Varanasi News Today: BHU की छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म केस में जिरह, 13 को ज्ञानवापी की सुनवाई; पढ़ें खबरें
Varanasi News: आईआईटी बीएचयू की छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म मामले में दो आरोपियों के अधिवक्ताओं ने कोर्ट में जिरह की। वहीं, ज्ञानवापी केस में अब अगली सुनवाई 13 नवंबर को होगी। विभिन्न हादसों में दो लोगों ने अपनी जान गंवा दी है। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
Varanasi News in Hindi: बाबतपुर-कपसेठी मार्ग पर पतेर गांव के पास सड़क पार करते समय अज्ञात वाहन की चपेट में आने से ईंट-भट्ठे पर काम करने वाले मजदूर की अस्पताल जाते समय रास्ते में मौत हो गई। ग्राम प्रधान और भट्ठा संचालक संतोष सिंह ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ बड़ागांव थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस सीसीटीवी कैमरे की फुटेज की मदद से जांच में जुट गई है। झारखंड के लातेहार निवासी पवन कुमार (35) सामान लेने निकला था।
सड़क पार करते समय वह वाहन की चपेट में आ गया। भट्ठा संचालक और ग्रामीणों ने उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर उसे बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। रास्ते में उसकी मौत हो गई। बड़ागांव थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि केस दर्ज कर जांच की जा रही है। जल्द ही वाहन चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
ट्रेन की चपेट में आने से महिला की मौत
राजातालाब के असवारी गांव के पास मुगलेशा बेगम (45) की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। बताया गया कि वह राजातालाब की तरफ जा रही थीं। रेलवे लाइन का गेट बंद था। लाइन पार करते समय पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आ गईं। मौके पर पहुंचे पति ने बताया कि वह कपड़ा सिलने जा रही थी। जीआरपी ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
ज्ञानवापी प्रकरण में दाखिल रिविजन पर 13 नवंबर को अगली सुनवाई
अपर जिला जज सप्तम विकास कुमार की अदालत में गुरुवार को वर्ष 1991 के ज्ञानवापी प्रकरण से जुड़े पुराने मामले में नियुक्त वाद मित्र विजय शंकर रस्तोगी के खिलाफ दाखिल रिविजन अर्जी पर सुनवाई हुई। सुनवाई के बाद कोर्ट ने अगली तिथि 13 नवंबर निर्धारित कर दी। यह रिविजन जिला जज की अदालत से सुनवाई के लिए भेजा गया है।
पिछले माह अधिवक्ता की ओर से यह रिविजन अर्जी दाखिल की गई थी। अर्जी में कहा गया है कि ज्ञानवापी मामले में 11 अक्तूबर 2019 को पारित आदेश के जरिये अधिवक्ता विजय शंकर रस्तोगी को वाद मित्र नियुक्त किया गया। नियुक्ति के समय उन्हें मंदिर न्यास का सचिव बताते हुए बिना किसी सार्वजनिक सूचना और पारदर्शिता के यह नियुक्ति की गई, जिससे देवता तथा करोड़ों श्रद्धालुओं के हित प्रभावित हुए हैं। अर्जी में यह भी उल्लेख किया गया कि विजय शंकर रस्तोगी पहले स्वयं इस मामले में वादी पक्ष के अधिवक्ता रह चुके हैं।
छात्रा के साथी से दो आरोपियों के वकीलों ने की जिरह, तीसरे से आज होगी
फास्ट ट्रैक कोर्ट (प्रथम) कुलदीप सिंह की अदालत में गुरुवार को आईआईटी बीएचयू की छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म के मामले में सुनवाई हुई। कोर्ट में घटना के समय पीड़िता के साथ रहे साथी छात्र से आरोपी कुणाल पांडेय और सक्षम पटेल के अविधवक्ता ने जिरह की। एक अन्य आरोपी आनंद चौहान की तरफ से जिरह के लिए समय मांगा गया है। जिसके बाद कोर्ट ने जिरह के लिए सात नवंबर की तिथि नियत कर दी।
प्रकरण के अनुसार, बीएचयू परिसर में दो नवंबर 2023 की रात में आईआईटी की छात्रा के साथ मोटरसाइकिल सवार तीन आरोपियों ने सामूहिक दुष्कर्म किया था। पीड़िता ने तीनों के खिलाफ लंका थाना में मुकदमा दर्ज कराया था। विवेचना में कुणाल पांडेय, आनंद चौहान उर्फ अभिषेक और सक्षम पटेल का नाम सामने आने पर उन्हें आरोपी बनाया गया था। इस मामले में पीड़िता का बयान दर्ज हो चुका है। बचाव पक्ष की ओर से हाईकोर्ट में निवेदन किया गया कि पीड़िता से वीडियो कांफ्रेंसिंग की जगह कोर्ट में उपस्थित होकर जिरह कराई जाए। जिसके चलते जिरह अभी लंबित है।
बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष के बेटे की मौत के मामले में अधिवक्ता समेत चार को आजीवन कारावास
विशेष न्यायाधीश (भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, यूपीएसईबी) विनोद प्रसाद की अदालत ने बनारस बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष इंद्र देव मिश्रा के बेटे नीरज मिश्रा को जहर देकर हत्या के मामले में अधिवक्ता सहित चार अभियुक्तों को दोषी पाया है। अदालत ने पूनम मिश्रा, भूपेंद्र नाथ तिवारी, प्रमोद त्रिपाठी व नरेंद्र त्रिपाठी उर्फ शिब्लू को आजीवन कारावास और एक लाख रुपये का अर्थदंड लगाया। सुनवाई के दौरान 13 गवाहों ने बयान दर्ज कराए थे।
17 अक्तूबर 2015 को नीरज मिश्रा मित्र भूपेंद्र तिवारी के साथ बरही में महाराजा गार्डन आशापुर गए थे, रास्ते में गिलास में नुआन प्वाइजन मिलाकर शराब पिलाई गई, जिसके बाद वह घर पहुंचे। रात में उनकी हालत खराब हो गई। उन्हें बीएचयू अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पोस्टमार्टम के बाद बिसरा प्रिजर्व कर जांच के लिए भेजा गया। इस मामले में मृतक के जीजा वेद प्रकाश पांडेय की तहरीर पर केस दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान पता चला कि गवाह पवन पांडेय ने भूपेंद्र नाथ तिवारी अभियुक्त को शराब के गिलास में कुछ मिलाकर देते देखा। इसके साथ ही अन्य गवाहों ने भी षड्यंत्र रचते सुना और देखा।
युवक पर धारदार हथियार से हमला
कोतवाली थाना क्षेत्र के सप्तसागर इलाके में गुरुवार को रंजिश में दानिश मोहम्मद (32) पर रितिक यादव ने हमला कर दिया। इंस्पेक्टर कोतवाली दया शंकर सिंह ने बताया कि दोनों युवकों के बीच पहले विवाद हुआ था। केस दर्ज कर दोनों से पूछताछ की जा रही है।
दरवाजे से पिकअप चोरी
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के छतेरी गांव में रमेश तिवारी की दरवाजे पर खड़ी पिकअप बुधवार रात चोरी हो गई। मिर्जामुराद थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया बाजारों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।
शराब के नशे में मचाया उत्पात, पुलिस से भी उलझा
कैंट थाना क्षेत्र के पहलू का पूरा, फुलवरिया में गुरुवार रात शराब के नशे में एक युवक ने उत्पात मचाया। सूचना पर डायल 112 की टीम पहुंची तो आरोपी ने पुलिसकर्मियों से भी विवाद किया। इसके बाद 20–30 साथियों के साथ एक घर में घुस गया और गालीगलौज, हाथापाई व महिला से छेड़छाड़ की। लोगों ने बताया कि आरोपी राजा पर पहले से कई केस दर्ज हैं। कैंट थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्र ने बताया कि केस दर्ज कर जांच की जा रही है।
शरारती तत्वों ने मंदिर में तोड़ी प्रतिमा, ग्रामीणों में रोष
चौबेपुर के नाद नदी के बीच बसे पिपरी गांव में बुधवार रात शरारती तत्वों ने गांव के दो मंदिरों में प्रतिष्ठापित हनुमान जी व गणेश जी की प्रतिमा तोड़ दी। बृहस्पतिवार सुबह महिलाएं मंदिर में दर्शन करने पहुंची तो टूटी प्रतिमा देख आक्रोशित हो उठीं। प्रधान मंगल यादव ने पुलिस को सूचना दी। प्रभारी निरीक्षक अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि मामले में पूछताछ की जा रही है। उधर, प्रधान मंगल यादव, राजेश यादव बागी, गुड्डू सिंह, भरत राजभर, अंकित सिंह ने बताया कि चंदा लगवाकर नई प्रतिमा स्थापित की जाएगी। मंगलवार को मंदिरों में अखंड रामायण पाठ व प्राण प्रतिष्ठा कराई जाएगी।
वार्ता के बाद समाप्त हुई ऑटो चालकों की हड़ताल
सप्तसागर दवा मंडी में टेंपो चालकों की हड़ताल प्रशासनिक हस्तक्षेप और व्यापारी संगठनों की पहल से खत्म हो गई। कुछ दिनों से टेंपो चालकों को स्थानीय लोगों की ओर से परेशान करने की शिकायतें मिल रही थीं। जिसके विरोध में उन्होंने 1 नवंबर से कार्य बहिष्कार शुरू कर दिया था। हड़ताल के चलते दवा मंडी में दवाओं की आवाजाही और आपूर्ति व्यवस्था प्रभावित हो रही थी।
गुरुवार को दवा मंडी परिसर में टेंपो चालकों, दवा विक्रेताओं और परिवहन संघ के प्रतिनिधियों की बैठक के बाद हड़ताल समाप्त हुई। बैठक में दवा विक्रेता समिति के महामंत्री संजय सिंह ने ऑटो चालकों से बातचीत की। चालकों ने बताया कि रोज उनका उत्पीड़न किया जाता है। इस पर मंडी प्रबंधन ने चालकों को आश्वस्त किया कि उनकी शिकायतों पर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही चेतावनी दी कि समस्याओं का समाधान 12 नवंबर तक नहीं किया गया तो व्यापारी, ट्रांसपोर्टर और टेंपो चालक मंडी बंद करने को बाध्य होंगे।
हैदराबाद से आए दर्शनार्थी का बैग गुम, एक घंटे में ढूंढ निकाला
काशी विश्वनाथ मंदिर में गुरुवार को दर्शन के लिए हैदराबाद से आए दर्शनार्थियों में शामिल एक दर्शनार्थी का बैग खो गया। बैग में एक लाख की साड़ी समेत अन्य सामान थे। सूचना मिलने पर मदनपुरा पुलिस चौकी प्रभारी विशाल विक्रम ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की मदद से एक घंटे में रथयात्रा के पास से बैग को ढूंढ निकाला। बैग मिलने के बाद दर्शनार्थी ने पुलिस को धन्यवाद दिया।
10 दिन में निगम ने वसूले 10 हजार रुपये
स्वच्छता नियमावली लागू होने के 10 दिन के भीतर निगम ने 10 हजार रुपये वसूल लिए हैं। यह अभियान लगातार चलाया जा रहा है। पुरानी जुर्माना बुक अमान्य कर नई जुर्माना बुक गुलाबी रंग की जारी की गई है। इसके तहत लगातार जुर्माने की कार्रवाई जारी है। निगम के अनुसार अब तक 20 से अधिक लोगों से 10 हजार रुपये वसूले जा चुके हैं। नई नियमावली के तहत 33 कैटेगरी में जुर्माने और एफआईआर का प्रावधान है।
निगम के अनुसार संस्था या संस्थानों के बार-बार नियम उल्लंघन करने पर हर बार जुर्माना वसूला जाएगा। इसके बाद एफआईआर करने तक का भी प्रावधान किया गया है। नगर आयुक्त ने सभी विभागाध्यक्षों, जोनल अधिकारियों, सहायक अभियंता, अवर अभियंता, स्वास्थ्य निरीक्षकों, राजस्व निरीक्षकों को नई नियमावाली की बुक दी है। नियमों के तहत कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
संविदा कर्मी के मौत के बाद विरोध में उतरे स्वास्थ्य कर्मचारी
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पिंडरा में संविदा पर तैनात ब्लॉक अकाउंट मैनेजर अतुल कुमार गुप्ता की मौत के विरोध में बृहस्पतिवार को स्वास्थ्य कर्मचारियों ने सीएमओ कार्यालय पर प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने अवकाश के दिन भी अतुल को काम पर बुलाने पर सवाल उठाए। साथ ही जिम्मेदार लोगों के खिलाफ जांच और कार्रवाई की मांग की है।
संयुक्त राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन कर्मचारी संघ के आह्वान पर प्रदर्शन में स्वास्थ्य संविदा कर्मचारियों ने नारेबाजी की। सीएमओ को दिए ज्ञापन में कर्मचारियों ने कहा कि अवकाश के दिन भी अतुल को ड्यूटी पर बुलाया गया, यह गलत है। पूरे मामले की निष्पक्ष जांच, परिवार को नौकरी और अन्य सुविधाएं मिले। प्रदर्शन में राकेश पांडेय, नवीन सिन्हा, अजय प्रताप सोनकर, डॉ. अनुपम, डॉ. प्रगति रहे।
तालाब में मृत मिले छात्र के पिता ने चार्जशीट के खिलाफ दायर किया प्रार्थना पत्र
पांच वर्ष पहले लंका पुलिस की अभिरक्षा से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने के बाद कुतलूपुर रामनगर के तालाब से मृत मिले बीएचयू के छात्र शिव कुमार त्रिवेदी के मामले में प्रार्थना पत्र दायर किया गया। पिता प्रदीप कुमार त्रिवेदी ने बृहस्पतिवार को सीबीसीआईडी की ओर से दाखिल चार्जशीट के खिलाफ कोर्ट में अधिवक्ता के माध्यम से अपील की।
एसीजेएम-3 वाराणसी की अदालत में प्रार्थना पत्र में कहा गया है कि चार्जशीट में आठ आरोपियों में से पांच पुलिसकर्मियों को आरोप मुक्त कर दिया गया है, जबकि केवल दो हेड कांस्टेबल और एक होमगार्ड के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया गया है। ये काम तत्कालीन थानाध्यक्ष और उप-निरीक्षकों को संरक्षण देने के उद्देश्य से किया गया। दोनों पक्षों की दलील सुनने के बाद न्यायालय ने अगली सुनवाई की तिथि 12 नवंबर निर्धारित की है।
शिव कुमार के प्रकरण पर तत्कालीन मुख्य न्यायाधीश इलाहाबाद हाईकोर्ट गोविंद माथुर की खंडपीठ ने संज्ञान लिया था, इसके बाद गृहमंत्रालय द्वारा प्रकरण की जांच सीबीसीआईडी लखनऊ से कराई गई। जिसके बाद शिव की मौत का खुलासा डीएनए परीक्षण होने पर मौत के दो साल बाद हो सका।
युवक पर जानलेवा हमला, छह के खिलाफ मुकदमा
बड़ागांव थाना क्षेत्र के कुंडी गांव में बुधवार सुबह युवक पर लाठी-डंडे और पेचकस से हमला करने के मामले में पुलिस ने छह लोगों पर केस दर्ज किया है। मदन सोनी सुबह दस बजे चंदन गुप्ता की दुकान पर बैठे थे। कुंभापुर गांव के राजा सिंह, युवांक सिंह, रविशंकर सिंह, संतोष सिंह और दो अज्ञात ने हमला कर दिया। 18 हजार नकद समेत मोबाइल, सोने की चेन भी छीनने का आरोप लगाया। थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।
ग्राहक बनकर आए दो युवकों ने की चोरी, 7 दिन बाद केस
कैंट थाना क्षेत्र के पहलू का पूरा, फुलवरिया में ज्वेलरी की दुकान में ग्राहक बनकर आए दो युवकों ने सोने की चेन और अंगूठी चुरा ली। तहरीर के एक सप्ताह बाद कैंट पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। बिंदा विहार कॉलोनी, भिटारी निवासी शिव शंकर सोनी ने बताया कि उनकी ज्वेलरी की दुकान है।
29 अक्तूबर को दोपहर 2.30 बजे एक युवक दुकान पर आया। कहा कि उसकी बहन की शादी है, अच्छी अंगूठी दिखाइए। मौका देखकर उसने सोने की चेन और अंगूठी छिपा। थोड़ी देर बाद उसका एक साथी भी दुकान पर पहुंचा और दोनों बातचीत का बहाना बनाते हुए सामान लेकर फरार हो गए। थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि जांच के बाद केस दर्ज किया गया है।
वैवाहिक कार्यक्रम में मारपीट, 15 पर मुकदमा
जैतपुरा थाना क्षेत्र के बघवा नाला मोहल्ले में एक वैवाहिक कार्यक्रम में मारपीट और गालीगलौज के मामले में 15 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। विशाल सोनकर का आरोप है कि पड़ोसी ने घर में घुसकर मारपीट की। थानाध्यक्ष बृजेश मिश्रा ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।
लखनऊ डेवलपमेंट अथॉरिटी के नाम पर 55 हज़ार की धोखाधड़ी
भेलूपुर थाना क्षेत्र के अस्सी निवासी पुष्कर पांडेय की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों पर केस दर्ज किया है। आरोप है कि चार नवंबर को उनके यूको बैंक शिवाला के खाते से 55,344 रुपये कट गए। थाना प्रभारी सुधीर कुमार त्रिपाठी ने बताया कि तहरीर में पीडि़त ने आरोप लगाया कि लखनऊ डेवलपमेंट अथॉरिटी के नाम पर ठगी हुई है। मामले में केस दर्ज कर जांच की जा रही है।
दुकान पलट कर की मारपीट, केस दर्ज
भेलूपुर थाना क्षेत्र के दुर्गाकुंड, कबीर नगर निवासी जीरा साहनी ने मारपीट के मामले में केस दर्ज कराया है। आरोप है कि आनंद मौर्या, अमन मौर्या, अमीर खान अमित, इमरान खान और मनीष ने मारपीट कर उनका ठेला उलट दिया। थाना प्रभारी सुधीर कुमार त्रिपाठी ने बताया कि केस दर्ज कर लिया गया है। जांच की जा रही है।
नाबालिग के अपहरण का आरोपी गिरफ्तार
आदमपुर पुलिस ने किशोरी के अपहरण के आरोपी को गिरफ्तार कर बृहस्पतिवार को उसे जेल भेज दिया। इंस्पेक्टर आदमपुर विमल मिश्रा ने बताया कि कोनिया निवासिनी महिला ने 27 अक्तूबर को बेटी के अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप था कि कोनिया निवासी विक्की उनकी बेटी को छठ पूजा के दौरान राजघाट से लेकर फरार हो गया था। केस दर्ज कर पुलिस विक्की की तलाश कर रही थी। सूचना मिली कि राजा घर आया है। जिसके बाद पुलिस ने उसे पकड़ लिया। साथ ही उसकी निशानदेही पर बेटी को बरामद किया।
कोनिया पुल पर शराब के नशे में भिड़े युवक
आदमपुर और सारनाथ थाने की सीमा पर कोनिया घाट पुल पर गुरुवार शाम शराब के नशे में धुत युवकों के बीच जमकर मारपीट हुई। कुछ युवक बाइक और कार खड़ी कर पुल पर शराब पी रहे थे। किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। मारपीट के दौरान पुल पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीर इधर-उधर भागने लगे। लोगों ने बताया कि लोग पुल पर शराब पी जाती है। पुलिस कार्रवाई नहीं करती है। लोगों ने आरोप लगाया कि पुलिस थाना विवाद में उलझी रहती है।
मोबाइल छीनने वाले दो बाल अपचारी पकड़े गए
सिंधौरा के टिकरी मोड़ के पास से मोबाइल छीनने वाले दो बाल अपचारी को पुलिस ने पकड़ा। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि दोनों राहगीरों को फोन पर बात करते देख झपट्टा मारकर छीन लेते थे। उसके बाद कम दाम पर बेच देते हैं।
जमीन के विवाद में मारपीट, मुकदमा दर्ज
बड़ागांव के शरेवानीपुर गांव में जमीन के विवाद में दो पक्षों में मारपीट हो गई। महिला समेत कई लोग घायल हो गए। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शरेवानीपुर निवासी भावती देवी पत्नी सुनील राम ने तहरीर में आरोप लगाया है कि बृहस्पतिवार सुबह 8 बजे पड़ोसियों ने जमीन के विवाद को लेकर मारपीट की। हमले में पति समेत घर के चार लोग घायल हुए। थानाध्यक्ष अतुल कुमार सिंह ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।
बिजली विभाग के सुपरवाइजर का चाइनीज मांझे से गला कटा
रामनगर थाना क्षेत्र के टेंगरा मोड़ पर बृहस्पतिवार शाम चाइनीज मांझे की चपेट में आने से बाइक सवार बिजली विभाग में सुपरवाइजर दीपक गोस्वामी का गला कट गया। जबकि पीछे बैठे जेई अभिषेक बाल-बाल बच गए। घायल दीपक बिजली विभाग ठठरा राजातालाब में सुपरवाइजर है। अयोध्या के मूल निवासी दीपक गोस्वामी जेई के साथ कुछ काम से चंदौली गए थे, लौटते समय मांझे की चपेट में आ गए। खून से लथपथ दीपक जमीन पर गिरकर छटपटाने लगे। जेई अभिषेक ने लोगों की मदद से उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया। उन्हें आठ टांके लगे हैं।
अश्लील वीडियो दिखाने के आरोप में दो पर केस
कपसेठी थाने के धवकलगंज पुलिस चौकी क्षेत्र की महिला ने पड़ोस के दो लोगों पर जबरन अश्लील वीडियो क्लिप दिखाने का आरोप लगाया। विरोध करने पर मारपीट का भी आरोप लगाया। थाना प्रभारी सधुवन राम गौतम ने बताया कि महिला की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया गया है।
सोने के कुंडल छीनने वाले दो आरोपी गिरफ्तार
महिला से सोने के कुंडल छीनने वाले दो अभियुक्तों को गुरुवार को 48 घंटे में पुलिस ने चिउरापुर गेट चौराहे के पास से गिरफ्तार कर लिया। उनके पास का कुंडल और वारदात में इस्तेमाल बाइक भी मिली। सिंधौरा थाना क्षेत्र के गजेंद्रा रामनगर नई बस्ती निवासी हैदर अली और अमौत गांव निवासी सिंंटू ने चार नवंबर को बाबतपुर गांव में किन्नरों का वेश धारण कर महिला से कुंडल छीन लिए थे। थाना प्रभारी बड़ागांव अतुल कुमार सिंह के बताया कि दोनों आरोपी अलग-अलग क्षेत्रों में बधाई देने के नाम पर लूट करते हैं।
काशी विश्वनाथ धाम से निकली राम दरबार की शोभायात्रा
श्री रामचरितमानस नवाह्न पाठ महायज्ञ समिति की ओर से नौ दिवसीय रामायण महायज्ञ के अंतिम दिन राम दरबार की शोभायात्रा निकली। बैंड बाजे पर रामधुन की गूंज हो रही थी। 108 भूदेव पोथी लिए चल रहे थे। श्रीकाशी विश्वनाथ दरबार से शोभायात्रा बांसफाटक, गोदौलिया, गिरजाघर होते हुए लक्ष्मीकुंड पहुंची।
वहां पर सभी भू-देवो की ओर से श्रीराम दरबार का पूजन-अर्चन करने के बाद अध्यक्ष ने भू-देवो को दक्षिणा देकर विदा किया। इसके बाद मूर्ति को कुंड में विसर्जित किया गया। इससे पूर्व संस्था के अध्यक्ष कौशल शर्मा, महामंत्री अजय खेमका, प्रचार मंत्री सुरेश तुलस्यान, अशोक सराफ, विश्वनाथ पोद्दार, रघुदेव अग्रवाल ने प्रभु श्रीराम का पूजन कर आरती उतारी। प्रभु को भोग लगा। भक्तों में प्रसाद वितरण हुआ।
योगाचार्य डॉ. अंजना त्रिपाठी को सर्वश्रेष्ठ शोध पत्र पुरस्कार
बीएचयू की योग प्रशिक्षिका डॉ. अंजना त्रिपाठी को सर्वश्रेष्ठ शोध पत्र पुरस्कार दिया गया। उन्होंने भारतीय संन्यास परंपरा में योग के ऋषि और भारत में योग के आदियुग से मोदी युग तक विषय पर शोध पत्र वाचन किया। दिल्ली स्थित स्वर्ण जयंती पार्क रोहिणी में सार्वदेशिक आर्य प्रतिनिधि सभा, आर्य प्रतिनिधि सभा की ओर से आयोजित अंतरराष्ट्रीय वेद गोष्ठी में उन्हें यह पुरस्कार दिया गया।
भारतीय राजदूतावास वॉशिंगटन डीसी अमेरिका में प्रथम सांस्कृतिक राजनयिक रहे डॉ. मोक्षराज ने विशेष सहयोग के लिए अंजना त्रिपाठी की सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इसमें देश-विदेश से आए 2000 प्रतिभागियों ने शोध पत्र वाचन किया।
ट्रांसपोर्ट नगर योजना में बढ़ाएं मजदूरों की संख्या : वीडीए उपाध्यक्ष
वीडीए उपाध्यक्ष पुर्ण बोरा ने बृहस्पतिवार को ट्रांसपोर्ट नगर योजना के तहत हो रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान निर्माण कार्य की गति धीमी मिलने पर मजदूरों की संख्या बढ़ाने और तय समय में काम पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्लॉट्स के आवंटन की प्रक्रिया तेज की जाए। निर्माण कार्य को गुणवत्तापूर्ण तरीके और समयावधि में पूरा करें।
वीडीए उपाध्यक्ष ने परिसर में जल आपूर्ति की व्यवस्था को मजबूत करने के लिए दो फ्रेश वाटर ओवरहेड टैंक, एक ट्रीटेड वाटर ओवरहेड टैंक के निर्माण कार्य को देखा। एचडीपीई पाइपलाइन से वाटर लाइन, ओवरहेड टैंक, राइजिंग मेन और वाटर सप्लाई लाइन के निर्माण कार्य की भी जानकारी ली। परिसर में पार्किंग एरिया और रिटेनिंग वॉल के निर्माण कार्य को लेकर भी अधिकारियों को दिशानिर्देश दिए।
अग्निवीर : पहले दिन लिपिक व ट्रेड्समैन अभ्यर्थियों की होगी दौड़
अग्निवीर भर्ती रैली के पहले दिन 8 नवंबर को लिपिक और ट्रेड्समैन श्रेणी के अभ्यर्थियों की दौड़ कराई जाएगी। छावनी के रणबांकुरे मैदान में रात 12:15 बजे से अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया जाएगा। इसके लिए दो प्रभारी अधिकारी, 25 दरोगा, 90 हेड कांस्टेबल, दो प्लाटून पीएसी और फायर टेंडर की तैनाती रहेगी। मैदान में अभ्यर्थियों को 100-100 के समूह में बुलाया जाएगा।
सेना भर्ती कार्यालय की तरफ से बताया गया कि भर्ती स्थल पर वीडियो रिकॉर्डिंग या फोटोग्राफी पूरी तरह प्रतिबंधित है। पकड़े जाने पर परिसर से बाहर करने के साथ ही कानूनी कार्रवाई की जाएगी। भर्ती में वाराणसी सहित मऊ, बलिया, आजमगढ़, देवरिया, गोरखपुर, गाजीपुर, भदोही, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली और जौनपुर के अभ्यर्थी हिस्सा लेंगे। भर्ती की प्रक्रिया 21 नवंबर तक चलेगी।
अभ्यर्थियों के लिए मोबाइल शौचालय, पीने का पानी, बस और रेलवे स्टेशन तक पहुंचाने के लिए बस आदि की व्यवस्था प्रशासन स्तर पर की गई है। उम्मीदवारों के चयन के लिए स्क्रीनिंग प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी और कठोर है। इसमें निर्धारित समय में पूरी की जाने वाली दौड़ शारीरिक फिटनेस, माप परीक्षण आदि किया जाएगा।
काजल को हराकर वर्षा बनी एकल टेबल टेनिस चैंपियन
परमानंदपुर में हुई विद्यालयीय टेबल टेनिस का खिताब बृहस्पतिवार को वर्षा ने जीत लिया। फाइनल में वर्षा ने काजल को 11-8, 11-9 से हराया। इससे पहले वर्षा और अनुप्रिया की जोड़ी ने बुधवार को बालिका युगल का खिताब जीता था। पहले सेमीफाइनल में वर्षा ने संगीता को 11-9, 11-7 से पराजित किया। दूसरे सेमीफाइनल में काजल ने कोमल को 11-9, 11-8 से शिकस्त दी। निर्णायक की भूमिका डॉ. पंकज पाल ने निभाई।
लगातार तीसरे साल कला संकाय ने जीती अंतर संकाय बास्केटबॉल ट्रॉफी
बीएचयू के एंफीथियेटर मैदान में अंतर संकाय बास्केटबॉल प्रतियोगिता गुरुवार को संपन्न हुई। इसके फाइनल में कला संकाय की टीम ने सामाजिक विज्ञान संकाय की टीम को हराकर लगातार तीसरे साल ट्राॅफी अपने की।
फाइनल मुकाबले में कला संकाय ने 61 और सामाजिक विज्ञान संकाय की टीम ने 48 अंक स्कोर किया। यह मैच कला संकाय की टीम ने 13 अंक से जीता। तीसरे स्थान के लिए हुए मुकाबले विज्ञान संस्थान की टीम ने राजीव गांधी दक्षिणी परिसर बरकछा की टीम को 44-22 अंक से हरा दिया।
काशी विद्यापीठ में लैंग्वेज और कल्चर कोर्स से रूबरू हुए विद्यार्थी
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ और रूसी विश्वविद्यालय के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों को लैंग्वेज और कल्चर कोर्स से जुड़ी जानकारी दी गई। छात्रों ने रूसी भाषा की नई क्रियाओं और उनके उपयोग को जाना। रूसी विश्वविद्यालय की अध्यापिका और भाषाविद डॉ. नजेझदा इगोरवना ने छात्रों को रूसी नामों को पढ़ना और उनका सही उपयोग सीखाया।
लोकतंत्र तभी सशक्त होगा जब नागरिक सचेत हों
बीएचयू के संबोधि सभागार में बृहस्पतिवार को भारतीय लोकतंत्र और राजनीति को लेकर राष्ट्रीय संगोष्ठी शुरू हुई। राजनीति विज्ञान विभाग की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि चाणक्य राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय, पटना के कुलपति प्रो. फैजान मुस्तफा ने कहा कि लोकतंत्र तभी सशक्त होगा, जब नागरिक सचेत और सहभागी हों। इन दिनों राजनीति में कई चुनौतियां देखने को मिल रही है।
इसमें नीति बनाने में पादर्शिता, संवैधानिक मूल्यों की रक्षा और सामाजिक असमानताओं के निराकरण की जरूरत है। इस दौरान प्रो. आरपी पाठक और डॉ. अर्पित जैन ने राजनीतिक दर्शन और शासन व्यवस्था की बात कही। कार्यक्रम संयोजक प्रो. हेमंत मालवीय ने कहा कि संगोष्ठी से समकालीन भारतीय राजनीति में शामिल शासन-प्रशासन की चुनौतियों से निपटने और नागरिक भागीदारी के बारे में काफी कुछ सीखने को मिलेगा। ये संगोष्ठी अगले दो दिन और चलेगी।
कोलकाता में होगी होमियोपैथिक वेलफेयर ऑर्गेनाइजेशन की राष्ट्रीय कार्यसमिति बैठक
आइडियल होमियोपैथिक वेलफेयर ऑर्गेनाइजेशन की राष्ट्रीय कार्यसमिति बैठक रविवार को कोलकाता स्थित मौलाली युवा केंद्र में होगी। इसमें देशभर से 80 से अधिक प्रतिनिधि शामिल होंगे। वहीं] आगरा में जनवरी में राष्ट्रीय स्वास्थ्य संगोष्ठी होगी। इसे लेकर बृहस्पतिवार को संगठन के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिनेश त्रिपाठी के आवास पर बैठक कर इसकी रूपरेखा तैयार हुई। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. जेएन सिंह रघुवंशी रहे।
पं. हरिराम द्विवेदी निबंध शृंखला का आगाज कल से
भोजपुरी के विद्यापति कहे जाने वाले पं. हरिराम द्विवेदी स्मृति में जिला स्तरीय निबंध प्रतियोगिता होगी। प्रतियोगिता पं. हरिराम द्विवेदी भोजपुरी साहित्य शोध न्यास की ओर से कराई जाएगी। न्यास के महासचिव अरुण कुमार द्विवेदी ने बताया कि प्रतियोगिता आठ नवंबर से शुरू होगी। सबसे पहले पांडेय हवेली स्थित बंगाली टोला इंटर मीडिएट कॉलेज में प्रतियोगिता कराई जाएगी। इसके बाद यूपी बोर्ड के इंटरमीडिएट कॉलेजों में प्रतियोगिता होगी।
प्रतियोगिता में प्रथम तीन स्थान पाने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया जाएगा। इसके बाद प्रत्येक विद्यालय के प्रथम तीन विजेताओं के बीच जिला स्तरीय प्रतियोगिता होगी। इस प्रतियोगिता में प्रतिभागी पं. हरिराम द्विवेदी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर निबंध लिखेंगे। प्रतियोगिता में शामिल होने से पहले बच्चों को पं.ह रिराम द्विवेदी के बारे में विस्तृत जानकारी हो इसके लिए उन्हें अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है।
16 को होगा विशेश्वरगंज भैरवनाथ व्यापार मंडल का चुनाव
विश्वेश्वरगंज भैरवनाथ व्यापार मंडल के त्रिवार्षिक चुनाव 16 नवंबर को होंगे। इसके लिए 6 से 13 नवंबर तक नामांकन फॉर्म दिए जाएंगे। निवर्तमान अध्यक्ष प्रतीक गुप्ता की अध्यक्षता में बृहस्पतिवार को कार्यकारिणी समिति की बैठक हुई। बैठक में आगामी त्रिवार्षिक चुनाव की औपचारिक घोषणा की गई। संरक्षक अशोक सेठ को चुनाव अधिकारी नियुक्त किया गया।
चुनाव प्रक्रिया की तिथियों की घोषणा भी बैठक में की गई। नामांकन फाॅर्म 6 से 13 नवंबर तक दिए जाएंगे। नामांकन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि 14 नवंबर है जबकि नाम वापसी 15 नवंबर को होगी। चुनाव 16 नवंबर को होंगे। बैठक में अलख नाथ गोस्वामी, सुनील चौरसिया, राजकिशोर, विनोद केशरी, गणेश सेठ समेत कई व्यापारी मौजूद रहे।
128119 वृद्धों को मिली पेंशन की दूसरी किस्त
वृद्धा पेंशन योजना के तहत जिले के 128119 वृद्धों को पेंशन की दूसरी किस्त मिल गई है। पहली किस्त 127881 वृद्धों को पेंशन मिली थी। समाज कल्याण अधिकारी गिरीशचंद्र दूबे ने बताया कि पिछले महीने के अंतिम सप्ताह और इस महीने के पहले सप्ताह तक सभी पात्र वृद्धों के खाते में पेंशन की राशि भेजी गई है। हालांकि, पिछले महीने तक और स्वीकृत 12291 वृद्धों की पेंशन नहीं आई है।
8 से 11 नवंबर तक नहीं होगा पंजीकरण
स्टांप एवं रजिस्ट्रेशन विभाग के सहायक महानिरीक्षक निबंधन धीरेंद्र कुमार सैनी ने बताया कि ऑनलाइन पोर्टल हेतु प्रयुक्त एनआईसी द्वारा संचालित मेघराज क्लाउड सर्वर को नेशनल गवर्नमेंट क्लाउड पर स्थानांतरित किया जाना प्रस्तावित है। इसके चलते 08 से 11 नवंबर तक (चार दिन) सर्वर पर रख-रखाव एवं स्थानांतरण का कार्य किया जाएगा। जिससे जिसके ऑनलाइन लेखपत्र पंजीकरण और अन्य आवेदनों का कार्य अस्थायी रूप से बाधित रहेगा। उप निबंधक कार्यालयों में पंजीकरण का कार्य संपादित नहीं किया जा सकेगा।
सरचार्ज माफ करने के लिए मांगा अप्रूवल
जलकल अपने स्तर से सरचार्ज माफी योजना लाता था। इसमें 10 प्रतिशत की छूट लोगों को मिल जाती थी। नगर निगम में कर जमा होने के कारण तत्काल योजना लागू नहीं होने से लोगों को दिक्कत आ रही है। नगर निगम ने सरचार्ज माफ करने के लिए शासन से अप्रूवल मांगा है। वहीं, सरचार्ज माफ करवाने के चक्कर में कुछ लोग कर जमा नहीं कर रहे हैं। जलकल की ओर से पूर्व में दस प्रतिशत सरचार्ज माफ करने की योजना लाई जाती थी। इस बार नगर निगम ने सभी करों को एक में समाहित कर दिया। गृहकर, जलकर, सीवरकर का एक बिल आने पर लोगों ने जमा किए।
बीएचयू ने अदिति को पढ़ाई राजनीति, अब बनीं जेएनयू अध्यक्ष
आज से पांच वर्ष पहले अदिति मिश्रा को बीएचयू ने राजनीति विज्ञान की थ्योरी सिखाई और अब वह नई दिल्ली में जेएनयू की छात्रसंघ अध्यक्ष हैं। बृहस्पतिवार को जेएनयू में आइसा पार्टी से छात्रसंघ अध्यक्ष चुनी गईं अदिति मिश्रा ने बीएचयू में सत्र 2017 से 2020 में राजनीति विज्ञान से बीए किया था।
बीएचयू कैंपस में अदिति की राजनीतिक सक्रियता और नेतागिरी तो शून्य थीं लेकिन 2017 के छात्राओं के आंदोलन में बढ़चढ़कर आवाज उठाया था। 2020 में उत्तीर्ण होने के बाद अदिति ने पॉन्डिचेरी से पीजी किया। इसके बाद पीएचडी करने के लिए जेएनयू आ गईं और यहां के माहौल में रमते ही अध्यक्ष पद पर चुनाव में हाथ आजमाने उतर गईं।
अदिति 1937 वोट से जीत दर्ज कर चुकी हैं। राजनीति में आने से पहले ही अदिति ने जेएनयू से पीएचडी के लिए राजनीति विज्ञान को ही अपना विषय चुना। वर्तमान में वह सेंटर फॉर कंपरैटिव पॉलिटिक्स एंड पॉलिटिकल थ्योरी में पीएचडी कर रहीं हैं। मूल तौर पर बनारस की निवासी अदिति के अध्यक्ष बनते ही बीएचयू के छात्र और छात्राओं ने फोन करके खूब बधाईयां दी।
समाज को जागृत करती है संतों की परंपरा : सीएम
जगद्गुरु विष्णुस्वामी संप्रदायाचार्य यमुनाचार्य महाराज सतुआ बाबा की 13वीं पुण्यतिथि बृहस्पतिवार को मनाई गई। श्रद्धांजलि सभा और वैष्णवाराधन भंडारा में काशी के संत समाज ने श्रद्धा सुमन अर्पित किया। मणिकर्णिका घाट स्थित सतुआ बाबा आश्रम में आयोजित 13वीं पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी श्रद्धा सुमन अर्पित किया। उन्होंने कहा कि संतों की परंपरा अनवरत समाज को जागृत करती है। सतुआ बाबा का जीवन अध्यात्म के साथ समाज के जनकल्याण के लिए हमेशा था। इस अवसर पर संतों का भंडारा और हवन पूजन का कार्यक्रम हुआ।
धान मिलों को एक फीसदी का फायदा
प्रदेश सरकार ने धान की खरीद को बढ़ावा देने के लिए धान मिलों को एक फीसदी की छूट दी है। इसका फायदा जिले की सात धान मिलों के साथ किसानों को भी होगा। यह छूट गैर-हाइब्रिड धान की मिलिंग पर दी गई है। इससे धान खरीद के प्रति किसानों और मिलों का उत्साह बढ़ेगा। जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी सुनील भारती ने बताया कि पहले मिलों को एक क्विंटल धान लेकर 67 फीसदी चावल देना पड़ता था, अब उनको 66 फीसदी ही देना होगा।
काशी आज आस्था, संस्कृति और अध्यात्म का जीवंत प्रतीक बन चुकी : मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बृहस्पतिवार को सुबह बाबा काल भैरव मंदिर पहुंचे और दर्शन-पूजन किया। मंदिर में पूजा अर्चना के बाद मुख्यमंत्री श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने षोडशोपचार विधि से बाबा विश्वनाथ का पूजन-अर्चन कर देश एवं प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि, कल्याण तथा शांति की कामना की।
पूजन के दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ ने हर हर महादेव के जयकारों से सीएम का स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने विधिवत अभिषेक के बाद गर्भगृह में विशेष पूजा संपन्न की। मुख्यमंत्री ने देव दीपावली को लेकर कहा कि काशी आज आस्था, संस्कृति और अध्यात्म का जीवंत प्रतीक बन चुकी है। इसके बाद मुख्यमंत्री मणिकर्णिका घाट स्थित सतुआ बाबा आश्रम पहुंचे। वहां उन्होंने आश्रम परिसर स्थित शिव मंदिर में दर्शन-पूजन किया और सतुआ बाबा के शिष्य महंत संतोष दास से भेंट की। मुख्यमंत्री ने संतों का आशीर्वाद लिया और वाराणसी सहित पूरे प्रदेश में शांति एवं समृद्धि की प्रार्थना की।
मंडी 13 और दुकानें बनेंगी, 22 की नीलामी 11 को
पहड़िया मंडी में 13 और दुकानें बनेगी। इसका प्रस्ताव तैयार कर मंडी समिति निर्माण को भेजा गया है। ये दुकानें सी टाइप की होगी। इसे मंडी परिसर में स्थित सीआरपीएफ कैंप की तरफ ज्यादा बनेगी। आग में जले टीन शेड में भी स्थायी दुकानें बनाने की तैयारी है।
पिछले दिनों मंडी के निदेशक ने इसका निरीक्षण कर इसके प्रस्ताव बनाने को कहा था। मंडी समिति के सचिव विपुल कुमार ने बताया कि निर्माण विभाग बजट तैयार कर लेता है तो इसे शासन को भेजी जाएगी। इसके बाद बजट आने के बाद दुकानें बनाई जाएगी। हालांकि मंडी पांच साल पहले बनी करीब 35 दुकानों में पांच बार से अधिक नीलामी कराने के बाद 13 दुकानें नीलाम हो पाईं थी। 11 नवंबर को फिर 22 दुकानों की नीलाम नहीं की जाएगी।
वैदिक गणित कार्यशाला में 70 छात्राओं ने लिया हिस्सा
केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय और पाणिनी कन्या महाविद्यालय की ओर से गुरुवार को लीलावती ग्रंथ एवं वैदिक गणित की कार्यशाला शुरू हुई। 15 नवंबर तक चलने वाली कार्यशाला में वैदिक विद्वान डॉ. सुद्युम्नाचार्य ने छात्राओं को वैदिक गणित के प्राचीन सूत्रों के बारे में जानकारी दी। कार्यशाला में प्राचीन गणित ग्रंथ लीलावती को विस्तृत रूप से पढ़ने की इच्छुक 70 छात्राओं ने वैदिक तथा पारंपरिक गणित के विषय में ज्ञानार्जन किया। महाविद्यालय की प्राचार्य नंदिता शास्त्री ने अध्यक्षता की। आचार्य डॉ. प्रीति विमर्शिनी ने कार्यशाला का निर्देशन किया। संचालन डॉ. सुधा श्रीवास्तव ने किया।
मोहित ने राम नट भैरव में सुनाया पार ना पावो तेरो...
सुबह-ए-बनारस में युवा कलाकार मोहित परेरा का गायन हुआ। मोहित ने गायन का आरंभ राग नट भैरव में विलंबित एकताल में निबद्ध बंदिश पार ना पावो तेरो... से किया। इसके बाद मध्य तीन ताल में निबद्ध बंदिश म्हारो घर आवो... सुनाकर आनंदित किया। द्रुत तीनताल में निबद्ध बंदिश रतन जड़े मोतीयन सो... पेश किया। समापन भजन तू दयाल दीन हौ... से हुआ। कलाकार को प्रमाणपत्र डॉ. रत्नेश वर्मा ने दिया। तबले पर गोविंद मिश्रा और संवादिनी पर हर्षित पाल ने संगत की।
1405 किसानों को दिए जाएंगे निशुल्क मसूर के मिनीकिट
दलहनी फसलों को बढ़ावा देने के लिए राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा एवं पोषण मिशन के तहत जिले में 1405 पैकेट (प्रति पैकेट 8 किग्रा) मसूर बीज मिनीकिट आया है। जिला कृषि अधिकारी संगम सिंह मौर्य ने बताया कि इस मिनीकिट को राजकीय कृषि बीज भण्डारों पर एक-दो दिनों में आपूर्ति कर दी जाएगी।
पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर किसानों में निशुल्क वितरित किया जायेगा। इसके लिए किसानों को किसान पंजीकरण करवाना अनिवार्य है। एक किसान को एक ही मिनीकिट मिलेगा। उन्होंने किसानों से गेहूं के बीज राजकीय कृषि बीज भण्डार से लेने की अपील की। कहा कि पांच तरह की उन्नत किस्मे के गेहूं के बीज हैं। 50 प्रतिशत अनुदान पर प्राप्त कर सकते हैं।