फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Varanasi News today Hearing on Gyanvapi monitoring application fraud in KYC update

News: ज्ञानवापी की निगरानी अर्जी पर हुई सुनवाई, केवाईसी अपडेट के बहाने ठगी; पढ़ें वाराणसी की खास खबरें

Fri, 16 May 2025 12:41 PM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: अमन विश्वकर्मा Updated Fri, 16 May 2025 12:41 PM IST
सार

UP News: वाराणसी में ज्ञानवापी की अर्जी को लेकर अदालत में सुनवाई हुई। अब इस मामले में अगली सुनवाई 19 मई को होगी। वहीं, बैंक में केवाईसी अपडेट के बहाने युवक से 119999 रुपये की ठगी हो गई। आइए जानते हैं अन्य खबरें...

विज्ञापन
Varanasi News today Hearing on Gyanvapi monitoring application fraud in KYC update
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

Varanasi News Today: अपर जिला जज चौदहवां पूनम पाठक की कोर्ट में ज्ञानवापी प्रकरण में मुख्तार अंसारी को पक्षकार बनाने के लिए निगरानी अर्जी पर सुनवाई हुई। कोर्ट में निगरानीकर्ता की ओर से बहस शुरू की गई है। इस मामले में अगली सुनवाई 19 मई को होगी। 

विज्ञापन


पक्षकार बनाने संबंधित मुख्तार अंसारी की अर्जी दो मई को सिविल जज सीनियर डिविजन फास्ट ट्रैक की अदालत ने खारिज कर दी थी। इस आदेश के खिलाफ मुख्तार अंसारी ने जिला जज की कोर्ट में निगरानी अर्जी दाखिल की है। निगरानी अर्जी में कहा गया कि लोअर कोर्ट ने सरसरी तौर से और क्षेत्राधिकारी के बाहर विधिक अनुरूप नहीं सुनने हुए निगरानीकर्ता की अर्जी खारिज कर दी। 
विज्ञापन


दौलतपुर उपकेंद्र से दो घंटे कटेगी बिजली
लोक निर्माण विभाग की ओर से पांडेयपुर से आजमगढ़ रिंग रोड मार्ग पर सड़क चौड़ीकरण की वजह से पोल, ट्रांसफाॅर्मर हटाए जाएंगे। इसको देखते हुए शुक्रवार को कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। अधिशासी अभियंता वीरेंद्र सिंह ने बताया कि दौलतपुर उपकेंद्र से भक्तिनगर फीडर से सुबह 11 बजे से दोपहर एक बजे बिजली कटौती की जाएगी। इस उपकेंद्र से दो घंटे का शटडाउनर लिया जाएगा। इस कारण अकथा गांव, भक्तिनगर, बजरंग नगर, संजय नगर आदि इलाकों में बिजली आपूर्ति दो घंटे तक आपूर्ति बाधित रहेगी। 

विज्ञापन
विज्ञापन

बीएचयू की जूनियर डॉक्टर को बेस्ट पेपर अवॉर्ड
आईएमएस बीएचयू के क्षेत्रीय नेत्र संस्थान की टीम ने मसूरी में काॅन्फ्रेंस में बेहतर प्रदर्शन किया है। जूनियर डॉक्टर प्रेरणा को बेस्ट पेपर अवॉर्ड मिला। डॉ. प्रेरणा ने मसूरी के रॉयल ऑर्किड रिसॉर्ट में दो दिवसीय अखिल भारतीय ऑक्युलोप्लास्टिक संगठन के मिड टर्म काॅन्फ्रेंस में नेत्ररोग विभाग के अध्यक्ष प्रो. आरपी मौर्य के नेत्र कैंसर पर किए शोध को प्रस्तुत किया। उन्हें ई-पोस्टर के लिए द्वितीय सर्वश्रेष्ठ पुरस्कार मिला। काॅन्फ्रेंस में प्रो. आरपी मौर्य ने चुनौतीपूर्ण ऑकुलो-फेशियल चोट  विषय पर व्याख्यान दिया। काॅन्फ्रेंस में जूनियर रेजिडेंट डॉ. मानश रिभु ने ऑर्बिटल ट्यूबरक्लोसिस पर रिपोर्ट प्रस्तुत की। 

नजर उतारने के बहाने आभूषण लेकर भागे
शिवपुर थाना क्षेत्र के कोईरान चमाव में नजर उतारने के बहाने महिला का आभूषण लेकर जालसाज भाग निकले। पुलिस ने छानबीन की। आसपास के सीसी कैमरे खंगाले। कोईरान चमाव निवासी राजू पटेल ने पुलिस को बताया कि दोपहर 2 बजे दो बाइक से तीन युवक और एक किन्नर पहुंचे। घर पर मां और भाभी थी।

लाल मिर्च और चावल लेकर तीनों ने भाभी की नजर उतारने के लिए सिर पर घुमाया फिर चेन और मंगलसूत्र दोनों उतरवाया। मां और भाभी विरोध करती रहीं लेकिन सभी दो बाइक पर सवार होकर भाग निकले। थाना प्रभारी राजू कुमार ने बताया कि मौके पर पहुंच छानबीन की गई है।

संदिग्ध हालत में युवक की माैत
रोहनिया के लउहर धामौर सुल्तानपुर निवासी अमित कश्यप (24) पुत्र राधेश्याम दरेखू मे ग्लास का गोदाम है। जहां पर वह मजदूरी करता और रात में वही पर सो जाता था। सुबह भुल्लनपुर निवासी मालिक संजय शुक्ला पहुंचे तो देखा अमित बाहर गिरा पड़ा था। आवाज देने पर कोई हरकत नहीं हुई। तब उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर घर वालों को सूचना दे दी। आंशका जताई जा रही है कि शराब पीने के बाद लघुशंका के लिए उठा और गिर गया होगा। मृतक अविवाहित था। पांच भाइयों मे चौथे नंबर पर था।

बिजली चोरी में नौ उपभोक्ताओं पर मुकदमा
बिजली चोरी को लेकर चलाए जा रहे अभियान के तहत अलग-अलग जगहों पर नौ लोगों पर चोरी का मुकदमा करवाया गया। इसमें 11 केवी लमही फीडर के तहत 85 उपभोक्ताओं की जांच की गई। इसमें 4 उपभोक्ताओं के खिलाफ बिजली चोरी का मुकदमा दर्ज किया गया। मिर्जामुराद के गौर ग्राम में चेकिंग अभियान चलाकर 285 उपभोक्ताओं के कनेक्शन की जांच की गई। इस दौरान 3 लाख 65 हजार रुपये जमा करवाए गए। पांच उपभोक्ताओं पर बिजली चोरी में मुकदमा दर्ज करवाया गया।

कैफे में तोड़फोड़ और संचालक को पीटा
लंका थाना क्षेत्र के नरिया में डिस्को कैफे में मनबढ़ों ने तोड़फोड़ करते हुए संचालक की पिटाई कर दी। मौके से दो हमलावरों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। लंका थाना क्षेत्र के रोहित नगर निवासी राजेश कुमार ने पुलिस को बताया कि उनका बनारस स्वीट हाउस के पीछे कैफे है। भुल्लनपुर मंडुवाडीह का रहने वाला कौशल पंडित अपने 20 साथियों के साथ कैफे हाउस पहुंचा। बेटे निखिल कुमार की पिटाई के साथ ही कैफे में तोड़फोड़ की। लंका इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि मुकदमा दर्ज करते हुए दो युवकों को हिरासत में लिया गया है। 

व्हाट्सएप पर आपत्तिजनक फोटो से परिवार परेशान
सारनाथ थाना क्षेत्र की रहने वाली महिला ने व्हाट्सएप पर अनजान नंबर से आपत्तिजनक फोटो और मैसेज भेजे जाने का आरोप लगाया। पुलिस ने केस दर्ज किया है। महिला रेलवे में और पति स्टेट जीएसटी विभाग में तैनात हैं। सारनाथ थानाध्यक्ष ने बताया की मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।

केवाईसी अपडेट के बहाने ठगी
बैंक में केवाईसी अपडेट के बहाने युवक से 119999 रुपये की ठगी हो गई। परशुरामपुर भगवती नगर कालोनी के गंगा सागर उपाध्याय ने पुलिस को बताया कि मोबाइल पर संजय जोशी नाम के एक व्यक्ति का फोन आया। लिंक खोलते ही मोबाइल हैंग हो गया। पेट्रोल पंप पर ईंधन लेने पहुंचा तो मालूम चला कि खाते से 119999 रुपये निकाल लिए गए। पुलिस ने केस दर्ज किया है।

बदमाशों ने दरोगा समेत 3 लोगों से छीने मोबाइल 
मिर्जामुराद क्षेत्र में बुधवार की देर शाम बदमाशों ने एक घंटे के अंदर दरोगा समेत चार लोगों का मोबाइल छीना। पीड़ितों ने थाने में तहरीर दी है। मिर्जामुराद के डंगहरिया गांव के सामने बदमाशों ने छतेरी गांव निवासी अरुण तिवारी और अभिषेक श्रीवास्तव का मोबाइल छीना। रूपापुर (मिर्जामुराद) ओवरब्रिज पर प्रयागराज में तैनात दरोगा अश्वनी मौर्या मोबाइल बदमाशों ने छीन लिए। 

तालाब को कब्जामुक्त कराने के लिए सौंपा ज्ञापन
पंचक्रोशी परिक्रमा मार्ग स्थित ऐतिहासिक महत्व के शिवपुर तालाब को अवैध कब्जे से मुक्त कराने के लिए स्थानीय लोगों ने डीएम को ज्ञापन सौंपा। पूर्व पार्षद डॉ. जितेंद्र सेठ के नेतृत्व में स्थानीय लोग जिला मुख्यालय पहुंचे। उन्होंने शिवपुर तालाब के मामले में कार्रवाई न करने पर रोष प्रकट किया। जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार से मुलाकात कर उन्हें पूरी जानकारी दी। जिलाधिकारी ने नगर आयुक्त को आवश्यक कार्रवाई के लिए पत्र भेजने के निर्देश दिए। 

Varanasi News today Hearing on Gyanvapi monitoring application fraud in KYC update
नगर निगम वाराणसी। - फोटो : अमर उजाला

नगर निगम कार्यकारिणी की बैठक कल
नगर निगम कार्यकारिणी की बैठक शनिवार को 12 बजे होगी। मेयर अशोक कुमार तिवारी की अध्यक्षता में कई बिंदुओं पर चर्चा की गई। इसमें गृहकर, सीवरकर और जलकर का एकीकृत बिल जारी करने पर विचार विमर्श होगा। इसके अलावा एसटीपी और डब्ल्यूडी के रखरखाव व संचालन के अलावा कुत्तों के बंध्याकरण पर चर्चा की जाएगी। पार्किंग स्थान के अलावा बिरला अस्पताल को लीज पर जमीन देने पर विचार होगा।

दिव्यांगों ने डीएम को सौंपा ज्ञापन 
दिव्यांग विश्वेष सिंह, आनंद पटेल, सुनील कुमार, अजित विश्वकर्मा, कैलाश चौहान, विनोद पटेल और रामदुलार ने डीएम सत्येंद्र कुमार से मुलाकात की। उन्हें अपनी समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा। डीएम ने समस्याओं के निस्तारण का आश्वासन दिया। 

तकनीकी प्रशिक्षण के लिए 24 तक करें आवेदन
कम्बाइन हार्वेस्टर मैकेनिकों के तकनीकी प्रशिक्षण के लिए आवेदन शुरू हो गया है। उप निदेशक कृषि अमित जायसवाल ने बताया कि 35 दिवसीय प्रशिक्षण राज्य स्तरीय फार्म मशीनरी प्रशिक्षण एवं परीक्षण संस्थान रहमानखेड़ा लखनऊ में दिया जाएगा। इसके लिए 24 मई तक आवेदन लिए जाएंगे। आवेदक को आवेदन पत्र के अनुसार अभिलेखों/ प्रमाणपत्र की छायाप्रति और तीन फोटो संलग्न कर उप कृषि निदेशक, वाराणसी कार्यालय कलेक्ट्री फार्म चांदपुर में जमा करना होगा।

आदर्श पुस्तकालय की बैठक 18 मई को
श्री खोजवां आदर्श पुस्तकालय के साधारण सभा की बैठक एवं द्विवार्षिक चुनाव 18 मई को होगा। पुस्तकालय भवन में 10 बजे से बैठक होगी। यह जानकारी प्रबंध समिति के अध्यक्ष अशोक चौरसिया एवं महामंत्री सरोज कुमार जायसवाल ने दी है। 

अपना घर आश्रम के दूसरे आश्रम के लिए जिले में तलाशी जा रही जगह
अपना घर आश्रम अब सामने घाट के बाद जिले में एक और आश्रम खोलने जा रहा है। इसके लिए संस्थापक डॉ. के निरंजन ने कुछ दिन पहले मुख्यमंत्री से मुलाकात कर जमीन उपलब्ध कराने का निवेदन किया था। वहीं उसके बाद रामनगर में जमीन या भवन खोजने की कवायद शुरू हो गई है। सामने घाट पर स्थित अपना घर आश्रम में 526 से अधिक लोग रहते है। जबकि यहां पर 400 लोगों के रहने की व्यवस्था है।

डॉ. के निरंजन ने बताया कि हम लोगों ने मुख्यमंत्री से मिलकर अपनी परेशानी बताई। इसके बाद मुख्यमंत्री ने जल्द जमीन या भवन देने पर विचार करने को कहा। उन्होंने बताया कि हम  ऐसे ट्रस्ट की भी तलाश कर रहे हंै, जिनके साथ मिलकर काम किया जा सके। हम लोगों के पास स्थान कम होने की वजह से यहां लोगों को रखने में परेशानी हो रही है। सबसे ज्यादा परेशानी लोगों को सोने में होती है। आश्रम में रोज 2 से 3 लोग आते हैं। 

गंगापुर में होगी 23 मई से श्रीमद्भागवत कथा
नगर पंचायत गंगापुर स्थित रजिस्ट्री ऑफिस के पास गंगेश्वर महादेव पर सात दिवसीय संगीतमयी श्रीमद्भागवत कथा और ज्ञान यज्ञ कार्यक्रम का आयोजन 23 से 29 मई तक किया गया है। आयोजक बब्बू सिंह ने बताया कि 23 मई को सुबह महिलाएं भव्य कलश यात्रा निकालेंगी। श्रीधाम वृंदावन के कथावाचक पंडित विष्णु दत्त उपाध्याय प्रवचन देंगे। प्रवचन शाम 7 बजे से 10 बजे तक होगा। 

बीएचयू के पास कैफेबिलिटी कैफे का शुभारंभ
बीएचयू मुख्य द्वार के पास गंगा बाग कॉलोनी में दिव्यांग छात्रों द्वारा संचालित कैफेबिलिटी कैफे की शुरुआत की गई है। कैफेबिलिटी कैफे राज्य पुरस्कार प्राप्त सामाजिक संस्था है। मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु नागपाल, ज्योतिषाचार्य प्रो. चंद्रमौलि उपाध्याय समेत कई सामाजिक संस्थाओं के लोगों ने फीता काटकर कैफे का शुभारंभ किया। सीडीओ हिमांशु नागपाल ने कहा कि दिव्यांगों को रोजगार देना आज की बड़ी चुनौती है। राज्य सलाहकार बोर्ड के सदस्य डॉ. उत्तम ओझा, डॉ. संजय चौरसिया, सजी जोसफ, राजेश पांडेय, रितु पटेल, प्रतीक, बबीता, दीपक आदि मौजूद रहे। 

जवानों ने चलाया पर्यावरण साक्षरता अभियान
नमामि गंगा गंगा विचार मंच महानगर और 137 सीईटीएफ 39 जीआर गंगा टास्क फोर्स की ओर से बृहस्पतिवार को पर्यावरण साक्षरता अभियान चलाया गया। कोनिया स्थित विद्यालय में गंगा टास्क फोर्स का नेतृत्व कर रहे सूबेदार देवेंद्र बसनेट ने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि अपने जन्मदिन व माता-पिता के वैवाहिक वर्षगांठ पर कम से कम एक पौधे लगाने व संरक्षण करने का लक्ष्य तय करें। जिला संयोजक शिवम अग्रहरि ने आह्वान किया कि हर विद्यार्थी गर्मी की छुट्टी में एक पौधे लगाकर उसकी देखभाल करे। इस दौरान सूबेदार देवेंद्र बसनेट, सूबेदार जगदीश चंद, शिवम अग्रहरि, जय विश्वकर्मा, सुमन तमांग, शिखा दास आदि मौजूद रहीं। 

हमारी सांस्कृतिक-आध्यात्मिक पहचान है गंगा
श्री देवी मंदिर परिसर कुकुढ़ा में गंगा टास्क फोर्स की ओर से पर्यावरण जन जागरूकता संगोष्ठी हुई। मुख्य अतिथि कर्नल अनूप कुमार ओझा ने कहा कि गंगा केवल एक नदी नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक है। इसे स्वच्छ और संरक्षित रखना हमारी जिम्मेदारी है। गोरखपुर विश्वविद्यालय से सेवानिवृत्त प्रो. धर्म व्रत तिवारी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है। गंगा टास्क फोर्स की बटालियन के सूबेदार देवेंद्र बरनीथ, जगदीश चंद्र, हवलदार दया सिंह, विजय थापा आदि कुकुढ़ा, छितौनी सहित अन्य गांवों में कटान से बचाव के लिए पौधरोपण कर रहे हैं। 

आदर्श गांव नागेपुर में किशोरी समर कैंप शुरू
लोक समिति और आशा ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में आदर्श गांव नागेपुर में किशोरियों को स्वावलंबी बनाने के लिए समर कैंप की शुरुआत हुई। यूनियन बैंक के शाखा प्रबंधक रविंद्र कुमार,  संयोजक नंदलाल मास्टर, प्रशिक्षक पूनम ने दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया।

नंदलाल मास्टर ने बताया कि कैंप में कंप्यूटर, इंग्लिश स्पीकिंग, ब्यूटीशियन, अचार-मुरब्बा, स्कूटी ड्राइविंग, हैंडीक्राफ्ट्स, संगीत, डांस, ज्वैलरी जैसे कोर्स के साथ-साथ मार्शल आर्ट और कानून की जानकारी भी दी जाएगी। कैंप 15 जून तक चलेगा। इस दौरान अनीता, पंचमुखी, मधुबाला, सुनील, सीमा मौजूद रहे। 

संघर्षशील पत्रकारिता के पर्याय थे के. विक्रम राव
आईएफडबल्यूजे के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. के. विक्रम राव का जीवन संघर्षशील पत्रकारिता, सिद्धांतनिष्ठ विचारों और निर्भीक लेखनी का पर्याय रहा है। सामाजिक मुद्दों पर विक्रम राव विलक्षण टिप्पणियां लिखते थे। ये विचार काशी पत्रकार संघ के पराड़कर स्मृति भवन में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में पत्रकारों ने व्यक्त किए। इस अवसर पर काशी पत्रकार संघ के अध्यक्ष डॉ. अत्रि भारद्वाज, सुनील शुक्ला, योगेंद्र नारायण शर्मा, योगेश कुमार गुप्त, सुभाष चंद्र सिंह, कैलाश यादव, विनय शंकर सिंह, संयुक्त मंत्री देव कुमार केशरी, डॉ. जयप्रकाश श्रीवास्तव ने श्रद्धासुमन अर्पित किए। संचालन अखिलेश मिश्र ने किया। 

राजेंद्र गुप्त को अर्पित की श्रद्धांजलि
उत्तर प्रदेश भोजपुरी संघ की ओर से मैदागिन स्थित कार्यालय में शोक सभा हुई। संस्था के प्रांतीय उपसचिव राजेंद्र गुप्त के असामयिक निधन पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। विश्व भोजपुरी संघ के महासचिव डॉ. अपूर्व नारायण तिवारी ने कहा कि भैयाजी बनारसी के ज्येष्ठ पुत्र राजेंद्र गुप्त भैयाजी बनारसी स्मृति न्यास के अध्यक्ष होने के साथ एक कवि भी थे।

उनका निधन हमारी एक व्यक्तिगत क्षति है और काशी की साहित्यिक परंपरा को एक बड़ा आघात है। इस दौरान रामगोपाल सराफ, शिवशंकर सिंह, शंभू नाथ पांडेय, पं. राधिका रंजन त्रिपाठी, सुशील पांडेय, डॉ. दिनेश सिंह, डॉ. हिमांशु, काशीनाथ तिवारी आदि मौजूद रहे। 

नीमा माई का हुआ शृंगार, श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
औरंगाबाद पुराना पानदरीबा स्थित प्राचीन नीमा माई मंदिर का वार्षिक शृंगार हुआ। माता की झांकी के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। मंदिर परिसर में आकर्षक सजावट की गई थी। भंडारे में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। भजन संध्या में कलाकारों ने भजन से मां का शृंगार किया। 

किसानों को दिए जाएंगे चार उन्नत प्रजाति के बीज
खरीफ फसलों की बोआई शुरू हो गई है। इसके लिए धान की नर्सरी तैयार करने के लिए किसानों को उन्नत बीज दिए जाएंगे। कृषि विभाग चार प्रजातियों के बीज किसानों को अनुदान पर देगा। जिला कृषि अधिकारी संगम सिंह मौर्य ने बताया कि सियाट्स-4, सियाट्स-1,  एचयूआर-917 और तेलंगाना सोना दिए जाएंगे। इनमें एचयूआर का बीज आ चुका है। इसको सभी राजकीय बीज भंडार केंद्रों पर इसका वितरण भी शुरू हो गया है। इन बीजों पर 50 फीसदी अनुदान दिया जाएगा।

कैंट विधायक को बताईं समस्याएं
सोनिया वार्ड में कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने क्षेत्रवासियों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। क्षेत्रीय लोगों ने पेयजलापूर्ति, जलनिकासी, जर्जर गलियां और सफाई व्यवस्था की बदहाली की समस्याएं बताईं। इसे दूर कराने का आश्वासन दिया। इस मौके पर राजेश कुशवाहा, राजेंद्र प्रसाद, सुधीर जायसवाल, मनीष मौर्या आदि शामिल रहे। 

डॉ. शालिनी बनीं गायनकोलाॅजिकल सोसाइटी की अध्यक्ष
वाराणसी ऑब्स्टेट्रिक्स एंड गायनकोलाॅजिकल सोसाइटी (वोग्स) में स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. शालिनी टंडन को अध्यक्ष और बीएचयू स्त्री रोग विभाग में डॉ. शुचि जैन को सचिव चुना गया है। डॉ. शालिनी टंडन ने बताया कि चुनाव में डाॅ. रुचि सिन्हा कोषाध्यक्ष बनी हैं। चुनाव अधिकारी डॉ. अनुराधा खन्ना, डाॅ. सुधा सिंह, डाॅ. नीलम ओहरी रहीं। डाॅ. शालिनी टंडन ने बताया कि समय-समय पर बैठक, जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करवाए जाने के साथ ही महिलाओं के लिए स्वास्थ्य जांच शिविर के भी आयोजन किए जाएंगे। 

प्राकृतिक खेती आत्मनिर्भरता की वैक्सीन
प्राकृतिक खेती को अपनाने से न सिर्फ मिट्टी की सेहत में सुधार होता है, बल्कि विषमुक्त खाद्यान्न का उत्पादन होता है। ये बातें आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रोद्योगिकी विश्वविद्यालय अयोध्या के प्रबंधकीय समिति के सदस्य शैलेंद्र कुमार रघुवंशी ने कहीं।

बुधवार को चोलापुर ब्लाॅक सभागार में आयोजित प्राकृतिक खेती पर आधारित प्रशिक्षण कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती किसानों की आत्मनिर्भरता की ऐसी वैक्सीन है जो किसानों को समृद्धशाली बनाने में सहायक है। उप कृषि निदेशक अमित जायसवाल ने किसानों को प्राकृतिक खेती की जानकारी दी। बीडीओ शिवनारायण सिंह, तकनीकी प्रबंधक देवमणि त्रिपाठी, सहायक विकास अधिकारी (कृषि) केशव प्रसाद यादव मौजूद रहे। 

किसानों को पौधे देकर लगाने के लिए प्रोत्साहित करें
डीएम सत्येंद्र कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला वृक्षारोपण समिति, जिला गंगा समिति की बैठक हुई। डीएम ने कहा कि सभी विभाग लक्ष्य के अनुसार स्थल चयन आदि की कार्ययोजना वन विभाग कार्यालय को उपलब्ध करा दें। कम्युनिटी प्लांटेशन के साथ हो किसानों को पौध देकर पौधरोपण के लिए प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। डीएम ने किसानों को खेत/मेढ़ों पर लगाने के लिए सीसम, सागौन जैसे पेड़ उपलब्ध कराने को कहा, जिससे उनको आर्थिक लाभ भी मिल सके। 

डीआरएम ने परखी सुरक्षा
संरक्षा, सुरक्षा व ट्रेन ऑपरेशन में सुधार के लिए डीआरएम विनीत कुमार श्रीवास्तव ने बृहस्पतिवार को वाराणसी-गोरखपुर रेल खंड के विकास कार्यों की समीक्षा और विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण किया। इस दौरान परिचालन में सुरक्षा, दोहरीकरण कार्य की प्रगति, यात्री सुविधा विकास कार्यों की प्रगति, साफ-सफाई, पेयजल की उपलब्धता की जांच की। 

जियो से एयरटेल में नंबर कराया पोर्ट, आधार पर एक्टिव तीन नंबर
जियो से सिमकार्ड एयरटेल में पोर्ट कराने पर युवक के आधार पर एक और अन्य नंबर बढ़ गया। युवक ने लालपुर-पांडेयपुर थाने में केस दर्ज कराया और उक्त नंबर को बंद कराने की गुहार लगाई है। पांडेयपुर नई बस्ती निवासी मेहताब खान ने पुलिस को बताया कि काली माता मंदिर मोड़ के पास दुकान से जियो का नंबर एयरटेल में पोर्ट कराया।

संचार सारथी वेबसाइट पर चेक किया तो मालूम चला कि मेरे आधार पर कुल तीन नंबर एक्टिव हैं, जिसमें दो सिम तो मेरे प्रयोग में हैं लेकिन तीसरा मोबाइल नंबर नहीं है। ऐसी आशंका है कि इस नंबर से कोई अपराध न हो जाए। इसलिए उक्त नंबर को बंद करने समेत अन्य उचित कार्रवाई की जाए। लालपुर-पांडेयपुर थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार सिंह ने बताया कि इसकी जांच कराई जा रही है। 

ट्रेन के सामने कूदकर युवक ने दी जान
जंसा थाना क्षेत्र के सजोई गांव के कब्रिस्तान के पास बृहस्पतिवार की सुबह रेलवे ट्रैक पर ट्रेन के सामने कूदकर युवक ने जान दे दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लिया है। सुबह लगभग 7.30 बजे युवक वाराणसी-भदोही रेलवे ट्रैक पर पहुंचा और कुछ देर के बाद अचानक ट्रेन के आते ही ट्रैक पर कूद गया। पुलिस के अनुसार शव की शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है। घटनास्थल के पास से साइकिल बरामद हुई है। 

ट्रेन में महिला समेत तीन यात्रियों से छिनैती
काशी और व्यासनगर स्टेशन के बीच बृहस्पतिवार की अलसुबह स्पेशल ट्रेन में महिला समेत तीन यात्रियों से छिनैती हुई। महिला यात्री का पर्स और यात्री की सोने का चेन छीनकर बदमाश चलती ट्रेन से कूदकर भाग निकले। पर्स में सोने का कान का टप्स, चांदी की करधनी, 2000 रुपये थे। पीड़िता ने चेन पुलिंंग की और 139 पर शिकायत दर्ज कराई। 

मऊ के रहने वाले श्रीरामजी यादव अपनी मां के साथ स्पेशल ट्रेन से सफर कर रहे थे। उनकी माता का पर्स लेकर उचक्का फरार हो गया। उधर, स्लीपर कोच एस-7 में सफर करने वाले आजमगढ़ के गौरा निवासी राजकुमार सिंह ने 12 ग्राम सोने की चेन छिनैती की शिकायत कंट्रोल रूम में की। उधर, हावड़ा से देहरादून जाने वाली 12369 कुंभ एक्सप्रेस में यात्री ने छिनैती का आरोप लगाया है। जीआरपी इंस्पेक्टर हेमंत सिंह ने बताया कि कोई तहरीर नहीं मिली है। मामले की जांच की जा रही है।

30 से अधिक छात्राओं की हुई एनीमिया की जांच
भारत विकास परिषद वाराणसी शाखा की ओर से बृहस्पतिवार को खेदन लाल इंटर कॉलेज में आयोजित जांच शिविर में 30 से अधिक छात्राओं की एनीमिया की जांच की गई। जिन छात्राओं में खून की कमी मिली, उन्हें खानपान का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी गई। अध्यक्षता करते हुए गिरीश गुप्ता ने कहा कि एनीमिया मुक्त भारत अभियान के तहत महिलाओं-छात्राओं के स्वास्थ्य की जांच की जा रही है। कार्यक्रम में अनिल जायसवाल, संजय, संदीप सक्सेना, प्रदीप मेहरोत्रा, माया जायसवाल, श्यामजीत आदि मौजूद रहे। 

डिवाइन पब्लिक स्कूल के छात्रों का शानदार प्रदर्शन
सीबीएसई की दसवीं, बारहवीं की परीक्षा में डिवाइन सैनिक स्कूल के दोनों शाखाओं के छात्र-छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन किया। लहरतारा शाखा से दसवीं में वर्तिका यादव ने 97.6 प्रतिशत, छितौनी शाखा से सृष्टि सिंह ने 97.6 प्रतिशत के साथ पहला स्थान हासिल किया।

बारहवीं में लहरतारा शाखा से श्वेता गिरि 96.40, छितौनी शाखा से रिया कश्यप को 93.6 प्रतिशत अंक मिले। बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने 90 फीसदी से अधिक अंक पाकर विद्यालय का मान बढ़ाया है। चेयरमैन एसएन सिंह ने सफल विद्यार्थियों को बधाई देकर उज्जवल भविष्य की कामना की है।

वनिता पब्लिक स्कूल का परिणाम शत प्रतिशत 
वनिता पब्लिक स्कूल लहुराबीर में सीबीएसई दसवीं का परीक्षा परिणाम शत प्रतिशत रहा। प्रधानाचार्य संगीता तिवारी ने बताया कि छात्र कौस्तुभ दीक्षित ने 97.20 प्रतिशत अंक पाकर पहला स्थान हासिल किया। इसके बाद ईशिका सिंह ने 96.6 प्रतिशत के साथ दूसरे, मो. मिजान 95.6 के साथ तीसरे स्थान पर रहे। प्रधानाचार्य के साथ ही प्रबंधन से जुड़े लोगों ने सफल विद्यार्थियों को बधाई दी है।

महात्मा जेएफ पब्लिक स्कूल के छात्रों का उत्कृष्ट प्रदर्शन
महात्मा जे़  एफ पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने सीबीएसई बोर्ड परीक्षा (सत्र 2024-25) में शानदार प्रर्दशन किया। 12वीं में विद्याधर राय ने 96.6 प्रतिशत अंक पाकर मंडुआडीह कैंपस के विद्यालय टॉपर का खिताब जीता। 10वीं में कार्तिक जायसवाल ने 95.4 प्रतिशत के साथ प्रथम स्थान प्राप्त किया।

12वीं के अन्य टॉपर्स में काशिश 94.8%, आयुष कुमार मौर्य 93.1%, आदित्य मौर्य 93%, नंदिनी राजभर 92.8% रही। 10वीं में सृष्टि दुबे 94.4%, श्रेयश वर्मा 94 %, सत्यवत मिश्रा 93.8%, अक्षरा श्रीवास्तव 93.6%, और यश कुमार को 93% मिले। प्रबंधक मोतीलाल शास्त्री, कोऑर्डिनेटर कुंवर वीरेंद्र और प्रधानाचार्या रंजना सिंह ने बधाई दी। 

पांडेय कोचिंग के विद्यार्थियों का शानदार प्रदर्शन
सीबीएसई की दसवीं, बारहवीं परीक्षा में पांडेय कोचिंग सेंटर के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन किया। कोचिंग सेंटर के निदेशक मुकेश सिंह ने बताया कि जयश्री ने 97 प्रतिशत, यश कुमार, अर्चना ने 93 प्रतिशत जबकि खुशी कुमारी ने 94 प्रतिशत के साथ ही अमृता यादव, नवल कुमार ने अच्छे अंकों के साथ सफलता प्राप्त की। बताया कि कक्षा 2 से 12 तक की क्लास चल रही है। 

109 विद्यार्थियों ने छोड़ी सेमेस्टर परीक्षा
पॉलिटेक्निक की सेमेस्टर परीक्षाएं शुरू हो गई है। दो पालियों में अनुप्रयुक्त गणित-1, गणित-1, इंजीनियरिंग ड्राइंग-1 और ग्राफिक्स का पेपर हुआ। सुबह 740 के सापेक्ष 669 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 71 ने छोड़ दी। शाम में 301 के सापेक्ष 263 ने परीक्षा दी और 38 ने छोड़ी। राजकीय महिला पॉलिटेक्निक करौंदी के प्रधानाचार्य प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि नकल पर अंकुश लगाने के लिए प्राविधिक शिक्षा परिषद ने उड़न दस्ते का गठन किया है। प्रत्येक परीक्षा कक्ष सीसीटीवी की नजर में हैं। 

कैंपस प्लेंसमेंट में 112 अभ्यर्थियों का हुआ चयन
मुख्यमंत्री मिशन रोजगार योजना के तहत आईटीआई पास बेरोजगार युवाओं को रोजगार दिया जा रहा है। बृहस्पतिवार को राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान करौंदी में कैंपस प्लेसमेंट हुआ। जीएमआर वाराणसी ने टेक्नीशियन, हेल्पर, सुपरवाइजर और डाटा एंट्री ऑपरेटर के लिए 112 अभ्यर्थियों का चयन किया गया। कैंपस सेलेक्शन प्रभारी सुनील कुशवाहा ने बताया कि अभ्यर्थियों को 14000 से 18500 रुपये सैलरी दी जाएगी। 175 अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया। सभी को प्रधानाचार्य एमके सिंह ने अभ्यर्थियों को शुभकामना दी। 

जेएमएस इंग्लिश एकेडमी के छात्रों ने बढ़ाया मान 
दानगंज के जेएमएस इंग्लिश एकेडमी के छात्रों ने सीबीएसई परीक्षा में शानदार प्रदर्शन कर संस्था का मान बढ़ाया है। दसवीं में अनुष्का ने 88.20, वेदप्रकाश ने 88, राजवीर 85.20, लवली ने 83.80 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। बारहवीं में खुशी ने 84 प्रतिशत, अंश ने 79.6, अनुष्का ने 79.2, आयुषी ने 78.4 फीसदी अंक के साथ सफलता अर्जित की है। संस्थापक हवलदार यादव, अध्यक्ष जितेंद्र यादव, निदेशक मितेंद्र यादव, प्रबंध निदेशक सुभाष यादव और निदेशक प्रमिता यादव ने छात्रों को बधाई दी है। 

जागरण पब्लिक स्कूल के आशुतोष को पहला स्थान
वाराणसी। सीबीएसई की दसवीं परीक्षा में जागरण पब्लिक स्कूल दरेखू के छात्र-छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन किया है। इसमें आशुतोष कुमार शर्मा ने 96 प्रतिशत अंक पाकर पहला स्थान हासिल किया। वेदिका पांडेय ने 95 और श्रेयांश चतुर्वेदी ने 94 प्रतिशत अंक के साथ सफलता अर्जित की है। इसके साथ ही बड़ी संख्या में विद्यार्थियों को 90 प्रतिशत से अधिक अंक मिला है।

आर्मी तकनीकी प्रवेश योजना टीईएस 54 के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू
भारतीय सेना में स्थायी कमीशन के लिए तकनीकी प्रवेश योजना (टीईएस-54) के लिए आवेदन शुरू हो गया है। भौतिकी, रसायन विज्ञान और गणित के साथ इंटर में उत्तीर्ण और जेईई मेंस में उपस्थित होने वाले युवा आवेदन कर सकते हैं। इच्छुक उम्मीदवार 12 जून तक https://www.joinindianarmy.nic.in पर आवेदन कर सकते हैं।

उम्मीदवारों की आयु 16.5 वर्ष से 19.5 वर्ष के बीच होनी चाहिए। 90 सीटों पर नियुक्ति की जाएगी। सेना के अनुसार आवेदक को किसी भी यूपीएससी परीक्षा से वंचित नहीं किया जाना चाहिए, न ही उसे गिरफ्तार किया गया हो, किसी आपराधिक न्यायालय द्वारा दोषी ठहराया गया हो, या किसी लंबित मामले में कार्रवाई की गई हो। 

काशी विश्वनाथ धाम में लगा स्थायी जर्मन हैंगर
श्री काशी विश्वनाथ धाम में जेठ की दुपहरी में श्रद्धालुओं के पांव नहीं जलेंगे। मंदिर न्यास की ओर धाम में श्रद्धालुओं को गर्मी और धूप से बचाव के लिए स्थायी जर्मन हैंगर लगाया गया है। मंदिर कॉरिडोर परिसर में जर्मन हैंगर लगाए गए हैं। श्रद्धालुओं के पांव को जलने से बचाने के लिए जूट के मैट बिछाए गए हैं। 

गंगा द्वार के साथ ही धाम के सभी प्रवेश द्वार से नंगे पांव आने वाले श्रद्धालु मैट पर चलकर ही पहुंचेंगे। इसके साथ ही कॉरिडोर परिसर क्षेत्र में पानी की व्यवस्था, कूलर पंखे की व्यवस्था है। ओआरएस के घोल का भी बंदोबस्त किया गया है। गर्मी के कारण धाम में श्रद्धालुओं की सबसे अधिक भीड़ सुबह और शाम के बाद हो रही है। 

दिन चढ़ने से पहले तक श्रद्धालुओं की कतार धाम में लग रही है और दिन चढ़ने के साथ ही श्रद्धालुओं की संख्या कम हो जा रही है। गर्मी के बावजूद धाम में रोजाना एक से डेढ़ लाख श्रद्धालु बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। उधर, शहर के दूसरे मंदिरों में भी गर्मी को देखते हुए पानी और पंखों का इंतजाम किया गया है। 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed