फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Varanasi News Today 43.11 lakh looted by posing as fake treasury officer 10 arrested Police accused of robbery

Varanasi News Today: फर्जी ट्रेजरी अधिकारी बन लूटा 43.11 लाख, 10 अरेस्ट; पुलिसकर्मियों पर लूट का आरोप

Sat, 13 Sep 2025 05:59 AM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: अमन विश्वकर्मा Updated Sat, 13 Sep 2025 05:59 AM IST
सार

Varanasi News: वाराणसी में क्राइम थाने में लाखों की लूट का मामला दर्ज हुआ था। इसमें 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। वहीं, पुलिस आयुक्त को प्रार्थना पत्र लिखकर पुलिस पर मारपीट का आरोप लगाया है। आइए जानते हैं अन्य खबरें...

विज्ञापन
Varanasi News Today 43.11 lakh looted by posing as fake treasury officer 10 arrested Police accused of robbery
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

Varanasi News in Hindi: फर्जी ट्रेजरी अधिकारी बन रिटायर्ड पुलिस पेंशनर्स से 43.11 लाख रुपये का फ्रॉड किया गया। ओटीपी पूछकर वादी के खाते से पैसे लूटे गए। इस मामले में साइबर क्राइम थाना की ओर से उसकी पूरी राशि उसके खाते में वापस करा दी गई। वहीं 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर 17 अभियुक्तों के विरुद्ध आरोप पत्र लगाया गया। कई खातों में फ्राॅड की धनराशि होल्ड कराई गई। 

विज्ञापन


विज्ञापन


गाजीपुर के गहमर वादी लल्लन प्रसाद रायबरेली की 25वीं वाहिनी पीएसी से कंपनी कमांडर सेवा से रिटायर हैं। कहा कि मोबाइल साइबर अपराधियों ने फोन कर खुद को गाजीपुर ट्रेजरी अधिकारी बताया था। इस पर साइबर क्राइम थाने पर तहरीर दी, जिस पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की गई। प्रभारी निरीक्षक गोपाल जी कुशवाहा ने बताया कि बैंको के नोडल से पत्राचार और व्यक्तिगत रूप से संपर्क कर समन्वय कर कर बादी के खाते में धोखाधड़ी की पूरी धनराशि वापस कराया गई है।

विज्ञापन
विज्ञापन

हादसे में घायल बुजुर्ग की इलाज के दौरान मौत
रोहनिया थाना क्षेत्र के खनाव में तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से गुरुवार को घायल केला बेला, अदलपुरा, मिर्जापुर निवासी अशोक कुमार विश्वकर्मा (65) की शुक्रवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। वह बढ़ई का काम करते थे। चार सितंबर को वह बाइक से वाराणसी से लौट रहे थे। टक्कर में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें अखरी के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। प्रभारी निरीक्षक राजू सिंह ने बताया कि मैजिक चालक को पकड़ लिया गया है। केस दर्ज कार्रवाई की जाएगी।

नेपाल नहीं जा रहा फूल, कारोबार प्रभावित
नेपाल में हिंसात्मक प्रदर्शन से बनारस से फूल जाना बंद हो गया है। इसके चलते कई व्यापारियों का कारोबार प्रभावित हो रहा है। फूल मंडियों से रोज 10 से 15 हजार गेंदे की माला नेपाल भेजी जाती थी। इंग्लिशिया लाइन फूलमंडी के कारोबारी ईश्वरचंद, संतोष पाल आदि ने बताया कि यूपी से सटे नेपाल के जिलों में यहां से फूल और मालाएं भेजी जाती हैं। सबसे ज्यादा गेंदा की माला की जाती है। दो से तीन करोड़ रुपये का नुकसान हो रहा है। 

राजघानी एक्सप्रेस से बिहार शराब ले जा रहा युवक पकड़ा गया
कैंट रेलवे स्टेशन पर बीती रात राजघानी एक्सप्रेस से ट्रॉली बैग में भरकर बिहार शराब लेकर जा रहे एक युवक को आरपीएफ, जीआरपी की संयुक्त टीम ने पकड़ा। जीआरपी इंस्पेक्टर राजोल नागर और आरपीएफ इंस्पेक्टर संदीप यादव ने बताया कि 11 सितंबर की रात ट्रेन नं 20506 डिब्रूगढ़ राजधानी प्लेटफार्म संख्या 5 पर आई। इसके बी12 कोच की सीट संख्या 36 को चेक किया गया तो सीट के नीचे से एक ट्रॉली बैग और एक पिट्टू बैग मिला। बैग की जांच की गई तो उसमें रखा 240 अदद शराब पैकेट में मिला। इसकी कीमत 28800 रुपये हैं।

बताया कि मौके से एक युवक जो लखनऊ से बरौनी के लिए यात्रा कर रहा था, उसको गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम बिहार के बेगूसराय के बिहटा ग्राम निवासी अंशुकुमार (20) बताया और कहा कि बिहार में शराबबंदी है। इसलिए शराब को वहां लेजाकर महंगे दाम पर बेच देता। मामले में राजकीय रेलवे पुलिस ने गिरफ्तार युवक के खिलाफ आबकारी एक्ट में मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया।

सील करने गए वीडीए के जेई को भवन स्वामी ने बैठाया
अवैध निर्माण सील करने अर्दली बाजार पहुंची वीडीए की टीम को शुक्रवार को विरोध का सामना करना पड़ा। सिकरौल वार्ड के महावीर रोड अर्दली बाजार निवासी मनोज पांडेय, अनिल पांडेय से पहले टीम ने बातचीत की। जो बाद में कहासुनी में बदल गई। इसी बीच आसपास के कई पहुंच गए। 

इस बीच वीडीए के जेई रोहित कुमार को भवन स्वामी के लोगों ने पकड़कर बैठा लिया। टीम के अन्य सदस्य ने पुलिस को सूचना दी। एक दरोगा आए और मामला सुलझाया। भवन स्वामी ने वीडीए के जेई पर पैसा मांगने का आरोप लगाया। देर शाम वीडीए ने अपना पक्ष जारी किया। कहा कि मनोज और अनिल ने बिना मानचित्र स्वीकृत कराए प्रथम तल का स्लैब डालकर निर्माण कार्य कराया। 

अवैध निर्माण के खिलाफ वीडीए ने नोटिस दिया। इस पर उन्हें सुनवाई का अवसर दिया गया। बावजूद वह सुनवाई तिथि पर उपस्थित नहीं हुए। रिमांइडर नोटिस भेजकर बताया गया कि शमन मानचित्र स्वीकृत कराकर ही निर्माण कार्य कराएं। कैंट पुलिस ने बताया कि किसी भी पक्ष की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। मौके पर दरोगा गए थे, लेकिन कोई मारपीट या बंधक बनाने की बात सामने नहीं आई है। वीडीए के अधिकारियों ने भी इस प्रकार की घटना से इन्कार किया।

मारपीट में घायल, मुकदमा दर्ज
रोहनिया के मिसिरपुर निवासी राजेश गिरी के साथ शुक्रवार को मारपीट में मुकदमा दर्ज किया गया है। राजेश ने पुलिस को बताया कि शंकर जी के मंदिर के पास मारपीट और चिल्लाने की आवाज आ रही थी। मौके पर जाकर देखा तो रंजीत गिरी, गौरी, कुबेर भतीजे बबलू को पीट रहे थे। विरोध किया तो उन्हें भी पीटकर घायल कर दिया। प्रभारी निरीक्षक राजू सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 

मंदिर को बुलडोजर से गिराने और महंत को जान से मारने की धमकी
शिवपुर के आला खाला पोखरा और प्राचीन शिव मंदिर की जमीन पर अवैध कब्जा कर महंत राम नारायण गिरी को जान से मारने की धमकी दी गई। महंत ने शुक्रवार को शिवपुर पुलिस को बताया कि क्षेत्र के एक इंटर कॉलेज के प्रबंधक अपने साथियों के साथ बृहस्पतिवार रात 10 बजे पहुंचे और मंदिर को बुलडोजर से गिराने की धमकी दी। उधर, शुक्रवार को तहरीर के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। 

पुलिसकर्मियों पर मारपीट और लूट का आरोप, कमिश्नर से शिकायत
जगरदेवपुर गांव के मनीष कुमार सिंह ने पुलिस आयुक्त को प्रार्थना पत्र लिखकर पुलिस पर मारपीट का आरोप लगाया है। कहा है कि मुखबिर से विवाद के चलते बीते दो सितंबर की रात 10 बजे पुलिस ने ईंट-भट्ठे से उठाया और बुरी तरह पीटा। कहा कि मारपीट कर उनके पास से 90 हजार रुपये नगद और 12 ग्राम की सोने की चेन छीन ली गई। जबरन चौकी ले जाकर मेडिकल भी कराया गया। 

इसकी रिपोर्ट पुलिसकर्मियों ने अपने पास रख ली। यह भी आरोप लगाया कि उसके छीने गए पैसों से ही पुलिसकर्मियों ने अपनी गाड़ी में पेट्रोल भरवाया। बाद में थाने ले जाकर पड़ोसी गांव के व्यक्ति की सुपुर्दगी में छोड़ते समय धमकी दी गई कि अगर शिकायत की तो एनकाउंटर कर दिया जाएगा।

बाइक सवार बदमाशों ने पशु चिकित्सक पर हमला कर 12 हजार छीना
मिर्जामुराद के बेनीपुर गांव के ज्ञानपुर नहर मार्ग पर शुक्रवार शाम 6 बाइक सवार बदमाशों ने पशु चिकित्सक पर धारदार हथियार से हमला कर 12 हजार रुपये लूट लिए। भोरकला (मिर्जामुराद) निवासी पशु चिकित्सक कृष्णानंद मिश्रा साथी आकाश सिंह के साथ बीमार पशु का इलाज करने बेनीपुर जा रहे थे। रास्ते में पीछे से आए बदमाशों ने उन पर हमला कर जेब में रखा पर्स छीन लिया और बाइक की चाबी भी ले गए।

वह लहूलुहान हालत में थाने पहुंचे और तहरीर दी। आरोप लगाया कि इससे पहले भी भोरकला और लालपुर गांव के कुछ लोग उनके घर पर चढ़कर उन्हें और उनके परिजनों को जान से मारने की धमकी दे चुके हैं। थाना प्रभारी प्रमोद पांडेय ने बताया कि मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

एटीवीएम से अधिक दाम पर बेच रहा था टिकट, आरपीएफ ने पकड़ा
कैंट रेलवे स्टेशन पर एटीवीएम पर मोबाइल से स्कैन कर यात्रियों को ज्यादा दाम पर टिकट बेचते एक युवक को आरपीएफ ने पकड़ा। युवक के पास से 75 जनरल टिकट को 12910 रुपये में बेचने का प्रमाण मिला। आरपीएफ इंस्पेक्टर संदीप यादव ने बताया कि एटीवीएम संख्या 1032 पर शक्तिनगर सोनभद्र के चिल्काटाड़ निवासी प्रमोद (22) कुमार सुबह सात से दोपहर एक बजे बजे मोबाइल से स्कैन कर जनरल टिकट निकाल रहा था। पूछताछ में बताया कि यात्रियों को टिकट 10 से 15 रुपये अधिक में बेच रहा था। आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। 

देह व्यापार के रैकेट संचालक को मिली अग्रिम जमानत
स्पा और रेस्टोरेंट में देह व्यापार के रैकेट का संचालन करने के मामले में आरोपित संचालक को कोर्ट से राहत मिल गई। विशेष न्यायाधीश (पॉक्सो एक्ट द्वितीय) नितिन पांडेय की अदालत ने रोहतास, बिहार निवासी अनुराग सिंह को 50-50 हजार रुपये की दो जमानतें और बंधपत्र पर रिहा करने का आदेश दिया है। 

गैंगस्टर एक्ट के आरोपी को तीन साल की सजा
26 साल पहले दशाश्वमेध थाने के गैंगस्टर एक्ट के एक मामले में अपर जिला जज (त्रयोदश) सुशील खरवार की अदालत ने पतालेश्वर निवासी आरोपी पंकज गिरी को दोषी पाते हुए तीन साल की सजा सुनाई। साथ ही आरोपी पर पांच हजार रुपया का जुर्माना लगाया। 1999 में रिपोर्ट दर्ज हुई थी। आरोप लगाया कि पंकज उसके अन्य साथी के साथ मिलकर गिरोह चलाते है। इस गिरोह में सभी कुख्यात अपराधी हैं। पुलिस ने विवेचना के बाद कोर्ट में आरोप पत्र दाखिल किया। कोर्ट ने दोनों पक्ष को सुनने और पत्रावली के अवलोकन के बाद आरोपी को दोषी पाया।

मोबाइल कोर्ट में 17 को सुनी जाएंगी दिव्यांगों की समस्याएं
दिव्यांगों की समस्याओं को सुनने के लिए मोबाइल कोर्ट लगेगा। 17 सितंबर सुबह 10 से शाम चार बजे तक संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के पाणिनि भवन में इसे लगाया जाएगा। जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी आरपी सिंह ने बताया कि कोर्ट में सुनवाई के लिए लखनऊ से अधिकारी आएंगे। ग्रामीण इलाकों के दिव्यांगजन शिकायतों व समस्याओं को बता सकते हैं। निस्तारण के लिए केंद्र व राज्य सरकार के दिव्यांगजन विभाग के आयुक्त सुनवाई करेंगे। इस दौरान उन्हें योजनाओं/परियोजनाओं से जागरूक किया जाएगा। 

प्रधान को मिली जान से मारने की धमकी
फूलपुर थाना क्षेत्र के पिंडरा के प्रधान कमलेश सोनकर को जान से मारने की धमकी मिली है। तहरीर में प्रधान ने गांव के ही एक व्यक्ति पर आरोप लगाया है कि उसे जातिसूचक गाली देकर जान से मारने की धमकी दी। इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच के बाद मुकदमा दर्ज किया जाएगा।

20 हजार का इनामी गैंगस्टर गिरफ्तार
मिर्जापुर के जमालपुर पुलिस ने शुक्रवार को गैंगस्टर एक्ट के मामले में 20 हजार के इनामी अनिल कुमार निवासी महगांव थाना राजातालाब जनपद वाराणसी को गिरफ्तार किया है। थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि चुनार थाने में गैंगस्टर एक्ट का मुकदमा दर्ज था। उसे जेल भेज दिया गया है। 

रजिस्ट्री से मुकरने का विरोध करने पर मारपीट, केस
राजातालाब के कचनार गांव निवासी राजकुमार ने मिर्जामुराद के भिखरीपुर निवासी बसंती देवी, राजेंद्र यादव पर केस दर्ज कराया है। राजकुमार ने तहरीर में बताया कि जमीन खरीद के लिए आरोपियों से 7.50 लाख में डील तय हुई। 6 लाख बैंक से ट्रांसफर भी कर दिए। एक साल बाद आरोपी जमीन की रजिस्ट्री से मुकर गए । विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की। पुलिस कमिश्नर के आदेश पर शुक्रवार को मिर्जामुराद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया। थाना प्रभारी प्रमोद पांडेय ने बताया कि जांच की जा रही है। 

Varanasi News Today 43.11 lakh looted by posing as fake treasury officer 10 arrested Police accused of robbery
वाराणसी कोर्ट। - फोटो : Amar Ujala

ज्ञानवापी मामले में 23 सितंबर को होगी सुनवाई
अपर जिला जज चौदहवां सुधाकर राय की कोर्ट में शुक्रवार को ज्ञानवापी प्रकरण में मुख्तार अंसारी को पक्षकार बनाने के लिए निगरानी अर्जी पर सुनवाई हुई। वादमित्र विजय शंकर रस्तोगी की ओर से उच्चतम न्यायालय और उच्च न्यायालय की विधि व्यवस्था रूलिंग दाखिल की गई। जबकि मुख्तार अंसारी की ओर से पहले ही रूलिंग दाखिल कर दी गई है। अब इस मामले 23 सितंबर को आदेश के लिए कोर्ट ने तिथि नियत की है। पिछले तिथि पर इस निगरानी अर्जी पर दोनों पक्ष की बहस पूरी होने के बाद पक्षकारों की ओर से रूलिंग दाखिल करने के लिए कोर्ट ने समय दिया था। 

निर्माण कार्य में लगे लोगों पर हमला, तीन घायल
कैंट थाना क्षेत्र के महमूरगंज में शुक्रवार को निर्माण कार्य में लगे लोगों पर हमला कर दिया गया। हमले में तीन लोग घायल हो गए। पीड़ित नीरज अग्रवाल ने तहरीर में आरोप लगाया कि सेंट्रल जेल रोड पर वह भवन का निर्माण करा रहे हैं। शुक्रवार को राजपति सिंह, विनय सिंह, टोनी सिंह, अभिषेक सिंह, शिवम सेठ 10-12 लोगों के साथ कार और बाइक से पहुंचे। मकान में तोड़फोड़ करने लगे। 

कर्मचारी विनीत सिंह, विरियंत सेठ और विवेक त्रिपाठी ने विरोध किया तो आरोपियों ने गालीगलौज कर जान से मारने की धमकी दी। साथ ही लाठी-डंडे, लोहे की रॉड व बैट से हमला कर दिया। हमले में कर्मचारियों को गंभीर चोटें आईं। आरोपियों ने वरुण सेठ के सिर पर वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया। थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। जांच की जा रही है।

पेड़ों की छंटाई न होने पर माली का ट्रांसफर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के सेवा पखवाड़ा और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन से सिगरा वार्ड में स्वच्छता महाअभियान चलाया गया। कस्तूरबा नगर पार्क, मालवीय बाग पार्क और श्रीनगर कॉलोनी पार्क में विकास कार्यों का निरीक्षण कर सफाई की गई। कस्तूरबा नगर पार्क के अंदर पेड़ों की छंटाई न होने पर मेयर अशोक कुमार तिवारी ने माली के स्थानांतरण का निर्देश दिया। सिंधु नगर में ट्रांसफॉर्मर के नीचे, राजेश गेस्ट हाउस के सामने वाली गली, शीतला माता मंदिर के पास पड़ा कूड़ा हटवाने को कहा। 

मालवीय पार्क में पाथवे के लेवल पर मिट्टी भरने, बरसाती पानी के निकासी का निर्देश दिया। श्रीनगर कॉलोनी पार्क में स्मार्ट सिटी से किए जा रहे कार्य बाउंड्रीवॉल की गुणवक्ता ठीक नहीं पाई गई। संबंधित अधिकारी को निर्देशित किया गया। पार्क में जलकल के ट्यूबवेल कक्ष की मरम्मत भी कराई गई। इस दौरान पूर्व महापौर रामगोपाल मोहले, पार्षद सिंधु सोनकर, प्रवीण राय, विवेक कुशवाहा आदि मौजूद रहे।

जन्मदिन मनाकर लौट रहे युवक पर हमला, तीन पर केस
कैंट थाना क्षेत्र में जन्मदिन मनाकर लौट रहे युवक पर हमले के मामले में तीन लोगों पर केस दर्ज किया गया है। आयुष राय ने तहरीर में बताया कि 28 अगस्त की रात हिमांशु अस्पताल के पीछे से वह जन्मदिन से लौट रहा था। अहिराने गली में मनीष यादव, गोलू उर्फ मान्या और राहुल यादव ने रास्ता रोककर गालीगलौज की और मारपीट की।

कपड़े फाड़ दिए और चश्मा व मोबाइल तोड़ दिया। आयुष ने बताया कि मनीष और राहुल ने फोन कर 14-15 और लोगों को बुला लिया, जिन्होंने मिलकर उसे धमकाया। कैंट थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।

अवैध निर्माण पर वीडीए का नोटिस
सिकरौल वार्ड के महाबीर रोड अर्दली बाजार के निवासी मनोज पांडेय, अनिल पांडेय ने बिना मानचित्र स्वीकृत कराए प्रथम तल का स्लैब डालकर निर्माण कार्य कराया। अवैध निर्माण पर वीडीए ने नोटिस दिया। साथ ही सुनवाई का समय भी दिया, लेकिन सुनवाई में कोई नहीं आया। पत्र भेजकर बताया गया कि शमन मानचित्र स्वीकृत कराकर ही निर्माण कार्य कराएं।

घरों में चोरी करने वाले गिरोह के दो बदमाश गिरफ्तार
कपसेठी थाना क्षेत्र के सरावा गांव में 29 अगस्त की रात शिवसागर उर्फ बंटी पाल के घर हुई चोरी के मामले में शुक्रवार को पुलिस ने दो बदमाशों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। उनके पास से नकदी समेत चार लाख का सामान और 1.52 लाख रुपये भी मिले हैं।

कपसेठी थाना प्रभारी सधुवन राम गौतम और धौकलगंज चौकी प्रभारी विनय प्रजापति ने बताया कि शुक्रवार सुबह मुखबिर की सूचना पर दोनों को पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपी सुभाष बनवासी निवासी भकोड़ा थाना चौरी भदोही, श्याम ब्रिज नवादा थाना खानपुर गाजीपुर ने सरावा गांव में चोरी की वारदात की बात कबूल की। 

पूछताछ में दोनों ने बताया कि चोरी की वारदात में उनके साथ गोपी, कमलेश, सुदामा, लाल जी भी शामिल रहे। तीन को जौनपुर के बरसठी से पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। लालजी फरार चल रहा है। पुलिस ने बताया कि सभी आरोपी पहले भी कई बार जेल जा चुके हैं। गांव, मोहल्लों में घूमते हुए घरों को निशाना बनाकर चोरी करते हैं।

आपसी विवाद में दो पक्षों में मारपीट, मुकदमा दर्ज
जंसा थाना क्षेत्र के महमदपुर गांव में गुरुवार देर रात विवाद को लेकर दो पक्षो में मारपीट हो गई। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जय हिंद राजभर ने पुलिस को बताया कि वह अपने मित्र गोलू पटेल के साथ नैपुरा से महमदपुर आ रहे थे। रास्ते में नई बस्ती निवासी अब्दुल कलाम, सैफ, जावेद, आवैश, सरफराज, इम्तियाज ने 10 साथियों के साथ दोनों पर हमला कर दिया। गोलू पटेल के सिर में गंभीर चोट आई है। थाना प्रभारी अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर अभियुक्तों की तलाश की जा रही है। 

Varanasi News Today 43.11 lakh looted by posing as fake treasury officer 10 arrested Police accused of robbery
नगर आयुक्त अक्षत वर्मा। - फोटो : अमर उजाला

अवैध पार्किंग, पार्क में पानी गिराने, यातायात प्रभावित करने वालों का दें नोटिस
नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने शुक्रवार को मॉडल वार्ड के रूप में चयनित कालभैरव, चेतगंज, टाउनहॉल में शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का निरीक्षण किया। दुकानदारों के अनुरोध पर नगर आयुक्त ने सीढ़ी हटाने, एग्जास्ट फैन, ट्यूबलाइट लगाने, शीशा खोलने का निर्देश दिया। बाहर वॉल पर दुकानों में बिकने वाले सामन का प्रचार बाहर लगाने को कहा। 

कॉम्प्लेक्स के पीछे अवैध पार्किंग चलाने वाले और यातायात प्रभावित करने वालों को नोटिस देने को कहा। पराड़कर भवन के वाटर कूलर के पास पाथवे ठीक कराएं। पास से टेढ़े पोल को ठीक कराएं। केबल के तारों के जंजाल को ठीक कराने के लिए कंपनियों को नोटिस देने को कहा। 

पान थूक कर दीवारों को गंदा करने वाली जगह पर पेंट कराने को कहा। घासी टोला गली के पास जर्जर भवन को नोटिस देने को कहा। रामकटोरा चौराहा के पास के पाथवे को ठीक करवाकर अतिक्रमण हटवाने को कहा। जमीन पर कब्जा करने की शिकायत पर जांच करने को कहा। गौतम बुद्ध पार्क के अंदर नटराज होटल के छत/कमरे का पानी पार्क में गिराया जाता है। होटल को पानी गिराने और पार्किंग पर नोटिस देने को कहा।

विद्यालय में कुत्ते के हमले से घायल दोनों छात्र स्वस्थ होकर घर लौटे
पहड़िया स्थित प्राथमिक विद्यालय में गुरुवार को क्लास के दौरान कुत्ते के हमले से घायल हुए दोनों छात्र अब पूरी तरह स्वस्थ होकर घर लौट आए हैं। शुक्रवार को जिला अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद दोनों अपने परिजनों के साथ घर पहुंचे।

प्रधानाध्यापिका सुषमा सिंह व अन्य शिक्षकों ने बच्चों के घर जाकर उनका हालचाल जाना। गुरुवार को क्लास के दौरान कुत्ते ने रहीम 9 वर्ष और बाबू 9 वर्ष को काट लिया था। घटना के बाद शिक्षकों ने तत्काल दोनों बच्चों को पीएचसी चिरईगांव पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें मंडलीय अस्पताल कबीरचौरा रेफर किया गया था।अब दोनों छात्र सुरक्षित हैं और चिकित्सकों ने उनकी स्थिति को सामान्य बताया है।

डुप्लीकेट वोटरों को ढूंढने का अभियान जारी
2026 में होने वाले पंचायत चुनाव को निष्पक्ष कराने के लिए राज्य सरकार मतदाता सूची का पुनरीक्षण करा रही है। राज्य निर्वाचन आयोग ने आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस (एआई) से जांच कराई तो प्रदेश के कई जिलों में डुप्लीकेट मतदाताओं के नाम सामने आए हैं। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी एसएन सिंह ने बताया कि जिले में 8 ब्लॉकों के 649 ग्राम पंचायतों में बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) घर-घर जाकर मतदाता सूची में नाम जोड़ने का कार्य कर रही है। बताया कि 1 जनवरी 2025 को 18 साल पूरे करने वाले युवाओं का नाम भी मतदाता सूची में जोड़ा जाएगा। यह प्रक्रिया 29 सितंबर तक चलेगी।

लाटभैरव की 482वीं रामलीला 15 सितंबर को मुकुट पूजर से होगी आरंभ
काशी की सबसे पुरानी रामलीलाओं में से एक श्री आदि रामलीला लाटभैरव वरुणा संगम की लीला के 482वें संस्करण का शुभारंभ 15 सितंबर को होगा। इस रामलीला की शुरुआत गोस्वामी तुलसीदास की इच्छा पर उनके मित्र मेघा भगत ने 1543 में की थी। रामलीला समिति के उपाध्यक्ष मनोज यादव के अनुसार आश्विन कृष्ण नवमी तिथि पर रामलीला की शुरुआत 15 सितंबर को मुकुट पूजन से होगा। 

इस विशेष रामलीला में राम और रावण जन्म, बाललीलाओं और गुरुकुल से जुड़े प्रसंगों का मंचन नहीं होता। रामलीला की शुरुआत सीधे राजगद्दी के प्रसंग से होती है। वनवास की समाप्ति पर लंका विजय कर लौटने के बाद श्रीराम की राजगद्दी के प्रसंग से ही रामलीला को विराम दिया जाता है। पहले दिन की लीला विशेश्वरगंज स्थित रामागंज में होगी।

ऑक्सीजन की कमी से कुरुक्षेत्र तालाब में मरीं मछलियां
भेलूपुर के पदमश्री चौराहा के पास कुरुक्षेत्र तालाब में ऑक्सीजन की कमी और पानी गंदा होने से कई मछलियां मर गईं। शुक्रवार सुबह स्थानीय लोगों ने नगर निगम के अधिकारियों और पार्षद को जानकारी दी। नगर निगम के सफाई कर्मियों ने मछलियों को कुंड से बाहर निकाला। कुंड में चूने का छिड़काव किया गया। मछलियों के मरने का कारण गंदा पानी और ऑक्सीजन की कमी बताई गई।

शिवम के दो गोल की मदद से वाराणसी को मिली जीत
झांसी में चल रही प्रादेशिक विद्यालयीय हॉकी प्रतियोगिता में वाराणसी की टीम ने शानदार प्रदर्शन किया है। अंडर-19 में वाराणसी के फाॅर्वर्ड खिलाड़ी शिवम के निर्णायक दो गोल की मदद से लखनऊ को हरा दिया। अंडर-19 बालक वर्ग के मुकाबले में वाराणसी ने स्पोर्ट्स काॅलेज लखनऊ को 3-1 से हराया। इसमें शिवम ने दो और आतिफ ने एक गोल किया। अंडर-17 बालक वर्ग में वाराणसी मंडल ने बरेली मंडल को 8-0 के अंतर से हराया। वाराणसी की ओर से मोहित, शमी और नवीन ने दो-दो और शिखर तथा राजा बाबू ने एक एक गोल किए। दूसरे मैच में वाराणसी मंडल ने आजमगढ़ मंडल को 7-0 से शिकस्त दी।

Varanasi News Today 43.11 lakh looted by posing as fake treasury officer 10 arrested Police accused of robbery
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ। - फोटो : अमर उजाला

काशी विद्यापीठ में चार कोर्स में 214 ने लिया दाखिला
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में सत्र 2025-26 में शुक्रवार को पीजी के चार कोर्स में 214 अभ्यर्थियों ने दाखिला लिया। वाणिज्य संकाय में एमकॉम, डिप्लोमा इन कर्मकांड, एमएफए अप्लाइड आर्ट्स, एमएफए पेंटिंग में दाखिले के लिए करवाई गई काउंसिलिंग के लिए गेट पास देखकर अभ्यर्थियों को काउंसिलिंग स्थल पर बुलाया गया। प्रवेश सेल के सदस्य प्रो. नलिनी श्याम कामिल ने बताया कि शुल्क जमा करने के बाद विद्यार्थियों को परिचय पत्र एवं लाइब्रेरी कार्ड काउंसिलिंग स्थल पर ही जारी किया गया। 

काशी विद्यापीठ में 17 सितंबर से मनेगा सेवा पखवाड़ा
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ मे 17 सितंबर से 2 अक्तूबर तक सेवा पखवाड़ा मनाया जाएगा। इस दौरान स्वच्छता अभियान, साइकिल यात्रा, पौधरोपण सहित कई कार्यक्रम होंगे। कुलसचिव डॉ. सुनीता पांडेय ने बताया कि छात्रकल्याण संकाय के अध्यक्ष प्रो. राजेश कुमार मिश्र को सेवा पखवाड़ा का समन्वयक बनाया गया है। 

पखवाड़ा के अंतर्गत सफाई अभियान, साइकिल यात्रा, पौधरोपण, मातृ सम्मेलन, आंगनबाड़ी केंद्र भ्रमण, पुराने कपड़े दान करने सहित अन्य कार्यक्रम करवाए जाएंगे। इसके अलावा शिक्षक व विद्यार्थी के बीच खेल प्रतियोगिता, पास के राज्य में प्रवास, प्रदर्शनी का आयोजन, स्व सहायता समूहों एवं पढ़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

समाजकार्य एवं महिला अध्ययन केंद्र की समन्वयक प्रो. वन्दना सिन्हा, एनएसएस समन्वयक डॉ. रविन्द्र कुमार गौतम, हिन्दी विभागाध्यक्ष प्रो. राजमुनि, संस्कृत विभागाध्यक्ष प्रो. अनुराग कुमार, क्रीड़ा परिषद सचिव डॉ. नवरत्न सिंह, ललितकला विभागाध्यक्ष डॉ. सुनील कुमार विश्वकर्मा और सफाई इंचार्ज नर्मदेश्वर प्रसाद सिंह को संयोजक बनाया गया है।

काशी विद्यापीठ में परीक्षा परिणाम में देरी के विरोध में प्रदर्शन
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में स्नातक की सेमेस्टर परीक्षाओं के परिणाम जारी करने की मांग को लेकर छात्रों ने शुक्रवार को परीक्षा भवन का गेट बंद कर प्रदर्शन किया। उनका कहना था कि सेमेस्टर परीक्षा के साथ ही बैक पेपर की परीक्षाओं के परिणाम में जिस तरह से देरी हो रही है, उससे परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

सूचना पाकर मौके पर पहुंचे कुलानुशासक प्रो.केके सिंह ने छात्रों से बातचीत की लेकिन वह परिणाम जारी करने के लिखित आदेश पर अड़े रहे। इस दौरान कॉलेजों से प्रायोगिक परीक्षा का अंक आने के बाद जल्द से जल्द से परिणाम जारी करने का आश्वासन दिया तब जाकर छात्र माने और धरना खत्म किया।

कानून की पढ़ाई एक व्यवसाय ही नहीं समाज सेवा
लोकबंधु राजनारायण विधि महाविद्यालय में 3 वर्षीय और पंचवर्षीय विधि पाठ्यक्रम का शुभारंभ शुक्रवार को भारतीय विधिज्ञ परिषद के सदस्य श्रीनाथ त्रिपाठी ने किया। इस दौरान विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए श्रीनाथ त्रिपाठी ने कहा कि विधि की पढ़ाई सिर्फ एक व्यावसायिक गतिविधि नहीं है बल्कि समाज सेवा भी है। विधान परिषद सदस्य आशुतोष सिन्हा ने कहा कि आजादी के बाद से अब तक सरकारें कानून की पढ़ाई पर विशेष ध्यान नहीं दे पाई है। इस ओर शैक्षणिक संस्थाएं भी सहयोग दे रही हैं। डॉ. अभिषेक सिंह ने अतिथियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।

भागवत श्रवण मात्र से हो जाता है विमल ज्ञान: आचार्य वेंकटेश
बीएचयू के मालवीय भवन में चल रही सात दिवसीय श्रीमद्भागवत महापुराण कथा में शुक्रवार को कथाव्यास आचार्य वेंकटेश मिश्र ने भरताव्याख्यान और फलप्रदायिनी प्रसंग का वर्णन किया। कहा कि जो पुण्य के कर्म, श्रद्धा से भागवत को पढ़ते या सुनते हैं, वे अपनी भक्ति से परमेश्वर को अपने हृदय में स्थापित कर लेते है।

उन्होंने कहा कि भक्ति, ज्ञान, वैराग्य के विशाल समुद्र श्रीमद्भागवत के पढ़ने व श्रवण से यह विमल ज्ञान हो जाता है। कथा श्रवण करने प्रो. राजाराम शुक्ल, प्रो. श्रीकृष्ण त्रिपाठी, प्रो. रमाकान्त पाण्डेय, प्रो. बृजभूषण ओझा, प्रो. पतंजलि मिश्र प्रो. शैलेश तिवारी आदि पहुंचे थे।

7 कंपनियों ने 86 में 17 अभ्यर्थियों दिया ऑफर लेटर
चौकाघाट स्थित क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय परिसर में एक दिवसीय रोजगार मेला में 86 अभ्यर्थियों में 17 को रोजगार मिला। इनमें 10 अभ्यर्थियों का चयन बैंक बीमा कर्मचारी, कंपनियों के मार्केटिंग प्रतिनिधि आदि के पदों पर चयन हुआ। कंपनियों ने सभी अभ्यर्थियों को हाथोंहाथ ऑफर लेटर दिया। वाराणसी मंडल के सहायक निदेशक (सेवायोजन) मुकेश कुमार ने कहा कि आज समय की मांग है कि युवाओं को तकनीकी शिक्षा ग्रहण करना चाहिए। 

रोजगार मेला प्रभारी दीप सिंह ने रोजगार मेला में शामिल अभ्यर्थियों को मेला में सम्मिलित होने वाले कंपनियों से परिचय कराते हुए सुझाव दिया कि जिस कंपनी में आपकी नियुक्ति हुई है, उस कंपनी के लिए आप ईमानदारी के साथ कार्य करें। रोजगार मेला में प्रमुख रूप से एसबीआई, स्विगी, एम स्किल जॉब प्राइवेट लिमिटेड, शिव शक्ति एग्री टेक सहित 7 कंपनियों ने युवाओं को रोजगार दिया।

Varanasi News Today 43.11 lakh looted by posing as fake treasury officer 10 arrested Police accused of robbery
बाबतपुर एयरपोर्ट वाराणसी। - फोटो : अमर उजाला

एयरपोर्ट के पास बाबतपुर से चौबेपुर जाने के लिए बनेगा वैकल्पिक मार्ग
बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के इंटरनेशनल टर्मिनल के विस्तारीकरण को लेकर पिछले दिनों से बंद बाबतपुर से चौबेपुर मार्ग के लिए वैकल्पिक मार्ग बनेगा। इसके लिए शनिवार से कार्य प्रारंभ हो जाएगा। मार्ग बंद होने की वजह से परेशान ग्रामीणों ने इसके लिए मछली शहर सांसद प्रिया सरोज से मुलाकात कर राहत दिलवाने की मांग की थी। 

पिछले दिनों सांसद ने मौके पर पहुंचकर रास्ते का निरीक्षण किया और जिले के वरिष्ठ अधिकारियों से वार्ता करके वैकल्पिक मार्ग को तत्काल बनाने का निर्देश भी दिया था। शुक्रवार को पहुंचे पीडब्लूडी के एई मोनू कुमार नायक, जेई धर्मेंद्र कुमार, सुरेंद्र मिश्रा आदि ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। बताया कि सड़क शनिवार से बननी शुरू हो जाएगी। यह सड़क 2700 मीटर लंबी और 18 मी चौड़ी बनेगी। जिसमें पटरी भी है। जेई धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि जिन लोगों की जमीन सड़कों में गई है उन्हें मुआवजा भी दे दिया गया है और 6 महीने के अंदर सड़क तैयार हो जाएगी।

प्रो. धनंजय कुमार को राजस्थान में मिली वेदांत मार्तंड उपाधि
बीएचयू के दार्शनिक विद्वान प्रो. धनंजय कुमार पांडेय ने जगद्गुरु रामानन्दाचार्य राजस्थान संस्कृत विश्वविद्यालय में शुक्रवार को विशिष्ट व्याख्यान में गीता शास्त्र में शरणागति विषय पर व्याख्यान दिया। उन्होंने गीता के विविध भाष्यों, उपलब्ध साहित्य और वेदांत की व्याख्यात्मक परंपरा सहित समकालीन विमर्शों में इसकी प्रासंगिकता पर अपनी बात रखी। इस दौरान विश्वविद्यालय की ओर से प्रो. पाण्डेय को 'वेदांत मार्तंड' उपाधि और सम्मान पत्र प्रदान किया गया। यह सम्मान उन्हें भारतीय वेदांत परंपरा में उनके गहन शोध, शिक्षण एवं भाष्यात्मक योगदान के लिए दिया गया।

भाजपा पार्षद दल के उपनेता बने सुरेश कुमार चौरसिया
मेयर अशोक कुमार तिवारी ने शुक्रवार को भाजपा पार्षद दल का पुर्नगठन कर पदाधिकारियों की घोषणा की। इसके तहत सुरेश कुमार चौरसिया को भाजपा पार्षद दल का उपनेता बनाया गया। इसके अलावा अमित सिंह चिंटू को मुख्य सचेतक, रोहित जायसवाल को सचेतक, संदीप रघुवंशी को सचेतक, सीमा वर्मा को कोषाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी दी। बता दें कि सुरेश कुमार चौरसिया कृतिवाशेश्वर वार्ड के पार्षद रहे। 

1980 में वे मतदाता पर्ची के लिखने की जिम्मेदारी निभाई। 1984 में चुनाव में पोलिंग एजेंट, 1987 में युवा मोर्चा के वार्ड अध्यक्ष, 1991 में भाजपा वार्ड अध्यक्ष, 1993 में मंडल महामंत्री मध्यमेश्वर, 1995 में मंडल अध्यक्ष, 2000 में पत्नी सुमन चौरसिया को पार्षद बनाया, 2008 में ओकालेश्वर का मंडल अध्यक्ष, 2013 में भाजपा महानगर मंत्री, 2017 में पार्षद, कार्यकारिणी सदस्य, 2023 में पुन: पार्षद, उपसभापति बनाए गए।

बाबतपुर एयरपोर्ट के निशुल्क रीडिंग लाउंज में काशी पर आधारित पुस्तकें भी पढ़ सकेंगे
लाल बहादुर शास्त्री अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट में यात्रियों के लिए निशुल्क रीडिंग लाउंज में यात्रियों के लिए काशी पर आधारित पुस्तकों के साथ-साथ कई अंतरराष्ट्रीय भाषाओं के साहित्य और पुस्तकों का संग्रह रखा गया है। इसके साथ ही प्रधानमंत्री युवा योजना के तहत प्रकाशित युवा लेखकों की पुस्तकें भी पढ़ने के लिए मिल रही हैं। लाउंज की स्थापना राष्ट्रीय पुस्तक न्यास (नेशनल बुक ट्रस्ट) के सहयोग से की गई है।

प्रधानों ने की बैठक, खंड विकास अधिकारी को दिया ज्ञापन
प्रधान संघ संगठन ने सफाई कर्मियों और मनरेगा मजदूरों से संबंधित विभिन्न मांगों के पूरा न होने पर प्रदेश स्तरीय प्रदर्शन की चेतावनी दी है। आराजीलाइन ब्लॉक सभागर में शुक्रवार को ग्राम प्रधान संगठन के ब्लाॅक अध्यक्ष मुकेश पटेल ने कहा कि सफाई कर्मी अपने-अपने ग्राम पंचायत में मूल रूप से काम करेंगे तो काम की पारदर्शिता दिखेगी। उन्होंने मजदूरी का भुगतान न किए जाने का भी मुद्दा उठाया। ज्ञापन देने वालों में राजेंद्र, प्रकाश यादव, अशोक सिंह, अभिमन्यु, कल्पनाथ राजभर, मनोज वर्मा, संजीव कश्यप आदि मौजूद रहे।

बहादुर शहीद बाबा के उर्स पर जियारत को उमड़े लोग
छावनी क्षेत्र के सदर बाजार सद्भावना पार्क स्थित हजरत बहादुर शहीद रहमतुल्लाह अलैह का दो दिवसीय उर्स शुक्रवार को अकीदत व एहतराम से संपन्न हुआ। जियारत करने के लिए अकीदतमंदों की भीड़ उमड़ी रही। पूर्वांचल में हिन्दू मुस्लिम बंधु चादरपोशी व जियारत के लिए पहुंचे थे।

दरगाह के गद्दीनशीन समीउल्लाह खान उर्फ बाबू भाई और सगीरुल्लाह के आवास से बाद नमाज मगरिब गागर चादर का जुलूस निकालकर रस्म पूरी की गई। इसके बाद बाबा के बारगाह में चादर चढ़ाई गई। दुआख्वानी कर शांति, खुशहाली की दुआएं मांगी गई। रातभर शायरों ने बाबा की शान में नातिया कलाम से पेश किया। उर्स में मोहसिन खान, तौसीफ खान, असगर अली, शहनवाज अली, अरविंद श्रीवास्तव आदि का सहयोग रहा।

पूर्व कुलपति प्रो. हरेराम त्रिपाठी को दी गई श्रद्धांजलि
मंगला गौरी स्थित नेपाली संस्कृत महाविद्यालय में शुक्रवार को संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. हरेराम त्रिपाठी एवं उनकी पत्नी बदामी देवी को श्रद्धांजलि दी गई। श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित श्रीचंद संस्कृत महाविद्यालय के पूर्व प्राचार्य डॉ. शुकदेव त्रिपाठी, प्रो. राम किशोर त्रिपाठी, डॉ. कृष्ण मुरारी त्रिपाठी, दुर्गा प्रसाद अधिकारी एवं सीता धीमीरे ने उनके चित्र पर पुष्प गुच्छ चढ़ाकर श्रद्धांजलि दी। 

वक्ताओं ने कहा कि प्रो. हरेराम त्रिपाठी ने सनातन संस्कृति को पल्लवित-पुष्पित करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। संस्कृत विद्यालयों के उत्थान के लिए उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस अवसर पर कृष्ण गोपाल शर्मा, नागार्जुन अधिकारी, डॉ. विश्वनाथ त्रिपाठी, संदीप चतुर्वेदी, निधि दीक्षित, पवित्रा दहल उपस्थित थे।

प्रधानमंत्री से मिले विहंगम योग के आचार्य स्वतंत्र देव महाराज
विहंगम योग के सदगुरु आचार्य स्वतंत्र देव महाराज ने प्रधानमंत्री नरेंद्र माेदी से नई दिल्ली में बीते दिनों मुलाकात की। उन्होंने उमरहा स्थित स्वर्वेद महामंदिर धाम में चल रहे विकास कार्यों के बारे में प्रधानमंत्री को जानकारी दी। प्रधानमंत्री ने महामंदिर धाम का विकास करने के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

सद्गुरु आचार्य स्वतंत्र देव महाराज ने बताया कि भेंट के दौरान प्रधानमंत्री ने विहंगम योग संस्थान व स्वर्वेद महामंदिर धाम के प्रति विशेष रूचि व्यक्त की। कहा कि यह पूर्वांचल ही नहीं देश का अलौकिक धाम है। उन्होंने संत प्रवर विज्ञान देव महाराज की कश्मीर से कन्याकुमारी तक की व्यापक भारत यात्रा की विशेष रूचि के साथ जानकारी ली। इस मौके पर सद्गुरु आचार्य स्वतंत्र देव ने देश व विदेश में चलाए जा रहे आध्यात्मिक सांस्कृतिक, जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में बताया। 

प्रोत्साहन समिति में सम्सी रजा व ओलंपियन ललित उपाध्याय
जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार की अध्यक्षता में जिला खेल प्रोत्साहन समिति की बैठक शुक्रवार शाम रायफल क्लब में हुई। इसमें फुटबॉल कोच सम्सी रजा और हॉकी के ओलंपियन ललित उपाध्याय को प्रोत्साहन समिति में सदस्य मनोनीत किया गया। इस आरएसओ विमला सिंह, डॉ. एके सिंह, केबी रावत, डॉ. सम्स तबरेज शंपू मौजूद रहे। 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed