Varanasi News: कारगिल शहीदों की याद में रक्तदान करने का मौका, जिला अस्पताल सहित यहां लगेंगे शिविर
Varanasi News: अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से वाराणसी में विभिन्न स्थानों पर रक्तदान शिविर लगेंगे। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर लोगों को रक्तदान का माैका दिया जाएगा।
विस्तार
Kargil Vijay Diwas 2025: रक्तदान एक ऐसा दान होता है, जिसका कोई मोल नहीं होता है। समय-समय पर लगने वाले रक्तदान शिविरों में स्वैच्छिक रक्तदाताओं के रक्तदान करने से जरूरतमंद मरीजों के इलाज में कोई परेशानी नहीं होती है।
अस्पतालों में भर्ती ऐसे जरूरतमंद मरीजों को इलाज के दौरान खून मिल सके इसके लिए अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से हर साल की तरह इस साल भी कारगिल विजय दिवस पर 26 जुलाई को रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। कारगिल के शहीदों की याद में बीएचयू अस्पताल, जिला अस्पताल के ब्लड बैंक के साथ ही कैंटोंमेंट और पुलिस लाइन में रक्तदान शिविर में आप भी रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों की जान बचाने के सहभागी बन सकते हैं।
सड़क दुर्घटना के साथ ही अन्य घटनाओं में घायल मरीज हो या फिर कैंसर ग्रसित मरीज, गर्भवती महिलाएं, हीमोफीलिया, थैलेसीमिया ग्रसित बच्चे। इनके इलाज में खून की जरूरत पड़ती है। सबसे ज्यादा परेशानी तब होती है, जब इलाज के दौरान ऐसे मरीज के पास डोनर नहीं होते हैं। ऐसे में स्वैच्छिक रक्तदान शिविरों में रक्तदान से ही ब्लड बैंकों की ओर से ऐसे जरूरतमंद मरीजों को बिना डोनेशन के ही खून दिया जाता है।
इस तरह के मरीजों के इलाज में खून का संकट न आए, इस वजह से ही अमर उजाला फाऊंडेशन की ओर से शिविर लगाया जा रहा है। सुबह 9 बजे से 3 बजे तक चलने वाले शिविर पहुंच कर आप भी रक्तदान कर सकते हैं। अमर उजाला के इस अभियान में भारत विकास परिषद, रोटरी क्लब, मानव एकेडमी आफ मार्शल आर्टस की टीम भी सहभागी है।
यह अभी जानना जरूरी
- 18 से 65 साल का कोई भी व्यक्ति रक्तदान कर सकता है।
- रक्तदान करने से एक दिन पूर्व नींद का होना बहुत जरूरी है।
- रक्तदान से सेहत पर कोई दुष्प्रभाव नहीं पड़ता है।
- एक यूनिट रक्तदान से चार लोगों की जान बचाई जा सकती है।
रक्तदान करने वालों के सेहत पर इसका कोई दुष्प्रभाव नहीं पड़ता है। कोई भी स्वस्थ व्यक्ति रक्तदान कर सकता है। यह सबसे बड़ा दान है। शिविर में पहुंचकर लोगों की जरूरी जांच कराने के बाद जरूर रक्तदान करना चाहिए। -डॉ.संदीप कुमार, प्रभारी ब्लड बैंक, बीएचयू