फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   VAranasi News today 50 lakh fraud in 15 lakhs defrauded by posing as senior citizen officer

News: वाराणसी में 50 लाख की धोखाधड़ी, सीनियर सिटीजन अधिकारी बनकर 15 लाख ठगे; पढ़ें अन्य खबरें

Sun, 06 Jul 2025 06:00 AM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: अमन विश्वकर्मा Updated Sun, 06 Jul 2025 06:00 AM IST
सार

Varanasi News Today: वाराणसी के भेलूपुर थाना क्षेत्र में 50 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला दर्ज हुआ है। वहीं, सीनियर सिटीजन अधिकारी बनकर जमीन का विवाद निपटाने के नाम पर 15 लाख रुपये की ठगी की गई। आइए जानते हैं अन्य खबरें...

विज्ञापन
VAranasi News today 50 lakh fraud in 15 lakhs defrauded by posing as senior citizen officer
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

Varanasi News in Hindi: पावर लूम मशीन की बिक्री करने वाले व्यापारी से उसके अकाउंटेंट ने 50 लाख रुपये की धोखाधड़ी की है। पीड़ित व्यापारी ने शुक्रवार की रात भेलूपुर थाने में केस दर्ज कराया। बजरडीहा के रहने वाले पीड़ित सकलैन ने पुलिस को बताया कि पावर लूम मशीन बनाने और बिक्री का कारोबार करता है।

विज्ञापन


अकाउंटेंट आशुतोष गुप्ता फर्म का लेखा जोखा देखता था। मार्च में आशुतोष ने 50 लाख का लोन कराकर हड़प लिया। इसमें आसिफ और अज्ञात शामिल हैं। इंस्पेक्टर सुधीर कुमार त्रिपाठी ने बताया कि मुकदमा दर्ज करते हुए जांच की जा रही है।
विज्ञापन


साइबर ठगी पीड़िता के 18 लाख होल्ड कराए
डिजिटल अरेस्ट के जरिये महिला से 81 लाख की साइबर ठगी के मामले में साइबर क्राइम थाने की टीम ने 18 लाख रुपये बैंक खाते में होल्ड कराए गए। बैंक खातों और मोबाइल नंबरों को साइबर क्राइम की टीम ट्रेस करा रही है। पीड़िता से टीम ने शनिवार को भी पूछताछ की है। काशी जोन के एडीसीपी सरवणन टी. ने बताया कि पीड़िता मीतू गोठी का 18 लाख रुपये होल्ड करवाए गए। साइबर जालसाजों ने कई बैंक खातों में रुपये ट्रांसफर कराए। 
विज्ञापन
विज्ञापन


बैंक खातों के जरिये आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास है। जल्द ही गिरफ्तारी और अन्य रुपये भी बरामद कराए जाएंगे। कोतवाली के गोपाल मंदिर निवासी मीतू गोठी ने साइबर क्राइम पुलिस को बताया कि वह संपत्ति बेचकर पति अनुज कुमार गोठी का किडनी ट्रांसप्लांट कराया। अभी उपचार जारी ही है। इस बीच साइबर जालसाजों ने तीन दिन तक डिजिटल अरेस्ट कर 81 लाख रुपये हड़प लिए।

16 दुकानों की जांच की, पनीर के 13 नमूने लिए
आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने शनिवार को अभियान चलाकर 16 दुकानों की जांच की। टीम ने पनीर के 13 नमूने लेकर जांच के लिए भेजे। सहायक आयुक्त (खाद्य) द्वितीय कौशलेंद्र शर्मा ने बताया कि टीम ने सुंदरपुर, संगत मैदान रामनगर, चन्द्रा चौराहा, घुरहुपुर सारनाथ, सीरगोवर्धन, नैपुरा कला, डाफी, इसरवार, राजातालाब आदि इलाकों में छापा मारा। दुकानदारों को चेतावनी दी गई कि मिलावटी सामान की बिक्री न करें। 

बीएचयू की जमीन पर कब्जे का विरोध, सौंपा ज्ञापन
बीएचयू की जमीन पर कब्जे का छात्रों ने विरोध किया। शनिवार को एनएसयूआई की ओर से बीएचयू के रजिस्ट्रार प्रो. अरुण सिंह को ज्ञापन दिया। कहा कि नरिया गेट के समीप जमीन पर कोविड लॉकडाउन के दौरान अवैध निर्माण कार्य प्रारंभ हुआ, जो अब भी जारी है। विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा स्वयं लगाए गए बोर्ड में भी निर्माण निषेध की बात अंकित है, फिर भी चार वर्षों से मैरेज लॉन और हॉल का अवैध निर्माण किया जा रहा है। छात्रों ने कहा कि यदि प्रशासन इस विषय में शीघ्र कार्रवाई नहीं करता है, तो आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। 

VAranasi News today 50 lakh fraud in 15 lakhs defrauded by posing as senior citizen officer
साइबर अपराध (सांकेतिक तस्वीर) - फोटो : Amar Ujala

सीनियर सिटीजन अधिकारी बनकर 15 लाख ठगे
सीनियर सिटीजन अधिकारी बनकर जमीन का विवाद निपटाने के नाम पर 15 लाख रुपये की ठगी की गई। इस मामले में मां, बेटे समेत तीन के खिलाफ शनिवार को कैंट थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। भेलूपुर थाना क्षेत्र के केदार नगर कॉलोनी निवासी छेदी लाल सिंह ने पुलिस को बताया कि आरोपी अमन पाठक ने विकास भवन स्थित पंचम तल पर बुलाकर ओमप्रकाश चौबे नामक व्यक्ति की उपस्थिति में जमीन पर अवैध कब्जे की झूठी शिकायत की। 

इसके बाद शिकायत खारिज करने का फर्जी आदेश सौंपा। इसके बाद कई बार में 8 लाख रुपये लिए। तिलमापुर स्थित अमन के घर पर उसकी मां संध्या पाठक को तीन बार में सात लाख रुपये दिए। आरोप है कि रुपये लेने के बाद भी न तो कोई कार्रवाई हुई, न ही जमीन विवाद का समाधान किया गया। 

बाद में पता चला कि अमन पाठक का विकास भवन में कोई कार्यालय नहीं है। छानबीन पर सामने आया कि अमन पाठक ने अन्य लोगों के साथ भी इसी तरह धोखाधड़ी की है। इस बारे में कैंट इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि बेटे अमन पाठक, मां संध्या पाठक और अजय कुमार के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है। 

मारपीट में घायल लोगों से मिले सपा नेता
चौबेपुर थाना क्षेत्र के छितौना में मारपीट में घायल हुए लोगों से शनिवार को सपा नेताओं ने मुलाकात की। सपा जिलाध्यक्ष सुजीत यादव लक्कड़ ने बीएचयू ट्राॅमा सेंटर में भर्ती भोला राजभर, राम गुलाम राजभर, छोटू राजभर एवं सुरेंद्र राजभर का हाल जाना। इस दौरान स्नातक एमएलसी आशुतोष सिन्हा सत्यप्रकाश सोनकर सोनू, हीरालाल मौर्या, वरुण सिंह, अक्षय प्रधान बबलू मौजूद रहे।

शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने का आरोपी गिरफ्तार
युवती को शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने के आरोपी को महिला थाने की पुलिस ने शनिवार को कोनिया हनुमान मंदिर के पास आदमपुर से गिरफ्तार किया। थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी मिर्जा गालिब उर्फ इसरार अहमद निवासी सरैयां मुस्लिमपुरा विशेश्वरगंज का है। 

दो वाहनों की टक्कर से कंटेनर चालक की मौत
रामनगर थाना क्षेत्र के टेंगरा मोड़ ओवरब्रिज पर शुक्रवार की रात दो वाहनों की टक्कर से कंटेनर चालक की मौत हो गई। इटावा के बैगपुर थाना क्षेत्र के नागला छत्ते निवासी चालक मोती लाल (30) कंटेनर पर सामान लादकर बिहार से वाराणसी आ रहे थे। टेंगरा मोड़ स्थित ओवरब्रिज पर सामने से आ रहे भारी वाहन ने कंटेनर में टक्कर मार दी। हादसे में कंटेनर का केबिन क्षतिग्रस्त हो गया और चालक मोतीलाल फंस गए। 

आसपास के लोगों ने चालक को बाहर निकालकर लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। टक्कर मारने के बाद चालक वाहन समेत भाग निकला। इंस्पेक्टर दुर्गा सिंह ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। दूसरे वाहन चालक की तलाश की जा रही है।

वृद्धा के गले से मंगलसूत्र छीनकर भागा बदमाश
आदमपुर थाना क्षेत्र के तेलियाना मोड़ के पास दिनदहाड़े ई-रिक्शा सवार वृद्धा के गले से मंगलसूत्र छीनकर बदमाश भाग निकला। इस मामले में वृद्धा के बेटे ने शुक्रवार को आदमपुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।

कज्जाकपुरा कोनिया के धोबीघाट निवासी बेटे प्रद्युमन ने पुलिस को बताया कि उनकी मां उर्मिला देवी 1 जुलाई की दोपहर ई -रिक्शा में सवार होकर मंडलीय अस्पताल कबीरचौरा से घर लौट रही थीं। जब वह तेलियाना मोड़ के पास पहुंचीं, तो ई-रिक्शा में बगल में बैठे एक अज्ञात व्यक्ति ने उनके गले से सोने का मंगलसूत्र छीन लिया। पीड़ित ने बताया कि मां की तबीयत को देखते हुए वह तत्काल थाने नहीं आ सका। इस बारे में इंस्पेक्टर वीरेंद्र सोनकर ने बताया कि घटनास्थल के आसपास सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं।

सिकरौल में अवैध निर्माण सील
वाराणसी के सिकरौल क्षेत्र स्थित मीरापुर बसही, खुशहाल नगर कॉलोनी में वीडीए ने एक अवैध निर्माण को सील कर दिया। इसका नक्शा पास नहीं कराया गया था। जोनल अधिकारी शिवजी मिश्रा ने बताया कि क्षेत्र में अनिल सिंह बिना स्वीकृत नक्शे के पहले भूतल की छत डाली गई थी। निर्माण को सील कर दिया गया है।

साइबर अपराध से बचने के दिए टिप्स
कैंट थाना क्षेत्र स्थित बीएसएनएल कार्यालय के पास शनिवार को साइबर अपराध जागरूकता कार्यक्रम चलाया गया। साइबर क्राइम थाने की टीम ने लोगों को साइबर अपराधों से बचाव की जानकारी दी।उप निरीक्षक आलोक रंजन सिंह ने लोगों को बताया कि निजी जानकारी सोशल मीडिया पर साझा न करें, अज्ञात लिंक या ईमेल पर क्लिक करने से बचें।

अपना बैंक डिटेल्स किसी के साथ साझा न करें। अजनबी को सोशल मीडिया पर न जोड़ें। ओटीपी या पिन न बताएं और गिफ्ट स्कीम के झांसे में न आएं। लोगों को सलाह दी कि वे साइबर अपराध के डर से रिपोर्ट करने में देरी न करें और हर वेबसाइट पर एक ही पासवर्ड का उपयोग न करें।

दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार
दुष्कर्म के एक मामले में आरोपी को रामनगर पुलिस ने शनिवार को टेंगरा मोड के पास गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष दुर्गा सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी मिर्जापुर बेलखरा भगवानपुर अभियुक्त सत्येंद्र यादव का रहने वाला है। दो जुलाई को न्यायालय के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही थी। 

किशोरी को भगाकर ले जाने वाले पर मुकदमा दर्ज
लंका थाना क्षेत्र सामनेघाट इलाके में रहने वाली किशोरी को भगाने के आरोप में पुलिस ने किशोरी की बड़ी बहन की शिकायत पर समीर के खिलाफ केस दर्ज किया। थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि मुकदमा दर्जकर जांच की जा रही है। 

इलेक्ट्रॉनिक की दुकान में चोरी
चौबेपुर के व्यासपुर गांव में शुक्रवार रात इलेक्ट्रॉनिक की दुकान का शटर चाढ़कर चोर हजारों का सामान उठा ले गए। शनिवार की सुबह दुकानदार ने पुलिस को सूचना दी। तहरीर में बताया कि दुकान से डीजे मशीन, स्टेपलाइजर, साउंड मिक्चर मशीन समेत अन्य सामान चोरी हुआ है। थानाध्यक्ष रविकांत मलिक ने बताया कि तहरीर लेकर पुलिस जांच कर रही है।

ढाबा संचालक के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज
मिर्जामुराद के रूपापुर स्थित विधान ढाबा संचालक प्रगट नारायण सिंह के खिलाफ पुलिस ने अनैतिक देह व्यापार, धोखाधड़ी समेत अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज किया गया है। मिर्जामुराद थाना प्रभारी प्रमोद पांडेय ने बताया कि यह ढाबा राहगीरों को खाने पीने के लिए खोला गया। छात्रा की हत्या के बाद संज्ञान में आया है कि ढाबे की आड़ में कमरों को गलत उपयोग के लिए दिया जा रहा था। इसमें ढाबा मालिक प्रगट नारायण सिंह समेत अन्य कर्मचारी शामिल थे। सभी के खिलाफ केस दर्ज किया गया। 

VAranasi News today 50 lakh fraud in 15 lakhs defrauded by posing as senior citizen officer
आईआईटी बीएचयू। - फोटो : अमर उजाला

आईआईटी बीएचयू में शिक्षकों को रिसर्च एक्सीलेंस फेलोशिप, 4 साल में मिलेंगे 9.60 लाख
आईआईटी बीएचयू में रिसर्च एक्सीलेंस फेलोशिप की शुरुआत की गई है। केमिकल इंजीनियरिंग, मैकेनिकल इंजीनियरिंग और मेटलर्जिकल इंजीनियरिंग के प्रोफेसरों को फायदा मिलेगा। युवा और वरिष्ठ हर उम्र के प्रोफेसरों को हर महीने 20 हजार रुपये दिए जाएंगे। इस फेलोशिप की अवधि दो वर्ष है। हालांकि, बाद में कुछ शर्तों के साथ इसे दो वर्षों तक बढ़ाया जा सकता है। चार साल लगातार फेलोशिप को लिया जा सकेगा। ऐसे में कुल मिलाकर 9.60 लाख रुपये मिलेंगे। ऑनलाइन आवेदन एक जुलाई से शुरू हो गया है। 31 जुलाई आवेदन की अंतिम तिथि है।

इन विषयों पर रिसर्चरों को मिलेगी तरजीह
केमिकल इंजीनियरिंग में अक्षय ऊर्जा और टिकाऊ विज्ञान। मैकेनिकल इंजीनियरिंग में विनिर्माण, डिजाइन, थर्मल और फ्लुएड इंजीनियरिंग। मेटलर्जिकल इंजीनियरिंग में कंप्यूटेशनल मटेरियल इंजीनियरिंग, सस्टेनबल मटेरियल्स, कोलिजन में बेहतर काम करने वाले प्रोफेसरों को फेलोशिप दी जाएगी।

विधायक गोपाल शर्मा ने किया संत नारायण पुनर्वास केंद्र का शुभारंभ
जयपुर (राजस्थान) के सिविल लाइंस के विधायक गोपाल शर्मा और काशी विश्वनाथ मंदिर के प्रधान अर्चक श्रीकांत मिश्रा ने शनिवार को काशी विद्यापीठ ब्लॉक-शिवदासपुर मार्ग पर स्थित संत नारायण पुनर्वास संस्थान का फीता काटकर शुभारंभ किया। गोपाल शर्मा ने कहा कि यह संस्थान असहायों व जरूरतमंदों के जीवन को नई दिशा देने में संजीवनी का काम करेगा। वरिष्ठ पत्रकार अत्रि भारद्वाज ने भी विचार रखे। इस दौरान राकेश पांडेय, एसएन सिंह, डॉ. दिग्विजय मिश्रा, डॉ. सुधांशु पांडेय, राजेश पांडेय मौजूद रहे। विधायक ने काशी विश्वनाथ मंदिर और संकटमोचन मंदिर में दर्शन पूजन किए।

बायोमैट्रिक अटेंडेंस सिस्टम पर सेमिनार
बरेका केंद्रीय चिकित्सालय में शनिवार को सेमिनार में वरिष्ठ आंकड़ा संगणक प्रबंधक संतोष कुमार सिंह ने मोबाइल एप से आधार इनेबल्ड बायोमैट्रिक अटेंडेंस सिस्टम के उपयोग पर एक विस्तृत व्याख्यान दिया। बताया कि एईबीएएस एक डिजिटल उपस्थिति प्रणाली है जो कर्मचारियों की उपस्थिति को सत्यापित करने के लिए आधार संख्या और बायोमैट्रिक प्रमाणीकरण का उपयोग करती है।

एप को एंड्रॉयड और आईओएस प्लेटफॉर्म पर कार्यालय परिसर के भीतर ही इस्तेमाल किया जा सकता है। यह नई प्रणाली मोबाइल उपकरणों पर आधारित है, कर्मचारी टैबलेट या स्मार्टफोन के माध्यम से उपस्थिति दर्ज कर सकेंगे। इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल चिकित्साधिकारी डॉ. मधुलिका सिंह, सुरेंद्र, प्रमोद कुमार, अजय कुमार उपस्थित थे। 

शिक्षा विभाग के दो प्रधान सहायक सेवानिवृत्त
राजकीय पुस्तकालय एलटी कॉलेज में शनिवार को दो वरिष्ठ प्रधान सहायक सुभाष सिंह और राकेश कुमार को सेवानिवृत्ति पर विदाई दी गई। समारोह जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय की ओर से हुआ। सुभाष सिंह यूपी एजुकेशनल मिनिस्ट्रीयल ऑफिसर्स एसोसिएशन के प्रांतीय उपाध्यक्ष भी हैं। 

कर्मचारियों ने दोनों सेवानिवृत्त अधिकारियों को माला, फूल, स्मृति चिह्न और अंगवस्त्रम देकर सम्मानित किया। मोहन लाल गुप्ता और गुरु प्रसाद ने जल और गीतों से सभी का मन मोह लिया। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के जिलाध्यक्ष शशिकांत श्रीवास्तव ने कर्मचारियों की घटती संख्या पर चिंता व्यक्त की। इस दौरान संयुक्त शिक्षा निदेशक दिनेश सिंह, उप शिक्षा निदेशक एके सिंह, चंद्रजीत यादव, सोमारु प्रधान, परमानंद सिंह उपस्थित थे।

एही ठइयां मोतिया हेराइल हो रामा...
छावनी परिषद एवं दीपिका कल्चरल सोसायटी ऑफ इंडिया की ओर से आयोजित वरुणा संध्या में शहनाई वादक बबलू कुमार की प्रस्तुति हुई। शनिवार को कैंटोंमेंट के नेहरू पार्क में आयोजित वरुणा संध्या में शहनाई वादक बबलू कुमार ने राग बसंत तीन ताल में पहली प्रस्तुति दी।

उसके बाद प्रसिद्ध मिर्जापुरी कजरी घेरी घेरी आई सावन की बदरिया... पेश किया। प्रसिद्ध चैती एही ठइयां मोतिया हेराइल हो रामा....के बाद समापन राम भजन राम आएंगे आएंगे राम आएंगे... प्रस्तुत कर माहौल को राममय कर दिया। कलाकारों को प्रमाणपत्र दीपिका कल्चरल सोसायटी ऑफ इंडिया के अध्यक्ष अजय गुप्ता ने प्रदान किया।

VAranasi News today 50 lakh fraud in 15 lakhs defrauded by posing as senior citizen officer
दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल। - फोटो : अमर उजाला

जिला अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में शिफ्ट हुआ शुल्क काउंटर
दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल के शुल्क काउंटर को ट्रॉमा सेंटर में शिफ्ट कर दिया गया है। ईसीजी जांच के साथ ही प्लास्टर करवाने वाले और ऑपरेशन करवाने वाले मरीजों का शुल्क यहीं पर जमा होगा। अस्पताल में आने वाले मरीजों के लिए अब तक ईसीजी शुल्क, प्लास्टर शुल्क, ओटी शुल्क के लिए अस्पताल की ओपीडी ब्लॉक में बने काउंटर पर व्यवस्था थी। इस व्यवस्था से इमरजेंसी में आने वाले मरीजों के साथ ही अन्य मरीजों को सहूलियत होगी।

VAranasi News today 50 lakh fraud in 15 lakhs defrauded by posing as senior citizen officer
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ। - फोटो : अमर उजाला

हर क्षेत्र में बढ़ रही डिजिटल माध्यमों की दखल, साक्ष्यों के प्रमाणीकरण में हैं चुनौतियां
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में शिक्षाशास्त्र विभाग के मालवीय मिशन शिक्षक प्रशिक्षण केंद्र की ओर से संकाय संवर्धन कार्यक्रम में वक्ताओं ने डिजिटल माध्यमों पर चर्चा की। राजस्थान विश्वविद्यालय जयपुर के विधि संकाय के डॉ. मयंक बरनवाल ने कहा कि हर क्षेत्र में डिजिटल माध्यमों की दखल बढ़ती जा रही है। साथ ही साक्ष्यों के प्रमाणीकरण में चुनौतियां बहुत सी है। इन चुनौतियों के निस्तारण की दिशा में कार्य की जरूरत है। 

भारतीय साक्ष्य अधिनियम- 2023 पर डॉ. मयंक ने कहा कि डिजिटल युग में संचार और संप्रेषण के क्षेत्र में अत्यधिक विस्तार हुआ है। आज जीवन के किसी भी क्षेत्र में डिजिटल माध्यमों की दखल से इंन्कार नहीं किया जा सकता है। डॉ. राजीव सोनी ने व्यक्तिगत सुरक्षा के संबंध में भारतीय न्याय संहिता के प्रावधानों, चोरी सहित अन्य बिंदुओं पर बात रखी। स्वागत विभागाध्यक्ष प्रो. सुरेंद्र राम, संचालन प्रो. रमाकांत सिंह, तकनीकी सहयोग विनय सिंह और धन्यवाद डॉ. आशिक इकबाल ने किया।

सफाई व्यवस्था परखने मेयर सड़क पर उतरे मेयर, मिलीं खामियां
शहर की सफाई व्यवस्था परखने मेयर अशोक तिवारी नगर निगम के अधिकारियों के साथ शनिवार को सड़क उतरे। इस दौरान उन्हें कई जगहों पर खामियां मिलीं। उन्होंने व्यवस्था को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। मेयर ने संकट मोचन साकेत नगर, नरिया क्षेत्रों में सफाई, कूड़े का उठान, नालों की सफाई, जल भराव, गड्ढों, मार्ग प्रकाश आदि का निरीक्षण किया। साकेत नगर के सामने कूड़े का ढेर हटाने के निर्देश दिए।

इसके अलावा साकेत नगर काॅलोनी के गेट पर मैनहोल का ढक्कन तत्काल ठीक कराने, खराब स्ट्रीट लाइट को ठीक कराने, अस्सी नदी पुलिया के पास नाले की सफाई कराने के निर्देश दिए। इस दौरान मुख्य अभियंता मोइनुद्दीन, महाप्रबंधक जलकल अनूप सिंह, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डा. एस. के. चौधरी मौजूद रहे।

काशी में मांस-मदिरा पर रोक लगाने की मांग
सावन में काशी में मांस-मदिरा की बिक्री पर रोक लगाने की मांग के लिए शिवसेना प्रवक्ता डा. ओम प्रकाश मिश्रा ने अपर पुलिस आयुक्त राजेश कुमार सिंह को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया है कि सावन में हजारों की संख्या में कांवड़िए आते है। इस बीच यदि शहर की सड़कों पर मांस व मदिरा की खुली बिक्री होती है, तो इससे श्रद्धालुओं की आस्था को ठेस पहुंच सकती है। 

सावन के लिए कैंट रेलवे स्टेशन पर अतिरिक्त बल
सावन में बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए कैंट रेलवे स्टेशन पर तैयारी शुरू हो गई है। रेलवे ने अतिरिक्त फोर्स की मांग की है, ताकि सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन सुचारू रूप से हो सके। इसके साथ ही श्रद्धालुओं को सुगमता से टिकट उपलब्ध कराने के लिए मोबाइल यूटीएस (यूनिफाइड टिकटिंग सिस्टम) की व्यवस्था की जाएगी। 

स्टेशन पर पहले से ही एक इमरजेंसी मेडिकल रूम और एक 24 घंटे कार्यरत हेल्थ यूनिट मौजूद है। भीड़ नियंत्रण के लिए मुख्य सर्कुलेटिंग एरिया (कार और ऑटो पार्किंग) को नो व्हीकल जोन घोषित करने की सिफारिश मंडल कार्यालय से की गई है। स्टेशन डायरेक्टर अर्पित गुप्ता ने बताया कि आवश्यकता पड़ने पर खाली पड़े प्लेटफॉर्मों पर यात्रियों को रोका जाएगा और अत्यधिक भीड़ की स्थिति में विशेष ट्रेनें भी चलाई जा सकती हैं, जैसा कि महाकुंभ के दौरान किया गया था। 

टाउनहाॅल शाॅपिंग काॅम्पलेक्स 38 दुकानें आवंटित
नगर निगम ने मैदागिन स्थित टाउनहाॅल काॅम्पलेक्स में शनिवार को 38 दुकानदारों को दुकानें आवंटित की हैं। यह आवंटन लाटरी सिस्टम के माध्यम से किया गया। नगर निगम द्वारा कई साल पहले मैदागिन में टाउनहाॅल के पास पटरियों पर 40 लोगों की गुमटी-पटरी से हटाकर दुकान लगाने के लिए स्थान का आंवटन किया गया था। वर्तमान में यहां भारी भीड़ होने और आवागमन में बाधा के कारण निगम ने उसी स्थान पर टाउनहाॅल शापिंग काॅम्पलेक्स का निर्माण कराया। इसमें 58 दुकानें निर्मित हैं। निगम 14 रुपये प्रतिवर्ग फुट की मासिक दर से किराया लेगा। 

नगर निगम ने तीन माह में 1.07 करोड़ रुपये किराया वसूला
नगर निगम द्वारा वित्तीय वर्ष 2025-26 में अप्रैल से जून तक, तीन माह में नगर निगम की दुकानों से रिकॉर्ड किराये की वसूली की गई। तीन माह में 1.07 करोड़ रुपये जमा कराए। नगर आयुक्त अक्षत वर्मा के अनुसार नगर निगम प्रशासन ने 1734 दुकानों में किराया जमा करने के लिए क्यूआर कोड लगाया गया था। वित्तीय वर्ष 2024-25 में मात्र 2.71 करोड़ रुपये किराया जमा किया गया। 

VAranasi News today 50 lakh fraud in 15 lakhs defrauded by posing as senior citizen officer
वाराणसी में झमाझम बारिश। - फोटो : अमर उजाला

बनारस में दोपहर बाद रिमझिम बारिश, पारा 2 डिग्री गिरा
बनारस में शनिवार को दोपहर के बाद रुक-रुक कर पूरे दिन बारिश हुई। इससे सड़कों पर फिसलन हो गई और कहीं-कहीं जलभराव जैसी स्थिति बन गई। बनारस का तापमान बाकी दिनों के मुकाबले एक से दो डिग्री कम ही रहा। दोपहर एक बजे तक पारा 35 डिग्री से ऊपर जा रहा था, मगर रिमझिम बारिश ने तापमान गिरा दिया और गर्मी न के बराबर हो गई।

हवा भी 19 किमी प्रति घंटे की गति से चली। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार बनारस में अगले तीन से चार दिनों तक बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। शनिवार को बनारस का अधिकतम तापमान सामान्य से 0.7 डिग्री ज्यादा 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री ऊपर 27.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 

पांच साल बाद महिला आश्रम से पहुंची घर
गोरखपुर की रहने वाली मैना पांच साल बाद अपना घर आश्रम से वापस घर गई। वहां नवंबर 2021 लंका थाने की पीआरवी के द्वारा डाफी बायपास रोड से असहाय अवस्था में भटकती मिली थी। अपना घर आश्रम के संस्थापक डॉ. के निरंजन ने बताया कि जिला प्रशासन के सहयोग से आश्रम में लगाए गए आधार शिविर के अनुसार पता की जानकारी होने पर उनके घर तक सूचना दी गई थी। परिवार के लोगों ने बताया कि 5 वर्ष पहले घर से बिना बताए महिला लापता हो गई थी। 

आरपीएफ ने 6 बच्चों को चाइल्ड लाइन भेजा
रेलवे सुरक्षा बल की एंटी-ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट टीम ने शनिवार को ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते के तहत रेलवे स्टेशन पर चेकिंग अभियान चलाया। सहायक उप निरीक्षक धर्मेंद्र यादव ने बताया कि 6 बच्चे को रेस्क्यू किया। इन्हें चाइल्ड लाइन को सौंप दिया गया।

श्रावणी मेले में महिलाओं ने की त्योहार की खरीदारी
सखी पैड बैंक की ओर से शनिवार को महमूरगंज स्थित एक लॉन में श्रावणी मेला लगा। महिलाओं ने अपने पसंद की सामग्री की खरीदारी की। इस दौरान निशुल्क सेनेटरी पैड का वितरण हुआ। डॉ. श्वेता सरिन, सीए रश्मि केशरवानी, प्रो. अनुरापा सिंह, डॉ. विनीत सिंह और डा. मोनिका सिंह ने मेले का शुभारंभ किया। मेले में स्थानीय और राष्ट्रीय स्तर के उद्यमियों ने अपने उत्पादों को प्रदर्शित किए थे। इस दौरान अतिका जैन, रूबी जैन, चारु जैन, प्राची गुप्ता, नम्रता, अनीता जायसवाल, उमा, स्वप्ना कपूर, पूजा श्रीवास्तव मौजूद रहीं।

हॉकी: उदय प्रताप इंटर कॉलेज बना चैंपियन
राजर्षि उदय प्रताप महाराज की स्मृति में तीसरा खेलो इंडिया अंडर-16 फाइव साइड हॉकी प्रतियोगिता का फाइनल मैच शनिवार को कॉलेज के मैदान पर खेला गया। रोमांचक मुकाबले में उदय प्रताप इंटर कॉलेज की टीम ने राजर्षि क्लब को 2-0 से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। फाइनल में उदय प्रताप इंटर कॉलेज की ओर से बहादुर और मंगल ने शानदार गोल कर टीम को निर्णायक बढ़त दिलाई। उदय प्रताप इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. रमेश सिंह ने विजेता टीम को बधाई दी। सतीश नारायण सिंह, अभिनव राय, सतीश यादव ने मुख्य भूमिका निभाई। 

डॉ. राजीव देवभूमि राष्ट्रीय रत्न पुरस्कार से सम्मानित
बीएचयू के डॉ. राजीव कुमार दुबे को देहरादून में देवभूमि राष्ट्रीय रत्न पुरस्कार से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उत्तराखंड सरकार के वन और तकनीकी शिक्षा विभाग के मंत्री सुबोध उनियाल ने दिया। इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल रिफॉर्म्स एंड हायर एजुकेशन की ओर से उन लोगों को सम्मानित किया जाता है, जिन्होंने अपनी उत्कृष्टता और सामाजिक प्रतिबद्धता के माध्यम से राष्ट्र में बेहतर योगदान दिया है।

डॉ. दुबे को उनके उल्लेखनीय साहित्यिक योगदान और मानसिक स्वास्थ्य और आध्यात्मिक कल्याण को बढ़ावा देने में उनके प्रभावशाली काम के लिए सम्मानित किया गया। उन्होंने कविता, दर्शन और समय प्रबंधन पर कई किताबें लिखी हैं।

यूपी बोर्ड : हाई स्कूल और इंटरमीडिएट की अंक सुधार परीक्षा टली
यूपी बोर्ड की ओर से 19 जुलाई को हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की अंक सुधार परीक्षा कावड़ यात्रा को देख टाल दी गई है। अब ये परीक्षा 26 जुलाई को होगी। राजकीय क्वींस इंटर कॉलेज को केंद्र बनाया गया है, जहां 600 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के क्षेत्रीय कार्यालय के सहायक सचिव साहब सिंह यादव ने बताया कि अंक सुधार परीक्षा की तिथि पहले 19 जुलाई थी, जिसे संशोधित किया गया है। पहली पाली में हाईस्कूल के छात्रों की परीक्षा सुबह 8.30 बजे से 11.45 बजे तक चलेगी, जबकि इंटरमीडिएट के छात्रों की परीक्षा दोपहर 2 से 3 बजे तक होगी। 

विद्यापीठ में तीन पाठ्यक्रमों में 55 ने करवाई काउंसिलिंग
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में 2025-26 में प्रवेश के लिए शनिवार को बीकॉम रिटेल ऑपरेशंस मैनेजमेंट, बीए (आनर्स) मॉस कम्युनिकेशन और बीम्यूज पाठ्यक्रमों की दूसरी काउंसिलिंग में 55 अभ्यर्थी शामिल हुए। बीकॉम रिटेल मैनेजमेंट में 17 की काउंसिलिंग के बाद सीटें भर गईं। 

प्रवेश सेल के सदस्य प्रो. नलिनी श्याम कामिल ने बताया कि बीए (आनर्स) मॉस कम्युनिकेशन में 28 अभ्यर्थियों की काउंसिलिंग के बाद 94 सीट भर गई। बीम्यूज में 10 अभ्यर्थियों के काउंसिलिंग के बाद 31 सीटें भर गई हैं। अभ्यर्थियों ने ऑनलाइन शुल्क जमा कर दिया। काउंसिलिंग स्थल पर ही छात्रों को परिचय पत्र और लाइब्रेरी कार्ड जारी किया गया। बताया कि 7-8 जुलाई को बीएससी बायो की काउंसिलिंग की जाएगी।

मानसिक अस्पताल में संगीत थेरेपी से होगा रोगियों का इलाज
पांडेयपुर के मानसिक अस्पताल में संगीत थेरेपी से मानसिक रोगियों का इलाज होगा। काशी विद्यापीठ के संगीत विभाग के प्रो. दुर्गेश उपाध्याय और पांच स्टूडेंट्स अस्पताल के 288 मरीजों को राग वादन की धुन सुनाएंगे। अस्पताल के निदेशक सीपी मल्ल ने बताया कि अगले सप्ताह विश्वविद्यालय के साथ एमओयू होने वाला है। इसके बाद यह व्यवस्था शुरू हो जाएगी। 

सीपी मल्ल ने बताया कि सप्ताह में दो दिन कक्षाएं चलेंगी। इससे मानसिक रोगियों को फायदा होगा। प्रोफेसर को अस्पताल की ओर से किसी भी प्रकार का पेमेंट नहीं दिया जाएगा। यह सुविधा पूरी तरह निशुल्क हाेगी। विद्यापीठ के छात्रों को रिसर्च में काफी सहूलियत मिलेगी। अस्पताल की इस पहल से मानसिक रोगी तनाव मुक्त होंगे। इस तरह की पहल करने वाला प्रदेश का पहला अस्पताल होगा।

परिषदीय विद्यालयों में मनाया गया निपुण उत्सव
जिले के परिषदीय विद्यालयों में शनिवार को निपुण उत्सव हुआ। मुख्य उद्देश्य बच्चों में पढ़ने की आदत को बढ़ावा देना और उन्हें निपुण भारत मिशन के लक्ष्यों के तहत साक्षरता कौशल में दक्ष बनाना था। निपुण उत्सव के दौरान, जिले भर के परिषदीय विद्यालयों में बच्चों ने एक साथ सामूहिक रूप से किताबें पढ़ीं।

बेसिक शिक्षा अधिकारी भालेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि निपुण भारत मिशन की शुरुआत 5 जुलाई 2021 को हुई थी। मिशन के तहत बच्चों को में बेहतर दक्षता को बढ़ाना है। कक्षा 3 के अंत तक प्रत्येक बच्चे के लिए पढ़ने, लिखने और अंकगणित में वांछित सीखने की क्षमता प्राप्त करना। 3 से 9 वर्ष के आयु वर्ग के बच्चों की सीखने की आवश्यकताओं को पूरा करना। बच्चों को समझकर पढ़ने, संख्याओं, माप और आकारों को समझने में मदद करना।

कांग्रेस ने घोषित की आठ ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्षों की सूची
प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने शनिवार को वाराणसी के आठ ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्षों की सूची जारी कर दी है। प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों की सूची जारी कर पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दी हैं। जिलाध्यक्ष राजेश्वर सिंह पटेल ने बताया कि सेवापुरी ब्लॉक के अध्यक्ष शिवराज पटेल, हरहुआ ब्लॉक के अध्यक्ष शशिकांत सागर, काशी विद्यापीठ ब्लॉक के अध्यक्ष आशीष कुमार पटेल, चोलापुर ब्लॉक के अध्यक्ष मनोज चौबे, चिरईगांव ब्लॉक के अध्यक्ष मयंक मिश्रा, आराजीलाइन ब्लॉक का अध्यक्ष संतोष कुमार मौर्य, बड़ागांव ब्लॉक अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह और पिंडरा ब्लॉक अध्यक्ष रामसनेही पांडेय को बनाया गया है। 

काशी विश्वनाथ धाम में गूंजी डॉ. जयंती की वीणा
श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के शिवार्चनम मंच पर कला उत्सव का समापन वीणा वादिका डॉ. जयंती कुमारेश की प्रस्तुति के साथ हुआ। मंदिर परिसर में आयोजित कला उत्सव के अंतिम दिन की विशेष प्रस्तुति में भारत की सुप्रसिद्ध वीणा वादिका डॉ. जयंती कुमारेश ने अपने भावपूर्ण वीणा वादन से श्रोताओं को एक अलौकिक संगीतमयी अनुभव कराया। डॉ. जयंती कुमारेश की प्रस्तुति में न केवल शास्त्रीय संगीत की परंपरा की झलक थी, बल्कि उनके सुरों में आध्यात्मिक ऊर्जा और भावनात्मक गहराई भी समाहित थी।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed