News: वाराणसी में तीन जगह पर मिली लाश, दो अवैध निर्माण VDA ने कराए सील; पढ़ें जिले की खास खबरें
वाराणसी में कैंट, चोलापुर और भेलूपुर थाना क्षेत्र में तीन लाशें मिलने से सनसनी मच गई। पुलिस ने लाश को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। वहीं, वीडीए की ओर से दो अवैध निर्माण सील कराए गए। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
विस्तार
Varanasi News Today: लोहता के बेदौली गांव में चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाया। रविवार को भुक्तभोगी की सूचना पर लोहता थाने की पुलिस मौका मुआयना करने पहुंची। चंदौली के मूल निवासी सत्यनारायण चौहान बेदौली में मकान बनाकर रहते हैं।
विगत 14 मई को वह परिवार के साथ चंदौली गए थे। वह जब आए तो उन्होंने देखा कि मेन गेट, घर के दरवाजों और आलमारी का ताला टूटा था। घर के अंदर से सोने की अंगूठी, झुमका, मंगलसूत्र व चेन, चांदी की पायल व कटोरी और 25 हजार रुपये गायब थे। सत्य नारायण चौहान की सूचना पर पुलिस इलाके के सीसी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
खंडहरनुमा मकान में युवक का शव मिला
कैंट थाना क्षेत्र के सिकरौल स्थित एक खंडहरनुमा मकान में रविवार को एक युवक का शव मिला। सूचना पाकर पहुंची पुलिस शव की पहचान नहीं करा सकी। पुलिस के अनुसार युवक की उम्र लगभग 30 वर्ष प्रतीत हुई है। वहीं, स्थानीय लोगों ने आशंका जताई कि नशे के लिए ही वह आया होगा। पुलिस शव को मोर्च्युरी में रखवा कर उसकी पहचान कराने का प्रयास कर रही है।
चोलापुर क्षेत्र में सड़ा-गला शव मिला, नहीं हुई पहचान
चोलापुर के धरसौना गांव के समीप वाराणसी-आजमगढ़ फोरलेन के किनारे रविवार को सड़क के किनारे झाड़ी में सड़ा-गला शव मिला। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस यह भी स्पष्ट नहीं करा सकी कि शव पुरुष या महिला में से किसका है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। चोलापुर थानाध्यक्ष राकेश कुमार गौतम ने बताया कि शव पूरी तरह से सड़ गया है और एक सप्ताह से ज्यादा पुराना हो सकता है। पोस्टमार्टम के बाद ही शव के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।
गंगा में उतराया मिला शव, नहीं हुई पहचान
भेलुपुर थाना क्षेत्र के पंपवा घाट के सामने रविवार की सुबह गंगा में एक व्यक्ति का शव उतराया मिला। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को गंगा से बाहर निकलवाया, लेकिन उसकी पहचान नहीं करा सकी। पुलिस के अनुसार शव लगभग 50 वर्षीय व्यक्ति का है। पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है।
दो अवैध निर्माण वीडीए ने कराए सील
वीडीए की ओर से रविवार को दो अवैध निर्माण सील कराए गए। मुगलसराय वार्ड के सुभाष नगर में केडी मिश्रा और बेचूपुर में सतनाम सिंह की ओर से अवैध निर्माण किया जा रहा था। पूर्व में इन्हें नोटिस दिया गया था। बावजूद इसके काम जारी रखने पर वीडीए की प्रवर्तन टीम ने अवैध निर्माण को सील करके थाने की अभिरक्षा में सुपुर्द किया। मौके पर जोनल अधिकारी सिंह गौरव जय प्रकाश, अवर अभियंता अशोक कुमार की अगुवाई में कार्रवाई की गई।
चुराई गई 2.4 क्विंटल सरिया के साथ एक गिरफ्तार
लोहता थाने की पुलिस को सोनभद्र के राबर्ट्सगंज निवासी धीरज सिंह ने बताया कि वाराणसी-भदोही फोरलेन के दोनों तरफ नाले के निर्माण का ठेका उनके पास है। निर्माण सामग्री के लिए उन्होंने गोपालपुर में सिटकहवा बाबा के मंदिर के पास यार्ड बना रखा है। शनिवार की रात चोर उनका सरिया चुरा ले गए। लोहता थानाध्यक्ष निकिता सिंह ने बताया कि 2.4 क्विंटल सरिया और घटना में प्रयुक्त मैजिक के साथ खेवली भतसार निवासी चंदन चौहान को गिरफ्तार कर लिया गया है।
कार चालक की पिटाई, मुकदमा दर्ज
सिगरा चौराहे पर पास लेने के विवाद में स्कूटर सवार ने कार चालक की पिटाई कर दी। वाहन स्वामी की तहरीर पर सिगरा थाने में रविवार को अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलि सीसी फुटेज की मदद से हमलावर की तलाश की जा रही है। भेलूपुर थाना क्षेत्र के डेडियावीर निवासी रविंद्र सिंह के अनुसार वह शनिवार की रात दो बजे बक्सर (बिहार) से घर लौट रहे थे। सिगरा चौराहे पर पास लेने के विवाद में स्कूटर सवार ने कार चालक विनोद की पिटाई कर दी।
भत्तवान के दौरान फायरिंग करने वाला जेल गया
सारनाथ थाने की पुलिस ने लेढ़ूपुर निवासी धीरज तिवारी उर्फ धीरू को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया। उसके पास से एक देसी पिस्टल और कारतूस बरामद किया गया है। सारनाथ थानाध्यक्ष के अनुसार गत शुक्रवार की रात तिलमापुर में धीरज की रिश्तेदारी में भत्तवान के कार्यक्रम का आयोजन था। उसी दौरान वह देसी पिस्टल से फायरिंग कर एक युवती और एक वृद्धा को घायल कर दिया था।
तमिलनाडु की वृद्धा को पुलिस ने घर भिजवाया
तामिलनाडु के कृष्णागिरी जिले से काशी भ्रमण के लिए गत बृहस्पतिवार को अकेले आईं 80 वर्षीय सेनम्मल अन्नामलाई भटक गईं। शनिवार को वह भटकते हुए कोतवाली थानाध्यक्ष दयाशंकर सिंह से मिलीं। एडीसीपी काशी जोन सरवणन टी ने बताया कि वृद्धा के पास उनके परिजनों का नंबर भी नहीं था।
कोतवाली थानाध्यक्ष ने उनके आधार कार्ड की मदद से उनके जिले की पुलिस से संपर्क कर उनके परिजनों से बातचीत की। इसके बाद उन्हें महिला पुलिसकर्मी के साथ पीडीडीयू जंक्शन भेज कर संघमित्रा सुपरफास्ट एक्सप्रेस से उन्हें उनके घर के लिए रवाना किया गया। रास्ते में उन्हें कोई दिक्कत न हो, इसके लिए ट्रेन में चल रहे जीआरपी के कर्मियों को भी ध्यान देने को कहा गया है।
10 बड़े बकायेदारों पर होगी कार्रवाई
जिला अल्पसंख्यक विभाग के टर्मलोन योजना के तहत लिए लोन की रकम नहीं लौटाए जाने पर ऐसे लोगों पर कार्रवाई होगी। विभाग की ओर से ऐसे 10 बड़े बकायेदारों पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। ये वे लोग हैं जो पांच से 30 लाख रुपये लोन लिए हैं। उप निदेशक अल्पसंख्यक संजय कुमार मिश्र ने बताया कि अल्पसंख्यक विभाग के प्रबंध निदेशक से निर्देशित किया गया है कि 15 दिनों में बकाए की राशि नहीं देते हैं तो 10 बड़े बकायेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
सस्ते और सुरक्षित भवन निर्माण का लिया संकल्प
एसोसिएशन आफ प्रोफेशनल ग्रेजुएट सिविल इंजीनियर वाराणसी इकाई का स्थापना दिवस रविवार को कैंटोमेंट के सूर्या होटल में मनाया गया। कार्यक्रम का नाम आधारशिला 2025 दिया गया। इसमें संस्था के विगत 22 वर्ष पूरे होने पर सस्ता एवं सुरक्षित भवन निर्माण का सदस्यों ने संकल्प लिया।
शुभारंभ संगठन के अध्यक्ष इंजीनियर अनिल किंजवाडेकर ने किया। गणेश वंदना की। दर्शना सत्संगी ने गिटार पर मैशप गीत गाया। इंजीनियर कुमार नीरज और विवेक नारायण ने गीत प्रस्तुत किए। उपाध्यक्ष कृपाशंकर सिंह, महामंत्री देवेन्दू सिंह, सचिव अभिषेक दूबे मौजद रहे । कार्यक्रम का संचालक इंजीनियर संजय सिंह ने किया।
उत्कर्ष टावर हरहुआ में 101 यूनिट रक्तदान
उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक लिमिटेड की कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत उत्कर्ष वेलफेयर फाउंडेशन की ओर से हरहुआ उत्कर्ष टावर में रक्तदान शिविर लगा। इस दौरान 101 यूनिट रक्तदान कर लोगों ने जरूरतमंद मरीजों की सेवा करते रहने का संकल्प लिया। दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल के ब्लड बैंक की टीम ने लोगों को रक्तदान का महत्व बताया। उत्कर्ष वेलफेयर फाउंडेशन ने सभी रक्तदाताओं के इस प्रयास की सराहना करते हुए इस कार्य को प्रेरणादायी बताया गया।
किसानों के समूह बनाए जाएंगे
रसायन मुक्त खेती को बढ़ावा देने के लिए नमामि गंगे परियोजना के तहत जिले में जैविक खेती का दायरा बढ़ाया जाएगा। सभी विकास खंडों में जैविक खेती के लिए 20 हेक्टेयर क्षेत्र में पांच से दस किसानों के समूह गठित किए जाएंगे। किसानों को जैविक खेती की आधुनिक तकनीक बताई जाएगी।
मृदा स्वास्थ्य प्रबंधन, जैविक उर्वरकों का उपयोग, प्राकृतिक कीट नियंत्रण जैसे विषयों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। कृषि उप निदेशक अमित जायसवाल ने बताया कि जिले में जैविक खेती के लिए बीते साल से जागरूक किया जा रहा है।
पीडीए समाज की एकजुटता पर जोर
चिरईगांव शिवपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत शंकरपुर में रविवार को मंझारी बाबा मंदिर के पास सपा की मासिक बैठक हुई। इसमें पूर्व विधायक उदय लाल मौर्य ने कहा कि पीडीए समाज की एकजुटता पर जोर दिया। विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष अक्षय कुमार बबलू प्रधान हीरा लाल मौर्य, उमेश यादव, बाला लखेंद्र राजभर, सुरेश मौर्य, गोविंद पटेल संजय सोनकर शामिल रहे।
मंडलीय गोष्ठी में जुटेंगे 500 किसान, कृषि मंत्री होंगे शामिल
जिले में 23 मई को गिरिजा देवी सांस्कृतिक संकुल चौकाघाट में मंडलीय गोष्ठी होगी। इसमें 10 जिलों के पांच सौ से अधिक किसान शामिल होंगे। इसमें वाराणसी, आजमगढ़ और विंध्याचल मंडल के किसानों को खरीफ उत्पादकता, उन्नत बीजों, उर्वरक प्रबंधन, कीट नियंत्रण, सिंचाई व्यवस्थाओं, बाजार से जुड़ाव और सरकारी योजनाओं के बारे में बताया जाएगा।
मुख्य अतिथि प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही सहित तमाम विभागों के प्रदेश स्तर के अधिकारी भी शामिल होंगे। गोष्ठी सुबह 10:30 बजे से शुरू होगी। संयुक्त निदेशक कृषि शैलेंद्र कुमार ने बताया कि कृषि उत्पादन आयुक्त अध्यक्षता में गोष्ठी कृषि मंत्री, कृषि राज्य मंत्री के अलावा अन्य विभागों के उच्च अधिकारी, मंडलीय अधिकारी तथा तीन मंडलों के पांच सौ अधिक किसान भाग लेंगे। गोष्ठी में संबंधित विभागों, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय संस्थानों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएंगी।
शिक्षकों ने वेतन बढ़ाने की मांग रखी
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ वाराणसी मंडल के पदाधिकारियों और प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक रविवार को प्रदेश अध्यक्ष चेतनारायण सिंह के आवास पर हुई। इसमें मंडल से संबंधित कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में नेशनल वेतन वृद्धि की स्थिति, 2025 में सेवानिवृत्त शिक्षकों के पेंशन और जीपीएफ की वर्तमान स्थिति, एनपीएस शिक्षकों के राज्यांश, एनपीएस से ओपीएस में आए शिक्षकों के लेजर और गाजीपुर जिले के सेवानिवृत्त शिक्षकों के जीपीएफ भुगतान में आ रही समस्याओं पर विचारकिया।
मंडल अध्यक्ष सुधाकर सिंह और मंडल मंत्री सत्येंद्र सिंह ने उप शिक्षा निदेशक कार्यालय की ओर से नेशनल वेतन वृद्धि और पेंशन के निस्तारण में हो रही देरी पर नाराजगी व्यक्त की। बैठक में नरसिंह बहादुर सिंह, संत सेवक सिंह, बीरेंद्र प्रताप सिंह मौजूद रहें।
नृत्य और गायन से पूरी हुई गंगा संस्कृति यात्रा
उत्तर मध्य सांस्कृतिक केंद्र और संस्कृति मंत्रालय की ओर से आयोजित दो दिवसीय गंगा संस्कृति यात्रा का रविवार को भव्य समापन अस्सी घाट पर हुआ। सांस्कृतिक रंगों से सजी इस यात्रा ने दर्शकों को आध्यात्मिक और पारंपरिक विरासत की भावपूर्ण अनुभूति कराई।
रविवार को समापन दिवस पर कार्यक्रम की शुरुआत स्मृति शाही और उनके दल ने रामायण नृत्य नाटिका से की। इस प्रस्तुति में भगवान श्रीराम के जन्म से लेकर उनके जीवन के विविध पहलुओं को सजीव मंचन के माध्यम से दर्शाया गया। इसके बाद स्मृति सिंह ने साथियों के साथ गुरु वंदना से प्रारंभ कर विभिन्न तालों में कथक नृत्य की शानदार प्रस्तुति दी।
प्रियंवदा तिवारी और उनके दल ने पारंपरिक लोक नृत्य की जीवंत छटा बिखेरी। श्रुति सिंह चौहान ने लगन तुमसे लगा बैठे..., सांवरी सूरत पे मोहन..., मेरे सर पर रख दो बाबा... जैसे भक्तिमय भजनों से वातावरण को भावविभोर कर दिया। अंत में अनुराधा सिंह ने अपने मधुर गीतों के साथ कार्यक्रम को विराम दिया। समापन पर केंद्र के प्रभारी निदेशक आशिस गिरी एवं कार्यक्रम प्रभारी ने कलाकारों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
खत्री हितकारिणी सभा का ग्रीष्मकालीन शिविर शुरू
खत्री हितकारिणी सभा महिला शाखा की ओर से रविवार को सरस्वती कन्या इंटर कॉलेज नीलकंठ में ग्रीष्मकालीन शिविर की शुरूआत हुई। उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि सभा के संरक्षक एवं पूर्व एमएलसी अशोक धवन ने कहा कि यह समर कैंप बच्चों के कौशल को विकसित करने में अहम भूमिका निभाएगा। उन्होंने संस्था के प्रयास की प्रशंसा की।
सभा के अध्यक्ष मुकुंद लाल टंडन, बाल विद्यालय के अध्यक्ष विजय रमन सेठ और कन्या विद्यालय के अध्यक्ष राजकुमार धवन ने भी अपने विचार व्यक्त किए। सभा के सदस्य वैभव मेहरोत्रा ने बताया कि यह शिविर पूनम मल्होत्रा और विजय कुमार मेहरोत्रा की स्मृति में लगाई गई है। शिविर 1 जून तक चलेगा। इसमें महिलाओं को आत्मनिर्भर और बालिकाओं को सशक्त बनाया जाएगा।
शिविर में कराटे, सेल्फ डिफेंस, डांस और ब्यूटीशियन का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके साथ ही इंग्लिश स्पीकिंग कोर्स और पर्सनालिटी डेवलपमेंट का भी प्रशिक्षण दिया जाएगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता दीपक बहल ने की। इस दौरान आनंद नारायण कपूर, गोपाल सेठ, शम्मी खत्री, सुनील मेहरोत्रा, संजय मेहरोत्रा, नवीन सेठ मौजूद रहें।
गाजी मियां : शादी की निभाई गईं रस्में लेकिन फिर टूटी
गाजी मियां की शादी की रस्म रविवार को निभाई गई। दरगाह पर जियारत के लिए पूर्वांचल भर के अकीदतमंदों की भीड उमड़ी रही। लोग मन्नते मांगने और उतारने के लिए पहुंचे थे। चादरपोशी की और फातिहा पढ़ी। बड़ी बाजार स्थित दरगाह पर सुबह कुरानख्वानी के बाद जियारतमंदों के आने का सिलसिला शुरू हो गया। लोगों ने बाबा की जियारत की।
दरगाह कमेटी के सदर शेराजुद्दीन अहमद व गद्दीनशीन हाजी एजाजुद्दीन हाशमी की अगुवाई में रात में नौ बजे के बाद जैनपुरा से परंपरागत तरीके से बाबा की शादी के लिए बरात निकली, जो कदीमी रास्तों से होते हुए देर रात दरगाह पहुंची, जहां शादी की रस्म निभाई गई। मगर, मान्यतानुसार बाबा की शादी टूट गई और अगले साल के लिए टाल दी गई।
इस दौरान महफिल-ए-समां में सैफ अली चिश्ती के नेतृत्व में कव्वाली से पूरी रात रौशन रही। वहीं, बड़ी बाजार में सुल्तान क्लब की ओर से निशुल्क चिकित्सा शिविर लगा। उद्घाटन अध्यक्ष डॉ. एहतेशामुल हक ने किया। शिविर से 45 लोगों ने लाभ उठाया।
अपने आप में एक संग्रहालय है काशी
काशी विश्व की पुरातन संस्कृति साहित्य, कला, धर्म, पर्यटन, खान-पान, संत परंपरा एवं भौगोलिक परिदृश्य आदि है। काशी अपने आप में एक संग्रहालय है। उक्त विचार अब्दुल कलाम तकनीकी विश्वविद्यालय लखनऊ के पूर्व कुलपति प्रो. प्रदीप कुमार मिश्र ने विश्व संग्रहालय दिवस के अवसर पर व्यक्त किया।
अध्यक्षता करते हुए कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा ने कहा कि काशी स्वयं एक जीवंत और गतिशील संग्रहालय है। कुलपति प्रो. शर्मा ने कहा कि काशी का संपूर्ण दर्शन एक संग्रहालय है जो काशी की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को दर्शाती है। इसमें 45 प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र दिए। इस दौरान प्रो. राजनाथ, प्रो. महेंद्र कुमार पांडेय उपस्थित थे।
सूरतरंग में बनारस के गायकों को मिलेगा मंच
संगीत प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के लिए संगम कला ग्रुप की ओर से 41वें सुरंतरंग राष्ट्रीय संगीत गायन प्रतियोगिता के तहत 25 मई को ऑडिशन होगा। एसएन परफार्मिंग आर्ट सेंटर गिलट बाजार में सुबह 10 बजे से ऑडिशन शुरू होगा। ये जानकारी क्षेत्रीय अध्यक्ष कृष्णा पटेल और क्षेत्रीय महासचिव सुनैना सिंह ने रविवार को दी।
उन्होंने बताया कि ऑडिशन का फाइनल राउंड 24 अगस्त को होने की संभावना है। चयनित प्रतिभागियों को ऑल इंडिया फाइनल ऑडिशन के लिए नई दिल्ली भेजा जाएगा। यह जानकारी क्षेत्रीय अध्यक्ष कृष्णा पटेल और क्षेत्रीय महासचिव सुनैना सिंह ने रविवार को दी।
उन्होंने बताया कि वाराणसी चैप्टर के संगीत प्रतिभाओं की असीम संभावनाओं को देखते हुए संगम कला ग्रुप सुरतरंग राष्ट्रीय संगीत गायन प्रतियोगिता का आयोजन करने जा रही है। प्रतियोगिता के लिए पंजीकरण ऑडिशन के दिन ही होंगे।
उम्र के हिसाब से प्रतियोगिता को तीन वर्गों में बांटा गया है। इसमें 6 से 12 वर्ष (सब जूनियर वर्ग), 13 से 18 वर्ष (जूनियर वर्ग) और 19 से 30 वर्ष (सीनियर वर्ग)। प्रतियोगिता के लिए गीतों के चयन को दो श्रेणियों फिल्म और नॉन-फिल्म श्रेणी में बांटा गया है। इस दौरान निकिता सिंह, करणवीर सिंह, एमएल वर्मा, उदय शंकर मौर्या मौजूद रहे।
वार्षिक बैठक में 18 लोगों ने ली सदस्यता
केसरवानी वैश्य वेलफेयर ट्रस्ट की आठवीं वार्षिक बैठक रविवार को रथयात्रा स्थित कन्हैयालाल स्मृति भवन में हुई। इस दौरान 18 लोगों ने ट्रस्ट की सदस्यता ग्रहण की। अध्यक्ष अवधेश गुप्ता ने बताया कि ट्रस्ट अब तक 234 छात्रों को आर्थिक सहायता प्रदान कर चुका है। कोषाध्यक्ष संजय गुप्ता ने पिछले वर्ष का आय-व्यय प्रस्तुत किया। संचालन सीए विजय प्रकाश और धन्यवाद ज्ञापन सीताराम केसरी ने दिया। बैठक में संयोजक मदनलाल केसरी, सीताराम केसरी, प्रेम चंद केसरी आदि मौजूद रहे।
गंगा के तट से सेना के जज्बे को सलाम
नमामि गंगे गंगा विचार मंच महानगर इकाई की ओर से दशाश्वमेध घाट पर स्वच्छता अभियान चलाया गया। स्वच्छता के दौरान गंगा स्नान कर रहें स्नानार्थियों ने भारतीय सेना के साहस और शौर्य को याद कर गौरवान्वित हुए। नमामि गंगे गंगा विचार मंच के जिला संयोजक शिवम अग्रहरि ने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ इस लड़ाई में हम सब साथ हैं। इस दौरान जय विश्वकर्मा, किरण, अंकिता जेटली मौजूद थे।
रुद्र शक्ति में नजर आएंगे बनारस के घाट-मंदिर
भोजपुरी फिल्म रूद्र शक्ति सिनेमाई इतिहास में अपनी अमिट छाप छोड़ने के लिए तैयार है। इसमें बनारस की धर्म, संस्कृति और खूबसूरती नजर आएगी। यह जानकारी अक्षरा सिंह, गरिमा दीक्षित, विक्रांत सिंह राजपूत और सीबी सिंह ने बनारस क्लब में प्रेसवार्ता में दी। अक्षरा सिंह ने बताया आज के युवा ईश्वर से दूर होते जा रहे हैं। इस फिल्म में युवाओं को ईश्वर के प्रति लगाव को देखने को मिलेगा।
शरणागति का शास्त्र है श्रीमद्भागवत गीता
बीएचयू के मालवीय भवन स्थित गीता समिति की ओर से सत्र के समापन समारोह में श्रीमद्भागवत गीता की महत्ता बताई गई। मुख्य अतिथि गोस्वामी श्याम मनोहर महाराज ने कहा कि श्रीमद्भागवत गीता शरणागति का शास्त्र है।
प्रो. उपेंद्र कुमार त्रिपाठी ने कहा कि गीता मानव जीवन की पथ प्रदर्शक है। मनोज कुमार तिवारी और रजनीश ने भजनों की प्रस्तुति की। कार्यक्रम में प्रो. विजय शंकर शुक्ल, प्रो. प्रद्युम्न शाह, डॉ. पवन शास्त्री, प्रो. मृत्युंजय देव पांडेय, प्रो. रुद्र प्रकाश मालिक आदि शामिल है।
धर्म के लिए समर्पण और न्याय जरूरी
धर्म के लिए समर्पण और न्याय के लिए शक्ति का होना बहुत जरूरी है। हमारी आजीविका हमसे लूटी जा रही है, इस लूट को हमारा समाज मौन होकर देख रहा है। आजीविका को हमारे ऋषियों ने हमारी संस्कृति से जोड़ा था। ये विचार धरोहर संरक्षण सेवा संगठन के प्रमुख संयोजक कृष्णा नंद पांडेय ने व्यक्त किए।
वह संगठन की ओर से आयोजित संस्कृति संवाद यात्रा की बैठक के 34वें पड़ाव पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। हमारे व्यवसाय पर विधर्मियों का कब्जा हो गया। परमहंस मिश्र रोशन ने कहा सनातन है तभी संविधान है। इस दौरान अरुण पांडेय, डाॅ. चंद्रदेव पटेल, किशन मिश्र, सत्य प्रकाश चौबे, गौतम मिश्र उपस्थित रहे।
लोकजन सोशलिस्ट पार्टी की चुनाव पर चर्चा
बाबतपुर स्थित लोकजन सोशलिस्ट पार्टी कार्यालय पर रविवार को हुई बैठक में जिला पंचायत चुनाव पर चर्चा हुई। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ विरेंद्र विश्वकर्मा ने कहा कि पार्टी की नीतियों को जन जन पहुंचाने की जरूरत है। इस दौरान कई लोगों ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। संचालन लाल बहादुर विश्वकर्मा, धन्यवाद ज्ञापन पार्टी के संस्थापक एवं संरक्षक राधेश्याम विश्वकर्मा ने दिया।
रोटरी क्लब ने 10 बच्चियों को दी साइकिल
रोटरी क्लब, वाराणसी ने 10 जरूरतमंद बच्चियों को साइकिल दिया। क्लब ने गोद लिए सारनाथ के गांव सिंहपुर की बच्चियों को साइकिल दी। क्लब की अध्यक्ष निशा श्रीवास्तव ने बताया कि साइकिल न होने से पढ़ाई बाधित हो रही थी। क्लब सचिव राहुल श्रीवास्तव ने धन्यवाद ज्ञापन किया।
कई लोगों ने ली अपना दल एस की सदस्यता
पिंडरा के राजपुर गांव में रविवार को पिंडरा विधानसभा के कई लोगों को अपना दल एस की सदस्यता दिलाई गई। मुख्य अतिथि अपना दल के प्रदेश उपाध्यक्ष व रोहनिया विधायक डॉ सुनील पटेल ने कहा कि डॉ सोनेलाल पटेल ने जिस उद्देश्य से पार्टी की नींव रखी थी। जिलाध्यक्ष राजेंद्र पटेल के निर्देशन पर चले सदस्यता अभियान के तहत 15 लोगों को सक्रिय सदस्य और साधारण सदस्यता दिलाई।
महिला शिक्षक संघ की बैठक में एआरपी का सम्मान
कैंटोनमेंट स्थित एक होटल में शनिवार को महिला शिक्षक संघ की बैठक में नवनिर्वाचित महिला एआरपी कीर्ति श्रीवास्तव, मनीषा प्रसाद, शिवबाला व रश्मि त्रिपाठी को सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी चिरईगांव प्रीति सिंह रहीं। बैठक में जिलाध्यक्ष अमृता सिंह ने प्रदेश अध्यक्ष सुलोचना मौर्य के प्रयासों के बारे में बताया। सरिता पांडेय, मुकुल मौर्या, श्वेता राय मौजूद रहीं। अध्यक्षता अमृता सिंह, संचालन वरिष्ठ उपाध्यक्ष आराधना दुबे और धन्यवाद ज्ञापन सरिता राय ने किया।
बीएन सिंह की 26वीं पुण्यतिथि मनाई
कर्मरत्न स्वर्गीय बाबू बीएन सिंह की 26वीं पुण्यतिथि रविवार को सिंचाई कॉलोनी सिगरा के डिप्लोमा इंजीनियर संघ भवन परिसर में मनाई गई। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के जिलाध्यक्ष शशिकांत श्रीवास्तव ने कहा कि बीएन सिंह के कुशल नेतृत्व के कारण आज प्रदेश का कर्मचारी केंद्र के समान महंगाई भत्ता पा रहा है। दीपेंद्र कुमार श्रीवास्तव, रामचंद्र गुप्ता, प्रवीण वर्मा, पवन राय, श्रवण मौजूद रहे।
संजय प्रियदर्शी ने थामा कांग्रेस का हाथ
सपा शिक्षक प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष संजय राय प्रियदर्शी ने समर्थकों के साथ कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। लखनऊ में प्रदेश अध्यक्ष अजय राय एवं ज्वाइनिंग प्रभारी नितिन शर्मा की उपस्थिति में सदस्यता ग्रहण समारोह में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने संजय राय को पार्टी में शामिल कराया।
विकसित हो रहे होम और फार्म स्टे
वर्ल्ड एग्रो टूरिज्म दिवस पर चिरईगांव ब्लॉक के ग्राम पंचायत उमरहा व बनकट में पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। तीन दिनों तक चले कार्यक्रम का समापन पौधारोपण और पर्यावरण संरक्षण की शपथ के साथ हुआ। परियोजना प्रमुख मयंक राय ने बताया कि यह पहल उत्तर प्रदेश ग्रामीण पर्यटन योजना के अंतर्गत की जा रही है। इस अवसर पर ग्राम प्रधान उमरहा उदल पटेल, ग्राम प्रधान माधोपुर सुमन देवी एवं श्रीनाथ यादव समेत कई स्थानीय जनप्रतिनिधि व गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
खाद्य व्यापार मंडल ने मिलावट के खिलाफ जनजागरण का लिया संकल्प
सिगरा स्थित मैरिज लॉन में रविवार को खाद्य व्यापार मंडल ने मिलावट के खिलाफ जनजागरण का संकल्प लिया। इसमें यह तय हुआ कि मंडल का हर सदस्य अपने-अपने क्षेत्र में 4–5 व्यापारियों के समूह के साथ चक्रमण कर, लोगों को शुद्ध खाद्य सामग्री के महत्व तथा मिलावट के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करेगा।
मंडल अध्यक्ष नवरतन राठी ने कहा कि खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के अधिकारियों ध्यान रखना चाहिए कि किसी भी निर्दोष व्यापारी के विरुद्ध बिना पुष्टि के कोई भी कार्रवाई न की जाए। जांच उत्पादन इकाइयों पर कराए जाने के सरकार का निर्देश सराहनीय हैं। संचालन गौरव राठी ने एवं धन्यवाद चरणजीत सिंह ने किया। सभा में लखन लाल, रवि धन्नानी मौजूद रहे।
अजीत जिला महासचिव, आशीष वरिष्ठ उपाध्यक्ष बने
विश्व हिंदू रक्षा परिषद के विधि प्रकोष्ठ के नए पदाधिकारियों की घोषणा रविवार हुई। राष्ट्रीय मंत्री कृष्णा पांडेय की उपस्थिति में नवनियुक्त पदाधिकारियों को शपथ दिलाई। अजीत प्रताप सिंह को जिला महासचिव, आशीष पांडेय को जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष ,प्रभु नारायण श्रीवास्तव को जिला उपाध्यक्ष और गौरव सिंह को जिला सचिव के पद पर शपथ दिलाई। पंकज सिंह, राजेश मौर्या और अंंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष गोपाल राय ने शुभकामनाएं दी।
पेट्रोल के साथ पानी आने पर हंगामा
धर्मसंघ दुर्गाकुंड भेलूपुर के सामने स्थित पंप पर पेट्रोल के साथ पानी आने के आरोप में लोगों ने हंगामा किया। हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने तत्काल पेट्रोल पंप को बंद कराया। सूचना पर हुए दुर्गाकुंड चौकी इंचार्ज हिमांशु मिश्रा पहुंचे। उन्होंने लोगों को समझा बुझाकर शांत कराया। पेट्रोल पंप मैनेजर राजेंद्र का कहना था कि टैंक के भीतर किसी तरह पानी रिस करके चला गया होगा। इस बारे में जिलापूर्ति अधिकारी केबी सिंह ने कहा कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
बीमार मजदूर ने दुपट्टे से फंदा लगाकर जान दी
मिर्जामुराद के अमिनी गांव में रविवार की शाम 50 वर्षीय एक मजदूर ने बीमारी से तंग आकर बेटी के दुपट्टे के सहारे फंदा लगाकर जान दे दी। सूचना पाकर पहुंची मिर्जामुराद थाने की पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।अमिनी गांव निवासी सोतीलाल कई साल से बीमार चल रहा था। काफी इलाज के बाद भी उसकी तबीयत में सुधार नहीं हुआ। इसी वजह से उसने फंदा लगाकर जान दे दी। परिजनों ने बताया कि सोतीलाल के छोटे बेटे राजेश की दो जून की शादी होनी है।
खड़ी गाड़ी में लगी आग, दमकलकर्मियों ने बुझाई
भेलूपुर थाना क्षेत्र के आईपी विजया के पास खड़ी गाड़ी में अचानक आग लग गई। आग लगते ही मौके पर अफरातफरी का माहौल हो गया। स्थानीय लोगों ने फायर सर्विस के साथ पुलिस को इसकी सूचना दी। फायर सर्विस और पुलिस ने आग पर काबू पा लिया। पुलिस पूछताछ में पता चला कि सुसुवाही कर्मनवीर निवासी वरुण सिंह आईपी विजया में शॉपिंग करने के लिए आए थे। इसी बीच खड़ी गाड़ी में आग लग गई। उधर, कछवा रोड के मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के जोगियापुर गांव स्थित दयाशंकर यादव के मकान में रविवार की दोपहर आग लग गई।
मंडी सचिव को प्रतिकूल प्रविष्टि जारी करने के निर्देश
डीएम सत्येंद्र कुमार ने रविवार को कैंप कार्यालय में राजस्व कार्यों, राजस्व न्यायालयों के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि राजस्व के वादों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर करें। अनुपस्थित मंडी सचिव जितेंद्र सिंह को प्रतिकूल प्रविष्टि जारी करने को कहा।
डीएम ने कहा कि सभी पुराने वाद पत्रावलियों पर लाल पर्ची चिपकाएं। तीन साल से अधिक अवधि के सभी वादों को मेरिट के आधार पर निस्तारण कराएं। उन्होंने जन शिकायतों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयावधि में निस्तारण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई पोर्टल पर कोई भी संदर्भ डिफाल्टर न होने दें। उन्होंने कहा कि आईजीआरएस पर प्राप्त शिकायतों का निस्तारण गुणवत्तापूर्ण होना चाहिए।
शिकायत के निस्तारण के बाद शिकायतकर्ता से फीडबैक भी लिया जाए। डीएम ने खनन विभाग के राजस्व की समीक्षा के दौरान कहा कि स्वीकृति के बाद ही मिट्टी की खोदाई करें। परिवहन विभाग को गाड़ियों के रजिस्ट्रेशन बढ़ाने व ओवरलोडिंग पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। अवैध शराब की तस्करी को पकड़ते हुए आबकारी राजस्व बढ़ाने का निर्देश दिया।
दिन में धूप, उमस ने बढ़ा दी बेचैनी, रात में चलीं तेज हवाएं
रविवार को दिन में तेज धूप और हवा की रफ्तार कम होने से लोग उमस से बेचैन हो गए। लेकिन रात में तेज हवाओं के चलने से लोगों ने थोड़ी राहत महसूस की। रविवार को अधिकतम तापमान कम होकर 39.9 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। मौसम विभाग ने अगले तीन-चार दिन के बीच आंधी के साथ ही बूंदाबांदी की संभावना जताई है।
मई में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था जो कि सीजन का सबसे अधिक तापमान रहा। लेकिन, शनिवार और रविवार को शाम को हवा तेज चलने की वजह से थोड़ी राहत रही। इस वजह से रविवार को तापमान भी 40 डिग्री सेल्सियस के नीचे आ गया।
रविवार का अधिकतम तापमान 39.9 और न्यूनतम तापमान 29.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि अगले तीन-चार दिन तक मौसम के ऐसे ही बने रहने के आसार हैं। इस दौरान बूंदाबांदी की भी संभावना है।
यूपी बोर्ड की इंप्रूवमेंट और कंपार्टमेंट परीक्षा के लिए आज से आवेदन
यूपी बोर्ड की वर्ष-2025 की हाईस्कूल परीक्षा में इंप्रूवमेंट व कंपार्टमेंट और इंटरमीडिएट में कंपार्टमेंट परीक्षा के लिए सोमवार से ऑनलाइन आवेदन शुरू होंगे। आवेदन 10 जून की मध्यरात्रि तक लिए जाएंगे। माध्यमिक शिक्षा परिषद की वेबसाइट upmsp.edu.in पर जाकर परीक्षार्थी फॉर्म भर सकेंगे। हाईस्कूल में इंप्रूवमेंट परीक्षा के तहत परीक्षार्थी अपने अनुत्तीर्ण हुए एक विषय और कंपार्टमेंट परीक्षा के तहत अनुत्तीर्ण हुए दो विषयों में से केवल एक विषय की परीक्षा में शामिल हो सकते हैं।
परीक्षा शुल्क 256 रुपये निर्धारित है। वहीं, इंटरमीडिएट में मानविकी, विज्ञान व वाणिज्य वर्ग से शामिल परीक्षार्थी किसी एक विषय में, कृषि भाग-1 एवं भाग-2 में निर्धारित विषयों में से किसी एक प्रश्नपत्र में और व्यवसायिक वर्ग के ट्रेड विषय के किसी एक प्रश्नपत्र में अनुत्तीर्ण परीक्षार्थी कंपार्टमेंट परीक्षा में शामिल होने के लिए अर्ह माने जाएंगे। इसका परीक्षा शुल्क 306 रुपये निर्धारित किया है।
पेंशनरों को देना होगा जीवित प्रमाणपत्र
कोषागार से पेंशन प्राप्त कर रहे पेंशनरों/पारिवारिक पेंशनरों की ओर से कोषागार को जीवित प्रमाण पत्र की सूचना नहीं दी जा रही है। इस वजह से पिछले एक साल से पेंशनरों को पेंशन का भुगतान नहीं हो रहा है। मुख्य कोषाधिकारी गोविंद सिंह ने ऐसे सभी पेंशनरों से अपील की है कि वह अपने सभी प्रमाणपत्रों के साथ कोषागार में स्वयं उपस्थित होकर जीवित प्रमाण पत्र प्रस्तुत कर सकते हैं।
15 करोड़ से होगी फसलों की सिंचाई
कम भूजल स्तर वाले क्षेत्रों में फसलों की सिंचाई के लिए आधुनिक तकनीक का सहारा लिया जाएगा। यहां फव्वारा (स्प्रिंकलर) और टपक (ड्रिप) विधि से सिंचाई की जाएगी। उद्यान विभाग ने इस वर्ष औद्यानिक खेती के लिए 15 करोड़ रुपये का प्रस्ताव तैयार कर शासन को स्वीकृति के लिए भेजा है।
जिला उद्यान अधिकारी सुभाष कुमार ने बताया कि गर्मियों में सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध नहीं हो पाता। प्रस्ताव में टपक और फव्वारा सिंचाई प्रणाली पर विशेष जोर दिया गया है। जिले में 100 से अधिक किसान इस विधि प्रयोग कर रहे हैं।
गंगा दर्पण इंटरप्रिटेशन सेंटर की हुई स्थापना
गंगा स्वच्छता के लिए सारनाथ में गंगा नदी की विरासत और संरक्षण का जीवंत प्रतिबिंब गंगा दर्पण इंटरप्रिटेशन सेंटर की स्थापना की गई है। वन विभाग की साझेदारी में, नमामि गंगे कार्यक्रम के तहत भारतीय वन्यजीव संस्थान की ओर से विकसित यह केंद्र गंगा नदी के लिए सांस्कृतिक प्रतिबिंब, वैज्ञानिक समझ और पारिस्थितिकी संरक्षण के प्रतीक के रूप में उभर रहा है। इसके माध्यम से गंगा को अविरल और निर्मल बनाए रखने के लिए लोगों को जागरूक किया जा रहा है।
अब तक 20 हजार से अधिक राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय आगंतुकों ने गंगा दर्पण केंद्र का दौरा किया है। इसके साथ ही वर्क शॉप, शैक्षणिक सत्र कार्यक्रम नदी संरक्षण और नागरिक जिम्मेदारियों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। मुख्य वन संरक्षक डाॅ. रवि कुमार सिंह ने बताया कि यह केंद्र, सारनाथ के कछुआ बचाव और पुनर्वास केंद्र के पास पौधों से घिरे प्राकृतिक टीले पर है। विदेशों से भी पर्यटक आ रहे हैं।
बर्ड फ्लू : 30 सैंपल बरेली भेजे गए
बर्ड फ्लू के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए जिले के सभी पोल्ट्री फार्मों के मुर्गे व मुर्गियों का निरीक्षण शुरू हो गया है। इसके लिए कंट्रोल रूम भी बनाया गया है। अभी तक हर ब्लाकों में निरीक्षण के बाद पोल्ट्री फार्मों से 30 से अधिक नमूने लिए गए हैं। इनकी जांच के लिए भारतीय पशुचिकित्सा अनुसंधान संस्थान (आईवीआरआई) बरेली भेजा गया है।
इस दौरान पोल्ट्री फार्मों और उसके आसपास साफ-सफाई के निर्देश दिए गए हैं। मिनी जू सारनाथ से भी पक्षियों के नमूने लिए गए हैं। जिला मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. आरएस राजपूत ने बताया कि जिले में 18 सदस्यीय कमेटी बनाई गई है, जो चार दिनों से पोल्ट्री फार्मों में मौजूद मुर्गे व मुर्गियों का निरीक्षण किया जा रहा है। जिन पर शंका हो रहा है, उनका नमूना लेकर उसे आईवीआरआई भेजा जा रहा है।
मिनी आईटीआई की परीक्षा आज से
जिला अल्पसंख्यक विभाग की ओर से संचालित मिनी आईटीआई की परीक्षा सोमवार और मंगलवार को होगी। उप निदेशक अल्पसंख्यक संजय कुमार मिश्र ने बताया कि 2023 सत्र की परीक्षा लल्लापुरा स्थित फरोगे उर्दू अरबी निश्वां में होगी। पहले दिन की परीक्षा पहली पाली सुबह नौ से 12 बजे और दूसरी दोपहर एक से शाम चार बजे तक होगी। अंतिम दिन सुबह नौ से 12 बजे और दूसरी पाली दोपहर दो से शाम पांच बजे तक परीक्षा होगी। सिलाई, कढ़ाई, कम्प्यूटर, इलेक्ट्रिशियन कोर्स की परीक्षाएं होगी।
विद्यापीठ की आज होने वाली सेमेस्टर परीक्षा टली
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ से संबद्ध महाविद्यालयों में 19 मई को होने वाली परीक्षा को फिलहाल टाल दी गई है। परीक्षा नियंत्रक दीप्ति मिश्रा ने बताया कि बीए चतुर्थ सेमेस्टर पत्रकारिता की 19 मई को होने वाली परीक्षा अब 25 मई को करवाई जाएगी। सुबह 7.30 से 9.30 बजे तक होने वाली परीक्षा के बारे में विद्यार्थी वेबसाइट से जानकारी ले सकते हैं।
प्रो. मालखे बने जैव प्रौद्योगिकी स्कूल के समन्वयक
बीएचयू विज्ञान संस्थान के प्रोफेसर मालखे वर्मा को जैव प्रौद्योगिकी स्कूल का समन्वयक नियुक्त किया गया है। कुलपति की ओर से इनके नाम पर मुहर लगने के बाद विश्वविद्यालय की ओर से आदेश जारी कर दिया गया है। उनकी नियुक्ति 19 मई से तीन वर्ष की अवधि के लिए की गई है।
चित्रकला में अवंतिका प्रथम और वैभव द्वितीय
अंतरराष्ट्रीय संग्रहालय दिवस पर रविवार को चित्रकला प्रतियोगिता हुई। बच्चों ने चार्ट पेपर पर संग्रहालय में रखे राष्ट्रीय चिह्न शीर्ष सिंह,धर्म चक्र मुद्रा में भगवान बुद्ध की प्रतिमा, अभय मुद्रा में बुद्ध की प्रतिमा एवं अलंकृत स्तंभों को उकेर कर उसकी ऐतिहासिकता को बताया। इसके बाद शैलेंद्र श्रीवास्तव ने संग्रहालय में रखे पुरावशेषों के इतिहास की जानकारी दी। इस दौरान चित्रकला प्रतियोगिता में अवंतिका को प्रथम, वैभव को द्वितीय और अंशिका विश्वकर्मा को तृतीय स्थान मिला। सहायक पुरातत्वविद् राजेश यादव व सुनील सिंह ने पुरस्कृत किया।
भारत की संस्कृति को प्रवासी साहित्य ने रखा है जिंदा
अंतरराष्ट्रीय हिंदी साहित्य प्रवाह की संस्थापक डॉ. मीरा सिंह ने कहा कि प्रवासी साहित्य ने भारत के हृदय और संस्कृति को जिंदा रखा है। ये बातें उन्होंने काशी विद्यापीठ के हिंदी विभाग में सावित्रीबाई फुले व्याख्यान माला में प्रवास में हिंदी साहित्य विषय पर बतौर मुख्य वक्ता कहीं।
उन्होंने अमेरिका में साहित्य, संस्कृति और मजदूर वर्ग की स्थिति पर चर्चा करते हुए आधुनिकता के दौर में मर रहीं संवेदनाओं पर चिंता जताई। स्वागत प्रो. राजमुनि ने किया। प्रो. रामाश्रय सिंह ने विचार रखे। इस दौरान प्रो. अनुकूल चंद राय, प्रो. अविनाश कुमार सिंह, अंजना, रेनू, सुनीता, देवव्रत आदि मौजूद रहे।
छात्रों ने जानीं प्रकाश पर शोध की बारीकियां
आईआईटी बीएचयू के भौतिकी विभाग में अंतरराष्ट्रीय प्रकाश दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में छात्रों को प्रकाश पर शोध की बारीकियां बताई गई। छात्र अध्याय के इस कार्यक्रम का उद्देश्य प्रकाश और फोटॉनिक्स के क्षेत्र में युवाओं की रुचि को प्रोत्साहित करना था।
अध्याय सलाहकार प्रो. राकेश कुमार सिंह ने इस दौरान प्रकाश के विज्ञान और प्रौद्योगिकी में महत्व के बारे में विस्तार से बताया। भौतिकी विभागाध्यक्ष प्रो.राजेंद्र प्रसाद ने आधुनिक वैज्ञानिक प्रगति में प्रकाश की भूमिका की जानकारी दी। शोधार्थियों में मोहित, शिखा, तनुश्री और संकल्प ने प्रकाश और फोटॉनिक्स के अत्याधुनिक विषयों पर अपने शोध प्रस्तुत किए। पोस्टर प्रस्तुति सत्र में 10 शोध पोस्टर प्रस्तुत किए गए।
आधे से अधिक अभ्यर्थियों ने छोड़ी स्क्रीनिंग परीक्षा
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) की ओर से आयोजित वैज्ञानिक अधिकारी स्क्रीनिंग परीक्षा-2023 आधे से अधिक अभ्यर्थियों ने छोड़ दी। लखनऊ के 10 केंद्रों पर आयोजित परीक्षा के दौरान परीक्षार्थियों की बायोमीट्रिक हाजिरी हुई और यूपीपीएससी में स्थित कंट्रोल रूम से सभी केंद्रों की निगरानी की गई।
लखनऊ स्थिति आयोग के कैंप कार्यालय में चार केंद्र बनाए गए थे और बाकी के केंद्र अन्य जगहों पर थे। वैज्ञानिक अधिकारी के 41 पदों के लिए कुल 4,695 दावेदार थे। सुबह 9:30 से 11:30 बजे तक हुई परीक्षा में 40 फीसदी परीक्षार्थियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और बाकी 60 फीसदी अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी।