News: ब्राह्मण समाज पर आपत्तिजनक टिप्पणी, केस की मांग, पुलिसकर्मी पर दुष्कर्म का आरोप; पढ़ें वाराणसी की खबरें
Varanasi News Today: वाराणसी में ब्राह्मण समाज पर अपमानजनक टिप्पणी को लेकर लोगों में रोष का माहाैल है। कार्रवाई की मांग की गई है। वहीं, सारनाथ थाना क्षेत्र में पुलिसकर्मी पर शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण का आरोप लगाया गया है। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
Varanasi News in Hindi: सोशल मीडिया पर ब्राह्मण समाज पर अपमानजनक टिप्पणी और आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग करने वाले के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की गई है। गुरुवार को वैदिक ब्राह्मण कल्याण परिषद के प्रतिनिधिमंडल ने थाना पर तहरीर दी।
परिषद के पदाधिकारियों ने इसे संपूर्ण ब्राह्मण समाज की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाला कृत्य बताया और मांग की कि पुआरी कला निवासी के खिलाफ कठोर कार्रवाई करें। ज्ञापन सौंपने वालों परिषद के संयोजक विक्रांत मिश्रा, संदीप मिश्रा, धीरज मिश्रा, उमेश मिश्रा, ऋतुराज त्रिपाठी, अतुल तिवारी आदि ने चेतावनी दी कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
सड़क किनारे पोल में टकराने से बुलेट सवार की मौत, दूसरा घायल
फूलपुर थाना क्षेत्र के चुप्पेपुर हाईवे पर गुरुवार शाम बुलेट सवार युवक की पोल में टकराने से मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। जौनपुर के रामदयालगंज निवासी कपिल मौर्य (25) अपने गांव के ही मित्र अंकित यादव (24) के साथ बुलेट से वाराणसी आया था। शाम को दोनों घर लौट रहे थे। पिंडरा बाईपास पर चुप्पेपुर हाईवे पर अचानक बुलेट अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पोल व तार में टकरा गई।
दोनों को पिंडरा पीएचसी में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। अस्पताल पहुंचते ही कपिल मौर्य को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। अंकित यादव का उपचार चल रहा है। उधर, कपिल के परिजनों ने पीएचसी चिकित्सकों पर नाराजगी जताई। आरोप था कि मृत होने के बाद भी रेफर दिखाया गया। फूलपुर इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
शव ससुराल पहुंचाने की बात लिख मालगाड़ी के आगे कूद गई किशोरी
औड़िहार-जौनपुर रेल प्रखंड पर स्थित डोभी रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 2 पर गुरुवार की शाम मालगाड़ी के आगे कूदकर एक किशोरी ने अपनी जान दे दी। पुलिस ने कहा कि किशोरी के पास से सुसाइड नोट मिला है। उसमें उसने मर्जी से आत्महत्या करने की बात लिखी है। लिखा था कि शव वाराणसी स्थित ससुराल भेज दिया जाय। युवती की शादी इसी वर्ष फरवरी माह में हुई थी।रेलवे पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
पुलिस के अनुसार गाजीपुर जिले के खानपुर थाना क्षेत्र के सिंगारपुर गांव की एक किशोरी शाम को डोभी स्टेशन पहुंची। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वह काफी देर से प्लेटफार्म नंबर 2 पर खड़ी थी। शाम 6.42 बजे औड़िहार से जौनपुर की तरफ जा रही मालगाड़ी जब स्टेशन पर पहुंची तो किशोरी इंजन के आगे कूद पड़ी। ट्रेन से कटकर उसकी मौत हो गई। स्टेशन मास्टर आनंद सिंह ने बताया कि औड़िहार जीआरपी थाने पर जीआरपी पुलिस को घटना की सूचना दी गई।
नशे में धुत चालक ने कई गाड़ियां तोड़ी, चालान
भेलूपुर थाना क्षेत्र के बड़ी गैबी वीडीए कॉलोनी में बुधवार देर रात कार ने कई गाड़ियों में टक्कर मार दी। फिर दीवार में जाकर टकरा गई। पुलिस ने वाहन को सीज कर आरोपी का चालान किया। जम्मू कश्मीर रजिस्ट्रेशन नंबर प्लेट की कार अचानक वीडीए कॉलोनी में घुसी और कई गाड़ियों को टक्कर मार दी। युवक राजन कुमार निवासी नटनियादाई परमानंदपुर शिवपुर का रहने वाला है। मूलरूप से वह गोपालपुर बिहार का है। इंस्पेक्टर सुधीर कुमार त्रिपाठी ने बताया कि युवक का शांति भंग की आशंका में चालान किया गया।
कॉलोनी के रास्ते पर निर्माण, महिलाओं के बीच हाथापाई
रामनगर थाना क्षेत्र के नगर निगम कार्यालय से आगे कॉलोनी मार्ग पर निर्माण को लेकर बृहस्पतिवार को विवाद हो गया। कॉलोनी की महिलाओं, पुरुषों ने विरोध किया। लोगों का कहना था कि मामला कोर्ट में विचाराधीन है। बावजूद निर्माण गलत है। 20 साल से मार्ग से आवागमन हो रहा है।जबरदस्ती कब्जा किया जा रहा है।
निर्माण करा रहे युवकों का कहना था कि जमीन काशीराज परिवार से खरीदी गई है। दोनों पक्षों की ओर से मौजूद महिलाओं में गालीगलौज के बाद हाथापाई भी हुई। पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराया। थानाध्यक्ष दुर्गा सिंह ने बताया कि विरोध करने वाले लोगों के पास स्थगन आदेश नहीं था। इसलिए पुलिस काम नहीं बंद करा सकती है।
दुष्कर्म और लूट के आरोपी के खिलाफ कुर्की की कार्रवाई
दुष्कर्म और लूट के मामले में फरार आरोपी के खिलाफ गुरुवार को कैंट पुलिस ने कुर्की की कार्रवाई की। मिर्जामुराद पुलिस के सहयोग से कैंट पुलिस ने बेनीपुर गांव निवासी गप्पू उर्फ राजनाथ के खिलाफ कुर्की की कार्रवाई की।
पुलिसकर्मी पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का आरोप
सारनाथ थाना क्षेत्र के एक मोहल्ले में युवती ने पुलिसकर्मी पर शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण का आरोप लगाया है। पीड़िता ने थाने में तहरीर दी है। युवती का आरोप है कि पड़ोस में रहने वाले सिपाही ने शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण किया और जब गर्भवती हुई तो शादी से इंकार कर दिया। थानाध्यक्ष विवेक त्रिपाठी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
रथ यात्रा मेला को लेकर डीसीपी वरुणा ने की बैठक
प्रसिद्ध और प्राचीन शिवपुर का रथयात्रा मेला 30 जून को है। सकुशल मेले के लिए डीसीपी वरुणा प्रमोद कुमार और एसीपी कैंट विदुष सक्सेना बृहस्पतिवार मेला समिति के संरक्षक ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह से मिलकर मेला क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति के बारे में जाना। शिवपुर थानाध्यक्ष को सकुशल मेला संपन्न कराने के लिए जरूरी दिशानिर्देश दिए। ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि मेले में 40 हजार दर्शनार्थियों की भीड़ होती है। 35 वालंटियर तैनात रहेंगे।
मार्कंडेय महादेव घाट पर बाढ़ व अग्नि सुरक्षा मॉक ड्रिल
कैथी मार्कंडेय महादेव घाट पर गुरुवार को एनडीआरएफ और फायर ब्रिगेड की टीम ने संयुक्त मॉक ड्रिल की। बाढ़ राहत और आगजनी से बचाव का अभ्यास हुआ। एनडीआरएफ की टीम ने डूब रहे व्यक्ति को बचाने की तकनीक दिखाई। फायर ब्रिगेड टीम ने रसोई गैस से संबंधित खतरों से निपटने के तरीके बताए।
महिलाओं को बताया गया कि बाल्टी में पानी, नाइट्रोजन गैस और गीले बोरे या कपड़े की मदद से आग पर कैसे काबू पाया जा सकता है। इस अवसर पर एसडीएम वंदिता श्रीवास्तव, एसडीएम सदर अमित कुमार, तहसीलदार विजय सिंह, नायक तहसीलदार कुलवंत सिंह, लेखपाल मनोज कुमार, वल्खा वर्मा रहे।
फर्जी जनरल टिकट के आरोपी की जमानत अर्जी खारिज
एसीजेएम एनआर अभिनव जैन की कोर्ट ने रेलवे के फर्जी जनरल टिकट बनाने के मामले में आरोपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव की जमानत अर्जी खारिज कर दी। पिछले दिनों जीआरपी कैंट ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। आरोप है कि एटीवीएम से 14 जून को आरोपी ने टिकट निकालकर मुंबई के यात्री को दिया था। दो टिकट एक ही नंबर के थे, जो फर्जी थे। महानगरी एक्सप्रेस में यात्री के पकड़े जाने के बाद खुलासा हुआ।
पुलिस ने बृजेश को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। उधर, इसी कोर्ट ने 12 मार्च को केराकत डोभी बीच बरौनी एक्सप्रेस पर पत्थर मारकर लोको पायलट को घायल करने में उड़ियासन केराकत जौनपुर निवासी आरोपी धर्मेंद्र की जमानत अर्जी मंजूर कर ली। इस मामले में विवेचना के बाद आरोपी के नाम प्रकाश में आने पर आरपीएफ औड़िहार के एसआई राकेश कुमार सिंह की टीम ने 20 जून को आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
विरोध के बीच विजयानगरम मार्केट की 18 दुकानों पर लगा ताला
विरोध के बीच गुरुवार को विजयानगरम मार्केट की 18 दुकानों पर नगर निगम ने ताला बंदकर उसे सील कर दिया। नगर आयुक्त अक्षत वर्मा के निर्देश पर सहायक नगर आयुक्त अनिल यादव और टीम ने कार्रवाई की। सुबह 12 से शाम 7 बजे के बीच दुकानदारों और नगर निगम की टीम के बीच बहस हुई। पुलिस, प्रशासन, नगर निगम के अलावा कई व्यापारी नेता भी रहे। सबके सामने सील की कार्रवाई की गई।
नगर निगम की ओर से पूर्व में कैंट रेलवे स्टेशन के सामने विजयानगरम मार्केट में दुकानों को किराए पर आवंटित किया गया था। कुछ आवंटियों ने आवंटन शर्तों का उल्लंघन कर प्रथम और द्वितीय तल का अवैध निर्माण करा लिया। शर्तों का उल्लंघन और साक्ष्य प्रस्तुत न करने पर 18 दुकानों का आवंटन निरस्त कर दिया गया था। साथ ही सील की कार्रवाई की गई थी।
दुकानदारों ने दुकानों में बंद ताले तोड़ कर अवैध रूप से व्यावसायिक गतिविधियां शुरू कर दी थीं। आवंटन निरस्तीकरण और दुकानों में बंद ताले की सील तोड़ी गई। निगम के खिलाफ व्यवसाय करने पर अवैध निर्माण को तोड़ने और फिर से सील करने के काम को गंभीरता से लिया गया। हालांकि, कार्रवाई के दौरान भारी विरोध का सामना करना पड़ा। नगर निगम की टीम के सहयोग के लिए पर्याप्त पुलिस बल मौजूद था।
पुलिस आयुक्त के आदेश पर मुकदमा दर्ज
पुलिस आयुक्त के आदेश पर भेलूपुर थाने में भदोही थाना चौरी निवासी रविशंकर गुप्ता पर केस दर्ज हुआ है। सरायनंदन की सविता मोदनवाल ने तहरीर में बताया कि उसका पति इंस्टाग्राम पर आईडी बना कर लोगों से अश्लील बात करता है। उनकी छोटी बहन का मोबाइल नंबर और फोटो देता है। कई लड़के उन्हें फोन करते हैं। इस कारण छोटी बहन मानसिक रूप से परेशान है। खोजवा चौकी पर तहरीर दी गई, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। भेलूपुर थाने में भी सुनवाई नहीं हुई। थाना प्रभारी सुधीर कुमार त्रिपाठी ने बताया पुलिस आयुक्त के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
चोरी की मोबाइल व घड़ी के साथ एक गिरफ्तार
चोरी के मोबाइल के साथ एक युवक को रामनगर पुलिस ने बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से तीन मोबाइल, दो घड़ी और एक स्कूटी बरामद की गई है। थाना प्रभारी दुर्गा सिंह ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर बघेली टोला पिपरी घाट स्थित भोले नाथ मंदिर के पास से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में बताया कि उसने पंचवटी रोड स्थित रोमा बिल्डिंग से सामान चुराए थे उसे बेचने जा रहा था।
गिरोह के तीन आरोपी गिरफ्तार, 39 मोबाइल मिले
लूट और चोरी के तीन आरोपियों को बड़ागांव पुलिस ने बृहस्पतिवार को इदिलपुर अंडरपास से गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 39 मोबाइल, 2 लैपटॉप और वारदात में इस्तेमाल दो बाइक बरामद हुई। डीसीपी गोमती जोन आकाश पटेल ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में राजातालाब के ढढोरपुर निवासी नितेश पांडेय, रमसीपुर निवासी चंदन पटेल और गंगापुर रोहनिया का रहने वाला जुगेश कुमार मौर्या है। थानाध्यक्ष अतुल कुमार सिंह की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि तीनों दोस्त हैं। 19 जून को शिवपुर निवासी जितेंद्र कुमार पटेल का मोबाइल उन्होंने लूटा था। एक साल से विभिन्न क्षेत्रों में मोबाइल छीनते थे। फिर उसे बेच देते थे।
पूर्वांचल और बिहार में करते थे बाइक चोरी, तीन गिरफ्तार
जनपद के अलावा पूर्वांचल के जिले जौनपुर, वाराणसी, बलिया, आजमगढ़ और बिहार से बाइक चोरी करने वाले अंतरजनपदीय गिरोह के तीन सदस्यों को पुलिस ने बृहस्पतिवार को बिलैचिया मोड़ तिराहे से गिरफ्तार किया। आरोपियों की निशानदेही पर अंधऊ हवाईपट्टी के पास झाड़ी चोरी की 11 बाइक और दो तमंचा और दो कारतूस बरामद किए।
शहर कोतवाल दीनदयाल पांडेय ने बताया कि मऊ के सरायलखंसी थाना के बहलीपुर गांव निवासी बिट्टू कुमार, शेखपुरा निवासी नफीस अंसारी और सुहवल थाने के चकिया गांव निवासी रवि कुमार बिंद को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की 11 बाइक बरामद की गई है। पूछताछ में आरोपियों ने कि वे जनपद के अलावा जौनपुर, वाराणसी, बलिया, आजमगढ़ और बिहार में जाकर बाइक चोरी करते हैं।
चोरी की वारदात को अंजाम देने के लिए सुरक्षा के लिए तमंचा लेकर चलते थे। चोरी की बाइक बेचकर परिवार का खर्च चलाते थे। चोरी की बाइक की नंबर प्लेट पर अंकित सही नंबर को हटाकर किसी भी वाहन का नंबर लिख देते थे। चेचिस नंबर को खुरच कर मिटा देते हैं।
गर्भ में शिशु की मौत, चिकित्सक समेत चार पर केस
आदमपुर थाना क्षेत्र के हनुमान फाटक में हाजरा अस्पताल के चिकित्सकों समेत चार पर कोर्ट के आदेश पर लापरवाही की वजह से गर्भ में शिशु की मौत पर मुकदमा दर्ज हुआ है। कज्जाकपुरा निवासी करिश्मा का आरोप है कि डॉ. मोहम्मद आरिफ अंसारी और उनकी पत्नी डॉ. दरख्शन अंसारी ने इलाज में लापरवाही की। जिसकी वजह से 14 सप्ताह के गर्भस्थ शिशु की मौत हो गई।
आरोप लगाया कि गलत इलाज, लगातार अनावश्यक जांच और जबरन गर्भपात की प्रक्रिया के दौरान उसे प्रताड़ित किया गया। पीड़िता और पति को धमकी भी दी गई कि यदि उन्होंने मामला उजागर किया तो फर्जी मुकदमे में फंसा दिया जाएगा।
महिला का आरोप है कि हॉस्पिटल बिना वैध अनुमति के चल रहा है। बिना डिग्री वाले चिकित्सकों की ओर से इलाज किया जाता है। पुलिस और स्वास्थ्य विभाग से कई बार शिकायत के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं होने पर न्यायालय की शरण ली। आदमपुर इंस्पेक्टर वीरेंद्र सोनकर ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
नाै घरों में मिले पालतू कुत्ते, 8 का पंजीकरण नहीं
नगर आयुक्त अक्षत वर्मा के निर्देश पर पशु कल्याण अधिकारी संतोष पाल ने टीम के साथ बृहस्पतिवार को ब्रिज एन्क्लेव कॉलोनी के 50 घरों में पालतू कुत्तों के पंजीकरण की जांच की। 9 घरों में पालतू कुत्ते मिले। जांच में पता चला कि 8 लोगों ने पंजीकरण नहीं कराया है। सिर्फ एक ने अपने कुत्ते का पंजीकरण कराया है।
टीम ने मौके पर स्मार्ट काशी एप से आठ कुत्तों का नियमानुसार पंजीकरण कराया। उनके स्वास्थ्य की जांच भी की गई। नगर आयुक्त ने निवासियों से आग्रह किया कि स्मार्ट काशी एप से कुत्तों का पंजीकरण कराएं। ऐसा नहीं होने पर 5000 का जुर्माना लगाया जाएगा। साथ ही नगर निगम की टीम कुत्तों को ले जाएगी।
अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ करें कार्रवाई : वीडीए सचिव
वीडीए के सचिव डॉ. वेद प्रकाश मिश्रा ने गुरुवार को विभागीय कार्यों की समीक्षा की। कहा कि अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ ध्वस्तीकरण की कार्रवाई करें। अनधिकृत रूप से संचालित पेट्रोल, डीजल, सीएनजी फिलिंग स्टेशनों के खिलाफ कार्रवाई करें।
सभी जोनल अधिकारी और अवर अभियंता को निर्देशित किया कि अधिक से अधिक मानचित्र स्वीकृत कर शमन शुल्क जमा कराएं। जोन तीन ने 8, जोन चार ने 2 और जोन पांच ने 4 सहित कुल 14 शमन मानचित्र स्वीकृत किए। तीनों जोन ने शमन शुल्क के मद में 61,84,604 रुपये प्राधिकरण कोष में जमा कराए। निर्धारित लक्ष्य से कम धनराशि जमा करने पर नाराजगी जताई।
वीडीए ने शिवपुर में अवैध निर्माण किया सील
वीडीए की ओर से गुरुवार को अवैध निर्माण सील कर पुलिस अभिरक्षा में दिया गया। शिवपुर वार्ड के शीतल नगर कॉलाेनी में शैलेश सिंह की ओर से अवैध निर्माण कराया जा रहा था। पहले उन्हें नोटिस भी दिया गया था। बावजूद निर्माणकर्ता की ओर से काम कराया जा रहा था। जिसके बाद वीडीए के जोनल अधिकारी शिवाजी मिश्रा ने कार्रवाई की।
ऑटो के किराए के लिए मारपीट में दो पर केस
ऑटो के किराये के विवाद में मनबढ़ों ने चालक की पिटाई कर दी। पत्नी ने आरोपियों के खिलाफ चितईपुर थाने में केस दर्ज कराया। टिकरी में रहने वाली रेनू कुमार ने पुलिस को बताया कि पति प्रदीप साहनी ऑटो चलाते हैं। क्षेत्र के रहने वाले फूल गुप्ता और आयुष गुप्ता ने मारपीट की। चितईपुर थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
किशोरी की तलाश में पहुंची वाराणसी पुलिस
वाराणसी के चौक क्षेत्र से लापता हुई किशोरी की तलाश में बृहस्पतिवार को वाराणसी कमिश्नरेट की पुलिस ने शहर के मोहल्ला पूरनमल में स्थानीय पुलिस के सहयोग से दबिश दी। हालांकि किशोरी और युवक नहीं मिले। इस दौरान एक अन्य मोहल्ले में भी दबिश दी गई। इसके बाद पुलिस लौट गई। सुनगढ़ी इंस्पेक्टर पवन कुमार पांडेय ने बताया कि वाराणसी कमिश्नरेट के चौक कोतवाली क्षेत्र में दर्ज किशोरी के लापता होने के मामले में पुलिस संभावित स्थानों पर खोजबीन के लिए यहां पहुंची थी।
15 दिन में पकड़े गए 33,866 बेटिकट यात्री
बनारस से प्रयागराज रामबाग, वाराणसी से भटनी, भटनी से छपरा, वाराणसी से छपरा रेल खंड में विशेष टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। 11 से 25 जून तक 33,866 यात्री बिना टिकट पकड़े गए। रेलवे ने इनसे 23,832,919 रुपये का जुर्माना वसूला। अनधिकृत यात्रियों, बिना टिकट और पेंट्रीकार की जांच की गई। डीआरएम वीके श्रीवास्तव के निर्देशन में रेल राजस्व के रूप में रुपये जमा कराए गए। सीनियर डीसीएम शेख रहमान ने बताया कि यात्रियों की सुविधा और रेल राजस्व की क्षति रोकने के लिए पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल पर हर माह स्पॉट चेक, एंबुश चेक, किला बंदी चेकिंग होती है।
एंबुलेंस ने स्कूटी सवार को मारी टक्कर, एक घायल
सारनाथ के लेढ़ूपुर में गुरुवार दोपहर सड़क पार कर रहे स्कूटी सवार को एंबुलेंस ने टक्कर मार दी। घायल को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। एंबुलेंस चालक वाहन छोड़कर भाग निकला। पुलिस ने एंबुलेंस को सीज कर दिया है। घायल चंदौली के बलुआ थाना क्षेत्र के महुअर कला निवासी संजय सिंह (45) एक अस्पताल में काम करते हैं।
उनके भतीजे विशाल ने पुलिस को बताया कि चाचा संजय दोपहर 2 बजे अस्पताल के सामने स्कूटी लेकर सड़क पार पकौड़ी लेकर लौट रहे थे। इसी दौरान संदहा की ओर जा रहे एंबुलेंस ने उन्हें टक्कर मार दी। वह पहड़िया के अशोक विहार कॉलोनी फेज 2 में किराए पर रहते हैं। थाना प्रभारी विवेक कुमार त्रिपाठी ने बताया कि एंबुलेंस को जब्त कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
गायघाट से प्रह्लादघाट तक चलाया स्वच्छता अभियान
नमामि गंगे गंगा विचार मंच के जिला संयोजक शिवम अग्रहरि ने टीम संग गायघाट से प्रह्लादघाट तक स्वच्छता अभियान चलाया। नगर निगम के सुपरवाइजर प्रवीण यादव को निर्देश दिया कि जालीदार उपकरण से गंगा में सतही जल में पड़ी गंदगी को छानकर निकलवाएं।
इस दौरान घाटों के सुंदरीकरण के लिए किए जा रहे निर्माणकार्य से निकले मलबे पर बताया कि महीनों से कई घाटों पर भारी मात्रा में मलबा पड़े हैं। कार्यदायी संस्था की लापरवाही से मलबे बहकर गंगा में जा रहे। समय रहते उठवाया नहीं गया तो पूरा मलबा गंगा में समाहित हो जाएगा। इससे घाट की सीढ़ियों और आने-जाने के मार्ग में भी अवरोध हो रहा है।
काशी में बनेगा बालिका हैंडबॉल का छात्रावास
उत्तर प्रदेश के वाराणसी के परमानंदपुर मिनी स्टेडियम में बालिका हैंडबॉल का हब बनाया जाएगा। इसके लिए यहां जल्द ही बालिका हैंडबॉल का छात्रावास खुलेगा। हैंडबॉल एसोसिएशन ऑफ इंडिया के कोषाध्यक्ष विनय कुमार सिंह ने बताया कि यहां के खिलाड़ी बेहतरीन खेल प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। बताया कि परमानंदपुर में जल्द ही बालिकाओं के लिए छात्रावास और एसोसिएशन की ओर से कोच की सुविधा भी दी जाएगी।
खिलाड़ियों के प्रदर्शन के विश्लेषण के उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे। इसी स्टेडियम की दो बालिकाएं नैना यादव और कोमल राय गांधीनगर में चल रहे भारतीय हैंडबॉल शिविर में कोचिंग ले रही हैं। अगले महीने चीन में आयोजित एशियन यूथ वुमेन, हैंडबॉल चैंपियनशिप में भारतीय टीम हिस्सा लेगी।
अब इमरजेंसी सेवाएं भी देगा फायर ब्रिगेड
जिले के अग्निशमन विभाग का दायरा अब सिर्फ आग बुझाने तक सीमित नहीं है। अब उन्हें अत्याधुनिक उपकरणों और मल्टी डिजास्टर रिस्पांस व्हीकल से लैस कर दिया गया है। अग्निशमन के साथ अब आपात सेवा से जुड़ने से जिम्मेदारी भी बढ़ गई है। मुख्य उद्देश्य सिर्फ आगजनी से राहत पहुंचाना नहीं, बल्कि बाढ़, भूकंप, गैस रिसाव, इमारत ढहने, औद्योगिक दुर्घटनाओं और हाइवे पर सड़क हादसों में तत्काल राहत देना है।
इस नई पहल के तहत एनडीआरएफ और एसडीआरएफ के पहुंचने से पहले ही दमकल कर्मी मोर्चा संभाल लेंगे। वाराणसी में बेनीपुर, भेलूपुर, मंडुवाडीह, कोतवाली सहित अन्य क्षेत्रों में कुल 5 फायर स्टेशन सक्रिय हैं। 2 नए केंद्रों के निर्माण का कार्य शासन स्तर पर लंबित है। मुख्य अग्निशमन अधिकारी आनंद सिंह राजपूत ने बताया कि अग्निशमन विभाग को अपडेट किया जा रहा है। विभाग अब आपात स्थिति में तत्काल राहत प्रदान करना है।
मेडिकल कॉलेज निर्माण कार्य में तेजी, अंतिम दौर में बाउंड्रीवाॅल
दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल के सामने मानसिक अस्पताल परिसर में बनने वाले मेडिकल कॉलेज का निर्माण कार्य तेज हो गया है। जमीन चिह्नांकन का काम पूरा होने के बाद अब अंतिम दौर में बाउंड्रीवाॅल का काम चल रहा है। मेडिकल कॉलेज बनने के बाद जहां एक ही छत के नीचे दूर दराज से आने वाले मरीजों को सुपर स्पेशियलिटी सेवाएं मिलेंगी वहीं मेडिकल छात्रों की कक्षाएं भी चलेंगी।
मेडिकल कॉलेज के निर्माण की जिम्मेदारी शासन स्तर पर हुए एमओयू के बाद गुजरात के दमानी ग्रुप को मिला है। जिला अस्पताल परिसर और मानसिक अस्पताल परिसर को मिलाकर मेडिकल कॉलेज का निर्माण करवाया जा रहा है। शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ क्लीनिकल शिक्षा के लिए दीनदयाल अस्पताल की सुविधाओं का उपयोग किया जाएगा, जिससे छात्रों को व्यापक प्रशिक्षण मिल सकेगा।
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में लगे दो वाॅटर कूलर
सर्व वैश्य समाज की ओर से गुरुवार को संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में दो वाटर कूलर लगाए गए। का उद्घाटन किया गया। परीक्षा भवन और अंतरराष्ट्रीय छात्रावास में कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा ने इसका उद्घाटन किया। कुलपति प्रो. शर्मा ने कहा कि सर्व वैश्य समाज ने शुद्ध पेयजल आपूर्ति की व्यवस्था के लिए दो बड़े वाटर कूलर संयंत्र लगवाकर जल दान करने की परिभाषा को परिभाषित किया है।
सर्व वैश्यसमाज के अध्यक्ष और उद्योगपति आरके चौधरी ने कहा कि सर्व वैश्य समाज का इतिहास सेवा, समर्पण और त्याग का रहा है। संचालन प्रो. शैलेश कुमार मिश्र और धन्यवाद ज्ञापन दीपक बजाज ने किया। इस दौरान उमाशंकर अग्रवाल, प्रो. सुधाकर मिश्र, प्रो. अमित कुमार शुक्ल, अशोक जायसवाल, सर्वेश अग्रवाल, राजेश भाटिया, सुरेश तुलस्यान आदि मौजूद रहे।
डॉ. हरिराम यादव के नेतृत्व में जीती भारतीय कुश्ती टीम
वियतनाम में सीनियर वर्ग की कुश्ती 19 से 22 जून तक खेली गईं। इसमें अंडर-23 अंतरराष्ट्रीय कुश्ती टीम के खिलाड़ियों ने छह स्वर्ण और एक रजत पदक जीता। कुश्ती कोच डॉ. हरिराम यादव के नेतृत्व में भारतीय टीम सात पदकों के साथ ओवरऑल विजेता बनी हैं। टीम ने नंबर वन का ताज भी हासिल किया है।
परितोष बजाज ने क्लब के जाने कार्य, 24 पूर्व अध्यक्षों का सम्मान
रोटरी क्लब के मंडलाध्यक्ष पारितोष बजाज महमूरगंज स्थित एक होटल में रोटरी क्लब वाराणसी सेंट्रल के कार्यों से रूबरू हुए। अभिनंदन कार्यक्रम के तहत उन्होंने 24 पूर्व अध्यक्षों और चार्टर सदस्यों को सम्मानित किया गया। अपनी आधिकारिक यात्रा के दौरान उन्होंने क्लबों की रिपोर्ट देखी। उनकी कार्यशैली का निरीक्षण किया।
क्लब के अध्यक्ष पवन कुमार सिंह और सचिव डॉ. अमित सिंह ने क्लब का वार्षिक लेखा-जोखा और क्लब के कार्यों की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की। परितोष बजाज ने क्लब के कार्यों की सराहना की। कहा कि अध्यक्ष ने डिस्ट्रिक्ट और रोटरी इंटरनेशनल के अपेक्षित सभी मानदंडों को पूरा किया है। मंडलाध्यक्ष और सह मंडलाध्यक्ष डॉ. नीलम गुप्ता ने क्लब के बाइलॉज और संविधान का लोकार्पण किया।
संचालन मनोज जजोदिया, डॉ. ऋतु गर्ग व राकेश भाटिया ने किया। धन्यवाद ज्ञापन राकेश गुप्ता ने किया। इस मौके पर डॉ. प्रमोद कुमार, संजय अग्रवाल, दिनेश गर्ग, उत्तम अग्रवाल, राजीव जयपुरिया, दीपक अस्थाना, पूनम अग्रवाल आदि मौजूद रहे।
छत्रपति शाहूजी महाराज ने पिछड़ों को दिलाया आरक्षण : आरपी गौतम
अपना दल एस की ओर से गुरुवार को समाज सुधारक छत्रपति शाहूजी महाराज की जयंती सेवापुरी के वीरभानपुर स्थित लॉन में मनाई गई। मुख्य अतिथि पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष आरपी गौतम ने कहा कि छत्रपति शाहूजी महाराज आरक्षण के जनक थे। इन्होंने समाज में फैली बुराइयों और कुरीतियों को खत्म करने का काम किया। विशिष्ट अतिथि रोहनिया विधायक डॉ. सुनील पटेल ने कहा कि पिछड़ों व वंचितों को आरक्षण देकर उन्हें समाज की मुख्यधारा में लाने में छत्रपति शाहूजी ने बड़ा योगदान रहा।
क्षेत्रीय अध्यक्ष डॉ. नरेंद्र पटेल ने शाहूजी महाराज के चित्र पर माल्यार्पण किया। अध्यक्षता सेवापुरी विधानसभा अध्यक्ष राजकुमार पटेल ने की। स्वागत डॉ. महेंद्र सिंह पटेल ने की। संचालन तेज बहादुर पटेल और धन्यवाद ज्ञापन जिलाध्यक्ष राजेंद्र पटेल ने किया। कार्यक्रम में जयप्रकाश वर्मा, श्याम नारायण पटेल, अजीत पटेल, डॉक्टर नरेंद्र पटेल, इंद्रजीत पटेल, राजेंद्र पटेल, राम प्रकाश पटेल, वाल्मीकि पटेल आदि मौजूद रहे।
तनाव प्रबंधन के लिए व्यावहारिक योग सीखना जरूरी
बीएचयू के वेल-बीइंग सर्विसेज सेल की ओर से छात्र कल्याण केंद्र संगोष्ठी हॉल में 'योग के माध्यम से जंजीरें तोड़ना : नशीली दवाओं और पदार्थ दुरुपयोग रोकथाम, उपचार और सभी के लिए पुनर्वास' विषय पर कार्यशाला हुई। आईआईटी बीएचयू के योगाचार्य कुश पांडेय ने कहा कि तनाव प्रबंधन, आत्म-जागरूकता और भावनात्मक नियमन के लिए व्यावहारिक योग सीखना जरूरी है।
युवाओं को नशे से दूर ले जाने में योग की महत्वपूर्ण भूमिका है। क्योंकि, लत पर नियंत्रण पाने में योग बेहद सहायक है। युवाओं में अवसाद की समस्या के निराकरण में भी योग कार्यकारी है। विशिष्ट अतिथि डिप्टी लाइब्रेरियन डॉ. संजीव सराफ ने योगाचार्य कुश पांडेय को अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न भेंट किया।
काशी विद्यापीठ के तीन शिक्षक बने असिस्टेंट प्रोफेसर
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के राजनीति विज्ञान विभाग में कार्यरत तीन शिक्षकों का चयन बिहार राज्य विश्वविद्यालय सेवा आयोग द्वारा राजनीति विज्ञान विषय में असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर हुआ है। इसमें डॉ. रवि प्रकाश सिंह, डॉ. पीयूष मणि त्रिपाठी और डॉ. जयदेव पांडेय का नाम शामिल है। इसके अलावा दो पूर्व छात्रों डाॅ. बेबी सिंह एवं डाॅ. प्रदीप कुमार जायसवाल का भी चयन असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर हुआ है। कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी ने चयनित शिक्षकों को बधाई दी।
एक नवंबर से धान खरीद, पांच जुलाई से किसान करा सकेंगे पंजीकरण
गेहूं खरीद बंद होने के बाद अब धान खरीद की तैयारी शुरू हो गई है। एक नवंबर से इसकी खरीद शुरू होगी। इसके लिए शासन स्तर पर खरीद एजेंसियों और केंद्रों के निर्धारण से लेकर तमाम कार्यों की समय सारिणी तय कर दी गई है। बिक्री के लिए किसानों का पंजीकरण और सत्यापन पांच जुलाई से शुरू होगा। जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी सुनील भारती ने बताया कि एक जुलाई से इसकी तैयारी शुरू हो जाएगी।
खरीद अधिकारी, धान उत्पादन का सर्वेक्षण और आंकलन, क्रय केंद्र, मिलर, पीएफएमएस माड्यूल को तैयार करने और विभागीय पोर्टल आदि पर कार्य होगा। बताया कि खरीद के केंद्र तय करने, जियो टैगिंग, राइस मिलों का पंजीयन व सत्यापन, परिवहनों व हैंडलिंग के लिए ठेकंदारों के लिए टेंडर निकाले जाएंगे। धान क्रय केंद्र प्रभारियों की कार्यशाला होगी। सितंबर तक सभी प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी।
थाइलैंड में कराटे का दम दिखाएंगे काशी के आशुतोष
थाइलैंड की राजधानी बैंकाॅक में अंतरराष्ट्रीय कराटे प्रतियोगिता खेली जाएगी। इस प्रतियोगिता के लिए घोषित भारतीय टीम में वाराणसी के आशुतोष मिश्र को जगह मिली है। यह जानकारी जिला कराटे संघ के महासचिव दिलीप कुमार सैनी ने बृहस्पतिवार की शाम प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी। बताया कि आशापुर क्षेत्र से लेढूपुर निवासी आशुतोष मिश्र थाईलैंड के चिलोंगकोर्ण विश्वविद्यालय के स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में खेलेंगे।
आशुतोष का चयन पुरुष वर्ग के 55 किलो ग्राम भारवर्ग के कुमिते इवेंट्स और अंडर-21 के काता इवेंट में हुआ हैं। वह 70 सदस्यीय भारतीय टीम में वाराणसी से एक मात्र खिलाड़ी है। वाराणसी के छात्र के चयनित होने पर राज्य कराटे संघ के महासचिव जसपाल सिंह, शोभनाथ पटेल, अरविंद यादव, अनीता सिंह ने पदक की उम्मीद जताते हुए शुभकामनाएं दी है ।
चार लोग रेस्क्यू कर लाए गए अपना घर आश्रम
शहर में प्रशासन की तरफ से भिक्षावृत्ति अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को काल भैरव मंदिर के पास अभियान चलाया गया। इस दौरान बिहार के नथुनी राम, सरैया के मुहम्मद इजराइल, सैदपुर के सुदमा और भभुआ बिहार के साहवीर को रेस्क्यू कर अपना घर आश्रम में लाया गया। इस दौरान समाज कल्याण पर्यवेक्षक प्रीति, आनंद, धर्मेश, चाइल्ड लाइन से राजमनी और नगर निगम से कुंज बिहारी उपस्थित रहे। पुलिस विभाग से एसआई भरत राय, राहुल गुप्ता, रोशनी, अरुण व्यास, विकेश कुमार, लक्ष्मी मौजूद रहे।
रोलरस्केटिंग नृत्य में भारतीय छात्रा ने जीता स्वर्ण
नेपाल में आयोजित रोलर बास्केटबॉल नृत्य प्रतियोगिता में भारतीय छात्रा ने स्वर्ण पदक जीता। इस प्रतियोगिता में बीएनएस महिला महाविद्यालय में बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा नंदिनी सेन ने हिस्सा लिया। चार दिवसीय इंडो-नेपाल आमंत्रण पर रोलर स्केटिंग बास्केटबॉल, स्पीड स्केटिंग, और डांस स्मार्ट चैपियनशिप अंडर- 19 सेमी क्लासिकल नृत्य प्रतियोगिता हुई। इसमें नंदिनी सेन ने स्वर्ण पदक जीता। नंदिनी पूर्व में भी भारत नेपाल स्पोर्ट्स फेस्टिवल में हिस्सा ले चुकी हैं। विद्यालय के प्राचार्य डॉ. आशुतोष उपाध्याय ने इसपर खुशी व्यक्त की।
भैरव तालाब में रथ खींचकर मेले की शुरुआत करेंगे कुंवर अनंत नारायण
भैरव तालाब में लगने वाले दो दिवसीय रथयात्रा मेले की शुरुआत शुक्रवार को होगी। पहले दिन शुक्रवार को भगवान जगन्नाथ के रथ को खींचकर मेले की शुरुआत काशीराज परिवार के कुंवर अनंत नारायण सिंह करेंगे। वह राजातालाब के रानी बाजार स्थित महाराज बलवंत सिंह महाविद्यालय परिसर से श्रद्धालुओं के साथ रथ खींचेंगे।
रथ भगवान बलभद्र और सुभद्रा को लेकर रथ भैरवतालाब पहुंचेगा। वहां लक्ष्मी नारायण मंदिर के पास रथ को श्रद्धालु भक्तजनों के दर्शनार्थ खड़ा किया जाएगा। इस दौरान राजातालाब, भैरवतालाब, जंसा, बीरभानपुर, मोहनसराय, कृष्णदत्तपुर, रखौना तक इलाके में मेला लगेगा। मुख्य मेला राजातालाब जंसा मार्ग पर भैरव तालाब में लगता है।
काशीराज परिवार के कुंवर अनंत नारायण सिंह अपने परिचितों और पूर्व रियासत के पूर्व खास परिवारों के साथ राजातालाब के पुराने महल में बैठक करेंगे। इस दौरान यहां पर उन्हें नजराना पेश करने की रस्म भी पूरी की जाएगी। उधर, भैरवतालाब में मेला सुरक्षा समिति ने जिला प्रशासन के साथ मिलकर शांति और सुरक्षा स्थापित करने के लिए रणनीति बनाई। इस दौरान मेल सुरक्षा समिति के राजकुमार राजभर, सुदामा राम, जयशंकर पाल आदि रहे।
बड़ागांव में आज सजेगा रथयात्रा मेला
बड़ागांव का प्रसिद्ध व प्राचीन रथयात्रा मेला शुक्रवार को शुरू होगा। शनिवार को संगीतमय श्रीराम चरित मानस एवं भंडारा किया जाएगा। यह जानकारी देते हुए राम जानकी मंदिर के महंत अवधूत गिरि ने बताया कि शुक्रवार शाम भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा पूरे बाजार का भ्रमण करते हुए रामनगर तालाब पर पहुंच कर संपन्न होगी।
डीएवी की मैनेजमेंट कमेटी में बीएचयू के दो प्रोफेसर नामित
बीएचयू के दो प्रोफेसरों को डीएवी पीजी कॉलेज की मैनेजिंग कमेटी का हिस्सा बनाया जाएगा। बीएचयू में इतिहास विभाग के प्रो. ताबीर कलाम और आर्कियोलॉजी के प्रो. दिनेश ओझा को इसका सदस्य नामित किया गया है। बीएचयू के कुलसचिव शिक्षण कार्यालय से इसका एक पत्र भी जारी किया गया है। इसमें बताया गया है कि ये दोनों सदस्य अगले दो साल तक सदस्य बने रहेंगे। बीएचयू की ओर से हर दो साल पर अपने दो सदस्य नियुक्त किए जाते हैं। इन दोनों सदस्यों का कार्यकाल 14 जुलाई से शुरू होगा।
डीएवी कॉलेज के छात्रों ने खून से लिखी चिट्ठी
डीएवी पीजी कॉलेज के छात्रों ने खून से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम चिट्ठी लिखी है। आरोप लगाया कि कॉलेज की जमीन लीज पर दी गई है। इस मामले की उच्च स्तरीय जांच की भी मांग की गई। छात्रों ने कहा कि ये घोटाला है। इसकी जांच हो। छात्रों ने प्रबंधक का इस्तीफा भी मांगा।
अमेरिका में खेलेंगे वाराणसी मंडल के तीन पुलिसकर्मी
अंतरराष्ट्रीय पुलिस और फायर खेल प्रतियोगिता अमेरिका में आयाेजित होगी। इस प्रतियोगिता में वाराणसी मंडल के तीन खिलाड़ी खेलेंगे, इसमें काशी के दो और मऊ का एक खिलाड़ी शामिल है। कुश्ती में दो खिलाड़ी विशाल और पूजा जबकि तीरंदाजी में यूपी पुलिस की दीपिका पांडेय खेलेंगी। वर्ल्ड पुलिस और फायर गेम्स अमेरिका के अलबामा शहर में 27 जून से 6 जुलाई तक खेली जाएगी। इस प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए अखिल भारतीय पुलिस टीम का शिविर एनआईएस पटियाला में आयोजित किया गया।
यूपी पुलिस के पुरुष पहलवान विशाल साहनी और आईटीबीपी की महिला पहलवान, वाराणसी निवासी पूजा यादव खेलेंगी। तीरंदाजी में वाराणसी के बराई निवासी की पांडेय ने हिस्सा लिया। कुश्ती प्रशिक्षक के रूप में वाराणसी के रविंद्र कुमार यादव अमेरिका गए हैं। दीपिका के कोच अशोक सिंह ने बताया कि वह उमरहा स्थित महालक्ष्य स्पोर्ट्स एकेडमी में अभ्यास कर यूपी पुलिस में सेवारत हैं।
क्वार्टर फाइनल में कजाकिस्तान से हारे काशी के सौरभ
वीयतनाम में आयोजित एशियाई कुश्ती में भारतीय खिलाड़ी को कजाकिस्तान के खिलाड़ी के हाथों हार का सामना करना पड़ा। काशी के सौरभ यादव का विजय रथ को कजाकिस्तान के खिलाड़ी ने 6-2 से रोक कर प्रतियोगिता से बाहर कर दिया। इस हार के साथ ही लगातार पांचवां पदक जीतने का सिलसिला भी थम गया। उन्होंने वर्तमान सत्र के 80 किलो भार वर्ग में लगातार तीन मुकाबलों में पदक जीतकर काशी का गौरव बढ़ाया है। एशिया कप कुश्ती वियतनाम में 25 और 26 जून को खेली गई। बच्छाव निवासी सौरभ यादव नैपुरा के भितराघानंद आश्रम में अभ्यास करते हैं।
आईएमए के कैंप में पहले दिन जमा हुए 15.90 लाख
नगर आयुक्त अक्षत वर्मा के निर्देश पर गुरुवार को आईएमए में तीन दिवसीय वृहद कैंप लगाया गया। पहले दिन अनुज्ञप्ति शुल्क, संपत्ति कर के मद में कुल 15.90 लाख जमा हुए। दूसरी तरफ आठ चिकित्सा संस्थानों की ओर से जन्म मृत्यु प्रमाणपत्र के लिए इंफॉर्मेंट आईडी ली गई। मेयर अशोक कुमार तिवारी ने कैंप का निरीक्षण किया। कैंप में अनुज्ञप्ति शुल्क के मद में 12.80 लाख जमा हुए। संपत्ति कर के मद में 3.10 लाख जमा हुए।
सारनाथ जोन में 3 चिकित्सा संस्थानों, ऋषि मांडवी जोन में 2 चिकित्सा संस्थानों, भेलूपुर जोन के 1 चिकित्सा संस्थान ने आईडी ली। 5 संस्थानों ने आईडी के लिए नवीनीकरण कराया गया। नगर आयुक्त ने आग्रह किया कि कैंप का लाभ उठाए। कैंप में नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर एसके चौधरी, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी कुमार असीम रंजन, कर निर्धारण अधिकारी शिखा मौर्य आदि मौजूद रहे।
सफाई मित्रों को बताए सरकारी योजनाओं के लाभ
नगर निगम ने गुरुवार को कमिश्नरी सभागार में कार्यशाला का आयोजन किया। इसमें नगर निगम के सफाई मित्रों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की शुरुआत अपर नगर आयुक्त सविता यादव ने की। उन्होंने 12 सफाई मित्रों को सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाया। इसमें पीएम आवास योजना, आयुष्मान योजना, पीएम जनधन योजना, कन्याधन, पीएफ आदि सहित कई सरकारी योजनाओं के बारे में बताया।
साथ ही सेनेटरी इंस्पेक्टरों को निर्देश दिया गया कि अपने-अपने वार्डों में जाकर सभी सफाई मित्रों को सरकारी योजनाओं से जोड़े। इसके अलावा शहर में स्वच्छता अभियान चलाने वाली कंपनियों ने प्रजेटेंशन के माध्यम से सफाई के बारे में बताया। इस दौरान जोनल स्वच्छता अधिकारी रविचंद्र निरंजन,नगर निगम के कर्मचारी और श्रम विभाग, डूडा आदि मौजूद रहे।
जयपुर के निर्मल ने सितार पर छेड़ा राग अहीर भैरव में आलाप
सुबह ए बनारस के मंच पर जयपुर के युवा कलाकार निर्मल सैनी का गिटार वादन हुआ। वादन का आरंभ राग अहीर भैरव में आलाप जोड़ के साथ विलंबित तीनताल में निबद्ध रचना के साथ हुआ। इसी क्रम में द्रुत तीनताल में निबद्ध बजाकर आनंदित किया। समापन लोकप्रिय भजन पायो जी मैंने राम रतन धन पायो...से हुआ। तबला संगति वरिष्ठ कलाकार ज्ञान स्वरूप मुखर्जी की रही। कलाकार को प्रमाणपत्र सुबह बनारस के संस्थापक सचिव डॉ. रत्नेश वर्मा ने दिया।
बीएचयू पीजी में 4-6 जुलाई तक एमपीएड की प्रैक्टिकल परीक्षा
बीएचयू पीजी प्रवेश प्रक्रिया में 4, 5 और 6 जुलाई को शारीरिक शिक्षा में परास्नातक (एमपीएड) कोर्स में दाखिले के लिए प्रैक्टिकल परीक्षा होगी। एंफीथिएटर ग्राउंड पर सुबह 6:00 बजे रिपोर्टिंग समय रखा गया है।
सीयूईटी-पीजी में उत्तीर्ण सभी पात्र उम्मीदवारों की ईमेल आईडी पर शारीरिक परीक्षण के लिए एडमिट कार्ड भेजा गया है। इसे प्रिंट करवाकर बीएचयू में इन तीनों दिन को बुलाया गया है। सभी शारीरिक फिटनेस की प्रक्रिया उसी दिन पूरी की जाएगी। उम्मीदवारों को सभी मूल दस्तावेजों और इसकी एक सेट फोटोकॉपी भी लेकर आना होगा। शारीरिक परीक्षण के साथ दस्तावेजों का सत्यापन भी किया जाएगा।
ओडिसी नृत्य पर की दुर्गा स्तुति की प्रस्तुति
नमो घाट पर आयोजित सांस्कृतिक संध्या में दिल्ली से पधारी अनुषुआ चौधरी का ओडिसी नृत्य हुआ। उन्होंने सबसे पहले शिववंदना से शुरूआत की। इसके बाद दुर्गा स्तुति कर बैठे श्रोताओं की तालियां बटोरीं। कार्यक्रम का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन अनूप मिश्रा ने किया। कार्यक्रम संयोजक अंशुमन महाराज रहे।
उद्योग लगाने के लिए 63 आवेदकों ने लोग के लिए कराया पंजीकरण
भारतीय औद्योगिक व्यापार एसोसिएशन की ओर से महिला विकास रोजगार अमृत समागम हनुमान प्रसाद पोद्दार अंध विद्यालय दुर्गाकुंड में आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्या ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान जिला उद्योग प्रोत्साहन तथा उद्यमिता विकास केंद्र की ओर से मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना के प्रति जागरूक करते हुए पंजीकरण कैंप भी लगाया गया।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि योजना के अंतर्गत जो लोग ऋण लेना चाहते हैं, उन सभी को ऋण उपलब्ध कराया जाएगा। इस दौरान सभी ने इसकी सदस्यता प्राप्त कर व्यापार संबंधित लोन के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करवाया। संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष रंजीत केशरी ने कहा कि आगे बढ़ने और व्यापार की मजबूती के लिए लोन जरूरी है। इसका लाभ सभी को लेना चाहिए।
इस दौरान 63 आवेदकों ने पंजीकरण करवाया। सभी ने विभिन्न उद्यमों की स्थापना में रुचि दिखाई। उपायुक्त उद्योग अजय कुमार गुप्त ने विभिन्न योजनाओं के बारे में जानकारी दी। प्रभात रंजन, सत्येंद्र कुमार पांडेय, आनंद राजभर, राजीव कुमार, सुरभि श्रीवास्तव आदि ने भी विचार रखे।
रथयात्रा मेला क्षेत्र आज से तीन दिन के लिए प्लास्टिक फ्री जोन
मेयर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने गुरुवार को संयुक्त रूप से रथयात्रा मेले का निरीक्षण किया। इस दौरान नगर निगम से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने शुक्रवार से तीन दिन के लिए रथयात्रा मेला क्षेत्र को प्लास्टिक फ्री जोन बनाया है। इस दौरान प्रतिबंधित प्लास्टिक पकड़े जाने पर जुर्माना लगाया जाएगा। मेयर ने निर्देश दिए कि पूरे मेला क्षेत्र में कहीं भी स्ट्रीट लाइट बंद न हो। मेला क्षेत्र में सीवर जाम की समस्या न हो। इसके लिए अधिशासी अभियंता अजय कुमार सक्सेना और महाप्रबंधक जलकल अनूप सिंह को निर्देशित किया।
राजातालाब में बाढ़ से निबटने के लिए हुआ मॉकड्रिल
डीएम सत्येंद्र कुमार के निर्देश पर गुरुवार को एडीएम वंदिता श्रीवास्तव की देखरेख में बाढ़ के प्रति दो संवेदनशील तहसील (सदर एवं राजातालाब) में सभी विभागों की ओर से बाढ़ प्रबंधन के तहत राज्यस्तरीय मॉकड्रिल का आयोजन किया गया। तहसील सदर में गंगा नदी में जलस्तर वृद्धि के दौरान बाढ़ के पानी में नाव से गिरकर डूबने और नाव पलट जाने व तहसील राजातालाब में डूबने और मॉडल बाढ़ राहत शिविर का संचालन विषयक अभ्यास किया गया।
सुबह 10 बजे इमरजेंसी आपरेशन सेंटर (ईओसी) को गांव कैथी के गंगा घाट तहसील सदर में गंगा नदी में अचानक बाढ़ आने के कारण कैथी गांव में 30 लोगों के फंसने की सूचना मिली। तहसील राजातालाब के शूल टंकेश्वर महादेव मंदिर के घाट पर भी 36 वीं वाहिनी पीएसी में मॉक ड्रिल की गई।
बीएचयू पीजी में 4-6 जुलाई तक प्रैक्टिकल परीक्षा
बीएचयू में शारीरिक शिक्षा विभाग से पीजी में दाखिले के लिए 358 अभ्यर्थियों की लिस्ट फिजिकल फिटनेस के लिए जारी कर दी गई है। साथ ही सभी आवेदकों के नाम और उनके मार्क्स भी जारी किए गए हैं। अब बीएचयू पीजी प्रवेश प्रक्रिया में 4, 5 और 6 जुलाई को शारीरिक शिक्षा में परास्नातक (एमपीएड) कोर्स में दाखिले के लिए प्रैक्टिकल परीक्षा होगी। एंफीथियेटर ग्राउंड पर सुबह 6:00 बजे रिपोर्टिंग समय रखा गया है।
सीयूईटी-पीजी में उत्तीर्ण सभी पात्र उम्मीदवारों की ईमेल आईडी पर शारीरिक परीक्षण के लिए एडमिट कार्ड भेजा गया है। इसे प्रिंट करवाकर बीएचयू में इन तीनों दिन को बुलाया गया है। सभी शारीरिक फिटनेस की प्रक्रिया उसी दिन पूरी की जाएगी। उम्मीदवारों को सभी मूल दस्तावेजों और इसकी एक सेट फोटोकॉपी भी लेकर आना होगा। शारीरिक परीक्षण के साथ दस्तावेजों का सत्यापन भी किया जाएगा।
बीएचयू में 28 जुलाई की परीक्षा हुई स्थगित
बीएचयू में 28 जुलाई को होने वाली मनोचिकित्सा विभाग की लिखित परीक्षा अगली तिथि के लिए स्थगित कर दी गई है। सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के नोडल अधिकारी की ओर से जारी सूचना के मुताबिक आईएमएस बीएचयू के एनएलटी कॉम्पलेक्स में परीक्षा होनी थी। लेकिन अब जल्द ही दूसरी तिथि घोषित की जाएगी।
भक्त के घर में व्यासपीठ पर बैठकर नहीं कर सकते हैं विश्वासघात
श्री काशी विद्वत परिषद के महामंत्री प्रो. रामनारायण द्विवेदी ने कहा कि हमारी सनातन परंपरा में पहले भी तमाम ब्राह्मणेत्तर लोग हुए हैं जिन्हें ऋषितुल्य माना गया है। चाहे वह महर्षि वाल्मीकि हो, वेदव्यास हों, रविदास हों। सभी को सनातन परंपरा में सम्मान और आदर प्राप्त हुआ है। भागवत की चर्चा या भगवान की चर्चा करने का सभी हिंदुओं को अधिकार है।
वह इटावा में कथावाचक के साथ हुई घटना पर काशी विद्वत परिषद की बैठक के दौरान विचार व्यक्त कर रहे थे। प्रो. द्विवेदी ने कहा कि किसी को भी इस तरह से रोका नहीं जा सकता। किसी भी व्यास को वंचना करने का अधिकार नहीं है क्योंकि हम किसी भक्त के घर में व्यासपीठ पर जब बैठते हैं तो विश्वासघात नहीं कर सकते क्योंकि विश्वास ही श्रद्धा और भक्ति का कारण है।
बैठक की अध्यक्षता प्रो. वशिष्ठ त्रिपाठी ने की। बैठक में सर्वसम्मति से इटावा की घटना की निंदा की गई। बैठक में प्रो. रामकिशोर त्रिपाठी, प्रो. रमाकांत पांडेय, प्रो. विनय कुमार पांडेय, प्रो. हर प्रसाद दीक्षित, डॉ. दिव्य चैतन्य ब्रह्मचारी, प्रो. विवेक पांडेय आदि रहे।
एमबीए-एग्रीबिजनेस के लिए जीडीपीआई तिथि और आवेदकों की सूची जारी
बीएचयू में एग्रीबिजनेस से एमबीए कोर्स में दाखिले के लिए जीडीपीआई की तिथि और 211 आवेदकों की सूची जारी कर दी गई है। 3 से लेकर 5 जुलाई तक मैनेजमेंट संस्थान में समूह चर्चा और व्यक्तिगत साक्षात्कार आयोजित किया जाएगा। कुल 211 आवेदकों इंटरव्यू देना होगा। इस कोर्स में दाखिले के लिए इस चरण को उत्तीर्ण करना ही होगा।
1.41 करोड़ से लगेंगी 90 सोलर स्ट्रीट लाइट
पिंडरा विधायक डॉ. अवधेश सिंह ने 1.41 करोड़ से 90 सोलर स्ट्रीट लाइटों का शिलान्यास किया। वीडीए की ओर से क्षेत्रीय आधारभूत संरचना के सुदृढ़ीकरण एवं हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में पिंडरा क्षेत्र में जीआई पोल पर ऑल इन-वन सोलर स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी। विधायक ने कहा कि इस विशेष योजना के तहत बसनी मार्केट में लगभग 800 मीटर की दूरी पर 100 वॉट क्षमता वाली 30 ऑल इन-वन सोलर लाइटों की स्थापना की जाएगी। जिसकी लागत 47.02 लाख निर्धारित है। पिंडरा क्षेत्र में लगभग 3.2 किलोमीटर लंबे मार्ग पर 100 वॉट की 60 सोलर लाइटें लगाई जाएंगी। जिन पर 94.51 लाख की लागत आएगी।
जल्द शुरू होगा जगन्नाथ मंदिर का जीर्णोद्धार
भगवान जगन्नाथ का मंदिर आस्था ही नहीं सांस्कृतिक विरासत की पहचान है। अतिक्रमण के कारण मंदिर की गरिमा पर आंच आ रही है। मंदिर का जीर्णोद्धार शीघ्र ही शुरू होगा। इसमें मूल स्थापत्य संरचना को बरकरार रखते हुए आधुनिक सुविधाएं जोड़ी जाएंगी। इसके लिए व्यापक योजना तैयार की गई है। मंदिर की दीवारों,प्रवेश द्वार,गर्भगृह व आस-पास के मार्गों की मरम्मत की भी योजना है।
उक्त बातें श्री जगन्नाथ मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष बृजेश सिंह ने गुरुवार को कहीं। उन्होंने कहा कि लंबे समय से मंदिर परिसर के सुंदरीकरण और इसे अनाधिकृत कब्जे से मुक्त कराने की मांग हो रही है। स्थानीय प्रशासन व पुरातत्व विशेषज्ञों के साथ बातचीत चल रही है, ताकि किसी भी प्रकार की विधिक या सांस्कृतिक बाधा उत्पन्न न हो। हम काशी की परंपरा को ठेस नहीं पहुंचने देंगे। सभी निर्णय आस्था,परंपरा और सार्वजनिक हित को ध्यान में रखकर लिए जाएंगे।
काशी विद्यापीठ में आज होगा पुरातन छात्र समागम
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ समाजशास्त्र विभाग में पुरातन छात्र समागम समारोह (एलुमनाई मीट) शुक्रवार को मनाया जाएगा। विभागाध्यक्ष प्रो. अमिता सिंह ने बताया कि कार्यक्रम दोपहर 2 से 5 बजे तक मनाया जाएगा। समारोह की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी करेंगे। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम हाइब्रिड मोड (ऑफलाइन व ऑनलाइन) में आयोजित होगा।
काशी विद्यापीठ में एमए इतिहास की चार जुलाई से सेमेस्टर परीक्षाएं
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ मुख्य परिसर, गंगापुर परिसर, एनटीपीसी परिसर व भैरव तालाब परिसर में एमए इतिहास एवं एमए इतिहास पुरातत्व द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षाएं 4 जुलाई से शुरू होंगी। विभागाध्यक्ष प्रो. जयाकुमारी आर्यन ने बताया कि परीक्षा 4 से 11 जुलाई तक आयोजित है। इसके साथ ही चतुर्थ सेमेस्टर की परीक्षा 5 से 12 जुलाई तक होगी। परीक्षा दोपहर 2 से 04 बजे तक होगी। उन्होंने कहा कि परीक्षा की समय सारिणी काशी विद्यापीठ की वेबसाइट पर अपलोड है।
मोहर्रम से पूर्व ताजिये के रास्तों की मरम्मत में लापरवाही, गलियों में गड्ढे
आगामी छह जुलाई को मोहर्रम है लेकिन उससे पहले नगर निगम प्रशासन की लापरवाही से मुस्लिम इलाकों में भारी आक्रोश व्याप्त है। पार्षद फरजाना ने कहा कि ताजिया जुलूस के प्रमुख मार्गों पर जगह-जगह गहरे गड्ढे बन गए हैं, जिससे न सिर्फ जुलूस में बाधा उत्पन्न होने की आशंका है, बल्कि दुर्घटनाओं की भी संभावना बनी हुई है। स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों की ओर से कई बार नगर निगम से शिकायत की गई है।
नगर आयुक्त कार्यालय में मरम्मत कार्यों से संबंधित फाइलें पहले ही भेज दी गई हैं, लेकिन अब तक स्वीकृति नहीं मिल पाने के कारण कार्य शुरू नहीं हो सका है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने मांग की है कि नगर आयुक्त तत्काल प्रभाव से इन गड्ढों की मरम्मत और रास्तों की सफाई का कार्य शुरू कराएं, ताकि मोहर्रम का पर्व श्रद्धा, शांति और सुरक्षित वातावरण में संपन्न हो सके।
डीएम ने कलेक्ट्रेट के बाहर ही छोड़ी गाड़ी, पैदल गए कार्यालय
डीएम सत्येंद्र कुमार ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट के अंदर गाड़ी नहीं ले गए। सुरक्षा कारणों से पहले से ही गाड़ियों का अंदर ले जाना मना है। डीएम, एडीएम समेत कुछ अफसरों की ही गाड़ियां अंदर जा रही थीं। गुरुवार को डीएम सत्येंद्र कुमार ने गाड़ी बाहर ही छोड़ दी और कार्यालय पैदल गए। इसके बाद एडीएम समेत अन्य कई अफसरों ने भी गाड़ियों को बाहर ही छोड़ दिया। पूरे दिन ऐसे ही क्रम चलता रहा। इसी बीच एक अफसर की गाड़ी अंदर जाने को लेकर बहस भी हो गई। इसके बाद उनकी गाड़ी अंदर गई।
रामनगर में दो दिवसीय रथयात्रा मेला आज से
रामनगर का दो दिवसीय रथयात्रा मेला शुक्रवार से शुरू हो रहा है। आयोजक रामनगर दुर्ग द्वारा समस्त तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इसी के साथ रामनगर में मेलों का मुहूर्त हो जाएगा। रथयात्रा के बाद 29 जून को विश्व प्रसिद्ध रामलीला के लिए पंच स्वरूपों का चयन रामनगर किले में किया जाएगा। सावन की चतुर्थी के दिन प्रथम गणेश पूजन से इन स्वरूपों का प्रशिक्षण शुरू हो जाएगा। सावन में ही 15 दिवसीय कृष्ण लीला का आयोजन किया जाएगा।
रामनगर की रथयात्रा रामबाग दुर्गा मंदिर से शुरू होती है। राजपरिवार के सदस्य रथ को खींच कर रथयात्रा की शुरुआत करते हैं। इसके बाद रथ किला रोड अयोध्या जी के मैदान में पहुँचता है। जहां दर्शन पूजन दो दिनों तक चलता है।काशीराज परिवार के अनंत नारायण सिंह दोनों दिन रथयात्रा मेले में पहुँचते हैं और व्यास कथा का श्रवण करते हैं। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग मेले का लुत्फ उठाते है। रथयात्रा के दौरान परंपरागत बिकने वाली मिठाई नानखटाई का लोगों में खासा आकर्षण रहता है।
वाराणसी-मुंबई के बीच अकासा एयर की एक और उड़ान सेवा 22 जुलाई से
वाराणसी-मुंबई के बीच अकासा एयर एक और विमान सेवा 22 जुलाई से शुरू करने जा रहा है। अकासा एयर की इस रूट पर दो उड़ान पहले से संचालित हैं। नई उड़ान सेवा सप्ताह में सिर्फ एक दिन मंगलवार को ही संचालित होगी।
एयरपोर्ट अधिकारियों ने बताया कि अकासा एयर का विमान क्यू पी 1152 मुंबई से सुबह 11 बजे उड़ान भरकर दोपहर 1.20 बजे वाराणसी पहुंचेगा। फिर यही विमान क्यू पी 1153 बनकर दोपहर 1.55 बजे उड़ान भरकर शाम 4.15 बजे मुंबई पहुंचेगा। विमान का शुरुआती किराया 3500 के करीब है। अकासा एयर के यूपी सेल्स हेड राहुल सिंह ने बताया कि यात्रियों की सुविधा को देखते हुए नई विमान सेवा 22 जुलाई से शुरू हो रही है।