एक क्लिक में वाराणसी की खबरें: अवैध खनन कर मिट्टी ले जा रहे 5 ट्रैक्टर सीज, कॉलेज में जाकर चुराता था मोबाइल
वाराणसी में लंका थाने की पुलिस ने अवैध खनन कर ला रही मिट्टी के साथ पांच ट्रकों को सीज कर दिया। वहीं, फूलपुर की पुलिस ने एक कॉलेज से चुराए गए आठ मोबाइल के साथ आरोपी युवक को गिरफ्तार किया है। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
News Update: अवैध खनन कर मिट्टी ले जा रहे पांच ट्रैक्टर ट्रॉली को डाफी इलाके में सोमवार की भोर लंका थाने की पुलिस ने पकड़ा। पांचों ट्रैक्टर ट्रॉली को खनन विभाग ने सीज करा दिया है।
मिर्जापुर के अदलहाट क्षेत्र में अवैध खनन कर ट्रैक्टर ट्रॉली से मिट्टी डाफी इलाके में लाने की सूचना लंका थानाध्यक्ष को मिली थी। लंका थानाध्यक्ष शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि सूचना के आधार पर डाफी इलाके में घेराबंदी की गई। मिट्टी लादे हुए पांचों ट्रैक्टर ट्रॉली को पकड़ कर सूचना खनन अधिकारी को दी गई।
खनन अधिकारी ने पांचों ट्रैक्टर के चालकों से ट्रॉली में लादी हुई मिट्टी के संबंध में कागज मांगा, मगर वह नहीं दिखा सके। इसलिए मिट्टी लादे हुए पांचों ट्रैक्टर ट्रॉली को सीज कर लंका थाने की रमना पुलिस चौकी पर खड़ा करा दिया गया है।
कॉलेज से चुराए गए आठ मोबाइल के साथ एक गिरफ्तार
फूलपुर थाने की पुलिस ने एक कॉलेज से चुराए गए आठ मोबाइल के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्त में आए आरोपी की पहचान रखौना गांव निवासी धर्मेंद्र कुमार मौर्या के रूप में हुई है। उधोपुर स्थित वीआर मेमोरियल महाविद्यालय से उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा छात्र-छात्राओं को बांटने के लिए रखे गए 32 मोबाइल फोन और इनवर्टर की दो बैटरी 16 सितंबर 2024 को चुराई गई थी।
फूलपुर थानाध्यक्ष ने बताया कि सर्विलांस की मदद से धर्मेंद्र को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने बताया कि बरामद मोबाइल वह अपने दोस्त कटौना गांव के प्रशांत व मुकेश से खरीदा था। मुकेश की उसके गांव में रिश्तेदारी है। मुकेश, प्रशांत और उनका एक दोस्त घरों और स्कूलों में घुसकर चोरी करते हैं। उसके पास से बरामद मोबाइल वीआर मेमोरियल महाविद्यालय से चुराए गए थे।
अपहरण का आरोपी जा रहा था वकील के पास, गिरफ्तार
फूलपुर थाने की पुलिस ने बेलवा गांव निवासी देव गिरी को एक युवती के अपहरण के आरोप में गिरफ्तार किया है। युवती पहले ही बरामद की जा चुकी है। पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह युवती से प्रेम करता है। शादी की नीयत से युवती को दिल्ली लेकर गया था। मुकदमा दर्ज होने की सूचना पर वकील से बात करने के लिए घर आया था। वकील से मिलने कचहरी जा रहा था, उसी दौरान उसे पुलिस ने पकड़ लिया।
अंग्रेजी शराब के आरोप में कैंट स्टेशन से दो आरोपी गिरफ्तार
अंग्रेजी शराब की तस्करी में दो आरोपियों को कैंट जीआरपी ने सोमवार को प्लेटफार्म संख्या एक से गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से 96 पाउच अंग्रेजी शराब बरामद हुई। कैंट जीआरपी इंस्पेक्टर हेमंत सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बसंत सिंह निवासी राजेंद्र नगर प्रेमनगर बरेली और जय जुनेजा निवासी बहेड़ी थाना प्रेमनगर बरेली के रूप में हुई है।
घर में चोरी के मामले में केस दर्ज
वाराणसी के चितईपुर थाना क्षेत्र टिकरी स्थित गंगा नगर कॉलोनी में चोरी के मामले में पुलिस ने सोमवार को मुकदमा दर्ज किया है। कॉलोनी में रहने वाले प्रिंस कुमार 14 फरवरी को एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए परिवार के साथ गए थे। 16 फरवरी की शाम को प्रिंस के घर वापस लौटने पर घर के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा था।
आपसी विवाद में मारपीट, एक घायल
बड़ागांव के सुरवा बेरवा गांव में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों में मारपीट हुई। राजकुमार माली ने बड़ागांव थाने की पुलिस को तहरीर दी। बताया कि गांव के ही राजेंद्र पटेल, सर्वजीत पटेल, मनोहर पटेल, अमरजीत पटेल और सतीश पटेल ने उन पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। उनकी मां देवी और राकेश बीचबचाव करने पहुंचे। उन्हें भी पीटा गया। बड़ागांव थानाध्यक्ष अतुल कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।
गिरे हुए मोबाइल फोन को लेकर मारपीट, मुकदमा दर्ज
बड़ागांव थाने में बहरीपुर अहरक गांव निवासी पवन कुमार ने मुकदमा दर्ज कराया है। उन्होंने पुलिस को बताया कि कि उनके बेटे अमित को गांव के पास रेलवे ट्रैक के किनारे गिरा हुआ मोबाइल फोन मिला था। इसकी जानकारी गांव के ही रतन, मदन और रविंद्र को हुई, तो तीनों उनके घर आए और मोबाइल फोन मांगने लगे।
मोबाइल फोन न देने पर तीनों ने उनके और उनकी पत्नी सीमा के साथ गालीगलौज और मारपीट शुरू कर दी। आसपास के लोग इकट्ठा होने लगे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। बड़ागांव थाने की पुलिस मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।
छित्तूपुर के वार्ड नंबर 57 में 7 दिनों से पीने के पानी की समस्या
छित्तूपुर के वार्ड नंबर 57 में सात दिनों से वार्ड के लोगों को पीने के पानी की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। यह नगर निगम का नव विस्तारित वार्ड है। इसमें एक भी नलकूप नहीं है। यहां पर दो किलोमीटर दूर डाफी वार्ड में लगे नलकूप से पानी की सप्लाई की जाती है। इधर एक सप्ताह से पानी की समस्या बनी हुई है। स्थानीय निवासी महेंद्र पटेल ने बताया कि इस बारे में अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन सुनवाई नहीं हुई।
लालपुर स्टेडियम में 26 से एथलेटिक्स प्रतियोगिता
क्षेत्रीय खेल कार्यालय की ओर से पंडित दीनदयाल उपाध्याय जन्म शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में जिला स्तरीय जूनियर बाबक-बालिका वर्ग की एथलेटिक्स प्रतियोगिता लालपुर के डॉ. भीमराव आंबेडकर स्टेडियम में खेली जाएगी। इच्छुक खिलाड़ी उप क्रीड़ा अधिकारी डॉ. मंजूर आलम अंसारी से संपर्क कर सकते हैं। क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी विमला सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता 26 मार्च को खेली जाएगी।
सुरम्य ने सुबह ए बनारस में की राग नट भैरव की अवतारणा
सुबह-ए-बनारस में युवा कलाकार सुरम्य नारायण त्रिपाठी का गायन हुआ। सुरम्य ने गायन का आरंभ राग नट भैरव में विलंबित एक ताल में निबद्ध बंदिश करो कृपा मोपे... से किया। इसके बाद द्रुत तीन ताल में निबद्ध बंदिश भोर भयी... सुनाकर आनंदित किया। गायन का समापन भजन से हुआ। तबले पर डॉ. अभिनव नारायण आचार्य और संवादिनी पर डॉ. मनोहर कृष्ण श्रीवास्तव ने संगत की। कलाकार को प्रमाणपत्र पं. रमेश तिवारी ने दिया। संचालन डॉ. रत्नेश वर्मा ने किया।
शिवगंगा वाटिका में हुआ सुंदर कांड
संगछध्वम काशी की तरफ से शिवगंगा वाटिका सामने घाट में सुंदर कांड पाठ हुआ। इस अवसर पर विधायक धर्मेंद्र राय ने पूर्वजों के योगदान को याद दिलाते हुए नवयुवकों से आगे आने और समाज को आगे ले जाने का अनुरोध किया। कार्यक्रम में अमरीश सिंह भोला, अमित सिंह चिंटू, जेबी राय, केएन शर्मा उपस्थित थे। संचालन अरुण राय एवं अरविंद राय ने किया।
पीएनयू क्लब : सभी पदों पर निर्विरोध निर्वाचन तय
दी प्रभु नारायण यूनियन (पीएनयू) क्लब की प्रबंध समिति के चुनाव के लिए वैध प्रत्याशियों की सूची सोमवार की देर शाम जारी कर दी गई। निर्वाचन अधिकारी डॉ. विमल कुमार त्रिपाठी और सह चुनाव अधिकारी रवि प्रकाश जायसवाल ने बताया कि नौ पदों के लिए नौ नामांकन दाखिल किए गए थे। इससे प्रबंध समिति के चुनाव मैदान में उतरे प्रत्याशियों का निर्विरोध निर्वाचन तय माना जा रहा है।
चुनाव अधिकारी डॉ. विमल कुमार त्रिपाठी ने बताया कि अध्यक्ष पद के लिए विशाल जायसवाल, सचिव पद के लिए कुमार सौरभ ने नामांकन किया है जबकि कार्यकारिणी सदस्य के सात पदों के लिए आलोक जायसवाल, अनिल चंद जैन, गुरदीप सिंह, केदार धनधानी, कपिल कुमार मेहरा, डॉ. संजीव कुमार सिंह, सुजीत कुमार केशरी ने नामांकन किया है। 30 मार्च को पदाधिकारियों के नाम की घोषणा की जाएगी।
चोरी-लूट के गहने खरीदने-बेचने का आरोपी गिरफ्तार
चोरी-लूट के गहने खरीदने और बेचने के आरोप में सरैया नंबर-एक गांव निवासी आभूषण विक्रेता बलराम सेठ को बड़ागांव थाने की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 3000 रुपये बरामद हुए हैं। सोमवार को उसे अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया।
बड़ागांव थाने की पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने गत 22 मार्च की रात दल्लीपुर मोड़ से मुठभेड़ में लूट के आरोपी भोहर चमरहा गांव निवासी विशाल मौर्या को गिरफ्तार किया था। बड़ागांव थानाध्यक्ष अतुल कुमार सिंह ने बताया कि विशाल से पूछताछ की गई तो उसने बताया कि लूटी गई सोने की तीन चेन वह बलराम सेठ को बेचा था। इसी आधार पर मूलगंज गेट बसनी के पास से बलराम को गिरफ्तार किया गया।
बलराम ने पूछताछ में बताया कि तीनों चेन के बदले उसने विशाल को 90 हजार रुपये दिए थे। तीनों चेन को गलाकर सोने का नया आभूषण बनाकर बेचने पर उसे 10 हजार रुपये का मुनाफा हुआ था। बलराम ने बताया कि विशाल की गिरफ्तारी के बाद उसे डर था कि पुलिस उसे भी पकड़ेगी। इसलिए वह गांव छोड़ कर भागने की फिराक में था, लेकिन पकड़ा गया।
26 संरक्षित पशुओं के साथ एक तस्कर गिरफ्तार
रामनगर थाने की पुलिस ने ढूंढराज पुलिया के पास से सोमवार को एक ट्रक में ठूस कर भरे गए 26 संरक्षित पशुओं को बरामद किया। इसके साथ ही उनकी तस्करी के आरोप में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान बिहार के रोहतास जिले के चेनारी निवासी रिक्की कुमार के रूप में हुई है।
रामनगर थानाध्यक्ष राजू सिंह ने बताया कि ढूंढराज पुलिया के पास पुलिस को देखकर बिहार की ओर जा रहे एक ट्रक का चालक और और एक अन्य व्यक्ति कूद कर भागे। भाग रहे एक व्यक्ति को पुलिस ने पकड़ लिया। तलाशी में पशु बरामद हुए। पशु मिर्जापुर से बिहार ले जाए जा रहे थे। आरोपी रिक्की को गिरफ्तार कर ट्रक को सीज कर दिया गया है। रिक्की के दोस्त की तलाश में पुलिस की एक टीम लगाई गई है।
टैक्स बकाया में बंद 25 वाहनों की होगी नीलामी
टैक्स बकाया में महीनों से बंद 25 वाहन नीलाम होंगे। परिवहन विभाग के अधिकारियों ने इसकी नीलामी की प्रक्रिया शुरू कर दी है। नियमानुसार वाहन स्वामियों के उपस्थिति नहीं होने पर 45 दिन के बाद सीज वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू होती है।
लेकिन थानों में बंद इन वाहनों के खिलाफ अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हो पाई है। जबकि यह वाहन जर्जर हो रहे हैं। अगर समय से इन वाहनों को नीलाम नहीं किया गया तो वह स्क्रैप हो जाएंगे। एआरटीओ प्रवर्तन श्याम लाल ने नीलामी प्रक्रिया के तहत शासन को पत्र भेजा गया है।
रूम पार्टनर ने चुराया मोबाइल और लैपटॉप
बिरदोपुर स्थित सूर्यांश बजाज हॉस्टल में रहने वाले यश कचेर का मोबाइल और लैपटॉप उनके रूम पार्टनर ने चुरा लिया। यश ने घटना के संबंध में भेलूपुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। यश ने पुलिस को बताया कि वह मूल रूप से मध्य प्रदेश के सतना जिले के टिकुरिया टोला के रहने वाले हैं। उनका रूम पार्टनर अंबेडकर नगर जिले के हंसवर का दीपांशु मौर्या है। दीपांशु उनका मोबाइल और लैपटॉप चुरा कर घर चला गया है।
जिला कारागार में अनियमितता का आरोप, प्रदर्शन
बहुजन समता पार्टी के पदाधिकारियों ने सोमवार को वाराणसी जिला कारागार में अनियमितता के आरोप में चौकाघाट में धरना प्रदर्शन किया। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेश आजाद ने डिप्टी जेलर मीना कन्नौजिया के प्रकरण की सीबीआई जांच की मांग की। इस दौरान नरेंद्र प्रकाश श्रीवास्तव, नीताधर, रेखा श्रीवास्तव, रितु साहनी आदि मौजूद रहीं।
अधिवक्ता का मोबाइल छीन कर भागे बदमाश, केस दर्ज
सारनाथ थाना क्षेत्र के शक्तिपीठ आश्रम के समीप बाइक सवार तीन बदमाशों ने एक अधिवक्ता का मोबाइल फोन छीन लिया। घटना के संबंध में अधिवक्ता की तहरीर पर सारनाथ थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। सारनाथ थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर गांव निवासी संतोष कुमार पेशे से अधिवक्ता हैं।
उन्होंने बताया कि वह कचहरी से बाइक से अपने घर जा रहे थे। शक्तिपीठ आश्रम के पास वह पहुंचे थे। उसी दौरान पीछे से आए बाइक सवार तीन बदमाश उनका मोबाइल फोन छीन कर रिंग रोड की तरफ तेजी से भाग गए। अधिवक्ता की तहरीर पर सारनाथ थाने की पुलिस तीन अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच कर रही है।
बिहार से गांजा लाकर बेचते थे, दो गिरफ्तार
रोहनिया थाने की पुलिस ने सोमवार को दो युवकों को 10 किलो गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। दोनों की पहचान बिहार के रोहतास जिले के विक्रमगंज थाने के बड़की घोसिया के सचिन कुमार कुशवाहा और छोटू कुमार मिश्रा के रूप में हुई है। पुलिस की पूछताछ में दोनों ने बताया कि वह आधा-आधा पैसा लगाकर बिहार से गांजा खरीद कर रोहनिया इलाके में लाते हैं। इसके बाद रोहनिया क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में बेचते हैं। जो मुनाफा मिलता है उससे दोनों अपना खर्च चलाने के साथ ही अपने शौक पूरे करते हैं।
हवा बंद होने से 2 डिग्री ऊपर चढ़ा काशी का पारा
तेज धूप और हवा बंद होने के चलते काशी का पारा 2 डिग्री तक ऊपर चला गया। सोमवार को शहर का तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस रहा। ये सामान्य से सिर्फ 0.5 डिग्री ज्यादा था। दिन में 6-7 घंटे हवा बंद ही रही। हवा में नमी 30 फीसदी दर्ज की गई। वहीं बीच-बीच में 5-6 किमी प्रति घंटे की गति से बही।
इससे दिन में गर्मी से लोग बेहाल हो उठे। वहीं शाम 8 बजते-बजते ठंड जैसी लगनी लगी। रात का पारा 17 डिग्री तक आ गया। इससे दिन की तीखी गर्मी से लोगों को रात में काफी राहत मिल गई। मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, अगले 7 दिनों तक काशी का मौसम साफ रहेगा। अगले 4 दिनों तक तापमान में 5 डिग्री तक बढ़ोतरी होने की उम्मीद बन गई है। पिछले एक सप्ताह से माैसम में उतार-चढ़ाव बना हुआ है।
आज चार घंटे बाधित रहेगी बिजली आपूर्ति
शहर में सड़क निर्माण में बाधक बन रहे खंभों की शिफ्टिंग और पेड़ कटाई संबंधित कार्य को लेकर मंगलवार को चार घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। 33 केवी दौलतपुर में सुबह 11 बजे से शाम के 3 बजे तक बिजली बाधित रहेगी। इसके चलते अथका गांव, बजरंग नगर, संजय नगर, जीडी नगर, भक्ति नगर के आसपास का क्षेत्र प्रभावित रहेगा।
तीन हजार यात्री परेशान, सिटी बसों में नहीं मिल रही एमएसटी
सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड की डीजल और ई-बसों में एमएसटी का लाभ यात्रियों को नहीं मिल रहा है। लगभग तीन हजार यात्रियों को एमएसटी की सुविधा मिलनी बंद हो गई है। लखनऊ से स्मार्ट कार्ड नहीं मिलने के कारण यात्रियों को सुविधा नहीं मिल रही है। एसएमटी से सफर में किराये पर 10 फीसदी की बचत होती है, ऐसे में यात्रियों को रोजाना सफर में ज्यादा पैसा खर्च करना पड़ रहा है।
वाराणसी सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड के बेड़े में 50 ई-बसों और लगभग 70 डीजल बसों का संचालन होता है। अब तो ई-बसों का संचालन पीडीडीयूनगर और रामनगर तक होता है। स्मार्ट कार्ड की तरह जारी होने वाली एमएसटी फिलहाल बंद है। चौबेपुर, चोलापुर, दानगंज, पीडीडीयूनगर, पड़ाव, रामनगर समेत अन्य क्षेत्रों से कैंट आवाजाही करने वाले लगभग तीन हजार यात्रियों ने एमएसटी बनवा रखी है।
विद्यापीठ 7 अप्रैल को होगी शोध समिति की बैठक
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संकाय में शोध समिति की बैठक 7 अप्रैल को होगी। सोमवार को होने वाली बैठक अपरिहार्य कारणों से वजह से टाल दी गई। ये बैठक विश्वविद्यालय में संचालित शोध कोर्स वर्क और पीएचडी रजिस्ट्रेशन के लिए छात्र और छात्राओं के मौखिक और पॉवर प्वाइंट प्रेजेंटेशन से जुड़ी थी। शोध समिति गृह विज्ञान ने सभी शिक्षकों को लेटर जारी कर कहा है कि निर्धारित तिथि पर सदस्यों के साथ बैठक कर आवश्यक कार्यवाही पूरी की जाए।
टीबी मुक्त भारत जन भागीदारी अभियान का समापन
बनारस रेल इंजन कारखाना में 100 दिवसीय टीबी मुक्त भारत जन भागीदारी अभियान का सोमवार को समापन हुआ। बरेका अस्पताल के सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में विभिन्न स्वास्थ्य विशेषज्ञों, अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिवारों ने हिस्सा लिया।
अध्यक्षता के दौरान डॉ. मधुलिका सिंह ने कहा कि टीबी मुक्त भारत का सपना तभी साकार होगा जब हर नागरिक इस अभियान में अपनी जिम्मेदारी निभाएं। डॉ. मिनहाज अहमद ने कहा कि टीबी एक ऐसी बीमारी है जिसे समय पर पहचाना और सही इलाज से पूरी तरह ठीक किया जा सकता है।
बीएचयू में 5 किताबों का लोकार्पण, 4 लोगों को सम्मान
बीएचयू के हिंदी विभाग में मधुकर मिश्र द्वारा संपादित नई सदी के स्वर-भाग 4 , 'कोटारानी' ऐतिहासिक उपन्यास, ब्रह्मर्षि ब्रह्मचारी देवनायकाचार्य महाराज कृत 'श्रीराम लीला दर्शन' वीर भोग्य वसुंधरा (महाकाव्य) और टीकाराम आचार्य कृत कस्तूरी-गंध (काव्य संग्रह) का लोकार्पण किया गया।
इसके अलावा नारायण खेमका और प्रो. अर्जुन चह्वाण को लाइफटाइम एचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। डॉ. पीआर सिन्हा और केशव जालान को काशी रत्न की उपाधि दी गई। अध्यक्षता बीएचयू के हिंदी विभाग के अध्यक्ष वशिष्ठ अनूप ने की। इस दौरान सभागार में अख्लाक खान भारतीय, गौरीशंकर तिवारी रहे।
सेंट्रल बार में जनपद न्यायाधीश ने पुस्तक प्रदर्शनी का किया उद्घाटन
कचहरी में दी सेंट्रल बार एसोसिएशन और गायत्री परिवार ट्रस्ट की ओर से चार दिवसीय साहित्य प्रदर्शनी और पुस्तक मेला लगाया गया। सोमवार को मेले का का उद्घाटन जिला जज संजीव पांडेय ने किया। पुस्तक प्रदर्शनी 27 मार्च तक रहेगी। प्रदर्शनी में व्यक्ति, परिवार व समाज निर्माण के साथ व्यसन मुक्ति, वेद, उपनिषद, गायत्री विद्या, यज्ञ संस्कार, आध्यात्म और महापुरुषों की जीवनी पर आधारित पुस्तकें हैं।
पुस्तक प्रदर्शनी में प्रधान न्यायाधीश फेमिली कोर्ट हरेंद्र बहादुर सिंह, सेंट्रल बार के अध्यक्ष मंगलेश दूबे, महामंत्री राजेश गुप्ता,ओम शंकर श्रीवास्तव, अंशुमान दुबे, रमाशंकर प्रजापति, गौतम कुमार झा, गायत्री परिवार ट्रस्ट के लोग उपस्थित थे।
3168 आवेदनों में सिर्फ 737 स्वीकृत
सीडीओ हिमांशु नागपाल की अध्यक्षता में सोमवार को मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना की समीक्षा बैठक हुई। योजना के तहत अब तक 3168 आवेदन आए जिसमें बैंकों 737 आवेदन स्वीकार किए गए।
रेलवे की स्वचालित दुर्घटना राहत यान और मेडिकल यान का निरीक्षण
वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी बलेंद्र पाल ने सोमवार को बनारस स्टेशन के यार्ड में स्वचालित दुर्घटना राहत यान (एसपीएआरटी) व स्वचालित दुर्घटना राहत मेडिकल यान (एसपीएआरएमवी) का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने उपकरणों की गुणवत्ता के बारे में जानकारी ली।
चिकित्साधिकारी डॉ. एके गुप्ता ने स्वचालित दुर्घटना राहत मेडिकल यान में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी दी। वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी ने कर्मचारियों से संवाद कियर। कर्मचारियों को तत्परता व सतर्कता की शपथ दिलाई गई। इस दौरान वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर अभिषेक राय, मंडल विद्युत इंजीनियर (कर्षण) सौरभ राठौर, सहायक चिकित्सा अधिकारी डॉ. आशीष गुप्ता, सहायक मंडल परिचालन प्रबंधक ओमप्रकाश, बनारस कोचिंग डिपो अधिकारी विनीत रंजन मौजूद रहे।
प्रेम-भक्ति का अद्भुत संगम है रुक्मिणी-श्रीकृष्ण विवाह
गोसाईपुर मोहांव स्थित महादेव मंदिर में श्रीराम कथा समिति की ओर से आयोजित श्रीमद्भागवत महापुराण कथा के छठवें दिन रुक्मिणी और श्रीकृष्ण के विवाह के प्रसंग जीवंत हुआ। कथावाचक वृंदावन धाम निवासी राजेंद्र प्रसाद तिवारी ने कहा कि रुक्मिणी और श्रीकृष्ण का विवाह प्रेम व भक्ति का अद्भुत संगम है।
रुक्मिणी मन ही मन श्रीकृष्ण को अपना पति मान चुकी थी। उन्होंने श्रीकृष्ण को एक संदेश भेजा और उनसे विवाह करने का आग्रह किया। श्रीकृष्ण ने संदेश स्वीकार किया और विवाह लिए कुंडिनपुर पहुंचे। कार्यक्रम में अध्यक्ष भूतपूर्व सूबेदार लल्लन प्रसाद यादव, रमेश सेठ और महेंद्र प्रसाद मौजूद रहे।
रेशम उत्पादों की होगी अंतरराष्ट्रीय ब्रांडिंग और मार्केटिंग
बनारसी रेशम उत्पादों की अंतरराष्ट्रीय ब्रांडिंग और मार्केटिंग शुरू हो गई है। रेशम विभाग ने सोमवार को बड़ालालपुर स्थित टीएफसी का दौरा किया। इस बीच 12 से अधिक बुनकरों और रेशम व्यापारियों से संवाद कर रेशम व्यापार को जाना और ब्रांडिंग के उद्देश्य से फोटो व वीडियो शूट किए।
रेशम विभाग के निदेशक सुनील वर्मा ने बताया कि बनारस की डिजाइन जैसे ब्रोकेड, बूटा, जंगला, शिकारगढ़ी, कड़वा, तनछुई, कढ़ियल आदि बुनाई की विधा को विशेष रूप से प्रचारित किया जाएगा। रेशम बनारस की सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक रहा है। यहां रेशम वस्त्रों की बुनाई में 5000 से अधिक हैंडलूम और 7000 से अधिक पावरलूम बुनकर हैं।
बनारस में 12000 करोड़ के रेशम धागे और करीब 2500 करोड़ के रेशम वस्त्रों का कारोबार सालाना होता है। पिछले 10 साल में यूपी को रेशम उत्पादन 9.11 करोड़ से बढ़कर 252 करोड़ से भी अधिक हो चुका है। प्रदेश में रेशम की मांग करीब 3500 एमटी है। रेशम उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए इस साल मुख्यमंत्री ने राज्य वित्तपोषित मुख्यमंत्री रेशम विकास योजना शुरू की है।
काशी में भी गाजी मियां के मेले पर संशय
बड़ी बाजार स्थित सैयद सालार मसूद गाजी मियां की दरगाह पर लगने वाले मेले पर अभी संशय बना हुआ है। 13 अप्रैल से शुरू होने वाले मेले और विवाह उत्सव की तैयारियां अभी शुरू नहीं हुई हैं। आयोजकों का कहना है कि सरकार का जो भी निर्णय होगा, उसके अनुसार ही आयोजन होगा।
सैयद सालार मसूद गाजी मियां के दरगाह पर 1054वें साल के आयोजन की शुरुआत 13 अप्रैल से हल्दी और लग्न के साथ होगी। सवा माह के लग्न में नौ मई को पलंग पीढ़ी काशी से रवाना होगी और 18 मई को शादी होगी।
दरगाह के गद्दीनशीं हाजी एजाजुद्दीन हाशमी ने बताया कि शासन और प्रशासन का जो भी निर्णय होगा उसके अनुसार ही निर्णय लिया जाएगा। फिलहाल अभी तैयारियां शुरू नहीं की गई हैं। गाजी मियां की बरात में हिंदू और मुस्लिम एकता की मिसाल देखने को हर साल मिलती है। बता दें कि संभल में मेले पर रोक के बाद बनारस में भी चर्चाएं तेज हो गई हैं।
जीवन में संतोष आ जाए तो शांति भी मिल जाती है
श्री रामचरित मानस समिति वासदेव नगर कालोनी पहड़िया में मानस सम्मेलन व नवाह्न पाठ में मानस वक्ता पंडित वशिष्ठ नारायण उपाध्याय ने कहा कि वास्तव में मानस त्याग का ग्रंथ है। केवट प्रसंग पर चर्चा करते हुए कहा कि केवट अनपढ़ रहा, लेकिन अपनी भक्ति के द्वारा प्रभु श्रीराम को पैर धुलवाने के लिए विवश कर दिया। मानस वक्ता पंडित श्रीकांत पाठक ने कहा कि जब व्यक्ति के जीवन में संतोष आ जाए तब उसे शांति भी प्राप्त हो जाती है। संचालन क्षत्रधारी सिंह एडवोकेट ने किया।
शास्त्री में परीक्षा फॉर्म भरने की तारीख 31 मार्च तक
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में शास्त्री प्रथम और पंचम सेमेस्टर की परीक्षा के आवेदन पत्र भरने की तारीख बढ़ा दी गई है। छात्र-छात्राएं 31 मार्च तक आवेदन कर सकते हैं। परीक्षा नियंत्रक प्रो. सुधाकर मिश्र ने बताया कि वेबसाइट पर आवश्यक निर्देश और परीक्षा आवेदन पत्र उपलब्ध है। छात्र-छात्राएं आवेदन भरने से पूर्व सभी दिशा निर्देशों को पढ़ लें।
पत्रकार का काम सही चीजों को सही तरीके से प्रस्तुत करना है- एडीसीपी
उत्तर प्रदेश जर्नलिस्ट एसोसिएशन (उपजा) के होली मिलन समारोह में एडीसीपी (महिला अपराध एवं सुरक्षा) ममता रानी चौधरी ने कहा कि हमारी बातों को जन-जन तक पहुंचाने तथा सही चीजों को सही तरीके से प्रस्तुत करने काम पत्रकार करते हैं। उन्होंने कहा कि पत्रकारों की कलम एक मजबूत हथियार है जो लोगों के विचारधारा को बदलने का काम करती है।
इस मौके उन्हें संस्था के सर्वोच्च सम्मान काशी कोहिनूर रत्न से सम्मानित किया गया। सारनाथ सर्किल के एसीपी डॉ. अतुल अंजान त्रिपाठी को भी काशी कोहिनूर रत्न दिया गया। डाॅ. अतुल ने कहा कि पत्रकार और पुलिस एक दूसरे के पूरक हैं। समाज को सच्चाइयों से रूबरू कराने का काम कठिन परिस्थितियों में एक पत्रकार करता है। इस दौरान राजेश विश्वकर्मा, अरविंद कुमार वर्मा, मोहनलाल श्रीवास्तव, महावीर प्रसाद श्रीवास्तव, राजेश मौर्य आदि लोग उपस्थित रहे।
कार्यशाला में बताई गई जनहित गांरटी अधिनियम की बारीकियां
नगर निगम में जनहित गारंटी अधिनियम के तहत कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें अधिनियम की बारीकियां बताई गईं। नगरीय सुविधाओं को कैसे आम नागरिक तक समय से प्राप्त कराया जा सकें। इसके क्या प्रावधान हैं। इसके संबंध में जानकारी दी गई।
नगर निगम में कार्यरत अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उनके कर्तव्यों के बारे में बताया गया। हर अधिकारी और कर्मचारी की जवाबदेही तय की जाएगी। इससे कार्यालयों में कामकाज लंबित नहीं होंगे। इसके लिए सभी विभागाध्यक्षों को मानीटरिंग की जिम्मेदारी दी गई है।
मद्धेशिया समाज ने खेली गुलाब की होली
अखिल भारतीय मद्धेशिया वैश्य सभा का होली मिलन समारोह सोमवार को नाटी इमली स्थित गणेश मंडपम में हुआ। इसमें गुलाब की पंखुड़ियों के बीच होली खेली गई। मुख्य अतिथि राज्यमंत्री रवींद्र जायसवाल ने कहा कि समाज को एकजुट रहने से ही समाज आगे बढ़ेगा और शिक्षित होगा।
राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोज मद्धेशिया ने कहा कि गरीब वर्ग की समस्याओं को लेकर हमेशा संगठन के पदाधिकारी तैयार रहते हैं। गरीब बच्चियों को शिक्षा के क्षेत्र में काफी मदद की जा रही है। विशिष्ट अतिथि राजेंद्र मद्धेशिया, गोपाल, रामचन्द्र गुप्ता, आजाद गुप्ता रहे। समारोह में सुमित, मद्धेशिया, दीपक मद्धेशिया, राजकुमार मद्धेशिया, सूरज प्रसाद गुप्ता, संतोष गुप्ता, राकेश गुप्ता आदि रहे।
वाराणसी ने गाजीपुर को 28-15 से पराजित कर जीता खिताब
सुखदेव पहलवान स्टेडियम में चल रही ओपन स्टेट आमंत्रण सीनियर पुरुष कबड्डी प्रतियोगिता का सोमवार को समापन हो गया। इसमें वाराणसी की टीम ने गाजीपुर 28-15 से पराजित किया। इसमें गोरखपुर, वाराणसी, प्रयागराज, मऊ, बलिया, गाजीपुर, जौनपुर, प्रतापगढ़, भदोही और आजमगढ़ की टीमों ने प्रतिभाग किया।
दूसरा सेमीफाइनल आजमगढ़ और वाराणसी के बीच खेला गया। वाराणसी ने आजमगढ़ को 28-06 से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल वाराणसी और गाजीपुर के बीच खेला गया। इसमें वाराणसी ने गाजीपुर को 28-15 के अंतर से पराजित कर खिताब जीत लिया।
न्यायाधीश ने परखी केंद्रीय कारागार की सेवाएं और सुविधाएं
केंद्रीय कारागार में सत्र न्यायाधीश, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव ने संयुक्त निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने कारागार में चल रहे कई उद्योगों, बैरकों, पाकशाला, अस्पताल और वाटिका का जायजा लिया।
निरीक्षण दल ने सबसे पहले कारागार में स्थापित पीतल और काष्ठ उद्योग, साड़ी उद्योग और बेकरी उद्योग का निरीक्षण किया। उन्होंने कैदियों और बंदियों द्वारा बनाए जा रहे उत्पादों की गुणवत्ता और कार्यकुशलता की सराहना की। इसके बाद अधिकारियों ने कारागार की सभी सर्किलों, बैरकों और पाकशाला का दौरा किया। उन्होंने कैदियों के रहने की स्थिति, साफ-सफाई और भोजन की गुणवत्ता का निरीक्षण किया।
कारागार के अस्पताल में निरीक्षण दल को चिकित्सीय लैब और आईसीटीसी सेंटर के बारे में जानकारी दी गई। अधिकारियों ने अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं और कैदियों के स्वास्थ्य देखभाल की व्यवस्था का जायजा लिया।
इसके अतिरिक्त, उन्होंने कारागार में स्थित वाग्भट्ट वाटिका का भी निरीक्षण किया, जहां कई प्रकार के पेड़-पौधे लगाए गए हैं। इस अवसर पर वरिष्ठ जेल अधीक्षक राधाकृष्ण मिश्र, कारापाल अखिलेश कुमार, उप कारापाल अखिलेश कुमार मिश्र, अमित कुमार वर्मा आदि उपस्थित रहें।
बार अधिवक्ताओं के होली मिलन समारोह में खूब लगे ठहाके
सेल्स टैक्स बार एसोसिएशन की ओर से सोमवार को चेतगंज स्थित कार्यालय में होली मिलन समारोह मनाया गया। इस दौरान आयोजित कवि सम्मेलन में खूब ठहाके लगे। उड़ते अबीर-गुलाल के बीच कवियों की कविताओं ने गुदगुदाया। कवयित्री डाॅ. प्रेरणा चतुर्वेदी, कवि सुधीर सक्सेना, सुषमा गुप्ता, पंकज कुमार श्रीवास्तव, डॉ रामानंद दीक्षित, शैलेंद्र खत्री की कविताओं ने अधिवक्ताओं को बांधे रखा। एसोसिएशन अध्यक्ष प्रमोद कुमार राम त्रिपाठी, सचिव रामकृष्ण, शरद त्रिपाठी, आनंद कुमार मौर्य, भरत कुशवाहा आदि रहे। संचालन हरि ओम श्रीवास्तव ने किया।
नीति निर्माण और क्रियान्वयन के बीच की खाई खत्म करनी होगी
बीएचयू के अर्थशास्त्र विभाग में दिव्यांग महिलाओं के अधिकार, चुनौतियों और संभावनाओं विषय पर राष्ट्रीय संगोष्ठी हुई। शिक्षाविदों, शोधकर्ताओं, नीति निर्माताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने कई समाधान दिए। अर्थशास्त्र विभाग के अध्यक्ष प्रो. मृत्युंजय मिश्रा ने कहा कि नीति निर्माण और क्रियान्वयन के बीच की खाई को पाटने की जरूरत है।
सामूहिक प्रयासों को बढ़ाने की जरूरत है। आयोजन सचिव डॉ. पद्मिनी रविंद्र नाथ ने कहा कि समावेशी नीतियों और सामाजिक जागरूकता की काफी जरूरत है। कुल 45 शोध पत्र प्रस्तुत किए गए। महिला महाविद्यालय (एमएमवी) की प्राचार्या प्रो. रीता सिंह, प्रो. बीवी सिंह, प्रो. कल्पलता पांडेय और प्रो. एपी पांडेय ने कहा कि दिव्यांग महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए व्यवस्थागत सुधारों की जरूरत है।
किसी नियमों की मोहताज नहीं है बनारस की होली
काशी की सांस्कृतिक विरासत पर आधारित विरासत दर्शन कार्यक्रम और मिलन समारोह सोमवार को छावनी स्थित बैंक्वेट हॉल में हुआ। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता साहित्यकार व्योमेश शुक्ल ने कहा कि बनारस की होली किसी नियमों की मोहताज नहीं है। यह परंपराओं और उल्लास का अनूठा संगम है, जो वसंत पंचमी से शुरू होकर बुढ़वा मंगल तक चलता है।
व्योमेश शुक्ल ने बनारस के प्राचीन संगीत घरानों की होली से जुड़ी परंपराओं में शुमार ऐतिहासिक दुर्गाघाट के मुक्केबाजी के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि दुर्गाघाट पर आयोजित होने वाले इस आयोजन के दौरान न कोई विवाद थाने तक पहुंचता था और न ही किसी को अस्पताल ले जाने की नौबत आती थी।
इंटैक वाराणसी के संयोजक अशोक कपूर ने बताया कि हर दो महीने पर विरासत दर्शन कार्यक्रम आयोजित किया जाता है। बनारस के गाइडों की चार प्रमुख संस्थाएं मिलकर इस आयोजन को सफल बनाती हैं। संचालन जैनेंद्र राय ने किया।
इस अवसर पर टीजीएफआई से अजय सिंह, वाराणसी टूरिस्ट गाइड एसोसिएशन के अध्यक्ष अखिलेश कुमार, आईटीएफए के प्रदेश अध्यक्ष विक्रम मेहरोत्रा, अप्रूव्ड टूरिस्ट गाइड एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश्वर सिंह, अंकित सिंह मौर्या, शरद उपाध्याय और करण सिंहआदि मौजूद रहे।
ब्रेस्ट कैंसर मैनेजमेंट में स्क्रीनिंग तकनीक और टारगेटेड थेरेपी की जरूरत
बीएचयू में ब्रेस्ट कैंसर मैनेजमेंट में आई प्रगति की अलग-अलग रिपोर्ट प्रस्तुत की गई। केएन उदुपा ऑडिटोरियम में जनरल सर्जरी विभाग द्वारा कराए गए कार्यक्रम में महामारी विज्ञान, स्क्रीनिंग तकनीक, आधुनिक सर्जिकल प्रक्रिया, टारगेटेड थेरेपी और रोगी पुनर्वास की जरूरत बताई गई। ब्रेस्ट कैंसर के इलाज, रणनीति, बायोमार्कर और सर्जरी तकनीक में आ रही नई प्रक्रियाओं को लागू करने पर जोर दिया गया।
भारत में ब्रेस्ट कैंसर की महामारी विज्ञान और जनसंख्या-आधारित स्क्रीनिंग पर मंथन हुआ डॉक्टरों ने सीमित संसाधनों वाले क्षेत्रों के लिए एक व्यवहार्य विकल्प भी सुझाया। इस दौरान निदेशक प्रो. एसएन संखवार, डीन डॉ. शम्पा अनुपुर्बा मौजूद रहे।
आर्य महिला इंटर कॉलेज में प्रवेश प्रक्रिया शुरू
शासकीय विद्यालय आर्य महिला पीजी कॉलेज में नए सत्र के लिए प्रवेश प्रकिया शुरू हो गई। सोमवार से फॉर्म मिलेंगे। प्रधानाचार्य प्रतिभा यादव ने बताया कि हिंदी और अंग्रेजी में कक्षा छह से नौ और 11वीं में प्रवेश लिए फॉर्म का वितरण शुरू कर दिया गया है। इच्छुक बालिकाएं कार्य दिवस में फॉर्म लेकर आवेदन कर सकती हैं।
कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष संजय यूनाइटेड वर्ल्ड रेसलिंग एशिया के ब्यूरो सदस्य चुने गए
चंदाैली जिले के झांसी गांव के मूल निवासी भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष संजय कुमार सिंह को यूनाइटेड वर्ल्ड रेसलिंग एशिया का ब्यूरो सदस्य चुना गया है। जाॅर्डन के अम्मान शहर में 24 मार्च को यूनाइटेड वर्ल्ड रेसलिंग एशिया की महासभा का आयोजन किया गया।
इसमें यूनाइटेड वर्ल्ड रेसलिंग एशिया के सदस्य के चयन के लिए कुल 38 देशों के प्रतिनिधि वोट करते हैं, जिसमें संजय सिंह को 38 में से 22 वोट मिले। इस प्रतिष्ठित पद पर उनका चुनाव होना भारतीय कुश्ती के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इसने अंतरराष्ट्रीय कुश्ती मंच पर देश की उपस्थिति को और मजबूत किया है।
संजय कुमार सिंह ने अपने निर्वाचन क्षेत्र के लोगों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यूनाइटेड वर्ल्ड रेसलिंग एशिया के ब्यूरो सदस्य के रूप में चुने जाने पर बहुत सम्मानित महसूस कर रहा हूं। भारतीय कुश्ती महासंघ के सदस्यों ने उन्हें इस उपलब्धि पर बधाई दी है।
ट्रैफिक पुलिस अब इंटरसेप्टर वाहनों से करेगी चालान
सड़कों पर फर्राटा भरने वाले वाहनों की रफ्तार पर लगाम लगाने के लिए ट्रैफिक पुलिस इंटरसेप्टर वाहनों से चालान करेगी। अभी तक ट्रैफिक पुलिस के पास केवल तीन वाहन थे, अब पांच वाहन आ गए हैं। इस वाहन के पीछे चालान करने वाली मशीन को लगाया गया है। अगर कोई तेज गति से भाग भी रहा है तो यह वाहन उसका चालान कर देगा।
यातायात निरीक्षक अमित सिंह ने बताया कि वाहनों के रजिस्ट्रेशन के बाद इनका इस्तेमाल किया जाएगा। ओवर स्पीडिंग में 1000 से 4000 रुपये तक का चालान हो सकता है। लोगों को यातायात के नियमों के प्रति जागरूक किया जाएगा। ताकि, सड़क हादसों पर रोक लगाई जा सके।
ट्रैफिक पुलिस अब इंटरसेप्टर वाहनों से करेगी चालान
सड़कों पर फर्राटा भरने वाले वाहनों की रफ्तार पर लगाम लगाने के लिए ट्रैफिक पुलिस इंटरसेप्टर वाहनों से चालान करेगी। अभी तक ट्रैफिक पुलिस के पास केवल तीन वाहन थे, अब पांच वाहन आ गए हैं। इस वाहन के पीछे चालान करने वाली मशीन को लगाया गया है। अगर कोई तेज गति से भाग भी रहा है तो यह वाहन उसका चालान कर देगा।
यातायात निरीक्षक अमित सिंह ने बताया कि वाहनों के रजिस्ट्रेशन के बाद इनका इस्तेमाल किया जाएगा। ओवर स्पीडिंग में 1000 से 4000 रुपये तक का चालान हो सकता है। लोगों को यातायात के नियमों के प्रति जागरूक किया जाएगा। ताकि, सड़क हादसों पर रोक लगाई जा सके।
आईआईटी अबूधाबी में आगामी सत्र से शुरू होंगे बीटेक में तीन नए कोर्स
आईआईटी दिल्ली के अधीनस्थ आईआईटी अबू धाबी कैंपस में शैक्षणिक सत्र 2025-26 में बीटेक पाठ्यक्रम में तीन नए कोर्स शुरू किए जाएंगे। चार वर्षीय कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग, एनर्जी साइंस इंजीनियरिंग और केमिकल इंजीनियरिंग कोर्स शामिल हैं। इन तीनों कोर्स में सीट जेईई एडवांस और सीएईटी (संयुक्त दाखिला प्रवेश परीक्षा) 2025 की मेरिट के आधार पर मिलेगी।
आईआईटी दिल्ली के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आईआईटी अबुधाबी कैंपस में बीटेक में तीन नए कोर्स शुरू किए जाएंगे। रोजगार के क्षेत्र में उभरती तकनीक व कौशल आधारित इन कोर्स में छात्रों को स्नातक डिग्री दी जाएगी।
शैक्षणिक सत्र 2025-26 के तहत अगस्त में बीटेक कोर्स में पढ़ाई शुरू होगी। इनमें भारतीय समेत विदेशी छात्रों को दाखिला मिलेगा। संयुक्त दाखिला प्रवेश परीक्षा के दूसरे सत्र की परीक्षा अप्रैल में होनी है। कैंपस में अब तक एमटेक के पाठ्यक्रम की पढ़ाई हो रही है।
बीच वॉलीबॉल में पांच टीमें दूसरे चक्र में पहुंचीं
विश्वविद्यालय क्रीड़ा परिषद बीएचयू की ओर अंतर संकाय बीच बॉल प्रतियोगिता सोमवार को एंफीथियेटर मैदान पर खेली गई। उद्घाटन मुख्य अतिथि विश्वविद्यालय कार्य विभाग के अधीक्षक अभियंता मनीष यादव ने किया। पहले दिन अपने-अपने मुकाबले जीत पांच टीमों ने दूसरे चक्र में प्रवेश कर लिया। वाणिज्य संकाय ने कृषि विज्ञान संस्थान की टीम 2-1 से हरा दिया।
दूसरे मैच में विज्ञान संस्थान ने विधि संकाय की टीम को 2-0 से हरा दिया। तीसरे मैच में विधि संकाय की मिश्रित टीम ने वाणिज्य संकाय को 2-0 से हरा दिया। चौथे मैच में सामाजिक विज्ञान संकाय मिश्रित टीम ने कृषि विज्ञान संस्थान मिश्रित टीम को 2-0 से हरा दिया। पांचवें मैच में महिला वर्ग में कृषि विज्ञान संस्थान की टीम के अनुपस्थित रहने के कारण महिला महाविद्यालय की टीम को वॉकओवर मिला।
रेफरी की भूमिका शिव यादव और आशीष तिवारी जबकि स्कोरर नीलेश व उपासना यादव थे। संचालन सचिव डॉ. रॉबिन कुमार सिंह, धन्यवाद डॉ. खुर्शीद अहमद ने किया। इस मौके पर विश्वविद्यालय क्रीड़ा परिषद के महासचिव प्रो. बीसी कापरी, डॉ. विद्या सागर राय, प्रो. निर्मला होरो, प्रो. अर्चना सिंह, डॉ. कविता वर्मा और डॉ. प्रदीप खालको मौजूद रहे।
डिजिटल मार्केटिंग के जरिये बड़े ब्रांड को टक्कर देंगे रामनगर के उद्यमी
रामनगर औद्योगिक क्षेत्र फेज-2 के सभागार में सोमवार को डिजिटल मार्केटिंग पर सेमिनार का आयोजन किया गया। रामनगर औद्योगिक एसोसिएशन के अध्यक्ष देव भट्टाचार्य ने कहा कि रामनगर औद्योगिक क्षेत्र अब पूर्वांचल का सबसे महत्वपूर्ण औद्योगिक क्षेत्र बन चुका है। यहां के सभी उद्यमियों के उत्पादों को पूरे प्रदेश और देश-विदेश तक प्रचारित किया जाएगा।
यह डिजिटल मार्केटिंग का युग है। इसमें बहुत ही कम खर्चे में वीडियो और ग्राफिक्स विज्ञापन के जरिये गुणवत्ता और खूबी को प्रदर्शित किया जा सकता है। वेबक्लिक्स के संस्थापक प्रवीण दुबे ने उद्यमियों को बताया कि कैसे तकनीक का इस्तेमाल करके कम बजट में भी अपने उत्पाद को उसके सही उपभोक्ता तक पहुंचाया जाएगा।
शुभम सिन्हा ने बताया कि अब बड़े ब्रांड की तरह यहां के उद्यमी भी डिजिटल मार्केटिंग से उत्पाद ब्रांडिंग कर सकते हैं। सेमिनार में चंद्रेश्वर जायसवाल, पंकज बिजलानी, अजय राय, त्रिभुवन सिंह, अनूप साहू, सत्यवीर साहू, संजय लखवानी, संजय सिंह, नरेंद्र लखवानी आदि रहे।
एमएसएमई सैमसंग टेक्निकल स्कूल में सीएनसी ऑपरेटर कोर्स शुरू
औद्योगिक इकाइयों में नई और अपग्रेड सीएनसी मशीनें स्थापित की जा रही हैं। ऐसे में सीएनसी ऑपरेटरों की मांग बढ़ रही है। इसे देखते हुए चांदपुर स्थित एमएसएमई सैमसंग टेक्निकल स्कूल में सीएनसी ऑपरेटर टर्निंग व सीएससी ऑपरेटर वर्टिकल मशीनिंग सेंटर कोर्स का सोमवार को शुभारंभ हुआ।
मुख्य अतिथि इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के राष्ट्रीय सचिव राजेश भाटिया ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि यह कोर्स निशुल्क है। यह कोर्स आपके जीवन की दशा व दिशा दोनों बदलने में सहायक होगा। सफलतापूर्वक कोर्स पूरा करने वाले छात्रों को नौकरी के लिए एसोसिएशन मदद करेगा।
संस्था के प्रभारी व डीजीएम आशुतोष कुमार ने बताया कि एनएसक्यूएफ लेवल 4 का यह कोर्स 510 घंटे की अवधि का है। पहले बैच में 30 छात्र प्रशिक्षण लेंगे इस अवसर पर प्रत्यूष, रामसागर, राज किरण, विकास ठाकुर मौजूद रहे।
गणेश विद्या मंदिर के प्रबंधक बने डॉ. रामअवतार
गणेश विद्या मंदिर कन्या इंटर काॅलेज में प्रबंध समिति और कार्यकारिणी समिति के पदाधिकारियों का चुनाव हुआ। प्रबंध समिति के प्रबंधक पद के लिए डॉ. रामअवतार पांडेय और अध्यक्ष पद पर गोविंद गंगाधर शिंघोरे को चुना गया। उपाध्यक्ष शिवशंकर दूबे, उपप्रबंधक कोकिला सिंह बनीं। कार्यकारिणी के चुनाव में सभापति गोविंद गंगाधर शिंघोरे, उपसभापति शिवशंकर दूबे और महामंत्री डॉ. रामअवतार पांडेय बने। पर्यवेक्षक सह जिला विद्यालय निरीक्षक राणा बृजेश कुमार सिसौदिया और चुनाव अधिकारी नारायण कृष्ण भागवत मौजूद रहे।
वाराणसी-बरेली एक्सप्रेस में भी एलएचबी कोच लगाने की मांग
15107/15108 बनारस-लखनऊ एक्सप्रेस में कन्वेंशनल रेक के स्थान पर अत्याधुनिक एलएचबी कोच (सुविधायुक्त) सोमवार को लगा दिया गया। नए एलएचबी कोच के साथ ट्रेन लखनऊ रवाना हुई। यह ट्रेन 16 एलएचबी कोच से संचालित होगी।
उधर, बनारस-लखनऊ एक्सप्रेस में एलएचबी कोच लगने के बाद वाराणसी-बरेली एक्सप्रेस में भी एलएचबी कोच लगाने की मांग उठी है। यात्रियों ने एक्स और रेलवे बोर्ड को पत्र भेजकर कोच बदलवाने की मांग की है। वाराणसी फर्नीचर एंड फर्निशिंग व्यापार मंडल के अध्यक्ष अजय गुप्ता ने बताया कि लखनऊ और बरेली के लिए यह ट्रेन सबसे बेहतर है। इसके कोच में भी बदलाव होना चाहिए। इस संबंध में संबंधित डीआरएम और महाप्रबंधक को पत्र भी सौंपा जाएगा।
आने वाले दिनों में कन्या पूजन के लिए नहीं मिलेंगी नौ कन्याएं
देवी उपासिका साध्वी गीतांबा तीर्थ ने कहा कि हम एक तरफ तो सभी सुखों की प्राप्ति की कामना करते हैं लेकिन जब घर में कन्या आ जाती है तो हम दुखी हो जाते हैं। दूसरी तरफ मंदिर में जाकर देवी मां से सुख समृद्धि की कामना करते हैं। वह सोमवार को डाफी स्थित वाटिका में चल रहे श्रीमद् देवी भागवत कथा के छठवें दिन कथा का अमृतपान करा रही थीं।
साध्वी गीतांबा तीर्थ ने कहा कि मां भी उन्हीं पर प्रसन्न होती हैं जो घर में कन्या का पूजन करता है। आज जिस तरह से गर्भ में भ्रूण की हत्या हो रही है उसे आने वाले दिनों में हमें कन्या पूजन के लिए नौ लड़कियां नहीं मिलेंगी। अंत में आरती कर भक्तों में प्रसाद का वितरण किया गया।
बीएचयू के डीन प्रो. कल्याण सिंह को लाइफ टाइम अचीवमेंट अवॉर्ड
बीएचयू में कृषि विज्ञान संस्थान के डीन प्रो. कल्याण सिंह को लाइफ टाइम अचीवमेंट अवॉर्ड मिला है। यह अवॉर्ड भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) की कृषि प्रणाली अनुसंधान संस्थान की ओर से मेरठ में दिया गया। उन्हें कृषि में उत्कृष्ट योगदान के लिए कृषि प्रणाली अनुसंधान और विकास संघ ने सम्मानित किया है।
पासपोर्ट के लिए 21 दिन बाद स्लॉट
महमूरगंज स्थित क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय में सामान्य पासपोर्ट के लिए वेटिंग बढ़ गई है। वर्तमान में आवेदन के 21 दिन बाद साक्षात्कार का मौका मिल रहा है। पिछले महीने वेटिंग कम थी। आवेदन के 15 दिन के अंदर ही साक्षात्कार का मौका मिल जा रहा था। जबकि तत्काल में अभी भी एक ही दिन में साक्षात्कार का मौका मिल रहा है। इन दिनों तत्काल पासपोर्ट के लिए आवेदकों की संख्या बढ़ने लगी है।
निर्धारित अवधि में जमा कराएं शमन मानचित्र
वीडीए सचिव डाॅ वेद प्रकाश मिश्रा ने सभी जोन की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि निर्धारित अवधि में जमा शमन मानचित्र, स्वीकृत शमन मानचित्र, तावान, शमन शुल्क की वसूली तेज कराएं। आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त जन शिकायतों पर नेगेटिव फीडबैक का निस्तारण करें।
अवैध प्लाटिंग के विरुद्ध ध्वस्तीकरण की कार्रवाई करें। अनाधिकृत रूप से संचालित पेट्रोल, डीजल, सीएनजी फिलिंग स्टेशनों के विरुद्ध कार्रवाई करें। कुल 15 शमन मानचित्र स्वीकृत किए। तीनों ने शमन शुल्क के मद में कुल 98,45,033 रुपये जमा कराए।
नई सदी के स्वर और कोटारानी का हुआ लोकार्पण
विश्व हिंदी शोध-संवर्धन अकादमी, कवितांबरा और हिंदी विभाग की ओर से सोमवार को बीएचयू के हिंदी विभाग में पुस्तक लोकार्पण कार्यक्रम और सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान मधुकर मिश्र द्वारा संपादित नई सदी के स्वर भाग 4, कोटारानी ऐतिहासिक उपन्यास, ब्रह्मर्षि ब्रह्मचारी देवनायकाचार्य महाराज कृत श्रीराम लीला दर्शन, वीर भोग्या वसुंधरा (महाकाव्य) तथा टीकाराम आचार्य कृत कस्तूरी-गंध (काव्य संग्रह) का लोकार्पण हुआ।
समारोह का संबोधित करते हुए विश्व हिंदी शोध संवर्धन अकादमी के निदेशक हीरालाल मिश्र मधुकर ने कहा कि नई सदी के स्वर में शब्द ब्रह्म की सुगंध है। उसकी कविताएं मानवता के पक्ष में खड़ी हुई कविताएं हैं। उन्होंने कहा कि कोटारानी एक ऐतिहासिक उपन्यास है, जो कश्मीर की अंतिम हिंदू रानी पर आधारित है।
वीर भोग्या वसुंधरा एक अलौकिक महाकाव्य है जो श्रीराम एवं कृष्ण पर आधारित है और कस्तूरी गंध की सभी रचनाएं समकालीन संदर्भों के आसपास की रचनाएं हैं। अध्यक्षता प्रो. वशिष्ठ अनूप ने की। प्रो. अर्जुन चह्वाण, डॉ. संजय पंकज, स्वामी देवनायकाचार्य महाराज, डॉ. राम बहादुर मिसिर, जगदीश पंथी, डॉ. चंद्रभाल सुकुमार, डॉ. राम सुधार सिंह, कंचन सिंह परिहार, पं. भोलानाथ त्रिपाठी विह्वल, गिरीश पांडेय, डॉ. अलका दुबे ने विचार व्यक्त किए।
डॉ. पीआर सिन्हा समेत तीन को मिला लाइफटाइम एचीवमेंट अवाॅर्ड : सम्मान समारोह में डॉ. पीआर सिन्हा, श्रीनारायण खेमका और प्रो. अर्जुन चह्वाण को लाइफटाइम एचीवमेंट अवाॅर्ड से नवाजा गया। उन्हें 21-21 हजार रुपये की धनराशि भेंट की गई। केशव जालान को काशी रत्न से सम्मानित किया गया। वहीं, मणि बेन द्विवेदी, डॉ. शंभूनाथ शास्त्री, डॉ. नसीमा निशा, मधुलिका राय, डॉ. आनंद कृष्ण मासूम, ऋतु दीक्षित, डॉ. सत्या सिंह, विजय चंद्र त्रिपाठी, दिनेश दत्त पाठक, दीनानाथ द्विवेदी रंग, रमेश कंवल, रुद्र नाथ चौबे रुद्र सहित 251 कवियों को सम्मानित किया गया।
नुक्कड़ नाटक से महिला सशक्तीकरण का संदेश
बीएचयू के राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई की ओर से साउथ कैंपस में शिविर लगाया गया। इस दौरान नुक्कड़-नाटक से महिला सशक्तीकरण और सामाजिक चेतना का संदेश दिया गया। एक अन्य नाट्य प्रस्तुति में बेटी पढ़ाओ और बेटे-बेटी में किसी भी प्रकार का भेदभाव न करने का संदेश दिया गया।
गांव में मझोले और छोटे किसानों की संसाधन संबंधी समस्याओं के समाधान और उनके आर्थिक विकास के लिए सहकारी खेती पर आधारित एक मंचन प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम अधिकारी डॉ. त्रिभुवन नाथ ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सामाजिक कुरीतियों की वजह से गांवों का विकास रुक गया है। इसे दूर करने के लिए जागरूक करना होगा।
501 कलश के साथ निकली नारी जागरण शोभायात्रा
108 कुंडीय शक्ति संवर्धन गायत्री महायज्ञ सोमवार से आरंभ हो गया। महायज्ञ के पूर्व 501 कलशों के साथ नारी जागरण शोभायात्रा निकाली गई। कलश यात्रा में नशामुक्ति और देवी-देवताओं की झांकी आकर्षण का केंद्र रही। तीन दिवसीय महायज्ञ में शामिल होने के लिए देश भर से गायत्री साधक काशी पहुंचे हैं।
सोमवार को सुबह नौ बजे यूपी कॉलेज के पास रामलीला मैदान में 501 कलशों में जल भरकर अनिलेश तिवारी ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजन कराया। कलश पूजन के बाद गायत्री साधक बहनों ने गायत्री महामंत्र और महामृत्युंजय महामंत्र का सामूहिक उच्चारण किया।
501 कलशों को अपने सिर पर लेकर यात्रा में शामिल हुईं। जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य ने हरी झंडी दिखाकर कलश यात्रा का औपचारिक शुभारंभ किया। कलश यात्रा भोजूबीर, मीरापुर, बसही, चांदमारी होते हुए कार्यक्रम स्थल जीवन दीप उत्सव वाटिका, बड़ा लालपुर के प्रांगण में पहुंची। लोगों ने पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया।
कलश यात्रा का मार्गदर्शन उपजोन समन्वयक रामजीत पांडेय, जिला समन्वयक गंगाधर उपाध्याय और कार्यक्रम संयोजक विद्याधर मिश्र व जनार्दन पांडेय ने किया। यात्रा के कार्यक्रम स्थल पहुंचने के बाद गायत्री तीर्थ शांतिकुंज हरिद्वार से आई टोली के टोली नायक संध्या तिवारी, ममता मंजरी और विभा महतो ने सस्वर वैदिक मंत्रोच्चार के साथ समापन कराया। शिवानी गढ़तिया, चंपा सलाम ने भावपूर्ण भक्ति संगीत प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में विघ्नेश्वर महापात्रा एवं देवराज गुप्ता की उपस्थिति रही।
मुत्तहिदा उलेमा कौंसिल का रोजा इफ्तार आज
मुत्तहिदा उलेमा कौंसिल (राबेता कमेटी) बनारस की ओर से मंगलवार की शाम छह बजे मस्जिद बीबी रजिया चौक में रोजा इफ्तार का आयोजन किया गया है। शहर भर के हर मसलक के उलेमा-ए-कराम की अध्यक्षता में रोजा इफ्तार के बाद मगरिब की नमाज अदा की जाएगी और मुल्क की तरक्की की दुआ की जाएगी। यह जानकारी अध्यक्ष एस मुनाजिर हुसैन मंजू ने दी।
बच्चों ने किया धमाल, डीजे की धुन पर खेली फूलों की होली
सारथी संस्था का होली मिलन समारोह हंसी, खुशी, संगीत और रंगों के उल्लास से परिपूर्ण रहा। सभी सदस्यों का रोली एवं तिलक लगाकर अभिनंदन किया गया। इसके बाद नव्या ने गणेश वंदना से वातावरण को भक्तिमय बना दिया। बच्चों के मनोरंजन के लिए म्यूजिकल चेयर, क्विक गेम और डांस पहचानो प्रतियोगिता हुई। सांस्कृतिक संध्या में शिवम की मोहक नृत्य प्रस्तुति ने सभी को मुग्ध कर दिया। इस दौरान नारी शक्तियों को सम्मानित किया गया।
युवा सदस्य नव्या ने वीर रस से ओत-प्रोत रश्मिरथी कविता का पाठ किया। बच्चों ने अपनी विशेष प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। डीजे की धुन पर लोगों ने फूलों की होली खेली।
कबीर प्राकट्य स्थल के महंत गोविंद दास ने कहा कि होली केवल रंगों का पर्व नहीं, बल्कि यह प्रेम, भाईचारे और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। संस्था के अध्यक्ष सीए गौरव खंडेलवाल ने स्वागत किया। इस दौरान महामंत्री अरविंद गुप्ता, रामकृष्ण, ज्योति सिंह, मीणा खंडेलवाल, मेघा खंडेलवाल, श्वेता गुप्ता, प्रिया सिंह, रंजीता चौधरी, दर्शिका खंडेलवाल, अंकिता शुक्ला मौजूद रहीं।
रामनवमी पर निकलेगी हिंदू एकता शोभायात्रा
वाराणसी व्यापार मंडल और हिंदू जनजागृति समिति की संयुक्त बैठक सोमवार को लहुराबीर में हुई। इसमें तय हुआ कि रामनवमी यानी छह अप्रैल को हिंदू एकता शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसमें 10 संगठनों के 35 हिंदुत्ववादी सहभागी हैं। वाराणसी व्यापार मंडल के अध्यक्ष अजित सिंह बग्गा ने बताया कि शोभायात्रा मैदागिन चौराहे से शुरू होकर नीचीबाग, चौक, बांसफाटक, दशाश्वमेध चौराहे से होते हुए चितरंजन पार्क में संपन्न होगी।
हिंदू जनजागृति समिति के यूपी और बिहार के समन्वयक विश्वनाथ कुलकर्णी ने बताया कि अयोध्या में श्रीरामलला की स्थापना श्रीराम राज्य के अवतरण का संकेत है। शोभायात्रा में हम सभी संगठित होकर रामराज्य के लक्ष्य को साकार करने के लिए संकल्प लेंगे। बैठक में कवींद्र जायसवाल, प्रभाकर सिंह, शिवप्रकाश, एसएम बहल, रमेश सिंह, सुजीत वर्मा, प्रिया अग्रवाल, मनीष पांडेय, डॉ. सोहनलाल आर्य आदि रहे।
पाल समिति ने मनाया होली मिलन समारोह
पाल विकास समिति को ओर से सोमवार को मुनार में होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान पाल समाज के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। समिति के अध्यक्ष दूधनाथ पाल ने लोगों को अहिल्याबाई होल्कर के बारे में बताया। उनके द्वारा किए गए कार्यों को बताया। कार्यक्रम में सभी ने अबीर-गुलाल लगाकर एक दूसरे को होली की बधाई दी।
बदले रूट से चली जनसाधारण एक्सप्रेस
उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के मां बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़ जंक्शन-गौरा रेलखंड पर मरम्मत के कारण ट्रैफिक ब्लॉक लिया गया है। इसके चलते 13258 आनंदविहार टर्मिनल दानापुर जनसाधारण एक्सप्रेस को बदले रूट लखनऊ जंक्शन, सुल्तानपुर, वाराणसी के रास्ते चलाया गया। इस रूट पर ट्रेन को निहालगढ़, सुल्तानपुर, जौनपुर सिटी पर स्टॉपेज दिया गया। ट्रेन अमेठी व गौरीगंज स्टेशन पर नहीं गई।