फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Varanasi News today Cyber fraud 37 policemen transferred sport crime education news

News: 2.63 लाख रुपये की साइबर ठगी, 37 पुलिसकर्मियों का स्थानांतरण; पढ़ें वाराणसी की प्रमुख खबरें

Fri, 13 Jun 2025 05:41 AM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: अमन विश्वकर्मा Updated Fri, 13 Jun 2025 05:41 AM IST
सार

Varanasi News: कोतवाली में 2.63 लाख रुपये की साइबर धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है। वहीं, वाराणसी कमिश्नरेट में 37 पुलिसकर्मियों को स्थानांतरित कर दिया गया। आइए जानते हैं अन्य खबरें...

विज्ञापन
Varanasi News today Cyber fraud 37 policemen transferred sport crime education news
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

Varanasi News Today: बिना ओटीपी के खाते से 2.63 लाख की साइबर धोखाधड़ी मामले में गुरुवार को कोतवाली में केस दर्ज किया गया। ब्रह्माघाट निवासी सुनील चितले ने पुलिस को बताया कि बैंक ऑफ बड़ौदा की शाखा चौक में खाता है। मोबाइल पर मैसेज आया कि बैंक से पैसा कटा है। जबकि न तो किसी से ओटीपी शेयर की और न ही आनलाइन खरीदारी की गई। दो लाख 63 हजार रुपये बैंक खाते से निकल गए।

विज्ञापन


वरुणा जोन में 30 उप निरीक्षकों समेत 37 पुलिसकर्मी स्थानांतरित
वरुणा जोन में 30 उप निरीक्षकों समेत 37 पुलिसकर्मियों की पुलिस चौकी और थाने स्थानांतरित कर दिए गए हैं। लालपुर और पांडेयपुर की महिला चौकी प्रभारियों को यथावत रखा गया। गिलट बाजार से दीनदयाल चौकी, सारनाथ से गिलट बाजार, मंडुआडीह से सारनाथ, पांडेयपुर से चंदापुर आदि क्षेत्रों में कई उप निरीक्षकों और महिला उप निरीक्षकों की चौकियां और थाना बदले गए हैं। इसमें दो हेड कॉस्टेबल और पांच आरक्षी भी शामिल हैं।
विज्ञापन


24 घंटे में दहेज हत्या का आरोपी पति गिरफ्तार
दहेज हत्या के मामले में पति को रोहनिया पुलिस ने गुरुवार को गंगापुर रजिस्ट्री कार्यालय के पास से 24 घंटे के अंदर गिरफ्तार किया। आरोपी को कोर्ट ने जेल भेज दिया। गिरफ्तार आरोपी श्रवण कुमार निवासी गजेपुर कपसेठी का है। इंस्पेक्टर राजू सिंह ने बताया कि ससुर की तहरीर के आधार पर दामाद श्रवण कुमार को गिरफ्तार किया गया।

विज्ञापन
विज्ञापन

मॉर्निंग वाक पर वृद्धा के संग चेन स्नेचिंग
लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र के रमदत्तपुर संजय नगर कॉलोनी में गुरुवार को मार्निंग वाक के दौरान वृद्धा के संग चेन स्नेचिंग हो गई। बाइक सवार बदमाश चेन छीनकर फरार हो गए। पुलिस आसपास लगे सीसी कैमरों से बदमाशों को चिह्नित कर रही है।

संजय नगर कालोनी निवासी विमला देवी सुबह कालोनी में टहलने निकली। अपाचे बाइक सवार एक युवक उनके पास आया और किसी का पता पूछा और काफी देर तक अपनी बातों में उलझाए रखा, जैसे ही विमला देवी घर के गेट पर पहुंची थी कि तभी युवक ने झपट्टा मारकर सोने की चेन नोंच ली और फरार हो गया। विमला ने शोर मचाया। बेटे अधिवक्ता पीयूष सिंह ने लालपुर-पांडेयपुर थाने में तहरीर दी। घर के सीसीटीवी कैमरे में पूरा घटनाक्रम कैद है। लालपुर-पांडेयपुर इंस्पेक्टर राजीव कुमार सिंह ने बताया कि सीसी कैमरे से आरोपी की पहचान कराई जा रही है।

कैंट स्टेशन पर आरपीएफ का अभियान, 15 के खिलाफ मुकदमा
रेलवे सुरक्षा बल कैंट ने बृहस्पतिवार को चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान विभिन्न मामलों में 15 मुकदमे दर्ज किए गए। कैंट आरपीएफ इंस्पेक्टर संदीप यादव ने बताया कि 7 व्यक्तियों के खिलाफ नो पार्किंग के जुर्म में रेलवे एक्ट के तहत चालान किया। 

ऑपरेशन पंक्चुअलिटी के तहत चेनपुलिंग में तीन यात्रियों के खिलाफ रेलवे एक्ट में चालान, दो अवैध वेंडर और स्टेशन पर अशांति फैलाने और अनाधिकृत रूप से प्रवेश के जुर्म में तीन के खिलाफ रेलवे एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया।

पति समेत चार के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का केस दर्ज
प्रेमचंद नगर कॉलोनी पांडेयपुर के रहने वाले ओमप्रकाश श्रीवास्तव ने मंडुवाडीह थाने में गुरुवार को दामाद समेत चार के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का केस दर्ज कराया। पीड़ित ओमप्रकाश ने पुलिस को बताया कि बेटी आंचल श्रीवास्तव की शादी आनंद नगर कॉलोनी अमलेशपुर बरईपुर निवासी अमित श्रीवास्तव से की है। पति अमित समेत ननद तनु श्रीवास्तव, ससुर राजेश श्रीवास्तव, सास मीना श्रीवास्तव दहेज की मांग को लेकर आए दिन बेटी को प्रताड़ित करते हैं। मंडुवाडीह इंस्पेक्टर भरत उपाध्याय ने बताया कि केस दर्ज कर लिया गया है। 

मानसिक रूप से कमजोर वृद्ध की मौत
सिंधौरा थाना क्षेत्र के बजरंग नगर चौराहा पर मानसिक रूप से कमजोर 70 साल के खेतत्ल राम की अज्ञात वजह से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वह दिन भर निर्वस्त्र होकर खड़ी धूप में घूमता था। गुरुवार को वह सड़क पर मरा पाया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के भेज दिया है। 

मकान की मरम्मत को लेकर विवाद में महिला की पिटाई
पिंडरा के फूलपुर थाना क्षेत्र के कैथोली गांव में मकान की मरम्मत करा रही महिला की पिटाई की गई। गुरुवार को पीड़िता ने थाने में मुकदमा दर्ज कराया। संगीता गौड़ ने पुलिस को बताया कि वह पुराने मकान की मरम्मत करा रही थी। सुबह साढ़े 10 बजे गांव के ही दंपती इंदू सिंह और उदय प्रताप सिंह ने गालीगलौज कर पिटाई की। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी दंपती के खिलाफ केस दर्ज किया गया। 

त्रिपुरा भैरवी घाट पर युवक डूबा, खोजबीन
त्रिपुरा भैरवी घाट पर गुरुवार शाम युवक डूब गया। दोस्तों के साथ नहाने पहुंचे युवक की गंगा में खोजबीन हो रही है। बिहार के मुजफ्फरपुर स्थित हनुमंत नगर बालू घाट निवासी रिपुंजय ओझा (22) दोस्तों के साथ शाम 5.30 बजे त्रिपुरा भैरवी घाट पर नहाने पहुंचा। सीढ़ी से उतरकर आगे बढ़ा कि गहरे पानी में चला गया। 

रिपुंजय को पानी में डूबता देख सत्यम सिंह समेत अन्य दोस्तों ने शोर मचाया। नाविकों ने छलांग लगाई, लेकिन तब तक वह डूब गया। सत्यम सिंह ने चौकी प्रभारी दशाश्वमेध को सूचना दी। इंस्पेक्टर विजयनाथ शुक्ला ने बताया कि खोजबीन कराई जा रही है। रिपुंजय तीन भाई व दो बहनों में सबसे छोटा था और मुजफ्फरपुर में एक मोबाइल की शॉप में सेल्समैन था। सूचना के बाद बिहार से पिता और अन्य रिश्तेदार देर रात पहुंचे। 

धारदार हथियार से जानलेवा हमला, केस दर्ज
चोलापुर के धरसौना में युवक पर जानलेवा हमले के मामले में गुरुवार को केस दर्ज किया गया। धरसौना निवासी पप्पू ने पुलिस को बताया कि कुछ दिन पूर्व बेटे सूरज और भूषण के बीच विवाद हुआ था। भूषण ने बुधवार रात गड़ासे से सूरज पर हमला किया। घायल का ट्रॉमा सेंटर में उपचार चल रहा है।

मारपीट के मामले में चार का चालान
जंसा थाना क्षेत्र की चौखंडी रेलवे क्रॉसिंग बरम बाबा मंदिर के पास बुधवार रात दो लाख की लूट का मामला फर्जी निकल गया। पुलिस ने मारपीट के मामले में चार आरोपियों का बृहस्पतिवार को शांति भंग की आशंका में चालान किया। पुलिस उपायुक्त गोमती जोन आकाश पटेल ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और लोगों से पूछताछ के बाद लूट का मामला फर्जी निकला। सिर्फ मारपीट का मामला था। 

पति पर पिटाई का लगाया आरोप
बरेका कर्मी पति पर पत्नी ने पिटाई का आरोप लगाया और गुरुवार को मंडुवाडीह थाने में तहरीर दी। पत्नी का आरोप है कि पति नशे में धुत होकर प्रताड़ित करता है। जेठानी के उकसाने पर पति आए दिन पिटाई करता है। मंडुवाडीह इंस्पेक्टर भरत उपाध्याय ने बताया कि जांच कराई जा रही है। 

टैंकर की टक्कर से ऑटो चालक घायल
वाराणसी गाजीपुर हाइवे पर पनिहरी के पास गुरुवार शाम टैंकर ने ऑटो में टक्कर मार दी, जिससे ऑटो चालक घायल हो गया। ऑटो चालक केदार नाथ मिश्रा निवासी मोहाल रूपापुर चोलापुर का प्राथमिक उपचार कराया गया। प्रभारी निरीक्षक जगदीश कुशवाहा ने बताया कि टैंकर को कब्जे में लिया गया है। 

बीएचयू में एमबीए में एडमिशन के नाम पर धोखाधड़ी, चार पर केस दर्ज
बीएचयू एमबीए में दाखिला कराने के नाम पर धोखाधड़ी मामले में चार के खिलाफ चौक थाने में बृहस्पतिवार को केस दर्ज किया गया। हीरापुरा कबीरचौरा निवासी पीड़िता डिंपल शर्मा ने पुलिस को बताया कि देवेश मिश्रा, देवेंद्र मिश्रा, पुष्पा मिश्रा और दिव्या मिश्रा ने संगठित धोखाधड़ी की। बीएचयू एमबीए में प्रवेश दिलाने के नाम पर 11 लाख 84 हजार की धोखाधड़ी की है। चौक इंस्पेक्टर विमल कुमार मिश्रा ने बताया कि विवेचना कराई जा रही है।

मैदागिन-गोदौलिया नो व्हीकल जोन में 11 ऑटो, ई-रिक्शा सीज
मैदागिन-गोदौलिया के बीच नो व्हीकल जोन में जाम लगाने वाले वाहनों के खिलाफ बृहस्पतिवार को पुलिस ने कार्रवाई की। बिना परमिट, बिना बार कोड और अवैध तरीके से संचालन पर 14 ऑटो, ई-रिक्शा को सीज किया गया। चौक इंस्पेक्टर विमल कुमार मिश्रा ने बताया कि श्रीकाशी विश्वनाथ धाम आने वाले श्रद्धालुओं की व्यवस्था में वाहन खलल डाल रहे थे।

जमीन विवाद और जान से मारने की धमकी पर मुकदमा
जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के विवाद में मुकदमा दर्ज हुआ। तेलारी नरायनपुर निवासी महेंद्र गुप्ता ने जमीन मामले और जानलेवा हमले को लेकर तहरीर दी थी। आरोप लगाया कि विपक्षी लोगों ने खेत जोतने की कोशिश की, तो उन पर हमला कर दिया गया। खेत जुतवाने के लिए ट्रैक्टर लाए थे, तभी लोग लाठी-डंडा लेकर वहां पहुंच गए और उन्हें अकेला पाकर मारपीट करने लगे। ये भी कहा कि हमलावरों ने उन्हें जातिसूचक शब्दों और गालियों के साथ जान से मारने की धमकी भी दी।

हरहुआ रिंग रोड चौराहे पर हादसे में वृद्ध घायल
बड़ागांव थाना क्षेत्र के हरहुआ रिंग रोड चौराहे पर गुरुवार दोपहर अज्ञात वाहन की टक्कर से 70 साल के पशुपति गौड़ गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें तत्काल पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से हालत गंभीर होने पर ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। प्रताप पट्टी गांव निवासी घायल पशुपति गौड़ के बेटे विशाल ने बताया कि पिता कचहरी से साइकिल से लौट रहे थे तभी हादसा हुआ। फिलहाल ट्रॉमा सेंटर में उनका इलाज जारी है।

इलाज के दौरान मजदूर की मौत
रोहनिया के केसरीपुर के एक अपार्टमेंट में मजदूरी करते समय मजदूर अशोक (40) अचानक मूर्छित होकर गिरकर घायल हो गए। पुलिस ने पास के निजी अस्पताल में उसे भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और परिजनों को सूचित किया। पुलिस ने बताया कि मृतक अशोक औरंगाबाद बिहार का निवासी था और मजदूरी करता था। वह कैसे गिरा, इसकी जांच की जा रही है। 

युवक ने कमिश्नर से लगाई न्याय की गुहार
पंचक्रोशी चौराहे पर मंगलवार रात एक युवक को कुछ अज्ञात युवकों ने पीट दिया। रूपनपुर निवासी गोलू चौधरी ने पुलिस आयुक्त को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की। तहरीर में बताया कि वह मंगलवार रात दयालू बाबा मंदिर के पास दुकान पर खड़े थे, तभी गोविंद सोनकर अपने तीन-चार साथियों के साथ आया और उनकी जेब से 3 हजार रुपये निकाल लिए। पैसा मांगने पर गाली-गलौज कर सिर पर पत्थर मार दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। थाने में शिकायत के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई।

गैस सिलिंडर की कालाबाजारी में दो हिरासत में, 35 सिलिंडर मिले
रमना के शिवगंगा नगर कॉलोनी में अवैध गैस सिलिंडर रिफिलिंग केंद्र पर गुरुवार को लंका पुलिस ने छापा मारा। मौके से 34 घरेलू और एक कमर्शियल सिलिंडर, चार तराजू और एक मालवाहक बरामद हुआ। गोदाम से दो युवकों को पुलिस ने हिरासत में लिया। जिला पूर्ति विभाग मामले की जांच कर रही है।

लंका इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि सूचना मिली कि चहारदीवारी के अंदर अवैध तरीके गैस सिलिंडर भरा जा रहा है। इससे हादसा हो सकता है। जिसके बाद टीम ने छापा मारा। क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी शिवनारायण व पूर्ति निरीक्षक पुलकित वत्स ने भी जांच की। लंका इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि जिला पूर्ति विभाग से तहरीर मिलने के बाद हिरासत में लिए गए आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा। 

रंजिश में जानलेवा हमला, मुकदमा दर्ज
रंजिश को लेकर मारपीट के मामले में पांच लोगों पर मुकदमा दर्ज हुआ है। रामपुर निवासी डब्बल ने बुधवार को तहरीर में बताया कि वह अपने भाई के साथ घर के बाहर बैठकर भोजन कर रहा था। तभी मुबारक अली, वारिस, टमाटर दुबे, नीलेश पटेल, अभिषेक पटेल आकर मारने लगे। दोनों पर ब्लेड, लाठी, डंडे से हमला कर दिया। थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच कर रही है। 

चोरी की सात बाइक के साथ तीन आरोपी गिरफ्तार
चोरी की सात बाइक के साथ तीन आरोपियों को भेलूपुर पुलिस ने बृहस्पतिवार को अस्सी नाले के पास से गिरफ्तार किया। ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत आरोपियों को जेल भेज दिया गया। एसीपी भेलूपुर डॉ. इशान सोनी ने बताया कि आरोपियों में जंसा के हाथी बाजार निवासी निखिल पटेल, प्रद्युमन और मिर्जापुर के अदलपुरा निवासी रवि है।

अस्सी घाट से चंदौली के युवक की बाइक चोरी हुई थी। सीसी कैमरे खंंगालने के बाद आरोपियों की पहचान हुई। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि चोरी की बाइक के इंजन नंबर व चेसिस नंबर में छेड़छाड़ कर बेचते थे। दुर्गाकुंड, बरेका, बीएचयू लंका आदि क्षेत्रों से बाइक चोरी कर चुके हैं।

कैंट रेलवे स्टेशन से बाइक चोरी का आरोपी गिरफ्तार
कैंट रेलवे स्टेशन से बाइक चोरी के आरोपी को आदमपुर पुलिस ने गुरुवार को राजघाट पिकेट के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से चोरी की दो बाइक बरामद हुई है। प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र सोनकर ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी विनय विश्वकर्मा उर्फ गोलू निवासी सियो रामगांव चौबेपुर का है। कैंट स्टेशन से दोनों बाइक चोरी की थी। 

Varanasi News today Cyber fraud 37 policemen transferred sport crime education news
वाराणसी विकास प्राधिकरण। - फोटो : अमर उजाला

वीडीए ने पांच बीघे की अवैध प्लाॅटिंग ध्वस्त कराई
वीडीए ने गुरुवार को पांच बीघे की अवैध प्लाॅटिंग ध्वस्त कराई। नगवां वार्ड के काशीपुर टिकरी में सोनू सिंह की ओर से यह प्लाॅटिंग विकसित की जा रही थी। जोनल अधिकारी संजीव कुमार एवं अवर अभियंता आदर्श निराला की देखरेख में कार्रवाई की गई। 

सड़क पार कर रहे मजदूर की वाहन की चपेट में आने से मौत
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के बिहड़ा गांव में सड़क पार करते समय बुधवार रात वाहन की चपेट में आने से मजदूर की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बिहड़ा गांव निवासी राजू बिंद (32) सर्विस रोड से गांव की तरफ सड़क पार कर जा रहा था।

औराई की ओर से आ रहे चारपहिया वाहन ने धक्का मार दिया। पुलिस ने राजू को बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पत्नी आरती देवी ने पुलिस को बताया कि राजू मजदूरी करते थे। दो बच्चे हैं, कैसे गुजारा होगा। मिर्जामुराद थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा। 

जगद्गुरु ने दिया बिहार में भाजपा की विजय का आशीर्वाद
बिहार के विधानसभा चुनाव में भाजपा गठबंधन की विजय सुनिश्चित करने के अभियान के तहत पूर्व विधायक राजेश्वर राज छित्तूपुर तारा नगर कालोनी स्थित वेद मंदिर पहुंचे। वह यहां निवास करने वाले बिहार के भोजपुरी क्षेत्र के लोगों से संपर्क अभियान के तहत प्रवास कर रहे हैं।

उनके साथ वेद मंदिर पहुंचे भाजपा युवा मोर्चा काशी क्षेत्र के क्षेत्रीय कार्यालय प्रभारी प्रीतम सिंह, किसान मोर्चा मंडल महामंत्री अशोक पांडेय, भाजयुमो मंडल अध्यक्ष बिपिन ओझा ने वेद मंदिर के पीठाधीश्वर जगद्गुरु रामानुजाचार्य शिवपूजन शास्त्री महाराज का आशीर्वाद लिया। प्राप्त किया। जगद्गुरु ने बिहार चुनावों में एनडीए की विजय की भविष्यवाणी की।

मंदिर में उपस्थित 111 वैदिक ब्राह्मणों ने मंत्रोच्चार से स्वागत किया गया। उनकी सफलता के लिए विशेष अनुष्ठान किया। पूर्व विधायक राजेश्वर राज ने प्रवासी मतदाताओं से घर पहुंचकर विधानसभा चुनावों में वोट करने की अपील की। इस दौरान ओमप्रकाश पाठक, संजय दुबे, नंदलाल उपाध्याय, जय प्रकाश, राजीव रंजन, सुनील पाठक मौजूद रहे।

बीएचयू के दक्षिणी परिसर में 8 छात्रों का कैंपस प्लेसमेंट
बीएचयू के राजीव गांधी दक्षिणी परिसर में गुरुवार को आठ मेधावियों का कैंपस प्लेसमेंट किया गया। डीडीयू कौशल केंद्र के इन छात्रों का चयन जैस्पर फूड मैन्युफैक्चरर्स प्राइवेट लिमिटेड और दिल्ली स्थित फ्रोजन फूड उद्योग की एक प्रमुख कंपनी ने किया है। छात्रों का पैकेज 2.5 लाख रुपये सालाना होगा।

ये छात्र बीवोक (फूड प्रोसेसिंग एंड मैनेजमेंट), बीवोक (मॉडर्न ऑफिस मैनेजमेंट) और बीवोक (रिटेल एंड लॉजिस्टिक्स मैनेजमेंट) जैसे कई व्यावसायिक पाठ्यक्रमों से हैं। जैस्पर फूड मैन्युफैक्चरर्स प्राइवेट लिमिटेड फ्रोजन फूड उत्पादों का निर्माण और वितरण करता है। चयन प्रक्रिया में प्री-प्लेसमेंट टॉक, तकनीकी ज्ञान पर लिखित परीक्षा और व्यक्तिगत साक्षात्कार (पीआई) और मूल्यांकन चरण शामिल थे। 

वरुणा में गिर रहे मलजल पर जताया रोष
लोक चेतना संस्था की ओर से वरुणा नदी के तट पर बृहस्पतिवार को दुग्धाभिषेक व आरती की गई। इस दौरान संस्था के अध्यक्ष केके उपाध्याय ने छावनी परिषद के पीछे इमलियाघाट कोइलाहवा पुल के पास फुलवरिया समेत कई मोहल्लों से मलजल नदी में सीधे गिरने पर एतराज जताया। कहा कि इससे वरुणा और गंगा नदी मैली हो रही है। आरोप लगाया कि कुछ लोग नदी के तट पर अवैध निर्माण करवा रहे हैं। सिंचाई विभाग, नगर निगम और विकास प्राधिकरण चुप्पी साधे हुए है। इन विभागों की चुप्पी से वरुणा नदी का अस्तित्व पर खतरा बढ़ता जा रहा है। 

पोल्ट्री फार्मों से लिए 50 और नमूने
जिले में पोल्ट्री फार्मों का निरीक्षण चल रहा है। एक सप्ताह में 50 से अधिक नमूने लिए गए हैं। पोल्ट्री फार्मों, मुर्गे के दुकानों और जू का भी निरीक्षण किया जा रहा है। इसके पहले 272 नमूने जांच के लिए भारतीय पशुचिकित्सा अनुसंधान संस्थान (आईवीआरआई) बरेली भेजे गए हैं। जिले में छोटे-बड़े 242 पोल्ट्री फार्म हैं। इसके अलावा घरों में पालने वाले चूजों का भी निरीक्षण हो रहा है। जिला मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. आरएस राजपूत ने बताया कि बर्ड फ्लू की आशंका को देखते हुए जिले में कंट्रोल रूम बनाया गया है। 

101 साल के बुजुर्ग का निधन, हुआ नेत्रदान
रविंद्रपुरी के 101 साल के राम दयाल खन्ना का निधन हो गया। इसके बाद कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव की पहल पर तीमारदारों ने रामदयाल का नेत्रदान करवाया। करीब 30 वर्ष पूर्व रामदयाल ने नेत्रदान का संकल्प लिया था। उनकी इच्छा को पूरा करने के लिए उनके पौत्र आकाश खन्ना के सहयोग से डा. अजय मौर्या के निर्देशन में आई बैंक की टीम ने नेत्रदान प्रक्रिया को पूरा करवाया। संस्था के अध्यक्ष प्रद्युम्न कुमार साह ने बताया कि चिकित्सक डॉ. ऋषभ साह द्वारा जरूरतमंद की आंख में प्रत्यारोपित किया जाएगा।

छोटे-छोटे प्रयासों से कर सकते हैं जल संचयन
जल संचयन व जल संरक्षण जागरूकता के तहत द स्माॅल इंडस्ट्रीज एसोसिएशन की ओर से बृहस्पतिवार को औद्योगिक आस्थान चांदपुर में शीतल जल और शरबत वितरण किया गया। एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश भाटिया ने कहा कि छोटे-छोटे प्रयासों से भूगर्भ जल की गिरती हुई स्थिति को संभाला जा सकता है। जल संचयन के लिए प्रयास करना हमारा धर्म भी है और दायित्व भी है। 

महासचिव नीरज पारीक ने सभी उद्यमियों को जल के दुरुपयोग को रोकने व जल संरक्षण के लिए अपने घरों, कारखानों की छतों पर वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाने के लिए जागरूक किया। संयोजन एसोसिएशन के संयुक्त सचिव ज्ञानेश्वर और धन्यवाद उपाध्यक्ष प्रशांत अग्रवाल ने किया। कार्यक्रम में एमएसएमई के सहायक निदेशक राजेश चौधरी, वीके राणा, रितेश बरनवाल, राजेश वर्मा, राकेश गोयल, नारायण कोठारी, अजय जायसवाल अमित गुप्ता आदि रहे।

मुख्यमंत्री से लखनऊ में मिले कर्मचारी परिषद के पदाधिकारी
राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के पदाधिकारियों ने बृहस्पतिवार को लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। उन्होंने विभागीय फोरम सक्रिय करने, आयोग की रूकी भर्तियों को चालू कराने पर भरोसा जताया। परिषद के प्रदेश अध्यक्ष इंजीनियर हरिकिशोर तिवारी ने मुख्यमंत्री को कर्मचारियों की समस्याओं को विस्तार से बताया। 

कहा कि प्रदेश में 2015 से अब तक काफी रिक्तियां देरी का शिकार हो रही है। कार्मिकों के लिए अब तक किए जा रहे दस प्रतिशत के अंशदान को बढ़ाकर 14 प्रतिशत किया जाए। इस दौरान जिलाध्यक्ष शशिकान्त श्रीवास्तव, सुरेंद्रनाथ पांडेय, श्याम राज, सुधांशु सिंह,गीतांजलि राणा, आदि शामिल रही।

अमन श्रीवास्तव को मिला सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का सम्मान
अखिल रेल हिंदी नाट्योत्सव में एनईआर वाराणसी मंडल के नाटक बड़े भाई साहब के मंचन ने खूब सराहना बटोरी। रेलवे बोर्ड की ओर से 2 से 7 जून तक क्षेत्रीय रेल प्रशिक्षण संस्थान भुसावल में आयोजित नाट्योत्सव में वाराणसी मंडल के अमन श्रीवास्तव को सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का सम्मान दिया गया। नाट्य प्रबंधक अजय सिंह के नेतृत्व और निर्देशक अमन श्रीवास्तव के निर्देशन में नाटक बड़े भाई साहब का मंचन किया गया। 

गुरुवार को भुसावल से वापसी के बाद नाट्य दल ने मंडल रेल प्रबंधक विनीत कुमार श्रीवास्तव से भेंट की। अपर मंडल रेल प्रबंधक राजेश कुमार सिंह, वरिष्ठ मंडल आंकड़ा संसाधन प्रबंधक सह राजभाषा अधिकारी नवनीत वर्मा एवं जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार उपस्थित रहे।

60 करोड़ संपत्तिकर वसूली का लक्ष्य
नगर के भवन स्वामियों को संपत्तिकर (गृहकर, जलकर, सीवरकर) जमा करने पर वर्तमान कर पर 31 जुलाई तक छूट दी जा रही है। इस तारीख तक 60 करोड़ रुपये वसूली का लक्ष्य मेयर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने रखा है। अब तक नगर निगम ने 17 करोड़ रुपये की वसूली कर ली है। अब तक 12540 भवन स्वामियों ने संपत्तिकर जमा कर छूट का लाभ लिया है। 3940 भवन स्वामियों ने ऑनलाइन संपत्तिकर जमा कर 12 प्रतिशत छूट का लाभ पाया। इस बार छूट के लिए तीन कैटेगरी रखी गई हैं। 

Varanasi News today Cyber fraud 37 policemen transferred sport crime education news
श्री काशी विश्वनाथ धाम। - फोटो : अमर उजाला

काशी विश्वनाथ धाम से ज्योति कलश रथ का होगा शुभारंभ
गायत्री परिवार की ओर से ज्योति कलश रथ 13 जून को निकलेगा। पं. श्रीराम शर्मा आचार्य की धर्मपत्नी माता भगवती देवी के जन्म के सौ साल पूर्ण होने पर श्री काशी विश्वनाथ कॉरिडोर से रथ की शुरुआत होगी। युग ऋषि के विचारों से जन-जन को अवगत कराने के उद्देश्य से संपूर्ण भारत में ज्योति कलश यात्रा निकाली जा रही है। 

गुरुवार को गायत्री शक्तिपीठ नगवां में बैठक के दौरान ज्योति कलश रथ की तैयारियों पर चर्चा हुई। जिला समन्वयक पं. गंगाधर उपाध्याय ने बताया कि ज्योति कलश रथ वाराणसी आया है। इसका शुभारंभ 13 जून को सुबह छह बजे बाबा विश्वनाथ धाम से होगा। इस दौरान मानसिंह, रामजीत पांडेय, विद्याधर मिश्र, ओमेश्वर सेपट, कल्पनाथ गुप्ता, रमाकांत पाठक, गणेश वर्मा, अयोध्या प्रसाद, हीरावती सिंह, पूर्णिमा भारद्वाज उपस्थित रहे। 

गिरजाघर-गोदौलिया मार्ग पर खोदाई से दुकानदारी आधी, विरोध प्रदर्शन
गिरजाघर-गोदौलिया मार्ग पर विभागों की ओर से बेतरतीब खोदाई और एक लेन बंद करने से खफा दशाश्वमेध व्यापार मंडल ने बृहस्पतिवार को गोदौलिया चौराहे पर विरोध प्रदर्शन किया। व्यापारियों ने कहा कि दशाश्वमेध और गाेदौलिया, गिरजाघर का बाजार प्रभावित हो गया है। ग्राहकों की कमी और बिक्री आधी होने से कुछ दुकानें बंद होने की कगार पर हैं। चेताया कि सात दिन के अंदर समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन पर विवश होंगे।

संरक्षक श्रीनारायण खेमका ने कहा कि रोपवे निर्माण के कारण 6 माह से एक साइड की सड़क पूरी तरह बंद कर दी गई है। दूसरी साइड की आधी सड़क को पाइप से घेरकर छोटा कर दिया गया है। कच्ची सड़क पर दिनभर धूल उड़ रही है। अशोक जायसवाल और अध्यक्ष सुरेश तुल्यस्यान ने कहा कि पुलिस आयुक्त के आदेश के बाद भी रात नौ बजे के बाद गोदौलिया व गिरजाघर के पास काफी संख्या में ई-रिक्शा और ऑटो का संचालन होता है। विरोध प्रदर्शन में दीपक वासवानी, प्रेम मिश्रा, रजनीश कन्नौजिया, पंकज अग्रवाल, भगवान दास जाजानी, गौरव जायसवाल आदि रहे।

सिंचाई विभाग के लगभग 4000 पदों को किया समाप्त
सिंचाई विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी 14 मई को जारी शासनादेश के खिलाफ लगातार प्रदर्शन कर रहे है। शासनादेश में सिंचाई विभाग के लगभग 4000 पदों को समाप्त कर दिया गया है। पदों की बहाली व निर्गत शासनादेश को निरस्त करने की मांग को लेकर गुरुवार को सिंचाई विभाग के मुख्य द्वार पर प्रदर्शन हुआ। 

धरना-प्रदर्शन के दौरान मुख्यमंत्री, सिंचाई मंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी के प्रतिनिधि प्रज्ञा सिंह को दिया गया। शशिकांत श्रीवास्तव ने बताया कि अब भी निर्गत शासनादेश 14 को निरस्त नहीं किया गया तो 20 जून को प्रमुख अभियंता कार्यालय लखनऊ पर धरना एवं प्रदर्शन किया जाएगा। इस दौरान इंजीनियर पीके राय, विकास श्रीवास्तव, अवधेश पांडेय, प्रकाश श्रीवास्तव, सर्वेश उपाध्याय उपस्थित रहे।

Varanasi News today Cyber fraud 37 policemen transferred sport crime education news
नगर निगम वाराणसी। - फोटो : अमर उजाला

नगर निगम का स्वच्छता जन आंदोलन अभियान आज से
नगर निगम की ओर से पहली बार शहर को स्वच्छ रखने के लिए स्वच्छता जन आंदोलन अभियान शुक्रवार से शुरू होगा। कैंट रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन पर सार्वजनिक स्थानों पर लोगों को सफाई के प्रति जागरूक किया जाएगा। वहीं, दुर्गाकुंड मंदिर के पास प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग न करने के लिए जन जागरूकता कार्यक्रम चलेगा। 

मेयर अशोक कुमार तिवारी के नेतृत्व और नगर आयुक्त अक्षत वर्मा की पहल पर यह स्वच्छता जन आंदोलन शुरू किया जा रहा है। इसके लिए बेसिक्स और ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ लोकल सेल्फ गर्वनमेंट नाम की दो प्रतिष्ठित संस्थाओं का चयन किया है। नगर आयुक्त ने दोनों संस्थाओं को चार-चार जोन में कार्य करने के निर्देश दिए हैं। 

बेसिक्स संस्था को सरनाथ, आदमपुर, वरुणा पार और दशाश्वमेध जोन दिया है। वहीं, ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ लोकल सेल्फ गर्वनमेंट को भेलूपुर, कोतवाली, ऋषि मांडवी और रामनगर जोन दिया है। ये दोनों संस्थाएं कुल 26 प्रशिक्षित कार्मिकों के साथ वार्डों में प्रतिदिन जागरूकता कार्यक्रम चलाएंगी। कार्यक्रम 29 जून तक चलेगा। 

यूपी टीम में खेलेंगे काशी के आठ खिलाड़ी
एमेच्योर कबड्डी फेडरेशन ऑफ इंडिया की ओर से अंडर-18 राष्ट्रीय कबड्डी रायपुर में 28 जून से एक जुलाई तक खेली जाएगी। इस प्रतियोगिता में खेलने वाली बालक-बालिका वर्ग की यूपी टीम में वाराणसी के आठ खिलाड़ियों को जगह मिली है। राष्ट्रीय प्रतियोगिता उत्तराखंड कबड्डी संघ की ओर से आयोजित है। इस प्रतियोगिता में 15 से 18 वर्ष के खिलाड़ी हिस्सा ले सकेंगे। इसमें 65 से 70 किलो भारवर्ग के खिलाड़ी खेलेंगे। यूपी कबड्डी संघ के सचिव राजेश सिंह ने बताया कि इस प्रतियोगिता में बालिका वर्ग में छह और पुरुष वर्ग में दो खिलाड़ी खेलेंगे। 

Varanasi News today Cyber fraud 37 policemen transferred sport crime education news
काशी विद्यापीठ - फोटो : अमर उजाला

काशी विद्यापीठ में 16 जून से होगी सेमेस्टर परीक्षा
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के समाजशास्त्र विभाग में एमए चतुर्थ सेमेस्टर की परीक्षा 16 से 23 जून तक होगी। वहीं, द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षा 24 से 30 जून तक होगी। विभागाध्यक्ष प्रो. अमिता सिंह ने बताया कि दोपहर 2 से 4 बजे तक होने वाली परीक्षा की तैयारियां अंतिम दौर में हैं।

परीक्षा की समय सारिणी विश्वविद्यालय के वेबसाइट पर अपलोड है। उधर, राजनीति विज्ञान विभाग में एमए द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षा 1 से 10 जुलाई तक और चतुर्थ सेमेस्टर की परीक्षा 3 से 14 जुलाई तक होगी। विभागाध्यक्ष प्रो. मोहम्मद आरिफ ने बताया कि परीक्षा सुबह 10 से 12 बजे तक होगी।

काशी विद्यापीठ में यूजी के मुख्य कोर्स की मेरिट सूची का इंतजार
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में स्नातक में काउंसिलिंग की प्रक्रिया तो शुरू हो गई है लेकिन मुख्य कोर्स में दाखिले के लिए अभ्यर्थियों को इंतजार करना पड़ेगा। विश्वविद्यालय की ओर से प्रवेश फाॅर्म में संशोधन की समय सीमा बृहस्पतिवार को बीत गई। अब प्रवेश सेल की ओर से पाठ्यक्रमवार फाॅर्म की सूची तैयार करने के साथ ही मेरिट सूची बनाई जानी है।

काशी विद्यापीठ में सत्र 2025-26 में यूजी में ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 31 मई को पूरी हो गई। एक जून से पीजी के आवेदन शुरू हुई। इस साल 15 हजार अभ्यर्थियों ने स्नातक प्रवेश परीक्षा के लिए आवेदन किया है। इसमें बीए, बीएससी, बीकॉम में आवेदन करने वालों की संख्या आधे से अधिक है। 

काउंसिलिंग शुरू हो चुकी है। प्रवेश सेल के समन्वयक प्रो. बंशीधर पांडेय ने बताया कि स्नातक पाठ्यक्रमों की प्रवेश प्रक्रिया 1 से 31 जुलाई तक और स्नातकोत्तर व डिप्लोमा पाठ्यक्रमों की 15 जुलाई से 14 अगस्त तक पूरी कर ली जाएगी। यूजी के आवेदन में संशोधन की समय सीमा बीत गई है, अब मेरिट सूची तैयार कराई जा रही है। पीजी में आवेदन के बारे में अभ्यर्थी कोई भी जानकारी वेबसाइट से लेकर कर सकते हैं।

काशी विश्वनाथ मंदिर के नवग्रह मंडप में हुआ शांति पाठ
अहमदाबाद विमान हादसे में मरने वालों की आत्मा की शांति के लिए बाबा विश्वनाथ से प्रार्थना की गई। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर परिसर में स्थित नवग्रह मंडप में शांति पाठ का आयोजन हुआ। शांति पाठ के माध्यम से मंदिर के आचार्यों व पुजारियों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ श्रद्धांजलि अर्पित की।

श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास की ओर से श्रद्धांजलि स्वरूप दीप प्रज्ज्वलित किए गए और मृतकों के प्रति शोक संवेदना प्रकट की गई। सभी दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की गई। इसके साथ ही बाबा विश्वनाथ से परिजनों को यह असीम दुख सहन करने की शक्ति देने की कामना की गई। 

उपविजेता हॉकी टीम का डीआरएम ने किया सम्मान
17वीं ओलंपियन विवेक सिंह सेवेन ए साइड अखिल भारतीय हाॅकी प्रतियोगिता की उपविजेता पूर्वोत्तर रेलवे की हाॅकी टीम को डीआरएम विनीत श्रीवास्तव ने सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि खेल के विकास के लिए पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल सुविधाएं मुहैया करा रहा है। 2 से 8 जून तक शिवपुर मिनी स्टेडियम आयोजित हॉकी के फाइनल मुकाबले में रेलवे की टीम को ट्राई ब्रेकर में 5-4 से हार का सामना करना पड़ा था। इस मौके पर सहायक मंडल संरक्षा अधिकारी अभिषेक कुमार, हाॅकी कोच सतीश कुमार सिंह मौजूद थे।

पर्यटन उद्योग से जुड़े लोगों को आईआईटीटीएम देगा प्रशिक्षण
भारतीय पर्यटन एवं यात्रा प्रबंध संस्थान (इंडियन इंस्टिट्यूट ऑफ टूरिज्म एंड ट्रेवल मैनेजमेंट) पर्यटन उद्योग से जुड़े नाविकों, वेंडर्स, गाइड, टूर और ट्रेवल्स, पेइंग गेस्ट संचालक, ऑटो रिक्शा चालकों को प्रशिक्षित करेगी। इसका उद्देश्य भारतीय और विदेशी पर्यटकों के साथ बेहतर व्यवहार करने का सलीका सिखाना है। 

इससे काशी आने वाले पर्यटकों को सुखद अहसास और यादगार अनुभव मिलेगा। यहां आने वाले सैलानी संस्कृति और परंपरा के अनुकूल नया अनुभव और सुखद अहसास लेकर जाएं, इसके लिए सरकार पर्यटन उद्योग से जुड़े लोगों को सॉफ्ट स्किल का विशेष प्रशिक्षण दिलाएगी।

उपनिदेशक पर्यटन राजेंद्र रावत ने बताया कि पिछले एक दशक में काशी के मूलभूत ढांचे में सुधार होने से पर्यटक लगातार आकर्षित हो रहे हैं। काशी विश्वनाथ कॉरिडोर, बेहतर ट्रांसपोर्ट कनेक्टिविटी और कानून व्यवस्था के कारण बनारस पर्यटकों की पसंद बन रहा है। काशी में बड़ी तादाद में घरेलू के साथ ही विदेशी पर्यटक भी आते हैं। ऐसे में विश्वस्तरीय सुविधा के साथ ही बेहतर अनुभव देने के लिए आईआईटीटीएम की ओर से पर्यटन उद्योग से जुड़े लोगो को प्रशिक्षण दिया जाएगा। यह प्रशिक्षण काशी के पर्यटन उद्योग के लिए गेमचेंजर साबित होगा।

प्रादेशिक बास्केटबॉल: क्वार्टर फाइनल में बालक-बालिका की टीम
प्रादेशिक बास्केटबॉल प्रतियोगिता के प्री क्वार्टर फाइनल में जीत हासिल कर जिले की बालक और बालिका टीमों ने बृहस्पतिवार को क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया। मुकाबले में बालक वर्ग की टीम ने झांसी को 50-9 के स्कोर से हरा दिया। इसमें देव सिंह ने 15 और राज सिंह ने 10 अंक बनाए। 

बालिका वर्ग में वाराणसी की टीम ने मथुरा को 35-14 के स्कोर से हराया। इसमें सोनम ने 13 और पलक ने 8 अंक बनाए। प्रादेशिक बास्केटबॉल प्रतियोगिता मेरठ में 14 जून तक होगी। बास्केटबॉल कोच विवेक श्रीवास्तव ने बताया कि शुक्रवार को क्वार्टर फाइनल मैच खेला जाएगा। 

गंगा द्वारे बधईया बाजे रे...
सुबह ए बनारस में बृहस्पतिवार को युवा कलाकार प्रिया गुप्ता का गायन हुआ। गायन की शुरुआत राग नट भैरव में मध्य तीनताल मे निबद्ध बंदिश से की। बोल थे- तेरो ही छैल...। दादरा के बोल थे- चला रे परदेसिया...। समापन बधईया गीत से किया। बोल थे- गंगा द्वारे बधईया बाजे रे...। तबले पर अनंग गुप्ता ने किया। कलाकार को प्रमाण पत्र संस्था के संस्थापक डॉ. रत्नेश वर्मा ने किया।

काशी विद्यापीठ उपकेंद्र से आज दो घंटे गुल रहेगी बिजली
शहर में रोपवे परियोजना से संबंधित कार्य करवाए जाने के लिए शुक्रवार को काशी विद्यापीठ उपकेंद्र से दो घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। अधीक्षण अभियंता नगरीय विद्युत वितरण मंडल प्रथम कार्यालय की ओर से जारी सूचना के अनुसार सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक आईपी माल, हरिनगर, घंटी मिल, बादशाहबाग, पितरकुंडा, गुलाबबाग, फातमान सहित अन्य इलाके में बिजली नहीं रहेगी।

गांव में जगह-जगह खोदे जाएंगे गड्ढे, बनाई जाएंगी 25 रिचार्ज किट
सेवापुरी ब्लॉक के गांव ठठरा में जल संरक्षण के लिए 25 रिचार्ज किट बनाए जा रहे हैं। गांव में चार बाई चार के गड्ढे खोदे जा रहे हैं। उसमें पत्थर डाले जाएंगे। इस साल होने वाली बारिश का संचयन इन गड्ढों में किया जाएगा। ग्राम प्रधान सुनील कुमार बिंद ने बताया कि गांव में जल संरक्षण के लिए यह प्रयास किया गया है। ऐसे स्थानों को चिह्नित किया गया जहां बारिश के बाद पानी इकट्ठा होता है। 

वहां गड्ढे खोदने के बाद छोटे बड़े पत्थर डाले जाएंगे। ताकि पानी छनकर पाताल तक चल जाएगा। वर्षा जल को इकट्ठा करने और संग्रहीत करने के साथ रिचार्ज किट बारिश के पानी को भूमिगत जल में वापस भेज कर जल स्तर को बढ़ाने में मदद करेगा। उम्मीद है कि दो साल में ऐसे हैंडपंप के पानी में सुधार देखने को मिलेगा जो पानी छोड़ रहे हैं। बताया कि जेसीबी की मदद से गड्ढों की खोदाई शुरू करा दी गई है। एक सप्ताह में इसका काम पूरा कर लिया जाएगा।

नमो घाट–राजघाट मार्ग पर ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव की तैयारी
भदऊचुंगी तिराहे से राजघाट पुल तक लगने वाले जाम से लोगों को राहत दिलाने के लिए यातायात पुलिस अब नई रणनीति पर काम कर रही है। नमो घाट–राजघाट मार्ग को वैकल्पिक या एकल दिशा वाले मार्ग के रूप में इस्तेमाल किया जाएगा, ताकि भदऊचुंगी से लेकर राजघाट पुल तक के मार्ग पर लगने वाला भीषण जाम कम हो सके। बीते कुछ दिनों से यातायात पुलिस इस मार्ग को खाली कराने का प्रयास कर रही है। सड़क किनारे खड़े वाहन और अस्थायी दुकानों को हटाने के लिए पुलिस और नगर निगम द्वारा चेतावनी दी जा रही है।

गुरुवार को यातायात पुलिस ने नमो घाट से राजघाट तक अभियान चलाया और लोगों को सड़क से वाहन हटाने की चेतावनी दी, लेकिन इसका खास असर नहीं दिखा। कई वाहन हटने के बजाय यथास्थान खड़े रहे। स्थानीय लोगों ने कहा कि यदि इस मार्ग को एकल दिशा (वन-वे) में परिवर्तित कर दिया जाए तो राजघाट क्षेत्र में लगने वाले जाम से काफी हद तक निजात मिल सकती है। इसके लिए जरूरी है कि सड़क किनारे अतिक्रमण और अव्यवस्थित पार्किंग पर सख्ती से कार्रवाई हो।

स्वास्थ्यकर्मियों का वेतन रोकने की चेतावनी
काशी विद्यापीठ विकास खंड के सभी एएनएम व सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों की बैठक में स्वास्थ्य केंद्र अधीक्षक डाॅ. रामबली सिंह ने काम में लापरवाही पर वेतन रोकने की चेतावनी दी। इस दौरान 30 साल से ऊपर के लोगों की होने वाली एनसीडी स्क्रीनिंग, आभा आईडी बनाने व 70 वर्ष से ऊपर के व्यक्तियों के आयुष्मान कार्ड की बनाए जाने की समीक्षा की। चेतावनी दी कि एक सप्ताह के अंदर यदि आयुष्मान कार्ड बनाने का लक्ष्य हासिल नहीं होता है तो जून माह का वेतन व मानदेय अग्रिम आदेश तक अवरुद्ध कर दिया जाएगा। 

जिला अस्पताल पहुंचे सीएमओ ने जानी व्यवस्थाएं
दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल में गुरुवार को सीएमओ डॉ. संदीप चौधरी ने निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान अस्पताल में एक्सरे, अल्ट्रासाउंड, सीटी स्कैन सहित अन्य जांच की सुविधाओं का डिजिटलाइजेशन करने की दिशा में सीएमएस डा. बृजेश कुमार के साथ बातचीत की। इस दौरान सीएमओ ने मेडिकल छात्रों की पढ़ाई के लिए डीएनबी कोर्स शुरू करने से जुड़ी तैयारी की भी जानकारी ली।

सीएमओ ने बताया कि इस दौरान चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों को आभाआईडी बनाए जाने, स्वास्थ्य के क्षेत्र में इसकी उपयोगिता आदि के बारे में जानकारी दी गई। बताया कि जिला अस्पताल में आने वाले मरीजों को बेहतर सुविधाएं मिलती रहे, इसकी निगरानी भी करते रहने को कहा गया है।

बरेका कर्मचारी क्लब चुनाव में मदन कुमार की टीम विजयी
बरेका कर्मचारी क्लब के चुनाव में गुरुवार को सचिव पद पर मदन कुमार और कोषाध्यक्ष पद पर सरोज कुमार सिंह सहित उनकी टीम को दोबारा जीत मिली है। वहीं दूसरी बार लगातार कर्मचारी क्लब के प्रबंधन समिति का भी चुनाव जीत लिया। मदन कुमार ने क्लब के सचिव पद पर कमलेश कुमार सिंह को 299 मतों से हराया। कोषाध्यक्ष पद पर सरोज कुमार सिंह शिव कुमार को 476 मतों से पराजित किए। अन्य सदस्यों में अमित कुमार, दिनेश कुमार प्रजापति, शशि समीर, कौशल चौरसिया और प्रदीप कुमार तिवारी विजयी हुए।

नगर आयुक्त को सौंपा ज्ञापन
राष्ट्रवादी हिंदू शक्ति वाहिनी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. प्रदीप गुप्ता के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने सिगरा स्थित नगर निगम मुख्यालय पहुंचकर अपर नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपा। सफाई, जलनिकासी, सड़कों की मरम्मत और सार्वजनिक सुविधाओं की बदहाल स्थिति का उल्लेख करते हुए त्वरित समाधान की मांग की गई। अपर नगर आयुक्त ने समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र निस्तारण का आश्वासन दिया। इस मौके पर मनीष सिंह रघुवंशी, जितेंद्र निषाद, हिमांशु सिंह राजपूत, आदित्य शर्मा समेत अन्य मौजूद रहे।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed