वाराणसी की खबरें: 17 वर्षीय किशोरी लापता पांच लाख के जेवर गायब, छोटे भाई को भी पीटा; बड़े भाई की हालत गंभीर
वाराणसी के कैंट थाना क्षेत्र से किशोरी और पांच लाख रुपये गायब होने का मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र में हुए मारपीट के केस में पुलिस पड़ताल कर रही है। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
विस्तार
कैंट थाना क्षेत्र के नदेसर में 17 वर्षीय किशोरी नकदी और पांच लाख रुपये के जेवरात लेकर लापता है। पीड़ित परिवार ने पड़ोस में किराये पर रहने वाले युवक और उसके परिजनों पर किशोरी को बहलाकर ले जाने की साजिश रचने का आरोप लगाया है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। परिवार की शिकायत के अनुसार 17 अक्तूबर की भोर करीब 3:30 बजे किशोरी घर से लापता हो गई।
परिजनों ने आरोप लगाया कि पड़ोस में रहने वाला युवक उसे अपने साथ ले गया। परिवार का यह भी कहना है कि घर से करीब 50 हजार रुपये नकद और लगभग पांच लाख रुपये के सोने के जेवरात गायब हैं। इनमें अंगूठी और हार शामिल हैं। परिजनों ने युवक के पिता, बहन और अन्य रिश्तेदारों पर भी किशोरी को ले जाने की योजना में शामिल होने का आरोप लगाया है। थाना प्रभारी राजकिशोर पांडेय ने बताया कि मामला दर्ज कर किशोरी की तलाश की जा रही है।
युवक पर जानलेवा हमला, छोटे भाई को भी पीटा, बड़े भाई की हालत गंभीर
पहड़िया स्थित अशोका तिराहे के पास रविवार सुबह एक युवक पर जानलेवा हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। बीचबचाव करने पहुंचे उसके छोटे भाई के साथ भी मारपीट की गई। घायल अनीश गौतम को तरना बाईपास स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां वह आईसीयू में है।
पीड़ित के छोटे भाई अभिषेक के मुताबिक, रविवार सुबह करीब 6:15 बजे अनीश बाइक लेकर किसी काम से निकले थे। कुछ देर बाद उन्हें फोन पर बड़े भाई के घायल होने की सूचना मिली। वह कार से पहड़िया में मैक्स शोरूम के पास पहुंचे तो देखा कि पास की एक गली में उनके भाई को बेरहमी से पीटा जा रहा था। हमले में अनीश के सिर, हाथ, पैर, उंगलियों और कमर में गंभीर चोटें आई हैं। अभिषेक का आरोप है कि मौके पर पहुंचने पर हमलावरों ने उन्हें भी घेर लिया।
उन्होंने पंकज यादव, संदीप यादव और शिखर यादव पर बड़े भाई के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया। अभिषेक के अनुसार, शिखर उन्हें जबरन पल्सर बाइक पर बैठाकर अशोका इंस्टीट्यूट के बगल वाली गली में ले गया, जहां उनके साथ भी मारपीट की गई। आरोपियों पर मोबाइल फोन और कार की चाबी छीनने का भी आरोप है। थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी ने बताया कि तहरीर के मामला दर्ज किया गया है।
डॉ. अनुपम तिवारी ने मरीज के पेट में 24 दिन तक फंसे चाकू के टुकड़े को निकाला
चौबेपुर निवासी मोहम्मद नसीम के पेट से 24 दिन बाद चाकू का टूटा हुआ हिस्सा निकाला गया है। चौकाघाट स्थित पीएन सर्जिकल नर्सिंग होम एंड लैप्रोस्कोपिक सेंटर में यह सफल ऑपरेशन हुआ। वरिष्ठ लेप्रोस्कोपिक सर्जन डॉ. अनुपम तिवारी ने यह जटिल सर्जरी की। मोहम्मद नसीम के पेट में 19 सितंबर 2026 को आपसी विवाद के दौरान चाकू लगा था। हमले में चाकू टूट गया और उसका आधा हिस्सा पेट में ही फंसा रह गया।
घटना के बाद नसीम ने कई जगह इलाज कराया, लेकिन चाकू का टुकड़ा नहीं निकल पाया। इसके बाद 13 अक्तूबर को वह पीएन सर्जिकल नर्सिंग होम पहुंचे। डॉ. अनुपम तिवारी ने बताया कि लंबे समय तक चाकू फंसे रहने से संक्रमण फैल गया था। इस कारण ऑपरेशन काफी चुनौतीपूर्ण हो गया था।
अस्पताल के अनुसार, ऑपरेशन सफल रहा और मरीज अब पूरी तरह स्वस्थ है। डॉ. अनुपम तिवारी ने बताया कि सबसे पहले संक्रमित हिस्से की अच्छी तरह सफाई की गई। संक्रमण को नियंत्रित करने के लिए आवश्यक उपचार भी किया गया। इसके बाद ओपन सर्जरी के माध्यम से पेट में फंसे चाकू के टुकड़े को सावधानीपूर्वक बाहर निकाला गया।
संपत्ति विवाद में जानलेवा हमला
भेलूपुर थाना क्षेत्र के कश्मीरीगंज खोजवां में संपत्ति विवाद में महिलाओं पर जानलेवा हमला किया गया। पीड़िता की तहरीर पर छह नामजद आरोपियों के खिलाफ भेलूपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पीड़िता कामिनी वर्मा ने पुलिस को बताया कि 16 अक्तूबर को दोपहर करीब सवा एक बजे वह अपने पोते अभिनव वर्मा के साथ थीं। तभी शैलेंद्र वर्मा, प्रशांत वर्मा, अंशुमान सिंह, प्रवीण वर्मा, अन्नू मौर्य और पूजा वर्मा ने उन्हें गालियां दीं।
आरोपियों ने बच्चे को भी पीटा। बीच-बचाव करने आईं प्रीति सिंह को घर में घसीटकर बुरी तरह पीटा गया। पीड़िता के अनुसार, एक आरोपी ने अवैध असलहा उनकी कनपटी पर रखकर जान से मारने की धमकी दी और असलहे की बट से उनके सिर पर वार किया। आरोपी उन्हें जबरन घर से बेदखल करने की कोशिश कर रहे हैं। भेलूपुर इंस्पेक्टर दुर्गा सिंह ने बताया कि थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
घर में घुसकर मारपीट, जान से मारने की धमकी
लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र की रजा कॉलोनी में घर में घुसकर मारपीट करने और परिवार को जान से मारने की धमकी देने के आरोप में पुलिस ने मुहम्मद अरसद की तहरीर पर मुहम्मद अकरम, उनकी पत्नी तरन्नुम जहां, दामाद तौसिक कुरैशी समेत अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। मुहम्मद अरसद के मुताबिक, छह सितंबर की रात करीब 1:30 बजे आरोपी उनके घर में घुस आए और मारपीट करने लगे।
आरोप है कि इस दौरान पूर्व में दर्ज मुकदमे को वापस लेने का दबाव बनाया गया। इनकार करने पर पीड़ित और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई। पीड़ित ने मुहम्मद अकरम और तौसिक कुरैशी पर उनकी पत्नी के साथ दुर्व्यवहार करने का भी आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
गोपपुर हत्याकांड में नामजद आरोपी गिरफ्तार
चोलापुर थाना क्षेत्र के गोपपुर गांव में पिंटू राजभर की हत्या के मामले में पुलिस ने नामजद आरोपी संतर राजभर उर्फ जयप्रकाश राजभर (50) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने रविवार सुबह करीब 6:20 बजे गोसाईपुर-मोहांव पानी टंकी के पास से उसे पकड़ा। पुलिस के अनुसार, मृतक के पुत्र आकाश राजभर ने 16 अक्तूबर को चोलापुर थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उनके पिता को जान से मारने की नीयत से लोहे की रॉड से पीटा गया और इसके बाद कुएं में फेंक दिया गया। तहरीर में पहले भी जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया गया था। पुलिस ने शिकायत के आधार पर बीएनएस की धारा 103(1), 351(3) और 238 के तहत प्राथमिकी दर्ज की थी। थाना प्रभारी सधुवन राम गौतम ने बताया कि विधिक कार्रवाई की गई।
सर्वेश्वर मंदिर में फिर चोरी
बुद्धनगर कॉलोनी स्थित सर्वेश्वर मंदिर में एक बार फिर घंटा चोरी हो गया। शनिवार दोपहर हुई घटना में मंदिर से करीब पांच हजार रुपये का घंटा गायब हो गया। मंदिर के पुजारी विवेकानंद पांडेय ने बताया कि इससे पहले 21 सितंबर को भी मंदिर से तीन घंटे चोरी हुए थे। उस मामले में अब तक कोई सुराग नहीं मिल सका। एक महीने के भीतर दोबारा चोरी होने से मंदिर की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई। थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी ने बताया कि मंदिर के पुजारी की ओर से तहरीर मिली। मामले की जांच बीट प्रभारी को सौंप दी गई।
घर में घुसकर मारपीट, पांच पर प्राथमिकी दर्ज
मिर्जामुराद क्षेत्र के बहेड़वा गांव में पुरानी रंजिश को लेकर घर में घुसकर मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। गांव निवासी राजनरायन के अनुसार, शनिवार रात करीब 9:30 बजे कुछ लोग उनके घर पर लगे सोलर पैनल पर पत्थर मार रहे थे। विरोध करने पर भी वे नहीं माने तो उन्होंने डायल 112 पर सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर विवाद न करने की हिदायत दी।
आरोप है कि पुलिस के जाने के बाद आरोपी घर में घुस गए और राजनरायन को लाठी-डंडों व लात-घूंसों से पीटकर घायल कर दिया। इसके बाद जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। थाना प्रभारी गोपाल जी कुशवाहा ने बताया कि तहरीर के आधार पर गांव के सत्यम, संदीप, कैलाश, शिवम और सोनू के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
पुलिस की कार्रवाई के लिए खड़ी बाइक ले गए, विरोध पर मारपीट और धमकी
रोहनिया थाना क्षेत्र में पुलिस की चेकिंग के दौरान कार्रवाई के लिए खड़ी कराई गई बिना नंबर प्लेट की बाइक को कुछ लोग दुकानदार के सामने से लेकर चले गए। विरोध करने पर दुकानदार के साथ गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप है।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रोहनिया थाना क्षेत्र के नकाईन निवासी अनिल पटेल के अनुसार, 15 अक्तूबर 2026 को शाम करीब 4:30 बजे उनकी अंडे की दुकान के सामने पुलिस वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इस दौरान पुलिस ने काले रंग की बिना नंबर प्लेट वाली संदिग्ध बाइक की जांच की और कार्रवाई के लिए उसे दुकान के सामने खड़ा कर दिया।
आरोप है कि इसी दौरान बाइक का स्वामी चार पहिया गाड़ी से पांच-छह अन्य लोगों के साथ पहुंचा और बाइक जबरन ले जाने लगा। अनिल पटेल ने उन्हें रोकते हुए पुलिस की कार्रवाई का हवाला दिया तो आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की। थाना प्रभारी राजू सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
गवाही देने पर जान से मारने की धमकी, प्राथमिकी
फूलपुर थाना क्षेत्र के करखियाव निवासी अधिवक्ता अश्वनी सिंह को गवाही देने पर जान से मारने की धमकी देने के आरोप में पुलिस ने सुजीत पटेल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। आरोप है कि युवक असलहा लेकर अधिवक्ता को धमकाने पहुंचा था। घटना शनिवार की है। अधिवक्ता अश्वनी सिंह ने सहायक पुलिस आयुक्त पिंडरा प्रशांत सिंह को दी गई तहरीर में आरोप लगाया कि वह शनिवार को तहसील पिंडरा जा रहे थे। इसी दौरान उनके भाई की हत्या के मामले में नामजद आरोपी सुजीत पटेल ने असलहा लेकर उनका पीछा किया और रास्ते में रोकने का प्रयास किया। किसी तरह तहसील पहुंचने पर आरोपी वहां भी पहुंच गया और गवाही देने पर जान से मारने की धमकी देने लगा। थाना प्रभारी अजयराज वर्मा ने बताया कि एसीपी निर्देश पर प्राथमिकी दर्ज की गई।
हाईवे पर विवाहिता की मौत, प्राथमिकी दर्ज
मिर्जामुराद क्षेत्र के रखौना गांव के पास नेशनल हाईवे पर ट्रक की टक्कर से सोनी देवी (32) की मौत के मामले में पुलिस ने अज्ञात ट्रक और उसके चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की मदद से ट्रक और चालक की पहचान करने में जुटी है। मिर्जापुर के चकिया कछवां निवासी गुलाब पटेल अपनी बेटी सोनी देवी, निवासी रखौना (मिर्जामुराद), के साथ बीएचयू में भर्ती बेटी की जेठानी को देखकर बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान अज्ञात ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। थाना प्रभारी गोपाल जी कुशवाहा ने बताया कि सीसीटीवी कैमरों की मदद से ट्रक और चालक की तलाश की जा रही है।
75 किलो अवैध पटाखे बरामद, दो गिरफ्तार
भेलूपुर थाना क्षेत्र के खोजवा स्थित सरायनंदन कॉलोनी में पुलिस ने एक मकान से करीब 65.300 किलोग्राम अवैध पटाखे बरामद किए हैं। पुलिस ने मौके से संजय गुप्ता को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ भेलूपुर थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 287 और विस्फोटक अधिनियम की धारा 9बी के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं, लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र के हुकुलगंज में सब्जी की दुकान की आड़ में अवैध रूप से पटाखों का भंडारण और बिक्री करने के आरोप में पुलिस ने कल्लू सोनकर (57) को गिरफ्तार किया है। एसीपी गौरव कुमार ने बताया की पूछताछ में आरोपी संजय ने पुलिस को बताया कि वह बच्चों के खिलौने वाली बंदूक और छोटे पटाखे बेचता है।
ठेके के झांसे में व्यापारी से दस लाख ठगे
सरकारी ठेके का झांसा देकर व्यापारी से दस लाख रुपये ठगी मामले में भार्गव दंपती के खिलाफ रविवार को चेतगंज थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई। पीड़ित राजेश तोदी ने पुलिस को बताया कि वह जूते-चप्पलों का थोक व्यवसाय करते हैं। उनकी मुलाकात आरोपी शरद भार्गव और रिचा भार्गव से व्यापारिक संगठनों की बैठकों में हुई थी। आरोपियों ने खुद को कंप्यूटर, प्रिंटर और कागजों का बड़ा व्यवसायी बताया था। उन्होंने सरकारी ठेका मिलने का लालच दिया। जुलाई 2023 में दस लाख रुपये लिए। दो-तीन महीने में रकम लाभांश सहित वापस करने का वादा किया था। चेतगंज थाना प्रभारी पवन पांडेय ने बताया कि आरोपी दंपती के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
अज्ञात वाहन की टक्कर से मजदूर की मौत
रोहनिया थाना क्षेत्र के भदवर बाईपास पर शनिवार शाम अज्ञात वाहन की टक्कर से साइकिल सवार मिर्जामुराद कल्लीपुर निवासी अरविंद राजभर (50) की मौत हो गई। अरविंद मजदूरी करते थे। शनिवार शाम वह साइकिल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान भदवर बाईपास पर अज्ञात वाहन ने उनकी साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस उन्हें अस्पताल ले गई, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अरविंद तीन भाइयों में मझला था। परिवार में पत्नी मीरा देवी और तीन बेटियां हैंप्रभारी निरीक्षक राजू सिंह ने बताया कि मृतक के भाई की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
पेट्रोल पंप संचालक के बंद घर में चोरी
लंका थाना क्षेत्र के डाफी स्थित बजरंग नगर अशोकपुरम कॉलोनी में पेट्रोल पंप संचालक कुमार गौरव के बंद मकान को चोरों ने निशाना बनाया। दीवार फांदकर घर में घुसे चोर मुख्य दरवाजे और कमरे का ताला तोड़कर आलमारी से करीब पांच लाख रुपये के जेवरात, पिस्टल की मैगजीन और 24 कारतूस उठा ले गए। रविवार को घर पहुंचने पर संचालक को चोरी की जानकारी हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। थाना प्रभारी राजकिशोर शर्मा ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर में बनेगी मल्टीलेवल पार्किंग
बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर में मल्टीलेवल पार्किंग बनाने की तैयारी चल रही है। इससे दूर-दराज से आने वाले मरीजों, तीमारदारों को अपनी गाड़ियों को खड़ी करने में सुविधा होगी। कार्यपरिषद की बैठक में पिछले दिनों इसका फैसला होने के बाद अब इसका प्रस्ताव तैयार कराया जा रहा है। इससे ट्रॉमा सेंटर कैंपस में सड़क किनारे वाहन खड़े नहीं होंगे और इमरजेंसी तक एंबुलेंस से मरीज को लेकर आने में भी कोई बाधा नहीं रहेगी।
विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से ट्रॉमा सेंटर कैंपस में पार्किंग बनाए जाने की सैद्धांतिक रूप से स्वीकृति के बाद अब आगे की औपचारिकताएं भी पूरी कराई जा रही है। इसके अलावा बीएचयू अस्पताल में भी इसी तरह की मल्टीलेवल पार्किंग बनेगी। विश्वविद्यालय निर्माण विभाग के प्रोफेसर इंचार्ज प्रो. अंचल श्रीवास्तव का कहना है कि मल्टीलेवल पार्किंग का प्रस्ताव बनाया जा रहा है। जल्द ही इस दिशा में अहम फैसला होने की संभावना है।
चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की समस्याएं नहीं सुलझने पर बढ़ा आक्रोश, आंदोलन की भी दी चेतावनी
उत्तर प्रदेशीय चतुर्थ श्रेणी राज्य कर्मचारी महासंघ की शाखा वाराणसी की आवश्यक बैठक कबीरचौरा स्थित कंपोजिट विद्यालय के सभागार में हुई। अध्यक्षता जिलाध्यक्ष बद्री प्रसाद ने की, जबकि संचालन जिलामंत्री विनोद त्रिपाठी ने किया। बैठक में बेसिक शिक्षा परिषद के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की लंबित समस्याओं का समाधान नहीं होने पर नाराजगी जताई गई। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो वे धरना-प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगे।
बैठक को संबोधित करते हुए महासंघ के प्रांतीय संरक्षक मुन्नू लाल रावत ने कहा कि कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए महासंघ का प्रतिनिधिमंडल कई बार जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी भूपेंद्र सिंह से मिल चुका है। इसके बावजूद अब तक किसी भी समस्या का समाधान नहीं होने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को केवल आश्वासन मिल रहा है और संगठन के पदाधिकारियों को भी भ्रमित किया जा रहा है। इससे कर्मचारियों में लगातार आक्रोश बढ़ रहा है। रावत ने कहा कि 12 दिसंबर 2024 को उत्तर प्रदेश शासन के मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह की ओर से जारी आदेश का भी पालन नहीं किया जा रहा है। बैठक में रेशम लाल, शहजाद अहमद, गंगा राम, मनोज कुमार, घनश्याम गुप्ता, दीनदयाल यादव, शिवलखन पासवान आदि रहे।
मतदान के बाद स्ट्रांग रूम में प्रत्याशी भी लगा सकते हैं सील
शिक्षक-स्नातक एमएलसी चुनाव के लिए रिटर्निंग ऑफिसर मंडलायुक्त एस राजलिंगम ने आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उनके अनुसार 23 अक्तूबर को मतदान के बाद पहड़िया मंडी में बनाए गए स्ट्रॉन्ग रूम में मतपेटिकाएं रखी जाएंगी।
सभी सील्ड बैलेट बॉक्स और अन्य महत्वपूर्ण अभिलेखों को स्ट्रांग रूम में सुरक्षित रखा जाएगा। प्रेक्षकों और अधिकारियों की मौजूदगी में सील किया जाएगा। प्रत्याशी यहां उपस्थित रहकर पूरी प्रक्रिया देख सकते हैं। प्रत्याशी अपनी सील भी लगा सकते हैं। इसके बाद 27 को मतगणना सुबह 8 बजे शुरू होगी।
मंडी स्थित उत्तर प्रदेश राज्य खाद्य भंडारण निगम के विभिन्न हॉलों में मतगणना होगी। मतगणना प्रारंभ होने के निर्धारित समय पर स्ट्रांग रूम को रिटर्निंग ऑफिसर, सहायक रिटर्निंग ऑफिसर और माननीय प्रेक्षक के समक्ष सील्ड बैलेट बॉक्स निकालने के लिए खोला जाएगा। मतदान के बाद मतपेटिकाओं को स्ट्रॉन्ग रूम में रखने और मतगणना वाले दिन मतपेटिकाओं को निकालने से पूर्व प्रत्याशी मौजूद रहेंगे। मतगणना को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने प्रवेश के लिए स्पष्ट मार्ग और दिशा-निर्देश तय किए हैं।
अधिकारियों, कर्मचारियों और पत्रकारों के लिए प्रवेश गाजीपुर मार्ग स्थित पहड़िया मंडी के मुख्य द्वार से होगा। प्रत्याशियों और एजेंटों के लिए प्रवेश दौलतपुर रोड स्थित आईबी कार्यालय भवन के बगल से आने वाले रास्ते से वेयर हाउस हॉल तक पहुंचने की व्यवस्था की गई है।
शिक्षक-स्नातक समुदाय से निरंतर संवाद करें कार्यकर्ता : क्षेत्रीय अध्यक्ष
भाजपा काशी क्षेत्र के अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने कहा कि शिक्षक और स्नातक समुदाय से कार्यकर्ता निरंतर संवाद करें। रविवार को भाजपा के क्षेत्रीय कार्यालय रोहनिया में हुई बैठक में क्षेत्रीय अध्यक्ष ने शिक्षक-स्नातक एमएलसी चुनाव की रणनीति बनाई।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से चुनावी तैयारियों के साथ जमीनी संपर्क मजबूत करने का आह्वान किया। क्षेत्रीय अध्यक्ष ने कहा कि चुनाव में सफलता के लिए कार्यकर्ताओं का निरंतर जनसंपर्क, संगठनात्मक एकजुटता और मतदाताओं के साथ सीधा संवाद बेहद महत्वपूर्ण है।
शिक्षक एवं स्नातक मतदाताओं के बीच नियमित संपर्क बनाए रखने के साथ उनकी समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुना जाना चाहिए। बैठक में मतदाता सूची के अनुसार क्षेत्रवार संपर्क अभियान चलाने, संगठन के विभिन्न स्तरों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां तय करने पर चर्चा हुई।
बैठक में मतदाताओं तक प्रभावी पहुंच बनाने, नियमित जनसंपर्क जारी रखने और समुदाय से जुड़े मुद्दों को संगठन की प्राथमिकताओं में शामिल करने पर जोर दिया गया। संचालन क्षेत्र उपाध्यक्ष अमित राय ने और धन्यवाद ज्ञापन अजीत रावत ने किया। बैठक में महामंत्री अनूप जायसवाल, उपाध्यक्ष नवरतन राठी, विद्याधर तिवारी, डॉ हरेंद्र राय, जगदीश त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।
पूजा निर्माल्यों का वैज्ञानिक तरीके से होगा निस्तारण
प्रतिमाओं के विसर्जन के बाद पूजा निर्माल्यों का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण होगा। इसके लिए नगर निगम ने कार्ययोजना बनाई है। श्रद्धालुओं से अपील की रही है कि वे नवरात्र के बाद पूजा सामग्री को गंगा में विसर्जित करने के बजाय इन्हें अर्पण कलशों में डालें। प्रतिमाओं के विसर्जन के बाद कुंडों से पूजा निर्माल्यों को निकाला जाएगा। इनका इस्तेमाल खाद के रूप में किया जाएगा।
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि एकत्रित की गई पूजा सामग्री से प्लास्टिक, कलावा, धागे और धूपबत्ती के स्टैंड जैसी अजैविक चीजों को अलग किया जाता है। अलग किए गए शुद्ध फूलों और पत्तियों को नगर निगम के करसड़ा सॉलिड वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट या स्थानीय वार्ड-स्तरीय कंपोस्टिंग केंद्रों पर भेजा जाता है। इन फूलों पर विशेष प्रकार के जीवाणु या कचरा डीकंपोजर का छिड़काव किया जाता है, जो फूलों को बहुत तेजी से सड़ाकर उच्च गुणवत्ता वाली जैविक खाद में बदल देते हैं।
मुलायम सिंह यादव ने इंस्पेक्टर राज चुंगी व्यवस्था को किया था समाप्त
सेवापुरी विधानसभा क्षेत्र के रखौना गांव में रविवार को समाजवादी व्यापार सभा के जिला कार्यकारिणी की समीक्षा बैठक हुई। इसमें समाजवादी व्यापार सभा के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप जायसवाल ने कहा कि मुलायम सिंह यादव ने पहली बार मुख्यमंत्री बनने पर व्यापारियों के हित में तीन बटे सात इंस्पेक्टर राज चुंगी व्यवस्था जैसे काले कानून को समाप्त किया था। मौके पर स्नातक एमएलसी प्रत्याशी आशुतोष सिन्हा, शिक्षक एमएलसी प्रत्याशी लाल बिहारी यादव के हाथों को मजबूत करने पर जोर दिया। अध्यक्षता जिलाध्यक्ष आलोक गुप्ता ने की। संचालन महासचिव प्रदीप मोदनवाल ने किया।
बाल विवाह के खिलाफ किया जागरूक
शारदीय नवरात्र पर मिशन शक्ति अभियान 6.0 के तहत रविवार को गमहापुर शिवपुर में बाल विवाह और अन्य सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। इसमें बाल विवाह और मानव तस्करी के खिलाफ लोगों को जागरूक किया गया। अपर पुलिस उपायुक्त महिला अपराध नम्रिता श्रीवास्तव ने बताया कि मंच दूतम संस्था ने नुक्कड़ नाटक का मंचन किया।
हवा में नमी ने कराया सिहरन का अहसास, 1.4 डिग्री गिरा तापमान
अक्तूबर का तीसरा सप्ताह चल रहा है और मौसम ने भी तेजी से करवट ली है। हवा में नमी की वजह से जहां दिन में धूप का असर पहले से कम हो गया है, वहीं रात में भी सिहरन का अहसास होने लगा है। रविवार को भी इसी तरह का मौसम रहा। तापमान की बात करें तो पिछले 24 घंटे में अधिकतम तापमान में 1.4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई।
शनिवार को अधिकतम तापमान 33.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो रविवार को घटकर 32.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। यह औसत से भी 0.4 डिग्री सेल्सियस कम रहा। मौसम में तेजी से आए बदलाव को देखते हुए माना जा रहा है कि दशहरा के बाद सिहरन और बढ़ सकती है। बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज श्रीवास्तव का कहना है कि पहाड़ी इलाकों में बदले मौसम का असर है कि अब हवा में नमी भी बढ़ी है। अगले तीन-चार दिनों तक इसी तरह का मौसम रहने के आसार हैं।
संस्कृत विवि में 21 नवंबर को होगी राष्ट्रीय परीक्षा
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में भारत बौद्धिक ज्ञान प्रणाली 2.0 राष्ट्रीय परीक्षा-2026 21 नवंबर को कराया जाएगा। विद्यार्थियों को भारतीय ज्ञान परंपरा से जोड़ने और भारतीय ज्ञान प्रणाली के प्रति उनकी समझ और अकादमिक अभिरुचि विकसित करने के उद्देश्य से होने वाली इस परीक्षा के लिए 31 अक्तूबर तक पंजीकरण चलेगा। विवि के छात्र कल्याण संकाय प्रमुख प्रो. शैलेश कुमार मिश्र ने बताया कि परीक्षा का आयोजन भारतीय उच्च शिक्षा संस्थान द्वारा किया जा रहा है। परीक्षा में कला, विज्ञान एवं सामाजिक विज्ञान से संबंधित विषय-वस्तु रहेगी। इसमें स्नातक एवं स्नातकोत्तर स्तर के विद्यार्थी प्रतिभाग कर सकते हैं। परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक होगी।
काशी विद्यापीठ में दीपावली के बाद होंगी सेमेस्टर परीक्षाएं, टाइम टेबल का इंतजार
काशी विद्यापीठ और उससे संबद्ध महाविद्यालयों में अगले महीने दिवाली के बाद से दो जिलों (वाराणसी-चंदौली) में सेमेस्टर परीक्षाएं कराई जाएंगी। इसके लिए विश्वविद्यालय की ओर से समय-सारिणी भी जल्द जारी कर दी जाएगी। यूजी, पीजी के साथ ही व्यावसायिक और अन्य कोर्स में तृतीय सेमेस्टर के विद्यार्थियों से 30 अक्तूबर तक ऑनलाइन परीक्षा फॉर्म भरने को कहा है।
विश्वविद्यालयों में समय से परीक्षा करवाकर परिणाम जारी करने को लेकर राजभवन की ओर से पहले ही निर्देश जारी किया जा चुका है। दीक्षांत समारोह में भी कुलाधिपति आनंदी बेन पटेल ने कुलपति से समय पर परीक्षा करवाने की व्यवस्था की निगरानी करने को कहा था। इस बीच विश्वविद्यालय परीक्षा विभाग की ओर से विश्वविद्यालय परिसर, गंगापुर परिसर, एनटीपीसी, भैरोतालाब परिसर के साथ ही वाराणसी, चंदौली के कॉलेजों में तीसरे सेमेस्टर के छात्र-छात्राओं के लिए रविवार यानी 18 अक्तूबर से ऑनलाइन परीक्षा फॉर्म भरने की प्रक्रिया शुरू हो गई।
परीक्षा नियंत्रक दीप्ति मिश्रा के अनुसार विद्यार्थियों की ओर से 2 नवंबर तक परीक्षा फॉर्म की हार्डकॉपी संबंधित महाविद्यालय में जमा की जाएगी। महाविद्यालयों की ओर से फॉर्मों की जांच कर अपने आईडी, पासवर्ड से लॉगिन कर 4 नवंबर तक परीक्षा फॉर्म अप्रूव किया जाएगा। संबंधित महाविद्यालयों की ओर से विश्वविद्यालय के परीक्षा विभाग में फॉर्म को 6 नवंबर तक जमा कराया जाएगा। परीक्षा नियंत्रक ने सभी विद्यार्थियों से समय से परीक्षा फॉर्म भरने को कहा है।