Varanasi News: बोले प्रो. संखवार, अंगदान से बचा सकते हैं जिंदगी, गंगा में रोका गया नौकायन; पढ़ें- अन्य खबरें
Varanasi News: भारतीय अंगदान दिवस के अवसर पर बीएचयू के आईआईटी में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान बीएचयू के वरिष्ठ चिकित्सकों ने अंगदान से समाज को होने वाले फायदे के बारे में विस्तृत चर्चा की। वहीं, बारिश के कारण दिनों दिन बढ़ रहे गंगा के जलस्तर को लेकर जल पुलिस अलर्ट हो गया है। गंगा में नौकायन रोक दिया गया है। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आईएमएस बीएचयू के यूरोलॉजी विभाग की ओर से सार्वजनिक स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम में लोगों को अंगदान के प्रति जागरूक किया गया। मुख्य अतिथि आईएमएस बीएचयू के निदेशक प्रो. एसएन संखवार ने कहा कि अंगदान को प्रोत्साहित करना सभी की जिम्मेदारी है। इससे किसी को नया जीवन दे सकते हैं।
भारतीय अंगदान दिवस पर कार्यक्रम में प्रो. संखवार ने अंगदान और गुर्दा प्रत्यारोपण के लिए यूरोलॉजी, नेफ्रोलॉजी विभाग के कार्यों की सराहना की। यूरोलॉजी विभाग के अध्यक्ष प्रो. समीर त्रिवेदी ने कहा कि अंगदान एक महान कार्य है, जिससे कई जिंदगियों को बचाया जा सकता है। कहा अलग-अलग कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों में अंगदान को लेकर जो मिथक है, उसको दूर करवाया जाएगा। साथ ही पंजीकरण भी कराया जाएदा।
नेफ्रोलॉजी विभाग के प्रमुख प्रो. शिवेंद्र सिंह ने अंगों की बढ़ती मांग और अंग प्रत्यारोपण की जरूरत वाले रोगियों की पीड़ा से निपटने के लिए ऐसे कार्यक्रमों को जरूरी बताया। एमबीबीएस के छात्रों ने लघु नाटिका से अंगदान के प्रति जागरूक किया। एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. उज्वल कुमार ने अंगदान प्रतिज्ञा के बारे में बताया।
पुलिस की गिरफ्त में आया बकरा चोर गिरोह
नवाबगंज के मंसूराबाद पुलिस ने शनिवार को बकरा चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। चोरों के पास से चोरी के बकरों के साथ ही कार और तमंचा भी मिला है।
हंडिया-कानपुर हाईवे थाना नवाबगंज के पूरे नक्कू गांव के पास एक कार एंबुलेंस से टकरा गई। कार सवार वाहन छोड़कर फरार हो गए। घटना के थोड़ी देर बाद रामचंद्र पाल निवासी कठवतिया थाना शिवपुर जनपद वाराणसी, सैफ अली हुकुलगंज थाना कैंट वाराणसी व इकबाल उर्फ मस्तु निवासी डाला बाजार चोपन सोनभद्र पूरे नक्कू के पास स्थित सौभाग्य ढाबे के पास से बकरा लेकर जाते देखे गए।
सूचना पर चौकी प्रभारी मंसूराबाद अरविंद कुमार गौतम ने घेराबंदी कर चोरों को कार सहित पकड़ लिया। उनके पास से चोरी के तीन बकरे व एक बकरी व चोरी करने में प्रयुक्त स्विफ्ट कार बरामद की। पुलिस ने बताया कि इकबाल के पास से एक तमंचा व कारतूस भी मिला है।
पुलिस की पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि काफी दिनों से वह इलाके में बकरों की चोरी कर रहे थे और उसे बेचकर पैसा आपस में बांट लेते थे। अभियुक्तों को पुलिस ने कोर्ट प्रस्तुत कर। जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
स्कूल जा रहे साइकिल सवार भाई-बहन को स्कार्पियो ने मारी टक्कर
बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से मंगारी मार्ग स्थित एक लॉन के सामने तेज रफ्तार स्कार्पियो की टक्कर से स्कूल जा रहे साइकिल सवार भाई-बहन घायल हो गए। बहन की हालत गंभीर देखते हुए उसे बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है।
सगुनहा निवासी राजकुमार का पुत्र पवन कुमार कक्षा 10 और पुत्री कीर्ति कुमारी कक्षा नौ में मंगारी स्थित एक इंटर कॉलेज मंगारी में पढ़ती है। दोनों एक ही साइकिल से स्कूल जा रहे थे।
एयरपोर्ट-मंगारी मुख्य मार्ग पर मंगारी की तरफ से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो दोनों को जोरदार टक्कर मारते हुए खाई में चली गई। स्कार्पियो सवार व्यक्ति के द्वारा भाई-बहन को बाबतपुर स्थित एक निजी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। कीर्ति की हालत नाजुक देखते हुए उसे बीएचयू ट्रॉमा सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया।
67 लाख रुपये गबन के आरोपी दो भाई गिरफ्तार
गोदौलिया स्थित मारवाड़ी अस्पताल प्रबंधन से 67 लाख रुपये गबन के आरोपी दो भाइयों को दशाश्वमेध थाने की पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान इंक्लेव कॉलोनी, मंडुवाडीह निवासी हर्षित मिश्रा और कुंदन मिश्रा के रूप में हुई है। वर्ष 2023 में दर्ज इस मुकदमे के अन्य आरोपी पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं।
मुस्तफाबाद से मारपीट के आरोप में युवक गिरफ्तार
चौबेपुर के मुस्तफाबाद रेतापार से चौबेपुर थाने की पुलिस ने अनिल निषाद को गिरफ्तार कर शांतिभंग के आरोप में चालान किया। चौबेपुर थाना प्रभारी निरीक्षक विद्याशंकर शुक्ल ने बताया कि अनिल निषाद एक ऑटो चालक से गत दिनों मारपीट किया था। वहीं, पिस्टल के साथ अनिल की एक फोटो सोशल मीडिया पर वायरल होने के संबंध में थानाध्यक्ष ने कहा कि वह पुरानी और एडिट की हुई फोटो है।
पति समेत चार पर विवाहिता ने दर्ज कराया मुकदमा
सारनाथ के सिंहपुर की रहने वाली एक विवाहिता की तहरीर पर शनिवार को सारनाथ थाने में उसके पति समेत चार लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है।
सारनाथ थाना के सिंहपुर निवासी सुरेंद्र नाथ मौर्य ने अपनी पुत्री रुचिता मौर्य की शादी 12 नवंबर 2019 को धन्नीपुर, लोहता के महेंद्र के साथ की थी। ससुराल वाले मायके से पांच लाख रुपये और एक बुलेट मोटरसाइकिल मंगवाने को लेकर रुचिता को मारने-पीटने लगे। रुचिता मौर्य की तहरीर पर उसके पति महेंद्र, देवर धर्मेंद्र, सास मीरा देवी और ननद सुनीता के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
छात्र और उसके भाई को पीट कर घायल किया
रोहनिया के केशरीपुर में छात्र आदर्श अपने भाई श्रेयांस का इंतजार कर रहा था। उसी दौरान अन्य छात्र से उसका विवाद हो गया। आरोप है कि वह छात्र अपने साथियों को बुलाकर आदर्श को पीट दिया। बीचबचाव करने पहुंचा श्रेयांस भी घायल हो गया। रोहनिया थाने में दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस जांच कर रही है।
इंटर कॉलेज गेट पर मनबढ़ों का आतंक, थाने में शिकायत
बड़ागांव थाना क्षेत्र के बसनी स्थित शुभद्रा कुमार इंटर कालेज गेट पर मनबढ़ों के आतंक की शिकायत शनिवार को प्रधानाचार्य ने थाने में की है। प्रधानाचार्य नीरज कुमार के अनुसार क्षेत्र के विभिन्न गांवों के मनबढ़ युवक कॉलेज की संपत्ति को क्षति पहुंचा रहे हैं।
कर्मियों के रोकने पर उन्हें जान से मारने की धमकी देते हैं। हाल ही में मनबढ़ युवकों ने कॉलेज गेट पर लगे सीसी कैमरों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि मनबढ़ युवकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
दो पक्षों में मारपीट, मुकदमा दर्ज
सेवापुरी के गोराई गांव निवासी प्रशांत कुमार सिंह ने जंसा थाने की पुलिस को तहरीर देकर दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। प्रशांत के अनुसार वह बाजार से घर जा रहे थे। सुमेरापुर पुल के समीप उनके पड़ोसी आयुष सिंह अपने दोस्त कतवारूपुर के सत्यम सिंह के साथ आया। उन दोनों ने उन्हें और उनके ड्राइवर सूरज चौहान को जमकर मारापीटा और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद आयुष सिंह उनके घर जाकर उनके पिता के साथ मारपीट की।
तकिया से मुंह दबाकर सीने को पटरा से दबाया
सेवापुरी के चौखंडी गांव निवासी सूरज पांडेय उर्फ नवीन ने जंसा थाने में तहरीर देकर दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। सूरज ने पुलिस को बताया कि उनके पिता चार दिन पहले गांव के हनुमान मंदिर से घर आ रहे थे।
रास्ते में पुरानी रंजिश को लेकर गांव के ही दिलीप पांडेय उर्फ जुगनू और प्रवीण पांडेय उर्फ मोनू तकिया से मुंह दबाने के बाद छाती पर पटरा रखकर दबाने लगे। इससे उनके पिता बेहोश होकर गिर गए। होश आने पर फोन कर उन्होंने घटना की जानकारी दी।
मां शृंगार गौरी केस के साथ सुनें लॉर्ड विश्वेश्वरनाथ का मुकदमा
मां शृंगार गौरी केस की वादिनी लक्ष्मी देवी, रेखा पाठक, सीता साहू और मंजू व्यास की तरफ से शनिवार को जिला जज संजीव पांडेय की अदालत में प्रार्थनापत्र दिया गया।
मांग की गई कि ज्ञानवापी से संबंधित वर्ष 1991 के प्राचीन मूर्ति स्वयंभू ज्योतिर्लिंग लॉर्ड विश्वेश्वरनाथ के केस को सीनियर डिवीजन / फास्ट ट्रैक कोर्ट से स्थानांतरित कर मां शृंगार गौरी के वाद के साथ सुनवाई की जाए। इस पर लॉर्ड विश्वेश्वरनाथ के वाद मित्र विजय शंकर रस्तोगी ने आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि वह अलग मुकदमा है। इस पर अदालत ने सुनवाई के लिए 17 अगस्त की तिथि नियत कर दी।
मजदूर की मौत के मामले में तीन पर मुकदमा
श्रीराम जानकी मंदिर की छत पर तिरपाल लगाते समय करंट की चपेट में आकर गिरने से मजदूर राम प्रसाद कन्नौजिया की मौत के मामले में तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। पोस्टमार्टम के बाद शनिवार को रामनगर स्थित श्मशान घाट पर अंत्येष्टि के दौरान भाजपा विधायक सौरभ श्रीवास्तव पहुंचे।
उन्होंने राम प्रसाद के परिजनों को हरसंभव सहायता दिलाने का भरोसा दिया। साथ ही आर्थिक सहायता भी दी। वहीं, रामप्रसाद के पिता शोभनाथ कन्नौजिया की तहरीर पर रामनगर थाने में बिजली विभाग, टेंट हाउस और श्रीराम जानकी मंदिर ( सभी का नाम-पता अज्ञात) के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर किया गया है।
मिजोरम सरकार के अफसरों ने देखा काशी का रोपवे, ऐसे ही कराएगी निर्माण
मिजोरम सरकार के चार अफसरों ने रोपवे निर्माण को देखा। इसी तरह का रोपवे मिजोरम सरकार अपने यहां बनवाना चाह रही है। इस दौरान रोपवे के निर्माण की पूरी प्रक्रिया को समझा।
अफसरों ने बताया कि आइजोल सस्टेनेबल अर्बन ट्रांसपोर्ट प्रोजेक्ट (एएसयूटीपी) के तहत रोपवे सिस्टम मिजोरम की राजधानी आइजोल में प्रस्तावित है।
एनएचएलएम के अधिकारी ने बताया कि आइजोल सस्टेनेबल अर्बन ट्रांसपोर्ट प्रोजेक्ट (एएसयूटीपी) के डायरेक्टर एंड्रिव लालहरुआ और प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर एचवीएल जारजोएंगा व दो अन्य अधिकारियों ने साइट विजिट करके रोपवे के निर्माण की डिजाइन, सुरक्षा प्रोटोकॉल, परिचालन और वित्तीय योजना को समझा।
ग्रीन बेल्ट में बनी कोठी पर हुई ध्वस्तीकरण की कार्रवाई
वीडीए की टीम ने वरुणा नदी किनारे ग्रीन बेल्ट के किनारे के निर्माण कार्य का ध्वस्तीकरण किया। वीडीए वीसी पुलकित गर्ग ने बताया कि बुद्ध विहार कॉलोनी, वार्ड-सिकरौल में भूखंड संख्या- 18, 19 और 20 पर अनधिकृत रूप से कोठी का निर्माण किया जा रहा था। यहां ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई।
निर्माणकर्ता जाफर अली ने नोटिस के बाद भी खुद ध्वस्त नहीं कराया तो वीडीए ने ध्वस्तीकरण में आने वाले खर्चे चार लाख 66 हजार रुपये जमा कराने का नोटिस भी जारी किया है। यदि पंद्रह दिनों में यह रुपये जमा नहीं किया तो वसूली की कार्रवाई की जाएगी।
बाल संसद में नौनिहालों ने चलाया लोकतंत्र
चौबेपुर के प्राथमिक विद्यालय चंद्रावती में शनिवार को बाल संसद का चुनाव हुआ। इसमें कक्षा पांच की छात्रा परी निषाद को प्रधानमंत्री पद की जिम्मेदारी दी गई। बाल संसद के गठन के लिए सबसे पहले बच्चों ने प्रचार-प्रसार करते हुए चुनावी माहौल तैयार किया।
लोकतंत्र के लिए विद्यालय में नामांकन प्रक्रिया होने के बाद मतदान कराया गया। बच्चों को ही मतदान अधिकारी प्रथम, द्वितीय, तृतीय एवं पीठासीन अधिकारी बनाया गया था। सेक्टर मजिस्ट्रेट और पुलिसकर्मी आदि की जिम्मेदारी भी दी गई थी। चुनाव प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद परिणाम की घोषणा की गई।
सेजल निषाद को शिक्षा मंत्री, गोलू को स्वच्छता मंत्री, जिक्रा को पर्यावरण मंत्री, श्रेया को खेलकूद एवं सांस्कृतिक मंत्री, प्रज्ञा को पोषण मंत्री आदि विभागों का बंटवारा कर दायित्व निर्वहन के लिए शपथ दिलाई गई। मौके पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक सुरेश राम सहित अन्य अध्यापक मौजूद रहे।
गंगा में रोका गया नौकायन
बारिश और तेज हवा के बीच गंगा की उफनाती लहरों को देख कर शनिवार को जल पुलिस ने नौकायन पर रोक लगा दी। इस संबंध में जल पुलिस प्रभारी मिथिलेश यादव की ओर से नाविकों के लिए अपील जारी की गई कि मौसम सही नहीं है। सुरक्षा को देखते हुए नौकायन न करें।
उन्होंने बताया कि रविवार को मौसम के अनुरूप निर्णय लेकर नाविकों को अवगत करा दिया जाएगा। नौकायन पर प्रतिबंध के बीच गंगा में क्रूज का संचालन होता रहा। इसे लेकर लोगों ने सवाल उठाए। इस पर जल पुलिस प्रभारी ने कहा कि जो क्रूज चल रहा है वह समुद्र में चलने के हिसाब से तैयार किया गया है। इसलिए उसके संचालन पर फिलहाल रोक नहीं लगाई गई है।
विद्यापीठ के भैरव तालाब परिसर में पौधरोपण
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के कृषि विज्ञान एवं तकनीकी संकाय भैरव तालाब परिसर में शनिवार को राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण किया। शुभारंभ परिसर प्रभारी डॉ. सुरेंद्र कुमार सिंह यादव ने किया। परिसर में पीपल, नीम, जामुन, आम और औषधीय पौधे लगाए गए। इस अवसर पर डॉ. बलवंत कुमार सिंह, डॉ. प्रेमचंद सिंह, डॉ. ओपी सिंह, डॉ. विनोद सिंह, डॉ. निशांत सिंह, वैशाली, शैलेंद्र रहे।
अनशन पर बैठे छात्र को आया चक्कर
दिसंबर-2023 में नेट उत्तीर्ण करने वाले छात्र-छात्राओं को पीएचडी प्रवेश में वरीयता देने समेत विभिन्न मांगों को लेकर 17 दिनों से धरना और तीन दिनों से आमरण अनशन कर रहे एक छात्र की शनिवार को तबीयत बिगड़ गई। छात्र श्यामल ने चक्कर आने की शिकायत की।
इसके बाद चिकित्सकों ने मौके पर पहुंचकर उनकी जांच की। छात्रों ने कहा कि उनकी समस्याओं को अनसुना किया जा रहा है। आंदोलन की अगुवाई कर रहे दिव्यांश दुबे ने कहा कि जब तक उनकी समस्याओं का समाधान नहीं होगा, अनशन जारी रहेगा।