फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Varanasi News Today Fight over TV remote in district jail FIR dead bodies found at two locations

Varanasi News Today: जिला कारागार में टीवी के रिमोट के लिए मारपीट, दो स्थानों पर मिली लाश; पढ़ें खबरें

Sat, 22 Nov 2025 06:02 AM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: अमन विश्वकर्मा Updated Sat, 22 Nov 2025 06:02 AM IST
सार

Varanasi News: वाराणसी के जिला कारागार में बंदियों के बीच मारपीट की सूचना मिलने के बाद उनके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। वहीं, दो स्थानों पर दो युवकों की लाश मिली है। पुलिस ने कब्जे में ले लिया। आइए जानते हैं अन्य खबरें...

विज्ञापन
Varanasi News Today Fight over TV remote in district jail FIR dead bodies found at two locations
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

Varanasi News in Hindi: जिला कारागार के बैरक 9 में बंद तीन बंदियों के बीच 27 अगस्त की रात टीवी के रिमोट को लेकर मारपीट के मामले में कोर्ट के आदेश पर लालपुर-पांडेयपुर थाने की पुलिस ने शुक्रवार को केस दर्ज किया है। तीन आरोपियों सुशील उपाध्याय, राजेश कुमार चौहान और शनि राजभर के खिलाफ मारपीट समेत अन्य आरोपों में प्राथमिकी दर्ज की गई है। जेलर सुरेश बहादुर सिंह ने बताया कि आरोपियों में भदोही के सुरियावा अबरना निवासी सुशील उपाध्याय, गाजीपुर के करीमुद्दीनपुर असावर निवासी राजेश कुमार चौहान और रोहनिया के गोविंदपुर निवासी शनि राजभर हैं।

विज्ञापन


रिटायर्ड अधिकारी को 39 लाख की साइबर धोखाधड़ी से बचाया
साइबर सेल और एचडीएफसी बैंक के प्रयास से रिटायर्ड अधिकारी को 39 लाख की साइबर धोखाधड़ी से बचाया गया। डीसीपी क्राइम सरवणन टी. ने बताया की आर्य महिला कॉलेज के एचडीएफसी बैंक में सेवानिवृत्त केंद्रीय सरकारी संस्थान के उच्च पदाधिकारी उपस्थित हुए। उन्होंने अपने बचत खाते से 39 लाख रुपये एक अन्य बैंक खाते में भेजने के लिए आवेदन फॉर्म जमा किया। 
विज्ञापन


बैंक कर्मचारी ने देखा कि वह घबराए हुए हैं और पहली बार था जब वो इतनी बड़ी राशि स्थानांतरित कर रहे थे। कर्मचारी ने राशि भेजने का कारण पूछा तो वरिष्ठ नागरिक संतोषजनक उत्तर नहीं दे सके। कर्मचारी ने उच्चाधिकारियों के माध्यम से साइबर सेल को सूचना दी। एसीपी साइबर क्राइम ने वीडियो कॉल से 45 मिनट तक उनसे बात की। विस्तृत रूप से समझाने के बाद उन्हें डिजिटल अरेस्ट ठगी से बाहर निकाला गया। सराहनीय कार्य करने वाली साइबर सेल टीम व बैंक कर्मियों को प्रशस्ति पत्र दिया गया।

विज्ञापन
विज्ञापन

पिस्टल में गोली नहीं भर सकीं आशापुर चौकी इंचार्ज, डीसीपी नाराज
डीसीपी वरुणा प्रमोद कुमार ने शुक्रवार शाम सारनाथ थाने का निरीक्षण किया। क्षेत्र के हिस्ट्रीशीटरों के नाम सूची में नहीं होने पर नाराजगी जताई। महिला हेल्प डेस्क पर महिलाओं से संबंधित रजिस्टर में मुकदमे के निस्तारण का रिकॉर्ड नहीं होने पर नाराजगी दिखाई। वादी का मोबाइल नंबर दर्ज न होने पर महिला हेल्प डेस्क प्रभारी को फटकार लगाई।

निरीक्षण के दौरान आशापुर चौकी इंचार्ज मीनू सिंह पिस्टल में गोली नहीं भर सकीं। इस पर भी नाराज दिखे। थाना परिसर, कार्यालय, मालखाना, हवालात, अभिलेख, सीसीटीएनएस कक्ष, बीट सूचना रजिस्टर सहित सभी महत्वपूर्ण व्यवस्थाओं की जांच की। परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था को दुरुस्त रखने पर जोर दिया। 

डीसीपी प्रमोद कुमार ने पुलिसकर्मियों को अनुशासन में कार्य करने और जनता के साथ संवेदनशील व्यवहार रखने के निर्देश दिए। बीट पुलिसिंग को मजबूत बनाने, अपराधियों की गिरफ्तारी में तेजी लाने और जनता से जुड़े मामलों में पारदर्शिता रखने पर विशेष जोर दिया। इस मौके पर नीतू कात्यान, सहायक पुलिस आयुक्त विदुष सक्सेना, थाना प्रभारी शिवानंद सिसोदिया मौजूद रहे।

अधूरे बाईपास पर मिला शव, हत्या की आशंका पर चक्का जाम
चोलापुर थाना क्षेत्र के कपिसा बाइपास पर मिट्टी के ढेर के पास सोनू गुप्ता (26) का शव बरामद हुआ। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाकर सड़क जाम कर दिया। पुलिस ने किसी तरह सभी को समझा कर शांत कराया। साथ ही शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मवैया निवासी सोनू अपनी बाइक से तगादा कर घर लौट रहा था। वाराणसी-आजमगढ़ मार्ग पर मिट्टी की ढेर के पास अचेतावस्था में सोनू के पड़े होने की सूचना राहगीरों ने पुलिस को दी। 

पुलिस ने सोनू को चोलापुर सामुदायिक अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने शव को लेकर चोलापुर में चक्का जाम कर दिया। परिजनों का आरोप है कि हादसा नहीं बल्कि किसी ने हत्या कर शव फेंका है। चोलापुर थाना प्रभारी योगेंद्र प्रसाद ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद कार्रवाई की जाएगी।

रोडवेज परिसर में मिला शव
सिगरा थाना क्षेत्र के कैंट रोडवेज बस स्टैंड परिसर में शुक्रवार को एक व्यक्ति का शव मिला। उत्तरी छोर पर शौचालय के चबूतरे पर वह अचेतावस्था में पड़ा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सिगरा इंस्पेक्टर संजय मिश्रा ने बताया कि व्यक्ति की शिनाख्त कराई जा रही है। 

मानव तस्करी में सात दोषी करार, 24 नवंबर को सुनाई जाएगी सजा
फास्ट ट्रैक (प्रथम) कुलदीप सिंह की अदालत ने शुक्रवार को मानव तस्करी के मामले में संतोष गुप्ता, मनीष जैन, महेश राणा, मुकेश पंडित, महेश राणा, शिखा और सुनीता देवी को दोषी करार दिया। साथ ही सजा सुनाने के लिए 24 नवंबर की तिथि तय कर दी।

अदालत ने साक्ष्यों के अभाव में नौ आरोपियों अनुराधा देवी, जगबीर बरनवाल, संगीता देवी, संतोष साव, गुड़िया देवी, यशोदा पंडित, शिवम गुप्ता, प्रवीण मोदनवाल, संजय गुप्ता व मदन मोदी को दोषमुक्त करार दिया है। दरअसल, लंका थाना क्षेत्र के सामनेघाट निवासी संजय की तहरीर पर भेलूपुर पुलिस ने 16 मई 2023 को प्राथमिकी दर्ज की थी। 

वादी संजय अपनी पत्नी और चार साल के बेटे के साथ रविंद्रपुरी कॉलोनी के पास सोया हुआ था। सुबह जब उठा तो बच्चा लापता था। विवेचना के दौरान भेलूपुर पुलिस ने संतोष गुप्ता को गिरफ्तार किया था। संतोष से पूछताछ के बाद पुलिस ने अन्य आरोपियों की गिरफ्तार किया।

इलाज के लिए आई महिला ने वार्ड बॉय पर लगाया दुष्कर्म का आरोप
दीनदयाल अस्पताल में इलाज के लिए आई महिला ने वार्डबॉय पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। महिला की ओर से सीएमएस से शिकायत की गई है। आरोप है कि पीड़िता ने कर्मचारी की प्रताड़ना से जहर खाकर आत्महत्या का भी प्रयास किया। जिसके बाद परिजनों ने महिला का उपचार कराया। मामले में महिला की शिकायत पर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आरएस राम ने चार सदस्यीय कमेटी गठित की। जिसने रिपोर्ट में वार्ड बॉय को दोषी पाते हुए उसका वेतन रोक दिया। 

वहीं, कर्मचारी भाग गया है। जांच कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर वार्ड बॉय सुनील तिवारी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के साथ मामले को उच्चाधिकारियों को भेज दिया गया है। महिला को पुलिस के पास जाकर प्राथमिकी दर्ज कराने को कहा गया है। आरोप है कि अस्पताल में वार्ड ब्वॉय ने महिला का आपत्तिजनक वीडियो बनाकर धमकी भी दी। सीएमएस डॉ. आरएस राम ने बताया कि दाेनों पक्षों से सवाल जवाब किया गया है। दोनों में से कोई भी संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। महिला साक्ष्य भी नहीं उपलब्ध करा पाई। उसे पुलिस को सूचित करने को कहा गया है।

प्रकाशन संस्थान के निदेशक के मामले में करें कार्रवाई
संपूर्णानंद संस्कृत विवि के प्रकाशन संस्थान के निदेशक की अधिवर्षिता आयु के मामले में नियमानुसार कार्रवाई करने का आदेश राजभवन ने जारी किया है। शुक्रवार को कुलाधिपति के विशेष कार्याधिकारी डॉ. पंकज एल जानी ने कुलपति को भेजे पत्र में कहा है कि प्रकाशन संस्थान के निदेशक पद्माकर मिश्र के मामले में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने और बिंदुवार साक्ष्य सहित निस्तारण आख्या 25 नवंबर तक भेजें। ऐसा नहीं होने पर 28 नवंबर को कुलसचिव को निस्तारण आख्या के साथ राजभवन में उपस्थित होना होगा। प्रकाशन निदेशक पद्माकर मिश्र की ओर से अधिवर्षिता आयु 60 के स्थान पर 62 वर्ष करने के मामले में अपील की गई थी।

कार और ई-रिक्शा में टक्कर, चार घायल
छावनी क्षेत्र में होटल के पास शुक्रवार शाम कार और ई-रिक्शा में टक्कर हो गई। हादसे में ई-रिक्शा चालक समेत चार लोग घायल हो गए। कैंट पुलिस ने सभी को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। अशोक विहार निवासी ई-रिक्शा चालक जनार्दन कुमार शाम को सवारी लेकर छावनी क्षेत्र से गुजर रहा था। तभी अनियंत्रित कार से टक्कर हो गई। ई-रिक्शा में सवार चालक समेत नसीम निवासी धौसाबाद , फिजा, सागर निवासी सदर घायल हुए। कैंट इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि दोनों वाहनों को कब्जे में लिया गया है।

कोचिंग डिपो पहुंचकर एजीएम ने परखी रेल सुविधाओं की हकीकत
पूर्वोत्तर रेलवे के अपर महाप्रबंधक (एजीएम) विनोद कुमार शुक्ल ने शुक्रवार को बनारस कोचिंग डिपो का निरीक्षण कर यहां रेल सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने बायो टाॅयलेट लैब से लेकर, ट्रेनों के ब्रेक बाइडिंग सहित अन्य व्यवस्थाओं की भी जानकारी ली।

एजीएम ने बनारस कोचिंग डिपो में मेंटनेंस के लिए आने वाली ट्रेनों के बायोटायलेट्स की लैब टेस्टिंग रिपोर्ट की जांच की और यहां कार्यरत कर्मचारियों का तकनीकी ज्ञान को भी परखा। ट्रेनों की बोगियों की साफ-सफाई सहित अन्य व्यवस्थाओं को देखा। अपर महाप्रबंधक विनोद शुक्ल ने पर्यावरण की शुद्धता बनाए रखने वाले डिपो के ट्रीटमेंट संयंत्रों की भी जानकरी ली और डिपो के उद्यान में पौधे भी लगाए। 

जमीन विवाद में महिला की हत्या का आरोप लगाकर परिजनों का हंगामा
फूलपुर थाना क्षेत्र के कुआर बाजार में शुक्रवार रात 7 बजे पुष्पा देवी (55) की मौत पर परिजनों ने रिश्तेदारों पर हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। पुलिस ने किसी तरह परिजनों को समझा बुझाकर शांत कराया। कुआर बाजार निवासी शिवशंकर की पत्नी पुष्पा का जमीन को लेकर रिश्तेदारों से विवाद चल रहा था। अचानक पुष्पा देवी की मौत हो गई। 

परिजनों ने रिश्तेदारों पर हत्या का आरोप लगाकर हंगामा शुरू कर दिया। साथ ही विवादित स्थल को खाली करने की मांग पर अड़ गए। फूलपुर इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि महिला पहले से ही कैंसर व हार्ट की समस्या से परेशान थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत की वजह साफ होगी। 

शादी का झांसा देकर दुष्कर्म मामले में आरोपी गिरफ्तार
शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म के मामले में वांछित आरोपी राकेश कुमार को सिंधौरा पुलिस ने शुक्रवार को चारू तिराहे के पास से गिरफ्तार किया। थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र त्रिपाठी ने बताया कि आरोपी जौनपुर के चंदवक थाना क्षेत्र के घुड़ दौड़ का निवासी है। पीड़िता की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज की गई थी। 

लालपुर-पांडेयपुर थाने का काम 80 फीसदी पूरा
डीसीपी वरुणा जोन प्रमोद कुमार ने शुक्रवार को अर्दली बाजार के एलटी कॉलेज परिसर में निर्माणाधीन लालपुर–पांडेयपुर थाना भवन का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की मौजूदा स्थिति, भवन की संरचना और आगामी संचालन व्यवस्था का हाल जाना। डीसीपी ने बताया कि भवन का 75 से 80 प्रतिशत निर्माण पूरा हो चुका है। शेष कार्य अंतिम चरण में पहुंच चुका है। उम्मीद है कि अगले 10 दिन के अंदर थाना नए भवन से संचालित होने लगेगा। निर्माण से जुड़े अधिकारियों को बचा हुआ कार्य समयसीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश भी दिए। नए भवन के तैयार होते ही पहड़िया का अस्थायी थाना स्थानांतरित कर दिया जाएगा। 

शादी का झांसा देकर दुष्कर्म के मामले में प्राथमिकी दर्ज
शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण, अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी, ब्लैकमेल करने के मामले में छात्रा ने कैंट थाने में शुक्रवार को नामजद के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि 2023 में बोर्ड परीक्षा के दौरान साइकिल में हवा न होने का फायदा उठाकर आरोपी उसे बहाने से कैंट स्टेशन के पास गेस्ट हाउस में ले गया और दुष्कर्म किया। 

अश्लील वीडियो भी बनाया। इसके बाद वीडियो वायरल करने की धमकी और ब्लैकमेल के बहाने शारीरिक शोषण करता रहा। दो बार गर्भपात भी कराया और शादी का भरोसा देकर उसे बहलाता रहा। जुलाई 2025 में मां ने कैंट थाने में तहरीर दी थी, जिसके बाद दोनों पक्षों में लिखित समझौता भी हुआ था। फिर भी आरोपी धमकी देने लगा कि उस पर तेजाब फेंक देगा। कैंट इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि तहरीर के आधार पर नामजद के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। 

नाबालिग को शादी का झांसा देकर भगाने वाला गिरफ्तार
किशोरी को शादी का झांसा देकर अगवा करने के आरोपी विवेक शर्मा को आदमपुर पुलिस ने शुक्रवार को नमो घाट से गिरफ्तार किया। साथ ही किशोरी को पुलिस ने बरामद किया। आदमपुर इंस्पेक्टर विमल मिश्रा ने बताया कि थाना क्षेत्र की रहने वाली किशोरी की दादी ने प्राथमिकी दर्ज कराई थी। आरोपी विवेक शर्मा 19 नवंबर को बहला-फुसलाकर किशोरी को अगवा कर ले गया था। आरोपी भदऊ चुंगी का रहने वाला है। 

शीतला माता मंदिर से दानपात्र चोरी, एक साल में दूसरी चोरी
आदमपुर थाना क्षेत्र के सेवई मंडी में शीतला माता मंदिर से दान पात्र चोरी हो गया। शुक्रवार सुबह श्रद्धालुओं ने पुलिस को सूचना दी। लोगों ने पुलिस को बताया कि एक वर्ष पहले भी मंदिर में चोरी हुई थी, लेकिन उसका अब तक खुलासा नहीं हो सका। पुजारी दीपक महाराज ने पुलिस को बताया कि दानपात्र में हजारों रुपये थे। इंस्पेक्टर विमल मिश्रा ने बताया कि चोरों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। 

क्रिकेट विवाद में युवक की पिटाई
जैतपुरा थाना क्षेत्र के शक्कर तालाब में क्रिकेट खेलने को लेकर जियाउद्दीन की पिटाई कर दी गई। पीड़ित ने शुक्रवार को चार नामजद और अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है। थानाध्यक्ष बृजेश मिश्रा ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच आपसी विवाद को लेकर मारपीट हुई है। जांच कराई जा रही है।

Varanasi News Today Fight over TV remote in district jail FIR dead bodies found at two locations
राहुल गांधी। - फोटो : एक्स/एएनआई/वीडियो ग्रैब

राहुल गांधी मामले में 18 दिसंबर को होगी सुनवाई
विशेष न्यायाधीश (एमपी/एएमएल) यजुर्वेद विक्रम सिंह की अदालत में शुक्रवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी के मामले में सुनवाई नहीं हो सकी। अब 18 दिसंबर को सुनवाई होगी। प्रकरण के अनुसार, वादी हरीशंकर पांडेय ने रिवीजन अर्जी दाखिल की थी। इसमें कहा था कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने 21 अप्रैल को अमेरिका में गलत बयानबाजी की थी। ब्राउन यूनिवर्सिटी में स्टूडेंट्स के बीच भगवान श्रीराम को लेकर विवादित बयान दिया था। 

काशी विद्यापीठ हॉस्टल में मेस को लेकर छात्रों का प्रदर्शन
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में हॉस्टलों में मेस, परीक्षा परिणाम संबंधी समस्याओं को लेकर शुक्रवार को छात्रों ने प्रशासनिक भवन पर प्रदर्शन किया। इस दौरान छात्रों ने नारेबाजी करते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन से जल्द से जल्द समस्याओं के समाधान की मांग। 

विश्वविद्यालय परिसर में प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने कहा कि पिछले महीने दीक्षांत समारोह में आई राज्यपाल ने विश्वविद्यालय के हॉस्टलों में मेस की व्यवस्था को बेहतर करने और इसका लाभ छात्रों को दिलाने को कहा था, इसके बाद भी विश्वविद्यालय प्रशासन ध्यान नहीं दे रहा है। अब तक कई बार आवाज उठाने के बाद केवल आश्वासन ही मिलता है, कार्रवाई के नाम पर कुछ नहीं हो रहा है। यह भी बताया कि परीक्षाओं में शामिल होने के बाद भी कई विद्यार्थियों को अनुपस्थित कर दिया गया है। इस वजह से परेशान होना पड़ रहा है। चेतावनी दी कि यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को बाध्य होंगे।

रेट बोर्ड न लगाने पर खाद व बीज बिक्री केंद्र को नोटिस
कृषि विभाग के मंडलीय प्रवर्तन दल के अध्यक्ष संयुक्त कृषि निदेशक शैलेंद्र कुमार ने साधन सहकारी समिति कोरौता गोपालपुर और राजकीय कृषि बीज भंडारण जंसा का निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र पर उर्वरक के रेड बोर्ड, अनुदान का विवरण नहीं लगने और रजिस्टर पर विवरण अंकित न होने पर केंद्र संचालक को नोटिस देने के निर्देश दिए। 

कहा कि सभी समितियों एवं निजी उर्वरक विक्रय केंद्रों पर स्पष्ट रूप से रेट बोर्ड व अनुदान का विवरण जरूर लगाए जाएं। कहा कि किसानों को खतौनी के अनुसार ई-पॉस मशीन से अंगूठा लगवाकर तय मूल्य पर ही उर्वरक दें। बताया कि सभी राजकीय बीज भंडारों पर गेहूं का बीज 50 फीसदी अनुदान पर उपलब्ध है।

बिजली अभियंताओं ने काली पट्टी बांधकर किया कामकाज
बिजली निगम की ओर से लगातार होने वाली कार्रवाई के विरोध में अभियंताओं ने काली पट्टी बांधकर शुक्रवार को काम किया। बृहस्पतिवार से शुरू प्रदेशव्यापी आंदोलन से अभियंताओं ने पावर कॉर्पोरेशन से न्यायसंगत फैसला लेने की मांग की। जिला स्तर पर उपकेंद्रों पर प्रदर्शन कर अभियंताओं में विजय सिंह, शशि सिंह, कृष्णकांत ओझा ने बताया कि विद्युत अभियंता जनता को निर्बाध विद्युत आपूर्ति देने के लिए संकल्पित हैं, लेकिन ऊर्जा निगमों की ओर से धरातल पर कार्य करने के लिए न तकनीकी सहयोग दिया जाता है और न ही प्रोत्साहित किया जाता है। 

इसके विपरीत अभियंताओं का केवल उत्पीड़न किया जा रहा है। इससे आंदोलन को बाध्य होना पड़ रहा है। लंबे समय से आवाज उठाने के बाद भी प्रबंधन की ओर से पावर कार्पोरेशन में अधीक्षण अभियंता और अधिशाषी अभियंता के पद पर कोई प्रोन्नति नहीं की गई है। साथ ही अधिशासी अभियंता के रिक्त पदों पर 4 साल से कोई भी पदोन्नति नहीं की गई है। बताया कि 29 नवंबर को अभियंता संकल्प दिवस मनाया जाएगा। इसी दिन आंदोलन के अगले चरण की घोषणा की जाएगी।

डीआरएम ने बनारस-प्रयागराज रेल खंड से स्टेशन तक लिया जायजा
पूर्वोत्तर रेलवे के डीआरएम आशीष जैन ने शुक्रवार को बनारस से प्रयागराज तक रेल खंड से स्टेशन तक विंडो ट्रेलिंग कर तीन जनवरी से शुरू होने वाले माघ मेले के लिए रेलवे की तैयारियों का जायजा लिया। मंडलीय अधिकारियों के साथ निगतपुर, कटका एवं प्रयागराज रामबाग रेलवे स्टेशनों का निरीक्षण किया। प्रयागराज रामबाग रेलवे स्टेशन परप्लेटफार्म, पैदल उपरिगामी पुल, प्रतीक्षालय और स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था देखी। बनारस-प्रयागराज रामबाग रेल खंड पर परिचालन में संरक्षा, ट्रैक स्क्रीनिंग, ओवरहेड ट्रैक्शन व एलाइनमेंट, झाड़ियों की कटाई, सिग्नलों की दृश्यता, विकास कार्यों की प्रगति को भी देखा।

युवक पर हमला, दो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
बड़ागांव थाना क्षेत्र के बलरामपुर (भरहीपुर) निवासी दयाशंकर चौबे पर बुधवार को दो युवकों ने हमला कर दिया। आरोपियों धीरेंद्र कुमार चौबे और रामआसरे उर्फ पप्पू गिरी के खिलाफ बृहस्पतिवार रात प्राथमिकी दर्ज की गई है। पीड़ित दयाशंकर चौबे ने पुलिस को बताया कि सुबह दूध बांटकर बाइर से घर लौट रहे थे। चौराहे पर धीरेंद्र और रामआसरे ने रोककर उन पर हमला कर दिया। उनके सिर में चोटें आईं। आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी। थाना प्रभारी अजय कुमार मिश्रा ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। 

ट्रैक्टर पलटा, बाल-बाल बचे किसान
राजातालाब के जक्खिनी-पनियरा मार्ग पर शुक्रवार को ट्रैक्टर सड़क किनारे पलट गया। ट्रैक्टर पर सवार तीन लोग बाल-बाल बच गए। ट्रैक्टर मालिक प्रेम शंकर यादव ने पुलिस को बताया कि ट्रैक्टर पनियरा गांव जा रहा था। सड़क खराब होने की वजह से पलट गया। 

कोयला कारोबारी के बंद मकान को चोरों ने खंगाला
शिवपुर थाना क्षेत्र के महेशपुर में कोयला कारोबारी लाल बहादुर सिंह के बंद मकान को चोरों ने खंगाल दिया। आभूषण और नकदी समेत घरेलू सामान चोर समेट ले गए। पीड़ित ने शुक्रवार को थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। पुलिस ने छानबीन की है। लालबहादुर सिंह ने पुलिस को बताया कि वह मूलरूप से मऊ के रहने वाले हैं। गांव में भागवत कथा चल रही है। मकान बंद कर पूरा परिवार गांव गया था। सुबह बेटी अर्चना सिंह स्कूटी लेने घर पहुंची तो देखा कि चैनल गेट का ताला टूटा हुआ था। घर के अंदर भी सामान बिखरा पड़ा था। आलमारी तोड़कर 25 हजार नकदी सोने-चांदी के आभूषण समेत अन्य सामान गायब थे। इंस्पेक्टर वीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है।

कमरे में पानी गिरने पर छात्र को बेल्ट से पीटा, प्राथमिकी दर्ज
अस्सी घाट के पास रहने प्रभु खरवार की बेल्ट से पिटाई कर दी गई। शुक्रवार को प्रभु ने पुलिस को बताया कि उनके चाचा के कमरे में प्रवीण सिंह रहते हैं। बिना कारण कमरे में पानी भरकर गिराते हैं। कमरे में पानी गिराने का विरोध किया तो प्रवीण ने बेल्ट से पिटाई कर दी। भेलूपुर इंस्पेक्टर सुधीर कुमार त्रिपाठी ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। 

जुर्माने के साथ विजयानगरम मार्केट से हटवाए अतिक्रमण
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल के निर्देश पर सहायक नगर आयुक्त अनिल यादव के नेतृत्व में शुक्रवार को विजयानगरम मार्केट में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। कई दुकानदारों की ओर से सड़कों पर अवैध कब्जा किया गया था। उसे तोड़कर साफ कराया गया। अभियान में 5 किलो प्रतिबंधित प्लास्टिक जब्त कर अतिक्रमण करने वालों से 14900 रुपये का जुर्माना भी वसूला गया। 

नगर आयुक्त ने कहा कि पूरे शहर में नियमित रूप से अतिक्रमण अभियान चलाया जाए। सहायक नगर आयुक्त ने बताया कि काफी दिनों से शिकायत मिल रही थी, कुछ दुकानदारों की ओर से सड़क पर कब्जा कर अतिक्रमण किया गया है। ठेले खोमचे वालों ने भी अतिक्रमण किया है। आवागमन में लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शिकायतों के आधार पर जांच कराई गई। शिकायत सही मिलने पर अतिक्रमण टीम व प्रवर्तन दल के साथ कार्रवाई की गई। 

मणिकर्णिका घाट पर चली स्वच्छता की मुहिम
नमामि गंगे और नगर निगम ने शुक्रवार को मणिकर्णिका पर स्वच्छता की मुहिम चलाई। मां गंगा सहित समाज के प्रत्येक नागरिक को स्वच्छ और स्वस्थ रखा जा सके, इसके लिए पर्यटकों और श्रद्धालुओं को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। स्वच्छता अभियान में पर्यटक और श्रद्धालु भी सहयोगी बने। उन्हें गंगा और घाटों को स्वच्छ रखने की शपथ दिलाई गई। नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक राजेश शुक्ला, नन्हे गुरु, दिनेश चौबे, संजय द्विवेदी, निर्मेश द्विवेदी आदि मौजूद रहे।

बीएचयू के डिप्टी लाइब्रेरियन को मिला बेस्ट प्रोफेशनल अवार्ड
बीएचयू में सयाजीराव गायकवाड़ सेंट्रल लाइब्रेरी के डिप्टी लाइब्रेरियन डॉ. राजेश कुमार सिंह को बेस्ट एलआईएस प्रोफेशनल अवाॅर्ड से सम्मानित किया गया। डॉ. सिंह को यह प्रतिष्ठित सम्मान पुस्तकालय और सूचना विज्ञान क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान, अकादमिक पुस्तकालय सेवाओं में नेतृत्व के लिए दिया गया। पुस्तकालय सेवाओं के आधुनिकीकरण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका के आधार पर प्रदान किया गया। ये अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन एसवीएसयू आईसीटीएल की ओर से किया गया था।

कौशल विकास केंद्र का अजगरा विधायक ने किया उद्घाटन
अजगरा विधायक त्रिभुवन राम ने शुक्रवार को चौबेपुर में कौशल विकास केंद्र का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि सरकार कौशल विकास के मामले से युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास कर रही है। युवा इन योजनाओं के माध्यम से रोजगार प्राप्त कर समाज में अपनी पहचान बनाएं। युवाओं के उत्थान से ही देश व प्रदेश का विकास संभव है। अध्यक्षता चंद्रशेखर तिवारी ने की। संचालन सृजन चतुर्वेदी ने किया। इस मौके पर डीपीओ जय कृष्ण श्रीवास्तव, रामप्रकाश सिंह बीरू, दिव्या पुष्कर, शारदा चतुर्वेदी आदि मौजूद रहीं।

डीएम ने कांग्रेस, सपा, बसपा, सीपीआईएम से बाकी बचे बीएलए की मांगी सूची
विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्य को सकुशल और पारदर्शी ढंग से पूरा कराने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी / जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट में बैठक हुई। इसमें मान्यता प्राप्त राजनीतिक दल के प्रतिनिधियों और पदाधिकारियों से चर्चा की। डीएम ने कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी व सीपीआई-एम को विधानसभावार शेष बीएलए की सूची तत्काल उपलब्ध कराने को कहा। उन्हें सभी जगहों पर सक्रिय करने के निर्देश दिए।

उन्होंने राजनीतिक दल के प्रतिनिधियों से कहा कि यदि बीएलए को दोबारा प्रशिक्षण की आवश्यकता हो तो एक दिन सूचना देकर प्रशिक्षण कार्य फिर से संपन्न करा दिया जाए। बिना आपके सहयोग इतना बड़ा कार्य संभव नहीं है। सूची मिलान और डिजिटाइजेशन के लिए शिक्षकों व पंचायत सहायकों की ड्यूटी लगाई जाएगी। मतदाताओं को किसी भी तरह की परेशानी न होने पाए इसके लिए मतदान केंद्रों पर हेल्प डेस्क स्थापित किए जाएंगे। उन्होंने राजनीतिक दल के प्रतिनिधियों से मतदेय स्थलों के संबंध में जिला निर्वाचन कार्यालय की ओर से बनाए गए व्हाट्स एप ग्रुप में फीडबैक देने का अनुरोध किया।

बीएचयू दंत चिकित्सकों ने की स्कूली बच्चों के दांतों की जांच
आईएमएस बीएचयू के दंत चिकित्सा संकाय की टीम ने बीएचयू परिसर स्थित महामना विद्यालय में शिविर लगाकर यहां पढ़ने वाले बच्चों के दांतों की जांच की। कक्षा 3 से 5 तक के बच्चों के लिए लगाए गए शिविर में जांच के साथ ही बच्चों को सही तरीके से ब्रश करने की विधि और मौखिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया। बीएचयू दंत चिकित्सा संकाय प्रो. राजेश बंसल के नेतृत्व में दंत चिकित्सकों की टीम ने प्रधानाचार्य मीनू सिंह की मौजूदगी में बच्चों को नियमित ब्रश करने, दांतों की सफाई पर ध्यान देने को कहा। इस दौरान डॉ. रॉबिन चौबे, डॉ. आनंद, डॉ. रितेश, डॉ. स्मृति सिंह आदि मौजूद रहे।

निर्मल गंगा के लिए युवा शक्ति का जुड़ना जरूरी
जल शक्ति मंत्रालय राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन के नमामि गंगे अभियान के तहत 39 गंगा टास्क फोर्स, नमामि गंगे गंगा विचार मंच महानगर इकाई की ओर से शुक्रवार को नई सड़क स्थित सनातन धर्म इंटर कॉलेज में जनजागरूकता कार्यक्रम हुआ। इसमें गंगा निर्मलीकरण में युवाओं की भागीदारी का आह्वान किया गया। हाथों में स्वच्छता स्लोगन लिखी तख्तियां लिए छात्रों ने गंगा स्वच्छता का संकल्प लिया। सेना की ओर शिक्षकों में औषधीय पौधे वितरित किए गए। 39 गंगा टास्क फोर्स के सूबेदार जगदीश चंद व नमामि गंगे गंगा विचार मंच के जिला संयोजक शिवम अग्रहरि के नेतृत्व में कार्यक्रम हुआ। इस दौरान प्रधानाचार्य विजयी राम, लक्ष्मी पाठक, भावना गुप्ता, रेनू जायसवाल, अनुराग सोनकर, आदित्य अग्रहरि, भीम सिंह आदि मौजूद रहे। 

भक्ति ही सच्ची शक्ति, आसानी से पार कर सकते हैं कोई भी बाधा
भक्तमाल कथा में संतों के जीवन वृत्तांतों के माध्यम से यह शिक्षा मिलती है कि भक्ति ही सच्ची शक्ति है। भक्तमाल कथा से किसी भी बाधा को आसानी से पार किया जा सकता है। महान भक्तों की कहानियां प्रेरित करती हैं। इससे श्रोताओं के मन में भक्ति, समर्पण और ईश्वर के प्रति प्रेम की भावना जागृत होती है। ये विचार वृंदावन से पधारे कथा व्यास गोरीलाल कुंज श्रीधाम के महंत स्वामी किशोरदास देव ने शुक्रवार को व्यक्त किए। 

वह श्री हनुमान प्रसाद पोद्दार अंधविद्यालय दुर्गाकुंड में संकटमोचन संकीर्तन मंडल द्वारा चल रहे भक्तमाल कथा के पांचवें दिन प्रवचन कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सांसारिक जीव को भक्तों के जीवन से प्रेरणा लेना, भक्ति मार्ग को समझना और आध्यात्मिक बल को प्रबल करने का प्रयास करना चाहिए। प्रारंभ में व्यासपीठ का पूजन शिवकुमार एवं अखिलेश खेमका ने किया। इस अवसर पर विजय कुमार मिश्र, नीरज दुबे, बलदाऊ पाठक, श्याम अग्रवाल, सुशील अग्रवाल, जितेंद्र खनेजा बबलू आदि रहे।

बिरला लीजेंड के सामने 146 पर ऑल आउट हुई मगध एकादश
बीएचयू प्रीमियर लीग टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट के छठे दिन बिरला लीजेंड बनाम मगध एकादश के बीच मुकाबला खेला गया। टॉस जीतकर मगध एकादश ने गेंदबाजी चुनी। पहले बल्लेबाजी करने उतरी बिरला लीजेंड ने निर्धारित 12 ओवर में 7 विकेट खो कर 164 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी मगध एकादश की पूरी टीम 12 ओवर में 146 पर ऑल आउट हो गई। यह मैच बिरला लीजेंड 19 रन से जीत लिया। मुख्य अतिथि नामित सदस्य वाराणसी विकास प्राधिकरण के नामित सदस्य अंबरीश सिंह भोला ने खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। 

भाजपा एमएलसी से मिले ठेला पटरी दुकानदारों
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के ठटरा गांव स्थित अंडरपास के नीचे अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाने के दौरान पुलिस ने ठेला पटरी दुकानदारों को हटाया था। इसे लेकर शुक्रवार को ठेला पटरी दुकानदारों ने एमएलसी धर्मेंद्र राय से मुलाकात कर पीड़ा बताई। दुकानदारों का कहना था कि हम लोगों का फुटपाथ ही जीवन यापन का सहारा है। ठेला पटरी दुकान के सहारे अपने परिवार का जीवन यापन करते हैं। जब से दुकान बंद हुआ है तब से परिवार का खर्च चलाना मुश्किल हो गया है। एमएलसी ने कहा कि ठेला पटरी दुकानदारों की समस्या को लेकर उच्च अधिकारी से बात करेंगे। 

ईएसआईसी अस्पताल में थायरॉयड जांच के लिए पांच दिनों की वेटिंग
ईएसआईसी अस्पताल में थायरॉयड जांच की रिपोर्ट के लिए पांच दिनों की वेटिंग चल रही है। मरीजों को जांच कराने के बाद रिपोर्ट के लिए 5 दिनों का इंतजार करना पड़ रहा है। अस्पताल में कुछ दिनों पहले थाइराइड जांच शुरू कराई गई है, लेकिन अस्पताल की बढ़ती ओपीडी और सीमित तकनीकी संसाधनों के कारण मरीजों को आवश्यक जांच समय पर नहीं मिल पा रही है।

अस्पताल में इकोकार्डियोग्राम जांच फिलहाल नहीं हो पा रही है, जिसके चलते कई मरीजों को इससे संबंधित जांचें निजी लैब में करानी पड़ रही हैं। इसी बीच अस्पताल में अल्ट्रासाउंड सेवाएं भी थम-सी गई हैं क्योंकि अस्पताल में रेडियोलॉजिस्ट उपलब्ध नहीं है।

ईएसआईसी अस्पताल के डीन सेल्वाकुमार चैललैय्या ने बताया कि रेडियोलॉजिस्ट की कमी के चलते अल्ट्रासाउंड नहीं हो पा रहे हैं। इसे शुरू कराने का प्रयास किया जा रहा है। अस्पताल ने कुछ सुविधाओं में विस्तार भी किया है। डीन ने बताया कि सभी प्रमुख लैब जांच अब अस्पताल में ही की जा रही हैं। अस्पताल ने थायरॉयड जांच के साथ-साथ हार्मोन और ट्यूमर मार्कर्स की जांच सुविधाएं भी पिछले सप्ताह शुरू कर दी हैं।

तीर्थंकर पुष्पदंत का 108 जलपूरित कलशों से अभिषेक
मार्गशीर्ष शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा यानी शुक्रवार को जैन धर्म के नौवें तीर्थंकर भगवान पुष्पदंत भगवान का जन्म कल्याणक दिवस शुक्रवार को मनाय गया। भगवान सुपार्श्वनाथ की जन्मस्थली भदैनी दिगंबर जैन तीर्थ क्षेत्र में 108 जलपूरित कलशों से अभिषेक हुआ। विश्व के कल्याण के बृहद शांतिधारा हुई। भगवान पुष्पदंत की पूजा हुई। शाम को आरती के बाद सांस्कृतिक संध्या का आयोजन हुआ। पूजन में प्रबंधक एवं पुस्तकालय अध्यक्ष सुरेंद्र कुमार जैन, डॉ. बीसी अग्रवाल, आकाश जैन, सम्यक जैन, वीर जैन, अमन जैन, राहुल जैन, शुभम जैन, लता जैन आदि शामिल रहीं।

सरदार पटेल यूनिट मार्च के लिए दिल्ली रवाना हुए युवा
सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में दिल्ली में आयोजित होने वाले यूनिट मार्च के लिए काशी से बड़ी संख्या में युवाओं की टीम शुक्रवार को दिल्ली रवाना हुई। कैंट रेलवे स्टेशन पर वंदेभारत एक्सप्रेस से जाने वाली टीम को भाजपा महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि, जिलाध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा ने स्वागत कर शुभकामनाएं दीं। टीम गुजरात स्थित सरदार पटेल के गांव से स्टैच्यू ऑफ यूनिटी तक 150 किलोमीटर की पैदल यात्रा में शामिल होंगे। इस दौरान प्रीतम सिंह, गौरव पटेल, सिद्धार्थ मिश्रा, राकेश कुमार भारद्वाज, आशुतोष कुमार तिवारी, उज्ज्वल सिंह आदि मौजूद रहे।

38 किसानों को सब्जी उत्पादन की तकनीक बताई
भारतीय सब्जी अनुसंधान संस्थान शाहंशाहपुर में दरभंगा एवं समस्तीपुर के 38 किसानों को राज्य बाहर कृषक प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत सब्जियों में उन्नत उत्पादन तकनीक बताई। पांच दिवसीय प्रशिक्षण में सब्जी उत्पादन के उन्नत तकनीकी के बारे में बताया गया। समापन पर उन्हें प्रमाणपत्र दिया गया। संस्थान के निदेशक डॉ. राजेश कुमार के मार्गदर्शन में डॉ. नीरज सिंह, डॉ. अनंत बहादुर सिंह, डॉ. विकास सिंह, डॉ. सुदर्शन मौर्य, डॉ. स्वाति शर्मा आदि वैज्ञानिकों ने उन्हें प्रशिक्षण दिया। मशरूम उत्पादन के भी तरीके बताए।

रोहनिया विधायक ने 20 सड़कों के निर्माण कार्य का किया शिलान्यास
अपना दल एस के रोहनिया विधायक डाॅ. सुनील पटेल ने शुक्रवार को विधानसभा क्षेत्र में 9.20 करोड़ की लागत से बनने वाली सीसी रोड, इंटरलॉकिंग एवं पिच रोड सहित कुल 20 नए सड़क निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया। चौरा माता मंदिर परिसर मनियारीपुर में विधिवत हवन पूजन के साथ शिलापट्ट का अनावरण किया। विधायक ने कहा कि क्षेत्र का विकास ही हमारा मुख्य लक्ष्य है। आम जनता को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए तत्पर है। इस अवसर पर क्षेत्रीय अध्यक्ष डा. नरेंद्र पटेल, जिलाध्यक्ष राजेंद्र, राजबली प्रधान, कन्हैया सिंह आदि मौजूद रहे। 

अंतिम चरण में कज्जाकपुरा आरओबी का कार्य
वाराणसी। एक दिसंबर से शुरू होने वाले कज्जाकपुरा आरओबी की तैयारियों को लेकर कमिश्नर और डीएम के निर्देश के बाद यहां काम तेज हुआ है। फीनिशिंग काम अंतिम चरण में हैं। लाइटों को चेक करने से लेकर पेटिंग आदि के कार्य पूरे कराए जा रहे हैं। इसके अलावा आरओबी के नीचे जहां जलजमाव की समस्या आती थी। उसे भी ठीक कराया जा रहा है। 

ड्रेनेज लाइनों को दुरुस्त कराने का काम सेतु निगम की ओर से कराया जा रहा है। ताकि निर्धारित समय में इसे चालू किया जा सके। 1335 मीटर लंबाई के आरओाबी की कुल लागत 144.52 करोड़ है। 2019 में शुरू हुई योजना को 2022 में पूरी करनी थी लेकिन तकनीकी कारणों से इसे पूरा नहीं किया जा सका है। 

अब यह नवंबर में पूरी होने के बाद दिसंबर में चालू करने की पूरी तैयारी हो गई है। सेतु निगम के अधिकारी के अनुसार केवल फीनिशिंग का काम बाकी है। जिसे 30 नवंबर तक पूरा करा लिया जाएगा। आरओबी के नीचे पानी की वाली समस्या भी दूर हो जाएगी। इसके लिए जलकल और जल निगम के अधिकारियों को निर्देश दिया गया है। जो काम को पूरा करा रहे हैं। इसकी नियमित मानीटरिंग की जा रही है।

पांडेयपुर सेंटर के हमराही को पितृ शोक
पांडेयपुर सेंटर के हमराही भरत मौर्या के पिता नंदलाल मौर्या (59) का बृहस्पतिवार की शाम निधन हो गया। उनका अंतिम संस्कार मणिकर्णिका घाट पर किया गया। बड़े बेटे सोमेश मौर्या ने उन्हें मुखाग्नि दी।पांडेयपुर के यशोदा नगर निवासी नंदलाल के 3 बेटे और एक बेटी हैं। उनके निधन की सूचना पर हमराहियों ने शोक जताया और उनकी अंतिम यात्रा में भी शामिल हुए। गंगाराम, मनोज पटेल, अजय, रामजी, कल्लू आदि ने शोक जताया है।

बनारस से 300 छात्रों का दल जाएगा तमिलनाडु
काशी तमिल संगमम 4.0 की तैयारियों की समीक्षा के दौरान शुक्रवार को बीएचयू के कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने अधिकारियों से कहा कि डेलीगेट्स को बेहतर व्यवस्था के साथ समृद्ध सांस्कृतिक अनुभव मिले। काशी और तमिलनाडू के बीच सांस्कृतिक संबंध और संवाद सदियों पुराना है। यह संगमम उसी परंपरा को आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण अवसर है। जब तमिलनाडु से कई प्रतिनिधिमंडल काशी आएंगे तो हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि उन्हें ऐसा अनुभव मिले जिसे वे वर्षों बाद भी याद रखें।

इस दौरान समीक्षा में अधिकारियों ने कुलपति को जानकारी दी कि इस वर्ष वाराणसी के कई शैक्षणिक संस्थानों से 300 विद्यार्थियों का प्रतिनिधिमंडल तमिलनाडु जाएगा। दो दिसंबर से शुरू हो रहा संगमम बीएचयू का शैक्षणिक साझेदार है। संगमम के तहत विश्वविद्यालय में सात शैक्षणिक सत्र आयोजित किए जाएंगे। 

शुक्रवार को केंद्रीय कार्यालय में बैठक कर बीएचयू-नोडल अधिकारी प्रो. अंचल श्रीवास्तव ने कार्यक्रम की व्यापक रूपरेखा को साझा किया। सात अलग-अलग विषयों पर आधारित समूह गठित किए गए हैं। बैठक के दौरान कई शैक्षणिक कार्यक्रमों की आयोजन समितियों के संयोजकों और सदस्यों ने अपनी तैयारियों से अवगत कराया।

खेती के साथ पशुपालन व उद्यान लगाकर बढ़ाएं आय : विधायक
काशी विद्यापीठ ब्लाॅक के साधन सहकारी समिति अलाउद्दीनपुर में ब्लाॅक स्तरीय रबी गोष्ठी शुक्रवार को हुई। मुख्य अतिथि विधायक डॉ. सुनील पटेल ने कहा कि किसान कृषि के साथ पशुपालन, मत्स्य व उद्यान से जुड़ी योजनाओं का भी लाभ उठाएं और अपनी आय बढ़ाएं। उप संभागीय कृषि प्रसार अधिकारी निरुपमा सिंह ने किसानों को अनुदान पर सोलर पंप लगवाकर बिजली बचाने के लिए प्रेरित किया। 

कृषि वैज्ञानिक डॉ. श्रीप्रकाश सिंह ने खेती की नई तकनीकी व सुपर सीडर से बोआई करने और मनीष पांडेय ने इंटीग्रेटेड फार्मिंग करने के लिए किसानों को प्रेरित किया। उन्होंने उन्नत बीज, कीटनाशक, कृषि उपकरणों आदि के बारे जानकारी ली। किसान मेले में बनकट, सुरही, मिसिरपुर, रमसीपुर आदि गांवों के किसान पहुंचे थे। इस मौके पर एडीओ कृषि बालकेश्वर सिंह, डॉ. महेंद्र पटेल, अजीत पटेल, राजीव श्रीवास्तव, सूर्य प्रकाश यादव, राम नरेश, विनोद कुशवाहा आदि रहे।

हर नवजात की सुरक्षित देखभाल का संकल्प
जिला महिला चिकित्सालय में शुक्रवार को एसआईसी डॉ. नीना वर्मा के नेतृत्व में हर नवजात की सुरक्षित देखभाल करने का संकल्प लिया गया। चिकित्सालय के सभी चिकित्सकों, नर्सों और स्वास्थ्यकर्मियों ने एक साथ मिलकर यह शपथ ली कि वे हर मां और हर नवजात के जीवन को प्राथमिकता देते हुए पूरी निष्ठा से अपनी सेवाएं देंगे। साथ ही चिकित्सालय परिसर को अधिक स्वच्छ, सुरक्षित, सहयोगी और स्नेहपूर्ण वातावरण में परिवर्तित करने का संकल्प लिया। 

माघ मेले में बनारस-प्रयागराज रामबाग रूट पर चलेगी मेमू
माघ मेला अवधि में प्रयागराज रामबाग से वाराणसी के लिए इस बार ज्यादा से ज्यादा मेमू स्पेशल ट्रेन चलेगी। रामबाग रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार को तैयारी का जायजा लेने के लिए पहुंचे डीआरएम वाराणसी आशीष जैन ने कहा कि महाकुंभ की तर्ज पर माघ मेला में भी बेहतर भीड़ प्रबंधन हो। उन्होंने निगतपुर और कटका स्टेशन पर खाली कमरों की यात्री प्रतीक्षालय और स्टेशन मास्टर विश्राम रूप में बदलने को कहा। एरिया को और ज्यादा बेहतर बनाया जाए। इस दौरान विकास कुमार सिंह, आयुष कुमार सिंह, पीके वैस, अभिषेक कुमार, मुक्ता सिंह, पीके मिश्रा आदि मौजूद रहे।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed