।
उन्होंने 600 से अधिक किसानों को जैविक खाद निर्माण और खेती, मृदा परीक्षण और जल संरक्षण के उपायों के बारे में जानकारी दी। साथ ही माइट, फ्ली बीटल, धान की नर्सरी में पीलापन जैसी समस्याओं के समाधान के उपाय बताए। इसमें महिला किसानों की भी भागीदारी रही।
वैज्ञानिकों ने आईआईवीआर की ओर विकसित रोग प्रतिरोधी किस्मों, खरीफ सब्जी उत्पादन, डायरेक्ट सीडेड राइस, ड्रिप इरिगेशन, मल्चिंग और फेरोमोन ट्रैप जैसी तकनीकों पर भी चर्चा की। टीम में डॉ. अच्युत सिंह, डॉ. पी. कर्मकार और डॉ. आशुतोष राय, डॉ. विद्या सागर, डॉ. ज्योति देवी, कृषि विज्ञान केंद्र के डॉ. अमितेश सिंह, डॉ. प्रतीक्षा सिंह मौजूद रहे।
मां गंगा को कथक के जरिए अर्पित की नृत्यांजलि
मां गंगा के अवतरण दिवस पर हिमाचल प्रदेश में छोटी काशी के नाम से मशहूर मंडी से आए डॉ. संतोष कुमार सांवरिया ने कथक के जरिए नृत्यांजलि अर्पित की। जिला प्रशासन एवं सुबह ए बनारस की ओर से अस्सी घाट पर आयोजित घाट संध्या में वल्लभ राजकीय महाविद्यालय के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. संतोष ने नृत्य की शुरूआत गंगा स्तुति गंगा तरंग रमणीय...से किया।
इसके बाद शिव वंदना नागेंद्रहाराय त्रिलोचनाय... पर आधारित भाव विन्यास को कथक शैली में अभिव्यक्त किया। इसके साथ तीनताल में निबद्ध परंपरागत लयकारियों को प्रदर्शित किया। अंत में ध्रुपद रचनाओं को कथक शैली में साकार किया। कलाकार को प्रमाण पत्र कवि संदीप आचार्य ने दिया। संचालन डॉ. प्रीतेश आचार्य ने किया।
सीएम के जन्मदिन पर 53 किलो लड्डू अर्पित
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 53वें जन्मदिन पर गुरुवार को काजीसराय स्थित पावन वरद आञ्जनेय हनुमान धाम में विशेष पूजन हुआ। भगवान हनुमान को 53 किग्रा लड्डू अर्पित कर सीएम के दीर्घायु होने की कामना की गई। इस दौरान मंदिर परिसर में हनुमान चालीसा का पाठ और दीप प्रज्वलित किए गए। आयोजन की पहल संस्था के चेयरमैन राम गोपाल सिंह ने की। पूजन के बाद भक्तों में प्रसाद वितरण किया गया और सेवा-धर्म के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया गया।
जिला जज ने जागरूकता रैली को दिखाई हरी झंडी
विश्व पर्यावरण दिवस पर जनपद न्यायाधीश व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष जयप्रकाश तिवारी ने पौधरोपण कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाई। जिला जज जयप्रकाश तिवारी ने कहा कि इस साल का मिशन जल बचाओ, पर्यावरण बचाओ, धरती बचाओ अभियान है। इस अवसर पर अश्वनी कुमार दूबे, हरेंद्र बहादुर सिंह, आलोक कुमार आदि मौजूद रहे।
11 भिखारियों को कैंट स्टेशन से पकड़ा
कैंट रेलवे स्टेशन पर भिक्षावृत्ति मुक्ति कार्यक्रम के तहत गुरुवार को 11 भिखारियों को पकड़ा गया। समाज कल्याण विभाग, नगर निगम, जीआरपी, आरपीएफ एवं चाइल्डलाइन के संयुक्त प्रयास से स्टेशन प्लेटफार्म से पकड़े गए भिखारियों को समाज कल्याण विभाग ने अपना घर आश्रम को सौंपा।
करसड़ा में मेयर और नगर आयुक्त ने लगाए 101 पौधे
मेयर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने गुरुवार को करसड़ा कूड़ा निस्तारण केंद्र में 101 पौधे लगाए। एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत प्लांट पर पीपल, पाकड़, बरगद तथा नीम के पौधे लगाए गए। मेयर ने बताया कि नगर निगम की ओर से इस साल 20 हजार पौधे और ट्रीगार्ड लगाने का लक्ष्य रखा है। इस दौरान पूर्व विधायक सुरेंद्र सिंह औढ़े, विधान परिषद सदस्य व जिलाध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा, पार्षद सुरेश सिंह पटेल, संयुक्त नगर आयुक्त कृष्ण चन्द्र, उद्यान अधीक्षक डाॅ. वीके सिंह मौजूद रहे।
बीएचयू क्रीड़ा परिषद और सिगरा में आएसओ ने किया पौधरोपण
विश्व पर्यावरण दिवस पर खिलाड़ियों ने क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी विमला सिंह के साथ मिलकर पौधरोपण किया। उन्होंने खिलाड़ियों और कोच को पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दिलाया। बीएचयू में विश्वविद्यालय क्रीड़ा परिषद के महासचिव प्रो. बीसी कापरी ने एंफीथियेटर मैदान के बाहरी ओर सर्किल में पौधे लगाए। उधर, गहनी के शिएट कॉलेज में फुटबॉल खिलाड़ियों ने पौधरोपण किया। बरेका में खेल अधिकारी और जनसंपर्क अधिकारी ने खिलाड़ियों क साथ मिलकर पौधरोपण किया। लालपुर स्टेडियम में उपक्रीड़ा अधिकारी मंजूर आलम ने खिलाड़ियों के साथ पौधरोपण किया।
प्लास्टिक प्रदूषण के खिलाफ किया जागरूक, जल के प्रति किया सचेत
विश्व पर्यावरण दिवस पर दी इंस्टिट्यूट ऑफ़ चार्टर्ड एकाउंटेंट्स ऑफ़ इंडिया के ओर से पांडेयपुर स्थित शाखा परिसर में पौधरोपण किया गया। इस दौरान सभी कर्मचारियों ने पर्यावरण संरक्षण और प्लास्टिक प्रदूषण के खिलाफ लोगों को जागरूक किया।
शाखा अध्यक्ष सीए नीरज कुमार सिंह ने बताया कि विश्व पर्यावरण दिवस का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के लिए जागरूकता बढ़ाना है। इस वर्ष की थीम प्लास्टिक प्रदूषण को हराना है। लोग प्लास्टिक का कम से कम उपयोग करें, इसके लिए जागरूक किया गया। लोगों से कहा गया कि सिंगल-यूज प्लास्टिक बैग और प्लास्टिक की बोतलों का प्रयोग बंद करने के लिए कहा गया। घर की छतों, बालकनी और बगीचे में पेड़ लगाने को जागरूक किया।
पानी की एक-एक बूंद को बचाने और उसका सही तरीके से उपयोग करने को भी प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में उपाध्यक्ष सीए वैभव मेहरोत्रा, सचिव सीए विकास द्विवेदी, कोषाध्यक्ष सीए रंजीत पांडे, शिकासा अध्यक्ष सीए प्रकाश पांडे, कार्यकारिणी सदस्य सीए नमन कपूर ने शाखा परिसर में पौधरोपण किया। धन्यवाद शाखा सचिव सीए विकास द्विवेदी ने किया।
आईटीआई में 214 अभ्यर्थियों को मिला रोजगार
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान करौंदी में दो दिवसीय कैंपस प्लेसमेंट हुआ। लिखित परीक्षा और साक्षात्कार के बाद 214 अभ्यर्थी चुने गए। पहले दिन बुधवार को ऑटो मोबाइल कंपनियों ने तीन पालियों में लिखित परीक्षा ली। मैकेनिकल ट्रेड के 360 छात्र उपस्थित हुए। 245 पास पास हुए, जिनका साक्षात्कार गुरुवार को हुआ।
इसके बाद 214 अभ्यार्थियों का चयन हुआ। 8 जून को गुरुग्राम में सभी को ज्वाइन करना है। कैंपस सेलेक्शन प्रभारी सुनील कुशवाहा ने बताया कि सभी को 32,852 रुपये सैलरी मिलेगी। कंपनी की ओर से यूनिफार्म और भोजन दिया जाएगा। अगर किसी भी अभ्यर्थी को कोई परेशानी है तो वह कार्यालय में बता सकता है। इस दौरान प्लेसमेंट सहप्रभारी देवव्रत, मनोज कुमार, हेमंत कुमार रहे।
शहर में लगे तीन वाटर एटीएम
मेयर अशोक कुमार तिवारी ने गुरुवार को गोलघर, कचहरी और पांडेयपुर ओवरब्रिज के नीचे वाटर एटीएम का उद्घाटन किया। स्माल उत्कर्ष बैंक के सीएसआर फंड, जलकल, नगर निगम की ओर से लगाए वाटर एटीएम से कचहरी चौराहे पर आने वाली भीड़ व पांडेयपुर चौराहे पर आने-जाने वाले नागरिकों को शुद्ध पानी मिलेगा। कार्यक्रम के दौरान प्रभारी अरविंद सिंह, जगदीश त्रिपाठी, पार्षद मदन मोहन दुबे, दिनेश यादव, बलराम कन्नौजिया मौजूद रहे।
टूरिस्ट गाइड एसोसिएशन ने किया मां गंगा का पूजन
गंगा दशहरा पर टूरिस्ट गाइड्स एसोसिएशन के सदस्यों ने गुरुवार को राजाघाट पर गंगा पूजन के साथ मां गंगा की आरती उतारी। आयोजन के दौरान सभी ने गंगा निर्मलीकरण एवं पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। सभी ने मां गंगा से विश्व शांति के लिए प्रार्थना की। गंगा पूजन अध्यक्ष अखिलेश मौर्य, अजय सिंह, प्रवीण मेहता, जैनेंद्र राय, पंकज सिंह ने किया।
आरती अर्चक अरविंद पांडेय, उतम पांडेय, कुंदन पांडेय, प्यारे पांडेय, पिनुप पांडेय ने उतारी। इसमें राजराजेश्वरी ट्रस्ट के तुलसी मनोज जोशी का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम में वाराणसी टूरिज्म एसोसिएशन के अध्यक्ष राशिद खान, डीएन सिंह, अश्वनी सिंह, मनीष सिंह, राम पांडेय,शिव त्रिपाठी, भानु प्रताप सिंह, पुलकित गुप्ता शामिल हुए।
भानू के शतक से सेमीफाइनल में जयनारायण की टीम
क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से अंडर-19 क्रिकेट प्रतियोगिता रेवड़ी तालाब के जय नारायण इंटरमीडिएट कॉलेज मैदान पर खेली गई। प्री क्वार्टर फाइनल में जयनारायण ब्लू के भानू प्रताप सिंह ने 109 गेंद पर 108 रन बनाकर सनशाइन क्रिकेट क्लब को 54 रन से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। टॉस जीतकर जयनारायण क्लब ने 35 ओवर में तीन विकेट पर 195 रन बनाए।
जवाब में सनशाइन की टीम 31 ओवर 3 गेंद खेलकर 141 रन पर ऑलआउट हो गई। यह मैच जयनारायण ब्लू की टीम ने 54 रन से जीत लिया। शुभारंभ वाराणसी क्रिकेट एसोसिएशन के संयुक्त सचिव जमाल अख्तर ने किया। स्वागत फैजल ने किया। इस अवसर पर नसीर अली, हेमंत राय, गालिब अंसारी मौजूद रहे।
स्विट्जरलैंड और यूरोप में व्याख्यान देंगे डॉ. रजनीश
राजकीय महिला महाविद्यालय डीएलडब्ल्यू में शारीरिक शिक्षा विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. रजनीश चंद्र त्रिपाठी को स्विट्जरलैंड और यूरोप में व्याख्यान देने के लिए बुलाया गया है। 11 से 19 जुलाई तक चलने वाली शैक्षिक यात्रा में डॉ. रजनीश को यूनिवर्सिटी ऑफ टीचर एजुकेशन स्विट्जरलैंड के इंस्टीट्यूट ऑफ डायवर्सिटी इन एजुकेशन में अतिथि विद्वान के रूप में आमंत्रित किया गया है। वह भारतीय स्कूल शिक्षा पद्धति पर विशेष व्याख्यान प्रस्तुत करेंगे।
23 महाविद्यालयों को अब मां विंध्यावासिनी विश्वविद्यालय से मिलेगी डिग्री
भदोही जिले के काशी नरेश राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय समेत 23 कॉलेजों के छात्रों को अब मां विंध्यवासिनी विश्वविद्यालय की डिग्री मिलेगी। तीन राजकीय और 20 निजी महाविद्यालय की महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ वाराणसी विश्वविद्यालय से संबद्धता अब समाप्त हो गई है। सभी कॉलेज अब मां विंध्यवासिनी विश्वविद्यालय से संबद्ध हो गए हैं। नए शैक्षिक सत्र 2025-26 में स्नातक और परास्नातक की कक्षाओं में होने वाले प्रवेश मां विंध्यवासिनी विश्वविद्यालय मिर्जापुर के समर्थ पोर्टल पर पंजीकरण के माध्यम से होंगे।
बकरीद पर कराएं बेहतर सफाई, सपा ने सौंपा मांगपत्र
आगामी बकरीद पर्व को ध्यान में रखकर सपा पार्षद दल नेता हारून अंसारी नगर आयुक्त कार्यालय को मांगपत्र सौंपा है। उन्होंने शहर के विभिन्न वार्डो में बकरीद पर सफाई कराने की मांग की है। पूर्व निर्धारित स्थलों से अपशिष्ट उठान के लिए कन्टेनर लगाया जाए। वार्डो में अतिरिक्त सफाई कर्मचारियों की तैनाती की जाए। पर्व के एक दिन पूर्व स्वास्थ्य विभाग सुपरवाइजर को चूना, ठेला गाड़ी, बेलचा, ब्लीचिंग पाउडर आदि वस्तु उपलब्ध करवाया जाए।
रोटरी क्लब ने कैंसर अस्पताल को दिया बस
रोटरी क्लब वाराणसी की ओर से आयोजित कार्यक्रम में रोटरी ग्लोबल ग्रांट ब्लड डोनेशन बस का लोकार्पण किया। इस बस को महामना कैंसर अस्पताल को भेंट किया गया। इसके माध्यम से शहर की सामाजिक संस्थाओं, सार्वजनिक स्थलों पर रक्तदान को बढ़ावा दिया जाएगा।
महमूरगंज स्थित शुभम लॉन में आयोजित कार्यक्रम में रोटरी इंटरनेशनल मंडल 3120 के मंडलाध्यक्ष परितोष बजाज और महामना कैंसर संस्थान के निदेशक डाॅ. सत्यजीत प्रधान ने बस का लोकार्पण किया। सचिव चन्द्र किशोर अग्रवाल ने बताया कि बस में एक साथ तीन लोग रक्तदान कर सकते हैं। कार्यक्रम में घनश्याम गुजराती, प्रशांत नागर, आशुतोष अग्रवाल, दिनेश गर्ग, अनिल जाजोदिया सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
पर्यावरण दिवस पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने लिया हरियाली की सेवा का संकल्प
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने ग्राम बभनपुरा में बूथ अध्यक्ष बृजेश तिवारी के आवास पर आम, अमरूद और नीम के पौधे लगाए। इस अवसर पर मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश मंत्री मीना चौबे ने पौधरोपण के बाद पर्यावरण संरक्षण हेतु जनजागरूकता अभियान चलाने का संकल्प लिया। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्मदिवस के अवसर पर पौधे लगाकर उनके दीर्घायु होने की कामना भी की।
मीना चौबे ने कहा कि भाजपा निरंतर सेवा कार्यों में संलग्न रहती है। उन्होंने कहा कि हमारा कार्य रुकना नहीं, निरंतर आगे बढ़ते रहना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जब से देश की कमान संभाली गई है, तब से ग्रीन एनर्जी और स्वच्छ भारत को लेकर अनेक योजनाएं प्रारंभ की गई हैं।
किसान मोर्चा के जिला महामंत्री पवन चौबे ने कहा कि जलवायु परिवर्तन के खतरे से निपटने हेतु जो वैश्विक प्रयास जारी हैं। उनमें भारत एक उजाला बनकर उभरा है और एक विकराल संकट के विरुद्ध बड़ी ताक़त के रूप में सामने आ रहा है, जिससे हमारा पर्यावरण संतुलित बना रह सके। इस अवसर पर पवन चौबे, बद्री सिंह, श्रीकांत पाठक, आदिनाथ तिवारी, वृजेश तिवारी, मनीष यादव समेत कई उपस्थित रहे।
केंद्रीय वित्त आयोग के चेयरमैन, कमिश्नर, पुलिस कमिश्नर, डीएम ने गांव रसूलपुर में किया पौधरोपण
विश्व पर्यावरण दिवस पर केंद्रीय वित्त आयोग के चेयरमैन डॉ. अरविंद पनगढ़िया, कमिश्नर एस राजलिंगम, पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल, डीएम सत्येंद्र कुमार और सीडीओ हिमांशु नागपाल ने पिंडरा के गांव रसूलपुर में पौधरोपण किया। इसके बाद गांव में कराए गए विकास कार्यों का निरीक्षण भी किया।
गड़बड़ी सुधार की समयसीमा खत्म, मेरिट सूची बनाने की तैयारी
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में दाखिले के लिए स्नातक और व्यवसायिक पाठयक्रम में आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के लिए प्रवेश फॉर्म में गड़बड़ी सुधार के लिए दो दिन करेक्शन विंडो खोले गए थे। इसकी समयसीमा पांच जून को बीत गई। दो दिन में बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने आवेदन में स्नातक में दाखिले के लिए इंटरमीडिएट परीक्षा उत्तीर्ण होने की मार्कशीट की छायाप्रति अपलोड की।
ऐसा इसलिए कि बहुत से छात्रों ने आवेदन के समय मार्कशीट अपलोड नहीं की थी। अब जबकि गड़बड़ी सुधार की समय-सीमा बीत गई है, ऐसे में पाठ्यक्रमवार मेरिट सूची बनाने का काम तेज हो जाएगा। इस बीच विश्वविद्यालय की ओर से 10 जून से काउंसिलिंग की प्रक्रिया शुरू होनी है।
दो करोड़ से होंगे 27 विकास कार्य
एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा ने विधायक निधि योजना के तहत रोहनिया विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों का किया शिलान्यास किया। कंदवा तालाब स्थित कर्मदेश्वर मंदिर के पास विधिवत हवन पूजन के साथ इंटरलॉकिंग मार्ग व सड़क, सीवर सहित कुल 27 विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास किया। इस कार्य की कुल लागत 2 करोड़ रुपये आएगी। इसके अलावा सांसद निधि से पहाड़ी स्थित वैष्णों विहार कॉलोनी में तीन इंटरलॉकिंग सड़क का शिलान्यास किया। इस दौरान विनोद पटेल, गोविंद दास गुप्ता, प्रवेश पटेल, प्रमोद सिंह मौजूद रहे।
बीएचयू नेत्र संस्थान मं डॉक्टरों ने लगाए पौधे
विश्व पर्यावरण दिवस पर गुरुवार को बीएचयू अस्पताल स्थित क्षेत्रीय नेत्र संस्थान परिसर में डॉक्टरों ने पौधे लगाए। विभागाध्यक्ष प्रो. आरपी मौर्य के नेतृत्व में इस दौरान अलग-अलग प्रजाति के आम के पौधे लगाये गये। प्रो. मौर्य ने कहा कि पर्यावरण को सुरक्षित रखने के लिए सभी को अपने-अपने घरों के आसपास एक पेड़ जरूर लगाना चाहिए। इस दौरान प्रो. वीपी सिंह, प्रो. दीपक मिश्रा के साथ ही दीपक श्रीवास्तव, अनुप कुमार आदि लोग मौजूद रहे।
शास्त्री घाट पर हुआ वरुणा नदी का दुग्धाभिषेक
गंगा दशहरा पर वरुणा नदी का लोक चेतना संस्था ने पूजन किया। जनसमूह ने वरुणा तट के शास्त्री घाट पर 51 लीटर दूध से वरुणा का दुग्धाभिषेक किया। दो बटुकों ने वैदिक मंत्रों के साथ नदी के तट पर आरती के साथ शंखनाद कर वरुणा की स्वच्छता के लिए महादेव से कामना की और स्वच्छ वरुणा स्वस्थ काशी के नारे लगाए। अध्यक्ष केके उपाध्याय, गंगा सहाय पांडेय, निशांत बरनवाल, भानु प्रताप राय आदि मौजूद रहे।
तीसरे दिन पीएचडी प्रवेश की मांग पर बुद्धि-शुद्धि यज्ञ
बीएचयू में धर्म एवं दर्शन विभाग के बाहर छात्रों ने तीसरे दिन लगातार धरना प्रदर्शन किया। छात्रों ने पीएचडी प्रवेश की मांग पर बुद्धि-शुद्धि यज्ञ किया। प्रदर्शन की वजह से सामाजिक विज्ञान संकाय के पीछे वाले द्वार पर तीसरे दिन लगातार ताला बंद रहा। छात्रों ने कहा कि उनकी मांग सुनी नहीं जा रही है। वे मेन कैंपस में प्रवेश के लिए योग्य हैं, लेकिन उन्हें कॉलेज में सीट दी जा रही है।
दो दिन में 42 प्रभुजन पहुंचे अपना घर आश्रम
कैंट रेलवे स्टेशन पर गुरुवार को भिक्षावृत्ति मुक्त काशी अभियान चलाया गया। इस दौरान रेलवे स्टेशन से 10 लोगों को रेस्क्यू कर अपना घर आश्रम भेजा गया। टीम में जीआरपी थाने की पुलिस, नगर निगम के अधिकारी और समाज कल्याण विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। अपना घर आश्रम के संस्थापक डॉ. के निरंजन ने बताया कि लखनऊ के आदेश पर चार दिवसीय वृहद लावारिस, अनाथ, और असहाय प्रभुजनों को रेस्क्यू करने का अभियान चलाया गया। इसमें दो दिनों में 42 लोगों को रेस्क्यू किया गया।
आश्रम में ताला तोड़कर कब्जा मामले में केस दर्ज
हरिश्चंद्र घाट स्थित आश्रम में बुधवार की रात ताला तोड़कर जबरन कब्जा और पत्थरबाजी मामले में एक नामजद समेत अज्ञात के खिलाफ भेलूपुर थाने में केस दर्ज किया गया। मणिकर्णिका घाट के संतोषदास सतुआ बाबा ने पुलिस को बताया कि हरिश्चद्र घाट स्थित आश्रम में ताला बंद था।
रात में सूचना मिली कि अनंतदास समेत अज्ञात ने ताला तोड़कर आश्रम में कब्जा का प्रयास किया। इसमें कुछ महिला और पुरुष भी शामिल रहे। मौके पर पहुंचने पर अंदर से आरोपियों ने पत्थर फेंका। भेलूपुर थाना प्रभारी गोपाल जी कुशवाहा ने बताया कि अनंनतदास के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
धोखाधड़ी समेत अन्य आरोपों में तीन के खिलाफ केस दर्ज
जमीन बिक्री के नाम पर 10 लाख रुपये की धोखाधड़ी और डील से मुकरने समेत धमकी मामले में तीन के खिलाफ चितईपुर थाने में बृहस्पतिवार को केस दर्ज किया गया। चुनार के पुरूषोत्तमपुर के सहसपुरा निवासी चंद्रमा सिंह ने डीसीपी काशी जोन को प्रार्थना पत्र दिया।
आरोप लगाया कि आदित्यनगर करौंदी के रहने वाले दीप नारायण सिंह, सूर्य नारायण सिंह, शिव शंकर सिंह ने जमीन बिक्री के नाम पर 2017 से 2019 के बीच में 10 लाख 80 हजार रुपये विभिन्न किस्तों में लिए। 22 लाख पचास हजार रुपये में जमीन की डील हुई थी। इस बीच आरोपी जमीन देने से मुकर गए और पैसा भी नहीं लौटा रहे हैं। चितईपुर इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
चिकित्सक समेत दो महिलाओं के संग साइबर धोखाधड़ी
गूगल पे पर पैसे ट्रांसफर कराने के बहाने जालसाजों ने 9600 रुपये खाते से साफ कर दिए। पीड़िता ने भेलूपुर थाने में केस दर्ज किया। बृजइंक्लेव कालोनी सुंदरपुर की रहने वाली सुष्मिता चक्रवर्ती ने पुलिस को बताया कि सोशल मीडिया के जरिये गूगल पे से 27 से 28 मई के बीच 96000 रुपये और 80000 रुपये बैंक खाते से निकला। तुरंत साइबर सेल में शिकायत पर 28 मई को 80000 रुपये खाते में होल्ड हो गए।
बाकी के 96000 रुपये खाते से निकल गए। उधर, बीएचयू के साइकोलॉजी विभाग की डॉ. नीति सिंह के बैंक खाते से साइबर जालसाजों ने आनलाइन शापिंग के बहाने 25209 रुपये निकाल लिए। पीड़िता ने लंका थाने और साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई।