Varanasi News Today: वाराणसी में हादसे...दो लोगों की मौत, सेवानिवृत्त फौजी के घर लाखों की चोरी; पढ़ें खबरें
Varanasi News: वाराणसी में विभिन्न हादसों में दो लोगों ने अपनी जान गंवा दी। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, मिर्जामुराद थाना क्षेत्र में सेवानिवृत्त फौजी के मकान को चोरों ने खंगाल डाला। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
विस्तार
Varanasi News in Hindi: भेलूपुर थाना क्षेत्र के जवाहर नगर कश्मीरीगंज मोहल्ले की साधना सिंह (35) की छत से गिरकर मौत हो गई। साधना छत पर कपड़े सुखाने गई थी। अचानक से चक्कर आने पर छत से नीचे गिर गईं। इलाज के लिए उन्हें बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया, लेकिन उनकी मौत हो गई। पति मनोज चौहान ने पुलिस को जानकारी दी। भेलूपुर पुलिस मौके पर पहुंची और पूछताछ के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया। थाना प्रभारी सुधीर कुमार त्रिपाठी ने बताया पति मजदूरी करता है। तीन बच्चे हैं। शव का पोस्टमार्टम करवा दिया गया है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
सड़क हादसे में घायल अज्ञात युवक की मौत
रोहनिया थाना क्षेत्र के जगतपुर इंटर कॉलेज के पास 12 नवंबर को सड़क दुर्घटना में घायल अज्ञात युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। थाना प्रभारी राजू सिंह ने बताया कि पहचान के लिए शव को कबीरचौरा अस्पताल में रखवाया गया है। आसपास के थानों में फोटो भेजकर पहचान की कोशिश की जा रही है।
आपस में टकराई बाइक, तीन घायल
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के बंगला चट्टी के पास हाईवे से सटे सर्विस लेन पर शनिवार देर शाम दो बाइक में आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में संजय पटेल और सूरज पटेल, निवासी जगतपुर घायल हुए। विपरीत दिशा से आ रहे कल्लीपुर मिर्जामुराद निवासी मनोज राजभर को भी गंभीर चोट आई है। थाना प्रभारी प्रमोद पांडेय ने बताया कि घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया है। परिजनों को सूचित कर दिया गया है।
हत्या व लूट में दोषी दो को आजीवन कारावास
शिवपुर में दर्ज हत्या और लूट के मामले में अदालत ने दो आरोपियों विजय विश्वकर्मा उर्फ लालू, निवासी लल्लापुरा, थाना सिगरा और सोहित केवट निवासी नारायणपुर समस्तीपुर बिहार को कोर्ट ने आजीवन कारावास की सजा सुनाई। 2021 में पटेल नगर कॉलोनी छतरीपुर शिवपुर मनीष की गणेशपुर रेलवे क्रॉसिंग के पास हत्या कर शव फेंक दिया गया था।
मृतक के पिता ओमप्रकाश ने शिवपुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। मनीष के मोबाइल पर किसी विजय का फोन आया। इसके बाद मनीष कार लेकर घर से निकला था। अगले दिन उसकी लाश मिली थी। मोबाइल कॉल डिटेल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोनों अभियुक्तों की शिनाख्त हुई थी।
साड़ी कारोबारियों के साथ धोखाधड़ी के मामले में गठित हुई एसआईटी
साड़ी कारोबारियों का माल लेकर भुगतान हड़पने समेत अन्य अपराध के मामलों के लिए कमिश्नरेट में एसआईटी का गठन किया गया है। डीसीपी क्राइम सरवणन टी. की अध्यक्षता में एसआईटी रोज दोपहर एक से दो बजे तक व्यापारियों की शिकायत पर सुनवाई करेगी।
व्यापारियों की सुविधा के लिए पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने सिंगल विंडो सिस्टम की शुरुआत की है। शनिवार को कैंप कार्यालय में बैठक में पुलिस आयुक्त ने बताया कि एसआईटी के अध्यक्ष डीसीपी क्राइम सरवणन टी., एडीसीपी प्रोटोकॉल, एसीपी क्राइम, प्रभारी विवेचना सेल को सदस्य नामित गया है।
एसआईटी अभिलेखीय या साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार मुकदमा दर्ज करने के निर्देश देगी। जिन प्रकरणों में द्वितीय पक्ष को सुनने की आवश्यकता महसूस होगी, उन्हें एक-एक हफ्ते के अंतराल में 2 नोटिस जारी किया जाएगा। जिन मामलों में एफआईआर दर्ज की जाएगी, उसकी विवेचना क्राइम ब्रांच करेगी।
पुलिस उपायुक्त अपराध, क्राइम ब्रांच में नियुक्त किसी निरीक्षक, उपनिरीक्षक को विवेचक नियुक्त करेंगे। धोखाधड़ी या अपराध में कोई गिरोह बनाकर व्यापारियों के साथ अपराध किया तो उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई की जाएगी। अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोली जाएगी। अपर पुलिस आयुक्त, अपराध हर 15 दिन में समीक्षा करेंगे।
सेवानिवृत्त फौजी के घर तीन लाख की नकदी, 15 लाख के आभूषण चोरी
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के भिखारीपुर गांव में शनिवार दोपहर सेवानिवृत्त फौजी ज्ञान प्रकाश यादव के मकान को चोरों ने खंगाल डाला। घर से तीन लाख नकदी समेत 15 लाख के आभूषण चोरी कर लिए। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि मामले जांच की जा रही है। प्रथमदृष्टया मामला संदिग्ध लग रहा है। मौके पर एसीपी राजातालाब अजय कुमार श्रीवास्तव और थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय पहुंचे थे। डॉग स्क्वायड व फोरेंसिक टीम बुलाकर साक्ष्य संकलन किया है।
309 कैदियों की सेहत की हुई जांच
रोटरी एवं इनरव्हील क्लब ग्रेटर की ओर से सेंट्रल जेल अधीक्षक राधा कृष्ण मिश्रा के मुख्य आतिथ्य में मेडिकल कैंप लगा। 309 कैदियों की सेहत की जांच हुई। डॉ. रजत सिंह और डॉ. हिमांशु त्रिवेदी की टीम ने शुगर, हड्डियों, हार्ट, आंखों की जांच की और दवाएं दी। इस दौरान हारमोनियम और स्वेटर का भी वितरण हुआ। इस मौके पर जेल के एमएस डॉ. अभिषेक, क्लब के अध्यक्ष संदीप प्रहलादका, रवि सारडा, संगीता अग्रवाल, उदय राजगढ़िया, भावना कालरा आदि रहीं।
बीज बिक्री केंद्रों से लिए 23 नमूने, 1 को नोटिस
कृषि विभाग ने शनिवार को जिले में 32 बीज बिक्री केंद्रों का निरीक्षण किया। बीज निरीक्षक और अन्य विभाग के अधिकारियों की टीम ने बीज की गुणवत्ता की जांच के लिए 23 नमूने लेकर प्रयोगशाला में भेजे। जिला कृषि अधिकारी संगम सिंह मौर्य ने बताया कि निरीक्षण के दौरान दानगंज के केंद्र बंद होने पर नोटिस दिया गया। बताया कि किसान किसी भी केंद्र से बीज खरीदें तो उसका बिल जरूर लें। टीम में उप कृषि निदेशक अमित जायसवाल, जिला उद्यान अधिकारी सुभाष कुमार, वरिष्ठ प्राविधिक सहायक ग्रुप-1 रोहित कुमार सिंह, निरूपमा सिंह रहे।
संपूर्ण समाधान : बहू की प्रताड़ना से परेशान तो किसी ने जमीन के लिए लगाई गुहार
राजातालाब तहसील में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस पर फरियादियों ने उप जिलाधिकारी राजातालाब शांतनु कुमार सिनसिनवार से न्याय की गुहार लगाई। मोहनसराय निवासी ने प्रार्थना पत्र में बहू पर प्रताड़ना और मारपीट करने का आरोप लगाया। दीपापुर के ऋषभ शर्मा ने भूमाफियाओं पर जमीन कब्जा करने का आरोप लगाया।
इसी गांव की सावित्री देवी ने अरविंद व अवनीश पर धमकाने का आरोप लगाया। कहा कि पिछले दिनों मारपीट में दर्ज मुकदमे से दोनों नाराज हैं। दफ्फलपुर निवासी मोहन ने कहा कि उनके हिस्से की जमीन पर कुछ लोगों ने अतिक्रमण कर लिया है। जफराबाद की प्रेमलता ने सप्लाई इंस्पेक्टर पर रिपोर्ट नहीं लगाने का आरोप लगाया। उपजिलाधिकारी ने मामलों को सुना और जांच कर निस्तारित करने का निर्देश दिया।
डीएम के सामने आए 152 प्रार्थना पत्र, एक का भी मौके पर निस्तारण नहीं
सदर तहसील में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस पर जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। समाधान दिवस में कुल 152 प्रार्थना पत्र मिले, जिनमें से एक भी मामले का मौके पर निस्तारण नहीं हो सका।
डीएम ने अधिकारियों को शिकायतों का त्वरित, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण का निर्देश दिया। कहा कि शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही, उदासीनता और टालमटोल रवैया बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। राजस्व, पुलिस और अन्य विभागीय अधिकारियों को जमीनी स्तर जांच करने, रिपोर्ट तैयार कर फीडबैक देने को कहा। अवैध कब्जे और अन्य राजस्व संबंधी मामलों को प्राथमिकता से निस्तारित करने का निर्देश दिया।
डीआरएम से ट्रेन के गार्डों ने बताई समस्याएं, मिला आश्वासन
ट्रेन के गार्डों ने पूर्वोत्तर रेलवे के डीआरएम आशीष जैन से मुलाकात कर कामकाज में असुविधा के साथ ही वेतन विसंगति सहित कई समस्याओं को उठाया। ऑल इंडिया गार्ड काउंसिल के जोन सचिव एन रहमान के नेतृत्व में गार्डों ने पुर्ननियोजन, डयूटी के दौरान बॉक्स दिए जाने सहित कई मांग रखी। डीआरएम ने जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया। 12 नवंबर को डीआरएम ऑफिस लहरतारा पर प्रदर्शन कर गार्डों ने मांगों को उठाया था।
डीआरएम से गार्डों ने बताया कि हर महीने टेल लैंप और एचएस लैंप को मिलाकर 24 बैट्री खर्च होती है। इसमें 800 रुपये बैट्री भत्ता दिया जाना चाहिए। सेवानिवृत्त लोगों को दोबारा भर्ती करने की मांग भी रखी गई। साथ ही गार्डों ने आगरा जाने वाली वंदेभारत को कानपुर तक ले जाने, पहले की तरह ट्रेन में गार्ड का बॉक्स शुरू करने की मांग की गई। एन रहमान, आरके वर्मा, संजीव शेखर, पीके यादव ने बताया कि डीआरएम ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
लहरतारा पुल के नीचे से हटाई गईं मीट की दुकानें
लहरतारा पुल के नीचे शनिवार को नगर निगम की टीम ने अवैध मीट की दुकानों पर कार्रवाई की। यहां मंदिर के सामने मीट की खुलेआम बिक्री कर रहे थे। बाहर सड़क पर मीट लटकाकर खुले में बेच रहे थे। नगर निगम में कई बार शिकायतें की गईं, लेकिन कार्रवाई नहीं हो रही थी। पिछले दिनों मेयर अशोक तिवारी ने नगर निगम के सीवीओ को बैठक से बाहर कर दिया था। कहा था कि आपको शहर में खुले में बिक रहा मीट नहीं दिखाई देता है। इसके बाद ही पशु विभाग ने कार्रवाई शुरू की। शनिवार को इन सभी दुकानों को ध्वस्त कर दिया गया।
अस्सी घाट पर 4500 वर्गफीट पर नगर निगम ने लिया कब्जा
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल के निर्देश पर अतिक्रमण टीम ने अस्सी घाट पर कब्जे के खिलाफ कार्रवाई की। अस्सी घाट पर करीब 4500 वर्गफीट जमीन जिसकी कीमत 6.50 करोड़ बताई जा रही है। उसे अपने कब्जे में ले लिया। कई लोग यहां कब्जा कर दुकानें चला रहे थे।
धीमी गति से हो रहा मिनी स्टेडियम का काम
वीडीए वीसी पूर्ण बोरा ने शनिवार को शिवपुर में बन रहे मिनी स्टेडियम का निरीक्षण किया। वीडीए वीसी को निरीक्षण में काम धीमी गति से होता हुआ मिला। उन्होंने कहा कि काम में तेजी लाएं और अगले साल मानसून सत्र से पहले हर हाल में पूरा करें। उन्होंने बताया कि यहां फुटबॉल, हॉकी प्लेफील्ड, वॉलीबॉल कोर्ट, इनडोर गेम हॉल एवं चेंजिंग रूम, योगा पवेलियन, ओपन जिम, क्रिकेट प्रैक्टिस नेट्स, 3 मीटर चौड़ा पक्का और कच्चा वॉकिंग ट्रैक, बच्चों का खेल क्षेत्र एवं वरिष्ठ नागरिक क्षेत्र, सिटिंग पवेलियन, कैंटीन की सुविधाएं रहेंगी। वहीं, वीडीए वीसी ने उंदी ताल में प्रस्तावित विकास कार्यों का भी निरीक्षण किया।
अस्सी घाट पर 4500 वर्गफीट पर नगर निगम ने लिया कब्जा
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल के निर्देश पर अतिक्रमण टीम ने अस्सी घाट पर कब्जे के खिलाफ कार्रवाई की। अस्सी घाट पर करीब 4500 वर्गफीट जमीन जिसकी कीमत 6.50 करोड़ बताई जा रही है। उसे अपने कब्जे में ले लिया। कई लोग यहां कब्जा कर दुकानें चला रहे थे।
ज्ञानवापी मामले की सुनवाई अब 19 नवंबर को
जिला जज संजीव शुक्ला की अदालत में शनिवार को ज्ञानवापी से संबंधित पुराने वाद के ट्रांसफर और पुनर्विचार याचिका पर सुनवाई हुई। अदालत ने अंजुमन इंतेजामिया मसाजिद कमेटी को आपत्ति दाखिल करने के लिए समय दिया। अब इस मामले की सुनवाई 19 नवंबर को होगी।
मारपीट के मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार
कपसेठी थाना पुलिस ने मारपीट के मामले में वांछित तीन आरोपियों राजकुमार चौहान (44), प्रदुम चौहान (20) और शिवम चौहान (19) को शनिवार को कपसेठी रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार किया। थाना प्रभारी सधुवन राम गौतम ने बताया कि आरोपी और वादी भाई हैं। खेत की मेड़ काटने को लेकर विवाद हो गया था। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने मिलकर मारपीट की थी।
दर्शन कर लौट रहे युवक की जेब से 30 हजार निकाले
संकट मोचन मंदिर से दर्शन कर लौट रहे मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के निवासी मुकेश कुमार भारती की जेब से किसी ने 30 हजार रुपये निकाल लिए। मुकेश ने बताया कि शनिवार को संकट मोचन मंदिर में दर्शन कर दुर्गाकुंड की ओर पैदल जा रहे थे। भीड़ का फायदा उठाकर किसी ने रुपये निकाल लिए। पुलिस को सूचना दी। थाना प्रभारी सुधीर त्रिपाठी ने बताया कि मामले में कार्रवाई की जा रही है।
मानक के अनुसार काम नहीं होने पर 10 लाख का जुर्माना
मेयर अशोक तिवारी ने शनिवार को सिगरा तिलक मूर्ति से नगर निगम भवन होते हुए भारत सेवाश्रम संघ तक हो रहे सीएम ग्रिड के कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान मानक के अनुसार काम होता हुआ नहीं मिला। कार्यदायी संस्था पर 10 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।
मेयर के निरीक्षण में अलग-अलग कई जगहों पर खामियां मिली। मेयर ने बताया कि मेसर्स अजय बिल्डर्स पर कार्रवाई की गई है। कार्य के निरीक्षण में लापरवाही बरतने पर क्षेत्रीय अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता और अवर अभियंता से स्पष्टीकरण मांगा गया है। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने मुख्य अभियंता आरके सिंह को निर्देश दिए कि कार्य मानक के अनुरूप समय से पूर्ण कराया जाए। सीएम ग्रिड योजना के कार्यों में कोई लापरवाही न बरती जाए।
दुकान से घर लौट रहे युवक पर रॉड से हमला, केस
बड़ागांव के ग्राम निबाह में शनिवार सुबह दुकान से घर लौट रहे राज यादव पर दो लोगों ने रॉड से हमला कर घायल कर दिया। पीड़ित के पिता ने थाने में केस दर्ज कराया। लालबहादुर यादव ने बताया कि उनका बेटा राजा शनिवार सुबह करीब 11 बजे दुकान से सामान लेकर घर लौट रहा था। गांव के ही किशन यादव और पंधारी यादव ने रास्ते में रोककर रॉड से हमला कर दिया। थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।
सुबह 11 बजे काशी पहुंचे सीएम योगी
शनिवार सुबह 11:05 बजे उप्र के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचे। यहां से वह हेलिकॉप्टर से सोनभद्र के लिए रवाना हो गए। दोपहर करीब सवा तीन बजे मुख्यमंत्री वापस बाबतपुर पहुंचे और साढ़े तीन बजे लखनऊ के लिए रवाना हो गए।
फार्मर रजिस्ट्री में सचिव व एडीओ की होगी जवाबदेही
बीडीओ राजेश यादव ने बताया कि विकास खंड में तैनात 11 ग्राम सचिवों को को प्रतिदिन आवंटित प्रति ग्राम पंचायतों में 10-10 फार्मर रजिस्ट्री करने का निर्देश जारी किया गया है। साथ ही विकास खंड मुख्यालय पर तैनात छह एडीओ (सहायक विकास अधिकारी) को भी ग्राम पंचायतों का आवंटन कर फार्मर रजिस्ट्री करने की जिम्मेदारी दी गई है। उन्होंने बताया कि डोर टू डोर जाकर किसानों से संपर्क कर फार्मर रजिस्ट्री करने को कहा गया है। बीडीओ ने बताया कि रोजाना ब्लॉक मुख्यालय पर बैठक कर काम की रिपोर्ट ली जा रही है।
आठ सूत्रीय मांगों को लेकर लेखपालों ने दिया धरना
संपूर्ण समाधान दिवस पर राजातालाब तहसील में लेखपालों ने धरना दिया। जिला अध्यक्ष मानसिंह के नेतृत्व में वेतन वृद्धि, लंबित मांगों के निराकरण, भत्ते में वृद्धि समेत अन्य मांगों को लेकर आवाज उठाई। कहा कि अगर बात नहीं सुनी गई तो विधायक सांसद और मंत्री के आवास पर धरना प्रदर्शन करेंगे। धरने में राजेश मौर्य, मंत्री अरविंद मौर्य, सुधीर त्रिपाठी, सुनील कुमार, अरविंद कुमार मौर्य, हर्ष चौधरी, नित्यानंद रहे।
पिंडरा तहसील में लेखपाल पद की शैक्षिक योग्यता और पदनाम में परिवर्तन, प्रारंभिक वेतनमान का उच्चीकरण, एसीपी विसंगतियों का निराकरण, मृतक आश्रित लेखपालों की पुरानी पेंशन संबंधी विसंगतियां दूर करने समेत अन्य मांगों को लेकर धरना दिया। एसडीएम को मुख्यमंत्री को संबोधित पत्रक सौंपा। मांग नहीं पूरा होने पर कार्य बहिष्कार की बात कही। लेखपाल संघ के अध्यक्ष राजेश कुमार, संतोष कुमार सिंह, अजीत कुमार श्रीवास्तव, कपीश तिवारी, प्रवीण कांत आर्य, संतोष कुमार उपाध्याय रहे।
पिटाई कर 1500 लूट मामले में दो नामजद और अज्ञात पर केस दर्ज
भेलूपुर थाना क्षेत्र के शिवरतनपुर बजरडीहा में शुभम केशरी की पिटाई कर 1500 रुपये की लूट के मामले में आरोपी विजेंद्र पाल उर्फ भट्टन, गप्पू बिंद समेत अज्ञात पर केस दर्ज किया गया। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि 13 नवंबर की शाम 4.35 बजे घर लौट रहा था। आरोपियों ने उसे रोका और ईंट, सरिया से हमला कर जेब में रखे 1500 रुपये लूट लिए। वाहन भी क्षतिग्रस्त कर दिया। इंस्पेक्टर सुधीर कुमार त्रिपाठी ने बताया कि केस दर्ज किया गया है।
भैंस चराने के विवाद में मारपीट, तीन पर केस दर्ज
बड़ागांव थाना क्षेत्र के सालिबाहनपुर गांव में शुक्रवार को भैंस चराने के विवाद में रमेश चंद्र की पिटाई कर दी गई। पीड़ित ने दो महिला समेत तीन के खिलाफ केस दर्ज कराया। पीड़ित रमेशचंद्र बिंद ने पुलिस को बताया कि खेत में घास काट रहे थे। उसी दौरान भैंस आ गया, उसे भगाने पर पड़ोस की महिलाएं चमेला और प्रमिला ने गालीगलौज शुरू कर दी। महिलाओं के उकसाने पर उनके जानने वाले पिंटू सिंह ने लाठी-डंडे से हमला कर दिया। थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि केस दर्ज किया गया है।
घर से बुलाकर पीटा, दो की हालत गंभीर
चोलापुर थाना क्षेत्र के बलुआ निवासी शुभम सिंह, पवन समेत अन्य सदस्यों पर मनबढ़ों ने रुपये की लेनदेन में पिटाई कर दी। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। नामजद समेत अज्ञात पर केस दर्ज किया गया। पीड़ित पिता अशोक सिंह ने पुलिस को बताया कि 13 नवंबर की रात 9 बजे शुभम को पड़ोसी चाहत सिंह ने फोन कर गांव के पंचायत भवन पर बुलाया। जहां पहले से मौजूद सनी सिंह व चंदन सिंह, आकाश सिंह ने शुभम की पिटाई कर दी गई। शोर सुनकर पहुंचे दूसरे बेटे पवन, राहुल पर भी आरोपियों ने हमला कर दिया। आरोपी दिलीप, मनोज, व प्रदीप सिंह ने जान से मारने की नीयत से हमला किया। इस्पेक्टर योगेंद्र प्रसाद ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
दो दिवसीय वेंडर डेवलपमेंट प्रोग्राम 29 से
सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) विभाग की ओर से 29 और 30 नवंबर को चांदपुर में दो दिवसीय वेंडर डेवलपमेंट प्रोग्राम आयोजित किया जा रहा है। क्षेत्रीय इकाई की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में स्वदेशी उद्योगों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न श्रेणियों के 50 स्टालों में स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इस आयोजन में सिडबी, एनसीएल, गेल इंडिया, ईसीजीसी जैसी 12 प्रमुख कंपनियां भाग लेंगी। एमएसएमई के क्षेत्रीय सहायक निदेशक राजेश कुमार चौधरी ने बताया कि इस बार औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई), पॉलिटेक्निक और अन्य तकनीकी संस्थानों के छात्रों को भी कार्यक्रम में शामिल होने का आमंत्रण दिया है।
25 हजार कुंडों में डेढ़ लाख श्रद्धालु देंगे आहुति
विहंगम योग संत समाज का 102वां वार्षिकोत्सव तथा 25,000 कुंडीय स्वर्वेद ज्ञान महायज्ञ 25 और 26 नवंबर को स्वर्वेद महामंदिर धाम उमरहां में होगा। महोत्सव के लिए धाम परिसर में यज्ञ-व्यवस्था, आवास, सुरक्षा, चिकित्सा और यातायात सहित सभी विभागों में तैयारियां तीव्र गति से चल रही हैं। शनिवार को संत प्रवर विज्ञान देव महाराज ने महोत्सव स्थल पर तैयारियों का निरीक्षण किया।
विज्ञान देव महाराज ने निरीक्षण के दौरान यज्ञ-भूमि, आगंतुक मार्ग,आवास, प्रवचन-पंडाल, चिकित्सा केंद्र और आवास-व्यवस्थाओं को देखा। विभागीय प्रमुखों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उनके मार्गदर्शन में विहंगम योग के कार्यकर्ता दिनभर कुंड-निर्माण, मंडप-सज्जा, भोजनालय एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं को व्यवस्थित करने में जुटे हैं। लगभग 200 एकड़ क्षेत्र में यह समस्त तैयारी निरंतर गतिशील है। 26 नवंबर को संविधान दिवस पर दीप जलाए जाएंगे। यह दीप गो-सेवा, गुरुकुल संरक्षण, संस्कृति-पोषण और राष्ट्र-प्रहरियों के सम्मान को समर्पित रहेंगे।
विश्वकर्मा मंदिर में शंकराचार्य स्वामी का सम्मान
विश्वकर्मा सभा की ओर से विशेश्वरगंज स्थित विश्वकर्मा मंदिर में तेलंगाना से पधारे विश्वकर्मा वंशी शंकराचार्य स्वामी का स्वागत एवं सम्मान हुआ। पदाधिकारियों और संस्था के सदस्यों ने स्वामी जी को स्मृति चिह्न, अंगवस्त्रम् और रुद्राक्ष भेंट कर आशीर्वाद लिया। संस्था के कोषाध्यक्ष राजकुमार विश्वकर्मा, जयराम विश्वकर्मा, अनिल, भरतलाल, अनिल शर्मा आदि ने उनका अभिनंदन किया।
महाकवि की प्रतिमा को स्थापित करने के लिए राष्ट्रपति से लगाई गुहार
कालजयी रचना कामायनी के रचनाकार महाकवि जयशंकर प्रसाद की काशी में प्रतिमा लगवाने के लिए राष्ट्रपति से गुहार लगाई गई है। इस मुद्दे को लेकर काशी के अधिवक्ता आगे आए हैं। बनारस बार के पूर्व महामंत्री नित्यानंद राय, मैथिल समाज के गौतम झा, विनोद पांडेय भैयाजी ने कमिश्नर से लेकर भारत के राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से गुहार लगाई है।
शनिवार को अधिवक्ताओं ने पंजीकृत डाक से पत्र भेजकर मांग की है कि कामायनी के रचनाकार काशी के विश्वविख्यात महाकवि की प्रतिमा अविलंब शहर के किसी प्रमुख चौराहे पर लगाई जाए। इसके साथ ही महाकवि की स्मृति में वाराणसी में एक भव्य फाटक बनवाया जाए। यह भी मांग की गई है कि महाकवि के जन्मस्थान और मृत्यु स्थान को सरकार तत्काल अधिगृहीत करे और उस स्थान पर वैश्विक स्तर का स्मारक का निर्माण करें।
नित्यानंद राय ने बताया कि महाकवि का कार्यस्थल दालमंडी के नारियल बाजार से लेकर सराय गोवर्धन तक रहा है। दालमंडी में उनके खानदान की दुकान थी तो सराय गोवर्धन में निवास। कामायनी को यूनेस्को ने भारत के प्रतिनिधि काव्य के रूप में स्वीकार किया है। ऐसे विश्वविख्यात महाकवि को काशी ने भुला दिया है।
विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना में 250 लाभार्थियों का साक्षात्कार
उद्योग विभाग की ओर से शनिवार को विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत नाई, बढ़ई और धोबी ट्रेड के लाभार्थियों के चयन के लिए आयोजित साक्षात्कार किया गया। उद्योग विभाग के उपायुक्त मोहन कुमार शर्मा ने बताया कि इस चयन प्रक्रिया के दौरान कुल 250 से अधिक लोगों का साक्षात्कार लिया गया। इसमें सभी का आकलन नंबरों के आधार पर किया जाएगा। इसके बाद उन्हें टूलकिट, प्रमाण पत्र का वितरण किया जाएगा। साक्षात्कार प्रक्रिया पूरी होने के बाद चयनित कारीगरों को दस दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल किया जाएगा।
मानकों के अनुरूप हो काम : वीडीए वीसी
वीडीए वीसी पूर्ण बोरा ने शनिवार को उंदी ताल में प्रस्तावित विकास कार्यों का निरीक्षण किया। वीडीए वीसी ने कहा कि यह परियोजना न केवल प्राकृतिक वेटलैंड गतिविधियों जैसे जैव विविधता, जल पुनर्भरण, जल गुणवत्ता सुधार को संरक्षित करेगा बल्कि आने वाले समय में इस क्षेत्र को प्रमुख इको-टूरिज्म गंतव्य के रूप में भी विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि परियोजनाओं को आगे बढ़ने से पहले पर्यावरण संरक्षण, जल-प्रबंधन और पारिस्थितिकी पुनर्स्थापन से जुड़े विशेषज्ञों की अंतिम रूप से नियुक्ति की जाए और सभी तकनीकी पहलुओं को वैज्ञानिक मानकों के अनुरूप सुनिश्चित किया जाए।
बिहार के नए विधायक सतीश ने बीएचयू से किया था बीपीएड
बीएचयू के पूर्व छात्र सतीश सिंह यादव पिंटू बिहार के रामगढ़ से बसपा पार्टी से विधायक बने। वह बिहार की 243 सीटों में सबसे कम 30 सीट से जीतने वाले प्रत्याशी बने। सतीश सिंह ने बीएचयू से 2005 में बीपीएड कोर्स में दाखिला लिया था। इससे पहले बनारस के ही आदर्श इंटर कॉलेज से 12वीं की पढ़ाई की थी। हाईस्कूल भभुआ से किया था। वह भभुआ के दुर्गावती के रहने वाले हैं। उनकी जीत के बाद बीएचयू के छात्र और छात्राओं में काफी खुशी और उत्साह है।
बीएचयू में फैक्ट चेकिंग, डाटा इंटरप्रिटेशन पर एआई वर्कशॉप
एआई का इस्तेमाल फैक्ट-चेकिंग, स्टोरी डेवलपमेंट, डाटा इंटरप्रिटेशन और प्रोफेशनल कम्युनिकेशन जैसे कार्यों में हो रहा है। मीडिया रिसर्च काफी बेहतर हो रहा है। ये सीख बीएचयू के पत्रकारिता एवं जनसंप्रेषण विभाग में शनिवार को छात्रों को दी गई। एआई वर्कशॉप से पत्रकारिता और मल्टीमीडिया विद्यार्थियों को सशक्त बनाया जा रहा है। एआई जर्नलिज्म ट्रेनर डॉ. रविनंदन बीबी ने कार्यशाला में परपेक्सिलिटी, गूगल जेमिनी, और प्रॉम्प्ट इंजीनियरिंग पर बातचीत की। कार्यशाला में कौशल विकास प्रकोष्ठ के समन्वयक प्रो. एचपी शर्मा, सह-समन्वयक डॉ. राजकिरण प्रभाकर और प्रो. अनुराग दवे मौजूद रहे।
एनडीए की जीत पर मिठाई बांटकर जताई खुशी
बिहार चुनाव में एनडीए की बहुमत से जीत की खुशी में घुमक्कड़ संघ ने विश्वनाथ मंदिर में मिठाई बांटकर अपनी खुशी का इजहार किया। लोगों ने कहा कि यह जीत एनडीए नहीं बल्कि जनता की जीत है। जनता ने विकास के मुद्दे पर वोट किया था। इस दौरान डॉ. दीनानाथ सिंह, प्रो. जोखन राम, विजयनाथ पांडेय, ई दीनानाथ सिंह मौजूद रहे।
पितृमोक्ष के लिए भगीरथ ने की कठोर तपस्या
शूलटंकेश्वर महादेव मंदिर मार्ग के समीप स्थित काशी आनंदम स्पिरिचुअल एंड वेलनेस वैदिक विलेज में श्रीमद्भागवत की पंचम दिवस की कथा हुई। कथावाचक इस्कॉन कोलकाता के एचजी सार्वभौम प्रभु ने सौभरि ऋषि की यमुना में की गई तपस्या का वर्णन किया। व्यास पीठ से सार्वभौम प्रभु ने बाहुक राजा के वंश का वर्णन करते हुए बताया कि बाहुक के पुत्र सगर पराक्रमी और यशस्वी राजा थे।
सगर के 60 हजार पुत्र हुए थे, जिन्होंने अश्वमेध यज्ञ में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सगर के पुत्र भगीरथ हुए, जिन्होंने पितृमोक्ष के लिए कठोर तपस्या की और गंगा मैया का पृथ्वी पर अवतरण कराया। सार्वभौम प्रभु ने कल्पग्राम के दिव्य रहस्य का भी उल्लेख करते हुए बताया कि इस पावन स्थल पर आज भी भगवान महादेव समाधि में विराजमान हैं और कलियुग के अंत में वे प्रकट होंगे। यह स्थान इतना दिव्य है कि वहां केवल शिवजी का ही प्रवेश संभव है।
अधिवक्ताओं ने किया 20 यूनिट रक्तदान
बनारस बार एसोसिएशन सभागार में बनारस बार और आईएमएस बीएचयू ब्लड बैंक के संयुक्त तत्वावधान में लगे रक्तदान शिविर में 20 अधिवक्ताओं ने रक्तदान किया। जिला जज शैलेश शुक्ला ने शिविर का उद्घाटन कर ऐसे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि रक्तदान महादान है। बीएचयू ब्लड बैंक से आशुतोष सिंह, बनारस बार के अध्यक्ष सतीश तिवारी, शशांक श्रीवास्तवरहे।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से छात्राओं ने यादगार बनाया स्थापना दिवस
वाराणसी। अग्रसेन कन्या पीजी कॉलेज का 52वां स्थापना दिवस शनिवार को धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान छात्राओं ने सांंस्कृतिक कार्यक्रमों की रंगारंग प्रस्तुतियों से समारोह को यादगार बना दिया। मुख्य अतिथि रविंद्र जायसवाल ने कहा कि स्त्री शिक्षा को बढ़ावा देने में अग्रसेन कन्या पीजी कॉलेज कीअग्रणी भूमिका रही है। अध्यक्ष दीपक अग्रवाल ने स्थापना दिवस से लेकर वर्तमान तक की शिक्षा यात्रा का गुणगान किया। कार्यक्रम का संचालन प्रो. आभा सक्सेना, धन्यवाद ज्ञापन डॉ. रूबी शाह ने किया।
अशोका इंस्टीट्यूट के ओरिएंटेशन प्रोग्राम में दिए कॅरिअर टिप्स
पहड़िया स्थित अशोका इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट के फार्मेसी विभाग में बीफार्मा और डीफार्मा के विद्यार्थियों के लिए हुए ओरिएंटेशन प्रोग्राम में कॅरिअर टिप्स दिए गए। शुरुआत मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन कर हुई। कॉलेज के चेयरमैन ई अंकित मौर्या ने कहा कि फार्मेसी क्षेत्र नए अवसरों के द्वार खोलेगा। डायरेक्टर फार्मेसी डॉ. बृजेश सिंह ने पाठ्यक्रमों की जानकारी दी। डायरेक्टर अशोका डॉ. सारिका श्रीवास्तव ने कहा कि अशोका इंस्टीट्यूट छात्रों के व्यक्तित्व में वे सभी गुण विकसित करने के लिए संकल्पित है।
डीन (एकेडमिक) प्रो. एसके. शर्मा ने विद्यार्थियों से कहा कि ज्ञान प्राप्त करने के लिए विनम्रता और कर्मशीलता अत्यंत आवश्यक है। डीन (सीएसई) डॉ. एलएस मौर्या ने बताया कि भारत आज दवा निर्माण के क्षेत्र में विश्व स्तर पर अग्रणी भूमिका निभा रहा है। संचालन मनीषा दुबे ने किया। धन्यवाद ज्ञापन मौलश्री भंडारी ने दिया। डॉ. अभिषेक गुप्ता, पंकज मौर्य, प्रीत कौर, अवनीश श्रीवास्तव माैजूद रहे।
कैलीग्राफी की पढ़ाई कराने वाला बीएचयू देश का एकमात्र संस्थान
दिल्ली के राष्ट्रीय संग्रहालय में आयोजित अक्षर महोत्सव 2025 में बीएचयू के प्रो. मनीष अरोड़ा ने कैलीग्राफी को उच्च शिक्षा में नवाचार से जोड़ने की बात की। उन्होंने कहा कि बीएचयू देश का एकमात्र शिक्षण संस्थान है जहां पर विवि कैलिग्राफी और डिजाइन नवाचार को समर्पित एक एमओयू है।
डिजाइन इनोवेशन सेंटर के सहयोग से कार्यशालाएं, शोध परियोजनाएं और फैकल्टी एक्सचेंज कार्यक्रम से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सम्मान प्राप्त कर रहे हैं। प्रो. अरोड़ा ने कहा कि इन पहलों का सीधा प्रभाव विद्यार्थियों के कार्य में दिखाई देता है। उन्होंने कहा कि डिजिटल उपकरणों ने कैलिग्राफी को नया दर्शक दिया है। कैलिग्राफी के अंतर्गत एआई-आधारित टाइप डिजाइन, विरासत-संरक्षण जैसे नए शोध आयाम हैं।
सच्चा प्रेम और निष्कपट भक्ति हर छल पर पाती है विजय
प्रह्लाद घाट स्थित भारद्वाजी टोला के कर्मकुल में चल रही श्रीमद्भागवत कथा के पांचवें दिन शनिवार को कथा स्थल कृष्णमय सरीखे दिखा। भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाएं आनंद की वर्षा कर रही थीं। पूतना और तृणावत वध प्रसंग से संदेश दिया कि सच्चा प्रेम और निष्कपट भक्ति हर छल पर विजय पाती है।
बालव्यास रूपेश पांडेय ने कहा कि राक्षसी पूतना ने ममत्व का रूप धर कर बालकृष्ण को विषपान कराने का प्रयत्न किया, लेकिन भगवान की सर्वव्यापकता के आगे उसके छल नहीं टिके। बालगोपाल ने उसके भीतर छिपे अहंकार और पाप का नाश कर दिया। कथा श्रवण करने विनय पांडेय, रश्मि दुबे, संदीप दुबे सोनू, जयश्री, वीरभद्र दुबे पहुंचे।
शशि ने राग भैरव में सुनाया हे शिव शंकर भोले...
सुबह ए बनारस में लखनऊ की कलाकार शशि वर्मा का गायन हुआ। गायन का आरंभ राग भैरव में विलंबित एक ताल में निबद्ध बंदिश हे शिव शंकर भोले... से हुआ। इसके उपरांत द्रुत तीन ताल में निबद्ध बंदिश जागो बृजराज कुंवर... सुनाकर रससिक्त किया। समापन राग भैरवी में निबद्ध मीरा बाई के भजन भज ले रे मना गोपाल...से हुआ। तबला संगति पं. शशिकांत द्विवेदी एवं संवादिनी पर प्रवीण कुमार सिंह ने सहयोग किया। कलाकार को प्रमाण पत्र सुबह ए बनारस के संस्थापक सचिव डॉ. रत्नेश वर्मा ने दिया।
संत की शरण में जाने से हृदय में प्रकट होते हैं परमात्मा
जय गुरु बंदे स्वर योग साधना की ओर से जय गुरु वंदे आश्रम छितौना जाल्हूपुर में स्थापना दिवस समारोह आरंभ हुआ। तीन दिवसीय सत्संग भंडारा कार्यक्रम में संत स्वामी जय गुरु बंदे महाराज ने कहा कि मानव जब अपने परिवार के अलावा समाज में भलाई हेतु जनहित, परहित का कार्य करता है, तब यह कार्य महान श्रेणी में आता है। कोई मानव संत महापुरुष के शरण में जाकर भजन, सिमरन, सेवा, भक्ति प्रधान कर्म करता है तो उसके हृदय में परमात्मा सहज में प्रकट होकर खुद दिशा निर्देश देने लगते हैं। सत्संग में रमेश दास, अनिल दास, अद्भुत दास, राकेश सिंह, सुरेंद्र यादव, बच्चा पाठक रहे।
बनारस का पारा 10.2 डिग्री, नवंबर की सबसे ठंडी रात
आधा नवंबर बीतते-बीतते हर दिन ठंड के रिकॉर्ड बनने शुरू हो गए हैं। इस सीजन में पहली बार न्यूनतम पारा सामान्य से 5 डिग्री नीचे 10.2 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। शुक्रवार के बाद नवंबर की सबसे ठंडी रात रही। इससे पहले सप्ताह भर पारा 11 से 15 डिग्री तक ही आ रहा था। शनिवार को पूरे दिन धूप कमजोर रही। इस दौरान अधिकतम तापमान सामान्य से 2.2 कम 28 डिग्री सेल्सियस रहा।
यूपी आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. अतुल कुमार सिंह ने कहा कि प्रदेश में कोई भी सक्रिय मौसम तंत्र नहीं होने के कारण पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों से आ रही ठंडी और सूखी हवाएं काशी में ठंड बढ़ा रही है। अगले 24 घंटे न्यूनतम तापमान सामान्य से औसतन 3-6 डिग्री नीचे बने रह सकता है। वहीं सप्ताह भर धुंध भी छाई रहेगी। ठंड के साथ ही बनारस की हवा का सेहत सुधर नहीं रहा है। शनिवार को एक्यूआई 142 अंक चला गया। 168 अंक के साथ शहर का सबसे प्रदूषित इलाका भेलूपुर हो गया।
गंगा में छोड़े 2.35 लाख मछलियों के बच्चे
जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या ने शनिवार को विलुप्त प्रजातियों को बचाने के लिए गंगा में मछलियों के 2.35 लाख बच्चे छोड़े। उन्होंने अस्सीघाट के सामने गंगा में बजड़े से रोहू, कतला व नैना की उन्नत प्रजाति की मछलियों के बच्चों को छोड़ीं। प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के तहत राष्ट्रीय मात्स्यिकी विकास बोर्ड (एनएफडीबी) की ओर से रिवर रैचिंग के तहत मत्स्य विभाग की ओर से मछलियां गंगा में छोड़ी गईं। पूनम मौर्या ने कहा कि इससे गंगा नदी के जैव विविधत को बढ़ाने, मत्स्य संसधानों को मजबूत करने तथा अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने मदद है। निषाद पार्टी के प्रदेश सचिव पंचम निषाद, राष्ट्रीय निषाद एकता परिषद के जिलाध्यक्ष अरविन्द निषाद, शैलेंद्र सिंह रहे।
शनिवार सुबह 11:05 बजे उप्र के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचे। यहां से वह हेलिकॉप्टर से सोनभद्र के लिए रवाना हो गए। दोपहर करीब सवा तीन बजे मुख्यमंत्री वापस बाबतपुर पहुंचे और साढ़े तीन बजे लखनऊ के लिए रवाना हो गए।
भारत विकास परिषद की नए शाखा का गठन
भारत विकास परिषद के क्षेत्रीय संगठन मंत्री विक्रांत खंडेलवाल दो दिवसीय काशी एवं आजमगढ़ पर प्रवास किया। उनका सिगरा स्थित एक रेस्टोरेंट में स्वागत हुआ। काशी प्रांत की 16 शाखाओं की बैठक प्रांतीय अध्यक्ष अजीत मेहरोत्रा के नेतृत्व में हुई। इसमें काशी प्रांत में छह विकास रत्न बनाए गए। एक नई शाखा श्री काशी विश्वनाथ संस्कृत उदय का गठन हुआ है। संस्थापक अध्यक्ष राहुल सिंह का विक्रम खंडेलवाल ने सम्मानित किया। प्रमोद राम त्रिपाठी ने बताया कि 27 व 28 दिसंबर को काशी में क्षेत्रीय कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन होगा।