फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Varanasi News Today DCM Crashes into Truck from Behind Driver Injured After Getting Trapped in Cabin—Plus

Varanasi Top News: नाबालिग समेत दो बहनों की दो लाख रुपये लेकर कराई शादी, फर्जी जमीन बैनामा कर धोखाधड़ी; खबरें

Fri, 29 May 2026 02:44 PM IST
Pragati Chand अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: Pragati Chand Updated Fri, 29 May 2026 02:44 PM IST
सार

Varanasi News: मिर्जामुराद बाजार स्थित फ्लाईओवर पर चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और सामने चल रहे ट्रक से टकरा गया। जिससे डीसीएम का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में फंस गया।  

विज्ञापन
Varanasi News Today DCM Crashes into Truck from Behind Driver Injured After Getting Trapped in Cabin—Plus
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

मिर्जामुराद थाना क्षेत्र स्थित फ्लाईओवर ब्रिज पर बृहस्पतिवार सुबह एक डीसीएम आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी। हादसे में डीसीएम चालक 37 वर्षीय नागेंद्र कुमार मिश्रा गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद फ्लाईओवर पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और कुछ देर तक यातायात बाधित रहा। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल चालक को इलाज के लिए अस्पताल भेजा और यातायात व्यवस्था सामान्य कराई। प्रयागराज निवासी नागेंद्र कुमार मिश्रा डीसीएम लेकर वाराणसी की ओर जा रहा था। मिर्जामुराद बाजार स्थित फ्लाईओवर पर उसने वाहन से नियंत्रण खो दिया और सामने चल रहे ट्रक से टकरा गया। टक्कर इतनी तेज थी कि डीसीएम का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में फंस गया। पुलिस ने क्रेन मंगवाकर क्षतिग्रस्त डीसीएम को सड़क से हटवाया और यातायात सुचारु कराया। थाना प्रभारी गोपाल जी कुशवाहा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।  

विज्ञापन


नाबालिग समेत दो बहनों की दो लाख रुपये लेकर कराई शादी
चोलापुर क्षेत्र के एक गांव की नाबालिग समेत दो बहनों की कथित तौर पर दो लाख रुपये लेकर मेरठ में शादी कराने का मामला सामने आया है। आरोप है कि पड़ोसी के मेरठ निवासी रिश्तेदार ने दो लाख रुपये लेकर दोनों बहनों की शादी कराई है। शिकायत के बाद पुलिस जांच में जुट गई है।मामले की जानकारी तब हुई जब अहमदाबाद में रह रहा भाई घर लौटा। उसने देखा कि दोनों बहनें और पिता घर पर नहीं हैं। हालांकि दो दिन पहले बड़ी बहन मेरठ से वापस घर लौट आई और उसने भाई को पूरी जानकारी दी। एसीपी विदुष सक्सेना ने बताया कि नाबालिग की बरामदगी के लिए एक टीम मेरठ रवाना कर दी गई है।पुलिस के अनुसार दोनों बहनें अपने पिता के साथ गांव में रहती थीं। उनकी मां का कोविड काल में निधन हो चुका है, जबकि दो भाई अहमदाबाद और सूरत में नौकरी करते हैं। बड़ी बहन की पूर्व में दो शादियां हो चुकी थीं, लेकिन दोनों टूट गई थीं। करीब एक माह पहले पिता ने दोनों बेटियों की शादी मेरठ में एक-एक दिन के अंतराल पर करा दी थी। इसकी जानकारी बेटों को भी नहीं दी गई थी। चार दिन पहले अहमदाबाद से घर पहुंचे एक बेटे ने घर पर पिता और बहनों को न पाकर खोजबीन शुरू की और चोलापुर थाने में शिकायत दी। पुलिस ने पिता का पता लगाकर पूछताछ की, तब दोनों बहनों की शादी कराने की जानकारी सामने आई। पुलिस पूछताछ में पिता ने दोनों बेटियों की शादी उनकी सहमति से होने की बात कही है। उन्होंने शादी के फोटो एल्बम भी पुलिस को दिखाए हैं।  
विज्ञापन

  
फर्जी जमीन बैनामा कर 20 लाख रुपये की धोखाधड़ी
लंका थाना क्षेत्र में फर्जी जमीन का बैनामा कर 20 लाख रुपये की धोखाधड़ी के मामले में पुलिस ने रमना गांव निवासी प्रदीप कुमार यादव की तहरीर पर सोवर्धन सिंह और रमेश पटेल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। आरोप है कि आरोपियों ने पैसा लेकर दूसरी जमीन दिखाकर किसी अन्य जमीन की रजिस्ट्री करा दी। जब प्रदीप कब्जा लेने पहुंचे तो आरोपी पक्ष ने विरोध किया। थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। 
विज्ञापन
विज्ञापन


गोदाम से तीन लाख रुपये के ड्राई फ्रूट्स चोरी
मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के मड़ौली इलाके में बृहस्पतिवार को चोरों ने ड्राई फ्रूट्स के गोदाम में चोरी कर ली। भुक्तभोगी आकाश कुमार केशरी के अनुसार, चोर जाली काटकर गोदाम के अंदर घुसे और वहां रखा करीब तीन लाख रुपये मूल्य का ड्राई फ्रूट्स समेत अन्य सामान चोरी कर ले गए। मामले की जानकारी बृहस्पतिवार सुबह उस समय हुई जब वह गोदाम पहुंचे। चोरी का पता चलते ही उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की। मड़ौली निवासी आकाश कुमार केशरी ने बताया कि नाथूपुर क्षेत्र में उनका एक मार्ट भी संचालित है। थाना प्रभारी अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है।  

मकान पर जबरन कब्जे का प्रयास, प्राथमिकी दर्ज
शिवपुर थाना क्षेत्र के भोजूबीर इलाके में मकान पर जबरन कब्जे के प्रयास और जान से मारने की धमकी के मामले में पीड़ित सूर्य नारायण सिंह की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, उनके मकान के स्वामित्व को लेकर मुकेश सिंह से न्यायालय में मुकदमा चल रहा है। आरोप है कि मुकेश सिंह मकान पर अवैध कब्जा करना चाहता है। मकान के भूतल पर स्थित दुकान का किराएदार फरहान पिछले चार महीनों से किराया और बिजली बिल नहीं दे रहा है तथा वह मुकेश सिंह के साथ मिलकर दुकान पर कब्जे की साजिश रच रहा है। सूर्य नारायण सिंह ने आरोप लगाया कि मुकेश सिंह 8-9 अज्ञात युवकों के साथ लगातार धमकी दे रहा है कि दुकान खुलते ही कब्जा कर लिया जाएगा और विरोध करने पर हत्या कर दी जाएगी। थाना प्रभारी अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। 

मारपीट व लूट के मामले में नामजद समेत तीन पर प्राथमिकी दर्ज
बड़ागांव थाना क्षेत्र के प्रतापपट्टी गांव निवासी संजय कुमार और उनकी पत्नी के साथ 26 मई की रात लूट और मारपीट की घटना हुई। दोनों वाराणसी शहर से काम कर घर लौट रहे थे। आरोप है कि वाजिदपुर चौराहे के पास गांव के जयप्रकाश समेत चार लोगों ने उन्हें रोककर मारपीट की और मंगलसूत्र, मोबाइल व नगदी छीन ली। शोर सुनकर आसपास के लोग पहुंचे तो हमलावर ऑटो और साइकिल छोड़कर भाग निकले। पुलिस ने दोनों वाहन कब्जे में लेकर पीड़ित की तहरीर पर जयप्रकाश सहित तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। 

विश्वसुंदरी पुल के नीचे गंगा में मिला शव
विश्वसुंदरी पुल के नीचे गंगा किनारे बृहस्पतिवार को एक अज्ञात वृद्ध का शव मिला। सूचना पर पहुंची लंका पुलिस ने शव को पहचान के लिए मोर्चरी भेजवाया। मृतक की उम्र करीब 60 वर्ष आंकी गई है। थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि आसपास के लोगों से पूछताछ कर शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया गया, लेकिन सफलता नहीं मिली। आशंका जताई जा रही है कि शव कहीं से बहकर आया हो या वृद्ध ने पुल से छलांग लगाई हो। 

अवैध नाव संचालन में छह पकड़े गए
सिंधिया घाट पर अवैध नाव संचालन के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए विक्की राजभर, धीरज निषाद, सुमन, चंदिका निषाद, भरत साहनी और पवन को पकड़ा। पुलिस के अनुसार सिंधिया घाट दाह संस्कार के बाद स्नान के लिए निर्धारित स्थल है, इसलिए यहां नाव लगाना प्रतिबंधित है। इसके बावजूद आरोपी अवैध रूप से नाव लगाकर यात्रियों और श्रद्धालुओं से विवाद करते थे। कई बार चेतावनी देने के बाद भी गतिविधियां जारी रहीं। चार दिन पहले बरेली निवासी युवक की डूबने से मौत के बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विशेष अभियान चलाया। पुलिस का कहना है कि अवैध नाव संचालन से दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। थाना प्रभारी दिलीप मिश्रा ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की गई। 
 
कर्ज लेकर खरीदा डीजे मशीन उठा ले गए चोर
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के मेहंदीगंज (मड़ईं) गांव में बुधवार देर रात चोरों ने डीजे उपकरण चोरी कर लिया। डीजे संचालक अमन पटेल के अनुसार रात करीब एक से चार बजे के बीच चोर घर में घुसे और छह डीजे मशीनें, एक बोर्ड तथा कई केबल तार उठा ले गए। चोरी गए सामान की कीमत तीन लाख रुपये से अधिक बताई गई है। बृहस्पतिवार को घटना की जानकारी होने पर परिवार ने डायल 112 पर सूचना दी। पीड़ित ने बताया कि उन्होंने कर्ज लेकर डीजे उपकरण खरीदा था। थाना प्रभारी गोपाल जी कुशवाहा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। 

जुआ खेल रहे चार गिरफ्तार
चेतगंज थाना पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर जुआ खेल रहे राजाराम भारती, विशाल चौहान, दीनू कुमार और रितिक कुमार को गिरफ्तार किया। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने लकड़ीमंडी चौराहे के पास प्राचीन हनुमान मंदिर के पीछे छापा मारकर आरोपियों को पकड़ा। उनके पास से 2700 रुपये नकद और 52 ताश के पत्ते बरामद हुए। थाना प्रभारी विजय कुमार शुक्ला ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की गई। 

चोरी के मामले में तीन गिरफ्तार
कोतवाली पुलिस ने चोरी के मामले में मच्छोदरी पार्क से युसुफ वसीम उर्फ फैजू, मोहम्मद आरिफ उर्फ मोंटी और गोपाल प्रसाद गुप्ता को गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से चोरी का एक साउंड बॉक्स, छह सफेद धातु की पायल और बिक्री से मिले 200 रुपये बरामद किए गए। थाना प्रभारी दयाशंकर सिंह ने बताया कि मामले में विधिक कार्रवाई की गई। 

ट्यूशन पढ़ाकर घर लौट रही महिला का मोबाइल छीना
शिवपुर थाना क्षेत्र के चांदमारी चौकी अंतर्गत टीएफसी के पास बृहस्पतिवार रात करीब 8:30 बजे ट्यूशन पढ़ाकर घर लौट रही लक्ष्मी से बाइक सवार बदमाशों ने मोबाइल छीन लिया। पीड़िता ने बताया कि पीछे से आए बाइक सवार दो युवकों में से एक ने उनका मोबाइल झपट लिया और फरार हो गया। महिला के पति कन्हैयालाल, जो पेशे से अधिवक्ता हैं और मूल रूप से सुंगुलपुर चौबेपुर के निवासी हैं, ने थाने में तहरीर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। थाना प्रभारी अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि बदमाशों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।  
 
बनारस रेलवे स्टेशन पर मोबाइल और 7.10 लाख रुपये चोरी
बनारस रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर आठ पर चलने वाले एक दुकान से दो मोबाइल और 7 लाख 10 हजार रुपये नगदी चोरी हुई है। बुधवार आधी रात बाद घटी इस घटना की जानकारी होते ही दुकानदार ने इसकी सूचना आरपीएफ, जीआरपी को दी। जीआरपी थाने में अज्ञात के खिलाफ चोरी की प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।

रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 8 पर धनदेई देवी के नाम से जनरल स्टोर का स्टॉल हैं। यहां सुल्तानपुर निवासी दो भाई श्रवण यादव व सतीश यादव काम करते है। सतीश ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बुधवार आधी रात बाद करीब एक बजे स्टाल के सामने लगे बेंच पर सोने चले गए। जैसे ही नींद लग गई तो एक युवक दुकान में आया और काउंटर में रखा मोबाइल और कुछ पैसे निकाल लिए। जीआरपी इंस्पेक्टर ने बताया कि तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।

नकदी व जेवर लेकर किशोरी लापता
बड़ागांव थाना क्षेत्र के एक गांव की 16 वर्षीय किशोरी 11 मई की सुबह घर से 30 हजार रुपये नकद और कुछ गहने लेकर लापता हो गई। काफी खोजबीन के बाद किशोरी की मां ने प्राथमिकी दर्ज कराई है। किशोरी की मां का आरोप है कि गौरा बादशाहपुर निवासी विक्की सोनकर उसकी पुत्री को बहला-फुसलाकर ले गया। परिजनों का कहना है कि जानकारी मिलने पर पूछताछ की गई तो आरोपी ने बड़ी बेटी और दामाद को जान से मारने की धमकी दी। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी की तलाश की जा रही है। 

भाई ने भाई के घर में की तोड़फोड़
पुआरीकला (बड़ा पुरा) गांव में दो भाइयों के आपसी विवाद में मारपीट हुई। पीड़ित करन कुमार पटेल ने अपने भाई तेज बहादुर पटेल उर्फ तेजा के खिलाफ थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। आरोप है कि 27 मई की रात करीब 8:30 बजे तेजा लाठी लेकर घर में घुस आया और घर में लगे तीन सीसीटीवी कैमरे तथा एलईडी टीवी को तोड़ दिया। विरोध करने पर उसने गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। करन कुमार का कहना है कि आरोपी आपराधिक प्रवृत्ति का व्यक्ति है और पहले भी हत्या के मामले में शामिल रह चुका है। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।  

परिवहन विभाग ने चलाया अभियान, जांची स्कूली बसों की फिटनेस
स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग ने बृहस्पतिवार को अभियान चलाकर बिना फिटनेस और परमिट के संचालित स्कूली वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की। शासन के निर्देश पर चंद्रप्रभा पब्लिक स्कूल कपसेठी, एमआर पब्लिक स्कूल नहवानीपुर, वीएस पब्लिक स्कूल नहवानीपुर, सिल्वर ग्रोव पब्लिक स्कूल सेवापुरी और डॉ. अमृतलाल इशरत मेमोरियल सनबीम स्कूल चौबेपुर में पहुंची टीम ने स्कूल बसों और अन्य वाहनों का भौतिक निरीक्षण किया। जांच के दौरान बिना फिटनेस और परमिट के संचालित वाहनों को चिन्हित कर संबंधित स्कूल प्रबंधन को एक सप्ताह के भीतर फिटनेस प्रमाणपत्र और परमिट बनवाने के निर्देश दिए गए। अभियान में संभागीय परिवहन अधिकारी राघवेंद्र सिंह, एआरटीओ प्रशासन मनोज प्रसाद वर्मा, यात्रीकर अधिकारी अखिलेश पांडेय, प्राविधिक निरीक्षक प्रमेंद्र कुमार संतप्त, प्रवर्तन पर्यवेक्षक अमित कुमार सिंह और वरिष्ठ सहायक प्रदीप श्रीवास्तव मौजूद रहे।  

घूरहुपुर के लोगों ने चंदा लगाकर गली में बल्ब लगाकर किया रोशन
अंतरराष्ट्रीय पर्यटन स्थल सारनाथ के घूरहुपुर में लोगों ने चंदा लगाकर गली में बल्ब लगवाए, ताकि इलाके में रोशनी की व्यवस्था हो सके। गांव के राजेश के नेतृत्व में आनी, सूरज, अनिल और अजय ने बृहस्पतिवार को करीब 150 मीटर लंबी गली में अपने खर्च पर केबल लगवाकर बल्ब लगाए। राजेश ने बताया कि लगभग तीन वर्षों से स्थानीय पार्षद से लिखित और मौखिक शिकायत कर स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग की जा रही थी, लेकिन जब कोई कार्रवाई नहीं हुई तो लोगों ने खुद ही पैसे जुटाकर गली में रोशनी की व्यवस्था कराई। पार्षद अभय पांडे ने बताया कि स्ट्रीट लाइट के संबंध में नगर निगम को अवगत कराया गया है। जैसे ही लाइट उपलब्ध होगी, वहां लगवा दी जाएगी। उन्होंने कहा कि स्ट्रीट लाइट खराब होने की जानकारी है।  

हिमालय परिवार में सदस्यता अभियान, युवाओं की भागीदारी बढ़ाने का संकल्प
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से जुड़े संगठन हिमालय परिवार की महमूरगंज स्थित कार्यालय में आयोजित बैठक में संगठन को मजबूत बनाने, सदस्यता अभियान को गति देने और युवाओं की भागीदारी बढ़ाने का संकल्प लिया गया। बैठक में प्रांत अध्यक्ष अविनाश उपाध्याय ने कहा कि संगठन का उद्देश्य समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर राष्ट्रहित और जनहित के कार्यों को आगे बढ़ाना है। महानगर अध्यक्ष महेंद्र कुमार शर्मा ने कहा कि आने वाले दिनों में विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिससे संगठन की गतिविधियों को और अधिक मजबूती मिलेगी। बैठक में रामकुमार गुप्ता, सरदार सिंह, अमित कुमार पटेल, उमेश पांडेय, गणेश रावत, आनंद उपाध्याय, अंकित केसरी समेत अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।  

बकरीद पर नगर आयुक्त ने परखी सफाई व्यवस्था
बकरीद पर बृहस्पतिवार को नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने शहर के विभिन्न संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और जल निकासी की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान नगर आयुक्त ने कमलगढ़हा, आरिफ मस्जिद, जैतपुरा, राजापुरा रोड, कच्ची बाग और बजरडीहा समेत अन्य क्षेत्रों का दौरा किया। उन्होंने क्षेत्रीय सफाई निरीक्षकों को निर्देश दिए कि त्योहार से पहले सभी गलियों और मुख्य मार्गों की सघन सफाई सुनिश्चित की जाए। विशेष रूप से मस्जिदों के आसपास के रास्तों और कुर्बानी वाले संभावित स्थानों पर चूने और एंटी-लार्वा दवा का छिड़काव तत्काल प्रभाव से करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।  
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed