Varanasi News Today: किशोरी से दुष्कर्म का प्रयास, नशे में धुत फार्मासिस्ट गिरफ्तार; पढ़ें- प्रमुख खबरें
Varanasi News: वाराणसी में कई खबरें चर्चा में रहीं। इनमें किशोरी से दुष्कर्म के प्रयास में नशे में धुत फार्मासिस्ट की गिरफ्तारी और महिला पर सब्जी फेंककर झोले में रखे सात लाख लेकर भागने का मामला चर्चा में रहा।
विस्तार
पहड़िया के पटेल बस्ती के अवि आरोग्य क्लीनिक में मंगलवार को नशे में धुत फार्मासिस्ट ने किशोरी के साथ दुष्कर्म की कोशिश की। पिता की तहरीर पर पुलिस ने क्लीनिक संचालक वैभव उपाध्याय के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली। साथ ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पीड़िता की बहन ने पुलिस को बताया कि पटेल बस्ती में अवि आरोग्य क्लीनिक है। इसका संचालन वैभव उपाध्याय करता है। वह फार्मासिस्ट है लेकिन खुद को डॉक्टर बताता है।
मूलरूप से चंदौली जिले के बलुआ थाना क्षेत्र के फुलवरिया का रहने वाला है। वर्तमान में वाराणसी के ओम नगर कॉलोनी बेनीपुर पहड़िया में किराये पर रहता है। मां के जोड़ों में दर्द था तो वह मंगलवार को छोटी बहन के साथ आरोपी के क्लीनिक चली गई। आरोप है कि वैभव नशे में धुत था। उसने बहन को अंदर बुलाकर दरवाजा बंद कर लिया और दुष्कर्म का प्रयास करने लगा।
चिल्लाने पर छोड़ दिया। इसकी जानकारी परिजनों को दी गई। नाराज परिजन पहुंचे और हंगामा करने लगे। इसी बीच कुछ लोगों ने आरोपी को खींचकर क्लीनिक से बाहर कर लिया और पीटने लगे। पुलिस ने किसी तरह से फार्मासिस्ट को भीड़ से मुक्त कराया फिर थाने ले आई।
कार्यवाहक थानाध्यक्ष मीनू सिंह ने बताया कि आरोपी वैभव उपाध्याय ने बीफार्मा किया है। वारदात के समय नशे में था। पीड़िता नाबालिग है। हाईस्कूल में पढ़ती है इसलिए पॉक्सो एक्ट में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। उससे पूछताछ की जा रही है।
महिला पर सब्जी फेंकी, झोले में रखे सात लाख लेकर भागे
कैंट थाना क्षेत्र में मंगलवार को जालसाजों ने शातिराना तरीके से एक महिला से सात लाख लेकर भाग निकले। स्टेट बैंक से रुपये निकालकर घर लौट रही महिला को बदमाशों ने खाने का सामान गिराकर बहाने से रोका और फिर झोले पर हाथ साफ कर दिया। हनुमानगंज सरैया निवासी चंदा देवी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उन्होंने स्टेट बैंक से चेक से सात लाख रुपये निकाले और झोले में रखकर गोलघर चौराहे से आगे वी-मार्ट के पास पहुंचीं। पीछे से कुछ युवकों ने उनके स्वेटर पर छोला फेंक दिया। एक युवक ने नजदीक आकर कहा कि आगे नल लगा है, वहां जाकर धो लीजिए। महिला झोला वहीं रखकर नल पर स्वेटर धोने लगी। तभी नजर झपकते ही झोला गायब हो गया। थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्र ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच हो रही है।
चार के खिलाफ धोखाधड़ी व जालसाजी में प्राथमिकी दर्ज
धोखाधड़ी के मामले में भेलूपुर पुलिस ने संत गोपाल नगर निवासी रचना पाठक की तहरीर पर पति डॉ. वरुण पाठक, डॉ. प्रेमशंकर वर्मा निवासी काशीराज अपार्टमेंट कमच्छा और पत्नी अदिति वर्मा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। पीड़िता के अनुसार, उनकी 5600 वर्ग फीट जमीन का बैनामा जून 2018 में आरोपियों ने कराया था। सौदा 77 लाख रुपये में तय हुआ था। आरोप है कि बैनामे के समय आरोपियों ने भुगतान के लिए 19,25,000 रुपये के चार चेक देने की बात कही, लेकिन यह कहकर टाल दिया कि चेक घर पर भूल गए हैं। बाद में उन्हीं चार चेक नंबरों को दर्ज कराकर रजिस्ट्री करवा ली गई। थाना प्रभारी सुधीर कुमार त्रिपाठी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
ठगी में पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
लोन दिलाने का झांसा देकर दो लाख 63 हजार 706 रुपये की ऑनलाइन ठगी के मामले में पीड़ित पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ लंका थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। हुकुलगंज नई बस्ती पांडेयपुर निवासी विश्वनाथ मौर्य ने बताया कि व्यावसाय के लिए पांच लाख रुपये के लोन की जरूरत। इसी दौरान उनकी मुलाकात संजय श्रीवास्तव से हुई, जिसने खुद को रिलायंस फाइनेंस कंपनी का एरिया एजेंट बताते हुए लोन दिलाने का भरोसा दिलाया।
आरोप है कि लोन प्रोसेसिंग और अन्य औपचारिकताओं के नाम पर संजय ने पहले अपने गूगल-पे नंबर पर रकम ट्रांसफर करवाई। इसके बाद स्वयं को लीगल एडवाइजर बताने वाली डॉक्टर नरगिस और अश्वनी कुमार को प्रक्रिया में शामिल किया। व्हाट्सएप कॉल और मैसेज से दबाव बनाकर अलग-अलग तिथियों में विभिन्न यूपीआई आईडी और बैंक खातों में लगातार पैसे जमा कराए। नीरज कुमार पांडेय लगातार संपर्क में रहा और भुगतान के निर्देश देता रहा। धीरे-धीरे कुल 2,63,706 रुपये आरोपियों के बताए खातों में ट्रांसफर करा लिए गए। थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्र ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।
ऑनलाइन जुए में तीन गिरफ्तार, 2330 रुपये मिले
विशेश्वरगंज के दूध सट्टी के पास ऑनलाइन जुए का फड़ चला रहे तीन युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया। तीनों भाग्य लक्ष्मी ऐप पर जुए का संचालन कर रहे थे। आरोपियों के पास से 2330 रुपये और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। इंस्पेक्टर दयाशंकर सिंह ने बताया कि छापा मारकर सोनू निवासी जैतपुरा, राम भरोसे निवासी सकलडीहा और नरसे सिंह निवासी भोजपुर बिहार को पकड़ा गया। आरोपियों ने बताया कि एक बार में 12 रुपये का टिकट बेचा जाता है। जिसका टिकट खुलता है उसे 100 रुपये दिए जाते हैं।
दहेज मांगने सहित उत्पीड़न के आरोप में सारनाथ पुलिस ने पति, सास, ससुर, देवर व ननद के खिलाफ दहेज उत्पीड़न सहित विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की। लेढूपुर निवासी तमन्ना बनो ने बताया कि उनकी शादी 14 नवंबर 2024 को अब्दुल अमीर से हुई। कुछ दिन बाद अब्दुल नौकरी करने के लिए मुंबई चला गया। इस बीच वो दो से तीन बार ससुराल से मायके आई और गई। कुछ दिन बाद अब्दुल अमीर ने फोन पर कहा कि तुम अपने पिता से एक लाख नकद, सोने की अंगूठी व चेन लाओ तब ही साथ रखेंगे। ससुराल वालों से शिकायत की तो सास, ससुर, देवर व ननद ने कहा कि तुम कुछ नहीं लाई हो तो वह क्यों रखेगा। इसके बाद लोग प्रताड़ित करने लगे। देवर व ससुर गलत नीयत रखने लगे। थाना प्रभारी पंकज कुमार त्रिपाठी ने बताया कि तहरीर के आधार अब्दुल अमीर, सुल्तान, हफिज, अब्दुल कलाम उर्फ रहीम, जरीना व शाबिया के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
जमीन बेचने के नाम पर 14 लाख की धोखाधड़ी
खेती के लिए जमीन खरीदने के नाम पर ओंकार नाथ शुक्ल के साथ 14 लाख की धोखाधड़ी हो गई। पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। सिंहपुर थाना सिंहपुर निवासी ओंकार नाथ शुक्ल का आरोप है कि खेती के लिए भिखारीपुर चंदौली निवासी गोरखनाथ मिश्र से बात हुई। उन्होंने मदधपुर, चंदौली निवासी अश्वनी कुमार के भिखारीपुर चंदौली में एक बीघा जमीन की बात चार लाख प्रति बीघे की दर से भूमि का मूल्य तय किया। चेक से कई बार में 14 लाख रुपये दिए। एक लाख मध्यस्थता के गोरखनाथ मिश्र को दिया। आरोपी सट्टा व इकरारनामा के लिए आश्वस्त करते रहे। कुछ दिन बाद पता चला कि लोगों ने उक्त भूमि को दूसरे व्यक्ति को बेच दिया। जब इसका विरोध किया गया तो विजय तिवारी, अंजनी तिवारी, अश्वनी कुमार व गोरखनाथ मिश्र मारपीट करने के साथ जान से मारने की धमकी देने लगे। थाना प्रभारी पंकज कुमार त्रिपाठी ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर प्रकरण की जांच की जा रही है।
दहेज के लिए विवाहिता को बंधक बनाकर पीटा, जेवर छीना
दहेज की मांग को लेकर एक विवाहिता को कमरे में बंधक बनाकर पीटने और आभूषण छीनने के मामले में पुलिस ने पति, सास-ससुर, ननद समेत चार नामजद और एक अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज कराई। धौरहरा गांव निवासी कामिनी निषाद ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी सात दिसंबर 2023 को जौनपुर के थाना बक्सा अंतर्गत हकारीपुर गांव निवासी महेंद्र कुमार निषाद से हुई । आरोप है कि शादी के कुछ ही समय बाद पति, ससुर विजय कुमार निषाद, सास, ननद सविता और एक अज्ञात पांच लाख की मांग करने लगे। इन्कार करने पर मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ना करने लगे। 16 जुलाई 2024 को दोपहर लगभग 1.30 बजे उसे एक कमरे में बंद कर दिया गया। पति ने पीटा, बाल नोच लिए और जेवर उतरवा लिए। थाना प्रभारी इंद्रेश कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
एसीपी ने अवैध पार्किंग में मिले आठ वाहन किए सीज
एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार और थाना प्रभारी सुधीर त्रिपाठी ने मंगलवार दोपहर एक बजे अवैध पार्किंग के खिलाफ अभियान चलाया। दयाल टावर के पास मुख्य मार्ग पर अवैध रूप से खड़े आठ वाहनों का सीज किया। कार्रवाई में सात क्रूजर और एक ट्रैवलर मुख्य सड़क पर अवैध पार्किंग में था। जिससे यातायात बाधित हो रहा था। एसीपी ने बताया कि अवैध पार्किंग से जाम की स्थिति उत्पन्न होती है और आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। आगे भी अभियान जारी रहेगा और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
डंपर के केबिन में खाना बनाते समय गैस सिलिंडर फटा, दो लोगों ने कूदकर बचाई जान
मिर्जामुराद क्षेत्र के राने चट्टी के पास हाईवे से सटे नहर मार्ग पर मंगलवार दोपहर गिट्टी लदे डंफर के केबिन में खाना बनाते समय गैस सिलिंडर में आग लग गई। केबिन से बच कर निकलते समय चालक ने जलते सिलिंडर को खेत में फेंक दिया। कुछ ही सेकंड में तेज धमाके के साथ वह फट गया। जानकारी के अनुसार, कछवा मिर्जापुर निवासी चालक बसंत लाल यादव और भदोही चौरा निवासी खलासी विजय मौर्या मंगलवार को डंपर को सड़क किनारे खड़ा कर गिट्टी गिराने आए थे। दोनों केबिन के अंदर छोटे गैस सिलिंडर पर खाना बना रहे थे। इस दौरान गैस लीक होने से सिलिंडर में आग लग गई। स्थिति बिगड़ते देख चालक ने तुरंत सिलिंडर को केबिन से बाहर खेत की ओर फेंक दिया। धमाका इतना तेज था कि उसकी आवाज काफी दूर तक सुनाई दी। सिलिंडर के टुकड़े 100 मीटर दूर गिरे। मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी प्रमोद पांडेय ने बताया कि प्रकरण की जांच की जा रही है।
पत्नी से मिलने ससुराल जा रहे युवक की हादसे में मौत
चोलापुर थाना क्षेत्र के ग्राम सभा हरीबल्लमपुर स्थित रिंग रोड पर मंगलवार दोपहर दो बजे अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान बच्चे लाल उर्फ भोलई राजभर (40) निवासी भवानीपुर धरसौना चोलापुर के रूप में हुई है। वह अपनी पत्नी शुगनी देवी से मिलने ससुराल हृदयपुर जा रहा था। अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। पुलिस ने उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। जांच के बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। थाना प्रभारी दीपक कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक के दो बेटे हैं। बड़ा पुत्र मुकेश (19) सूरत में निजी नौकरी करता है, जबकि छोटा पुत्र राकेश (16) घर पर रहकर पढ़ाई कर रहा है।
पुलिस चौकी से 100 मीटर दूरी पर तेल कटिंग का भंडाफोड़, 9 लोगों को पकड़ा
एसओजी-2 की कार्रवाई में हाईवे पर टैंकरों से पेट्रोल और डीजल चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश हुआ। तेल कटिंग के काले कारोबार में लगे नौ आरोपियों को पकड़ा। ये पूरा खेल भीटी पुलिस चौकी से 100 मीटर के अंदर टेंगरा मोड़ पर बालू मंडी के पास हो रहा था। पुलिस ने मौके से तीन टैंकर, चार ड्रम में 470 लीटर डीजल व पेट्रोल समेत कटिंग उपकरण बरामद किया।
एसीपी कोतवाली विजय प्रताप सिंह ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। सोमवार रात 9.30 बजे एसओजी-2 को सूचना मिली कि टेंगरा मोड़ क्षेत्र में बालू मंडी के पास एक अहाते में टैंकरों से पेट्रोल-डीजल की कटिंग की जा रही है। ऐसे में एडीसीपी और एसीपी कोतवाली के साथ टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर छापा मारा। तेल कटिंग का खेल राजू सोनकर के बालू मंडी में हो रहा था। राजू भीटी का निवासी है।
तेल कटिंग के खेल में शामिल नौ लोगों की पहचान जितेंद्र शर्मा, विवेक चौहान, बेचन निवासी डीडीयूनगर, सोनू जायसवाल निवासी मंड़ुआडीह, लालू यादव निवासी राबर्ट्सगंज, सद्दाम हुसैन निवासी राबर्ट्सगंज, गोपाल केसरी निवासी अदलहाट, प्रेमचंद निवासी सुल्तानपुर शिवगढ़ और राज यादव निवासी जमालपुर के रूप में हुई। पूछताछ में सामने आया कि ये गिरोह पूर्वांचल के कई जिलों में सक्रिय है और लंबे समय से टैंकरों से तेल चोरी कर रहा था। वहीं, जिला आपूर्ति विभाग और पेट्रोलियम विभाग की टीम ने जांच की।
साइबर अपराध के पीड़ितों को अब तक 9.5 करोड़ की रकम लौटाई
साइबर अपराध पर प्रभावी नियंत्रण और पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए मंगलवार को पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने साइबर सेल और थानों के साइबर हेल्प डेस्क प्रभारियों के साथ समीक्षा की। 2025 और 2026 में अब तक की गई कार्रवाई के बारे में जानकारी ली। पुलिस आयुक्त ने बताया कि 2025 में वाराणसी से संचालित छह अवैध कॉल सेंटरों का भंडाफोड़ कर 76 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया।
म्यूल अकाउंट खोलने वाले 44 अभियुक्तों, फर्जी नाम से सिम कार्ड बेचने वाली 15 फर्मों की भी पहचान की गई। 2025 में साइबर फ्रॉड में गई 9.5 करोड़ रुपये की राशि पीड़ितों को वापस कराई गई, जबकि 1 जनवरी 2026 से 10 फरवरी 2026 तक एक करोड़ की ठगी की रकम को समय रहते होल्ड व फ्रीज कराया गया। अब तक 5273 मोबाइल नंबर ब्लॉक, 1290 मोबाइल फोन और 115 फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट निष्क्रिय किया गया।
शिकायतों के निस्तारण की दर 44 प्रतिशत से बढ़कर 87 हो चुकी है। फर्जी पीओएस मशीनों, अवैध सिम विक्रेताओं पर कठोर कार्रवाई, प्रतिबिंब पोर्टल की प्रभावी मॉनिटरिंग, समन्वय पोर्टल पर सही डेटा फीडिंग और आमजन को जागरूक करने के निर्देश दिए। बैठक में अपर पुलिस आयुक्त (अपराध) आलोक प्रियदर्शी, अपर पुलिस उपायुक्त साइबर अपराध नीतू रहे।
इसे भी पढ़ें; बड़ा हादसा टला: बाबतपुर एयरपोर्ट टनल की खुदाई के दौरान गिरा दो मंजिला मकान, बाल-बाल बचे लोग
पुलिस कार्यालय के सुंदरीकरण का सीपी ने किया उद्घाटन
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने मंगलवार को पुलिस कार्यालय के जीर्णोद्धार और सुंदरीकरण कार्यों का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों को बेहतर, सुरक्षित और प्रेरणादायी वातावरण देना प्राथमिकता है, ताकि उनकी कार्यक्षमता बढ़े और जनता को प्रभावी सेवाएं मिल सकें।
आयुक्त ने बताया कि पुराने भवनों के जीर्णोद्धार और नए निर्माण का व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। कार्यालयों को आधुनिक स्वरूप देने के साथ ही कर्मचारियों की सुविधाओं का भी विशेष ध्यान रखा गया है। पुलिस लाइन परिसर में पुलिस की गौरवशाली परंपराओं और उपलब्धियों को प्रदर्शित करने के लिए पुलिस म्यूजियम स्थापित किया गया है। साथ ही पुलिसकर्मियों के बच्चों के लिए चिल्ड्रेन पार्क बनाया गया है।
पुलिस बल की शारीरिक दक्षता बढ़ाने के लिए अत्याधुनिक उपकरणों से सुसज्जित जिम का निर्माण कराया जा रहा है। थाना कोतवाली और थाना चौक सहित कई थानों का भी नवीनीकरण किया गया है। पुलिस कार्यालय की गैलरी को फोटो गैलरी में बदला गया है, जहां प्रमुख अभियानों की झलक दिखाई देती है। वहीं मल्टीस्टोरी वार्डरों में 9000पुलिसकर्मियों की चरित्र पंजिकाएं सुरक्षित रखी गई हैं, जिससे रिकॉर्ड प्रबंधन आसान हुआ है। इस दौरान अपर पुलिस आयुक्त मुख्यालय शिवहरी मीणा, डीसीपी मुख्यालय प्रमोद कुमार मौजूद रहे।