फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Varanasi News Today Laborer hangs himself to death CP issues task to police station in-charges

Varanasi News Today: मजदूर ने फंदे पर लटक कर दी जान, सीपी का थानेदारों को टास्क; पढ़ें अन्य खबरें

Tue, 23 Sep 2025 05:56 AM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: अमन विश्वकर्मा Updated Tue, 23 Sep 2025 05:56 AM IST
सार

Varanasi News: वाराणसी में एक मजदूर ने फंदा लगा लिया। उसके परिजनों में कोहराम मच गया था। वहीं, सीपी मोहित अग्रवाल ने देर रात अपने कैंप कार्यालय में मातहतों के साथ बैठक की। आइए जानते हैं अन्य खबरें...

विज्ञापन
Varanasi News Today Laborer hangs himself to death CP issues task to police station in-charges
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

Varanasi News in Hindi: मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के लहरतारा में सोमवार सुबह 10.30 बजे सुरेंद्र उर्फ चोखा (32) ने फंदे पर लटक कर जान दे दी। कमरे के अंदर से शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। फॉरेंसिक टीम ने भी छानबीन की है। पुलिस के अनुसार, खुदकुशी के कारणों का पता नहीं चल पाया है। मंडुवाडीह थाना प्रभारी निरीक्षक अजय राज ने बताया कि लहरतारा के नई बस्ती निवासी सुरेंद्र उर्फ चोखा कमरे में पंखे की कुंडी में गमछे के सहारे लटका हुआ था। अविवाहित सुरेंद्र मजदूरी करता था।

विज्ञापन


पुलिस आयुक्त का थानेदारों को टास्क, प्रत्येक थाना हर सप्ताह करें गुडवर्क
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने सोमवार की रात कैंप कार्यालय पर मासिक अपराध समीक्षा बैठक की। उन्होंने जनशिकायतों और लंबित विवेचनाओं के त्वरित व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण, निस्तारण बाद प्राप्त फीडबैक पर ध्यान देने और प्रत्येक थाने द्वारा प्रति सप्ताह एक गुडवर्क करने के निर्देश दिए। महिला सशक्तिकरण (मिशन शक्ति 5.0) के तहत महिला संबंधी अपराधों पर जीरो टॉलरेंस नीति अपनाने, असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कार्यवाही और हेल्पलाइन नंबरों के माध्यम से जनजागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया।
विज्ञापन


त्योहार सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए नियमित गश्त, सीसीटीवी मॉनिटरिंग और अन्य सुरक्षा उपाय लागू करने, बिना नंबर व संदिग्ध वाहनों पर विशेष निगरानी और अतिक्रमण हटाकर यातायात व्यवस्था सुचारु करने पर बल दिया गया। साथ ही ऑटो, ई-रिक्शा आदि को निर्धारित लाइन में खड़ा कराने और संवेदनशील क्षेत्रों में फुट पेट्रोलिंग कर जनता से संवाद स्थापित करने के निर्देश दिए। 
विज्ञापन
विज्ञापन


पुलिसकर्मियों को जनता से शालीनता व संवेदनशीलता के साथ व्यवहार करने के लिए भी निर्देशित किया। बैठक में अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय शिवहरी मीणा, अपर पुलिस आयुक्त अपराध राजेश कुमार सिंह आदि रहे।

संदिग्ध हाल में युवक की मौत
चौबेपुर थाना क्षेत्र के गौराउपरवार गांव में विश्वकर्मा पूजा के दौरान संदिग्ध हाल में घायल मुलायम 28 वर्ष की उपचार के दौरान सोमवार को मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। प्रभारी निरीक्षक अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि मुलायम की मौत ब्रेन स्ट्रोक, उच्च रक्तचाप के चलते हुई है, जो मृत्यु प्रमाण पत्र में दिया गया। परिजन मारपीट के मामले में मौत कह रहे हैं।

Varanasi News Today Laborer hangs himself to death CP issues task to police station in-charges
कार के पास माैजूद भीड़। - फोटो : अमर उजाला

रविंद्रपुरी में अनियंत्रित कार ने 6 लोगों को मारी टक्कर, चालक की पिटाई
भेलूपुर थाना क्षेत्र के रविंद्रपुरी में सोमवार की शाम अनियंत्रित वेन्यू कार ने छह लोगों को टक्कर मारी। इस दौरान कार रविंद्रपुरी पुलिया के पास एक दुकान में टकरा गई। संजोग अच्छा रहा कि दुकान पर उस समय कोई नहीं था। कार के अंदर चालक समेत चार युवक मौजूद थे। इस दौरान आक्रोशित भीड़ ने कार चालक समेत दो युवकों की पिटाई और कार में तोड़फोड़ की। भेलूपुर पुलिस ने चार युवकों हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

भेलूपुर इंस्पेक्टर सुधीर कुमार त्रिपाठी ने बताया कि कार सवार युवक लंका से रविंद्रपुरी पहुंचे थे। बिहार के पिरो निवासी अविनाश राय, सामनेघाट निवासी प्रिंस वर्मा और दो नाबालिग है। इसमें एक भाजपा नेता का बेटा भी है। अस्सी घाट स्थित एक होटल में 20 से 25 की संख्या में युवकों ने पार्टी किया। 

पार्टी खत्म होने के बाद कार चालक नगवा से ट्राॅमा सेंटर जाते समय ट्रामा सेंटर के समीप एक महिला को धक्का मार दिया। इसके बाद कार लेकर लंका से रविंद्रपुरी की तरफ भागने लगा गाड़ी की स्पीड अधिक होने के कारण अनियंत्रित कार ने राहगीरों को भी धक्का मार दिया। भीड़ ने पीछा किया तो कार रविंद्रपुरी पुल से नीचे उतरते समय एक मोटर गैराज के सामने टकरा गई। कार चालक समेत चार को हिरासत में लिया गया है। घायल राहगीरों के बारे में भी पता किया जा रहा है।

जमीन पर कब्जे को लेकर मारपीट, तीन का शांति भंग में चालान
पिंडरा बाजार में सोमवार की सुबह 10 बजे विवादित जमीन पर कब्जे को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। पुलिस ने दोनों पक्षों को हिरासत में लिया। एक पक्ष ने बड़ागांव थाने के हिस्ट्रीशीटर के इशारे पर पुलिस द्वारा कार्रवाई करने का आरोप लगाया है। तीन का शांति भंग में चालान किया गया।

फूलपुर थाना प्रभारी प्रवीण सिंह ने बताया कि पिंडरा बाजार निवासी कलाधर सेठ और निशा व मीना के बीच जमीन विवाद है और न्यायालय में मुकदमा चल रहा है। इसी बीच कलाधर सेठ द्वारा सिविल कोर्ट से एक आदेश कब्जा करने का लेकर मौके पर अपने समर्थकों के साथ पहुंच गए। निशा व मीना के साथ बाजार के लोगों ने विरोध किया तो मारपीट हो गई। इससे बाजार में यातायात बाधित हुआ। पुलिस ने दोनों पक्ष को थाने लेकर लाई। एसडीएम पिंडरा से संपर्क किया गया। 

कागजात और आदेश के बाद कुछ आगे कहने के लिए कहा, इस पर दोनों पक्ष को छोड़ा गया। वहीं, महिला की तरफ से बचाव में आये तीन लोगों को शांति भंग की धारा में चालान किया गया। इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार सिंह ने हिस्ट्रीशीटर के उपस्थिति को नकारते हुए कहा कि कोर्ट के आदेश पर एक पक्ष गया तो बाजार के लोग मामले को तूल दे रहे थे। पुलिस ने केवल शांति व्यवस्था स्थापित की है।

कोर्ट के आदेश पर तालाब के भीटे पर अवैध निर्माण तोड़े गए
कपसेठी थाना क्षेत्र के कालिका बाजार में कोर्ट के आदेश पर तहसील प्रशासन राजातालाब ने सोमवार को फोर्स कीमौजूदी में तालाब के भीटे पर अवैध कब्जा हटवाया। बुलडोजर से तालाब के भीटे पर अवैध मकान निर्माण को ध्वस्त किया गया। नायब तहसीलदार सेवापुरी अपनी राजस्व टीम व पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचकर बुलडोजर की कार्रवाई शुरू की। अधिकारियों ने चिन्हित मकान में रहने वाले परिजनों को सामान बाहर निकालने का आदेश दिया। लगभग तीन घंटे चली बुलडोजर की कार्रवाई में सिर्फ दो लोगों का पुराना बाउंड्री वाल गिराया गया।

मजदा पार्किंग चालू करने की अब तक नहीं मिली अनुमति
मजदा पार्किंग बंद होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पिछले दिनों एक महिला से विवाद के बाद मजदा की अवैध पार्किंग बंद कराई गई थी। पार्किंग चलाने वाले ने नगर निगम में आवेदन किया है, लेकिन अनुमति नहीं मिली है। इस चक्कर में दूरदराज से आने वाले लोगों को पीडीआर मॉल में गाड़ी पार्क करनी पड़ती है। 

राजस्व के अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच चल रही है। आवेदन देने से पहले सभी प्रकार की जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। वाहन स्टैंड कमेटी की बैठक में ट्रैफिक पुलिस ने रिपोर्ट मांगी थी कि मजदा पार्किंग वैध या अवैध। इस पर नगर निगम ने रिपोर्ट भेजी थी कि यह पार्किंग अवैध है। जिस आधार पर ट्रैफिक पुलिस ने मजदा पार्किंग बंद कराई थी। 

शॉर्ट सर्किट से दुकान में लगी आग
चौबेपुर थाना क्षेत्र के रुस्तमपुर के पुनवासी पटेल के कटरे की तीन दुकानों में रविवार रात शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। गिफ्ट कॉर्नर, शू हाऊस और ब्यूटी पार्लर के 10 लाख के सामान जलकर नष्ट हो गए। पुनवासी पटेल ने पुलिस को बताया कि रात 10.30 बजे बगल के दुकानदार ने दुकान में आग की जानकारी दी। साथ ही फायर ब्रिगेड और पुलिस को सूचना दी गई। ग्रामीणों ने किसी तरह आग बुझाई। वायरिंग में शॉर्ट सर्किट से आग लगी है।

हिस्ट्रीशीटर को गोली मारने वाले दो आरोपी पुलिस की पकड़ से दूर
चौबेपुर के बभनपुरा में हिस्ट्रीशीटर को गोली मारने के आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार अंकित सिंह को जेल भेज दिया गया। अभी भी दो आरोपी नीरज यादव और निखिल सिंह वांछित हैं। इंस्पेक्टर अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि दोनों की गिरफ्तारी को लेकर दबिश दी जा रही है। 

दुष्कर्म के प्रयास में केस दर्ज
सारनाथ थाना क्षेत्र में युवती के साथ दुष्कर्म के प्रयास में रविवार को मुकदमा दर्ज किया गया। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि शनिवार सुबह 8.30 बजे समान लेने बाजार जाते समय क्षेत्र के युवक ने हाथ पकड़ा और अपने घर में खींचने लगा। शोर मचाने पर लोग इकट्ठा हुए तो वह भाग गया। इसके पहले बाढ़ के पानी से मकान डूब गया था। पानी खत्म होने के बाद सफाई करते समय भी आरोपी ने अश्लील हरकत की थी। थाना प्रभारी विवेक कुमार त्रिपाठी ने बताया कि पैगंबरपुर के पिंटू मंडल उर्फ मिंटू के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। 

जानलेवा हमला के मामले में मुकदमा दर्ज
जानलेवा हमले और धमकी के मामले में नामजद आरोपी वरुण सिंह के खिलाफ रविवार रात थाने में केस दर्ज किया गया। थाना क्षेत्र के तुलसी विहार कॉलोनी निवासी विनोद कुमार ने पुलिस को बताया कि 21 सितंबर की रात 9.40 पर शोरूम से घर लौट रहे थे। रास्ते में पड़ोसी वरुण सिंह ने रंजिश को लेकर जानलेवा हमला किया। बाइक को क्षतिग्रस्त भी कर दिया। थाना प्रभारी जगदीश कुशवाहा ने बताया कि आरोपी की तलाश की जा रही है।

सड़क हादसे में घायल कंटेनर परिचालक की मौत, मुकदमा
चौबेपुर के संदहां गांव के पास 18 अगस्त की रात एक ढाबे पर खड़े कंटेनर में टक्कर से घायल परिचालक टिंकू की उपचार के दौरान मौत हो गई। एटा के मीसा कलां अवागढ़ निवासी टिंकू के परिजनों ने चौबेपुर थाने में रविवार को केस दर्ज कराया। थाना प्रभारी अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि परिजनों ने टिंकू को आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया था। 25 अगस्त को इलाज के दौरान टिंकू ने दम तोड़ दिया था। पत्नी की तहरीर पर अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

मिड डे मील के अनाज की चोरी के आरोप में युवक को पकड़ा
सारनाथ थाना क्षेत्र के सिंहपुर स्थित संकटमोचन इंटर कॉलेज में सोमवार सुबह मिड-डे-मील के अनाज की चोरी के आरोप में युवक को विद्यालय प्रबंधक ने पकड़ा और पुलिस को सौंपा। मौके से चार बोरी गेहूं व चावल मिले। कॉलेज में मिड डे मील के लिए रसोई में अनाज रखा था। 

सुबह एक युवक खिड़की की जाली तोड़ कर अंदर घुसा और दो बोरी गेहूं व दो बोरी चावल ठेले पर लाद कर जाते समय प्रबंधक संकट मोचन शुक्ला ने उसे पकड़ा। थाना प्रभारी विवेक कुमार त्रिपाठी ने बताया कि आरोपी युवक बलिया के रसड़ा थाना क्षेत्र के शोरा गांव का शिवांश चौबे है। वह सिंहपुर में किराये पर रहता है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।

बहन ने दो भाइयों पर 70 लाख की धोखाधड़ी का केस दर्ज कराया
बहन की शिकायत पर दो भाइयों पर 70 लाख रुपये की धोखाधड़ी का केस चितईपुर थाने में रविवार रात दर्ज किया गया। आस्था सिंह ने पुलिस को बताया कि वह अपने पति व बच्चों के साथ चितईपुर थाना क्षेत्र के नेवादा में रहती हैं। 

भाई अभिषेक और सौरभ यादव घर की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने पर पिता की मौत के बाद कर्ज चुकाने और शादी करने के लिए 70 लाख लिए थे। दोनों पैसा लौटाने में टालमटोल कर रहे हैं। फोन करने पर गालीगलौज और धमकी दे रहे हैं। 25 अप्रैल को गाजीपुर के सैदपुर, विक्रमपुर स्थित डदवल गांव पहुंची। दोनों भाइयों ने उसकी पिटाई की। चितईपुर इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार ने बताया कि मुकदमा दर्ज किया गया है। 

अपर पुलिस आयुक्त ने यातायात व्यवस्था का किया निरीक्षण
नवरात्र को लेकर शहर के यातायात व्यवस्था का अपर पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था शिवहरी मीणा ने सोमवार को निरीक्षण किया। मंडुवाडीह चौराहा से भिखारीपुर, सुंदरपुर, नगवां तिराहा, मालवीय चौराहा होते हुए भेलूपुर तक मंदिरों, भीड़भाड़ वाले स्थलों और संवेदनशील स्थानों का हाल जाना। 

मंडुवाडीह चौराहा पर पुलिस बल की तैनाती, बैरिकेडिंग और सीसीटीवी निगरानी की समीक्षा की। भिखारीपुर में भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में श्रद्धालुओं की आवाजाही के लिए अतिरिक्त पुलिस बल और पैदल गश्त का निरीक्षण किया गया। सुंदरपुर-वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों में सुरक्षा उपायों की समीक्षा की। महिला पुलिस कर्मियों की विशेष तैनाती पर जोर दिया गया। 

Varanasi News Today Laborer hangs himself to death CP issues task to police station in-charges
वाराणसी विकास प्राधिकरण। - फोटो : अमर उजाला

बिल्डर मोहम्मद रिजवान पर एफआईआर, तीन अवैध निर्माण सील
भेलूपुर थाना क्षेत्र में सोमवार को तीन अवैध निर्माण सील कर बिल्डर मोहम्मद रिजवान पर एफआईआर दर्ज की गई है। वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग ने बताया कि तीनों स्थलों पर बार-बार सील तोड़कर चोरी-छिपे निर्माण कराया जा रहा था। पुष्टि होने पर जोन-4 के जोनल अधिकारी संजीव कुमार और अवर अभियंता सोनू कुमार की तहरीर पर केस हुआ है।

शिवाला में नोटिस देने के बाद भी भवन स्वामी अनवर जमाल अवैध निर्माण करवा रहे थे। निर्माण कार्य रोकने के लिए स्थल को सील किया गया, फिर भी सील तोड़कर चोरी-छिपे काम कराया जा रहा था। अनधिकृत निर्माण होने पर स्थल को पुनः सील किया गया। गौरीगंज होटल डायमंड के पास भवन स्वामी आशीष जायसवाल के यहां अवैध निर्माण हो रहा था। बिना मानचित्र स्वीकृति लगभग 199.37 वर्गमीटर क्षेत्र में निर्माण किया गया। 

सुनवाई में अनुपस्थित रहने के बाद भी चोरी-छिपे निर्माण किया गया। सील की कार्रवाई की गई थी। फिर भी पुनः अवैध निर्माण कराया गया। अनधिकृत निर्माण रोकने के लिए स्थल को सील कर दिया गया। देवरिया वीर, अंसार नगर में भवन स्वामी अब्दुल रब व अन्य के यहां अवैध निर्माण हो रहा था। बिना मानचित्र स्वीकृति 1500 वर्गफीट क्षेत्रफल में बेसमेंट और भूतल का निर्माण किया गया। जिसके बाद कार्रवाई की गई।

67 हजार रुपये साइबर ठगी में केस दर्ज
बिना ओटीपी और निकासी के बैंक खाते से 67 हजार रुपये की ठगी के मामले में सोमवार को चेतगंज थाने में केस दर्ज किया गया। सराय गोवर्धन निवासी आनंद शंकर प्रसाद ने पुलिस को बताया कि 26 जुलाई की रात बॉब एप पर बैलेंस चेक करने के लिए ओपन किया, लेकिन उस दिन खुला नहीं। गूगल पे पर बैलेंस चेक किया तो मालूम चला कि दो बार में 67 हजार रुपये निकल गए हैं। ट्रांजेक्शन हिस्ट्री में भी निकासी से संबंधित कोई रिकॉर्ड नहीं था। चेतगंज इंस्पेक्टर दिलीप कुमार मिश्रा ने बताया कि केस दर्ज किया गया है। 

कर्मचारी पर सोने का आभूषण लेकर भागने का आरोप, केस दर्ज
चौक थाना के ठठेरी बाजार में सराफा दुकान के कर्मचारी की ओर से 201 ग्राम के आभूषण लेकर भागने के मामले में सोमवार को मुकदमा दर्ज किया गया। पीड़ित सिद्धार्थ नस्कर ने पुलिस को बताया कि दुकान पर काम करने वाला बंगाल निवासी मंडल आभूषण लेकर भाग निकला। आरोपी एक साल से काम कर रहा था। चौक इंस्पेक्टर विमल कुमार मिश्रा ने बताया कि केस दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही है। 

कैग ऑडिट अफसर की पत्नी से चेन छिनैती, केस दर्ज
सिगरा थाना क्षेत्र के सनबीम लहरतारा के पास बाइक सवार बदमाशों ने सुबह की सैर पर निकली कंचन शुक्ला की चेन छीन ली। गुजरात के बड़ौदा में कैग ऑडिट अफसर विकास कुमार शुक्ला की पत्नी कंचन ने सोमवार को सिगरा थाने में केस दर्ज कराया।

छित्तूपुर के हरीनगर कॉलोनी निवासी कंचन शुक्ला ने पुलिस को बताया कि 21 सितंबर को सुबह टहलने निकली। सनबीम स्कूल के पहले चाय की दुकान के पास बाइक सवार दो युवकों ने धक्का देकर गले से चेन छीन ली। आसपास लगे सीसी कैमरे में घटना कैद है। सिगरा इंस्पेक्टर संजय कुमार मिश्रा ने बताया कि आसपास के सीसी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। ब्यूरो

फायनेंस कंपनी के कर्मचारी पर 1.89 लाख रुपये हड़पने का केस दर्ज
एलएंडटी फाइनेंस कंपनी में कलेक्शन के 1.89 लाख रुपये हड़पने के मामले में कलेक्शन एग्जिक्यूटिव विशाल सिंह के खिलाफ कोर्ट के आदेश पर सोमवार को सिगरा थाने में केस दर्ज किया गया। अरिहंत कॉम्पलेक्स में कंपनी के एसीएम ध्रुव ने मुकदमा दर्ज कराया। इंस्पेक्टर संजय कुमार मिश्रा ने बताया कि आरोपी विशाल सिंह चंदौली के सकलडीहा के भट्ठी का निवासी है। मामले की जांच की जा रही है। 

Varanasi News Today Laborer hangs himself to death CP issues task to police station in-charges
उमस भरी गर्मी। - फोटो : अमर उजाला

22 दिन बाद शहर का पारा 36 डिग्री तक पहुंचा
जिले में करीब 22 दिनों के बाद तापमान 35 डिग्री को पारकर 36 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। पूरे सितंबर में इतना ज्यादा पारा कभी नहीं गया था। यह सामान्य से भी तीन डिग्री ऊपर रहा। दिन भर तीखी धूप और लौटते बादलों से उमस रहा। वहीं न्यूनतम तापमान भी सामान्य से एक डिग्री ऊपर 26.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 

वहीं, बाबतपुर एयरपोर्ट का पारा प्रदेश में पांचवें स्थान पर 25 डिग्री सेल्सियस तक रहा। बनारस में मानसून से अब तक 913.8 मिमी बारिश हुई जो कि सामान्य के 717 मिमी से 17 फीसदी ज्यादा है। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से बारिश का कोई अलर्ट नहीं दिया गया है लेकिन यूपी आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. अतुल कुमार सिंह के मुताबिक बनारस समेत पूर्वांचल भर में अगले 2 से 4 दिनों तक बूंदाबांदी की उम्मीद है। 

एक नवंबर से होगा मतदाता सूची का पुनरीक्षण
पांच स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों लखनऊ, मेरठ, आगरा, वाराणसी और इलाहाबाद-झांसी और 6 शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों लखनऊ, मेरठ, आगरा, वाराणसी, बरेली-मुरादाबाद और गोरखपुर-फैजाबाद से निर्वाचित वर्तमान सदस्यों का कार्यकाल दिनांक सात दिसंबर, 2025 को खत्म हो रहा है। इन 05 स्नातक और 06 शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों का निर्वाचन वर्ष 2026 में संपन्न होना है। उत्तर प्रदेश विधान परिषद में 08 सदस्य स्नातक निर्वाचन क्षेत्र और 8 सदस्य शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से निर्वाचित होते हैं। 

वाराणसी स्नातक/शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में बलिया, गाजीपुर, जौनपुर, वाराणसी, चंदौली, भदोही, मिर्जापुर और सोनभद्र जिले शामिल हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने निर्देश जारी कर कहा कि निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावली की पुनरीक्षण की प्रक्रिया इसी साल एक नवंबर से शुरू होगी। स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावली में नाम शामिल कराने के लिए ऑनलाइन पोर्टल की व्यवस्था की जा रही है।

नवरात्र में काशी से विंध्याचल के लिए रोडवेज ने चलाईं 50 और बसें
नवरात्र पर मां विंध्यवासिनी के दर्शन के लिए उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़ को देख यूपी रोडवेज की ओर से विंध्यधाम के लिए 50 स्पेशल बसें चलाई गई हैं। क्षेत्रीय प्रबंधक परशुराम पांडेय ने बताया कि सामान्य दिनों में काशी से विंध्याचल धाम के बीच 15 बसें चलती हैं। नवरात्र में यात्रियों की संख्या कई गुना बढ़ जाती है। 

निगम ने बसों की संख्या बढ़ाकर 65 कर दी है। श्रद्धालुओं को बस के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। हर एक घंटे पर बसें मिलेंगी। ताकि श्रद्धालु आसानी से मां के दरबार पहुंच सके। यात्रियों की जानकारी के लिए हर बस स्टैंड पर विशेष काउंटर बनाए जा रहे हैं। क्षेत्रीय प्रबंधक ने बताया कि दो दिन में श्रद्धालुओं की संख्या में काफी बढ़ोतरी दिखी है।

छावनी परिषद और साई सेंटर के खिलाड़ियों ने चलाई साइकिल
भारतीय खेल प्राधिकरण बीएचयू, बनारसगिरी, पर्यटन विभाग और कैंटोनमेंट बोर्ड की ओर से साइकिल रैली निकाली गई। साई सेंटर की ओर से आयोजित जागरूकता रैली कैंटोनमेंट परिषद के चौराहे से शुरू होकर नदेसर वरूणा पुल से होते हुए कचहरी से वापस छावनी क्षेत्र पहुंचकर संपन्न हुई। इस मौके पर कैंटोनमेंट बोर्ड के सीईओ सत्यम मोहन, साई वाराणसी प्रभारी जेएस द्विवेदी, संयुक्त निदेशक पर्यटन दिनेश सिंह मौजूद रहे।

वार्षिक शृंगार में वैदिक अनुष्ठान और भंडारे में उमड़ी भीड़
श्री सहोदर बीर बाबा मंदिर अस्सी में सोमवार को वार्षिक शृंगार महोत्सव धूमधाम से मनाया गया। सुबह वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना और हवन का आयोजन हुआ। मंदिर को फूलों की मालाओं, विद्युत झालरों और आकर्षक सजावट से सजाया गया। सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ दर्शन के लिए लगी हुई थी। दिन भर चले धार्मिक अनुष्ठानों के बाद शाम को भक्ति और लोक संस्कृति का संगम देखने को मिला। 

एक ओर जहां बिरहा गायन ने वातावरण को भक्तिमय कर दिया। वहीं, दूसरी ओर कुश्ती दंगल ने लोगों में उत्साह भर दिया। देर शाम भक्तों के लिए भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य का लाभ उठाया। आयोजनकर्ताओं में प्रमुख रूप से राम निवास चौहान, अरविंद सिंह, कल्लू भाई, दीपक गौड़, हनुमान जायसवाल, नरेश राय, विकास और प्रकाश चौहान शामिल रहे।

अग्रसेन महाराज ने राष्ट्र निर्माण में किया सहयोग
मारवाड़ी समाज के अग्रज अग्रसेन महाराज की जयंती मारवाड़ी समाज की ओर से लक्सा स्थित मारवाड़ी समाज भवन में मनाई गई। संस्था के संरक्षक मंडल के अध्यक्ष रमेश कुमार चौधरी, उपाध्यक्ष उमाशंकर अग्रवाल, संस्था के अध्यक्ष प्रदीप तुलस्यान, प्रधानमंत्री मनोज जाजोदिया ने दीप जलाकर कार्यक्रम की शुरुआत की। 

संरक्षक आरके चौधरी ने बताया कि अग्रसेन महाराज ने राष्ट्र निर्माण में हमेशा सहयोग किया है। राजस्थान के सभी मारवाड़ी वंशज को आगे बढ़ाने में इनका बहुत बड़ा योगदान रहा है। अध्यक्ष प्रदीप तुलस्यान व प्रधानमंत्री मनोज जाजोदिया ने बताया कि अग्रसेन जयंती पर 28 सितंबर को उच्च शिक्षा प्राप्त करने वालों को सम्मानित किया जाएगा।

नगर निगम ने चलाया शैलपुत्री मंदिर के आसपास स्वच्छोत्सव कार्यक्रम
नगर निगम की आईईसी टीम की ओर से सोमवार को नवरात्र के पहले दिन शैलपुत्री मंदिर के आसपास के दो किलोमीटर के क्षेत्र में स्वच्छता के प्रति वृहद स्वच्छता जनजागरूकता अभियान चलाया गया। यह अभियान स्वच्छता ही सेवा के तहत स्वच्छोत्सव कार्यक्रम के तहत चलाया गया। आईईसी एक्सपर्ट सरिता तिवारी के नेतृत्व में टीम ने शैलपुत्री मंदिर के आसपास सफाई की। 

क्षेत्रीय दुकानदारों, घरों में व्यक्तिगत रूप से जाकर प्लास्टिक का इस्तेमाल न करने की अपील की। दूसरी अपर नगर आयुक्त सविता यादव के नेतृत्व में डाॅक्यूमेंट मैनेजर प्रीति सिंह और उनकी टीम ने दशाश्वमेध क्षेत्र में स्वच्छोत्सव जनजागरूकता अभियान चलाया। नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने सभी भवन स्वामियों एवं दुकानदारों से अपील की है कि वे अपने घरों में गीला कूड़ा, सूखा कूड़ा अलग-अलग डस्टबिन में रखें।

विमान : 75 फीसदी सीटें बुक, महानगरों से आने के लिए दोगुना कीमत
नवरात्रि, दीपावली और दशहरे पर फ्लाइट की टिकटों के दाम दो से तीन गुना बढ़ गए हैं। नवरात्र में सप्तमी, अष्टमी और नवमी पर महानगरों में रहने वालों को दोगुना दाम में टिकट खरीदने होंगे। एक से दूसरे शहरों में लोगों का आवागमन हो रहा है। सीटों की बुकिंग 75 फीसदी हो चुकी है।

सबसे अधिक भीड़ दिल्ली, मुंबई और बंगलूरू की फ्लाइट में है। दिल्ली से वाराणसी आने वाली फ्लाइट की टिकट सामान्य दिनों में तीन से 3500 रुपये के होते हैं। सप्तमी के बाद की टिकट की कीमत दोगुना ज्यादा है। सबसे महंगे टिकट मुंबई और बंगलूरू के हैं। इनकी कीमत 8000 से अधिक है।

पंडाल संचालकों से मुलाकात कर तीन दिन में दूर कराएं समस्याएं
दुर्गापूजा और दशहरा को लेकर नगर निगम की तैयारियों की समीक्षा सोमवार को मेयर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने स्मार्ट सिटी सभागार में की। सभी जोनल अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने जोन के सभी पूजा पंडाल के संचालकों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को तीन दिन में निस्तारण कराएं। 

मुख्य अभियंता को निर्देश दिए कि सभी स्थानों का निरीक्षण कर लें। यदि कहीं भी सड़क निर्माण या पैचवर्क की आवश्यकता हो तो उसे तत्काल ठीक कराया जाए। मेयर ने नगर स्वास्थ्य अधिकारी से सभी पंडालों एवं नवदुर्गा मंदिरों के आस-पास लगातार सफाई कराई कराने और चूने-ब्लीचिंग पाउडर, कीटनाशक दवाओं का छिड़काव कराने को कहा। 

जलकल के महाप्रबंधक को पूजा पंडालों के आसपास सीवर ओवरफ्लो की शिकायत को समाधान करने के निर्देश दिए। मेयर ने क्विक रिस्पांस टीम को सक्रिय करने के निर्देश दिए। टीम दशाश्वमेध जोन में चौबीस घंटे शिफ्टवार कैंप करेगी।

नवागत बीएसए अनुराग श्रीवास्तव ने ग्रहण किया पदभार
जिले के नवागत बीएसए अनुराग श्रीवास्तव ने सोमवार को काशी विश्वनाथ और कालभैरव मंदिर में दर्शन पूजन के बाद पदभार ग्रहण किया। उन्होंने बताया कि बेसिक शिक्षा विभाग की श्रेणी में जिले को प्रदेश में पहले स्थान पर बरकरार रखना ही प्राथमिकता रहेगी। अनुराग श्रीवास्तव मूल रूप से प्रयागराज के रहने वाले हैं। उनकी इंटर तक की पढ़ाई जवाहर नवोदय विद्यालय से हुई।

इसके बाद प्राचीन इतिहास से स्नातक की शिक्षा ग्रहण की। साल 2022 में उन्हें फतेहपुर में एडीआईओएस के रूप में पहली तैनाती मिली। इसके बाद 2023 में प्रयागराज में सहायक उप शिक्षा निदेशक विज्ञान के तौर पर तैनात रहे। यहां के बाद उन्हें वाराणसी के बेसिक शिक्षा अधिकारी की जिम्मेदारी दी गई है।

25 सितंबर तक गंगा में नौका संचालन पर रहेगी रोक
गंगा में नौका संचालन पर 25 सितंबर तक रोक रहेगी। सोमवार को डीसीपी क्राइम व जल पुलिस के नोडल अधिकारी सरवणन टी ने बताया कि नौका संचालन 23 सितंबर से शुरू होना था। 72 दिनों से बंद नौका संचालन की बहाली को लेकर नाविक समाज में खुशी थी, लेकिन अनुमति नहीं मिली।

सोमवार शाम डीसीपी क्राइम ने अस्सी से नमो घाट तक निरीक्षण किया। पाया कि मौजूदा समय में किसी भी घाट पर यात्रियों को बैठाने, उतारने और प्रकाश की समुचित व्यवस्था नहीं है। डीसीपी ने बताया कि 25 सितंबर को एक बार फिर से निरीक्षण किया जाएगा। इसके बाद ही संचालन की तिथि घोषित की जाएगी।

53 दिनों की बाढ़ के बाद शुरू हुआ प्रभाती राग
बाढ़ के बाद अस्सी घाट पर सुबह-ए-बनारस का मंच पुनः प्रभाती राग से गुंजायमान हो उठा। युवा कलाकार लवली शर्मा का गायन हुआ। सोमवार को प्रभाती राग में गायन का आरंभ राग विभास में मध्य विलंबित में निबद्ध रचना चिड़िया चूहचूहानि... के साथ हुआ। द्रुत त्रिताल में निबद्ध बंदिश जागहुं लाल जाय बलि मैया... के बाद गायन का समापन तीन देवी भजनों जय दुर्गे दुर्गति परिहारिणी, हाथन में खड्ग लिए और जगत जननी जय अंबिके... से किया। तबले पर वेदांत सिंह एवं हारमोनियम पर हर्षित उपाध्याय ने संगत की। कलाकार को प्रमाणपत्र सुबह-ए-बनारस के संस्थापक सचिव डॉ. रत्नेश वर्मा ने दिया। संचालन डॉ. प्रेम नारायण ने किया।

प्रो. भारती विद्यापीठ में पर्यटन अध्ययन संस्थान की नई निदेशक
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में समाजशास्त्र विभाग की प्रो. भारती रस्तोगी ने सोमवार को विश्वविद्यालय के पर्यटन अध्ययन संस्थान के निदेशक का पदभार ग्रहण किया। संस्थान की असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. ज्योतिमा ने नवनियुक्त निदेशक का स्वागत किया। इस दौरान प्रोफेसरों और अधिकारियों ने प्रो. भारती का स्वागत किया। इस संस्थान में पर्यटन पर चलने वाले कोर्स और कार्यक्रम उन्हीं के अंतर्गत होंगे।

व्यापारियों ने आतिशबाजी कर जताई खुशी
नगर उद्योग व्यापार मंडल की ओर से सिगरा स्थित बाल गंगाधर तिलक की प्रतिमा स्थल पर व्यापारियों ने जीएसटी में राहत पर आतिशबाजी कर खुशी जताई। उन्होंने केंद्र सरकार को धन्यवाद जताया। एक दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी। मंडल अध्यक्ष संजीव सिंह बिल्लू ने कहा कि सरकार का यह निर्णय व्यापारियों और आम जनता दोनों के लिए ऐतिहासिक साबित होगा। उन्होंने लंबे समय से लंबित व्यापारी आयोग की मांग पर भी केंद्र का ध्यान आकर्षित कराया। 

इस दौरान मंडल के संरक्षक अशोक अग्रहरि, मदन मोहन कपिल, राजेश त्रिवेदी, राकेश मिड्ढा, शोभनाथ मौर्य, विनोद सिंह, मनोज दुबे, संजय बनर्जी और यादवेंद्र सिंह शामिल रहे। इस कार्यक्रम में चितईपुर व्यापार मंडल, वाराणसी टेंट एसोसिएशन, सिगरा-महमूरगंज व्यापार मंडल समेत कई संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे। 

बीएचयू में पीएचडी सीट में गड़बड़ी का आरोप लगा वीसी से की मुलाकात
बीएचयू में पीएचडी प्रवेश प्रक्रिया में सीट निर्धारण में गड़बड़ी का आरोप लगाकर छात्रों ने विरोध प्रदर्शन किया। बीएचयू बहुजन और ओबीसी, एससी, एसटी, अल्पसंख्यक संघर्ष समिति के प्रतिनिधि सेंट्रल ऑफिस में पहुंचकर कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी से मुलाकात की। लंबी चर्चा की ज्ञापन पत्र सौंपा और गड़बड़ी को सुधारने की मांग रखी।

छात्रों के अनुसार कुलपति ने आश्वासन दिया कि पीएचडी प्रवेश प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी नहीं होने दी जाएगी। सभी कार्य नियमानुसार सम्पन्न होंगे। छात्रों के प्रतिनिधियों में संघर्ष समिति अध्यक्ष परमदीप पटेल, उपाध्यक्ष अजय कुमार भारती और रविशंकर सिंह पटेल, सूर्य मणि गौतम, आदित्य यादव, अंकेश कुमार मौर्य सहित कई विद्यार्थी और शोधार्थी मौजूद रहे।

काशी विश्वनाथ धाम में दिव्या के भजनों से सजी शाम
शारदीय नवरात्रि के प्रथम दिवस पर श्री काशी विश्वनाथ धाम में भजन संध्या का आयोजन हुआ। मंदिर प्रांगण स्थित शिवार्चनम मंच पर भजन संध्या दिव्या के भजनों से सजी। दिव्या दुबे ने सह कलाकारों संग शिव के धाम में शक्ति के भजन प्रस्तुत किए। प्रस्तुति के दौरान भक्तों ने हर हर महादेव और जय मां दुर्गा के जयघोष से वातावरण को भक्तिमय किया।

बीएचयू के कृषि विज्ञान को मिला रिसर्च एक्सीलेंस अवाॅर्ड
बीएचयू के कृषि विज्ञान संस्थान को डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन की अग्रणी कंपनी क्लैरीवेट की ओर से प्रतिष्ठित इंडिया रिसर्च एक्सीलेंस साइटेशन अवाॅर्ड दिया गया। सोमवार को शताब्दी कृषि प्रेक्षागृह में प्रोफेसर, कर्मचारी और शोधार्थी शामिल हुए। इस दौरान शीर्ष दो फीसदी वैज्ञानिकों में स्थान बनाने वाले प्रोफेसरों को निदेशक प्रो. यूपी सिंह ने सम्मानित किया। 

निदेशक प्रो. सिंह ने कहा कि ये संस्थान की सामूहिक मेहनत का परिणाम है। आईक्यूएसी सेल के अध्यक्ष प्रो. पी. द्विवेदी ने बताया कि यह सफलता संस्थान की दूरदर्शिता और समर्पण का प्रमाण है। ऐसे प्रयास जारी रहेंगे। इस दौरान प्रो. एसके सिंह, प्रो. अमिताभ रक्षित और प्रशासनिक अधिकारी डॉ. पुष्यमित्र द्विवेदी आदि मौजूद रहे। 

राजकीय बाल गृह में हुई चित्रकला प्रतियोगिता
राजकीय बाल गृह (बालक) रामनगर में प्राणायाम और ध्यान अभ्यास का सोमवार को शिविर आयोजित किया गया। इसमें चित्रकला प्रतियोगिता हुई। प्रभारी अध्यक्ष सौरभ मौर्य ने बताया कि बच्चों को फल, मिठाई एवं उपहार आदि बांटा गया। साथ ही बच्चों के रोचक अध्यन के लिए अमर चित्र कथाओं की 50 पुस्तकें और म्यूजिक सीखने के लिए दो गिटार भी दिया गया।

श्री दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर खरगूपुर में शुरू हुई रामलीला
खरगूपुर स्थित श्री दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर के प्रांगण में प्राचीन रामलीला समिति की ओर से रामलीला का शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर पूरा इलाका भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा। कार्यकम का आरंभ सबसे पहले परंपरागत मुकुट पूजा के साथ हुआ। समिति के सदस्यों और क्षेत्र के गणमान्य व्यक्तियों ने पूरे विधि-विधान के साथ भगवान श्री राम, माता सीता, लक्ष्मण और हनुमान जी के मुकुट का पूजन किया। मुकुट पूजा के सफल समापन के बाद रामलीला का विधिवत शुभारंभ हुआ। मंच पर कलाकारों ने अपनी अद्भुत कला का प्रदर्शन करते हुए भगवान श्रीराम के जीवन से जुड़ी लीलाओं को जीवंत कर दिया।

छतरीपुर में देवी जागरण, मां के भजनों पर झूमे भक्त
शारदीय नवरात्र की प्रतिपदा पर छतरीपुर में पटेल समाज के लोगों ने सोमवार को जागरण का आयोजन किया। कार्यक्रम में विधायक रोहनिया सुनील पटेल भी पहुंचे और माता के जागरण आयोजन के लिए हर्ष जताया और क्षेत्र के विकास के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया।

भजन गायक विक्की तिवारी छोटा पागल तथा मनीष लाल यादव ने माता के भजनों से समां बांध दिया। इसके अलावा भजन गायिका सोना मिश्रा ने माता के दरबार में एक से बढ़कर एक सुंदर भजनों की प्रस्तुति दी। इस दौरान अरुण सिंह मोनू, अमित पटेल, प्रकाश पटेल, डॉ.राजेश, पूर्व प्रधान संजय पटेल, पूर्व प्रधान राजरूप, पुजारी मूरत बाबा, आयुष वर्मा, सचिन पटेल ने सहयोग किया।

चित्रकला प्रतियोगिता में वैष्णवी प्रजापति और विभा पटेल विजेता
सेवा पखवाड़ा-2025 के तहत सोमवार को पीएम श्री राजकीय क्वींस इंटर कॉलेज के विवेकानंद सभागार में जिला स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता हुई। इसमें विकसित भारत की थीम पर प्रतिभागियों ने चित्रकला बनाईं। प्रतियोगिता में जूनियर वर्ग में वैष्णवी प्रजापति और सीनियर वर्ग में विभा पटेल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। 

मुख्य अतिथि संयुक्त शिक्षा निदेशक वाराणसी मंडल डॉ. दिनेश सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य विकसित भारत आत्मनिर्भर भारत एवं डिजिटल भारत की संकल्पना को रचनात्मक रूप में सामने लाना था। उन्होंने कहा कि चित्रकला के माध्यम से विकसित भारत की थीम को इन युवा छात्र-छात्राओं द्वारा रचनात्मक रूप से प्रस्तुत करना एक सराहनीय प्रयास है। 

अति विशिष्ट अतिथि सदस्य माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन आयोग डॉ. हरेंद्र राय ने कहा जन-जन में सर्व प्रथम राष्ट्र भावना का होना अनिवार्य है। इस भावना के साथ ही राष्ट्र का सच्चा विकास संभव है। वीडीए के सदस्य अंबरीष सिंह भोला ने कहा कि विकास की सुंदर परिकल्पनाएं चित्रों के माध्यम से प्रस्तुत करना एक रचनात्मक प्रयास है। विद्यालय के प्रधानाचार्य सुमित कुमार श्रीवास्तव ने अतिथियों का स्वागत किया। इस प्रतियोगिता में निर्णायक मंडल में प्रो. मंजुला चतुर्वेदी, डॉ. मदन गुप्ता, असिस्टेंट प्रो. डॉ. सुचिता शर्मा रहे।

संपूर्णानंद को मिले नए कुलसचिव, विद्यापीठ के दो उप कुलसचिव का प्रमोशन
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के दो उप कुलसचिव को प्रमोशन देकर दूसरे विवि में कुलसचिव और परीक्षा नियंत्रक बनाया गया है। वहीं, संपूर्णानंद संस्कृत विवि को नया परीक्षा नियंत्रक मिला है। काशी विद्यापीठ के उप कुलसचिव हरीशचंद्र को बरेली स्थित महात्मा ज्योतिबा फुले रूहेलखंड विश्वविद्यालय का कुलसचिव नियुक्त किया गया है। वहीं, उप कुलसचिव आनंद कुमार मौर्य को आजमगढ़ के महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय का परीक्षा नियंत्रक बनाया गया। 

मुरादाबाद के गुरु जंभेश्वर विवि के उप कुलसचिव दिनेश कुमार को संपूर्णानंद संस्कृत विवि में परीक्षा नियंत्रक नियुक्त किया गया। महाराजा सुहेलदेव विवि के उप कुलसचिव केशलाल को जौनपुर स्थित वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विवि का कुलसचिव नियुक्त किया गया है। पूर्वांचल विवि के उप कुलसचिव अमृतलाल को गुरु जंभेश्वर विवि का परीक्षा नियंत्रक बनाया गया है। 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed