Crime News: लूट की पिकअप से शराब-बीयर बरामद, ज्ञानवापी केस में सुनवाई 30 जुलाई को; पढ़ें वाराणसी की खबरें
Varanasi News Today: वाराणसी में लंका पुलिस ने दो लोगों को लूट की पिकअप के साथ अरेस्ट किया है। चेकिंग में वाहन से शराब और बीयर बरामद हुए हैं। वहीं, अंजुमन इंतजामिया मसाजिद और सुन्नी वक्फ बोर्ड की ओर से दाखिल निगरानी अर्जी पर सुनवाई अब 30 जुलाई को होगी। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
Varanasi News in Hindi: लूट की पिकअप के साथ शराब तस्करी के दो आरोपियों को लंका पुलिस ने बुधवार रात नुआंव पुल से गिरफ्तार किया। पिकअप से 120 पेटी अंग्रेजी शराब और बीयर बरामद हुआ। बरामद शराब और बीयर की कीमत 10 लाख रुपये है। पिकअप बिहार से लूटी गई थी। दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया। पुलिस आयुक्त ने टीम को 10 हजार रुपये पुरस्कार देने की घोषणा की है।
काशी जोन के एडीसीपी सरवणन टी. ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में बिहार मुजफ्फरपुर के मुशहरी थाना क्षेत्र के रजवारा निवासी अरबाज अंसारी और चंदन कुमार साहनी हैं। सूचना मिली थी कि बिहार से लूटी गई पिकअप से शराब की तस्करी हो रही है।
लंका इंस्पेक्टर राज कुमार की टीम ने घेराबंदी कर आरोपियों को गिरफ्तार किया। पिकअप में 50 पेटी अंग्रेजी शराब और 70 पेटी बीयर थी। लूट की पिकअप का मुकदमा बिहार के गया के खिज्जर सराय थाने में दर्ज है।
राजातालाब में मिली थी गाड़ी, मिर्जापुर तक था पहुंचाना
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्हें मालूम नहीं था कि यह गाड़ी लूट की है। उन्हें बताया गया था कि राजातालाब से गाड़ी को नारायणपुर, अदलहाट के रास्ते मिर्जापुर तक पहुंचाना है। वहां से दूसरे लोग वाहन को लेकर बिहार की तरफ निकलते। लंका इंस्पेक्टर राजकुमार ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से मिले मोबाइल नंबरों के आधार पर अन्य आरोपियों की तलाश हो रही है। आरोपियों ने बताया कि वह महज कोरियर थे।
ज्ञानवापी प्रकरण में अगली सुनवाई 30 जुलाई को
जिला जज जय प्रकाश तिवारी की अदालत में गुरुवार को ज्ञानवापी से संबंधित अंजुमन इंतजामिया मसाजिद और सुन्नी वक्फ बोर्ड की ओर से दाखिल निगरानी अर्जी पर सुनवाई हुई। अगली सुनवाई 30 जुलाई को होगी। इस निगरानी अर्जी में पक्षकार रहे हरिहर पांडेय के मृत्यु के होने बाद उनके नाम के सामने मृतक अंकित करने की गुहार लगाई गई। जिसे कोर्ट ने स्वीकार कर लिया।
अंजुमन इंतजामिया मसाजिद कमेटी की ओर से निगरानी अर्जी दाखिल की गई कि अवर न्यायालय के इस मामले के सुनने क्षेत्राधिकार नहीं है। इस मामले के सुन्नी वक्फ बोर्ड लखनऊ के सुनने के अधिकार है। मगर, अवर न्यायालय ने इस अर्जी को सरसरी तरीके और विधि के विपरीत जाकर प्राथी की अर्जी खारिज कर दी थी।
इसी तरह सुन्नी वक्फ बोर्ड की भी ओर से अर्जी दाखिल की है। इस मामले में सुनवाई लंबित थी। इसी बीच इस मामले में इस विपक्षी रहे हरिहर पांडेय की साल 2023 में मृत्यु हो गई, जिसके बाद उसी समय अग्रिम सुनवाई नहीं हो पा रही थी। निगरानीकर्ता की ओर से उनके नाम के स्थान पर मृतक अंकित करने की अर्जी दी थी, जिस पर सुनवाई हुई। कोर्ट ने इस अर्जी को स्वीकार कर लिया।
पति समेत चार के खिलाफ विवाहिता ने दर्ज कराया केस
पति समेत चार के खिलाफ विवाहिता ने दहेज उत्पीड़न समेत अन्य आरोपों में गुरुवार को कैंट थाने में केस दर्ज कराया। विवाहिता का आरोप है कि ससुराल पक्ष संपत्ति से उसका नाम हटाने और एक लाख रुपये की मांग कर रहा है। पीड़िता लक्ष्मी पटेल ने पुलिस को बताया कि उसके ददिया ससुर ने एक मकान दान किया है, जिसमें वह अपने बच्चे के साथ रहती है।
28 जून को पति, सास भारती पटेल, ससुर राजेंद्र पटेल और देवर संदीप ने घर में घुसकर गाली-गलौज व मारपीट की। धमकी दी कि मकान खाली कर दो और एक लाख रुपये दो। 2 जुलाई को भी मारपीट की। कैंट पुलिस ने पति जितेंद्र पटेल, सास-ससुर और देवर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
घर से बाजार के लिए निकला किशोर लापता
रोहनिया। बच्छाव का रहने वाला किशोर दो दिन से लापता है। गुरुवार को पीड़ित पिता की तहरीर पर पुलिस ने गुमशुदगी का केस दर्ज किया है। कुसुम देवी ने पुलिस को बताया कि उनका बेटा चंदन मौर्या मंगलवार दोपहर एक बजे घर से बच्छाव बाजार के लिए निकला, लेकिन शाम तक नहीं लौटा। परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन चंदन का पता नहीं चला। प्रभारी निरीक्षक राजू सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है।
किशोरी को अगवा करने का आरोपी गिरफ्तार
नाबालिग को अगवा करने के आरोपी को फूलपुर पुलिस ने गुरुवार को कैथोली मोड़ के पास से गिरफ्तार किया। साथ ही किशोरी को भी बरामद किया। गिरफ्तार आरोपी जौनपुर के केराकत थाना क्षेत्र के नरहन निवासी सूरज विश्वकर्मा है। आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह किशोरी को काफी समय से जानता है और उससे विवाह करना चाहता था। पारिवारिक सहमति न मिलने के कारण दोनों घर से भाग गए थे और विवाह कर लिया।
पोर्टल से बरामद हुआ मोबाइल
सीईआइआर पोर्टल से चौक पुलिस ने एक मोबाइल बरामद किया और गुरुवार को मालिक को सुपुर्द किया। चौक इंस्पेक्टर विमल कुमार मिश्रा ने बताया कि पटना बिहार निवासी युवक काशी में परीक्षा देने आए थे। इस बीच उनका मोबाइल गुम हो गया। सीईआईआर पोर्टल के माध्यम जांच में मालूम चला कि अज्ञात व्यक्ति मोबाइल में अपना सिम कार्ड यूज कर रहा है।
नेलकटर से हमले का आरोपी गिरफ्तार
नेलकटर से जानलेवा हमले के आरोपी को भेलूपुर पुलिस ने गुरुवार को सराय नंदन, खोजवां से गिरफ्तार किया। भेलूपुर प्रभारी निरीक्षक सुधीर त्रिपाठी ने बताया कि आरोपी सराय नंदन खोजवां का विक्की कन्नौजिया है। विक्की ने रोहित मौर्या, सतीश व विकास मौर्या को नेलकटर के चाकू से वारकर घायल कर दिया था। जान से मारने की धमकी समेत अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज है।
तीन भाईयों पर केस दर्ज
सीमा देवी की तहरीर पर पुलिस ने तीन भाइयों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। तहरीर में बताया कि उसका मकान काशीपुर चौराहे पर है। चौराहे के बगल में गोपाल गुप्ता का दुकान है। वे फल बेचते हैं। दुकान पर उनके तीन पुत्र अभिषेक,अवनीश और विनीत गुप्ता बैठते हैं। बुधवार देर रात अभिषेक गुप्ता ने दो भाइयों के साथ मेरी और मेरे पति और अवधेश जायसवाल की पिटाई कर दी। पुलिस ने बताया कि तीनों से पूछताछ की जा रही है।
ऑटो से बाइक की टक्कर, युवक घायल
चोलापुर के चंदापुर पुलिस चौकी के पास नहर पर बृहस्पतिवार को गैस सिलिंडर लदी एक ऑटो और बाइक की टक्कर हो गई। जिसमें बाइक सवार घायल हो गया। दुकानदारों ने बताया कि गोसाईपुर मोहांव निवासी साहिल गोड़ और राज राजभर बाइक से वाराणसी जा रहे थे। विपरीत दिशा से आ रहा ऑटो सड़क पार कर रहा था। बाइक से उसकी टक्कर हो गई। जिसमें साहिल घायल हो गया, जबकि राज को मामूली चोट आई। लोगों ने साहिल को पहड़िया के निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया, उसकी हालत गंभीर है। राज को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है।
मासूम के कान से सोने का टप्स निकाल कर भागी महिला
आदमपुर थाना क्षेत्र के कोनिया में एक महिला ने आठ साल की बालिका को बहला-फुसला कर उसका सोने का टप्स लेकर भाग निकली। पुलिस ने बृहस्पतिवार को केस दर्ज किया है। कोनिया क्षेत्र निवासी कुलदीप अग्निहोत्री ने पुलिस को बताया कि उसकी आठ साल की बेटी अमृत घर से कुछ दूर एक दुकान पर गई थी। वहां एक महिला मुंह बांधकर पहुंची और बालिका से कहा कि तुम्हारे यहां जो पहले किरायेदार अनुष्का रहती थी, वह तुम्हें बुला रही है।
महिला की बातों में आकर मासूम उसके साथ चल पड़ी। जब वह एक सुनसान गली में पहुंची तो महिला ने बच्ची का मुंह दबाया और कान से टप्स निकाल कर भाग निकली। डर के मारे रोती-बिलखती अमृता घर पहुंची और परिजनों को जानकारी दी। इंस्पेक्टर आदमपुर वीरेंद्र सोनकर ने बताया कि महिला की पहचान के लिए 70 कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। महिला को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
देसी शराब की दुकान बंद कराने के लिए डीएम से गुहार
भेलूपुर थाना क्षेत्र के घसियारी टोला दुर्गाकुंड में पांच प्रमुख मंदिरों व बाबा साहब डॉक्टर भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के पास देसी शराब की दुकान खुलने का महिलाएं विरोध कर रही हैं। बृहस्पतिवार को महिलाओं ने जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार को पत्रक सौंपा। जिलाधिकारी ने आबकारी विभाग को जांच कर समुचित कार्रवाई का आदेश दिया। अपर पुलिस आयुक्त अपराध राजेश कुमार सिंह को भी महिलाओं ने ज्ञापन सौंपा।
सनबीम के नाम पर फर्जी तरीके से चल रहे स्कूल के खिलाफ केस
सनबीम स्कूल सोसाइटी लंका भगवानपुर के सचिव राकेश भार्गव ने सनबीम स्कूल का फर्जी लोगो लगाकर विद्यालय संचालित करने व दस्तावेज तैयार कर छात्रों और अभिभावकों से धन उगाही का आरोप लगाया है। बताया कि सनबीम स्कूल सोसाइटी 1972 से वाराणसी सहित आसपास के जिलों में विद्यालय का संचालन कर रहा है।
प्रबंधन ने बीएसए को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की बात कही। जांच के बाद बीएसए ने विद्यालय की मान्यता समाप्त कर बड़ागांव थाने में मुकदमा दर्ज कराया। थाना प्रभारी अतुल सिंह ने बताया कि स्कूल के ट्रस्टियों के खिलाफ कॉपी राइट सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।
सरकारी तालाब से हटाया अतिक्रमण
सेवापुरी के जंसा क्षेत्र के तिवारीपुर रामदत्तपुर गांव में सरकारी तालाब पर टिनशेड रखकर अतिक्रमण किया गया था। बृहस्पतिवार को एसडीएम राजातालाब के निर्देश पर राजस्व टीम ने हटवाया। साथ ही 3 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया। नायब तहसीलदार संग्राम सिंह ने बताया कि ग्राम सभा तिवारीपुर रामदत्तपुर गांव में टिनशेड रखकर गोवर्धन यादव पुत्र महादेव यादव ने कब्जा कर लिया था। कार्रवाई तहसीलदार संग्राम सिंह के नेतृत्व में की गई। राजस्व निरीक्षक अभय कुमार सोनकर, क्षेत्रीय लेखपाल मोहम्मद असलम, संगम लाल जंसा पुलिस के साथ मौजूद रहे।
आठ बीघा अवैध प्लॉटिंग पर चला वीडीए का बुलडोजर
वीडीए ने गुरुवार को चितईपुर के नगवां में लेन नंबर-6, गौतम नगर में 8 बीघे भूमि में की जा रही अवैध प्लॉटिंग को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया। जमीन पर अज्ञात की ओर से बिना लेआउट स्वीकृत कराए प्लॉटिंग की जा रही थी। मौके पर जोन-4 के जोनल अधिकारी संजीव कुमार, अवर अभियंता आदर्श निराला रहे।
चेकिंग में 313 बेटिकट यात्रियों से वसूला 221530 रुपये का जुर्माना
कैंट स्टेशन पर गुरुवार को किलाबंदी टिकट चेकिंग में 313 बेटिकट यात्रियों से 221530 रुपये का जुर्माना वसूला गया। सीनियर डीसीएम कुलदीप तिवारी के आदेश और स्टेशन निदेशक अर्पित गुप्ता के नेतृत्व में कैंट स्टेशन के नए एफओबी पर सुबह 8 से शाम 4 बजे तक चेकिंग हुई। मुख्य टिकट निरीक्षक (इंचार्ज) जनार्दन सिंह, मुख्य टिकट निरीक्षक बीबी सिंह, संजय कुमार सिंह, प्रवीन कुमार, राजेश कुमार तिवारी, राजहंस रहे। उधर, चेकिंग को देख जनरल काउंटर और एटीवीएम पर यात्रियों की संख्या बढ़ गई।
पिता-पुत्री समेत तीन के खिलाफ रंगदारी का मुकदमा दर्ज
पिता-पुत्री समेत तीन के खिलाफ मंडुवाडीह थाने में रंगदारी, धमकी समेत अन्य आरोपों में बुधवार रात मुकदमा दर्ज किया गया है।आरोपियों के खिलाफ पहले से भी मुकदमे दर्ज हैं। आजमगढ़ के रसूलपुर शेखूपुर निवासी मनीष पांडेय ने पुलिस को बताया कि वह लहरतारा में रहते हैं। जंसा के खरगूपुर निवासी अर्चना मिश्रा ने अलग-अलग तारीख पर उनसे 2.75 लाख रुपये उधार लिए। वापस मांगने पर आनाकानी की, फिर जान से मारने की धमकी दी।
कोर्ट के आदेश पर अर्चना और उसके पिता शीतला प्रसाद मिश्रा पर धोखाधड़ी समेत अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज किया गया। जिसके बाद दोनों समझौते के लिए दबाव बनाने लगे। 25 जून को किसी भानू प्रताप मिश्रा ने फोन पर दोनों का नाम लेकर धमकी दी और दो लाख रुपये की रंगदारी मांगी। गोली मारने की धमकी का पूरा साक्ष्य ऑडियो में है। मंडुवाडीह इंस्पेक्टर अजय राज ने बताया कि पिता-पुत्री समेत तीन के खिलाफ रंगदारी का केस दर्ज किया गया है।