फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Varanasi News Today Case against cashier for embezzling 50 lakh rupees statue of Saraswati installed in BHU

Varanasi News Today: कैशियर पर 50 लाख हड़पने का आरोप में केस, बीएचयू में लगेगी मां सरस्वती की प्रतिमा

Sun, 02 Nov 2025 10:12 AM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: अमन विश्वकर्मा Updated Sun, 02 Nov 2025 10:12 AM IST
सार

Varanasi News: गोयनका मोटर्स राजेंद्र टोयोटा के कैशियर के खिलाफ 50 लाख हड़पने के मामले में केस दर्ज किया गया है। काशी हिन्दू विश्वविद्यालय में मां सरस्वती की 10 फीट ऊंची प्रतिमा लगाई जाएगी। आइए जानते हैं अन्य खबरें...

विज्ञापन
Varanasi News Today Case against cashier for embezzling 50 lakh rupees statue of Saraswati installed in BHU
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

Varanasi News in Hindi: गोयनका मोटर्स राजेंद्र टोयोटा शहावाबाद में कार्यरत कैशियर संदीप मेहरोत्रा पर कंपनी के खाते से 50 लाख हड़पने का आरोप लगा है। कंपनी के उपाध्यक्ष मनोज मिश्रा ने थाने में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप है कि संदीप ने इंश्योरेंस, पेंट विभाग और यूज्ड कार बिक्री से मिली राशि को अपने पास रख लिया और खातों में फर्जी एंट्री दर्ज कर दी। ग्राहकों के खातों में हेराफेरी कर वह लंबे समय तक इसे छिपाता रहा। कंपनी के चार्टर्ड अकाउंटेंट ने ऑडिट के दौरान अनियमितताओं का खुलासा किया। प्रभारी निरीक्षक राजू सिंह ने बताया कि केस दर्ज कर जांच की जा रही है। 

विज्ञापन


गुरु-शिष्य की पिटाई, तीन पर केस दर्ज
मणिकर्णिका घाट पर गुरु और शिष्य की मनबढ़ों ने शुक्रवार रात पिटाई कर दी। पीड़ित गुरु ने चौक थाने में शनिवार को केस दर्ज कराया। पंचगंगा घाट निवासी नारायण चिल्लप्पा नाडर ने पुलिस को बताया कि मसाननाथ के दर्शन के लिए वह जा रहे थे। मणिकर्णिका घाट पर कौशल पुरी उर्फ गोलू बाबा, विकास विश्वकर्मा उर्फ पप्पू गुरु व उनके दो अज्ञात साथियों ने गालीगलौज और पिटाई की।
विज्ञापन


वहीं, गुरु स्वामी कन्न घाट पर पहुंचे तो आरोपियों ने उनकी भी पिटाई की। शिष्या बानी और हंसी पर भी हमला किया गया। शिष्या को बचाने में स्वामी की अंगुली भी कट गई। चौक थाना प्रभारी निरीक्षक दिलीप कुमार मिश्रा ने बताया कि केस दर्ज किया गया है। जांच की जा रही है।

विज्ञापन
विज्ञापन

चेहरे पर गमछा बांधकर पिटाई, 5 हजार छीने
सारनाथ के छांही मोड़ पुलिया के पास बुधवार रात मनबढ़ों ने श्यामजीत से 5 हजार रुपये छीन लिए। आरोप है कि आरोपियों ने उसे पहले धक्का दिया और चेहरे को गमछे से बांधकर उनकी पिटाई की। पीडि़त ने शुक्रवार को सारनाथ थाने में पांच आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कराया। चौबेपुर सरैया निवासी श्यामजीत ने पुलिस को बताया कि वह गैस सिलिंडर लेकर घर जा रहा था। पुलिया के पास चौबेपुर के मिंटू व सुल्तानपुर सारनाथ के भरोस सहित पांच युवकों ने बाइक में टक्कर मार दी। गिरने पर पिटाई की और रुपये छीन लिए। थाना प्रभारी शिवानंद सिसौदिया ने बताया कि दो नामजद 3 अज्ञात पर मुकदमा दर्ज किया गया है।

छठ पूजा के दौरान चाकूबाजी में घायल युवक की मौत, आरोपी अस्पताल में भर्ती
सारनाथ थाना क्षेत्र के सांरग तालाब पहाड़िया इलाके में छठ पूजा के दौरान किराए के कमरे को लेकर हुए विवाद में घायल सुनील विश्वकर्मा की रविवार सुबह बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में इलाज के दौरान मौत हो गई। गुरुवार को पूजा के लिए कमरे की सफाई को लेकर दो किराएदारों में मारपीट और चाकूबाजी हुई। 

विवाद बढ़ने पर दिलीप गुप्ता के हमले से लहूलुहान सुनील को बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया था, जहां रविवार सुबह उसकी मौत हो गई। आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज है। आरोपी दिलीप गुप्ता है। थानाध्यक्ष शिवानंद सिसौदिया ने बताया की शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

घर में घुसकर महिला को पीटा, मुकदमा दर्ज
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के गनेशपुर गांव में शुक्रवार शाम रंजिश में पड़ोसियों ने महिला ममता पटेल की पिटाई कर उनके साथ दुर्व्यवहार किया। आरोप है कि बीचबचाव करने आए परिजनों को भी पीटा। पीड़िता ने केस दर्ज कराया। ममता पटेल ने पुलिस को बताया कि गांव के सुभाष पटेल, जयप्रकाश, ओमप्रकाश और संदीप पटेल घर में घुस आए और गालीगलौज की। विरोध करने पर पिटाई की। थाना प्रभारी निरीक्षक प्रमोद पांडेय ने बताया कि 4 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। 

Varanasi News Today Case against cashier for embezzling 50 lakh rupees statue of Saraswati installed in BHU
बनारस हिंदी विश्वविद्यालय। - फोटो : X (@bhupro)

बीएचयू में लगेगी मां सरस्वती की 10 फीट ऊंची धातु की प्रतिमा
बीएचयू कैंपस में महिला महाविद्यालय चौराहे पर माता सरस्वती की 10 फीट की नई प्रतिमा लगाई जाएगी। अब तक जो प्रतिमा यहां लगी थी वो पुरानी हो गई थी। हरि प्रबोधिनी एकादशी पर गणपति और माता सरस्वती पूजन के साथ प्रतिमा के नए सिरे से निर्माण का काम शुरू हो गया है। विश्वविद्यालय परिसर में माता सरस्वती की नई प्रतिमा स्थापित किए जाने के लिए संस्कृत विद्या धर्मविज्ञान संकाय के संकाय प्रमुख आचार्य राजाराम शुक्ल की अध्यक्षता में एक समिति बनी है। 

इसमें दृश्य कला संकाय प्रमुख प्रो. उत्तमा दीक्षित, डॉ. अमरेश कुमार, धर्मशास्त्र मीमांसा विभाग के अध्यक्ष आचार्य माधव जनार्दन रटाटे एवं सहायक कुलसचिव (प्रशासन) अशोक कुमार शर्मा शामिल हैं। समिति ने विभिन्न पहलुओं पर विचार करते हुए धातु की प्रतिमा बनाए जाने की संस्तुति की, जिससे प्रतिमा चिरस्थायी रह सके। 

प्रतिमा का वजन लगभग 2 टन एवं ऊंचाई 10 फीट संभावित है। कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी की स्वीकृति के बाद अब निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। प्रतिमा के निर्माण का कार्य विश्वविद्यालय के मूर्तिकला विभाग के विद्वानों एवं छात्रों के द्वारा ही किया जा रहा है। इस दौरान प्रो. पतंजलि मिश्र, डॉ. अमरेश कुमार, अशोक कुमार शर्मा आदि लोग मौजूद रहे। 

तीसरी मंजिल से गिरे मजदूर की मौत, तहरीर दी गई 
शिवपुर के कुंज विहार कॉलोनी (सेंट्रल जेल रोड) में निर्माणाधीन बिल्डिंग की तीसरी मंजिल से गिरकर घायल मजदूर राममूरत (40) की इलाज के दौरान 30 अक्तूबर को मौत हो गई थी। पत्नी ने ठेकेदार और बिल्डिंग मालिक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए शनिवार को थाने में तहरीर दी है। चौबेपुर थाना क्षेत्र के मुस्तफाबाद निवासी राममूरत 25 अक्तूबर की शाम चार बजे काम करते समय तीसरी मंजिल से नीचे गिरकर घायल हो गए। साथी मजदूरों ने उसे दीनदयाल अस्पताल पहुंचाया। गंभीर हालत को देखकर चिकित्सकों ने उन्हें बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर में रेफर कर दिया गया। थाना प्रभारी वीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है, जांच के बाद ही केस दर्ज किया जाएगा। 

छात्र पर ईंट से हमला, सीसी कैमरे में दिखे आरोपी 
चितईपुर थाना क्षेत्र के सुसुवाही में शनिवार सुबह बाइक सवार तीन युवकों ने बीएचयू के पूर्व छात्र प्रणव मिश्रा पर ईंट पत्थर से हमला कर दिया। सीसी कैमरे में वारदात कैद हुई है। बाइक सवार तीन युवकों के खिलाफ चितईपुर थाने में तहरीर दी है। बिहार दरभंगा के बहादुरपुर निवासी प्रवण कुमार मिश्रा ने पुलिस को बताया कि वह हैदराबाद गेट के पास किराये का कमरा लेकर तैयारी करता है। सुबह चाय पीने दुकान पर जा रहा था, तभी पीछे बाइक से आए तीन युवकों ने हमला कर दिया। चितईपुर इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार ने बताया कि सीसी कैमरे के आधार पर आरोपियों की पहचान कराई जा रही है। 

दान राशि के करोड़ों रुपये के गबन के आरोपी अकाउंटेंट की जमानत खारिज
स्वर्वेद महामंदिर ट्रस्ट उमरहा की दान राशि में करोड़ों के गबन के आरोपी अकाउंटेंट विवेक कुमार को अदालत से राहत नहीं मिली। विशेष न्यायाधीश (गैंगस्टर एक्ट) सुशील कुमार की अदालत ने जमानत अर्जी खारिज कर दी। प्रकरण के अनुसार, ट्रस्ट के सदस्य सुरेंद्र धाम यादव ने चौबेपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। आरोप था कि विवेक कुमार ट्रस्ट में अकाउंटेंट रहते हुए दान की राशि एचडीएफसी बैंक, लहुराबीर शाखा में जमा न कर अपने पास रख लेता था। 

तस्करी में छह माह की सजा, 20 हजार जुर्माना
ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत मादक पदार्थों की तस्करी के एक मामले में अभियुक्त ब्रजमोहन कुमार को कोर्ट ने दोषी ठहराते हुए छह माह की कारावास और 20 हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई है। अर्थदंड अदा न करने पर एक माह का अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा। सिगरा में 2019 में अभियुक्त ब्रजमोहन कुमार निवासी मुजफ्फरपुर (बिहार) के खिलाफ केस दर्ज हुआ था। 

एक दिन में 19 भिखारियों को प्रशासन ने किया रेस्क्यू
जिले में शनिवार को 7 महिलाओं समेत 19 लोगों को समाज कल्याण विभाग, प्रोबेशन और नगर निगम की टीम ने सड़क से रेस्क्यू किया। इनमें डेढ़ और दो साल के बच्चे भी हैं। ये सभी शहर के विभिन्न स्थानों पर भीख मांग कर जीवनयापन कर रहे थे। सीडीओ प्रखर कुमार सिंह के निर्देश पर शहर को भिखारी मुक्त बनाने के अभियान ने रफ्तार पकड़ ली है। डीपीओ पंकज कुमार मिश्रा ने बताया कि जल्द ही काशी भिखारियों से मुक्त होगी। 

गंगा में गिरा आईफोन गोताखोरों ने खोजा
दशाश्वमेध घाट पर गंगा स्नान के दौरान मुंबई से आए सौरभ का आईफोन शनिवार को गिर गया। पर्यटक की सूचना पर दशाश्वमेध चौकी प्रभारी अनुज मणि तिवारी ने गोताखोर राकेश , सोनू और जय साहनी की मदद से गंगा से आईफोन खोज निकलवाया। सौरभ को आईफोन सुपुर्द किया गया। 

40 फीट गहरे कुएं में गिरे युवक को निकाला बाहर
सारनाथ थाना क्षेत्र के अटल नगर कॉलोनी मवइया में शुक्रवार रात अमरनाथ (40) कुएं में गिर गया। आशापुर पुलिस चौकी की पुलिस ने 40 फीट गहरे कुएं से रेस्क्यू कर अमरनाथ को निकाला। कुएं में पानी नहीं होने के कारण घायल अमरनाथ का जिला अस्पताल में उपचार कराया गया। बलिया के सुखपुरा थाना क्षेत्र निवासी अमरनाथ बढ़ई हैं।

एक ठेकेदार से पैसा लेने के लिए वाराणसी आया था। शाम को अंधेरे में कुएं में जा गिरा। आसपास के लोगों ने कुएं में गिरते देखा तो शोर मचाया। पुलिस भी सूचना पर पहुंची। सारनाथ थानाध्यक्ष शिवानंद सिसौदिया ने बताया कि कुएं में गिरने की सूचना मिलते ही आशापुर चौकी इंचार्ज मीनू सिंह पहुंचीं और एक बड़े भगौने को कुएं में रस्सी के जरिये गिराया। अमरनाथ को उसमें बैठाकर ग्रामीणों की मदद से  बाहर निकाला। 

नीलगाय के बच्चे पर कुत्तों ने किया हमला, ग्रामीण ने बचाया
चोलापुर क्षेत्र के ग्राम दशवंतपुर गोसाईपुर मोहाओं में शनिवार दोपहर एक नीलगाय के बच्चे पर आवारा कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया। हमले में वह घायल हो गया। स्थानीय निवासी संदीप सिंह ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को सूचना दी। पशु चिकित्सा विभाग ने बच्चे को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया। वन विभाग की टीम बच्चे को सारनाथ संरक्षण केंद्र ले गई, जहां उसका उपचार किया जा रहा है। 

सड़क सुरक्षा के प्रति स्वयंसेवक करेंगे जागरूक
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने कहा कि ऑटो, टैक्सी व ई-रिक्शा चालकों को यातायात नियमों के पालन के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। ‘यातायात मित्र’ योजना के तहत स्वयंसेवक जनता को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करेंगे। साथ ही मुख्य मार्गों से अतिक्रमण हटाकर यातायात सुचारू रखने और पुलिस कर्मियों को पूर्ण मनोयोग, संवेदनशीलता व अनुशासन के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए। यातायात पुलिस लाइन में शनिवार को यातायात माह 2025 जागरुकता रैली का शुभारंभ पुलिस आयुक्त ने हरी झंडी दिखाकर किया। उन्होंने कहा कि यातायात माह का उद्देश्य केवल नियमों का पालन कराना नहीं, बल्कि सड़क सुरक्षा की जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है। बताया कि दुर्घटना संभावित स्थलों पर विशेष पेट्रोलिंग की जाएगी। 

समय से करें घाटों की सफाई : मेयर
देव दीपावली की तैयारियों को लेकर महापौर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने नमो घाट से लेकर अस्सी घाट तक नगर निगम के विभिन्न कार्यों का निरीक्षण किया। महापौर ने घाटों पर चल रही सिल्ट सफाई, प्रकाश व्यवस्था, सौंदर्यीकरण कार्य और स्वच्छता व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों को निर्देशित किया कि घाटों की सफाई समयबद्ध ढंग से पूरी कराई जाए ताकि देव दीपावली पर श्रद्धालुओं और पर्यटकों को असुविधा न हो। नगर आयुक्त ने कहा कि देव दीपावली वाराणसी की अस्मिता और गौरव का प्रतीक है। नगर निगम घाटों की सुंदरता और स्वच्छता पर विशेष ध्यान दे रहा है। कहा कि हर घाट पर पर्याप्त प्रकाश, कूड़ा निस्तारण, सजावट और आकर्षक लाइटिंग की जाए। 

भ्रष्टाचार मुक्त भारत का लिया संकल्प
सतर्कता जागरूकता सप्ताह के तहत शनिवार को 36वीं वाहिनी पीएसी, रामनगर में उत्तर प्रदेश सतर्कता अधिष्ठान वाराणसी सेक्टर की ओर से सतर्कता हमारी साझा जिम्मेदारी पर कार्यशाला आयोजित हुई। शुभारंभ सेनानायक डॉ. अनिल कुमार पांडेय और पुलिस अधीक्षक घनश्याम चौरसिया ने किया। कार्यक्रम में आरटीसी रिक्रूटों को भ्रष्टाचार मुक्त भारत–विकसित भारत की शपथ दिलाई। मुख्य अतिथि डीआईजी मनोज कुमार सोनकर ने कहा कि संयमित जीवन और आर्थिक अनुशासन से ही भ्रष्टाचार से बचा जा सकता है। 

रसायनों का सुरक्षित प्रयोग करें किसान
भारतीय सब्जी अनुसंधान संस्थान में कृषि रसायनों के सुरक्षित एवं समुचित प्रयोग के लिए शनिवार को प्रशिक्षण दिया गया। इसमें वैज्ञानिकों ने किसानों को कृषि रसायनों, उर्वरकों, पौध वृद्धि नियंत्रकों के संतुलित और सुरक्षित प्रयोग, नकली रसायनों से बचाव की जानकारी दी। संस्थान के निदेशक डॉ. राजेश कुमार ने कहा कि सब्जी की उत्पादकता को बढ़ाने की जरूरत है। किसानों को रसायनों का संतुलित प्रयोग करने की सलाह दी। डॉ. अरविंद नाथ  डॉ. आत्मानंद त्रिपाठी, डॉ. जयदीप हलधर और डॉ. सुजन मजूमदार ने प्रशिक्षण दिया। संचालन डॉ. आत्मानंद त्रिपाठी और धन्यवाद ज्ञापन डॉ. केके पांडेय ने किया। 

20 राज्यों के 150 उद्यमियों ने लगाए हस्तशिल्प उत्पादों के स्टॉल
बड़ा लालपुर स्थित दीनदयाल हस्तकला संकुल में गांधी शिल्प बाजार में देश के 20 राज्यों से आए 150 उद्यमियों ने हस्तशिल्प उत्पादाें के स्टाॅल लगाए। इसके माध्यम से उन्हें उद्यमियों को उनके उत्पादों की बिक्री के लिए नया मंच उपलब्ध कराया गया। इसमें मुख्य रूप से हथकरघा बुनकरों के उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई गई।

पूर्वांचल निर्यातक संघ एवं वस्त्र मंत्रालय के ओर से आयोजित 10 दिवसीय गांधी शिल्प बाजार का निरीक्षण शनिवार को राज्यमंत्री रविंद्र जायसवाल, वस्त्र मंत्रालय के वरिष्ठ सहायक निदेशक सरोज कुमार सिंह, सहायक निदेशक प्रद्युमन पांडेय, पूर्वांचल निर्यातक संघ के अध्यक्ष रघु मेहरा और भाजपा महामंत्री नवीन कपूर ने किया। मंत्री रविंद्र जायसवाल ने हस्तशिल्पियों के स्टाॅलों पर जाकर उत्पादन की बारीकियां देखीं। रघु मेहरा ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य हस्तशिल्पियों की ओर से बनाए गए उनके उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराना व उनका प्रोत्साहन देकर आगे बढ़ाने को प्रेरित करना है। 

भाजपा महामंत्री नवीन कपूर ने कहा कि मेला लगने से हस्तशिल्पियों की कला को विशिष्ट पहचान मिल सकेगी। मेले में कर्नाटक, गुजरात, तमिलनाडु, हिमाचल प्रदेश, नागालैंड, झारखंड, बिहार, राजस्थान, उड़ीसा, उत्तराखंड, बंगाल असम के कुल 20 राज्यों से हस्तशिल्पी वाराणसी आए हैं। स्वागत वरिष्ठ सहायक निदेशक (हस्तशिल्प) सरोज कुमार सिंह ने किया। धन्यवाद और आभार पूर्वांचल निर्यातक संघ के कोषाध्यक्ष राजेश कुशवाहा ने किया। अनिल अग्रवाल, अमिताभ सिंह, रईस अहमद रहे। 

खराब फसलों का किया निरीक्षण
वाराणसी। चिरईगांव में उप कृषि निदेशक अमित जायसवाल ने टीम के साथ शनिवार को ग्राम अम्बा, छितौना, जाल्हूपुर और विशुनपुरा में लगातार बारिश से फसलों के नुकसान का जायजा लिया। खेतों में जलभराव और फसलों के गिरने से धान की बालियों में दाने भरने की प्रक्रिया प्रभावित हुई है। प्रभावित किसानों से प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ दिलाने की अनुशंसा की। संवाद

धान की सीधी बोआई के लाभ गिनाए
राजातालाब। इरी के कृषि वैज्ञानिकों ने शनिवार को शाहंशाहपुर में किसानों से संवाद किया। कहा कि किसानों को नवीन कृषि पद्धति और बदलते समय में कृषि के बीच समन्वय स्थापित करने की जरूरत है। किसान क्राफ्ट की ओर से प्रौद्योगिकी प्रदर्शन में धान की सीधी बोआई और उसके लाभ के बारे में बताया गया। वैज्ञानिक डॉ. विपिन कुमार डॉ. सौजन्य सहायक प्रबंधक आलोक जैन और शिवाकांत सिंह रहे।

सब्जी की खेती की तकनीक से कराया रूबरू
भारतीय सब्जी अनुसंधान संस्थान शाहंशाहपुर की ओर से शनिवार को सोनभद्र के नगवा ब्लॉक के रामपुर गांव में जनजाति गौरव वर्ष पखवाड़ा के तहत भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर जनजातीय सामाजिक आर्थिक विकास के प्रति जागरूक किया गया। निदेशक डॉ. राजेश कुमार और नोडल अफसर डॉ. नीरज सिंह के निर्देशन में 100 आदिवासी किसानों और महिलाओं को जागरूकता किया गया। वैज्ञानिक डॉ. विकास, डॉ. सुदर्शन और अजय कुमार रहे।

दलहनी व तिलहनी फसलों को भी रखें
अपर कृषि निदेशक (प्रसार) लखनऊ के राजेंद्र कुमार सिंह ने शनिवार को कलेक्ट्रीफार्म के कृषि भवन सभागार में आत्मा योजना के तहत आत्मा कार्मिकों (बीटीएम व एटीएम) के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने फार्म स्कूल, फसल प्रदर्शन, प्रशिक्षण पर चर्चा की। संयुक्त कृषि निदेशक शैलेंद्र कुमार, उप कृषि निदेशक अमित जायसवाल, एसडीओ निरूपमा सिंह रहे। 

पूर्व सीएम के बयान पर आपत्ति के बाद जांच शुरू
पूर्व सीएम अखिलेश यादव के उस बयान का जिसमें उन्होंने चैट जीपीटी को आधार बनाकर गांधी की हत्या का जिम्मेदार आरएसएस को बताया था, उस मामले में चैट जीपीटी को संचालित करने वाली कंपनी ओपन एआई ने जांच शुरु कर दी। इस मामले में एक अधिवक्ता ने कंपनी को कानूनी नोटिस भेजा था। अधिवक्ता ने बताया कि लखनऊ में बीते दिनों समाजवादी पार्टी मुख्यालय पर राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस किया था। उन्होंने चैट जीपीटी के हवाले से कहा था कि महात्मा गांधी की हत्या के लिए आरएसएस जिम्मेदार है। 

Varanasi News Today Case against cashier for embezzling 50 lakh rupees statue of Saraswati installed in BHU
अग्निवीर। - फोटो : संवाद

अग्निवीर : मैदान में फिसलन रही तो सड़क पर दौड़ेंगे भर्ती के अभ्यर्थी
छावनी स्थित सेना भर्ती कार्यालय में  8 से 21 नवंबर तक होने वाली अग्निवीर भर्ती रैली की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। बारिश की वजह से मैदान में कीचड़ है। अगर मैदाल में फिसलन रही तो  1600 मीटर की दौड़ सड़क पर कराई जाएगी। इसके लिए नेहरू पार्क से विजयंता चौराहे तक वैकल्पिक व्यवस्था बनाई गई है। इसके लिए प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां शुरू हो चुकी हैं।

सिटी मजिस्ट्रेट की देखरेख में बसों की व्यवस्था की गई है, ताकि भीड़ से बचने लिए असफल अभ्यर्थियों को रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड तक छोड़ा जा सके। लगातार हो रही बारिश के चलते भर्ती कार्यालय ने रैली को सुचारू रूप से सम्पन्न कराने के लिए वैकल्पिक इंतजाम शुरू कर दिए हैं। नगर निगम के सहयोग से रणबांकुरा स्टेडियम में वाटरप्रूफ पंडाल और टिन शेड लगाए जा रहे हैं, ताकि बारिश की स्थिति में भी भर्ती प्रक्रिया प्रभावित न हो। 

भर्ती निदेशक कर्नल शैलेश कुमार ने बताया कि अभ्यर्थियों के ठहरने वाले स्थानों पर साफ-सफाई, फॉगिंग  छावनी परिषद और नगर निगम के सहयोग से करायी जाएगी। भर्ती निदेशक ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे अपने सभी दस्तावेज पहले से तैयार और सत्यापित कर लें। अभ्यर्थियों को प्रवेशपत्र, पासपोर्ट साइज रंगीन फोटो, सभी शैक्षणिक प्रमाण पत्र, निवास, जाति, धर्म, पुलिस एवं विद्यालय चरित्र प्रमाण पत्र, ग्राम प्रधान या नगर निगम द्वारा जारी पैन कार्ड, आधार कार्ड की मूल प्रतियां साथ लानी होंगी।

लहरतारा, मड़ौली में आज नहीं रहेगी बिजली
लोकनिर्माण विभाग की ओर से सड़क चौड़ीकरण का काम करवाया जा रहा है। इसमें बाधक खंभे, तार, ट्रांसफाॅर्मर को शिफ्ट कराया जाना है। इस कारण दो नवंबर को सुबह 11 बजे से 3 बजे तक 11केवी ब्लाॅक रोड, टाउन 4 और 33केवी कैंट फीडर की आपूर्ति बाधित रहेगी। 

एसडीओ विजय सिंह ने बताया कि इस कारण लहरतारा चौराहा, सेंट जॉन्स काॅलोनी, मंडुवाडीह, काशी विद्यापीठ ब्लॉक, शिवदासपुर आदि इलाकों में बिजली नहीं रहेगी। उधर मोहनसराय में सड़क निर्माण की वजह से मड़ौली फीडर पर सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक आपूर्ति बाधित रहेगी। इस कारण पीएसी भुल्लनपुर, हरपालपुर, मड़ौली में बिजली नहीं रहेगी। 

उच्च प्राइमरी विद्यालयों में लगेंगे सीसी कैमरे
जिले के 1143 प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों को अब सीसीटीवी से लैस किया जाएगा। इसके लिए अलग से सभी एबीएसए कार्यालयों में कंट्रोल रूम भी बनाए जाएंगे। कैमरे लगने से विद्यालयों में होने वाली की घटनाओं पर लगाम लगेगी। बीएसए अनुराग श्रीवास्तव ने बताया कि विद्यालयों में सीसी कैमरे लगवाए जाने हैं। इसके लिए प्रक्रिया जल्द पूरी की जाएगी। इन्हें किस बजट में लगाया जाएगा अभी यह तय नहीं है। 

11 सदस्य देंगे शिक्षक प्रशिक्षण केंद्र का परामर्श
बीएचयू के यूजीसी मालवीय मिशन शिक्षक प्रशिक्षण केंद्र के संचालन के लिए 11 सदस्यीय परामर्श समिति का गठन किया गया है। समिति में बीएचयू के कुलपति सहित दो अन्य विश्वविद्यालयों के कुलपति का नाम शामिल है। इसके अलावा दो निदेशक, कुलसचिव, वित्त अधिकारी को भी इस समिति में रखा गया है। मालवीय मिशन शिक्षक प्रशिक्षण केंद्र की ओर से समय-समय पर शिक्षकों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम करवाए जाते हैं। इसके संचालन के लिए शैक्षणिक परामर्श समिति का गठन किया गया है। बीएचयू कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी की अध्यक्षता वाली समिति में आठ सदस्य, दो विशेष आमंत्रित सदस्य और एक सदस्य सचिव शामिल हैं। 

इस्राइल में 1000 श्रमिकों के लिए रोजगार का मौका 
सेवायोजन कार्यालय की ओर से इस्राइल में काम करने वाले इच्छुक श्रमिकों के लिए भर्ती कराई जा रही है। इस्राइल की निजी कंपनी ने 1000 श्रमिकों के लिए आवेदन मांगा है। भर्ती प्रक्रिया सेवायोजन कार्यालय की ओर से पूरी की जाएगी। सिरेमिक टाइलिंग, राजमिस्त्री, पलस्तर कार्य और जिप्सम वर्कर के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 15 नवंबर है। सेवायोजन निदेशक मुकेश कुमार ने बताया कि इस्राइल में एक निजी कंपनी की ओर से 1000 आवेदन मांगे गए हैं। निदेशक ने बताया कि नियुक्ति के लिए तीन साल का अनुभव, हाईस्कूल पास और अंग्रेजी की जानकारी होना अनिवार्य है। 

10 नवंबर तक समर्थ पोर्टल पर पंजीकरण
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ से जुड़े महाविद्यालयों में सत्र 2025-26 में दाखिला लेने वाले विद्यार्थियों को समर्थ पोर्टल पर पंजीकरण करना होगा। इसके लिए विश्वविद्यालय की ओर से 10 नवंबर की तिथि तय की गई है। विवि में अब तक पांच जिलों (वाराणसी, सोनभद्र, भदोही, मिर्जापुर, चंदौली) के 350 से अधिक कॉलेज जुड़े थे। अब तीन जिले अलग हो गए हैं तो केवल वाराणसी और चंदौली जिले के करीब 150 कॉलेज ही संबद्ध हैं। विवि में प्रवेश की प्रक्रिया अंतिम दौर में हैं। सहायक कुलसचिव अरिंदम श्रीवास्तव ने बताया कि सभी विद्यार्थियों को संबंधित पोर्टल के माध्यम से ही पंजीकरण करना होगा। 

18 आईटीआई शिक्षकों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण पूरा
करौंदी स्थित राजकीय आईटीआई में वाराणसी मंडल के अनुदेशकों को दिए जा रहे तीन दिवसीय प्रशिक्षण का समापन शनिवार को हुआ। इसमें वाराणसी समेत जौनपुर, गाजीपुर और चंदौली के 18 अनुदेशक शामिल रहे। आईटीआई के प्रधानाचार्य एमके सिंह ने बताया कि अनुदेशकों को प्रशिक्षण लखनऊ के विशेष सिंह और शशांक यादव ने दिया। बताया कि पढ़ाई के दौरान छात्रों को रोजगार से कैसे जोड़ें। 

पीएम श्री विद्यालयों के कक्षा 9 से 12 के बच्चों को मिलेगा यात्रा भत्ता
जिले के पीएम श्री विद्यालयों में पढ़ने वाले कक्षा 9 से 12 के छात्रों को अब यात्रा भत्ता दिया जाएगा। यह भत्ता उन्हीं छात्रों को दिया जाएगा जिनका घर विद्यालय से 5 किमी से अधिक दूरी पर है। बच्चों को सालभर में 6000 रुपये डीबीटी के माध्यम से दिए जाएंगे। 

योजना इसी सत्र से लागू हो चुकी है। जिले में 5 पीएम श्री विद्यालयों में राजकीय क्वींस कॉलेज, राजकीय इंटर कॉलेज जक्खिनी, प्रभु नारायण राजकीय इंटर कॉलेज रामनगर, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज मलदहिया और पीएम श्री राजकीय अभिनव इंटर कॉलेज जक्खिनी शामिल हैं। इनमें करीब 5500 छात्र हैं। इसके लिए छात्रों से घोषणा पत्र भरवाने और सत्यापन की प्रक्रिया शुरु है। पीएम श्री राजकीय क्वींस इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य सुमित श्रीवास्तव ने बताया कि सत्यापन के बाद चयनित छात्रों के खाते में डीबीटी के माध्यम से भत्ता भेजा जाएगा। 

8909 अभ्यर्थियों ने छोड़ी पुलिस की कंप्यूटर ऑपरेटर ग्रेड ए की परीक्षा
जिले के 34 केंद्रों पर शनिवार को उत्तर प्रदेश पुलिस बोर्ड की ओर से कंप्यूटर ऑपरेटर ग्रेड ए की परीक्षा हुई। इसमें पहले दिन 8909 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। यह परीक्षा दो दिवसीय है जिसमें पहले दिन कुल 13920 अभ्यर्थियों को हिस्सा लेना था। रविवार को भी एक पाली में परीक्षा होगी।

भर्ती-2023 के तहत कंप्यूटर ऑपरेटर ग्रेड-ए के 1,129 पदों पर एक लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। वाराणसी में कुल 13920 अभ्यर्थियों में से 5011 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक हुई। इसमें शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को 45 मिनट पूर्व केंद्र पर पहुंचना था। परीक्षा को लेकर अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय शिवहरी मीना ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में स्थित 34 परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। 

सहायक उप निरीक्षक पद की परीक्षा आज, 19 केंद्र पर 7440 अभ्यर्थी होंगे शामिल : उत्तर प्रदेश पुलिस में सहायक उप निरीक्षक (लिपिक) और सहायक उप निरीक्षक (लेखा) पदों के लिए परीक्षा रविवार को होगी। इसमें भी प्रदेश के अलग-अलग जिलों से करीब 7440 अभ्यर्थी हिस्सा लेंगे। परीक्षा जिले के 19 केंद्रों पर सुबह 10 से 12:30 बजे तक होगी। पुलिस अफसरों ने बताया कि परीक्षा केंद्र में प्रवेश के लिए एडमिट कार्ड अनिवार्य है, इसके बिना उम्मीदवारों को परीक्षा परिसर में प्रवेश नहीं मिलेगा। 

श्याम ध्वज के साथ निकाली शोभायात्रा, गूंजे भजन
श्री श्याम मंडल की ओर से 11 दिवसीय निशान शोभायात्रा के अंतिम दिन शनिवार को श्याम नाम गूंज के साथ मैदागिन स्थित पातालेश्वर मंदिर से यात्रा निकाली गई। भक्तों ने आरती उतारी। श्याम चालीसा का पाठ किया। संस्था के अध्यक्ष दीपक तोदी, मंत्री पवन अग्रवाल, बैजनाथ भालोटिया, दीपक बजाज ने श्याम ध्वजा की पूजा की। भक्तों को ध्वजा देकर यात्रा की शुरुआत की। शोभायात्रा में सुरेश तुलस्यान, संदीप शर्मा कानू, रवि कानोड़िया, कृष्ण कुमार काबरा, मनोज गाड़ोदिया, पवन पांडेय, राजेश तुलस्यान, मदन मोहन पोद्दार, अजय खेमका, पंकज तोदी आदि रहे। 

22 विद्यार्थियों का कंपनियों में चयन
बीएचयू विज्ञान संस्थान के भूगोल विभाग में चलने वाले पीजी डिप्लोमा रिमोट सेंसिंग और जीआईएस के 22 विद्यार्थियों का चयन विभिन्न कंपनियों में अलग-अलग पदों पर हुआ है। छात्रों का चयन प्रोजेक्ट समन्यवक, तकनीकी सहयोगी ,जीआईएस इंजीनियर के रूप में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय कंपनी में गुरुग्राम, नोएडा और नई दिल्ली में हुआ। शनिवार को विभाग में आयोजित कार्यक्रम में कोर्स की समन्वयक प्रो. गायत्री राय ने चयनित विद्यार्थियों को सम्मानित कर इसे विभाग के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। 

शास्त्रों को समझने के लिए शास्त्रार्थ की भूमिका महत्वपूर्ण
बीएचयू के संस्कृत विद्या धर्मविज्ञान संकाय में चल रहे अखिल भारतीय शास्त्रार्थ सभा में विद्वानों ने शास्त्रार्थ की महत्ता बताई। आचार्य मणि द्रविड़ ने कहा कि शास्त्रों को समझने के लिए शास्त्रार्थ की भूमिका महत्त्वपूर्ण होती है। शास्त्रों से अनुमोदित मार्ग को अपना कर ही हम लौकिक एवं पारलौकिक सिद्धि प्राप्त कर सकते हैं। शास्त्रार्थ सभा में आचार्य द्रविड़ ने शास्त्रों की सर्वकालिक और सार्वदेशिक महत्ता पर यह बताया कि हमें क्या करना चाहिए, क्या नहीं करना चाहिए आदि में शास्त्र ही प्रमाण है। विधि और निषेध को शास्त्र से अच्छी तरह समझकर आचरण करना चाहिए।  

आर्थो शिविर में 3 दिन में 322 मरीजों का इलाज
बांसफाटक के हिंदू सेवा सदन चिकित्सालय में निशुल्क अस्थि परीक्षण और चिकित्सा शिविर के तीसरे दिन सुबह से ही पंजीकरण काउंटर पर मरीजों की लंबी कतारें लगी रहीं। शिविर में 322 मरीजों की जांच और निशुल्क उपचार किया जा चुका है। चिकित्सालय के प्रधानमंत्री राजेंद्र मोहन साह ने बताया कि वरिष्ठ अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. अविनाश कुमार मिश्रा ने हड्डियों की कमजोरी के कारणों की जानकारी दी। 

एसआईआर मुद्दा राजनैतिक नहीं : शिवप्रताप शुक्ला
एसआईआर मुद्दा राजनैतिक नहीं है। चुनाव आयोग संवैधानिक है, इस पर राजनीति करना ठीक नहीं है। यह बातें शुक्रवार को लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती पर भेदहां के कृष्ण सुदामा ग्रुप ऑफ इंटीट्यूशंस में बतौर मुख्य अतिथि हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल शिवप्रताप शुक्ला ने कहीं। आयुर्वेद कॉलेज की छात्राओं ने पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत किया। इसके बाद सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। पत्रकारों से कहा कि सरदार पटेल देश को एक सूत्र में बांधने वाले थे। उनके व्यक्तित्व व कृतित्व से सभी को सीख लेनी चाहिए। उन्होंने चेयरमैन डॉ. विजय यादव की ओर से ग्रामीण इलाके में आयुर्वेद, तकनीकी शिक्षा, संस्कारित शिक्षा देने की तारीफ की। इस मौके पर संस्थान के चेयरमैन ने उन्हें स्मृति चिह्न व अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। 

भारत में संगोष्ठी की परंपरा प्राचीन काल से : रिनपोछे
संगोष्ठी आधुनिक युग की देन नहीं है बल्कि भारत में इसकी परंपरा प्राचीन काल से है। शुरुआती तौर पर गुरु और शिष्य के बीच में वाद-संवाद की परंपरा तो थी, किंतु भगवान बुद्ध के इस वचन के बाद कि मेरे वचनों को इसलिए न स्वीकार किया जाए क्योंकि वह गुरु के द्वारा बताए गए हैं बल्कि चिंतन, मनन और अनुभव के आधार पर सत्य जान पड़ने पर ही इसे माना जाए। 

भारत में दार्शनिकों और विद्वानों के मध्य वाद और संवाद की परंपरा शुरू हुई जो आधुनिक काल तक चली आ रही है। उक्त बातें निर्वासित तिब्बती सरकार के पूर्व प्रधानमंत्री और पूर्व कुलपति प्रो. समदोंगे रिनपोछे ने कहीं। वह शनिवार को केंद्रीय उच्च तिब्बती शिक्षा संस्थान सारनाथ के अतिशा सभागार में प्रज्ञा पारमिता विषयक पांच दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी काे संबोधित कर रहे थे। प्रो. रिनपोछे ने कहा कि यह वर्ष परम पावन दलाई लामा के 90वें जन्म दिवस के कारण करुणा-मैत्री वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। 

कुलपति प्रो. वांगचुक दोर्जे नेगी ने कहा कि परंपरावादी लोग ऐसा मानते हैं कि प्रज्ञा-पारमिता सूत्र नाग लोक से आमंत्रित किए गए थे, किंतु उनकी दृष्टि में इसे प्रथम शताब्दी के महान बौद्ध दार्शनिक आचार्य नागार्जुन द्वारा नागद्वीप से लाया गया था। जब वे आंध्र प्रदेश से सागर के रास्ते श्रीलंका के जाफना स्थित नागद्वीप में गए थे। जहां पर पहले से ही बौद्ध धर्म की वात्सीपूत्रीय बौद्ध शाखा व्याप्त थी, जिसके अनुसार वस्तुओं का अस्तित्व माया सदृश अथवा स्वप्न सदृश माना जाता है। 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed