गाजीपुर: रामलीला देखकर घर जा रहे मजदूर की मौत, दो बेटों के सिर से उठा पिता का साया; पानी से फूल गया था शरीर
जिले के राजपुर गांव में बीती रात कुएं में गिरने से 36 वर्षीय मजदूर संतोष कुमार राम की मौत हो गई। वह पत्नी के साथ रामलीला देखकर घर लौटा था। कुछ देर बाद शौच के लिए निकला और कुएं में गिर गया। मृतक के दो बेटे हैं। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
विस्तार
जमानिया कोतवाली क्षेत्र के राजपुर गांव में मंगलवार देर रात कुएं में गिरने से 36 वर्षीय मजदूर संतोष कुमार राम की मौत हो गई। वह पत्नी के साथ रामलीला देखकर घर लौटा था। कुछ देर बाद शौच के लिए निकला, तभी घर से करीब 20 मीटर दूर स्थित कुएं में गिर गया। ग्रामीणों ने उसे बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। हादसे से परिवार में कोहराम मच गया।
मृतक के चाचा राजेश कुमार के अनुसार, संतोष मंगलवार देर रात पत्नी के साथ स्थानीय रामलीला देखकर घर लौटा था। इसके कुछ देर बाद वह शौच के लिए बाहर निकला। घर के पास स्थित कुएं के नजदीक अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह गहरे कुएं में जा गिरा। गिरने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्होंने काफी मशक्कत के बाद संतोष को कुएं से बाहर निकाला, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
परिजनों में मातम
घटना की सूचना मिलते ही जमानिया कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र सिंह ने बताया कि युवक की मौत कुएं में गिरने से हुई है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस मामले की आवश्यक छानबीन कर रही है।
परिजनों के मुताबिक, संतोष चार भाइयों में सबसे बड़ा था और मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करता था। उसके पिता विक्रमा और अन्य भाई भी मजदूरी करते हैं। करीब दस वर्ष पहले संतोष की शादी अदसड़ गांव निवासी रेखा से हुई थी।
संतोष की मौत से पत्नी रेखा का रो-रोकर बुरा हाल है। उसके नौ वर्षीय बेटे अंकुश और छह वर्षीय अर्जुन के सिर से पिता का साया उठ गया। परिवार की आजीविका चलाने वाले संतोष की अचानक मौत से परिजनों के सामने दुख के साथ-साथ भविष्य की चिंता भी खड़ी हो गई है। वहीं, घटना के बाद राजपुर गांव में शोक का माहौल है।