फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Varanasi News Today Dog attacks on girl father made to sit police station on day of daughter marriage

News: वाराणसी में बच्ची पर कुत्ते का हमला, FIR, विवाह के दिन पिता को थाने पर बैठाया; पढ़ें चर्चित खबरें

Sun, 18 May 2025 05:11 AM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: अमन विश्वकर्मा Updated Sun, 18 May 2025 05:11 AM IST
सार

वाराणसी में लंका थाने की पुलिस ने कुत्ते के हमले का मामला दर्ज किया है। घायल बेटी के पिता ने गंभीर आरोप लगाए हैं। वहीं, बेटी की शादी वाले दिन पुलिस ने एक पिता को गिरफ्तार कर लिया। आइए जानते हैं अन्य खबरें...

विज्ञापन
Varanasi News Today Dog attacks on girl father made to sit police station on day of daughter marriage
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

Varanasi News Today: लंका थाना क्षेत्र में कुत्ते ने आठ साल की बच्ची पर हमला कर दिया। साथ ही कुत्ते के मालिक पर आरोप है कि उसने पीड़ित को गाली और धमकी भी दी। इस पर पीड़ित पक्ष की ओर से लड़की के पिता अनिल जायसवाल ने आरोपी के खिलाफ लंका थाने में मुकदमा दर्ज करा दिया। 

विज्ञापन


अनिल ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी पीहू शुक्रवार की रात हॉस्टल के सामने वाली दुकान से बिस्कुट खरीद रही थी। इसी दौरान रवि सोनकर की बेटी अपने साथ एक कुत्ते को लेकर आई और मेरी बेटी को डराने लगी और उसने कुत्ते को छोड़ दिया। जिसके बाद कुत्ते ने मेरी बेटी पीहू पर हमला कर दिया। जिसकी शिकायत करने पर पड़ोसी रवि सोनकर ने गाली देते हुए धमकी भी दी।
विज्ञापन


वाराणसी में मिली अज्ञात युवक की लाश
कैंट थाना क्षेत्र के अधिकारी आवास के बगल (सिकरौल) में 28 वर्षीय एक युवक का शव मिला। बताया जा रहा है कि वह कई दिनों से पड़ा हुआ था। जिसकी सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी। रविवार की भोर में लोगों ने युवक को देखकर पुलिस को सूचना दी थी। आशंका जताई जा रही हैं कि युवक नशे का आदी रहा होगा। शव को देखने से ऐसा लगता है कि कई दिन पुरानी लाश रही होगी। फिलहाल कैंट प्रभारी राजकुमार शर्मा ने शव को कब्जे में लेकर उसकी शिनाख्त करने का प्रयास कर रहे हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन


विवाह के दिन पिता को थाने पर बैठाया, बेटी ने छुड़ाया
राजातालाब थाने की पुलिस शनिवार को काशीपुर गांव में बेटी के बरात के स्वागत की तैयारियों में जुटे पिता को पड़ोसी की शिकायत पर अपने साथ ले गई। इस पर हाथ में मेंहदी लगाए हुए बेटी अपनी मां के साथ राजातालाब थाने पहुंच गई। लंबे इंतजार के बाद गांव के संभ्रांत लोगों की मौजूदगी में पुलिस ने दोनों पक्षों में सुलह कराया। इसके बाद पिता अपनी बेटी को लेकर घर पहुंचे।

स्थानीय लोगों का कहना था कि राजातालाब थाने की पुलिस को संवेदनशीलता दिखानी चाहिए थी। मामले की जांच कर बरात की विदाई के बाद पिता को थाने बुला लेती तो भला क्या बिगड़ जाता? उधर, इस संबंध में राजातलाब थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि छेड़खानी की तहरीर दी गई थी। उसी के आधार पर पूछताछ के लिए बुलाया गया था। बाद में दोनों पक्ष सुलह कर लिए तो उन्हें जाने दिया गया।

Varanasi News Today Dog attacks on girl father made to sit police station on day of daughter marriage
नगर निगम सदन में बैठक करते मेयर अशोक कुमार तिवारी - फोटो : अमर उजाला

दो करोड़ 37 लाख रुपये से मांडवी तालाब के पास की कॉलोनियों का होगा विकास
मांडवी तालाब से जुड़े लिंक रोड और आसपास की कॉलोनियों का दो करोड़ 37 लाख रुपये से विकास होगा। यह कार्य चार से पांच दिनों में शुरू होगा। शनिवार को मेयर अशोक तिवारी ने प्रस्तावित कार्यों सीवर पाइप लाइन और नलकूप रिबोर कार्य का मांडवी तालाब के किनारे शिलान्यास किया। 20 जून तक ट्यूबेल और 20 जुलाई तक सीवर लाइन बनाने की आखिरी तारीख निर्धारित की गई। 

मेयर ने बताया कि मंडुवाडीह से डीहवा, डिहवा यशोदा नगर से मंडुवाडीह थाने तक सीवर निर्माण कराया जाएगा। नलकूप के बोरिंग से क्षेत्र को स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति भी मुहैया होने लगेगी। इससे मानिकपुर, केशव नगर, यशोदा नगर,सरकारी पूरा इत्यादि क्षेत्र के बड़े आबादी को लाभ मिलेगा। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से पार्षद राजेश कन्नौजिया, प्रभात सिंह, प्रदीप प्रजापति, शक्ति जायसवाल, सिद्धार्थ कुशवाहा, बृजेश राजभर, संदीप कनौजिया मौजूद रहे।

कैदी की समय पूर्व रिहाई पर सरकार से रिपोर्ट तलब
इलाहाबाद हाईकोर्ट ने हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे बंदी की समय पूर्व रिहाई पर सरकार से जवाब तलब किया है। पूछा है कि अच्छे आचरण के बावजूद बंदी की रिहाई क्यों नहीं की गई। यह आदेश न्यायमूर्ति सिद्धार्थ और न्यायमूर्ति राम मनोहर नारायण मिश्र की अदालत ने वाराणसी के याची खुर्शीद की ओर से दाखिल याचिका पर दिया है। 

वाराणसी के आदमपुर थाना क्षेत्र में खुर्शीद के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। 31 मई 2017 को वाराणसी के अपर सत्र न्यायाधीश की अदालत ने उसे आजीवन कारावास व 10 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई थी। हाईकोर्ट ने भी उसकी सजा बरकरार रखी है। 

याची के अधिवक्ता आदर्श शुक्ला ने दलील दी कि याची पिछले 18 वर्षों से जेल में बंद है। उसका आचरण जेल में हमेशा अच्छा रहा है। इसके बावजूद शासन की ओर से समय पूर्व रिहाई की प्रक्रिया का पालन नहीं किया जा रहा है। याची का प्रत्यावेदन शासन में लंबित है। इस पर कोर्ट ने सरकार से रिपोर्ट तलब की है।

अंडा व्यापारी को बातों में उलझा कर 35 हजार उड़ाए
सेवापुरी के कपसेठी गांव निवासी अंडा व्यापारी नाथूराम राजभर को दो जालसाज बातों में उलझा कर 35 हजार रुपये लेकर भाग गए। नाथूराम ने कपसेठी थाने की पुलिस को सूचना दी है। पुलिस को बताया कि कपसेठी चौराहे के पास उनकी अंडे की दुकान है। शनिवार को दो उचक्के उनकी दुकान पर आए। दोनों ने दो पेटी अंडा लेने की बात कही।

वह गोदाम से कार्टून लेने जा रहे थे कि एक उचक्का उनके साथ हो लिया। उसी दौरान दूसरे उचक्के ने दुकान के दराज से 35 हजार रुपये निकाल लिए। कपसेठी थानाध्यक्ष अरविंद कुमार सरोज ने कहा कि जांच की जा रही है। घटना सही होगी तो उचक्कों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। 

पत्नी की हत्या का आरोपी पति गया जेल
चौबेपुर थाने की पुलिस ने अमौली गांव में पत्नी की हत्या के आरोपी पति सिंहपुर निवासी राजू पाल को शनिवार को अदालत में पेश किया। अदालत ने उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया। चौबेपुर थानाध्यक्ष जगदीश कुशवाहा ने बताया कि राजू पाल ने परिजनों को गुमराह करने के लिए फोन कर बताया कि तीन-चार लोगों ने आकर मारपीट की। परिजनों ने डायल 112 पर सूचना दी। 

आरती को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नरपतपुर में इलाज के लिए भेजा गया तो राजू वहां से भाग गया। उसका पीछा कर उसे स्वर्वेद महामंदिर धाम के पास से पकड़ा गया। राजू के खिलाफ उसके ससुर जौनपुर के रतनूपुर निवासी रामाश्रय पाल ने मुकदमा दर्ज कराया है। 

नशे में धुत युवक ने दरोगा के साथ किया दुर्व्यवहार
भेलूपुर थाना के दुर्गाकुंड इलाके में सीएमओ कार्यालय के पास शराब पीकर नशे में धुत हर्ष सिंह ने शनिवार की रात दुर्गाकुंड चौकी पर तैनात उप निरीक्षक हिमांशु मिश्रा के साथ दुर्व्यवहार किया। उप निरीक्षक एक फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी की शिकायत पर उसके साथ रिकवरी कराने पहुंचे थे। वहां मनबढ़ युवक उप निरीक्षक के साथ गालीगलौज कर हाथापाई पर आमादा हो गया। 

लोगों ने बीचबचाव किया। उप निरीक्षक के साथ गए सिपाही ने फोन कर थाने से फोर्स बुलाई। इसके बाद आरोपी को हिरासत में लेकर पुलिस भेलूपुर थाने ले जाया गया। भेलूपुर थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपी का शांतिभंग के आरोप में चालान किया गया है।

दवा लेने निकले युवक की लाठी-डंडे से पिटाई, हालत नाजुक
रामनगर में गोलाघाट निवासी सूरज चौहान ने मोहल्ले के नंदलाल यादव, बेटे मूसे व पत्नी के खिलाफ भाई मुकेश चौहान (24) पर हमला कर अधमरा कर फेंकने की तहरीर दी है। रामनगर थानाध्यक्ष राजू सिंह ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। तहरीर में सूरज चौहान ने आरोप लगाया है कि शनिवार देर रात उसका भाई मुकेश मां की दवा लेने बाजार जा रहा था। 

रास्ते में नंदलाल यादव अपने बेटे व पत्नी संग लाठी-डंडा से लैस होकर मुकेश पर हमला कर दिया। भाई को सिर, पैर, हाथ और कमर में गंभीर चोट लगी है। घायलावस्था में पड़े भाई को लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल में भर्ती कराया। डाॅक्टरों ने उसे बीएचयू ट्राॅमा सेंटर रेफर कर दिया। ट्राॅमा सेंटर में भर्ती मुकेश चौहान की हालत नाजुक बनी हुई है। 

मुकदमा लिखाने को किन्नरों ने चार घंटा थाने में दिया धरना
रामनगर के सूजाबाद में किन्नरों के दो गुटों में हुई मारपीट के मामले में शनिवार को दूसरे गुट के किन्नरों ने भी विपक्षी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने जीशानी किन्नर की तहरीर पर मारपीट, गालीगलौज और जान से मारने की धमकी से संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया है।

मुकदमा दर्ज कराने के लिए किन्नर चार घंटे तक थाने पर डटे रहे। रविवार को सीमा विवाद में किन्नरों के दो गुट सूजाबाद में मारपीट की थी। इस दौरान दो घायल किन्नरों की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी किन्नरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। 

भत्तवान के दौरान फायरिंग करने का आरोपी गिरफ्तार
सारनाथ के तिलमापुर गांव में भत्तवान के कार्यक्रम के दौरान फायरिंग में एक युवती और एक वृद्धा घायल हो गई थी। इस प्रकरण में पुलिस ने मौके से एक खोखा बरामद किया है। साथ ही फायरिंग के आरोपी लेढ़ूपुर निवासी धीरज तिवारी को देसी पिस्टल के साथ गिरफ्तार कर लिया है। सारनाथ थानाध्यक्ष ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। रविवार को उसे अदालत में पेश किया जाएगा।

विवाहिता को भेजा अश्लील फोटो, दी गाली
फुलवरिया, पहलू का पुरा की रहने वाली विवाहिता के मोबाइल नंबर पर अज्ञात नंबर से गालीगलौज, जान से मारने की धमकी और अश्लील फोटो भेजने के मामले में कैंट थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। विवाहिता के अनुसार कई दिनों से उसके मोबाइल नंबर पर रात में अश्लील फोटो भेजे जा रहे हैं। नंबर पर फोन कर जानकारी ली गई तो कॉल रिसीव करने वाले ने गालीगलौज कर जान से मारने की धमकी दी। 

शादी का झांसा देकर यौन शोषण का आरोपी गिरफ्तार
जंसा थाना क्षेत्र के एक गांव की युवती को शादी का झांसा देकर बड़ागांव थाना क्षेत्र के टिकरी गांव निवासी रितेश कुमार सरोज ने यौन शोषण किया। जब युवती द्वारा शादी का दबाव बनाया गया तो युवक शादी करने से मुकर गया। पीड़िता ने आरोपी युवक के खिलाफ जंसा थाने में मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। 

जमीन पर कब्जा करने को लेकर मारपीट
जैतपुरा थाना क्षेत्र के जमालुद्दीनपुरा इलाके में जमीन पर कब्जा करने को लेकर बुनकर मुश्ताक अहमद को तीन नामजद समेत 25 लोगों ने मारपीट कर घायल कर दिया। पीड़ित ने जैतपुरा थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। मुश्ताक अहमद ने बताया कि छह महीने पहले उसने रेहाना बीबी से एक जमीन खरीदी थी, लेकिन उन्हें कब्जा नहीं मिला। 

वह जमीन पर कब्जे के संबंध में बातचीत करने काजी साहदुल्लापुरा में रेहाना बीबी के घर गए। वहां नूरुलहोदा, जमाल, मतीउल्ला समेत 25 लोगों ने विरोध किया और घर के अंदर घसीट कर बुरी तरह पीटा। इस मामले में एसओ जैतपुरा बृजेश मिश्रा ने बताया कि पीड़ित मुश्ताक अहमद की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।

बिजली कर्मियों से मारपीट करने वालों पर मुकदमा
शिवपुर के कोइलहवा उपकेंद्र के तहत चेकिंग के दौरान बिजली कर्मियों के साथ मारपीट के मामले में पुलिस ने तीन लोगों पर मुकदमा दर्ज किया है। अवर अभियंता अमरनाथ पटेल ने शिवपुर पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 14 मई को शिवपुर कोट निवासी दिलीप सोनकर चोरी की बिजली का इस्तेमाल कर रहे थे।

विरोध करने पर दो साथियों को बुलाकर मारपीट करने लगे। वीडियो रिकॉर्डिंग वाले मोबाइल को छीनने का प्रयास भी किया। मामले में थाना प्रभारी राजू कुमार ने दिलीप सोनकर, शेखर, राजनाथ के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

पुलिस आयुक्त के आदेश पर 14 नामजद और अज्ञात पर मुकदमा
पुलिस आयुक्त के आदेश पर शनिवार शिवपुर थाना प्रभारी उदयवीर सिंह ने 14 नामजद सहित कुछ अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। हरिहरपुर शिवपुर निवासी सुरेंद्र कुमार ने तहरीर में बताया था कि कोर्ट के आदेश पर अपनी जमीन पर मेडबंदी कराई थी।

इसके बाद दिलीप कुमार, प्रियांशु कनौजिया, अंकित कनौजिया, विशाल, स्वामीलाल, रमाशंकर, संजे, मंजे, जियालाल, चाचू,साचू,सोनी देवी, रेणु कनौजिया, रीता और अज्ञात ने मिलकर सरकारी पत्थर को तोड़कर गायब कर दिया। 12 मई को पूछने पर गाली गलौज की और जान से मारने की धमकी दी।

तेज ध्वनि में डीजे बजाने पर दो संचालकों पर मुकदमा दर्ज
मानक के विपरीत तेज डीजे बजाने पर दो संचालकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है। यह कार्रवाई सर्वोच्च न्यायालय और शासन के निर्देशों के अनुपालन और पुलिस आयुक्त के आदेश पर की गई। पुलिस ने बताया कि ग्राम कुसही और गोला बाजार बड़ागांव में जनता ने शिकायत की थी कि कुछ डीजे संचालक तेज आवाज में संगीत बजा रहे हैं।

लोगों को असुविधा हो रही है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने डीजे संचालकों को मानक के अनुसार ध्वनि नियंत्रित करने की हिदायत दी, परंतु चेतावनी के बावजूद वे बजाते रहे। बड़ागांव थाना प्रभारी अतुल सिंह के नेतृत्व में मनीष डीजे और पटेल डीजे के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।

जान से मारने की धमकी पर 6 पर मुकदमा दर्ज
सिंधौरा के मरूई गांव में जमीन विवाद को लेकर जान से मारने की धमकी देने पर शनिवार को 6 लोगों पर मुकदमा दर्ज हुआ है। जौनपुर निवासी पीड़ित अखिलेश कुमार पांडेय ने तहरीर में बताया कि 15 मई को जब वह अपनी जमीन पर तारबंदी कर रहे थे तो मरूई और महगांव के राम जनम मिश्रा, शिव जनम मिश्रा, कुलदीप मिश्रा, प्रसुन मिश्रा, गोलू मिश्रा और शिवशंकर मौर्या ने रोका। साथ ही गालीगलौज और जान से मारने की धमकी दी। थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र त्रिपाठी ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच जारी है। 

स्कूल से लापता दो छात्राएं कछवा रोड पर मिली
मिर्जामुराद के खोचवा गांव के प्राथमिक विद्यालय से शुक्रवार को लापता हुई दो छात्राएं अगले दिन कछवां रोड में एक लॉन के पास घूमती मिली। दोनों खोचवा गांव में नानी दुर्गावती सेठ के घर पर रहती हैं और वहीं पढ़ाई करती हैं। 10 वर्षीय बालिका कक्षा 4 में और 7 वर्षीय बालिका कक्षा 2 में पढ़ती है। 

शुक्रवार सुबह दोनों स्कूल बैग लेकर घर से विद्यालय के लिए निकली थीं, लेकिन छुट्टी के बाद घर नहीं पहुंचीं। नानी ने डायल 112 पर सूचना दी। थाना प्रभारी निरीक्षक प्रमोद पांडे ने बताया कि पुलिस ने स्कूल के आसपास सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी। पुलिस को छात्राओं के कछवा रोड की ओर जाने की जानकारी मिली। छात्राओं ने बताया कि उन्होंने स्कूल बैग मंदिर के पास रख दिया था और घूमने निकल गई थीं।

साइन सिटी कंपनी का एजेंट गिरफ्तार
पूर्वांचल से लेकर लखनऊ तक प्लॉट और मकान बेचने के नाम सैकड़ों लोगों को अरबों रुपये का चूना लगाने वाली साइन सिटी कंपनी के एक एजेंट को कैंट थाने की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान महामनापुरी कॉलोनी, करौंदी निवासी सुनील कुमार पांडेय के रूप में हुई है। डीसीपी वरुणा जोन प्रमोद कुमार ने बताया कि आरोपी सुनील के खिलाफ दो नवंबर 2022 को कैंट थाने में धोखाधड़ी सहित अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज किया गया था। 

सुनील ने बताया कि वह राशिद नसीम की कंपनी साइन सिटी के लिए एजेंट का काम करता था। प्लॉट लेने वाले ग्राहकों को खोज कर वह राशिद नसीम से बात कराता था। इसके बदले में उसे तगड़ा कमीशन मिलता था। ग्राहकों का पैसा लेकर राशिद नसीम दुबई भाग गया। इसके चलते वह ग्राहकों का पैसा नहीं लौटा सका।

नफरती भाषण मामले में 21 मई को होगी सुनवाई
विधानसभा चुनाव 2022 के प्रचार के दौरान अधिकारियों को धमकाने और आचार संहिता के उल्लंघन मामले में 21 मई को सुनवाई होगी। इस मामले में मऊ सदर से सुभासपा विधायक अब्बास अंसारी व उनके भाई उमर अंसारी, इलेक्शन एजेंट गाजीपुर जनपद के पुरानी कचहरी यूसुपुर मुहम्मदाबाद निवासी मंसूर अंसारी के खिलाफ आरोप पत्र अदालत में दाखिल किया गया है। अभियोजन की तरफ से साक्ष्य प्रस्तुत किए जा चुके हैं। बहस भी पूरी हो गई है। आरोपियों की तरफ से बहस होनी है। मामले की सुनवाई सीजेएम डाॅ. केपी सिंह की अदालत में चल रही है।

27 बसें, 17 टैक्सी और सात वाहन सीज
सड़क पर अवैध प्रपत्रों के आधार पर छोटे-बड़े वाहनों का संचालन रोकने के लिए संभागीय परिवहन विभाग ने अभियान चलाया। तीन दिन में 27 बसों का चालान और 3 सीज की गईं। 17 टैक्सी का चालान और 4 वाहनों को सीज किया गया। आरटीओ प्रवर्तन मनोज कुमार वर्मा के निर्देश पर शनिवार को हरहुआ, शिवपुर, नदेसर, अंधरापुल, लहरतारा, मुढ़ैला, रोहनिया के भाष्करा तालाब समेत हाइवे पर वाहनों की चेकिंग की गई।

आरटीओ प्रवर्तन मनोज कुमार ने बताया कि बिना फिटनेस सर्टिफिकेट और परमिट के किसी भी वाहनों का संचालन नहीं होने दिया जाएगा। बसों में अग्निशमन यंत्रों की भी जांच की जा रही है। जांच अभियान में सहायक संभागीय अधिकारी प्रवर्तन श्याम लाल, रोडवेज के एआरएम विजय श्रीवास्तव, पीटीओ मिथिलेश सिंह, अखिलेश पांडेय रहे। 

पांच मोबाइल और छह हजार रुपये चोरी
रोहनिया के जगतपुर में शुक्रवार रात अपना दल एस के प्रदेश महासचिव उमेश पटेल के आवास पर चोरी हो गई। चोरों ने छत के रास्ते उतरकर 5 मोबाइल, 6 हजार रुपये चुरा लिए। सुबह जब नींद खुली तो देखा फोन और पैसा नहीं थे। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच की। प्रभारी निरीक्षक विवेक शुक्ला ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

समाधान दिवस : सबसे ज्यादा जमीन से जुड़े मामले, 6 का समाधान
संपूर्ण समाधान दिवस पर शनिवार को तहसील राजातालाब में 208 मामले आए। मात्र 6 शिकायती पत्रों का निस्तारण हो पाया। बाकी विभागों को मौका मुआयना कर निस्तारण के लिए भेज दिया गया। तहसील राजातालाब पर उप जिलाधिकारी शांतनु कुमार सिनसिनवार, मुख्य राजस्व अधिकारी अजीत परेश ने लोगों की समस्याएं सुनीं। 

तहसीलदार शालिनी सिंह, नायब तहसीलदार दीपाली मौर्य, नायब तहसीलदार श्याम नारायण तिवारी रहे। लोगों ने सड़क, नाली, खड़ंजा, चकरोड और सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा सहित विभिन्न समस्याओं को उठाया। गंगापुर नगर पंचायत के अजय कुमार केसरी ने भूमि को गलत चेक लगाकर बैनामा कराने का मामला उठाया। 

सिखड़ी खंदक के सुरेश चंद ने भू माफिया द्वारा उनकी भूमि पर कब्जा कर नवनिर्माण की शिकायत की। मटचका गांव के लाल बहादुर ने चक रोड पर अतिक्रमण का मामला उठाया। मेहंदीगंज गांव के प्रमोद ने गांव के तालाब गड्ढो और सरकारी संपत्ति पर कब्जा करने का मामला उठाया। अवैध कब्जे को तत्काल हटाने की मांग की।

छितौनी और ठठरा में वीडीए ने शुरू किया मॉडल सामुदायिक भवन निर्माण
वीडीए रोहनिया विधानसभा क्षेत्र के छितौनी गांव और सेवापुरी विधानसभा के ठठरा गांव में मॉडल सामुदायिक भवनों का निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। वोकल फॉर लोकल पहल के अनुरूप, इन भवनों की वास्तुकला में स्थानीय हस्तशिल्प की झलक प्रमुखता से दिखाई देती है। डिजाइन में स्थानीय कालीन और साड़ी बुनकरों की पारंपरिक कारीगरी से प्रेरणा ली गई है।

वीडीए वीसी पुलकित गर्ग ने बताया कि विशेष पहलू यह है कि भवनों के अग्रभाग (फसाड) में प्रीकास्ट कंक्रीट पैनलों का उपयोग किया जाएगा। इनमें पारंपरिक स्थानीय कारीगरों से प्रेरित कलात्मक डिजाइन उकेरे जाएंगे, जो कला और मजबूती का सुंदर संयोजन होगा। इसमें पीवीसी फ्लूटेड सीलिंग पैनल, एसीपी क्लैडिंग, डिजाइनर फ्लोर टाइल्स, और फिलिप्स की आधुनिक लाइटिंग और आंतरिक सज्जा की जजाएगी। 

इसके अलावा ध्वनि रोधी पैनल, आधुनिक शौचालय और लाइटिंग सिस्टम की भी व्यवस्था की जाएगी। इससे यह भवन सामुदायिक कार्यक्रमों, उपयोग के लिए उपयुक्त बन सकेगी। छितौनी सामुदायिक भवन की अनुमानित लागत लगभग 2 करोड़ 73 लाख 66 हजार रुपये है। जबकि ठठरा सामुदायिक भवन की अनुमानित लागत लगभग 2 करोड़ 75 लाख 58 हजार रुपये है।

किराये में लापरवाही बरतने वाले दो दुकानों को कराया खाली
वीडीए की टीम ने शनिवार को नीचीबाग व्यावसायिक योजना के तहत दो दुकानों को खाली कराया। दुकानों को शू कंपनी को किराये पर दिया गया था, लेकिन मालिक किराया जमा करने में लापरवाही बरत रहे थे। जिसके बाद दुकानों का आवंटन निरस्त कर दिया गया। इन्हें पहले नोटिस भी दिया गया था।

ऑनलाइन जुआ खिलाने-खेलने वाले 7 का चालान
सोनिया पोखरी के पास भाग्य लक्ष्मी एप से ऑनलाइन जुआ खिलाने और खेलने वाले सात लोगों को सिगरा थाने की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जुआ खिलाने वाले की पहचान सोनिया निवासी कल्लू सोनकर के रूप में हुई है। 

खेलने वालों में माधोपुर का प्रकाश चंद्र सोनी, औरंगाबाद में मिनार मस्जिद के पास रहने वाला मोहम्मद रियाज, सरायनंदन खोजवा का सोनू जायसवाल, सोनिया काजीपुरा खुर्द का सुरेश कुमार श्रीवास्तव, नई सड़क स्थित दबंग कटरा का मोदस्सिर रजा उर्फ बाबी और लल्लापुरा का मोहम्मद हाशिम उर्फ लाल रहे। आरोपियों के पास से 12386 रुपये, दो मोबाइल फोन, एक घड़ी, एक कैलकुलेटर और एक स्कैनर बरामद किया गया है। शनिवार को पुलिस ने सातों आरोपियों का चालान कर दिया।

डीसीपी काशी जोन गौरव बंसवाल ने बताया कि सोनिया चौकी प्रभारी पंकज पांडेय शुक्रवार की रात अपने क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। उसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि सोनिया पोखरा के आगे वाली गली में बाउंड्री में पेड़ के नीचे कल्लू सोनकर भाग्यलक्ष्मी एप के माध्यम से लोगों को जुटाकर ऑनलाइन जुआ खेलवा रहा है। सिगरा थानाध्यक्ष संजय कुमार मिश्र के नेतृत्व में चौकी प्रभारी पंकज पांडेय और दरोगा सलमान खान की टीम ने छापा मार कर सात लोगों को गिरफ्तार किया।

Varanasi News Today Dog attacks on girl father made to sit police station on day of daughter marriage
वाराणसी विकास प्राधिकरण। - फोटो : अमर उजाला

सारनाथ में दो बीघा अवैध प्लॉटिंग पर चला बुलडोजर
वीडीए ने शनिवार को सारनाथ क्षेत्र के हिरावानपुर मौजा में की जा रही अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्त कर दिया। लगभग दो बीघा जमीन पर बिना परमिशन के अवैध तरीके से प्लॉटिंग की जा रही थी। विभाग ने पहले ही नोटिस जारी किया था। नियत समय के भीतर निर्माण नहीं रोके जाने पर पूरी अवैध प्लॉटिंग पर बुलडोजर चला दिया गया। इस कार्रवाई के दौरान जोनल अधिकारी प्रकाश, अवर अभियंता वर्तिका दुबे और प्रवर्तन टीम के अन्य सदस्य मौजूद रहे।

समर स्पेशल में फर्जी टीटीई के टिकट चेक करने का आरोप
आनंद विहार से जोगबनी जा रही 04094 समर स्पेशल ट्रेन के एस-8 में फर्जी टीटीई के टिकट चेक करने का वीडियो वायरल हुआ है। यात्री ने टीटीई की वीडियो बनाते हुए एक्स पर रेल अधिकारियों को ट्वीट किया है। ट्रेन के कैंट स्टेशन पर रुकने के बाद टीटीई के कोच में सवार होनेे का आरोप है। रेल सेवा के एक्स हैंडल ने डीआरएम लखनऊ को जांच को निर्देशित किया है।

यात्री मनीष ने 16 मई की रात 12 बजे के बाद एक्स पर वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि फर्जी टीटीई वाराणसी कैंट स्टेशन पर ट्रेन के एस-8 में सवार हुआ। गले में इंडियन रेलवे का आईकार्ड छुपा रखा था। यात्रियों के टिकट चेक कर रहा था। उसकी हरकतों से लगा ही नहीं कि वह टीटीई है। इस संबंध में आरपीएफ इंस्पेक्टर संदीप यादव और जीआरपी इंस्पेक्टर हेमंत सिंह ने बताया कि किसी तरह की कोई शिकायत नहीं मिली है।

पाकिस्तान और ट्रंप के खिलाफ आप का हल्लाबोल
आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को प्रदर्शन किया। पाकिस्तान और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बड़बोलेपन के खिलाफ पांडेयपुर फ्लाईओवर के पास आप कार्यकर्ताओं ने रैली निकाली। जिलाध्यक्ष रमाशंकर सिंह पटेल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने सेना के शौर्य को भी।

प्रदेश प्रवक्ता मुकेश सिंह ने ट्रंप के सीजफायर वाले ट्वीट पर सवाल उठाते हुए व्यापारिक हितों को भारत के सम्मान से ऊपर रखने का आरोप लगाया। प्रदर्शन में रेखा जायसवाल, मनीष गुप्ता, अरविंद पटेल सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहें। 

शहरी सीएचसी दुर्गाकुंड में दूरबीन विधि से डॉक्टरों ने निकाली पथरी
शहरी सामुदयिक स्वास्थ्य केंद्र दुर्गाकुंड में डॉक्टरों ने दूरबीन विधि से सर्जरी कर एक महिला के गाॅलब्लैडर से पथरी निकाली। जक्खिनी आराजीलाइन के पचाई निवासी संजय सिंह की पत्नी सरिता सिंह पेट में दर्द से परेशान थीं। जांच के बाद गाल ब्लैडर में पथरी होने की जानकारी मिली।

शहरी सीएचसी के अधीक्षक डॉ. निकुंज कुमार वर्मा की अगुवाई वाली डॉ. संतोष कुमार यादव, डॉ. प्रवीण कुमार की टीम ने दूरबीन विधि से सर्जरी की। डॉ. निकुंज ने बताया कि निशुल्क सर्जरी के साथ ही सभी व्यवस्थाएं निशुल्क हुई। सर्जरी के बाद महिला स्वस्थ है।

काशी विद्यापीठ में दो जून को होगी बीकॉम की मौखिक परीक्षा
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के वाणिज्य विभाग में बीकॉम षष्टम् सेमेस्टर सत्र 2024-25 के नियमित परीक्षार्थियों की मौखिक परीक्षा 2 जून को होगी। विभागाध्यक्ष प्रो. अजीत कुमार शुक्ल ने बताया कि सुबह 10.30 बजे से होने वाली परीक्षा के बारे में विस्तृत जानकारी विभाग से प्राप्त की जा सकती है।

संकल्प अन्नक्षेत्र द्वारा खिचड़ी प्रसाद और जल सेवा वितरण
संकल्प द्वारा संचालित संकल्प अन्नक्षेत्र के तत्वावधान में शनिवार को भी चौक स्थित संकटमोचन हनुमान मंदिर परिसर में खिचड़ी प्रसाद का वितरण किया गया। इस दौरान तेज गर्मी को ध्यान में रखते हुए जल सेवा की भी विशेष व्यवस्था की गई।

कार्यक्रम की शुरुआत संकटमोचन हनुमान को भोग अर्पित कर हुआ। तत्पश्चात श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर प्रसाद ग्रहण किया। संस्था के संरक्षक अनिल कुमार जैन ने कहा कि सेवा ही धर्म है। प्रसाद वितरण में राजेश जैन जौहरी, प्रतिमा जैन और मृदुला अग्रवाल का विशेष सहयोग रहा। 

संत विज्ञान देव ने शुरू की एंबुलेंस सेवा
स्वर्वेद महामंदिर धाम उमरहां में जरूरतमंद लोगों की सेवा के लिए विहंगम योग के संत प्रवर विज्ञान देव ने निशुल्क एंबुलेंस सेवा प्रदान की है। एंबुलेंस का संत प्रवर ने फीता काट कर उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बीमारी से जूझ रहे लोगों की समस्या को देखते हुए हाॅस्पिटल ले जाने के लिए यह सेवा प्रदान की गई है। मोबाइल नंबर 6307407394, 9794811828 पर सेवा निशुल्क दी जाएगी। इस मौके पर अवनीश कुमार, डाॅ इंदु प्रकाश मिश्र मौजूद रहे।

साइलेंट किलर बनता जा रहा है उच्च रक्तचाप
बरेका के केंद्रीय चिकित्सालय में शनिवार को विश्व उच्च रक्तचाप दिवस मनाया गया। इस दौरान नुक्कड़ नाटक सहित जागरूकता कार्यक्रम हुए। अपने ब्लड को सही तरह से मापें, इसे नियंत्रित करें व लंबा जीवन जीयें पर प्रमुख मुख्य चिकित्साधिकारी डाॅ. देवेश कुमार ने प्रकाश डाला।

उन्होंने बताया कि उच्च रक्तचाप साइलेंट किलर बनता जा रहा है, अत: इस पर पूरा ध्यान देकर निपटने की आवश्यकता है। यह एक गंभीर स्थिति है, जो हृदय रोग, स्ट्रोक और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं के जोखिम को बढ़ा सकती है। इस दौरान डाॅ. मधुलिका सिंह, गीता कुमारी चौधरी, अंजना टौड, कमला श्रीनिवासन, चंद्रकला राव मौजूद रहीं।

नमामि गंगे ने बांटे कपड़े के झोले
श्री काशी विश्वनाथ धाम में शनिवार को भक्तिभाव के बीच पर्यावरण संरक्षण की अलख जगी। नमामि गंगे ने बाबा दरबार में आए भक्तों में कपड़े के थैले बांटे। उन्हें पालीथिन का त्याग करने के लिए प्रेरित किया गया। नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक राजेश शुक्ला ने चिकित्सकों के साथ लोगों को जागरूक किया। विश्वनाथ धाम प्रांगण में पॉलीथिन का उपयोग कर रहे श्रद्धालुओं को कपड़े के झोले का वितरण किया गया। आयोजन में डॉ. ऋतु खन्ना, डॉ. योगेश खन्ना, चंद्रभूषण सिंह, अजय जायसवाल, कौशल मौजूद रहे।

आईटीआई में कैंपस प्लेसमेंट 19 को
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान करौंदी में 19 मई को सुबह 9.30 बजे कैंपस प्लेसमेंट होगा। हरियाणा की तीन और राजस्थान की एक कंपनी शामिल होगी। मेले में 460 की वैकेंसी है। कैंपस सेलेक्शन प्रभारी सुनील कुशवाहा ने बताया कि तीन कंपनियों में महिलाओं और पुरुषों का चयन किया जाएगा। एक कंपनी में केवल पुरुषों का चयन किया जाएगा। 13 से 22 हजार रुपये प्रति माह सैलरी दी जाएगी।

प्लेसमेंट के लिए 18 से 35 वर्ष की आयु होनी चाहिए। कंपनी की ओर से साक्षात्कार के बाद चयन किया जाएगा। अभ्यर्थी संस्थान में उपस्थित होकर पंजीकरण कराकर भाग ले सकते हैं। अभ्यर्थी के पास हाईस्कूल, फिटर, टर्नर, टूल एवं डाईमेकर, मशीनिष्ट, व्यवसाय में डिप्लोमा की डिग्री होनी चाहिए। कैंटीन एवं ट्रांसपोर्ट की सुविधाएं मिलेंगी। साथ ही उन्हें 8 से 12 घंटे काम करना होगा।

काशी विद्यापीठ के डॉ. जयप्रकाश को भूटान में मिला अवॉर्ड
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ समाजशास्त्र विभाग के एसोसिएट प्रो. डॉ. जयप्रकाश यादव को भूटान में अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी में बेस्ट एकेडमिशियन का अवॉर्ड मिला। संगोष्ठी में डॉ. यादव की संपादित पुस्तक भारत रत्न : बाबा साहेब का विमोचन पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रो. संजय पासवान ने किया। प्रो. अमिता सिंह, प्रो. रेखा, प्रो. बृजेश कुमार सिंह, प्रो. भारती रस्तोगी, प्रो. तेज बहादुर सिंह, डॉ. सौम्या यादव ने बधाई दी है।

51 शक्तिपीठों और द्वादश ज्योतिर्लिंगों के संरक्षण पर दिल्ली में साधु-संत करेंगे मंथन
51 शक्तिपीठों और द्वादश ज्योतिर्लिंगों के संरक्षण से लेकर विकास पर चर्चा के लिए 18 मई को दिल्ली में मंथन होगा। इसमें देशभर से साधु-संत शामिल होंगे। काशी के भी 10 से अधिक साधु-संत जाएंगे। वे भारत के अलावा पाकिस्तान, बंग्लादेश, नेपाल और श्रीलंका में मौजूद शक्तिपीठों की स्थिति पर चर्चा करेंगे। बनारस की संस्था सेंटर फॉर सनातन रिसर्च की ओर से काशी में पिछले साल शक्तिपीठों और द्वादश ज्योतिर्लिंगों को लेकर महासमागम हुआ था।

संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. रमन त्रिपाठी ने बताया कि बांग्लादेश, पाकिस्तान और श्रीलंका में स्थित शक्तिपीठों और ज्योतिर्लिंगों के संरक्षण और जीर्णोद्धार पर चर्चा होगी। इसमें संस्था के देशभर के पदाधिकारियों के अलावा सभी तीर्थ स्थलों काशी, हरिद्वार, अमरकंटक, रामेश्वरम, अयोध्या, प्रयागराज, मथुरा आदि धार्मिक शहरों से साधु-संत शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि बनारस से भी 10 से अधिक साधु-संत पहुंचेंगे तो कुछ ऑनलाइन भी जुड़ेंगे। संस्था की 11 सदस्यीय टीम भी जाएगी।

संकल्प अन्नक्षेत्र ने किया नारायण सेवा
संकल्प संस्था के अन्नक्षेत्र की ओर से शनिवार की चौक के संकटमोचन हनुमान मंदिर परिसर में खिचड़ी का भोग लगा। इसके बाद लोगों में प्रसाद और पानी का वितरण किया गया। श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर प्रसाद ग्रहण किया।

संस्था के संरक्षक अनिल कुमार जैन ने कहा कि सेवा ही धर्म है इसी सोच के साथ भोजन करवाया जाता है। गर्मी को देखते हुए पानी की व्यवस्था की गई है। सहयोग में राजेश जैन, प्रतिमा जैन, मृदुला अग्रवाल, गिरधर दास अग्रवाल, संतोष अग्रवाल, राजेंद्र अग्रवाल, संजय अग्रवाल, पवन राय, अमित श्रीवास्तव आदि रहे।

मेधावी छात्राओं का हुआ सम्मान, नारी शक्ति को समर्पित रहा कार्यक्रम
अग्रसेन कन्या इंटर कॉलेज, मैदागिन में शनिवार को मेधावी छात्रा सम्मान समारोह में माध्यमिक शिक्षा परिषद, उत्तर प्रदेश की हाई स्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा में अच्छा प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि अपर पुलिस आयुक्त ममता रानी और सहायक पुलिस आयुक्त प्रज्ञा पाठक ने इंटर और हाई स्कूल की मेधावी छात्राओं को प्रमाण पत्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। 

इस अवसर पर उन्होंने छात्राओं को उनकी सफलता के लिए बधाई दी और भविष्य में भी कड़ी मेहनत करने के लिए प्रेरित किया। प्रज्ञा पाठक ने ज्ञानार्जन के महत्व पर जोर दिया। कॉलेज की प्रबंधक गरिमा टकसाली ने छात्राओं को लगन से पढ़ाई करने का संदेश दिया, जबकि काशी अग्रवाल समाज की प्रधानमंत्री रचना अग्रवाल ने इस आयोजन को नारी शक्ति को समर्पित बताया। कार्यक्रम का संचालन प्रतिभा श्रीवास्तव ने किया और धन्यवाद ज्ञापन कॉलेज अध्यक्ष आरसी जैन ने किया। इस अवसर पर कॉलेज की प्रधानाचार्य डॉ. संगीता बनर्जी मौजूद रहीं।

आयुर्वेद काॅलेज में 120 की हुई जांच, 20 लोगों का बीपी अधिक
वर्ल्ड हाइपरटेंशन डे के मौके पर राजकीय आयुर्वेद महाविद्यालय और चिकित्सालय में शनिवार को हुए एक कार्यक्रम में लोगों को इसके कारण, लक्षण, रोकथाम और आयुर्वेदिक उपचार के बारे में जागरूक किया गया। इस दौरान 120 लोगों के ब्लडप्रेशर की जांच की गई। 

इस दौरान 20 लेागों का बीपी सामान्य से अधिक होने पर सेहत के प्रति विशेष ध्यान देने की सलाह दी गई। कॉलेज की प्राचार्य प्रो. नीलम गुप्ता के निर्देशन और वरिष्ठ चिकित्साधिकारी डॉ. अरविंद सिंह के सहयोग से कायचिकित्सा एवं पंचकर्म विभाग के डॉ. अजय कुमार ने कायचिकित्सा की ओपीडी में आने वाले रोगियों के ब्लड प्रेशर की जांच की। 

डॉ. अजय ने बताया कि हाइपरटेंशन से बचाव के लिए पूरी नींद और नियमित व्यायाम बहुत जरूरी है। खाने में हरी सब्जियों, मौसमी फल का सेवन करते रहना चाहिए। 45 साल की उम्र के बाद समय-समय पर बीपी की जांच करवाते रहना चाहिए। कार्यक्रम में डॉ. सुरभि सिंह, डॉ. मुस्कान मौर्य और डॉ. सूरज सोनी, डॉ. निधि पांडेय आदि लोग मौजूद रहे।

प्राथमिक विद्यालय में 75 बच्चों का बांटा बैग
पिंडरा के प्राथमिक विद्यालय जमापुर में शनिवार को इनरव्हील क्लब ने 75 बच्चों को बैग बांटा। मुख्य अतिथि बीईओ पिंडरा विनोद कुमार मिश्रा ने कहा कि स्वयं सेवी संस्था की तरफ इस तरह गांवों के बच्चों को सहयोग देना सराहनीय है।

विशिष्ट अतिथि एडीओ पंचायत अशोक चौबे ने कहा कि इससे बच्चों को पढ़ाई में प्रोत्साहन मिलेगा। बैग वितरण के साथ अतिथियों ने विद्यालय के शैक्षणिक माहौल व सुंदरता पर अध्यापकों की प्रशंसा की। इस दौरान प्रधानाध्यक विनोद कश्यप, संजय गुप्ता, अरविंद वर्मा, डॉ. राजीव गौतम, तेज बहादुर मौजूद रहे।

छात्रों को मिली वास्तुशास्त्र की जानकारी
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के दीनदयाल उपाध्याय कौशल केंद्र की ओर से वास्तुशास्त्र एवं आंतरिक सज्जा विषय के चौथे सेमेस्टर के विद्यार्थियों के लिए एक शैक्षणिक भ्रमण पर विद्यार्थियों को दुर्गा कुंड क्षेत्र में एक निर्माणाधीन स्थल पर ले जाकर वास्तुशास्त्र की व्यावहारिक जानकारी दी गई। 

प्रशिक्षकों ने साइट पर प्रशिक्षण देते हुए निर्माण की बारीकियों, आंतरिक सज्जा की योजना एवं व्यावहारिक अनुप्रयोगों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। विद्यार्थियों ने स्थल निरीक्षण कर वर्तमान निर्माण कार्य, डिजाइनिंग तकनीक एवं सामग्री के उपयोग की प्रक्रिया को समझा। 

कौशल विकास केंद्र की निदेशक प्रो. विधु द्विवेदी ने बताया कि इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण से विद्यार्थियों को व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त करने और अपने कौशल को विकसित करने में मदद मिलती है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन विद्यार्थियों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। भविष्य में ऐसे शैक्षणिक कार्यक्रमों होता रहेगा।

धूप से बचाव के लिए चौराहों पर लगाएं ग्रीन नेट
तापमान में में लगातार बढोतरी को को देखते हुए रोटरी क्लब शिवगंगा के संस्थापक अध्यक्ष रविशंकर सिंह ने नगर निगम से ट्रैफ़िक सिग्नल के पास चौराहों पर ग्रीन नेट (हरी चादरें) लगाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि चौराहों पर ग्रीन नेट लगाने से सूर्य की तेज रोशनी और ताप लहर से राहगीरों को राहत मिलेगी।

खासकर दोपहिया और अन्य वाहन चालकों को रेड सिग्नल पर रुकने के दौरान मुश्किल हो जाती है। ग्रीन नेट से लोगों को राहत मिलेगी और लू लगने का खतरा भी कम होगा। बताया कि प्रयागराज में चौराहों पर इस तरह के नेट प्रयोग किए गए हैं।

दिव्यांगों को पढ़ाई के साथ रहने-खाने से लेकर मिलेंगी सभी सुविधाएं
रोहनिया विधायक डॉ. सुनील पटेल ने शुक्रवार को अमरावती पुरुषोत्तम राजकीय बहुउद्देशीय दिव्यांग विकास संस्थान खुशीपुर में दिव्यांग विद्यालय का भूमि पूजन किया। उन्होंने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण, दीप प्रज्ज्वलन करने के बाद विधिवत हवन पूजन के साथ फावड़ा चलाकर नीव की ईंट रखी। 

पूजन में उनके साथ ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि डॉ. महेंद्र सिंह पटेल, जिलाध्यक्ष अपनादल एस राजेंद्र प्रसाद शामिल हुए। विधायक ने कहा कि बचपन डे केयर सेंटर परिसर में पूर्वांचल का इकलौता ऐसा विद्यालय बनने जा रहा है जहां पर एक ही छत के नीचे दिव्यांग जनों के लिए शिक्षण, प्रशिक्षण व रहने खाने ,कृतिम अंग सहित अन्य सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने कार्यदायी संस्था को समय और सही गुणवत्ता के साथ दोनों भवनों के निर्माण हेतु निर्देशित किया। 

सहायक अभियंता ने बताया कि 1680.24 लाख रूपये की लागत से निर्माण होने वाले मुख्य भवन और छात्रावास का कार्य सीएनडीएस यूनिट 24 जल निगम वाराणसी एजेंसी द्वारा 6 सितंबर 2026 तक काम पूरा हो जाएगा। सेंटर प्रभारी रमेश सिंह ने मुख्य अतिथि को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। इस मौके पर जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी राम प्रकाश सिंह और संचालन अरविंद सिंह, प्रबंध निदेशक चंद्रावती समेत अन्य मौजूद रहे।

भेलूपुर और मलदहिया यलो जोन में, एक्यूआई 100 के पार
शहर की हवा पिछले तीन दिनों से खराब है। तीन दिनों से शहर के कई क्षेत्रों में शहर की हवा यलो जोन में बनी हुई है। शनिवार को भेलूपुर और मलदहिया सबसे अधिक प्रदूषित इलाका रहा। दोनों क्षेत्रों में एयर क्वालिटी इंडेक्स सौ के पार पहुंच गया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के समीर एप की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार शहर का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स 97 रहा। वहीं अर्दली बाजार का एक्यूआई 89, भेलूपुर का एक्यूआई 109, बीएचयू का एक्यूआई 92 और मलदहिया का एक्यूआई 104 दर्ज किया गया। 

प्रतियोगिता के विजेताओं को किया गया पुरस्कृत
गुरुनानक खालसा बालिका इंटर कॉलेज के संत रविदास व्याख्यान केंद्र में अंतरराष्ट्रीय संग्रहालय दिवस की पूर्व संध्या पर एक देश एक धड़कन कार्यक्रम की शुरुआत प्रभात फेरी से हुई। इसके बाद भाषण, सृजनात्मक लेखन, चित्रकला और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता हुईं।

इसमें विद्यालय की 100 छात्राओं ने हिस्सा लिया। प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को विद्यालय की निर्देशिका जगजीत कौर, प्रधानाचार्या सुमेधा सिंह, उपप्रधानाचार्या रश्मि सिंह और अंग्रेजी माध्यम की प्रधानाध्यापिका नीलू कौर ने पुरस्कृत किया। संचालन नोडल अधिकारी राहुल गोस्वामी ने किया।

स्कूल में मनाया गया फ्रूट डे
वार्टन पब्लिक स्कूल में फ्रूट डे मनाया गया। बच्चों ने गर्मी के मौसम में उपलब्ध फलों के कलरफुल कॉस्ट्यूम पहने साथ ही फलों को कागज पर बनाकर भी लाया। बच्चों ने फलों के रंग और उनके फायदे के बारे में आपस में जानकारी साझा की। बच्चों को फलों का जूस दिया गया।

स्कूल प्रबंधक एस. बी. केसरवानी, प्रिंसिपल रश्मि श्रीवास्तव, अध्यापिका जयंती अग्रहरि, सुष्मिता विश्वकर्मा, प्रिया कसेरा, प्रिया जायसवाल, अरीबाशमा नैंसी, अंजलि ने बच्चों को फलों में पाए जाने वाले विटामिन, खनिज और फाइबर के बारे में जानकारी दी। बच्चों ने भी गर्मी के मौसम में रसदार फल को खाने की शपथ ली।

काशी पूर्वी मटर पर किया समझौता
आईआईवीआर में शनिवार को संस्थान में विकसित मटर की अगेती किस्म काशी पूर्वी का व्यावसायिक प्रसार शनिवार को हुआ। आईआईवीआर और नवचेतना फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी के बीच लाइसेंसिंग समझौता हुआ। संस्थान की तकनीकी प्रबंधन ईकाई की ओर से आयोजित समारोह में संस्थान के निदेशक डॉ. राजेश कुमार की मौजूदगी में दोनों पक्षों ने किस्म के प्रचार-प्रसार और बीज उत्पादन पर सहमति जताई।

डॉ. राजेश कुमार ने नवचेतना संस्थान के प्रयासों को सराहा। उन्होंने कहा कि किस्म में 50 फीसदी फूल आने में 35-40 दिन और पहली तुड़ाई 65-75 दिनों में हो जाती है। इसकी औसत फली उपज 108-117 क्विंटल प्रति हेक्टेयर है। इस मौके पर प्रधान वैज्ञानिक डॉ. नीरज सिंह, डॉ. सुदर्शन मौर्या, डॉ. इन्दीवर प्रसाद, डॉ. ज्योति देवी, कंपनी के मुकेश पांडेय रहे।

मैदागिन चौराहे पर लगाया गया प्याऊ
राहगीरों को भीषण गर्मी से राहत दिलाने के लिए मैदागिन चौराहे पर निशुल्क प्याऊ का उद्घाटन हुआ। त्रिशक्ति सेवा फाउंडेशन और हिंदू युवा वाहिनी गुरु गोरखनाथ मंडल के सहयोग से लगे प्याऊ का उद्घाटन वाराणसी विकास प्राधिकरण बोर्ड के सदस्य अम्बरीश सिंह भोला और वाराणसी दवा विक्रेता समिति के महामंत्री संजय सिंह ने किया।

उन्होंने कहा कि यह पहल न केवल जनसेवा का एक उदाहरण है, बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम भी है। इससे पहले लहुराबीर चौराहे पर भी प्याऊ लगा है। इस मौके पर रुद्र प्रताप पांडेय, दिनेश अग्रहरि, गणेश वर्मा, चंदन कुशवाहा, रवि विश्वकर्मा, वीरेंद्र रावत, सीताराम अग्रहरि, अंकित गुप्ता, अंकित केशरी रहे।

डिजिटल लैंगिक समानता को देना है बढ़ावा
इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियर्स वाराणसी लोकल सेंटर और बीएसएनएल वाराणसी ने संयुक्त रूप से शनिवार को विश्व दूरसंचार एवं सूचना समाज दिवस मनाया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य डिजिटल लैंगिक समानता को बढ़ावा देना था ताकि महिलाएं और लड़कियां डिजिटल क्रांति का लाभ उठा सकें और उसमें योगदान दे सकें।

बीएचयू आईआईटी के प्रो. अनिल कुमार त्रिपाठी और बीएसएनएल के प्रधान महाप्रबंधक अनिल कुमार गुप्ता ने मुख्य वक्ता के तौर पर अपने विचार रखे। प्रो. बीएन राय, राहुल मौर्य और पंकज कुमार श्रीवास्तव ने भी सभा को संबोधित किया। सभा का संचालन संजय सिंह ने किया।

सुबह ए बनारस में रांची की रश्मि का गायन
सुबह ए बनारस में रांची की कलाकार रश्मि तिवारी का गायन हुआ। आरंभ राग भैरवी में मध्य तीनताल में निबद्ध बंदिश श्याम सुंदर...से हुआ। इसके उपरांत द्रुत एकताल में निबद्ध बंदिश श्याम सुंदर मदन मोहन...की प्रस्तुति की। समापन शिव भजन गले भुजंग भस्म अंग...से हुआ। तबले पर श्रीकांत मिश्र तथा संवादिनी पर प्रवीण कुमार सिंह ने संगत की। कलाकार को प्रमाण पत्र प्रदान सुबह ए बनारस के संस्थापक सचिव डॉ. रत्नेश वर्मा ने दिया। संचालन डॉ. प्रीतेश आचार्य ने किया।

राजेंद्र गुप्त के निधन पर हुई श्रद्धांजलि सभा
लहुराबीर चौराहा स्थित भैया जी बनारसी प्रतिमा स्थल पर उनके ज्येष्ठ पुत्र राजेंद्र गुप्त के निधन पर शनिवार को श्रद्धांजलि सभा का आयोजन हुआ। पूर्वांचल साहित्यकार, कलाकार संघ और नव सृजन फाउंडेशन की ओर से आयोजित इस सभा में नगर के साहित्यकार, कवि और समाजसेवियों ने स्व. राजेंद्र गुप्त के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी।

वह पूर्वांचल साहित्यकार और कलाकार संघ के प्रमुख महासचिव और नव सृजन फाउंडेशन के संरक्षक/ मार्गदर्शक रहे थे। अंत में दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई। श्रद्धांजलि सभा में राजेश आजाद, गंगा सहाय पांडे, गोपाल प्रसाद एडवोकेट, अनिल कुमार राय ,सूरज कपूर उपस्थित रहे।

रोजाना पांच क्विंटल कूड़े का करें उठान
डीएम सत्येंद्र कुमार ने शनिवार को लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे के विस्तारीकरण के कार्यों का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने आरआरसी सेंटर गंजारी का निरीक्षण किया। डीएम ने कहा कि रोजाना कम से कम पांच क्विंटल कूड़े का उठान करें। कहा कि प्लास्टिक के कूड़े का भी निस्तारण करें।

काशी को गर्मी और वायु प्रदूषण से निजात दिलाएगा राहत सिस्टम
भीषण गर्मी और वायु प्रदूषण से काशीवासियों को राहत देने के लिए नई टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल किया जाएगा। वीडीए एक नया राहत सिस्टम लाने जा रहा है, जिससे लोगों को तपन और शहर की खराब आबोहवा से राहत मिलेगी। यह प्रणाली एक नियंत्रित दबाव पर विशेष द्रर्व पदार्थ को सूक्ष्म कणों में परिवर्तित कर वातावरण में फैलाती है, जिससे तापमान में औसतन 15 से 18 डिग्री सेल्सियस तक की कमी लाई जा सकती है। 

इसका उपयोग प्रमुखतः मंदिर परिसरों, भीड़भाड़ वाले बाजारों, सार्वजनिक स्थलों और अन्य गर्म वातावरण वाले क्षेत्रों में किया जाएगा। सिस्टम में मल्टी जोनल डिस्पर्सल यूनिट्स और हाई-एफिशिएंसी फ्लो मैनेजमेंट तकनीक शामिल होती हैं, जो समान और संतुलित माहौल बनाती हैं। राहत सिस्टम पर्यावरण को शीतल, स्वच्छ और आरामदायक बनाने में मदद करेगा।

ऋतिक की बांसुरी से सजी घाट संध्या
सुबह ए बनारस आनंद कानन की ओर से आयोजित जिला प्रशासन की पहल पर घाट संध्या शनिवार को हुई। युवा कलाकार ऋतिक शुक्ला ने बांसुरी वादन किया। वादन की शुरूआत राग यमन में मध्य तीन ताल में निबद्ध स्वर रचना से हुई। साथ ही द्रुत एकताल में निबद्ध रचना बजाकर आनंदित किया। इसके उपरांत शिव भजन शिव कैलाश के वासी की प्रस्तुति दी। समापन श्रीकृष्ण गोविंद हरे मुरारी...की अवतारणा से हुआ। तबले पर भास्कर प्रसाद मिश्र ने संगत की। कलाकारों को प्रमाणपत्र डॉ. रवि कुमार ने दिया। संचालन डॉ. प्रीतेश आचार्य ने किया।

आर्य महिला इंटर कॉलेज में शिक्षक-अभिभावक संघ की हुई बैठक
आर्य महिला इंटर कॉलेज में शनिवार को शिक्षक-अभिभावक संघ की बैठक हुई। छात्राओं की नियमित उपस्थिति और शैक्षणिक मूल्यांकन पर विचार-विमर्श किया गया। कक्षा 10 की उत्तीर्ण छात्राओं के प्रवेश पर चर्चा हुई। कक्षा 8 की तीन छात्राओं को राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति की तैयारी कराने पर सहमति बनी।

कक्षा 6 और 11 की छात्राओं को कन्या सुमंगला योजना के फॉर्म भरवाने के लिए प्रेरित किया गया। ग्रीष्मावकाश में छात्राओं के लिए गायन, तबला वादन और ध्यान जैसे कौशल सिखाने लिए समर कैंप आयोजित करने की जानकारी दी गई। प्रधानाचार्या डॉ. प्रतिभा यादव ने अभिभावकों विस्तार से जानकारी दी। 

बीएचयू में डीन को 2 घंटे तक कार्यालय में ही रोका
बीएचयू में सेमेस्टर परीक्षा के बीच मेस न चलने से कमच्छा कैंपस के शिक्षा संकाय में छात्रों का गुस्सा फूटा। एनी बेसेंट हॉस्टल के 70 छात्रों ने ऑफिस की तालाबंदी कर दो घंटे तक डीन को बाहर नहीं निकलने दिया। जमकर नारेबाजी की गई। छात्रों ने कहा कि न तो हॉस्टल में वार्डेन हैं और न ही 15 दिनों से मेस ही चल रही है। परीक्षा के दिनों में ऐसी स्थिति बहुत परेशान करने वाली है। 

कार्यालय में छात्रों और डीन के बीच काफी तीखी बहसबाजी भी हुई। बीएड दूसरे सेमेस्टर और अन्य छात्रों ने कहा कि खराब मेस व्यवस्था को ठीक किया जाए। काफी देर तक चली बहस के बाद डीन ने सभी छात्रों को टिफिन का खाना मंगवाया और 24 घंटे में समाधान का मौखिक आश्वासन भी दिया गया, जिसके बाद छात्रों ने धरना समाप्त कर दिया। छात्रों ने कहा कि इस बीच बीएचयू मेन कैंपस के कई अधिकारियों को फोन किया गया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई। 

काशी वंदन में सरिता ने बांधा सुरों से समां
जिला प्रशासन की ओर से आयोजित होने वाले काशी वंदन सांस्कृतिक कार्यक्रम में गायिका सरिता सेठ ने प्रस्तुति दी। इसमें प्रसिद्ध भजन, शिव नाम से..., सत्यम शिवम सुंदरम...,छाप तिलक सब छीनी...,मैया ओ गंगा मैया और अंत में एक धुन गाकर कार्यक्रम को समाप्त किया। संगत कलाकारों में हीरा लाल बैंजो,किशन साहनी नाल एवं पैड पर गौरव पांडेय ने संगत की। संयोजन एवं धन्यवाद ज्ञापन अंशुमान महाराज ने किया। 

सैनिकों पर पूरे देश को गर्व हैं : अनिल राजभर
श्रम मंत्री अनिल राजभर के नेतृत्व में शनिवार को भारतीय सेना के सम्मान में शिवपुर विधानसभा के रसूलगढ़ चौराहे से सलारपुर सतरंगी तिराहा तक भव्य शौर्य तिरंगा यात्रा निकाला गई। लोग अपने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लहराते हुए भारत माता की जयकार करते हुए आगे बढ़ते जा रहे थे।

श्रममंत्री ने कहा कि देश के इन्हीं वीर सैनिकों की वजह से देशवासी अपने घरों में सुरक्षित रहते हैं। इन सैनिकों पर पूरे देश को गर्व है। यात्रा में मंत्री के प्रतिनिधि संजय सिंह, कमलेश मौर्य, प्रकाश राजभर, राजन मिश्रा, दीपक गुप्ता, दीपू, शशिकांत गिरी मौजूद रहे।

विदुषी ने सुनाया मोहे छेड़ो नहीं श्याम...
छावनी परिषद एवं दीपिका कल्चरल सोसायटी ऑफ इंडिया ने शनिवार को वरुणा संध्या का आयोजन किया। कैंटोनमेंट के नेहरू पार्क में आयोजित वरुणा संध्या में विदुषी वर्मा ने राग बागेश्री में बड़ा ख्याल व छोटा ख्याल की प्रस्तुति दी। इसके बाद दादरा मोहे छेड़ो नहीं श्याम एवं अंत में भजन हे राम हे राम, जग में सांचों तेरो नाम... प्रस्तुत कर समाप्त किया।

तबले पर मास्टर रुद्रांश प्रताप सिंह ने एवं हारमोनियम पर ओम प्रकाश पांडेय ने साथ दिया। कलाकारों को प्रमाण पत्र मुख्य अतिथि कर्नल संदीप शर्मा एवं दीपिका कल्चरल सोसाइटी ऑफ इंडिया के अध्यक्ष अजय गुप्ता ने संयुक्त रूप से प्रदान किया। परिषद के अभियंता सचिन कुमार श्रीवास्तव ने ज्ञापित किया। इस दौरान डी के मिश्रा, दुर्गा प्रसन्ना, विनय वर्मा, बलवंत सिंह, रमेश कुमारउपस्थित रहे।

संग्रहालय दिवस... एक देश एक धड़कन थीम पर छात्रों ने निकाला तिरंगा यात्रा
अंतरराष्ट्रीय संग्रहालय दिवस के अवसर पर गंगापुर इंटर कॉलेज में एक देश एक धड़कन थीम पर तिरंगा यात्रा निकाली गई। छात्र-छात्राएं हाथों में तिरंगा लेकर भारत माता की जय, वंदे मातरम, ऑपरेशन सिंदूर के समर्थन में नारेबाजी की।

शौर्य यात्रा के बाद छात्रों ने विद्यालय में आयोजित पेंटिंग्स प्रतियोगिता तथा निबंध लेखन प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। कार्यक्रम में सांस्कृतिक स्रोत एवं प्रशिक्षण केंद्र से जुड़े छात्र, प्रधानाचार्य डॉ. प्रकाश सिंह, प्रभारी प्रवीण सिंह, स्काउट शिक्षक पीके़सिंह, शामिल रहे। 

कवि राजेंद्र गुप्त को दी गई श्रद्धांजलि
साहित्यकार भैयाजी बनारसी के पुत्र कवि व समाजसेवी राजेंद्र गुप्त को शनिवार को श्रद्धांजलि दी गई। लहुराबीर चौराहा स्थित भैयाजी बनारसी के प्रतिमा स्थल पर श्रद्धांजलि सभा हुई। इस दौरान नव सृजन फाउंडेशन,भारतीय जर्नलिस्ट वेलफेयर एसोसिएशन तथा पूर्वांचल कलाकार एवं साहित्यकार संघ द्वारा श्रद्धांजलि सभा में दो मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति की प्रार्थना की गई। दिवंगत आत्मा की शांति के लिए दीप जलाया गया।

बनारस और सिटी स्टेशन पर 20 रुपये में बिक रहा अनधिकृत ब्रांड का बोतलबंद पानी
पूर्वोत्तर रेलवे के बनारस और वाराणसी सिटी रेलवे स्टेशन पर रेल यात्रियों को अनाधिकृत ब्रांड का बोतलबंद पानी बेचा जा रहा है। 15 रुपये का पानी 20 रुपये में वेंडर बेच रहे हैं। बनारस स्टेशन पर तो अवैध वेंडर भी माल की सप्लाई कर रहे हैं। 

शनिवार को 55132 प्रयागराज बलिया पैसेंजर समेत अन्य ट्रेनों में रेल नीर के बजाय अनधिकृत ब्रांड का पानी 20 रुपये प्रति बोतल बेचा गया। यात्री आशुतोष कुमार तिवारी ने रेल सेवा एक्स पर ट्वीट करके शिकायत दर्ज कराई। बनारस स्टेशन पर सुबह से लेकर दोपहर और रात के समय शिवगंगा, बनारस-नई दिल्ली समेत स्पेशल ट्रेनों में अवैध वेंडर अनाधिकृत ब्रांड के बिस्किट, नमकीन और बोतलबंद पानी बेच रहे हैं। 

आरपीएफ और जीआरपी के सामने से वेंडर अनाधिकृत ब्रांड का पानी लेकर कोच में सवार होते हैं लेकिन इन पर कोई कार्रवाई नहीं हैं। महमूरगंज के एक ठेकेदार के इशारे पर अनाधिकृत ब्रांड का बोतलबंद पानी बेचा जा रहा है। उधर, अनाधिकृत ब्रांड के पानी बिक्री की शिकायत पर रेल सेवा ने इस मामले की जांच आरपीएफ को सौंपी है।

मंडुवाडीह में सीवर और जल आपूर्ति की समस्या होगी दूर, मेयर ने दी सौगात
नगर निगम की ओर से शनिवार को वार्ड संख्या 6 मंडुवाडीह में सीवर और जल आपूर्ति की सौगात दी गई। महापौर अशोक कुमार तिवारी ने डिहवा क्षेत्र में नई सीवर लाइन तथा गणेश मंदिर के पास नलकूप रिबोरिंग कार्य का शिलान्यास किया। डिहवा क्षेत्र में सीवर लाइन बिछाने का कार्य एक करोड़ 92 लाख 86 हजार रुपये की लागत से किया जाएगा। 

जल संकट को दूर करने के लिए गणेश मंदिर के समीप नलकूप के रिबोरिंग कार्य की शुरुआत की गई है। इसकी लागत 47 लाख 95 हजार रुपये है। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि सिद्धार्थ मौर्या, पार्षद राजेश कन्नौजिया, पुन्नू बिंद, प्रदीप प्रजापति, विवेक कुशवाहा और श्याम आसरे मौर्या उपस्थित रहे। 

लंका पुलिस ने गायिका विदुषी वर्मा को किया सम्मानित
काशी की शास्त्रीय गायिका विदुषी वर्मा को शनिवार लंका इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने सम्मानित किया। विशिष्ट गायन प्रतिभा के साथ सीबीएसई इंटरमीडिएट बोर्ड की परीक्षा में 87.6 प्रतिशत अंक मिलने पर उन्हें सम्मानित किया गया। शिवाकांत मिश्रा ने कहा कि विदुषी के अंदर असीमित संभावनाएं हैं।

विदुषी से उम्मीद है कि वह बनारस की संगीत परंपरा को देश -विदेश तक पहुंचाएंगी। इस अवसर पर उप निरीक्षक अभिषेक सिंह, महिला उपनिरीक्षक शिप्रा सिंह, महिला आरक्षी प्रिया, महिला आरक्षी सुनीता, का0 आसीस का0 हृदय व अन्य लोग मौजूद रहे।

मंडलीय गोष्ठी में जुटेंगे 10 जिलों के 500 किसान
काशी में 23 मई को 10 जिलों के पांच सौ से अधिक किसान जुटेंगे। वाराणसी, आजमगढ़ एवं विंध्याचल मंडल की मंडलीय खरीफ उत्पादकता गोष्ठी उन्हें उन्नत बीजों, उर्वरक प्रबंधन, कीट नियंत्रण, सिंचाई व्यवस्थाओं, बाजार से जुड़ाव सहित सरकारी योजनाओं से रूबरू कराया जाएगा। 

मुख्य अतिथि प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही सहित तमाम विभागों के प्रदेश स्तर के अधिकारी भी शामिल होंगे। मंडलीय गोष्ठी गिरिजा देवी सांस्कृतिक संकुल चौकाघाट में 23 मई को सुबह 10:30 बजे से शुरू होगी। संयुक्त निदेशक कृषि शैलेंद्र कुमार ने बताया कि कृषि उत्पादन आयुक्त अध्यक्षता में गोष्ठी कृषि मंत्री, कृषि राज्य मंत्री के अलावा अन्य विभागों के उच्च अधिकारी, मंडलीय अधिकारी और तीनों मंडलों के 500 अधिक किसान भाग लेंगे। 

संबंधित विभागों, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय संस्थानों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएंगी। उन्होंने बताया कि गोष्ठी में किसानों को खरीफ फसलों से संबंधित नवीनतम वैज्ञानिक तकनीकों, उन्नत बीजों, उर्वरक प्रबंधन, कीट नियंत्रण, सिंचाई व्यवस्था आदि के बारे में चर्चा होगी।

भाविप के पदाधिकारियों ने संभाला पदभार
भारत विकास परिषद काशी का दायित्व ग्रहण समारोह स्वर्णोदय का आयोजन शनिवार को कैंटोनमेंट स्थित एक होटल में हुआ। इसमें नई कार्यकारिणी ने पदभार संभाला। अध्यक्ष मनीष अग्रवाल, संयोजिका अदिति अग्रवाल, सचिव राकेश ढोंडी एवं कोषाध्यक्ष मनोज शाह को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। 

मुख्य अतिथि श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास के मुख्य कार्यपालक अधिकारी विश्व भूषण मिश्रा और प्रांतीय संरक्षक ब्रह्मानंद पेशवानी ने नई टीम को बधाई दी। मनीष अग्रवाल ने कहा कि जो मुझे ज़िम्मेदारी सौंपी गई है, मैं उसे केवल एक कर्तव्य नहीं, बल्कि एक आस्था के वटवृक्ष के रूप में स्वीकार करता हूं। 

निवर्तमान अध्यक्ष अजय गौतम और सचिव निशांत केशरी ने विगत सत्र में किए गए सेवा कार्यों का विवरण और सचिव राकेश ढोंडी ने आगामी सत्र के कार्यक्रमों की रूपरेखा प्रस्तुत की। संचालन दिनेश गर्ग एवं रेणु निगम तथा धन्यवाद ज्ञापन प्रेम पेशवानी ने किया। इस मौके पर पर्यवेक्षक अमित अग्रवाल, देवप्रमोद अग्रवाल, नंद किशोर झंवर, दीपक माहेश्वरी, विशाल कपूर, नीरजा अग्रवाल आदि रहीं।

बनारस बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष का निधन
बनारस बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष मोहन सिंह यादव के असामयिक निधन पर शनिवार को सभागार कक्ष में आहूत की गई। सेंट्रल और बनारस बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने पूर्व अध्यक्ष को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए संपूर्ण दिवस न्यायिक कार्य से विरत रहने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया। 

इसके बाद जनपद न्यायाधीश के न्यायालय में कोर्ट रिफरेंस और श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। श्रद्धांजलि सभा की अध्यक्षता जिला जज जय प्रकाश तिवारी और संचालन सेंट्रल बार एसोसिएशन के महामंत्री राजेश गुप्ता ने किया। मंगलेश दूबे, सतीश तिवारी व शशांक श्रीवास्तव, हरिशंकर सिंह, विजय शंकर रस्तोगी रहे।

गंगा के तट पर लोक गायन से शुरू हुई गंगा संस्कृति यात्रा
दो दिवसीय गंगा सांस्कृतिक यात्रा की शुरूआत शनिवार को अस्सी घाट से हुई। कार्यक्रम की पहली निशा लोककला व संस्कृति को समर्पित रही। वाराणसी के आचार्य आदित्य एवं दल ने शंख वादन से शुभांरभ किया। गंगा तट शंख ध्वनि से गूंजता रहा। अगली प्रस्तुति बिहार से आई लोकगायिका चंदन तिवारी ने हरदम बोला शिव बम बम बम..., निमिया के डाढ़ मईया डालेली असनवा की झूमी झूमी न की... अपनी मधुर प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया।

वाराणसी के गौरी कला मंडप ने दहिया, झूमर कजरी और फूलों की होली लोकनृत्य की प्रस्तुति देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। संचालन शरद मिश्रा तथा ललिता शर्मा ने किया। इस दौरान विधायक सौरभ श्रीवास्तव, मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु नागपाल, अपर पुलिस आयुक्त चन्नप्पा शिवसिम्पी, आशीष गिरि, मदन मोहन मणि मौजूद रहे।

कार्यशाला में मार्शल आर्ट का दिया प्रशिक्षण
मणि मेमोरियल सोसाइटी की ओर से ग्रीष्मकालीन कार्यशाला शनिवार को संपन्न हुई। 12 मई से 17 मई कार्यशाला में 200 खिलाड़ियों को आत्मरक्षा के लिए मार्शल आर्ट की ट्रेनिंग दी गई। मुख्य अतिथि आयुर्वेदिक चिकित्सक पहड़िया डॉ. हरिओम पाण्डेय ने खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। इस मौके पर सक्षम काशी प्रांत के सचिव घनश्याम पांडेय, बीबी भास्कर राव, अन्नपूर्णा राव मौजूद थे। 

शहर में घूम रही गार्नियर कलर वैन, बालों को नया रूप देने का मौका
अमर उजाला और गार्नियर के संयुक्त प्रयास से चल रही गार्नियर कलर वैन कैंपेन में वैन शहर में घूम रही है। इसमें बालों को नया रंग देने और हेयर कलरिंग से जुड़ी जानकारी दी जा रही है।लोगों की पसंद के अनुसार बालों को नया रूप देने का मौका भी मिल रहा है। रविवार को कलर वैन चांदमारी इलाके में रहेगी।

कलर वन कैंपेन के तहत एक खास तरह की सुसज्जित कैंटर वैन काशी की गलियों में घूम रही है। इसमें लोगों को बिना किसी खर्च हेयर कलर और एक्सपर्ट कंसल्टेशन की सुविधा दी जा रही है।

गार्नियर कलर वैन रविवार को चांदमारी में रहेगी। इस बारे में कोई भी जानकारी सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक मोबाइल नंबर 9839933379 पर ली जा सकती है। इसके बाद 19 को बड़ालालपुर, 20 को अर्दली बाजार, 21 मई को कहचरी, 22 को पांडेयपुर, 23 मई को पहड़िया, 24 को सारनाथ और 25 मई को आशापुर में वैन मौजूद रहेगी। यहां लोग निशुल्क अपने बालों को कलर करवा सकेंगे।

आंगनबाड़ी केंद्र के बच्चे सीख रहे एरोबिक्स
महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से लल्लापुर खुर्द आंगनवाड़ी केंद्र में बच्चों को रिदमिक एरोबिक्स का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। लालपुरा खुर्द वार्ड के 6 साल के बच्चों को प्री स्कूल एजुकेशन दी जाती है। इसमें बच्चों खेल-खेल में गतिविधि करते हैं। अंतरराष्ट्रीय एथलीट डॉ. नीलू मिश्रा के निर्देशन में बच्चे रिदमिक एरोबिक्स सीख रहे हैं। छोटे बच्चों के मसल्स बहुत फ्लेक्सिबल होती है।

500 दिव्यांगों को दिया सहायक उपकरण
जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग की ओर से 13 मई से हर ब्लाॅक के न्याय पंचायतवार चिह्नांकन शिविर में अब तक पांच सौ से अधिक दिव्यांगों को विभिन्न योजनाओं के लिए चिह्नित किया गया है। जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी आरपी सिंह ने बताया कि 208 यूटीआईडी कार्ड, 212 चिकित्सा प्रमाण पत्र, शादी योजना के दो, व्यापार योजना में सात, राशन कार्ड या फैमिली आईडी के लिए 154, कृत्रिम अंग व सहायक उपकरण के लिए 160, पेंशन योजना में 48, कन्या सुमंगला योजना में एक ने आवेदन किया है। हर ब्लाॅक के एक न्याय पंचायत प्रतिदिन शिविर में लगाया जाता है। यह 31 मई तक चलेगा।

छितौनी और ठठरा में बनेगा मॉडल सामुदायिक भवन 
वीडीए रोहनिया विधानसभा क्षेत्र के छितौनी गांव और सेवापुरी विधानसभा के ठठरा गांव में मॉडल सामुदायिक भवनों का निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। वोकल फॉर लोकल पहल के अनुरूप, इन भवनों की वास्तुकला में स्थानीय हस्तशिल्प की झलक प्रमुखता से दिखाई देती है। 

डिजाइन में स्थानीय कालीन और साड़ी बुनकरों की पारंपरिक कारीगरी से प्रेरणा ली गई है। वीडीए वीसी पुलकित गर्ग ने बताया कि विशेष पहलू यह है कि भवनों के अग्रभाग (फसाड) में प्रीकास्ट कंक्रीट पैनलों का उपयोग किया जाएगा। इनमें पारंपरिक स्थानीय कारीगरों से प्रेरित कलात्मक डिजाइन उकेरे जाएंगे, जो कला और मजबूती का सुंदर संयोजन होगा। इसमें पीवीसी फ्लूटेड सीलिंग पैनल, एसीपी क्लैडिंग, डिजाइनर फ्लोर टाइल्स, और फिलिप्स की आधुनिक लाइटिंग और आंतरिक सज्जा की जाएगी। 

इसके अलावा ध्वनि रोधी पैनल, आधुनिक शौचालय और लाइटिंग सिस्टम की भी व्यवस्था की जाएगी। इससे यह भवन सामुदायिक कार्यक्रमों, उपयोग के लिए उपयुक्त बन सकेगी। छितौनी सामुदायिक भवन की अनुमानित लागत लगभग 2 करोड़ 73 लाख 66 हजार रुपये है। जबकि ठठरा सामुदायिक भवन की अनुमानित लागत लगभग 2 करोड़ 75 लाख 58 हजार रुपये है। 

असि नदी के 25 मीटर ग्रीन बेल्ट में जारी है निर्माण
असि नदी की दुर्दशा पर असि बचाओ संघर्ष समिति ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखा है। पत्र में लिखा गया है कि असि नदी का पाटा जाना दुखद और अविश्वसनीय है। असि के किनारे घोषित 25 मीटर के ग्रीन बेल्ट क्षेत्र निर्माण प्रतिबंधित क्षेत्र है, लेकिन उसमें अनवरत अतिक्रमण जारी है। पहले ही अपने अस्तित्व के लिए जूझ रही असि के किनारे थोड़ी बहुत बची खाली जमीन पर भी लोग कब्जा करके असि की पूर्णरूप से हत्या करने पर आमादा हैं।

मुख्यमंत्री को लिखे गए पत्र में समिति संयोजक गणेश शंकर चतुर्वेदी ने कहा है कि वाराणसी शहर को नाम देने वाली दो नदियों वरुणा और असि में से असि की निर्मम हत्या हो गई है। हर तरफ धुप्प अंधेरा और चुप्पी में वाराणसी असि विहीन हो गई है। 

संकटमोचन पुलिया रविंद्रपुरी पुल के बीच में असि की जमीन अभी खाली है जिसमें घसियारी टोला के समीप कुछ भू अपराधियों ने जमीन को बकायदा सीमेंट की रेडिमेड चहारदीवारी में कैद कर दिया है। उन्होंने कहा कि पर्यावरणीय महत्व से इतर आध्यात्मिक महत्व में भी असि गंगा से कमतर नहीं हैं। मुख्यमंत्री को पत्र लिख कर कहा कि आपके कार्यकाल में असि का पाटा जाना दुखद और अविश्वसनीय है। 

समर स्पेशल में टिकट चेक कर रहा था फर्जी टीटीई
आनंद विहार से जोगबनी जा रही 04094 समर स्पेशल ट्रेन के एस-8 में फर्जी टीटीई के टिकट चेक करने का वीडियो वायरल हुआ है। यात्री ने टीटीई की वीडियो बनाते हुए एक्स पर रेल अधिकारियों को ट्वीट किया है। ट्रेन के कैंट स्टेशन पर रुकने के बाद टीटीई के कोच में सवार होनेे का आरोप है। 

रेल सेवा के एक्स हैंडल ने डीआरएम लखनऊ को जांच को निर्देशित किया है। यात्री मनीष ने 16 मई की रात 12 बजे के बाद एक्स पर वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि फर्जी टीटीई वाराणसी कैंट स्टेशन पर ट्रेन के एस-8 में सवार हुआ।

गले में इंडियन रेलवे का आईकार्ड छुपा रखा था। यात्रियों के टिकट चेक कर रहा था। उसकी हरकतों से लगा ही नहीं कि वह टीटीई है। इस संबंध में आरपीएफ इंस्पेक्टर संदीप यादव और जीआरपी इंस्पेक्टर हेमंत सिंह ने बताया कि किसी तरह की कोई शिकायत नहीं मिली है। 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed