Varanasi News Today: बच्ची से दुष्कर्म का प्रयास, बुजुर्ग को 10 साल की सजा; स्पा सेंटर की आड़ में देह व्यापार
Varanasi News: वाराणसी में मंडुवाडीह थाने में छह साल की बच्ची से दुष्कर्म के प्रयास का मामला दर्ज हुआ था। 66 वर्षीय बुजुर्ग को 10 साल की सजा सुनाई गई। वहीं, सारनाथ में एक अपार्टमेंट में स्पा सेंटर के नाम पर देह व्यापार का पुलिस ने भंडाफोड़ किया। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
विस्तार
Varanasi News in Hindi: विशेष न्यायाधीश (पॉक्सो एक्ट द्वितीय) नितिन पांडेय की अदालत ने छह वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म के प्रयास के आरोपी 66 वर्षीय शुभ नारायण तिवारी को दोषी पाते हुए 10 साल की सजा सुनाई है। कोर्ट ने आरोपी पर पांच हजार रुपये जुर्माना भी लगाया है।
अभियोजन पक्ष के अनुसार पीड़ित मासूम बच्ची की मां ने मंडुवाडीह थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। वादी ने आरोप लगाया कि 20 नवंबर 2020 को शुभनारायन तिवारी ने बेटी को अपने घर में खड़ी ऑटो के पास दुष्कर्म का प्रयास किया। इस मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना की। बाद में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोर्ट में आरोप पत्र दाखिल किया। कोर्ट में अभियोजन की ओर से नौ गवाह पेश किए। कोर्ट ने दोनों पक्षों के सुनने के बाद आरोपी को दोषी पाते हुए 10 साल की सजा सुनाई है।
जुए के फड़ पर एसओजी-2 का छापा, 11 गिरफ्तार, चार लाख नकद मिला
रोहनिया थाना क्षेत्र के केशरीपुर में मकान के अंदर बुधवार रात एसओजी-2 ने जुए के फड़ पर छापा मारकर 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया। फड़ से 4.81 लाख नकद, 13 मोबाइल और ताश की चार गड्डियां मिलीं। फड़ से बिहार, मिर्जापुर समेत शहर के विभिन्न थानों के आरोपी गिरफ्तार किए गए।
डीसीपी क्राइम सरवणन टी. ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में राजातालाब के चंदापुर निवासी श्यामबली, मिर्जापुर के कटरा थाना क्षेत्र के पक्कापुर निवासी राजू सोनकर, बड़ी बसही निवासी किताबुद्दीन, राजातालाब कचनार निवासी सतेंद्र कुमार, पयागपुर निवासी आनंद कुमार उपाध्याय, शिवपुर ढेलवरिया निवासी संतोष कुमार, मिर्जापुर कोतवाली के फतहा निवासी हरिराम, बिहार के भभुआ मुकेरी निवासी रामदुलार सिंह, मिर्जामुराद के रूपापुर निवासी रविशंकर, कैंट के फुलवरिया निवासी राजू कुमार और केशरीपुर निवासी अनुराग उर्फ गोलू तिवारी शामिल हैं। डीसीपी क्राइम सरवणन टी. ने बताया कि ग्रामीणों की सूचना पर एसओजी-2 ने कार्रवाई की है।
सातवीं के छात्र ने गोमती नदी में लगाई छलांग, लोगों ने बचाया
चोलापुर थाना क्षेत्र के वनस्पति गोमती पुल से बुधवार को सातवीं के छात्र ने नदी में छलांग लगा दी। घाट किनारे युवकों ने छात्र को किसी तरह बचाया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चोलापुर में प्राथमिक उपचार के बाद उसे घर भेजा गया। थाना क्षेत्र के खरदहा गांव के रहने वाले संत कुमार सिंह का बेटा रुद्र प्रताप सिंह (12) देवरिया के जीडीएस पब्लिक स्कूल का छात्र है।
सुबह घर से 6 किलोमीटर दूर नियार वनस्पति गोमती घाट के पक्के पुल पर पहुंचा। वहां तीन पुलिसकर्मियों को अपना स्कूल बैग, कपड़े थमाए और नदी में छलांग लगा दी। नियार गांव के छोटू चौबे ने छात्र को डूबता देखा तो पास में रहने वाले बबलू तिवारी को बुलाया और फिर दोनों ने नदी से छात्र को निकाला। चोलापुर इंस्पेक्टर योगेंद्र प्रसाद ने बताया कि परिजनों से बातचीत की गई है।
एडीसीपी ने लालपुर-पांडेयपुर थाने का किया निरीक्षण
एडीसीपी वरुणा नीतू कात्यायन ने बुधवार को लालपुर-पांडेयपुर थाना का निरीक्षण किया। कार्यप्रणाली, अभिलेखों, स्वच्छता और अनुशासन की समीक्षा की। महिलाओं की सुरक्षा, साइबर अपराध पर सतर्कता और पारदर्शी पुलिसिंग पर जोर दिया। प्रभारी निरीक्षक मानवी शुक्ला व महिला उप निरीक्षक आकांक्षा मिश्रा को प्रशस्ति पत्र देने की घोषणा की।
स्पा सेंटर की आड़ में चल रहा था देह व्यापार, दो महिला समेत चार गिरफ्तार
सारनाथ थाना क्षेत्र के टड़िया चाकबीही के एक अपार्टमेंट में स्पा सेंटर के नाम पर देह व्यापार का पुलिस ने बुधवार को भंडाफोड़ किया। एक युवक-युवती समेत संचालक और संचालिका को गिरफ्तार किया गया। स्पा सेंटर से आपत्तिजनक सामग्री और अन्य सामान बरामद हुए।
थानाध्यक्ष सारनाथ विवेक त्रिपाठी ने बताया कि आसपास के लोगों ने सूचना दी कि आर्यन कॉलोनी के एक अपार्टमेंट की दूसरे मंजिल पर स्पा सेंटर की आड़ में देह व्यापार हो रहा है। एसीपी सारनाथ विजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में टीम ने छापा मारा तो और देह व्यापार का खुलासा हुआ। प्रतापगढ़ निवासी रिषभ मिश्रा और आजमगढ़ निवासी गौरव कृष्ण सिंह को गिरफ्तार किया गया। महिला संचालिका और एक युवती से पूछताछ हो रही है।
नकद समेत साढ़े 7 लाख के आभूषण चोरी
रामनगर के कोदोपुर में अर्चना सेठ के मकान से 14 हजार नकद समेत आभूषण चाेरी हो गए। पीड़िता ने थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने छानबीन की है। अर्चना ने पुलिस को बताया कि सोमवार को परिवार के साथ घर के आगे वाले कमरे में टीवी देख रही थी। इस बीच चोर छत के सहारे सीढ़ी से नीचे उतरे और पीछे वाले कमरे में अलमारी से रखा स्टील का बॉक्स लेकर भाग निकले। बॉक्स में 7.50 लाख रुपये के आभूषण और 14000 नकद थे। । थानाध्यक्ष दुर्गा सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
मारपीट करने वालों के खिलाफ केस दर्ज
भेलूपुर थाना क्षेत्र के बजरडीहा में सरफुद्दीन और उसके छोटे भाई ताहिर रजा की पिटाई के मामले में तीन समेत अज्ञात पर केस दर्ज किया गया। सरफुद्दीन ने पुलिस को बताया कि 31 अगस्त की रात घर के पास कव्वाली था। ताहिर घर के दरवाजे पर खड़े होकर कव्वाली देख रहा था। इस दौरान तौफीक, आफताब, इरफान अन्य पहुंचे और भाई से शराब के पैसे मांगे। मना करने पर आरोपियों ने उसकी पिटाई कर दी। बीचबचाव करने पर मुझ पर भी हमला किया। भेलूपुर इंस्पेक्टर सुधीर कुमार त्रिपाठी ने बताया कि केस दर्ज कर जांच कर रही है।
फुटपाथ पर अतिक्रमण करने पर केस
लंका पुलिस ने फुटपाथ पर हांडी चाय की दुकान लगाकर अतिक्रमण करने के खिलाफ संजय निवासी पुरानी संकटमोचन गली के खिलाफ बुधवार को मुकदमा दर्ज किया।
कार की टक्कर से छात्रा घायल
रोहनिया के जगतपुर इंटर कॉलेज के पास बुधवार दोपहर साइकिल सवार छात्रा काजल प्रजापति को कार ने टक्कर मार दी। हादसे में घायल छात्रा को अस्पताल में भर्ती कराया गया। देउरा निवासी काजल प्रजापति जगतपुर इंटर 11वीं की छात्रा है।
किराना और गल्ले की दुकान में चोरी
बड़ागांव थाना क्षेत्र के मारूडीह (पूरबपट्टी) निवासी व्यापारी कुलदीप कुमार गुप्ता की गल्ला और किराना दुकान में चोरी हो गई। पीड़ित ने बुधवार को थाने में सूचना दी। दल्लीपुर रेलवे लाइन के पास स्थित गोदाम से मंगलवार की रात चोरों ने ताला तोड़कर 2 क्विंटल अरहर दाल, 2 बोरी चना दाल, चावल पोलाव, सरसो आदि सामान समेट लिया। व्यापारी ने पुलिस को बताया कि लगभग डेढ़ लाख रुपये का माल चोरी हुआ है। थानाध्यक्ष अतुल कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है।
गैंगस्टर में वांछित 25 हजार इनामी गिरफ्तार
गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में वांछित 25 हजार इनामी विशाल बिंद को पुलिस ने बुधवार को थाना क्षेत्र के मेहंदीगंज अंडरपास के पास से गिरफ्तार किया। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी विशाल बिंद निवासी गौर का है। थाना मिर्जामुराद व जंसा में गैंगस्टर समेत छह मुकदमे दर्ज हैं।
वृद्धा के बकाया छह लाख नहीं लौटाने पर केस
भेलूपुर थाना क्षेत्र केदार मंदिर के सामने रमेश गुप्ता के मकान में काम करने वाली सूजाबाद पड़ाव की वृद्धा मीना देवी ने रुद्र ज्वेलर्स के अभय वर्मा पर उधार के 6 लाख न देने का मुकदमा दर्ज कराया। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि अभय वर्मा ने भाई के किसी मुकदमे में फंस जाने पर 2023 में आठ लाख रुपये लिए थे। जुलाई 2024 को सिर्फ 2 लाख ही लौटाए। बाकी पैसे मांगने पर देने में आनाकानी करने लगा और केदार मंदिर के सामने दुकान बंद कर बड़ी गैबी के मकान में दुकान चलाने लगा। भेलूपुर इंस्पेक्टर सुधीर कुमार त्रिपाठी ने बताया कि केस दर्ज कर मामले की जांच कराई जा रही है।
देह व्यापार के मामले में आरोपी की जमानत मंजूर
विशेष मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट कृष्ण कुमार की अदालत ने देह व्यापार के आरोपी शशिकांत पाल की जमानत अर्जी बुधवार को मंजूर कर ली। सुंदरपुर निवासी आरोपी शशिकांत पाल को 20-20 हजार की दो जमानतें और बंधपत्र पर रिहा करने का आदेश दिया। रोहनिया थाना क्षेत्र के खुशीपुर में स्पा एंड सैलून के नाम पर देह व्यापार के मामले में एसओजी-2 ने चार युवतियों समेत संचालक, मकान मालिक समेत नौ लोगों को गिरफ्तार किया था। सुंदरपुर निवासी शशिकांत भी गिरफ्तार हुआ था। जिले जेल भेज दिया गया।
कैंट रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ को मिला 11 साल का बच्चा
रेलवे सुरक्षा बल की ओर से कैंट रेलवे स्टेशन पर प्रभारी संदीप कुमार के नेतृत्व में चलाए गए अभियान में बुधवार को प्लेटफॉर्म नंबर पांच पर 11 साल का बच्चा मिला। सहायक उप निरीक्षक धर्मेंद्र यादव, कांस्टेबल राजनंदनी ने बातचीत की तो उसने बताया कि 5 साल पहले उसकी मां का इंतकाल हो गया था। पिता उसे बार-बार पीटते थे। वह घर से नाराज होकर आ गया है। अपना नाम साकिब बताया। कहा कि उसके पिता गाजीपुर के गहमर में रहते हैं। बच्चे की सुरक्षा को देख उसे चाइल्ड लाइन को सुपुर्द किया गया।
वजूखाने के फटे कपड़े बदलने के मामले में अगली सुनवाई 17 सितंबर को
जिला जज जय प्रकाश तिवारी की अदालत में बुधवार को शृंगार गौरी और ज्ञानवापी से जुड़े सील वजूखाने के फटे कपड़े बदलने के मामले में सुनवाई हुई। इस मामले में अगली सुनवाई 17 सितंबर को होगी। पिछले तिथि पर अंजुमन इंतजामिया मसाजिद कमेटी की ओर से आपत्ति दाखिल की गई थी। पिछले दिनों कोर्ट में वाराणसी प्रशासन के तरफ से विशेष अधिवक्ता राजेश मिश्रा ने एक अर्जी दाखिल की गई।
अर्जी में कहा गया कि ज्ञानवापी के सील वजूखाने में लगे हुए कपड़े क्षतिग्रस्त हो गए है। इस क्षतिग्रस्त कपड़े को बदलना अति आवश्यक है। उधर, शृंगार गौरी प्रकरण में चोलापुर निवासी जयप्रकाश रामचंद्र राजभर के दाखिल अर्जी पर भी सुनवाई हुई। हालांकि अर्जी देकर समय मांगा गया।
रेलवे एक्ट में आरपीएफ ने नौ पर दर्ज किया केस
रेलवे सुरक्षा बल और डॉग स्क्वायड ने कैंट रेलवे स्टेशन पर चेकिंग के दौरान नौ लोगों पर अलग-अलग मामलों में केस दर्ज किया है। स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिय, प्लेटफॉर्म और टिकट घर की सघन चेकिंग की गई। टीम में शामिल लोगों ने यात्रियों से मिलकर जहर खुरान से सतर्क रहने, चेन पुलिंग न करने की अपील की। नो पार्किंग के मामले में 4 के खिलाफ रेलवे एक्ट की धारा में मामला दर्ज किया गया। 4 व्यक्ति महिला बोगी में यात्रा करते मिले, इन पर मुकदमा दर्ज किया गया। रेलवे सुरक्षा बल बाबतपुर में अवैध वेंडिंग करने के जुर्म में 1 पर कार्रवाई की गई।
तीन वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस तीन माह के लिए निलंबित
यातायात नियमों में लापरवाही बरतने पर तीन वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस तीन माह के लिए निलंबित किए गए हैं। संभागीय परिवहन अधिकारी प्रशासन मनोज वर्मा ने कार्रवाई की है। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने बताया कि सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए कठोर कदम उठाया गया है। भविष्य में भी नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर कार्रवाई की जाएगी। वाहन चालकों से अपील है कि वह यातायात नियमों का पालन करें और सड़क सुरक्षा में सहयोग दें।
किशोरी लापता, अपहरण का मुकदमा दर्ज
लोहता थाना क्षेत्र के एक गांव से मंगलवार दोपहर दो बजे किशोरी को एक युवक बहला फुसलाकर अगवा कर लिया। बुधवार को मुकदमा दर्ज किया गया। किशोरी के पिता ने राजातालाब थाना क्षेत्र के चंदापुर गांव के अनुज व घुरहू निवासी सिंहवी के खिलाफ शिकायत की थी।
नाबालिग मिली, बाल अपचारी पकड़ाया
कोतवाली पुलिस ने किशोरी को अगवा करने के मामले में बाल अपचारी को पकड़ा है। साथ ही किशोरी को बरामद किया। इंस्पेक्टर कोतवाली दया शंकर सिंह ने बताया कि कतुआपुरा निवासी किशोरी को घर से अगवा करने के मामले में वाराणसी सिटी स्टेशन के पास से बाल अपचारी को पकड़ा गया। 30 अगस्त को किशोरी के परिजनों ने केस दर्ज कराया था।
न्यायालय कर्मचारी संघ के उपाध्यक्ष बने मनीष
अखिल भारतीय अधीनस्थ न्यायालय कर्मचारी संघ उत्तर प्रदेश के उपाध्यक्ष पद पर मनीष कुमार त्रिपाठी को नियुक्त किया गया। संघ उत्तर प्रदेश के राष्ट्रीय अध्यक्ष विपिन कुमार ने विज्ञप्ति जारी कर यह जानकारी दी। विशेष न्यायाधीश गैंगस्टर एक्ट कोर्ट के मनीष कुमार त्रिपाठी की नियुक्ति पर वाराणसी के कोर्ट ने बधाई दी है।
सिगरा स्टेडियम में होगा मंडलीय बास्केटबॉल टीम का चयन
खेल विभाग और यूपी बास्केटबाॅल संघ के समन्वय से प्रदेश स्तरीय सब जूनियर बास्केटबाॅल 17 से 20 सितंबर तक प्रतापगढ़ में खेली जाएगी। इसमें वाराणसी मंडल के बास्केटबाॅल खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। टीम का चयन ट्रायल सिगरा के डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम होगा।
क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी विमला सिंह ने बताया जिला टीम का चयन ट्रायल 12 सितंबर और मंडलीय टीम का चयन ट्रायल 13 सितंबर को होगा। चयन ट्रायल में भाग लेने वाले खिलाड़ी को पात्रता प्रमाण-पत्र के तहत आधार कार्ड, हाई स्कूल अंकपत्र की छाया प्रति और फोटो जमा कराना होगा। सब जूनियर बालक बास्केटबाॅल खिलाड़ियों की जन्म तिथि 1 जनवरी 2012 के बाद की होनी चाहिए।
प्रो. पितांबर दास बने चिकित्सा विज्ञान संकाय के अध्यक्ष
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में दर्शनशास्त्र विभाग के प्रो. पितांबर दास को चिकित्सा विज्ञान संकाय का संकायाध्यक्ष बनाया गया है। कुलसचिव डॉ. सुनीता पांडेय ने बताया कि प्रो. पितांबर का कार्यकाल कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से तीन साल अथवा अगले आदेश, जो भी पहले हो, तक रहेगा। विश्वविद्यालय की ओर से इसका आदेश भी जारी कर दिया गया है।
काशी विद्यापीठ के शिक्षाशास्त्र विभाग में आज से इंडक्शन प्रोग्राम
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के शिक्षाशास्त्र विभाग में बीएड सत्र 2025-27 में प्रवेश की प्रक्रिया बुधवार को पूरी हो गई है। अब बृहस्पतिवार यानी 4 सितंबर से इंडक्शन प्रोग्राम शुरू होगा। विभागाध्यक्ष प्रो. सुरेंद्र राम ने बताया कि नवप्रवेशित बीएड प्रशिक्षुओं के लिए दिनांक 4 से 13 सितंबर तक 8 दिवसीय प्रबोधन कार्यक्रम (इंडक्शन प्रोग्राम) होगा। कार्यक्रम में विभाग के आचार्यों के साथ ही पुरातन विद्यार्थियों की ओर से विभाग के विजन, मिशन और उद्देश्यों की जानकारी दी जाएगी।
काशी दिव्यांग रुद्रास को हराकर मेरठ दिव्यांग टीम फाइनल में पहुंची
उप्र दिव्यांग क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वावधान में दिव्यांग यूपी टी-20 लीग में बुधवार को दो मुकाबले खेले गए। पहले मैच में मेरठ दिव्यांग किंग्स ने काशी दिव्यांग रुद्रास को सात विकेट से हराया। वहीं दूसरे में मैच मेरठ दिव्यांग किंग्स, कानपुर दिव्यांग वॉरियर्स को सुपर ओवर में हराकर फाइनल में पहुंची।
आर्यनगर के द स्पोर्ट्स हब (टीएसएच) में खेले गए पहले मैच में काशी दिव्यांग रुद्रास ने 16 ओवर में आठ विकेट पर 86 रन बनाए। टीम के अंकित गौतम ने 21 और सुरेंद्र ने 18 रन की पारी खेली। गेंदबाजी में शिवाशंकरा ने तीन, पवन कुमार ने दो और चिंटू, बीएस बघेल और वी यादव ने एक-एक विकेट लिया। लक्ष्य का पीछा करते हुए मेरठ दिव्यांग किंग्स ने 12.1 ओवर में तीन विकेट पर 89 रन बनाकर मैच जीत लिया।
रोहनिया विधायक ने ट्रांसफाॅर्मर का किया शुभारंभ
आराजीलाइन विकासखंड क्षेत्र के काशीपुर स्थित विद्युत उपकेंद्र पर बुधवार को भाजपा से राेहनिया विधायक डॉ. सुनील पटेल ने 10 एमवीए ट्रांसफाॅर्मर का शुभारंभ किया। 50 लाख रुपये की लागत से उपकेंद्र की क्षमता वृद्धि की गई। रोहनिया विधायक ने कहा कि काशीपुर विद्युत उपकेंद्र पर पूर्व में 5 एमवीए क्षमता की ट्रांसफाॅर्मर लगा हुआ था।
क्षेत्र में बढ़ती हुई बिजली की लोड को देखते हुए क्षमता वृद्धि के लिए 10 एमबीए क्षमता की ट्रांसफॉर्मर स्थापित किया गया है। इस उपकेंद्र से जुड़े काशीपुर, देल्हना, पंडितपुर, भदरासी, रामपुर, रमसीपुर, जगरदेवपुर, बैरवन, देउरा, निदुउरा, घमहापुर, भदवर क्षेत्र के कुल 20 गांव के विद्युत उपभोक्ता लाभान्वित होंगे।
आचार-मुरब्बा बनाना का आज दिया जाएगा प्रशिक्षण
मुख्यमंत्री खाद्य प्रसंस्करण ग्राम स्वरोजगार योजना के तहत दो दिवसीय प्रशिक्षण बृहस्पतिवार से शुरू होगा। राजकीय फल संरक्षण केंद्र बीएचयू के प्रभारी रत्नेश चंद्र अग्रवाल ने बताया कि प्रशिक्षण चिरईगांव ब्लाॅक के न्याय पंचायत जाल्हूपुर में सुबह 11 बजे से शुरू होगा। 30 युवाओं को आचार, मुरब्बा बनाने के अलावा आटा चक्की, तेल मसाला व बेकरी आदि के उद्योग लगाने के तरीके और अनुदान आदि के बारे में बताया जाएगा।
सतीश की हैट्रिक से राजर्षि क्लब को मिली जीत
राजर्षि उदय प्रताप सिंह जूदेव की जयंती पर बुधवार को यूपी कॉलेज मैदान पर सेवेन ए साई हॉकी राजर्षि क्लब और यूपी कॉलेज के बीच खेला गया। फाॅर्वर्ड खिलाड़ी सतीश नारायण सिंह की हैट्रिक की मदद से राजर्षि क्लब ने यूपी कॉलेज की टीम को 5-3 से हरा दिया। खेल के 8वें मिनट में मिडफिल्डर गौरव रघुवंशी के पास पर फाॅर्वर्ड खिलाड़ी सतीश ने गोल कर टीम को बढ़त दिलाई। इसके 10 मिनट बाद सतीश ने दूसरा गोल किया।
इसके बाद पलटवार करते हुए यूपी कॉलेज के मंगल और प्रवीण ने दूसरे हाफ में गोल कर टीम का स्कोर बराबर किया। इसके बाद बहादुर ने गोल कर टीम का स्कोर 3-2 कर दिया। इसके बाद राजर्षि क्लब के सतीश, गौरव रघुवंशी और अभिनव राय ने गोल कर स्कोर 5-3 कर टीम को जीत दिलाई। निर्णायक की भूमिका शशिकांत सिंह, सुशील राज ने निभाई। प्रतियोगिता का उद्घाटन इंटर कॉलेज के प्राचार्य डॉ. रमेश प्रताप सिंह ने खिलाड़ियों से हाथ मिलाकर किया।
राधा जन्मोत्सव पर डांडिया नृत्य से की आराधना
मारवाड़ी महिला संगठन और राधा कृपा परिवार की ओर से बुधवार को लक्सा स्थित मारवाड़ी समाज भवन में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ राधा जन्मोत्सव मनाया गया। रंग-बिरंगे फूलों से सजे झूले में लड्डू गोपाल की झांकी सजाई गई।
महिलाओं ने मंगलाचरण व श्रीराधानाम संकीर्तन के साथ राधा जन्मोत्सव की शुरुआत की। भगवान श्रीकृष्ण और राधा के जीवन दर्शन पर झांकी सजाई। विविध नैवेद्य भोग लगाकर श्रीराधा-कृष्ण की आरती उतारी। प्रसाद का वितरण हुआ। डांडिया नृत्य से उनकी आराधना की।
संगठन की अध्यक्ष कविता भालोटिया ने कहा कि राधा कृपा परिवार संस्था अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 65 वर्षों से सेवाभाव, सत्संग, आत्मिक उद्धार का प्रचार कर रही है। इसकी संस्थापिका मां बृजदेवी वृंदावन में प्रचार कर रही हैं। पूजन में प्रदीप तुलस्यान, मनोज जाजोदिया, अनूप सराफ, सुरेश तुलस्यान, अजय यादुका, अशोक अग्रवाल, श्रद्धा अग्रवाल, रेनू डीडवानिया, सुमन मित्तल, अंजू डोलिया आदि रहीं।
पिंडरा में 47 वर्षीय महिला में डेंगू की पुष्टि
जिले में डेंगू संक्रमण का खतरा कम होने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार को दो युवकों में डेंगू की पुष्टि होने के बाद बुधवार को पिंडरा में 47 वर्षीय महिला की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। जिला मलेरिया अधिकारी एससी पांडेय ने बताया कि महिला को बुखार, जोड़ों में दर्द था, जिस पर अस्पताल जाने पर डॉक्टर ने जांच करवाने की सलाह दी। फिलहाल महिला स्वस्थ है। उसके घर के आसपास साफ-सफाई करवाने के साथ ही परिजनों और पड़ोसियों की बुखार की जांच की गई।
बीएचयू की संस्कृत प्रतियोगिता में युवाओं का सम्मान
बीएचयू के कला संकाय के संस्कृत विभाग में दो दिन की संस्कृ़त प्रतियोगिता शुरू हुई। ज्ञान पुंज प्रभादर्शकं संस्कृतम् शीर्षक पर सभी संबद्ध कॉलेजों और संकायों के 35 से ज्यादा स्नातक, परा स्नातक और शोधार्थियों ने हिस्सेदारी की। इस प्रतियोगिता में पहले स्थान भास्कर प्रसाद त्रिपाठी, दूसरे पर विपिन पांडेय, तीसरा पुरस्कार विशाल पांडेय और राजेंद्र कुमार पाठी को मिला।
प्रोत्साहन पुरस्कार आयुष कुमार उपाध्याय, अंकिता और हरिप्रिया अनन्त कुलकर्णी को मिला। दूसरे सत्र में 30 से ज्यादा प्रतिभागी रहे। पहला स्थान मानवेंद्र सिंह, दूसरा राजसी भट्टाचार्य, तीसरा प्रियंगम झा और प्रोत्साहन पुरस्कार प्रीतम पांडेय व प्राजकता को प्राप्त हुआ।
तिब्बती भाषा से संस्कृत का अटूट संबंध
सारनाथ स्थित केंद्रीय उच्च तिब्बती शिक्षा संस्थान में आयोजित गोष्ठी में वक्ताओं ने संस्कृत भाषा और तिब्बती के संबंधों पर चर्चा की। इस दौरान प्रो. लोब्संग तेन्जिन ने कहा कि तिब्बती भाषा से संस्कृत का अटूट संबंध है। तिब्बती साहित्य का मूल संस्कृत साहित्य माना जाता है। संस्कृत व्याकरण के धातु, प्रत्यय, उपसर्ग आदि का अनुवाद प्राचीन काल में किया गया।
संस्कृत विभाग द्वारा आयोजित संस्कृत सप्ताह समारोह में प्रो. तेन्जिन ने कहा कि छात्र केवल परीक्षार्थी ना बनें बल्कि विद्या-रत्न बनें। तिब्बत में कलाप व्याकरण के माध्यम से करीब सातवीं सदी से लेकर संस्कृत पढ़ाई जाती थी। अतिथियों का स्वागत डॉ. दावा शेरपा, संचालन डॉ. शैलेश पाठक और धन्यवाद ज्ञापन डॉ. सुजाता पटेल ने किया।
दिन में तीखी धूप और रात में बूंदाबांदी ने गिराया पारा
बनारस में बारिश के बाद की तीखी धूप असहाय हो गई है। तापमान भले ही 33 डिग्री तक गया हो लेकिन नम जमीन पर पड़ रही सूरज की किरणों का ताप ज्यादा खतरनाक है। हालांकि बुधवार रात में बूंदाबांदी ने पारा को लुढ़का दिया। रात 10 बजे तक तापमान 28 डिग्री तक आ गया। जबकि बुधवार दोपहर के दो बजे तक तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस चला गया था।
रात में न्यूनतम तापमान 25.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, भोर में 15 मिमी बारिश भी हुई। जिले में इस मानसून सीजन में 873.3 मिमी बारिश हो चुकी है। यह औसत से 35 फीसदी ज्यादा है। मौसम विज्ञान विभाग की ओर से बनारस में अगले 3-4 दिनों तक बारिश का कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है, लेकिन पूर्वानुमान जताया गया है। अगले 9 सितंबर तक गरज और चमक के साथ बारिश की संभावना बनी हुई है।
बरनी उपकेंद्र से आज सात घंटे गुल रहेगी बिजली
बिजली की बेहतर आपूर्ति के लिए निर्माण कार्य कराए जा रहे हैं। इसको लेकर 4 सितंबर को 33/11केवी उपकेंद्र बरनी पर पैनल बदलने का काम करवाया जाएगा। अधिशासी अभियंता मनीष झा ने बताया कि इस वजह से बृहस्पतिवार को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी।
काशीपुर बिजली उपकेंद्र पर लगा 10 एमवीए का ट्रांसफार्मर, सुधरेगी आपूर्ति
आराजी लाइन विकासखंड क्षेत्र के काशीपुर स्थित 33/11के वी विद्युत उपकेंद्र पर बुधवार को 10एमवीए का ट्रांसफॉर्मर लगाया गया। रोहनिया विधायक डाॅ. सुनील पटेल ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजन करवाकर 50 लाख रुपये की लागत से ट्रांसफॉर्मर का शुभारंभ किया। विधायक ने बताया कि काशीपुर विद्युत उपकेंद्र पर पूर्व मे 5 एमवीए क्षमता का ट्रांसफार्मर लगा हुआ था।
अब 10 एमवीए का लगने से काशीपुर उपकेंद्र से जुड़े काशीपुर,देल्हना, पंडितपुर ,भदरासी, रामपुर, रमसीपुर, जगरदेवपुर, बैरवन, करनाडाड़ी, देउरा, निदुउरा,घमहापुर, भदवर सहित क्षेत्र के कुल 20 गांव के विद्युत उपभोक्ताओं को बेहतर आपूर्ति मिलेगी। अधिशासी अभियंता मनीष झा ने बताया कि यह कार्य आधुनिकरण योजना के तहत किया गया है। इस दौरान अवर अभियंता नारायण सिंह, सीनियर इंजीनियर प्रवीण कुमार सिंह, राकेश पटेल,राजेश कुमार यादव आदि लोग मौजूद रहे।