फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Varanasi News Today Accidents Three Dead 22 Injured Man Arrested for Making Abusive Remarks Against CM

Varanasi News Today: वाराणसी में हादसे...तीन की मौत, 22 लोग घायल; सीएम पर अभद्र टिप्पणी करने वाला अरेस्ट

Wed, 22 Apr 2026 09:22 AM IST
Aman Vishwakarma अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: Aman Vishwakarma Updated Wed, 22 Apr 2026 09:22 AM IST
सार

Varanasi News: वाराणसी के पांडेयपुर में रहने वाले दो लोगों की आजमगढ़ में मौत हो गई। वहीं, विभिन्न हादसों में कुल 22 लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाने के साथ ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इसके साथ ही सीएम पर अभद्र टिप्पणी करने वाले को रामनगर की पुलिस ने अरेस्ट किया है। आइए जानते हैं अन्य खबरें...

विज्ञापन
Varanasi News Today Accidents Three Dead 22 Injured Man Arrested for Making Abusive Remarks Against CM
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

Varanasi News in Hindi: रामनगर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ सोशल मीडिया पर अभद्र भाषा और आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में पुलिस ने मंगलवार को एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान नगर के रामपुर वार्ड निवासी सौरभ त्रिपाठी के रूप में हुई है। थाना प्रभारी राजकिशोर पाण्डेय ने बताया कि आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज है। आरोप है कि सौरभ त्रिपाठी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। 

विज्ञापन


वायरल वीडियो में वह क्षेत्र के पंचवटी चौराहे पर मुख्यमंत्री के खिलाफ अभद्र शब्दों का प्रयोग करता नजर आ रहा था। वीडियो सामने आने के बाद लोगों में आक्रोश था। कई सामाजिक संगठनों ने मामले की शिकायत पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल से की। वहीं, मंगल सिंह ने भी रामनगर थाने में लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। मामले की गंभीरता को देख पुलिस ने उच्चाधिकारियों के आदेश पर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। 

विज्ञापन

हादसे में दो की मौत, 4 घायल
आजमगढ़ के देवगांव कोतवाली क्षेत्र के कंजहित बाजार में सड़क हादसे में एक ही परिवार के दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। मृतक वाराणसी के रहने वाले थे। देवगांव कोतवाल विमल प्रकाश राय ने बताया कि वाराणसी के पांडेयपुर निवासी एक परिवार के छह लोग ऑटो से आजमगढ़ से घर लौट रहे थे। कंजहित बाजार के पास ऑटो चालक ने ट्रक को ओवरटेक करने का प्रयास किया गया। सुष्मिता (30) और कल्लू (4) को मृत घोषित कर दिया। 

डिवाइडर से टकराई बाइक, एक की मौत
वाराणसी-प्रयागराज हाईवे के दक्षिणी लेन पर औराई में सूर्या ट्रॉमा सेंटर के पास अनियंत्रित होकर बाइक सवार बबलू (45) निवासी पुरुग्राम गांव मिर्जामुराद वाराणसी डिवाइडर से टकरा गया। हादसे में उसकी मौत हो गई। वहीं, चपेट में आने से साइकिल सवार पियरोपुर निवासी महंगू (46) और उसकी पोती पूजा (11) घायल हो गई। यह दुर्घटना वाहन को ओवरटेक करने के दौरान हुई। 

विज्ञापन

छुट्टा मवेशी से टकराकर डंपर में घुसी बस, 12 यात्री हुए घायल
क्षेत्र के रखौना गांव के पास नेशनल हाईवे पर मंगलवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। प्रयागराज से यात्रियों को लेकर वाराणसी आ रही सिविल लाइन डिपो की बस के सामने अचानक छुट्टा मवेशी आ गया। चालक ने ब्रेक लगाकर बस को नियंत्रित करने की कोशिश की, लेकिन बस पशु से टकराने के बाद अनियंत्रित हो गई और आगे खड़े डंपर में जा भिड़ी। 

टक्कर इतनी भीषण थी कि मवेशी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, बस में सवार चालक और परिचालक समेत दर्जन भर यात्री घायल हो गए। पुलिस के अनुसार, घायलों में प्रयागराज निवासी चालक विनोद कुमार पटेल, परिचालक जितेंद्र (32) और संदीप कुमार (45), हनुमानगंज निवासी अशोक सिंह (36), भेलूपुर निवासी संतोष साहनी (30), नैनी निवासी इब्राहिम अली (40), पहड़िया निवासी ममता देवी (30), कैंट निवासी पिंकी मिश्रा (24), संतोष कुमार (22), विक्रम कुशवाहा (42) और आनंद कुमार (30) समेत अन्य यात्री शामिल हैं। 

थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि सभी घायलों को पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार जारी है।  लोगों का कहना है कि क्षेत्र में हाईवे पर छुट्टा मवेशियों की समस्या लगातार बनी हुई है। कई बार शिकायत के बावजूद ठोस कार्रवाई नहीं हो रही है। 

विज्ञापन

रोडलाइट और बोलेरो की टक्कर में छह मजदूर घायल, चालक भागा
मिर्जामुराद बाजार में सोमवार बरात से लौट रहे मजदूरों की रोडलाइट वाहन को बोलेरो ने टक्कर मार दी। हादसे में 6 मजदूर घायल हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि रोडलाइट का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद बोलेरो चालक वाहन समेत भाग निकला। पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाया। 

चित्रसेनपुर गांव निवासी रोडलाइट पर काम करने वाले मजदूर राजातालाब क्षेत्र में एक शादी समारोह से लौटकर कछवा रोड की ओर जा रहे थे। वाहन मिर्जामुराद बाजार में पुलिस बूथ के पास पहुंचा, तभी एक अज्ञात बोलेरो ने रोड क्रॉस करते समय सामने से जोरदार टक्कर मार दी। 

हादसे में गुड्डू (25), बुधना (50), मानकेशरा (52), भीम (45) समेत दो अन्य मजदूर घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को तत्काल पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। उधर, मौका पाकर बोलेरो चालक वाहन समेत राजातालाब की ओर फरार हो गया। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि वाहन चालक की तलाश की जा रही है। जल्द उसे पकड़ लिया जाएगा। 

ट्रक की टक्कर से कार सड़क किनारे गड्ढे में पलटी, बाल-बाल बचे बीडीओ
वाराणसी-जौनपुर फोरलेन मार्ग पर सुरही गांव के पास मंगलवार सुबह 11 बजे ट्रक की टक्कर से कार सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई। कार में सवार बदलापुर जौनपुर के बीडीओ धर्मेंद्र द्विवेदी बाल-बाल बच गए, जबकि उनकी कार की चपेट में आकर बाइक सवार दंपती और डेढ़ साल की बच्ची घायल हो गई। धर्मेंद्र द्विवेदी वाराणसी से अपने ब्लॉक मुख्यालय बदलापुर जा रहे थे। 

इसी दौरान बगल से गुजर रहे ट्रक ने उनकी कार में टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार अनियंत्रित होकर कई बार पलटी खाते हुए सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरी। इसी बीच कार की चपेट में आकर बाइक सवार शुभम कुमार (30) निवासी गजापुर, उनकी पत्नी अंतिमा (27) और बच्ची घायल हो गए। 

घायलों को तुरंत सुरही के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत स्थिर है। सूचना पर प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस मौके पर पहुंची। जेसीबी की मदद से कार को बाहर निकाला गया। बीडीओ को मामूली चोटें आईं। घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर भाग गया। थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि ट्रक चालक की पहचान की जा रही है।

पुराने विवाद में दो पक्षों में मारपीट, प्राथमिकी दर्ज
फूलपुर थाना क्षेत्र के हरिनाथपुर गांव में पुराने विवाद में दो पक्षों में मारपीट हो गई। हमले में दोनों पक्षों के लोग घायल हो गए। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हरिनाथपुर निवासी आकाश सिंह ने आरोप लगाया कि 19 अप्रैल की रात 9.45 बजे वह अपने भाई कृष्णा सिंह और भांजे गौरव के साथ गांव लौट रहा था। 

गांव के ही अमन सिंह व आर्यन सिंह ने पुराने फुटबॉल मैच के विवाद को लेकर गाली दी और विरोध करने पर लाठी से हमला किया। दूसरे पक्ष के अमन सिंह ने भी आकाश सिंह, कृष्णा सिंह समेत अन्य लोगों पर मारपीट व जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 

सेवानिवृत्त अधिकारी से 5.50 लाख की साइबर ठगी
चितईपुर थाना क्षेत्र के विवेक नगर सुसुवाही निवासी सुनील कुमार आरटीओ से सहायक लेखाधिकारी पद से सेवानिवृत्त हैं। 18 अप्रैल को उनके भारतीय स्टेट बैंक की बीएचयू शाखा के खाते से सुबह 11 बजे जालसाजों ने साढ़े पांच लाख रुपये अलग-अलग खातों में ट्रांसफर कर लिए। 

रकम निकलने की जानकारी मिलते ही पीड़ित बैंक पहुंचे, जहां साइबर फ्रॉड की पुष्टि हुई। उन्होंने राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई। हेल्पलाइन के निर्देश पर सुनील कुमार ने चितईपुर थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। थाना प्रभारी राकेश कुमार गौतम ने बताया कि मामले की जांच के साथ ही ट्रांजेक्शन से आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास जारी है। 

ई-रिक्शा में बैठी युवती से बैग छीनकर भागा 
लंका थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े ई-रिक्शा सवार युवती का बाइक सवारों ने बैग छीन लिया और भाग निकले। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर छानबीन में जुट गई है। तहरीर में सीरगोवर्धनपुर निवासी प्रज्ञा श्रीवास्तव ने बताया कि सोमवार दोपहर कैंट से ई-रिक्शा में सवार होकर मालवीय चौराहे की ओर जा रही थी।

रविदास गेट से आगे बढ़ते ही एंब्रोसिया अपार्टमेंट्स के पास पीछे से आए बाइक सवार दो युवकों ने चलते ई-रिक्शा से उनका बैग छीन लिया और भाग निकले। पीड़िता के अनुसार बैग में करीब 20 हजार रुपये नकद के साथ मांग टीका, नथिया, छोटा इयररिंग और नाक की कील रखी थी। थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। सीसी कैमरों से बदमाशों की पहचान की जा रही है। 

ऑर्केस्ट्रा डांसर से छेड़खानी का विरोध करने पर पीटा
चौबेपुर के छितौना गांव में एक ऑर्केस्ट्रा कार्यक्रम से लौट रही महिला कलाकार के साथ छेड़खानी का विरोध कर रहे कमलेश यादव (35) को कुछ युवकों ने बेरहमी से पीट दिया। आरोप है कि महिला को बचाने पहुंचे युवक को आरोपियों ने घेरकर पीटा। घटना 20 अप्रैल की रात 2 बजे की है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने पीयूष यादव, प्रिंस यादव, शिवम यादव और एक अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। सोनबरसा निवासी महिला डांसर कार्यक्रम समाप्त होने के बाद अपने घर लौट रही थी। 

इसी दौरान रास्ते में कुछ युवकों ने उसे घेर लिया और फब्तियां कसनी शुरू कर दी। महिला की चीख-पुकार सुनकर स्थानीय निवासी कमलेश यादव मौके पर पहुंचे और विरोध किया। इस पर आरोपित युवक उन पर टूट पड़े और लोहे की रॉड व लाठी से हमला कर दिया। आरोपियों ने उनकी गाड़ी को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की। थाना प्रभारी वीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। 

दहेज में कार न मिलने पर विवाहिता को घर से निकाला
दहेज में कार न मिलने पर प्रताड़ित कर घर से निकालने का आरोप लगाकर पीड़िता खुशबू सिंह ने पति राकेश सिंह, ससुर ईश नारायण सिंह, सास इंदु सिंह समेत पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। खुशबू सिंह के अनुसार, 2014 में विवाह के दौरान मायके पक्ष ने सात लाख रुपये, आभूषण व अन्य सामान दिया था, लेकिन कुछ समय बाद ही ससुराल पक्ष कार की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित करने लगा। 

आरोप है कि उसके साथ मारपीट, गालीगलौज और मानसिक उत्पीड़न किया गया। 16 अक्तूबर 2025 को ससुराल पहुंचने पर आरोपियों ने मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया और कार लाने तक वापस न आने की धमकी दी। फिलहाल वह अपने बेटे के साथ अलग रह रही हैं। थाना प्रभारी वीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। 

भूमि विवाद में मारपीट व धमकी का आरोप
कैंट थाना क्षेत्र में भूमि विवाद को लेकर मारपीट और धमकी के मामले में अनमोल क्षेत्र की निवासी सुषमा निषाद ने प्राथमिकी दर्ज कराई। पुलिस को तहरीर में आरोप लगाया है कि उसकी जमीन पर विपक्षी मनीष कुमार उर्फ शुभम चौबे औ परिजन कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। पीड़िता के अनुसार, 12 अप्रैल की सुबह पांच बजे विपक्षी जेसीबी व अन्य वाहन लेकर उसकी जमीन पर अवैध रूप से कार्य करने पहुंचे। 

जब वह अपनी 17 साल की बेटी के साथ मौके पर पहुंची और विरोध किया तो आरोपियों ने मारपीट की। बेटी के साथ भी अभद्र व्यवहार किया। पीड़िता का आरोप है कि उसे जान से मारने की धमकी मिली। पुलिस से शिकायत करने पर झूठे मुकदमे में फंसाने की बात आरोपियों ने कही। थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। 

युवती लापता, दो के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के खजुरी चौकी में एक गांव की 20 साल की युवती घर से बाजार के लिए निकली, लेकिन लौटी नहीं। खोजबीन कर परिजनों ने 30 दिन बाद प्राथमिकी दर्ज कराई। पिता की ओर से आरोप लगाया गया कि क्षेत्र निवासी विकास और गुड्डू युवती को बहलाकर साथ ले गए। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पाण्डेय ने बताया कि युवती की तलाश के साथ आरोपियों की गिरफ्तारी जल्द की जाएगी। 

छात्र की हत्या की न्यायिक जांच शुरू
उदय प्रताप कॉलेज में 20 मार्च को सूर्य प्रताप सिंह सूर्या की हत्या के मामले की न्यायिक जांच अपर जिला मजिस्ट्रेट (प्रशासन) की ओर से की जा रही है। जांच अधिकारी अपर जिला मजिस्ट्रेट (प्रशासन) बिपिन कुमार ने बताया कि किसी व्यक्ति विशेष को कोई जानकारी हो और साक्ष्य/दस्तावेज सबूत पेश करना हो तो वह 30 अप्रैल तक पेश कर सकते हैं। उधर, उदय प्रताप कॉलेज के विद्यार्थी को गोली मारने के विरोध में छात्रों ने खून से पत्र लिखा। वहीं, एक प्रतिनिधिमंडल सुधीर सिंह के नाम से जारी पत्र लेकर जिला मुख्यालय पर पहुंचा। धरना प्रदर्शन कर खून से लिखा पत्रक डीसीपी को सौंपा। 

पशुओं के लिए 40 बेड़ का अस्पताल, हुआ एमओयू
पूर्वांचल भर के बेसहारा पशुओं के लिए शहर में पहला हाईटेक अस्पताल बनने जा रहा है, जिसमें आईसीयू, सर्जिकल वार्ड, अत्याधुनिक लैब और डायग्नोस्टिक टेस्ट की सुविधाएं होंगी। स्वाधीन सागर फाउंडेशन ने उत्तर प्रदेश सरकार और नगर निगम समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर मंगलवार को हस्ताक्षर किया। संस्था के संयोजक हिमांशु चतुर्वेदी ने बताया कि प्रदेश सरकार ने अस्पताल बनाने के लिए ऐढ़े में 20,800 वर्ग फुट जमीन दी है। 

40 बेड़ का अस्पताल बनाया जाएगा, जो दो मंजिला होगा। क्राउड फंडिंग से 1.70 करोड़ रुपये जुटाकर अस्पताल करीब दो साल में बनकर तैयार हो जाएगा। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर के प्रयास से सरकारी जमीन आवंटित हुई है। उन्होंने बताया कि पिछले छह वर्षों से अपने घर को ही अस्पताल के रूप में बेसहारा पशुओं, विशेषकर गोवंश (नंदी) की सेवा में प्रयोग कर रहे हैं। इस अस्पताल के बन जाने से आवारा पशुओं की सर्जरी में मदद मिलेगी। 

कॉलेज जाने के लिए घर से निकली छात्रा लापता
मिर्जामुराद क्षेत्र के एक गांव की 19 साल की स्नातक की छात्रा 20 अप्रैल को कॉलेज जाने के लिए घर से निकली, लेकिन लौटी नहीं। छात्रा के पिता की तहरीर पर पुलिस ने मंगलवार देर शाम एक युवक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पिता के अनुसार उनकी बेटी सुबह 9.30 बजे कॉलेज के लिए निकली थी पर शाम तक घर नहीं लौटी। परिजनों ने काफी तलाश की, मगर कोई जानकारी नहीं मिली। 

आरोप है कि नई बाजार भदोही निवासी शहनवाज हाशमी उर्फ करन हाशमी, जो छात्रा से संपर्क में था, उसे साथ ले गया। युवक के परिवार पर भी संदेह जताया गया है। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार ने बताया कि छात्रा की तलाश जारी है। 

विवाद में ईंट से वारकर नीरज की हत्या के मुख्य आरोपी सहित तीन गिरफ्तार
आदमपुर थाना क्षेत्र के सक्का घाट पर माला फूल की दुकान लगाने को लेकर विवाद में नीरज केवट (18) पर ईंट से वार कर हत्या के मुख्य आरोपी रवींद्र केवट सहित घटना में शामिल भरत और कन्नैया लाल को पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। 

19 अप्रैल की रात 9.30 बजे सक्का घाट पर दुकान लगाने को लेकर विवाद के दौरान नीरज को घेरकर बेरहमी से पीटा गया था। आरोप है कि इसी दौरान रविंद्र केवट ने ईंट से सिर पर वार कर दिया, जिससे गंभीर रूप से घायल नीरज की मौत हो गई। भाई धीरज की तहरीर पर आदमपुर थाने में रवींद्र सहित कुल 9 लोगों के खिलाफ हत्या के मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। 

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि मारपीट में वह शामिल थे। उधर, घटना के बाद भी सक्का घाट, तेलियानाला घाट, प्रह्लाद घाट, रानी घाट पर दुकान लगाने और नाव संचालन को लेकर स्थानीय लोगों के बीच तनाव है। 27 मार्च को पथराव का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। मारपीट में दोनों पक्षों से कई लोग घायल हुए थे। 

सामूहिक दुष्कर्म मामले में विवेचक ने मांगी तारीख
फास्ट ट्रैक (प्रथम) के न्यायाधीश कुलदीप सिंह की अदालत में मंगलवार को आईआईटी बीएचयू की छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म के मामले में दूसरे विवेचक शिवकांत मिश्रा पहुंचे। हालांकि, उन्होंने अदालत को बताया कि शहर में मुख्यमंत्री के आगमन के चलते वीआईपी ड्यूटी लगी हुई है, इसलिए अगली तारीख देने की मांग की गई। अदालत ने अनुरोध को स्वीकार कर अगली सुनवाई के लिए चार मई की तारीख तय कर दी। 

पिछली सुनवाई में पहले विवेचक सहजानंद श्रीवास्तव से आरोपियों की ओर से जिरह हो चुकी थी। इसी क्रम में दूसरे विवेचक को गवाही के लिए बुलाया गया था। सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष से एडीजीसी मनोज गुप्ता और बचाव पक्ष से अधिवक्ता रहे। घटना दो नवंबर 2023 की रात की है। बीएचयू परिसर में आईआईटी की छात्रा के साथ बाइक सवार तीन आरोपितों पर सामूहिक दुष्कर्म का आरोप है।

पांडेयपुर इलाके में 3 घंटे नहीं रहेगी बिजली
लोक निर्माण विभाग की ओर से पांडेयपुर काली माता मंदिर मार्ग के चौड़ीकरण में बाधक बन रहे पोल, ट्रांसफार्मर को बुधवार को हटाया जाएगा। इस वजह से दौलतपुर उपकेंद्र के भक्तिनगर, प्रेमचंद, रमरेपुर फीडर और पांडेयपुर उपकेंद्र से लालपुर फीडर से सुबह 8 से 11 बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी।  इस दौरान अकथा गांव, बजरंग नगर, अशोक विहार, प्रेमचंद कॉलोनी, विश्वनाथपुर, भक्ति नगर, लालपुर राय साहब, पहाड़िया इलाके प्रभावित रहेंगे। 

आज आएंगे  केंद्रीय कानून मंत्री मेघवाल
केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल बुधवार को दिन में 11:50 बजे बाबतपुर एयरपोर्ट आएंगे। यहां सर्किट हाउस में दिन में दो बजे नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर वे पत्रकारों से बात करेंगे। इसके अलावा पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक व अन्य कार्यक्रमों में भाग लेने के बाद 3:45 बजे बाबतपुर एयरपोर्ट से रवाना हो जाएंगे। 

बीएचयू: विजिलेंस की अनुमति न देने पर अयोग्य होगी एमएस की दावेदारी
बीएचयू में चिकित्सा अधीक्षक (एमएस) की नियुक्ति से पहले आवेदकों को विजिलेंस अनुमति पत्र, साल भर के कार्याें की रिपोर्ट और नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट देना होगा। नहीं तो उनकी दावेदारी को आगे के चरण के लिए योग्य नहीं माना जाएगा। अब तक इस पद के लिए आए हुए आवेदनों में से 16 अभ्यर्थियों को अगले चरण के लिए योग्य माना गया है जबकि एक को अयोग्य घोषित कर दिया गया है। 

एक अभ्यर्थी को अयोग्य करने के पीछे की वजह बताया गया है कि उनके पास 14 साल का अनुभव नहीं था। वहीं, जो 16 आवेदन आए हैं उनमें से भी 15 अभ्यर्थियों ने विजिलेंस क्लियरेंस सर्टिफिकेट जमा किया है जबकि एक ने नहीं दिया है। वहीं, पांच आवेदकों ने अपार रिपोर्ट नहीं जमा की है। 

फिर से जारी की जा सकती है संशोधित सूची: बीएचयू के भर्ती एवं चयन प्रकोष्ठ की ओर से सूचना जारी कर बताया गया है कि जिन्हें इस पद के लिए अयोग्य घोषित किया गया है यदि उनको लगता है कि वे योग्य हैं तो उसके लिए 25 अप्रैल तक मौका दिया जा रहा है। अपनी दावेदारी के पक्ष में उचित दस्तावेज और रिपोर्ट जमा कर दें फिर इसकी संशोधित सूची जारी की जाएगी। 25 अप्रैल को दोपहर में तीन बजे तक होलकर भवन स्थित आरएसी कार्यालय में जमा करना होगा। 

विद्यापीठ में 30 अप्रैल से प्रायोगिक परीक्षाएं
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ सांख्यिकी विभाग में प्रोजेक्ट और प्रायोगिक परीक्षाएं 30 अप्रैल से शुरू होंगी। विभागाध्यक्ष प्रो. अनिल कुमार ने बताया कि बीए/बीएससी षष्ठ सेमेस्टर की प्रोजेक्ट परीक्षा 30 अप्रैल को सुबह 10 से 1 बजे तक होगी। प्रायोगिक परीक्षा 5 मई को दोपहर 1 से 4 बजे तक होगी। इसके अलावा एमए/एमएससी की प्रोजेक्ट परीक्षा 4 मई को और प्रायोगिक परीक्षा 5 मई को सुबह 9 से 12 बजे तक होगी। परीक्षा की समय सारिणी विद्यापीठ की वेबसाइट पर अपलोड है। 

क्वींस काॅलेज में प्रदर्शनी आज मिलेंगी एनसीईआरटी की किताबें 
राजकीय क्वींस इंटर कॉलेज के मैदान में बुधवार को पुस्तक मेला लगाया जाएगा। इस जिलास्तरीय मेले में छात्र सस्ते दाम पर एनसीईआरटी की किताबें खरीद सकेंगे। राजकीय क्वींस इंटर कॉलेज में पहली बार जिला स्तरीय पुस्तक जागरूकता और सुलभता मेला लगेगा। मंगलवार देर शाम तक इसकी तैयारी चलती रही। प्रधानाचार्य सुमीत कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि मेले का उद्देश्य निजी प्रकाशकों की महंगी और अनधिकृत पुस्तकों के प्रचलन पर रोक लगाकर विद्यार्थियों को सस्ते दाम पर पुस्तकें उपलब्ध कराना है। मुख्य अतिथि एमएलसी धर्मेंद्र सिंह मेले का उदघाटन करेंगे। 

डॉ. अनुराग ने अनुसंधान पद्धति की उपयोगिता बताई
आईएमएस बीएचयू के गैस्ट्रोलॉजी विभाग के डॉ. अनुराग तिवारी ने यूनाइटेड किंगडम की अल्स्टर यूनिवर्सिटी में संस्थान का प्रतिनिधित्व किया। यहां उन्होंने चिकित्सा अनुसंधान पद्धति पर व्याख्यान देते हुए इसकी उपयोगिता बताई। पर्सनलाइज़्ड मेडिसिन पर हुई कार्यशाला में शोधकर्ताओं और चिकित्सकों ने प्रिसिजन हेल्थकेयर, बायोमार्कर-आधारित उपचारों और ट्रांसलेशनल रिसर्च के दृष्टिकोणों पर चर्चा की। उन्होंने ‘चिकित्सा अनुसंधान में अच्छा शोध प्रश्न कैसे तैयार करें’ पर विचार रखे। 

समाजशास्त्र विभाग का लोगो बनाने वाले छात्र पुरस्कृत
काशी विद्यापीठ के समाजशास्त्र विभाग का लोगो बनाने वाले छात्रों की टीम को कुलपति प्रो.आनंद कुमार त्यागी ने पुरस्कृत किया। निर्णायक मंडल ने काशी विद्यापीठ और समाजशास्त्र को समाहित करने के आलोक में विद्यार्थियों के बनाए लोगो को देखा। एमएफए प्रथम वर्ष के सागर कुमार और बीएफए प्रथम वर्ष के अभिषेक यादव की ओर से बनाए गए लोगो का चयन किया गया। कुलपति ने दोनों को 1100 रुपये देकर सम्मानित किया। 

प्रधानमंत्री इंटर्नशिप में 1.10 लाख युवाओं को मिलेगी इंटर्नशिप
सरकार ने युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना (पीएमआईएस) का दिसंबर तक विस्तार कर दिया है। इसमें 1.10 लाख युवाओं को इंटर्नशिप मिलेगी। आईटीआई, पॉलिटेक्निक संस्थानों के डिप्लोमाधारक, बीए, बीएससी, बीकॉम, बीसीए, बीबीए, बीफाॅर्मा, बीई या बीटेक के 18 से 25 आयु वर्ग के उम्मीदवार पीएम इंटर्नशिप के लिए आवेदन कर सकते हैं।

इंटर्नशिप छह से 12 महीने की रहेगी। इसमें आधा से ज्यादा समय कक्षा के बजाय फील्ड यानी वास्तविक क्षेत्र का होना जरूरी है। विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) ने इस संबंध में सभी राज्यों को पत्र लिखा है।

इसमें लिखा है कि कॉर्पोरेट मंत्रालय ने युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए पीएम इंटर्नशिप का विस्तार दिसंबर तक कर दिया है। अब उम्मीदवारों को शैक्षणिक सत्र 2026-27 के तहत लाभ मिलेगा। इसमें उम्मीदवारों को शीर्ष कंपनियों में युवाओं को इंटर्नशिप का मौका मिलेगा। इसमें युवा व्यवसायों और रोजगार के वास्तविक कार्यक्षेत्र से जुड़ेंगे। 

फुलटाइम निदेशक की होगी नियुक्ति
पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम (डिस्कॉम) वाराणसी को 11 महीने बाद फुलटाइम निदेशक और कार्मिक प्रशासन की नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। इंटरव्यू के बाद उत्पादन निगम में कार्यरत अशोक कुमार को पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम के निदेशक कार्मिक की जिम्मेदारी दी गई है। गत वर्ष आरके जैन के सेवानिवृत्ति के बाद यह पद खाली था। विभागीय अधिकारियों के अनुसार वह दो हफ्ते के अंदर पद संभाल लेंगे। 

पिंडरा तहसील पर ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
पिंडरा तहसील क्षेत्र के मुसहर और मुस्लिम बस्तियों के ग्रामीणों ने मंगलवार को पिंडरा तहसील पर धरना दिया। इस दौरान आवासीय पट्टा, नाला निर्माण और शौचालय निर्माण आदि की मांग को लेकर एसडीएम को संबोधित ज्ञापन दिया। ग्रामीणों ने बताया कि लंबे समय से समस्याओं को लेकर आवाज उठाने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। प्रेम कुमार नट ने बताया कि 200 भूमिहीन परिवारों की मांग अब तक पूरी नहीं हो पाई है। इस दौरान गहरू, गुलाब, सुरेंद्र, विनोद, इकराम, शबनम खातून आदि मौजूद रहे। 

भूगर्भ जल विभाग से लें अनापत्ति प्रमाणपत्र
भूगर्भ जल विभाग से अनापत्ति प्रमाणपत्र प्राप्त करने के बाद भूगर्भ जल का दोहन किया जाएगा। जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने सभी श्रेणी के भूजल उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे भूगर्भ जल विभाग से सात दिन के अंदर अनापत्ति प्रमाणपत्र/पंजीकरण प्रमाणपत्र ले लें। वर्षा जल रिचार्ज की व्यवस्था की वर्तमान स्थिति की रिपोर्ट जिला भूगर्भ जल प्रबंधन परिषद के समक्ष सात दिन के अंदर प्रस्तुत करें। ऐसा न करने पर आपके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। 

बीएसए के निरीक्षण में मिलीं खामियां प्रधानाध्यापक से स्पष्टीकरण तलब
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनुराग श्रीवास्तव ने कंपोजिट विद्यालय रमईपट्टी पिंडरा का निरीक्षण कर यहां व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान जहां एक शिक्षक अनुपस्थित मिला वहीं विद्यालय परिसर में गंदगी मिलने के साथ ही बच्चे क्लास रूम के बाहर खेलते मिले। शौचालय का दरवाजा टूटा रहा। यहां मध्याह्न भोजन में सब्जी की गुणवत्ता मानक के विपरीत मिली। बीएसए ने निरीक्षण रिपोर्ट जारी करते हुए इसके लिए विद्यालय के प्रधानाध्यापक क्षितिज कुमार दीक्षित सहित विद्यालय के शिक्षकों से स्पष्टीकरण तलब किया है। 

सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने रखीं 10 सूत्री मांगें, दिया धरना
उत्तर प्रदेश सेवा निवृत्त कर्मचारी एवं पेंशनर एसोसिएशन शाखा वाराणसी ने शास्त्री घाट वरुणा पुल कचहरी पर 10 सूत्री मांगों को लेकर धरना दिया और प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा। वक्ताओं ने सरकार पर पेंशनरों के साथ भेदभाव का आरोप लगाया। आठवें वेतन आयोग में पुराने पेंशनरों को शामिल करने, महंगाई के अनुरूप डीए बढ़ाने, राशिकरण कटौती 10 वर्ष बाद बंद करने, 18 माह के फ्रीज डीए का भुगतान, कैशलेस चिकित्सा सुविधा, रेल किराये में छूट और पेंशन वृद्धि संबंधी मांगें उठाईं। इस दौरान डॉ़ श्रीकांत पांडेय, मदनमोहन श्रीवास्तव, सीताराम, राकेश दीक्षित, राधेश्याम पटेल, सोमारू पांडेय, अवतार यादव, राजेश पांडेय, अशोक कुमार मह मौजूद रहे। संचालन अशोक सिंह ने किया। 

सात करोड़ से होगा भारतेंदु पार्क का सुंदरीकरण, विधायक ने किया पूजन
भारतेंदु पार्क मैदागिन का सात करोड़ की लागत से नवीनीकरण और सुंदरीकरण कराया जाएगा। पार्क के अंदर पैदल चलने के लिए पाथ, झूले, खेलकूद के अन्य सामान आदि की सुविधाएं मिलेंगी। मंगलवार को पार्क में विकास कार्यों का भूमि पूजन शहर दक्षिणी के विधायक नीलकंठ तिवारी ने किया। 

पार्क में हर मंगलवार की तरह 21 अप्रैल को सुबह 7:30 बजे हनुमान चालीसा के बाद विधायक ने हर हर महादेव और जय श्रीराम... के उद्घोष के बीच नारियल फोड़कर पूजा की। उन्होंने कहा कि पार्क में हर दिन बड़ी संख्या में रोज टहलने आते हैं। ऐसे में सुविधाओं में विस्तार होने से लोगों को लाभ मिलेगा। इस दौरान विजय कपूर, सुधीर सिंह, सुरेश चौरसिया, मनोज यादव, सुमित सर्राफ, विजय पाठक आदि मौजूद रहे। 

चांदपुर औद्योगिक आस्थान में पीएनजी की सप्लाई शुरू
गेल इंडिया लिमिटेड की ओर से चांदपुर औद्योगिक आस्थान में पीएनजी की शुरुआत की गई। मंगलवार को पवन उद्योग में पीएनजी का शुभारंभ गेल के जीएम सुशील कुमार और सीजीडी व उपायुक्त उद्योग अभिषेक प्रियदर्शी ने किया। इस दौरान जिला उद्योग केंद्र के उपायुक्त अभिषेक प्रियदर्शी ने उद्यमियों से अपील की कि सभी उद्योग पीएनजी कनेक्शन अपनाएं क्योंकि यह एक सुरक्षित, विश्वसनीय एवं निर्बाध ऊर्जा का विकल्प है। 

इस अवसर पर दी स्मॉल इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश भाटिया ने बताया कि पीएनजी में एलपीजी की तरह गैस की तीव्र गंध नहीं होती। एलपीजी इस्तेमाल करने में आइसिंग की बड़ी समस्या आती है, जिसके कारण आपूर्ति बाधित होती है। संचालन दी स्मॉल इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के महासचिव नीरज पारीख व धन्यवाद ज्ञापन एसोसिएशन के उपाध्यक्ष अनुपम देवा ने किया। गेल के जीएम गौरी शंकर मिश्रा, नवाजिश अली अंसारी, प्रवीण सिंह, चंदन कुमार व देबाशीष साहू आदि रहे। 

बनारस की जीवनशैली और खानपान को पर्यटन का बनाएं हिस्सा : जेरेमी ओल्टमैन
बनारस शहर की प्राचीन सांस्कृतिक धरोहर, ऐतिहासिक वैभव और जीवनशैली को जन-जन तक पहुंचाने के लिए मंगलवार को ‘विरासत दर्शन’ शृंखला के तहत छावनी स्थित अर्बन फूड कोर्ट में व्याख्यान हुआ। अमेरिका से आए प्रसिद्ध हेरिटेज टूर विशेषज्ञ जेरेमी ओल्टमैन ने बनारस की विरासत, संस्कृति और हेरिटेज वॉक के महत्व के बारे में बताया। 

उन्होंने कहा कि बनारस केवल एक शहर नहीं, बल्कि जीवंत संस्कृति, परंपरा और इतिहास का अद्भुत संगम है। काशी की असली पहचान उसकी संकरी गलियों, प्राचीन भवनों, पारंपरिक दरवाजों, घाटों और यहां के रहन-सहन में छिपी हुई है। जब किसी विदेशी पर्यटक को हेरिटेज वॉक के माध्यम से इन पहलुओं से परिचित कराया जाता है, तो वह केवल स्थानों को नहीं देखता, बल्कि एक संपूर्ण जीवन शैली और दर्शन को अनुभव करता है। 

उन्होंने पर्यटन क्षेत्र से जुड़े लोगों को सुझाव दिया कि वे हेरिटेज वॉक के दौरान केवल ऐतिहासिक तथ्यों तक सीमित न रहकर स्थानीय जीवनशैली, दैनिक दिनचर्या, खान-पान, परंपराओं और सामाजिक संरचना को भी टूर का हिस्सा बनाएं। इससे पर्यटक को एक गहरा और आत्मीय अनुभव प्राप्त होता है, जो उसके लिए यादगार बन जाता है। उन्होंने कहा कि काशी आने वाला हर व्यक्ति यहां से एक नया दृष्टिकोण और जीवन का अलग अनुभव लेकर जाता है। 

संचालन जैनेंद्र कुमार राय ने किया। इस मौके पर इंटैक वाराणसी के कंविनर अशोक कपूर, टीजीएफआई के अखिलेश कुमार, केजीए के भाव अग्रवाल, आईटीएफए के विक्रम मेहरोत्रा, एटीजीए के राजेश्वर सिंह, राजू भारद्वाज, जैनेंद्र कुमार राय आदि रहे। 

जनसुनवाई में खराब सड़क समेत आईं 12 शिकायतें
चुरामनपुर की संध्या देवी ने नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल से अपने क्षेत्र की सड़क काफी खराब होने की बात कही। यहां गलियों में खड़ंजा लगवाने की मांग की। मंगलवार को नगर निगम में संभव की जनसुनवाई में 12 शिकायतें आईं। नगर आयुक्त ने सभी शिकायत कर्ताओं को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं का समाधान होगा। जनसुनवाई में लहरतारा की ज्योति देवी ने जल निकासी, भगवानपुर के अंकुर पांडेय ने सार्वजनिक रास्ते से जुड़ी शिकायत की। 

महमूरगंज के अमरनाथ पाठक ने सफाईकर्मी, गिलट बाजार के प्रियांशु सोनकर और प्रभु सिंह ने ठेला पटरी, मंडुवाडीह की प्रेमशिला देवी ने कब्जा करने से जुड़ी शिकायत की। पंचक्रोशी के विकास कुमार ने जलकर और सीवरकर के भुगतान, कचहरी के एचके पांडेय ने नामांतरण, सरैया के रामचंद्र और नंदलाल ने नगर निगम कर्मचारियों को दंडित करने से जुड़ी शिकायत की। 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed