फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Varanasi News Today Accident three people died hearing of iit bhu student misdeed case on 26 November

Varanasi News Today: वाराणसी में हादसे...तीन लोगों की मौत, सामूहिक दुष्कर्म केस की सुनवाई 26 को; पढ़ें खबरें

Tue, 11 Nov 2025 05:22 AM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: अमन विश्वकर्मा Updated Tue, 11 Nov 2025 05:22 AM IST
सार

Varanasi News: वाराणसी में विभिन्न थाना क्षेत्रों में तीन लोगों ने अपनी जान गंवा दी। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, आईआईटी बीएचयू की छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म मामले में अब 26 नवंबर को सुनवाई होगी। आईए जानते हैं अन्य खबरें...

विज्ञापन
Varanasi News Today Accident three people died hearing of iit bhu student misdeed case on 26 November
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

Varanasi News in Hindi: कपसेठी थाना क्षेत्र के बाराडीह गांव में सोमवार दोपहर स्कूटी की टक्कर से सड़क किनारे बेटे के इंतजार में खड़ी सुरेखा देवी (42) की मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपी स्कूटी छोड़कर भाग निकला। पुलिस ने स्कूटी को कब्जे में लेकर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। साथ ही शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है ।

विज्ञापन


घोसिला (दुबेपुर) निवासी विजय राजभर की पत्नी सुरेखा देवी दोपहर में कालिका बाजार में खरीदारी करने गई थी। कालिका धाम-भाऊपुर मार्ग के बाराडीह गांव के पास सड़क किनारे वह बेटे का इंतजार कर रही थीं। तभी तेज रफ्तार स्कूटी सवार ने सुरेखा को टक्कर मार दी। 
विज्ञापन


घायलावस्था में उन्हें हाथी बाजार के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पुलिस ने भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने सुरेखा को मृत घोषित कर दिया। कपसेठी थानाध्यक्ष सधुवन राम गौतम ने बताया कि स्कूटी नंबर के आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही है। परिजनों ने पुलिस को बताया कि सुरेखा के पति विजय राजभर मुंबई में नौकरी करते हैं। बेटे के साथ सुरेखा गांव में रहती थीं।

विज्ञापन
विज्ञापन

ई-रिक्शा की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, दोस्त घायल
चौबेपुर थाना क्षेत्र के उमरहां के स्वर्वेद महामंदिर धाम के सामने वाराणसी गाजीपुर राजमार्ग पर सोमवार रात 9 बजे ई-रिक्शा और बाइक की टक्कर में बाइक सवार प्रतीक सिंह (19) की मौत हो गई। दूसरा साथी ईशान खान (20) घायल हो गया। पुलिस ने उसे बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया। गाजीपुर के भीमापार निवासी प्रतीक सिंह मित्र सैदपुर के हसनपुर डगरा निवासी ईशान खान के साथ बाइक से काशी घूमने आया था। शाम को दोनों लौट रहे थे। 

गाजीपुर की ओर घूमते ही सामने से तेज रफ्तार में आए ई-रिक्शा से टक्कर हो गई। चौकी प्रभारी चिरईगांव विकास कुमार मौर्या ने दोनों को सीएचसी नरपतपुर में भर्ती कराए, जहां चिकित्सकों ने प्रतीक सिंह को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने परिजनों को सूचना दी। सीएचसी पहुंचे मृतक के चाचा विनोद सिंह ने बताया कि प्रतीक के पिता संतोष सिंह व्यापार करते हैं। दो भाइयों में बड़ा था।

पीएसी और क्यूआरटी तैनात, तोड़फोड़ का आरोप
सुल्तानपुर में जल आपूर्ति को लेकर ग्राम प्रधान से मारपीट के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी के विरोध में पुलिस पर पथराव करने के 37 आरोपियों को सोमवार को जेल भेजा गया। 27 पुरुष और 10 महिलाएं शामिल हैं। 53 अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस गांव में दबिश दे रही है। दरोगा जेपी सिंह की तहरीर पर 14 अलग-अलग धाराओं में 90 आरोपियों पर केस दर्ज किया गया है।

उधर, गांव में एहतियातन पीएसी और क्यूआरटी तैनात है। समूह में किसी को इकट्ठा नहीं होने दिया गया। ग्रामीणों ने पुलिस पर बर्बरता और घर में तोड़फोड़ करने का आरोप लगाया। एक ही परिवार से पिता, पुत्र, पुत्री व पत्नी पर केस दर्ज हैं। एक ही परिवार के सभी सदस्यों को आरोपी बनाया गया है। कुछ ऐसे परिवार भी हैं, जिसमें पिता-पुत्र,पति-पत्नी, पिता- पुत्री सहित अन्य लोग आरोपी हैं।

रामनगर के सुल्तानपुर की रहने वाली वंदना तेतरा, रेखा, विनिता देवी, उषा ने आरोप लगाया कि पुलिस रात में बिना महिला सिपाही के ही घरों में घुस गई। सो रही महिलाओं को डंडे से पीटकर जगाया गया। घसीट कर ले गए। पुरुषों को मारते हुए ले जाने पर घर की बुजुर्ग व बच्चियों ने विरोध किया तो उनकी भी लाठी से पिटाई की गई। आधी रात के बाद गांव में घुसी पुलिस ने एक-एक घर की तलाशी ली, जिसने दरवाजा खोला तो ठीक नहीं तो दरवाजा तोड़कर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

अधिवक्ता के मकान के बाहर मिला नवजात बच्ची का शव
चौक थाना क्षेत्र के बेनिया बाग में अधिवक्ता राजेश सिंह के मकान के बाहर सोमवार सुबह नवजात बच्ची का शव मिला। बच्ची के हाथ में चीरे के निशान हैं। सुबह सफाई के दौरान अधिवक्ता ने शव देखा तो तुरंत चौक पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष व पियरी चौकी प्रभारी ने फॉरेंसिक टीम को बुलाकर जांच कराई। टीम ने घटनास्थल से रक्त व अन्य साक्ष्य एकत्र कर पोस्टमार्टम के लिए शव को भेज दिया। एसीपी दशाश्वमेध शुभम सिंह ने बताया कि सीसीटीवी कैमरों की मदद से जांच की जा रही है। 

आईआईटी बीएचयू की छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म मामले की सुनवाई 26 नवंबर को
फास्ट ट्रैक (प्रथम) के न्यायाधीश कुलदीप सिंह की अदालत में सोमवार को आईआईटी बीएचयू की छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म मामले की सुनवाई नहीं हो सकी। वारदात के वक्त पीड़िता के साथ मौजूद दोस्त की ओर से एक अर्जी दाखिल की गई और अदालत को बताया गया कि उसका विभागीय प्लेसमेंट चल रहा है। प्लेसमेंट की तैयारी में व्यस्त है इसलिए बयान दर्ज कराने के लिए कुछ समय दिया जाए। अदालत ने अर्जी को स्वीकार करते हुए सुनवाई की तिथि 26 नवंबर तय कर दी। इस मामले में एक आरोपी आनंद चौहान की ओर से छात्रा के दाेस्त से जिरह की जानी थी।

नदेसर में बाबा कालभैरव का वार्षिकोत्सव और भंडारा कल
श्री बाबा काल भैरव सेवा समिति की ओर से बुधवार को नदेसर स्थित लक्ष्मीघाट पर कालभैरव का वार्षिकोत्सव मनाया जाएगा। भंडारा लगेगा। समिति के सुजीत गुप्ता ने बताया कि बाबा का भव्य शृंगार होगा। कन्या पूजन किया जाएगा। भक्तों को प्रसाद भी वितरित किया जाएगा। 

दो गोदाम से 6555 लीटर ब्रांडेड कंपनी का नकली रिफाइंड बरामद, चार हिरासत में
ब्रांडेड कंपनियों के स्टिकर और टिन में नकली रिफाइंड भंडारण का एसओजी-2 ने सोमवार को खुलासा किया। पहड़िया के अशोक नगर कॉलोनी और सलारपुर के गोदाम में छापा मारकर 437 टिन से 6555 लीटर नकली रिफाइंड तेल मिला। चार आरोपियों को सारनाथ पुलिस ने हिरासत में लिया है। मौके से मालवाहक ऑटो, ब्रांडेड कंपनी के स्टीकर, थ्रीडी स्टीकर, प्रेस मशीन, ग्लू मशीन, मोहर समेत अन्य उपकरण बरामद हुए है। खाद्य आपूर्ति विभाग के अधिकारियों ने मौके से सैंपल भी लिया।

डीसीपी क्राइम सरवणन टी. ने बताया कि एसओजी-2 और सारनाथ थाना प्रभारी शिवानंद सिसौदिया को सूचना मिली कि नकली रिफाइंड का भंडारण किया जा रहा है। बड़े पैमाने पर नकली रिफाइंड की बिक्री हो रही है। मौके से चार लोगों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में मालूम चला कि फॉर्च्यून के रैपर, स्टीकर के जरिए नकली रिफाइंड तैयार कराकर अवैध तरीके से भंडारण किया जा रहा था। बाजार में इसकी बिक्री होती है। गोदाम मालिक के बारे में जानकारियां जुटाई जा रही हैं।

शरारती तत्वों ने खंडित की मां दुर्गा की प्रतिमा, आक्रोश
चौबेपुर के खरगीपुर गांव में मां दुर्गा मंदिर में प्रतिमा को रविवार रात शरारती तत्वों ने खंडित कर दिया। सोमवार सुबह ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले। पुजारी सच्चिदानंद मिश्रा ने पुलिस को बताया कि कुछ महीने पहले भी हनुमान जी की मूर्ति खंडित कर घंटा चोरी किया गया था।

दो दिन पहले बर्थरा खुर्द पल्टूबीर बाबा मंदिर की प्रतिमा तोड़ी गई थी।पिपरी गांव में दो हनुमान मंदिरों की प्रतिमाएं नष्ट की गई थीं। राजवारी गांव में हनुमान मंदिर की प्रतिमा को नष्ट किया गया था। ग्रामीणों ने सभी मामले में तहरीर दी। पुलिस शरारती तत्वों की पहचान नहीं कर सकी। प्रभारी निरीक्षक अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर दबिश दी जा रही है। 

महिलाओं ने लगाए पुलिस पर आरोप, घसीटकर ले गई पुलिस
रामनगर के सुल्तानपुर की रहने वाली वंदना तेतरा, रेखा, विनिता देवी, उषा ने आरोप लगाया कि पुलिस रात में बिना महिला सिपाही के ही घरों में घुस गई। सो रही महिलाओं को डंडे से पीटकर जगाया गया। घसीट कर ले गए। पुरुषों को मारते हुए ले जाने पर घर की बुजुर्ग व बच्चियों ने विरोध किया तो उनकी भी लाठी से पिटाई की गई। आधी रात के बाद गांव में घुसी पुलिस ने एक-एक घर की तलाशी ली, जिसने दरवाजा खोला तो ठीक नहीं तो दरवाजा तोड़कर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

कचहरी की सुरक्षा बढ़ाने की मांग
जिले में अधिवक्ताओं ने सुरक्षा को लेकर चिंता व्यक्त की। साथ ही कचहरी परिसर की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की। अधिवक्ताओं ने कहा कि 2007 में कचहरी में सीरियल धमाकों का दर्द अधिवक्ता और काशी के लोग झेल चुके हैं। दिल्ली बम धमाके में अधिवक्ताओं ने दुख और मृतकों के प्रति संवेदना व्यक्त की। बनारस बार एसोसिएशन के पूर्व महामंत्री नित्यानंद राय व अधिवक्ता गौतम झा ने कहा कि कचहरी परिसर संवेदनशील क्षेत्र है। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था की पुन: समीक्षा कर सीसीटीवी कैमरों, प्रवेश नियंत्रण, पुलिस पिकेट और डॉग स्क्वॉड की तैनाती बढ़ाई जाए। 

बुजुर्ग पेंशनरों ने दिया धरना, प्रताड़ित करने का लगा आरोप
बिजली विभाग के बुजुर्ग पेंशनरों ने सोमवार को विभाग के बाहर विभागीय विद्युत कनेक्शन पर मीटर लगाने के विरोध में प्रदर्शन किया। अधीक्षण अभियंता, नगरीय विद्युत वितरण मंडल-प्रथम और द्वितीय के सामने प्रदर्शन और धरना दिया। विद्युत पेंशनर परिषद के अध्यक्ष एके सिंह ने कहा कि वाराणसी क्षेत्र में लगभग 4500 की संख्या में सेवानिवृत कर्मचारी, अधिकारी, पारिवारिक पेंशनर्स हैं, जिनके हितों की रक्षा करने का दायित्व विद्युत पेंशनर परिषद, वाराणसी क्षेत्र का है। 

इनके परिसर में निजी एजेंसियों की ओर से मीटर लगाने की धमकी उनके मोबाइल पर दी जा रही है। उनको प्रताड़ित करने और पैसे की मांग की जा रही है। इससे बुजुर्ग पेंशनरों में अत्यधिक गुस्सा है। ज्ञापन देते हुए कहा कि जब तक नियामक आयोग द्वारा एलएमबी- 10 को पुनर्स्थापित करते हुए रेट शेड्यूल में न लाया जाए, तब तक बुजुर्ग पेंशनर सदस्यों के परिसर पर मीटर लगाने की कार्यवाही और बुजुर्ग पेंशनरों को प्रताड़ित करने की घटनाएं तत्काल प्रभाव से रोकी जाएं।

बम विस्फोट के मृतकों को व्यापारियों ने दी श्रद्धांजलि
दिल्ली में लाल किले के पास हुए बम विस्फोट के बाद काशी में शोक की लहर है। इस दुखद घटना की वरुणा क्षेत्र व्यापार मंडल, वाराणसी फर्नीचर एंड फर्निशिंग व्यापार मंडल, वाराणसी हिंदू बुनकर कल्याण समिति ने निंदा की है। वरुणा क्षेत्र व्यापार मंडल के महामंत्री सोमनाथ विश्वकर्मा ने कहा कि जिन निर्दोष लोगों ने अपनी जान गंवाई है, उनके प्रति गहरी संवेदना है। कहा कि जो लोग हादसे में घायल हुए हैं, उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। फर्नीचर व्यापार मंडल के अध्यक्ष अजय गुप्ता, महामंत्री रमेश यादव, कोषाध्यक्ष दिलीप गुप्ता गुड्डू, बुनकर कल्याण समिति के अध्यक्ष मनोज जायसवाल, विनोद गुप्ता, हृदय गुप्ता, संजय गुप्ता रहे। 

ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना और मारपीट का आरोप, केस
लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र के संजय नगर कॉलोनी निवासी पूजा मिश्रा ने ससुराल वालों पर प्रताड़ना और मारपीट का आरोप लगाकर केस दर्ज कराया है। मूलरूप से गोरखपुर की पूजा की शादी संजय नगर कॉलोनी निवासी राकेश तिवारी से हुई है। आरोप है कि शादी के बाद से ही उन्हें प्रताड़ित व उनके साथ मारपीट की जा रही है। थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह बताया कि केस दर्ज कर लिया गया है। जांच की जा रही है। 

पक्षपात का आरोप लगाकर अधिवक्ता ने दिया धरना
कचहरी में राजेंद्र भवन के पास अधिवक्ताओं में हुई मारपीट के मामले में सोमवार को एक पक्ष के अधिवक्ता राहुल राज ने परिसर में धरना दिया। राहुल राज का आरोप है शासकीय अधिवक्ता ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया। जबकि सेंट्रल बार एसोसिएशन ने एकतरफा कार्रवाई कर सदस्यता तीन साल के लिए निलंबित कर दी। यह पूरी तरह से गलत है। मारपीट के मामले में दोनों पक्ष ने एक दूसरे पर केस दर्ज कराया है।

बाइक सवार ने युवक को जड़े थप्पड़
चौबेपुर के रूस्तमपुर के स्कूल से घर लौटते समय सोमवार को सारनाथ के लेढ़ूपर निवासी कमलेश यादव को बाइक सवार युवकों ने थप्पड़ जड़ दिए। ग्रामीणों ने हमलावरों को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह भाग निकले। युवक ने सारनाथ थाने में केस दर्ज कराया। प्रभारी निरीक्षक अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी को जल्द पकड़ लिया जाएगा। 

नहाते समय महिला का बनाया वीडियो, केस दर्ज
सारनाथ थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर में नहाते समय महिला का वीडियो बनाने के तीन आरोपियों के खिलाफ सारनाथ थाने में केस दर्ज किया गया है। आरोप है कि विशाल गुप्ता, गुड्डू गुप्ता और शिवांश गुप्ता छत से चोरी छिपे वीडियो बना रहे थे। परिजनों ने विरोध किया तो आरोपियों ने अपशब्द कहे। साथ ही वीडियो वायरल करने की धमकी दी। आरोपियों ने 16 अक्तूबर 2024 को भी छत से वीडियो बनाया था। थाना प्रभारी शिवानंद सिसौदिया ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर तीनों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।

लूट के फरार आरोपी के घर नोटिस चस्पा
बड़ागांव थाना क्षेत्र के कबिराम पुर गांव निवासी और लूट के मामले में फरार आरोपी निलेश पटेल के घर मिर्जामुराद पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर डुगडुगी बजाकर नोटिस चस्पा किया। इस मामले में अन्य आरोपी जेल जा चुके हैं। बडागांव थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी फरार था, कोर्ट में हाजिर न होने पर कार्रवाई की गई है।

मोबाइल मिलते ही खिले चेहरे
लंका पुलिस ने चोरी हुए दस मोबाइल बरामद कर उनके मालिकों को सौंपे। मोबाइल मिलते ही सभी के चेहरे खिल उठे। प्रभारी निरीक्षक लंका राजकुमार शर्मा ने बताया कि अलग-अलग जगहों से मोबाइल गुम हुए थे। 

13 दिनों में 8.36 लाख यात्रियों ने बसों से किया सफर
दीपावली, छठ और देव दीपावली के 13 दिनों में 8.36 लाख यात्रियों ने रोडवेज बसों से सफर किया हैै। जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में केवल 7.48 लाख यात्रियों ने यात्रा किया था। यात्रियों की बढ़ती भीड़ के मद्देनजर परिवहन निगम ने अतिरिक्त बसें भी चलाई थी, जिससे यात्रियों की यात्रा आसान हुई। साथ ही रोडवेज ने 13 दिनों में 10.08 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में यह आंकड़ा 9.63 करोड़ रुपये था। क्षेत्रीय प्रबंधक परशुराम पांडेय ने बताया कि इस बार 523 के मुकाबले 623 बसें मैदान में उतारी गईं थीं। 

सिंधी पंचायत समाज ने निकाली विरोध प्रदर्शन यात्रा, फांसी देने की मांग
सिंधी समाज जिंदाबाद, अमित बघेल मुर्दाबाद, देशद्रोही आतंकी को फांसी दो...के नारों से शहर की सड़कें गूंज उठीं। सिंधी समाज की ओर से भगवान झूलेलाल पर टिप्पणी करने वाले अमित बघेल के खिलाफ विरोध प्रदर्शन यात्रा निकाली गई। सोमवार को पूज्य सिंधी सेंट्रल पंचायत समाज के अमर नगर स्थित कार्यालय से विरोध प्रदर्शन यात्रा निकाली गई। सिंधी समाज के लोग अमर नगर पहुंचे और वहां से विरोध प्रदर्शन यात्रा में शामिल हुए। 

समाज के लोगों ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से समाज को खंडित करने वाले अमित बघेल पर शीघ्र कार्रवाई करने के लिए अपर पुलिस महानिदेशक, वाराणसी परिक्षेत्र के माध्यम से ज्ञापन सौंपा। सिंधी समाज के लोगों ने कहा कि अमित बघेल ने सिंधी समाज को चुनौती दी है। 

शहर के समस्त सिंधी समाज की ओर से भगवान झूलेलाल का आशीर्वाद लेकर विरोध प्रदर्शन यात्रा निकाली। विरोध यात्रा सिगरा ,मलदहिया, नदेसर होते हुए, अपर पुलिस महानिदेशक कार्यालय पंहुची। इस दौरान शंकर विशनानी, राजेश रूपानी, सुरेंद्र लालवानी, रवि घावरी, मोहन बदलानी, जितेंद्र लालवानी उपस्थित रहे।

मोबाइल चोरी का आरोपी गिरफ्तार, 18 हजार नकद मिला
कोतवाली पुलिस ने सोमवार को मच्छोदरी पार्क के पास से औसानगंज निवासी मोबाइल चोर शाहीद जमाल को गिरफ्तार किया। तलाशी में उसके पास से 18 हजार रुपये मिले। पुलिस की पूछताछ में उसने बताया कि 12 अक्तूबर को मैदागिन पेट्रोल पंप के पास से एक राहगीर का मोबाइल चुराया था। थाना प्रभारी दयाशंकर सिंह ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।

बारह ज्योतिर्लिंग पदयात्रा पहुंची काशी, हुआ स्वागत
साध्वी सुमन की बारह ज्योतिर्लिंग पदयात्रा सोमवार को काशी पहुंची। श्रद्धा, आध्यात्मिकता और राष्ट्रीय एकता के प्रतीक के तौर पर शुरू यात्रा का करखियाव एग्रो पार्क के सामने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। अजय ऊदल की ओर से स्वागत गीत और मंगलाचरण की प्रस्तुति दी गई। साध्वी सुमन फूलपुर के अनमोल पाली क्लिनिक पर रात्रि विश्राम करेंगी।

मंगलवार सुबह फूलपुर से पिंडरा से होते हुए बाबतपुर तक पैदल यात्रा जाएगी। डॉ. रंगनाथ दुबे, डॉ. संगीता दुबे, ओम, रविंद्र, प्रमोद, अजय, मनीष पाठक समेत अनेक स्वयंसेवक व भाजपा कार्यकर्ता रहे। साध्वी की यह पद यात्रा पांच वर्षों में पूर्ण होगी जो 12 ज्योतिर्लिंग तक पहुंचेगी। यात्रा सोमनाथ से आरंभ होकर सोमनाथ पर समाप्त होगी। वर्तमान में यात्रा के एक साल 2 महीने 23 दिन पूर्ण हो चुके हैं।

दादी को हल्दी लगाकर किया ध्वज-कलश अर्पित
राणी सती दादी धाम समिति रामकटोरा के नेतृत्व में 13 दिवसीय मंगल कलश ध्वजा प्रभात फेरी निकली। सोमवार सुबह दादी के जयकारों से काशी जीवनदायिनी गोशाला गूंज उठी। भक्तों ने दादी को हल्दी उत्सव में हल्दी लगाकर ध्वज और कलश अर्पित किया। इसके पूर्व गोशाला के मैदान से प्रभात फेरी निकली गई। 

सोमवार को रंग-बिरंगे फूलों से सजी झांकी, कलश और ध्वजा का पूजन अर्चन कर संस्था के अध्यक्ष रमेश कुमार चौधरी और मंत्री निधि देव अग्रवाल ने प्रभात फेरी का शुभारंभ किया। रवि बूबना, वीरेंद्र अग्रवाल, आनंद तुलस्यान, सुरेश तुलस्यान, शरद शाह भजन गाते चले तो महिलाएं कलश, बच्चे और युवा ध्वज लिए चल रहे थे। मार्ग में जगह-जगह दादी की आरती की गई, भक्तों ने पुष्पवर्षा की। लोहटिया, कबीरचौरा, लहुराबीर होते प्रभात फेरी रामकटोरा स्थित दादी धाम मंदिर पहुंचीं। 

वहां कलश और ध्वजा-दादी के चरणों में अर्पित की गई तत्पश्चात वरुण शाखा की शैली तुलस्यान, पूजा बंसल के संयोजन में शशि बूबना, बीना अग्रवाल, अनिता तुलस्यान, शिखा अग्रवाल व समाज की अन्य महिलाओं ने नाचते गाते दादी को हल्दी लगाई व मंगल गीत गाए। संस्था के मंत्री निधि देव अग्रवाल के नेतृत्व में सामूहिक दादी चालीसा का पाठ हुआ। सहयोग में संस्था के अध्यक्ष रमेश कुमार चौधरी, महामंत्री निधि देव अग्रवाल मनोज बजाज, विश्वनाथ झुनझुनवाला, महेश अग्रवाल मौजूद रहे।

बीएचयू के प्रो. टीपी चतुर्वेदी को मिला चरक क्लीनिकल उत्कृष्टता पुरस्कार
आईएमएस-बीएचयू में दांत के विशेषज्ञ सीनियर प्रोफेसर टीपी चतुर्वेदी को ऑर्थोडॉन्टिक विधा में राष्ट्रीय चरक क्लीनिकल उत्कृष्टता पुरस्कार मिला। ये सम्मान इंडियन डेंटल एसोसिएशन की ओर से आठ नवंबर को मुंबई के जिओ कन्वेंशन सेंटर में चिली देश के राजदूत गोस्तावो गोंजालेज ने दिया। हर साल उत्कृष्ट शोध और इलाज के लिए डॉक्टरों को ये सम्मान दिया जाता है।

प्रो. चतुर्वेदी ने अब तक कुल 135 से ज्यादा शोध पत्र, तीन किताबें और कई किताबों के अध्याय प्रकाशित किए हैं। इसका अमेरिकन जर्नल और यूरोपियन जर्नल ने लगभग अब तक 2250 से ज्यादा बार संदर्भ दिया है। ऑर्थोडॉन्टिक मैटेरियल के लिए 2022 और 2023 में आईआईटी बीएचयू के सहयोग से पेटेंट दिया गया। 2011 से 2014 तक संकाय प्रमुख रह चुके हैं।

अग्निवीर : टेक्निकल पद के लिए 866 ने लगाई दौड़, 349 हुए सफल
छावनी के रणबांकुरे मैदान में अग्निवीर सेना भर्ती रैली के तीसरे दिन सोमवार को टेक्निकल पद के लिए 866 अभ्यर्थियों ने दौड़ लगाई। इसमें 349 अभ्यर्थी सफल हुए। इसके लिए 1052 अभ्यर्थियों को बुलाया गया था। दौड़ में असफल रहे अभ्यर्थियों को सेना के अधिकारियों ने भर्ती स्थल पर ही मोटिवेट किया। कहा कि असफलता से निराश नहीं होना है। कठिन और निरंतर प्रयास करते रहें सफलता जरूर मिलेगी।

भर्ती प्रक्रिया सेना की टीम की निगरानी में निर्धारित मानकों के अनुसार पूरी की गई। इससे पहले रविवार को क्लर्क और ट्रेडमैन पद के लिए हुई भर्ती प्रक्रिया में 1030 अभ्यर्थियों को बुलाया गया था। इसमें से 844 ने रेस में भाग लिया और 451 अभ्यर्थी सफल हुए थे। सैन्य अधिकारियों ने बताया कि भर्ती प्रक्रिया की निगरानी सीसी कैमरों से भी की जा रही है। भर्ती के बाद पुलिस की मौजूदगी में अभ्यर्थियों को गंतव्य के लिए रवाना किया गया। मंगलवार से जनरल ड्यूटी के पदों के लिए भर्ती होगी।

बीडीओ व डिप्टी सीवीओ ने गोशाला का किया निरीक्षण
मौसम में लगातार हो रहे परिवर्तन को देखते हुए जिला प्रशासन के निर्देश पर सोमवार को बीडीओ व डिप्टी सीवीओ ने गोशाला का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं परखीं। उन्होंने सचिव और केयरटेकर को आवश्यक निर्देश दिए। सोमवार को दोपहर बाद बीडीओ देवेंद्र सिंह, डिप्टी सीवीओ ओ पी पाण्डेय, पशु चिकित्सा अधिकारी नीलिमा थाना, परसरा व देवजी स्थित गोशाला का निरीक्षण किया।

इस दौरान व्यवस्था पर संतोष व्यक्त करते हुए केयरटेकर को सर्दी के मौसम को देखते हुए गायों को भरपूर चारा खिलाने के निर्देश दिए। ठंड से बचाव के लिए किए जा रहे उपायों को देखते हुए कहा कि एक सप्ताह में व्यवस्था को पूर्ण करें। डिप्टी सीवीओ ने पशु चिकित्सा अधिकारी नीलिमा को समय समय पर गोशाला का निरीक्षण कर पशुओं की देखभाल करने के निर्देश दिए।

जीएसटी के नियमों से ईंट उद्योग को मिला धोखा : निर्माता परिषद
ईंट निर्माता परिषद ने उत्तर प्रदेश राज्य कर के नियमों का विरोध किया है। इसमें कहा गया है कि जीएसटी के अधिकारी हर महीने ईंट भट्ठों का निरीक्षण कर आय-व्यय का लेखा देखेंगे। निर्माता परिषद के पदाधिकारियों ने नदेसर स्थित कार्यालय पर बैठक कर इस नियम का विरोध किया है। अध्यक्ष कमलाकांत पांडेय ने इस आदेश को भ्रष्टाचार व उत्पीड़न करने वाला बताया है। कहा कि जीएसटी संशोधन में सरकार ने न्याय नहीं किया है। कोयले पर जीएसटी 5 प्रतिशत से बढ़ाकर 18 प्रतिशत करने से ईंट के दाम बढ़ेंगे। जल्द ही यह आदेश वापस नहीं हुआ तो संस्था के पदाधिकारी मुख्यमंत्री, प्रदेश एवं केंद्रीय वित्तमंत्री से शिकायत करेंगे।

अधिकतम 28.2 और न्यूनतम 12.6 डिग्री पहुंचा तापमान
बनारस के आसपास दो जिलों मिर्जापुर और सोनभद्र में शीतलहर का यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विज्ञान विभाग की ओर से सोमवार को ये चेतावनी दी गई। वहीं कहीं-कहीं पर आंशिक लहर की भी संभावना बन गई है। ऐसा मौसम आगामी 2-3 दिनों तक बना रह सकता है। हिमालय पर हुई बर्फबारी के ठंडी हवा पश्चिमी विक्षोभ के माध्यम से मैदानों तक पहुंच रही है। इससे तापमान में गिरावट आ गई है। सोमवार को 12.6 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ इस सीजन की सबसे ठंडी रात रही। वहीं दिन का पारा 28.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा भी 11 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से बही। 

विद्यापीठ में शिक्षकों-शोधार्थियों के लिए 8 दिन का प्रशिक्षण शुरू
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ द्वारा विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालयों के शिक्षकों और शोधार्थियों के लिए आठ दिन का ऑनलाइन प्रशिक्षण शुरू किया गया। कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति भारतीय समाज के भावी नागरिकों में आवश्यक ज्ञान, कौशल एवं मानवीय मूल्यों को विकसित करने के लिए एक महत्वपूर्ण दस्तावेज है। हमारी शैक्षिक गतिविधियों जैसे- कोर्स, शिक्षण विधि, शिक्षा अनुभव और शैक्षिक परिवेश आदि को राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुसार बदलना होगा, तभी हम भारत को आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बना सकते हैं। 

बेरोजगारी, स्त्री-जीवन, गरीबों का संघर्ष दिखाता है अमरकांत का साहित्य
प्रसिद्ध कथाकार अमरकांत की जन्मशती पर सोमवार को यूपी कॉलेज में एक दिन की संगोष्ठी हुई। भारतीय समाज और अमरकांत की थीम पर कथाकार रणेंद्र ने कहा कि अमरकांत बेरोजगारी, स्त्री-जीवन और गरीबों के संघर्ष का चित्रण करते हैं। कथा-भाषा का सौंदर्य मूल तौर पर देह-भाषा का सौंदर्य है। बीएचयू के प्रो. श्रीप्रकाश शुक्ल ने कहा कि अमरकांत के कथा-साहित्य का स्वर पुरबिया स्वर है। 

प्रो. शुक्ल ने आगे यह भी कहा कि अमरकांत के कथा-साहित्य में जनतांत्रिक मूल्यों की प्रतिबद्धता, भूख की सामाजिकता और नियति का नहीं निर्माण की चेतना है। प्रो. मनोज कुमार सिंह ने कहा कि अमरकांत की कहानियों में सौंदर्य का यथार्थ धीरे-धीरे प्रकट होता है, जो किसी एक केंद्र तक सीमित नहीं है। प्राचार्य प्रो. धर्मेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि अमरकांत प्रेमचंद की परंपरा के ऐसे रचनाकार थे जो जिज्ञासु यथार्थवादी थे।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed