Varanasi News: मेडिकल कॉलेज में बढ़ाई गईं 50 सीटें, 650 होगी बेड की संख्या; प्राचार्य ने दी जानकारी
मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल ने निरीक्षण के दाैरान बताया कि अस्पताल स्तर पर एक समन्वय समिति भी गठित की गई है, जो निर्माण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के साथ-साथ नियमित रूप से उन्हें प्रगति रिपोर्ट भी देगी।
विस्तार
Varanasi News: मानसिक अस्पताल की जमीन पर बन रहे मेडिकल कॉलेज में 50 सीटें बढ़ाई गई हैं। पहले यहां एमबीबीएस की 100 सीटें थीं। अब इसे बढ़ाकर 150 कर दिया गया है। सीटों में बढ़ोतरी के साथ ही बेड क्षमता भी 375 से बढ़कर 650 हो गई है। इसकी घोषणा शुक्रवार को मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. आरबी कमल ने निरीक्षण के दौरान की।
उन्होंने मेडिकल कॉलेज के निर्माण कार्य के प्रगति की समीक्षा भी की। उन्होंने स्थल पर मौजूद ठेकेदार को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी न हो। सभी कार्य गुणवत्तापूर्वक हों।
निर्माण एजेंसी को मॉडल मेडिकल कॉलेज के डेमो के अनुरूप कार्य में तेजी लाने और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन ने निर्माण व अन्य जरूरतों के लिए 38 करोड़ रुपये की पहली किस्त जारी कर दी है, जिससे विकास कार्यों में और गति आएगी।
छह मॉड्यूलर ऑपरेशन थियेटर बनाए जाने की योजना
डॉ. आरबी कमल ने जिला अस्पताल का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल की ओपीडी, वार्ड, ट्रॉमा सेंटर का निरीक्षण कर मौजूदा व्यवस्थाएं देखीं। परिसर में खाली पड़ी जमीन का उपयोग बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिए करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान डॉ. कमल ने जिला अस्पताल में मॉड्यूलर ऑपरेशन थियेटर (मॉड्यूलर ओटी) के निर्माण की आवश्यकता पर स्पष्ट रूप से बल दिया।
उन्होंने कहा कि मॉड्यूलर ओटी के स्थापित होने से सर्जरी सेवाओं में तेजी आएगी। उन्होंने बताया कि अस्पताल में कुल छह मॉड्यूलर ऑपरेशन थियेटर बनाए जाने की योजना है। निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) डॉ. आरएस राम, एमएस डॉ. प्रेम प्रकाश, मेंटल हॉस्पिटल के निदेशक डॉ. चंद्र प्रकाश मल्ल आदि मौजूद रहे।