फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Varanasi News today Referee slapped player receives 3 match ban husband of village head beaten

Varanasi News Today: खिलाड़ी को थप्पड़ मारने वाले रेफरी पर 3 मैच का प्रतिबंध, प्रधान पति को पीटा; पढ़ें खबरें

Tue, 30 Dec 2025 05:49 AM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: अमन विश्वकर्मा Updated Tue, 30 Dec 2025 05:49 AM IST
सार

Varanasi News: वाराणसी में बक्सर के खिलाड़ी को थप्पड़ मारने के आरोपी रेफरी पर यूपी फुटबॉल संघ ने तीन मैचों का प्रतिबंध लगा दिया है। वहीं, अर्जुनपुर गांव में लेनदेन के विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट हुई थी। इसमें प्रधान पति को भी पीट दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। आइए जानते हैं अन्य खबरें...

विज्ञापन
Varanasi News today Referee slapped player receives 3 match ban husband of village head beaten
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

Varanasi News in Hindi: अखिल भारतीय आमंत्रण प्राइजमनी पुरुष फुटबाॅल प्रतियोगिता के चौथे क्वार्टर फाइनल मैच के दौरान बक्सर के खिलाड़ी को थप्पड़ मारने के आरोपी रेफरी पर यूपी फुटबॉल संघ ने तीन मैचों का प्रतिबंध लगा दिया है। मैच रेफरी रमेशन जैसल दो सेमीफाइनल और फाइनल में रेफरी की भूमिका नहीं निभा सकेंगे।

विज्ञापन


यूपी फुटबॉल संघ के महासचिव मोहम्मद शाहिद ने बताया कि यह कार्रवाई खेल में अनुशासन बनाए रखने के लिए की गई है। बताया कि रेफरी पर फुटबॉल तकनीकी समिति की संस्तुति पर कार्रवाई की गई है। नियम तोड़ने पर किसी को बक्सा नहीं जाएगा। मैच में अनुशासन जरूरी है। महासचिव ने बताया कि मामले को अनुशासन समिति को भेजा गया है। आगे का निर्णय समिति लेगी। मैच कमिश्नर डॉ. नौशाद ने बताया कि खेल को ठीक कराने के लिए अनुशासन जरूरी है यह पक्षों पर लागू होगा।
विज्ञापन


सोमवार को सिगरा स्टेडियम में खेले गए कांटे के मुकाबले में खिलाड़ियों को नियंत्रित रखने के दो बार दोनों टीम के दो-दो खिलाड़ियों को बतौर वार्निंग पीला कार्ड दिखाया गया। मुख्य रेफरी मिताई सरदार ने पहला कार्ड यूपी एकादश के डी एरिया में दोनों टीमों के बीच हुए नोकझोंक पर दिखाया जबकि दूसरा पीला कार्ड दूसरे हाफ में खिलाड़ियों के बीच धक्कामुक्की पर दिखाया। बताया कि मैच में एक खिलाड़ी को दो पीला कार्ड दिखाने पर एक रेड कार्ड हो जाता है। इसमें खिलाड़ी पर दो मैचों का प्रतिबंध लगता है। पहला पीला कार्ड चेतावनी होती है।

विज्ञापन
विज्ञापन

लेनदेन के विवाद में दो पक्ष भिड़े, बचाव में आए प्रधान पति को पीटा, छह हिरासत में
कपसेठी थाना क्षेत्र के अर्जुनपुर गांव में सोमवार सुबह लेनदेन के विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट हुई। बचाव में आए प्रधानपति बलिराम यादव उर्फ फौजी भी चोटिल हो गए। उनके सिर में गंभीर चोट आई और इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है। गांव में तनाव को देख पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

पुलिस के अनुसार गांव निवासी नान्हक प्रजापति एक फाइनेंस कंपनी में एजेंट थे। आरोप है कि उन्होंने रंगनाथ यादव से बीमा के नाम पर कई किस्तों में रकम ली थी, लेकिन कंपनी बंद हो जाने से भुगतान नहीं हो सका। सोमवार सुबह रंगनाथ यादव रुपये मांगने एजेंट के पास पहुंचे, इसी बात पर विवाद बढ़ा और दोनों पक्षों में मारपीट होने लगी। मौके पर पहुंचे प्रधान पति बलिराम यादव उर्फ फौजी दोनों पक्षों को शांत कराने लगे।

आरोप है कि इस बीच रंजिश को लेकर आनंद यादव ने हमला कर दिया। हमले में बलिराम यादव, पिता राजेंद्र यादव और 14 साल की खुशबू यादव घायल हो गईं। दूसरे पक्ष से सुधा देवी (60) और सीताराम (65) सहित अन्य को चोटें आईं। थाना प्रभारी कपसेठी सधुवन राम गौतम ने बताया कि बलिराम यादव की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। स्थिति सामान्य बनाए रखने के लिए गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। 6 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

अनियंत्रित बाइक पेड़ से टकराई, युवक की मौत
फूलपुर थाना क्षेत्र के थाना गांव के पास रविवार देर रात बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में असिला निवासी चंदन कश्यप (25) की मौत हो गई जबकि पीछे बैठा दोस्त रवि सेठ (28) निवासी मीराशाह घायल हो गया। चंदन के सिर में चोट आई और ज्यादा रक्तस्राव मौत की वजह बनी। लोगों ने बताया कि दोनों ने हेलमेट नहीं पहन रखा था।

सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पिंडरा ले गए। चंदन की हालत नाजुक देख चिकित्सकों ने बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। उपचार के दौरान चंदन ने दम तोड़ दिया। चंदन कश्यप मुंबई में रहकर प्राइवेट नौकरी करता था और कुछ दिन पहले ही घर आया था। वह अविवाहित था और दो भाइयों में छोटा था।

पिता शिवशंकर तहसील पिंडरा परिसर में चाय की दुकान लगाते हैं। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मां लालमनी का रो-रोकर बुरा हाल है। उपनिरीक्षक रवि सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

एयरपोर्ट पर यात्री के हैंड बैग से मिले छह कारतूस
लालबहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सोमवार को सुरक्षा जांच के दौरान एक यात्री के हैंड बैग से छह कारतूस मिले। यात्री ने भूलवश कारतूस बैग में रहने की बात स्वीकार की। बड़ागांव थाना क्षेत्र के निवासी सुशील कुमार पांडेय इंडिगो एयरलाइंस की उड़ान से मुंबई जाने के लिए बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचे थे।

टर्मिनल भवन में प्रवेश के बाद सीआईएसएफ ने जब जांच की तो हैंड बैग में कारतूस मिला। सीआईएसएफ के जवानों ने यात्री की यात्रा रोक बाबतपुर पुलिस चौकी को सुपुर्द कर दिया। बड़ागांव थाना प्रभारी अजय कुमार मिश्र ने बताया कि पूछताछ के दौरान यात्री ने वैध कागजात दिखाए। उसका कोई आपराधिक इतिहास नहीं था। जांच पूरी होने के बाद उसे छोड़ दिया गया।

किशोरी लापता, युवक पर बहलाकर साथ ले जाने का आरोप
चोलापुर थाना क्षेत्र की किशोरी के लापता होने के मामले में पीड़िता की मां ने गांव के ही एक युवक पर बेटी को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाकर थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर खोज शुरू कर दी है। किशोरी 25 दिसंबर को दोपहर दो बजे घर से निकली थी, लेकिन देर शाम तक नहीं लौटी। किशोरी ने फोन पर मां को बताया कि गांव का ही युवक मोहित कुमार उसे मेला घुमाने के बहाने साथ ले गया है।

सूचना मिलने पर परिजन आरोपी युवक के घर पहुंचे, लेकिन वहां नहीं मिला। उसका मोबाइल भी बंद बताया जा रहा है। थाना प्रभारी चोलापुर दीपक कुमार ने बताया कि पीड़िता की मां की तहरीर के आधार पर आरोपी युवक मोहित कुमार के खिलाफ बीएनएस की धारा 87 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। किशोरी की बरामदगी के लिए दबिश दी जा रही है।

शंकुलधारा पोखरे के पास से हटवाए गए अवैध निर्माण
शंकुलधारा पोखरे के आसपास से अवैध निर्माण हटवाए गए। नगर निगम की ओर से सोमवार को जेसीबी भेजी गई थी, लेकिन लोगों ने आग्रह किया कि वे स्वयं हटा लेंगे। इसके बाद जेसीबी वापस आ गई। शंकुलधारा पोखरे के चारों ओर विकास से जुड़े कार्य कराए जाएंगे। इसके मद्देनजर अतिक्रमण हटवाने की कार्रवाई की गई।

जानलेवा हमले के आरोपी बाल अपचारी को पकड़ा
जानलेवा हमले के आरोपी बाल अपचारी को सारनाथ पुलिस ने पकड़ा। 17 दिसंबर को विकास मिश्रा निवासी लेढ़ूपुर ने जानलेवा हमले का आरोप लगाकर सारनाथ थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। विवेचना के दौरान बाल अपचारी का नाम सामने आया था। थाना प्रभारी पंकज कुमार त्रिपाठी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ सर्वोच्च न्यायालय और मानवाधिकार आयोग के दिशानिर्देशों के अनुसार कार्रवाई की गई।

आभूषण से भरा बैग ऑटो में भूली महिला, सिटी कमांड सेंटर ने दिलाया
भोजूबीर की रहने वाली पूजा का आभूषण से भरा बैग सिटी कमांड सेंटर से सोमवार को दो घंटे में बरामद हुआ। भोजूबीर सब्जी मंडी से पूजा ऑटो में सवार हुई और रोडवेज बस स्टैंड के पास उतरी, लेकिन आभूषण से भरा बैग ऑटो में भूल गईं। पूजा ने पुलिस से शिकायत की और सिटी कमांड सेंटर की टीम ने 24 सीसी कैमरे की फुटेज खंगालने के बाद ऑटो की पहचान की और बैग बरामद कर पीड़िता को सौंपा। सिटी कमांड सेंटर के प्रभारी राजेश कुमार सिंह ने बताया कि दो घंटे में तीन लाख के आभूषण बरामद किए गए।

वाराणसी-छपरा एक्सप्रेस में अब 17 कोच
वाराणसी सिटी-छपरा इंटरसिटी एक्सप्रेस (15111/15112) में आधुनिक एलएचबी कोच लगाए जा रहे हैं। इससे सफर पहले के मुकाबले ज्यादा सुरक्षित, आरामदायक हो जाएगा। कोच की संख्या 12 से बढ़ाकर 17 कर दी गई है। नई रेक संरचना के अनुसार इस गाड़ी में साधारण दूसरी श्रेणी के आठ, साधारण दूसरी श्रेणी, कुर्सीयान के छह, वातानुकूलित कुर्सीयान आदि हैं। पहले से ज्यादा यात्रियों के लिए बैठने की क्षमता हो गई है।

हत्या में शामिल दो अन्य आरोपी गिरफ्तार
बड़ागांव के हरहुआ में शुक्रवार देर रात शराब के नशे में मारपीट में भेलखा गांव निवासी मोनल सिंह की हत्या के मामले में पुलिस ने दो और नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पहले एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। हत्या के मामले में नामजद तीन अभियुक्तों में से लवकुश पटेल उर्फ लालू को पुलिस ने शनिवार को ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।

दो अन्य आरोपी शनि पटेल उर्फ अर्जुन और आर्यन पटेल उर्फ कल्लू, दोनों निवासी इदिलपुर को सोमवार दोपहर कोइराजपुर के अंडरपास के पास से मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार किया गया। पुलिस की पूछताछ में आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त हथियार को प्रतापपट्टी गांव में गेहूं के खेत से बरामद किया गया।

आरोपियों ने पुलिस को बताया कि भेलखा गांव के सूर्या भट्टा के पास मादक पदार्थों के सेवन को लेकर मोनल सिंह से कहासुनी हुई थी। रंजिश में 26 दिसंबर को उन्होंने हत्या की योजना बनाई। उसी दिन देर शाम इदिलपुर गांव में मोहित पटेल के घर मुर्गा खाने के बाद लौटते समय तीनों ने मोनल की पीट-पीटकर हत्या कर दी।

अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ तहसील और वीडीए चलाएंगे संयुक्त अभियान
राजातालाब, सदर तहसील में बढ़ रही अवैध प्लॉटिंग को लेकर सोमवार को वीडीए सभागार में बैठक हुई। अध्यक्षता कर रहे वीडीए सचिव डॉ. वेद प्रकाश मिश्रा ने दोनों तहसीलों के लेखपाल को वीडीए अधिनियम, प्रचलित नियमों के तहत अवैध प्लॉटिंग पर रोक लगाने के संबंध में जानकारी दी गई।

निर्णय लिया गया कि तहसील स्तर पर राजस्व विभाग और वाराणसी विकास प्राधिकरण के बीच समन्वय बनाकर अभियान चलाया जाएगा। ताकि अवैध प्लॉटिंग की गतिविधियों पर नियंत्रण किया जा सके। सचिव ने कहा कि अवैध प्लॉटिंग से न केवल शहरी विकास बाधित होता है, बल्कि भविष्य में आम नागरिकों को मूलभूत सुविधाओं का सामना करना पड़ता है।

कार सवार अधिवक्ता को मनबढ़ों ने पीटा
लक्सा थाना क्षेत्र के मजदा सिनेमा के पास पार्किंग को लेकर मनबढ़ों ने अधिवक्ता आशीष कुमार सिंह की पिटाई कर दी। पीड़ित ने रविवार रात लक्सा थाने में रवि यादव समेत अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। आशीष ने पुलिस को बताया कि मां की पुण्यतिथि पर परिवार के साथ दशाश्वमेध घाट की ओर जा रहे थे।

कार को मजदा सिनेमा के पास रोका और परिवार को उतारा। तब तक रवि यादव और तीन अज्ञात युवक पहुंचे और गाड़ी खड़ी करने से मना करने लगा। समझाया कि कार पीडीआर मॉल की पार्किंग में खड़ी करने जा रहा हूं, तब तक आरोपियों ने गालीगलौज कर पिटाई कर दी। किसी तरह जान बचाई। लक्सा थानाध्यक्ष राजू कुमार ने बताया कि रवि यादव और तीन अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।

पत्नी, मां और भाई पर मारपीट का आरोप, प्राथमिकी दर्ज
शिवपुर के कानूडीह शिवपुर निवासी नत्थू राजभर की तहरीर पर पुलिस ने पत्नी, मां और भाई के खिलाफ मारपीट में प्राथमिकी दर्ज की। आरोप है कि 24 दिसंबर की शाम तीन बजे पत्नी निशा, माता राधा देवी और भाई संजय ने मिलकर लाठी-डंडों से पीटा। थाना प्रभारी वीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि पीड़ित की लिखित शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।

नशे में धुत ट्रक चालक ने खड़ी कार में मारी टक्कर, प्राथमिकी
नशे की हालत में कार में टक्कर मारने के मामले में अधिवक्ता मो. हारिस खान ने कैंट थाने में आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ प्राथमिकी कराई। तहरीर में भुक्तभोगी मो. हारिस ने बताया कि 27 नवंबर की रात 11.45 बजे पुलिस लाइन चौराहे के पास एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। भीड़ की वजह से कार सड़क किनारे लगा ही रहे थे कि नशे में धुत ट्रक चालक ने टक्कर मार दी। लोगों ने उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम मोहन राम बताया। जांच में यह भी सामने आया कि उसके पास न तो ड्राइविंग लाइसेंस था और न ही वाहन से संबंधित कोई वैध कागजात। कैंट थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्र ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। प्रकरण की जांच की जा रही है।

25.94 करोड़ रुपये जमा हुआ संपत्ति कर
नगर निगम की ओर से नोटिस ऑफ डिमांड जारी होते ही 12,200 भवन स्वामियों ने अपने भवनों का कुल 25.94 करोड़ रुपये का संपत्ति कर जमा किया है। नगर निगम ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में निरंतर संपत्ति कर जमा कराने के लिए कैंप लगाए जा रहे हैं। इसी क्रम में सोमवार को 12 कैंपों के माध्यम से 13 लाख रुपये की वसूली की गई। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि संपत्ति कर वसूली को लेकर लगातार सख्ती बरती जा रही है। प्रतिदिन समीक्षा बैठक कर वसूली की प्रगति की समीक्षा की जा रही है। शत-प्रतिशत वसूली सुनिश्चित करने हेतु कड़े निर्देश जारी किए जा रहे हैं।

ठटरा अंडरपास के पास जाम में फंसी एंबुलेंस
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के ठटरा अंडरपास के दक्षिण प्रयागराज मार्ग पर अवैध ऑटो स्टैंड के संचालन से जाम लग रहा है। एंबुलेंस के अलावा अन्य वाहन भी आए दिन जाम में फंस रहे हैं। सोमवार शाम औराई के लिए सवारी बैठाने के दौरान कई ऑटो सर्विस मार्ग पर खड़े होने से औराई की तरफ जा रही एंबुलेंस फंस गई। रास्ता न मिलने से एंबुलेंस का हूटर सुन कर ग्रामीणों ने रास्ता खाली करवाया। ग्रामीणों ने बताया कि अंडरपास के दक्षिण में बने पुलिस बूथ होने पर पुलिस न होने के चलते लोगों को परेशानी उठानी पड़ती है।

पेंशनर्स की बैठक में पुरानी पेंशन स्कीम बहाली की मांग
उत्तर प्रदेश पेंशनर्स कल्याण संस्था की ओर से सोमवार को सारनाथ में वन विभाग के डाक बंगला के पास बैठक हुई। प्रांतीय संरक्षक शमशुल आरफीन ने कई समस्याओं की चर्चा की। कहा कि 8वें वेतन आयोजन की परिधि में 1 जनवरी के पहले सेवानिवृत्त पेंशनर्स को लाया जाए। पुरानी पेंशन स्कीम की बहाली की जाए।

पहले की तरह वरिष्ठ नागरिकों को रेल किराये में मिलने वाली छूट की बहाली की जाए। इस मौके पर कैलेंडर का विमोचन किया गया। अध्यक्षता एसडी मिश्र ने की। संचालन अवध नारायण पांडेय ने किया। बैठक के बाद बाटी चोखा का आयोजन किया गया। बैठक में आरपी मिश्र, हरिशंकर यादव, सोमारू पांडेय, रामचंद्र गुप्ता, डॉ. सुधाकर मिश्र, चंद्रिका सिंह ने विचार रखे।

पार्क और बंजर भूमि बचाने के लिए चेतावनी धरना सभा हुई
पार्क और बंजर भूमि बचाओ नागरिक समिति की ओर से सोमवार को गांधीनगर रोहितनगर में चेतावनी धरना सभा हुई। कम्यूनिटी सेंटर और पार्क के लिए छोड़ी गई जमीन पर हो रहे कब्जे का विरोध किया गया। सूचना पर पहुंचे नगर निगम के सहायक नगर आयुक्त अनिल यादव और वीडीए के जोनल अधिकारी संजीव कुमार को ज्ञापन देकर कार्रवाई की मांग की। इसका नेतृत्व वरुण सिंह ने किया।

कहा कि बंजर भूमि पर निरंतर कब्जे का प्रयास किया जा रहा है। कॉलोनी का निर्माण समिति बनाकर किया गया। पार्क, कम्युनिटी सेंटर सहित अन्य सुविधाओं के नाम पर जमीनें छोड़ी गईं। सहायक नगर आयुक्त ने कार्रवाई का भरोसा दिया। विरोध करने वालों में पूर्व मंत्री डॉ. बहादुर यादव, पूर्व पार्षद अशोक पटेल, राजीव पटेल, धीरज सिंह, हरिश्चंद्र श्रीवास्तव, मनोज विश्वकर्मा रहे।

दंडी स्वामी हरिनारायण आश्रम की मनाई गई 19वीं पुण्यतिथि
अस्सी स्थित गणेश मठ में दंडी स्वामी व स्वतंत्रता सेनानी स्वामी हरिनारायण आश्रम की 19वीं पुण्यतिथि सोमवार को मनाई गई। प्रातः काल ब्रह्मलीन स्वामी स्वामी के शिष्य विनोद पाठक, अशोक पाठक, सुशील पाठक, पूर्णेंदु दीक्षित और वरुणेश चंद्र दीक्षित ने स्वामी हरिनारायण द्वारा स्थापित शिवलिंग का विधि विधान से रुद्राभिषेक कर एवं उनके चित्र पर माला चढ़ाकर आरती उतारी। इसके पश्चात भंडारे का आयोजन हुआ।

सोमवार को आयोजित भंडारे में काशी के दंडी संन्यासियों, मठ-मंदिरों के संत-महंत सहित भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया। इस अवसर पर ब्रह्मचारी स्वामी लखन स्वरूप ब्रह्मचारी ने कहा कि ब्रह्मलीन स्वामी हरिनारायण आश्रम का जीवन पूरी तरह से सनातन धर्म के लिए था। देश की आजादी की लड़ाई में अहम भूमिका निभाने के बाद गृहस्थ आश्रम से विरक्त होकर उन्होंने काशी में संन्यास ग्रहण किया। वह वेद उपनिषद के प्रचार प्रसार में जीवन भर लगे रहे। काशी के मठ-मंदिरों को भी संरक्षित करने में उनका योगदान महत्वपूर्ण था।

नगर निगम ने 429 जगहों पर जलवाए अलाव
बढ़ रहे ठंड को ध्यान में रखकर नगर निगम ने सोमवार को 429 जगहों पर अलाव जलवाए। शेल्टर होम, रेलवे स्टेशन, कचहरी परिसर, बस स्टेशन, प्रमुख मार्गों और चौराहों पर अलाव की व्यवस्था की गई। दशाश्वमेध जोन में 85 स्थान, भेलूपुर जोन में 66 स्थान, ऋषि मांडवी जोन में 46 स्थान, रामनगर जोन में 20 स्थान, कोतवाली जोन में 39 स्थान, आदमपुर जोन में 50 स्थान, वरुणापार जोन में 78 सारनाथ जोन में 45 स्थान पर अलाव जलवाए गए। नगर आयुक्त ने संबंधित सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि अलाव की व्यवस्था नियमित रूप से संचालित रहे। नगर निगम की ओर से ठंड से बचाव के लिए आवश्यक इंतजामों पर भी लगातार निगरानी रखी जा रही है।

रोहनिया विधायक ने 6.35 करोड़ के विकास कार्यों का किया शिलान्यास
प्राथमिक विद्यालय अलाउद्दीनपुर में सोमवार को रोहनिया विधायक डाॅ सुनील पटेल ने 6.35 करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास किया। इस दौरान रोहनिया विधायक ने सरकार की ओर से किए जा रहे विकास कार्यों, योजनाओं के बारे में विस्तार पूर्वक बताया। कहा कि रोहनिया विधानसभा क्षेत्र का विकास ही हमारा मूल उद्देश्य है।

इस दौरान अलाउद्दीनपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय परिसर में रोहनिया विधानसभा क्षेत्र के अकेलवा बनकट में 1.85 किलोमीटर लंबी सड़क, वाराणसी अदलपुरा चुनार कछवा मार्ग के चैनेज में 3 किलोमीटर लंबी नाली, कोरौता बाजार में 0.850 किमी लंबी सड़क, बभनियाव में 1.59 किमी लंबी सड़क, कादीपुर में 1.50 किमी लंबी सीसी रोड, कपरफोरवा में 1.25 किमी लंबी सड़क, शुलटंकेश्वर छितौनी कोर्ट में 0.985 किलोमीटर इंटरलॉकिंग एवं नाली निर्माण की कुल सात विकास कार्यों का शिलान्यास किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष एवं ग्राम प्रधान बसंत लाल पटेल ने की। सभी अतिथियों को अंगवस्त्र के साथ स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। संचालन दिनेश पटेल ने किया। कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष अपना दल एस राजेंद्र पटेल, डॉ उमेश पटेल प्रदेश महासचिव, जिलाध्यक्ष युवा मंच मानस सिंह, राजकुमार वर्मा, जयप्रकाश पटेल आदि मौजूद रहे।

बीएचयू में झांकी प्रदर्शनी में नाम-डिटेल भेजने का अंतिम दिन आज
बीएचयू में वसंत पंचमी पर झांकियों और जुलूस की प्रदर्शनी की तैयारियां शुरू हो गई हैं। बीएचयू के छात्र अधिष्ठाता की ओर से सभी संकायों, संस्थानों और इकाईयों को पत्र भेजकर सूचित किया गया है कि झांकी जुलूस के लिए एक समन्वयक और एक उप समन्वयक का नामांकन करके पूरा विवरण कार्यालय भेजें। इसकी अंतिम तिथि 30 दिसंबर है।

सभी इकाईयों को समन्वयक और उप समन्वयक के नाम के साथ ही पदनाम, मोबाइल नंबर (व्हाट्सएप नंबर सहित), ईमेल आईडी भरकर देना है। बीएचयू में 23 जनवरी को 200 से ज्यादा झांकियों की प्रदर्शनी दिखाई जानी हैं। इसमें आईआईटी बीएचयू, आईएमएस और कृषि विज्ञान संस्थान सहित सभी 14 संकायों की ओर से झांकियों की प्रदर्शनी निकाली जाएगी। हर साल बीएचयू में बसंत पंचमी पर ये कार्यक्रम होता है।

सीनियर नेशनल वॉलीबॉल में हिस्सा लेने सर्विसेज की टीम पहुंची काशी
72वीं सीनियर नेशनल वॉलीबॉल प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए सर्विसेज की 18 सदस्यीय टीम के खिलाड़ी सोमवार को वाराणसी पहुंचे। सर्विसेज की टीम में आर्मी, नेवी और एयर फोर्स के खिलाड़ी शामिल हैं। यह टीम तीन दिन पहले ही काशी पहुंच गई। 2 जनवरी से अन्य टीमों के आने का सिलसिला शुरू होगा। इसके बाद बीएफआई और यूपी वॉलीबॉल संघ के पदाधिकारी वाराणसी आएंगे। 4 से 11 जनवरी तक आयोजित राष्ट्रीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता के लिए यूपी टीम के खिलाड़ी सिगरा स्टेडियम में अभ्यास कर रहे हैं। निरंजन कुमार राय को प्रतियोगिता के लिए टीम का प्रबंधक नियुक्त किया गया है।

पल्लब के वायलिन से सजी संगीत की बैठक
कला प्रकाश की ओर से अस्सी स्थित होटल गैंजेस व्यू में सोमवार की शाम सांगीतिक कार्यक्रम बैठक का आयोजन किया गया। कोलकाता से आए वरिष्ठ वायलिन वादक पं. पल्लब बंदोपाध्याय ने वादन प्रस्तुत कर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया। राग श्याम कल्याण के साथ पं. पल्लब बंदोपाध्याय ने कार्यक्रम का प्रारंभ किया। पद्मभूषण पं. वीजी जोग की परंपरानुसार गायकी अंग से विलंबित तीन ताल एवं द्रुत तीन ताल की बंदिशों की सुंदुर प्रस्तुति दी। इसके बाद राग देश में तीनताल मध्यलय की भी प्रस्तुति की। कार्यक्रम का समापन राग भैरवी में धुन से किया। तबले पर काशी के वरिष्ठ तबला वादक पं. किशोर मिश्र ने संगत की। धन्यवाद अशोक कपूर तथा संयोजन डॉ. आशीष जायसवाल ने किया। इस दौरान अनूप मिश्र, अरविन्द अग्रवाल,पं. रबिन्द्र नारायण गोस्वामी उपस्थित रहे।

श्रीमद्भागवत कथा में लगाया 56 भोग, हुआ रुक्मिणी विवाह
माहेश्वरी महिला संगठन की ओर से विश्व कल्याण के लिए श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया जा रहा है। सोमवार को रुक्मिणी विवाह के साथ ही 56 भोग लगाया गया। व्यास पीठ से श्याम मंदिर के प्रधान अर्चक पं. संजय शास्त्री ने कहा कि श्रीकृष्ण और रुक्मिणी का विवाह प्रेम, भक्ति और ईश्वर के मिलन का एक सुंदर उदाहरण माना जाता है।

इस दौरान समाज की महिलाओं ने भक्ति गीतों पर नृत्य किया। इस दौरान कविता मारू, तनु चांडक, सुनीता राठी, संगीता सोनी, संतोष सारडा शामिल थे। अतिथियों का स्वागत धीरज मल, प्रसाद वितरण राजेश गट्टानी तथा संचालन कृष्ण कुमार काबरा एवं धन्यवाद ज्ञापन कुमुद चांडक ने किया।

बीएचयू के ‘तर्कक्षेत्र’ में आरपीएनएलयू के विद्यार्थियों ने जीते पुरस्कार
बनारस हिंदू विवि (बीएचयू) में 25 से 28 दिसंबर तक आयोजित राष्ट्रीय स्तर के सम्मेलन ‘तर्कक्षेत्र’ में डॉ. राजेंद्र प्रसाद राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय (आरपीएनएलयू) के छात्रों ने कई पुरस्कार जीते। सम्मेलन में देश के प्रमुख विश्वविद्यालयों के करीब 450 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। संयुक्त राष्ट्र महासभा की डीआईएसईसी समिति में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए आरपीएनएलयू की छात्रा अनुष्का सिंह को सर्वश्रेष्ठ प्रतिनिधि पुरस्कार से सम्मानित किया गया। वहीं, धर्मक्षेत्र समिति में आरपीएनएलयू के छात्र आयुष त्रिगुण ने तार्किक सोच, नैतिक दृष्टिकोण और सशक्त प्रस्तुति के दम पर ‘विवेक सम्राट’ का प्रतिष्ठित सम्मान हासिल किया। कुलपति वरिष्ठ प्रो.(डॉ.) उषा टंडन ने दोनों छात्रों को बधाई दी।

कोलकाता की अनुसूइया के गायन से सजा सुबह ए बनारस
सुबह ए बनारस में कोलकाता की कलाकार अनुसूइया मजूमदार का गायन हुआ। गायन का आरंभ राग भैरवी में मध्य तीन ताल में निबद्ध बंदिश जागो मोहन प्यारे... से हुआ। इसके उपरांत भजन मोहे लागी लगन गुरु चरणन की सुनाकर भक्ति भाव का संचार किया। गायन का समापन भजन मैं द्वार खोल के बैठा हूं तुम आ जाना भगवान...से हुआ। तबला संगति अभिक गोस्वामी एवं साइड रिदम पर हरिनारायण शारडा ने संगत की। कलाकार को प्रमाणपत्र छपरा से भाजपा की नवनिर्वाचित विधायक छोटी कुमारी एवं उनके पति धर्मेंद्र शाह ने प्रदान किया। सुबह बनारस के संस्थापक सचिव डॉ. रत्नेश वर्मा ने अतिथियों का स्वागत किया। संचालन डॉ. प्रीतेश आचार्य ने किया।

स्त्री की लेखनी में केवल शब्द नहीं, अनुभव बोलते हैं
स्त्री-स्वर, संवेदना और सृजन को समर्पित साहित्यिक संध्या स्याही की सहेलियां का आयोजन पिलग्रिम बुक हाउस दुर्गाकुंड में हुआ। कार्यक्रम का संयुक्त आयोजन साथी द ट्रू फ्रेंड्स फाउंडेशन एवं जिजीविषा फाउंडेशन की ओर से किया गया। इसमें पांच कवयित्रियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। इसके पश्चात नव्या ने गणेश वंदना एवं रामकृष्ण मिश्रा ने स्वागत गीत पेश किया।

अरविंद गुप्ता ने कहा कि स्त्री लेखन केवल साहित्य नहीं, समाज की अंतर्धारा है, जिसे सम्मान देना हमारा दायित्व है। मुख्य अतिथि डॉ. शालिनी टंडन ने कहा कि स्त्री की लेखनी में केवल शब्द नहीं, अनुभव बोलते हैं। विशिष्ट अतिथि अंबरीश सिंह भोला ने कहा साहित्य वह दर्पण है जिसमें समाज अपने भीतर झांकता है। सारस्वत अतिथि सनातनी रामानंद ने आशीर्वचन देते हुए कहा जहां शब्द शुद्ध होते हैं, वहां विचार भी शुद्ध होते हैं। संचालन रश्मि शर्मा और देवव्रत सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन किया।

गीता पाठ प्रतियोगिता के विजेताओं को बीएचयू में 8 जनवरी को मिलेगा पुरस्कार
महामना महोत्सव 2025 के अंतर्गत सेवाज्ञ संस्थानम् की ओर से सोमवार को कैंट स्थित भारतीय शिक्षा मंदिर में गीता पाठ प्रतियोगिता हुई। विद्यार्थियों में श्रीमद्भगवद्गीता के शाश्वत संदेशों, नैतिक मूल्यों और आध्यात्मिक चेतना का प्रसार किया गया। महामना महोत्सव पर बेसेंट थियोसॉफिकल सेकेंडरी हाईस्कूल में 30 जनवरी को विज्ञान प्रदर्शनी की प्रतियोगिता होगी।

कार्यक्रम का समापन और पुरस्कार वितरण समारोह 8 जनवरी को बीएचयू के स्वतंत्रता भवन में होगा। सोमवार को कार्यक्रम में आए भारतीय शिक्षा मंदिर के प्रधानाचार्य डॉ. चारुचंद्र राम त्रिपाठी ने गीता के मूल को बताया। मुख्य अतिथि भारत अध्ययन केंद्र के समन्वयक प्रो. शरदिंदु त्रिपाठी ने कहा कि गीता भारतीय संस्कृति और दर्शन की आत्मा है, जो आज के युवाओं को सही दिशा देती है।

इन्होंने किया मूल्यांकन : प्रतियोगिता का मूल्यांकन संस्कृत विभाग, बीएचयू की असिस्टेंट प्रोफेसर डाॅ. सिद्धिदात्री भारद्वाज और डाॅ. प्रीति वर्मा व अग्रसेन महाजनी महाविद्यालय इंटर कॉलेज, चौखंबा के सहायक अध्यापक अवनीश कुमार मिश्र ने किया। संस्थानम् के संयोजक डॉ. हरेंद्र कुमार राय ने कहा कि महामना महोत्सव के माध्यम से युवाओं को भारतीय संस्कृति, संस्कार और गीता के जीवन-मूल्यों से जोड़ना ही संस्थान का प्रमुख लक्ष्य है।

संस्कृत पर आधारित है भारतीय संस्कृति - विश्वभूषण मिश्र
भारतीय संस्कृति संस्कृत पर ही आधारित है। उन्होंने कहा कि विश्व में सर्वाधिक बोली जाने वाली भाषा संस्कृत है। यह बातें सोमवार को अस्सी स्थित श्री स्वामी शीतल दास अखाड़ा में हुए संस्कृत भारती काशी प्रांत की ओर से आयोजित सात दिवसीय प्रबोधन वर्ग में श्री काशी विश्वनाथ धाम के सीईओ विश्वभूषण मिश्रा ने कहीं।

मुख्य वक्ता सोमनाथ संस्कृत विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. गोपबंधु मिश्र ने कहा कि संस्कृत को अपने जीवन में उतार कर निरंतर प्रसार के लिए सभी को प्रयास करना चाहिए। अध्यक्षता करते हुए महर्षि संदीपनि वेद विद्या प्रतिष्ठान उज्जैन के उपाध्यक्ष प्रो. हृदयरंजन शर्मा ने कहा कि भारतीय ज्ञान परंपरा की संवाहिका संस्कृत भाषा है।

सोलर पंप के लिए 31 तक जमा करें कृषक अंश
पीएम कुसुम योजना के तहत सोलर पंप पर अनुदान पाने के लिए किसानों को 31 दिसंबर तक कृषक अंश जमा करना होगा। किसान कृषि विभाग की वेबसाइट से अपना टोकेन जनरेट कर ऑनलाइन या इंडियन बैंक की किसी भी शाखा में अंतिम तारीख तक अपना अंश जमा कर सकते हैं। इस तारीख तक कृषक अंश जमा न करने पर किसान का चयन स्वतः निरस्त हो जाएगा। साथ ही टोकन की धनराशि 5000 रुपये जब्त कर ली जाएगी।

उप कृषि निदेशक ने किया किसान पाठशाला का निरीक्षण
चौबेपुर क्षेत्र के भंदहां कला स्थित साधन सहकारी समिति पर संचालित किसान पाठशाला का सोमवार को उप कृषि निदेशक अमित जायसवाल ने निरीक्षण किया। उनके साथ जिला कृषि अधिकारी संगम मौर्य भी मौजूद रहे। उप कृषि निदेशक ने कहा कि अंधाधुंध रसायनिक उर्वरकों का प्रयोग अब खतरनाक मोड़ पर है। समय रहते यदि हम सावधान नहीं हुए तो हरित क्रांति से उपजी खुशहाली का रंग फीका पड़ जाएगा।

जिला कृषि अधिकारी संगम सिंह ने किसानों से उचित दर पर उर्वरकों के खरीदने की सलाह देते हुए कहा खाद की बोरी पर अंकित मूल्य से ज्यादा दर पर किसान उर्वरक न खरीदें। यदि कोई व्यापारी निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर उर्वरकों की बिक्री कर रहा हो तो उन्हें सूचना दें। ऐसे दुकानदारों पर कड़ी कार्रवाई होगी। इस दौरान समिति के सचिव चंद्र प्रकाश, महेंद्र यादव, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि कैलाश यादव मौजूद रहे।

जिला अस्पताल में 45 मिनट बत्ती गुल
दीनदयाल उपाध्याय राजकीय अस्पताल में सोमवार शाम 7.30 बजे अचानक से बिजली कट गई। अस्पताल में अंधेरा छा गया। लाइट कटने के बाद ऑटो स्टार्ट जेनरेटर नहीं चला। 45 मिनट तक बिजली आपूर्ति ठप रही। मरीज व तीमारदार मोबाइल के टॉर्च से मरीज को चढ़ाए जाने वाली दवा पर नजर रख रहे थे। वार्ड में भर्ती मरीजों के तीमारदारों ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। सीएमएस डॉ. आरएस राम ने बताया कि कुछ देर के लिए पावर हाउस से लाइट कटी थी। किसी ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया था। जबकि कुछ ही मिनटों में लाइट आ गई थी।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed