एक क्लिक में वाराणसी की खबरें: महिला पुलिसकर्मी से 90 हजार की साइबर ठगी, भाजपा नेताओं ने घेरा थाना
वाराणसी में साइबर ठगों ने पुलिस को भी नहीं छोड़ा। सिगरा थाने में तैनात महिला पुलिसकर्मी से 90 हजार की ठगी हुई है। वहीं, भाजपा के पूर्व जिला मंत्री की दुकान पर अवैध कब्जे का आरोप लगाते हुए नेताओं ने मिर्जामुराद थाने का घेराव कर दिया। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
विस्तार
महिला पुलिसकर्मी के खाते से साइबर जालसाजों ने ऑटोमेटिक ओटीपी से 90 हजार रुपये निकल लिए। सिगरा थाने में तैनात महिला पुलिसकर्मी रूबी भारती ने कैंट थाने में तहरीर दी। 17 मार्च को एक्सिस बैंक के क्रेडिट से रिवॉर्ड पॉइंट्स के नाम पर कार्ड से ऑटोमैटिक ओटीपी उठा लिया गया। इसके बाद बिना उसकी जानकारी खाते से 90 हजार रुपये निकाल लिए। कैंट पुलिस मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।
फर्जी रिहाई आदेश से बंदी के रिहा होने के मामले में मुकदमा दर्ज
फर्जी रिहाई आदेश के आधार पर जिला जेल से एक बंदी के रिहा होने के मामले में शनिवार को लालपुर पांडेयपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। जेलर राजेश कुमार की तहरीर पर हाथरस के सादाबाद थाने के कोठीबदार निवासी बंदी सुनील चौधरी उर्फ सुनील कुमार और एक अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
जेलर ने बताया कि वाराणसी के साइबर क्राइम पुलिस थाने में दर्ज एक मामले में बंदी सुनील चौधरी को 24 फरवरी 2024 को जिला जेल में दाखिल किया गया था। सुनील पर अलीगढ़ के साइबर क्राइम थाने में भी मुकदमा दर्ज था। चार मार्च 2025 को जिला जेल को सुनील की रिहाई का अदालत का आदेश प्राप्त हुआ।
इस क्रम में सुनील को सात मार्च 2025 को रिहा कर दिया गया। रिहा होने के बाद उसकी रिहाई का आदेश फर्जी होने का मामला जानकारी में आया। कमिश्नरेट के सहायक रेडियो अधिकारी और अलीगढ़ के संयुक्त निदेशक अभियोजन से जानकारी मांगी गई।
सामने आया कि किसी भी अदालत ने रिहाई का आदेश नहीं जारी किया है। लालपुर पांडेयपुर थानाध्यक्ष विवेक कुमार पाठक ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी सुनील की तलाश के लिए पुलिस की एक टीम गठित की गई है।
भाजपा नेताओं ने मिर्जामुराद थाने का घेराव कर किया प्रदर्शन, फिर हटवाया कब्जा
भाजपा के पूर्व जिला मंत्री बच्चन राम बिंद की दुकान पर अवैध कब्जे का आरोप लगाते हुए नेताओं ने शनिवार को मिर्जामुराद थाने का घेराव कर प्रदर्शन किया। उच्चाधिकारियों के हस्तक्षेप पर पुलिस ने दुकान से कब्जा हटवाया। इसके बाद दुकान पहले की तरह खुली, तब जाकर भाजपा नेता शांत हुए।
मिर्जामुराद थाने के गेट के सामने बाजार में बच्चन राम बिंद के पुश्तैनी मकान है। वहीं, पर चाय की दुकान है। बच्चन का आरोप था कि कुछ लोगों ने दुकान का सामान बाहर फेंक दिया और कुर्सी-मेज रख कब्जा कर लिया। पुलिस को सूचना देने के बाद भी कार्रवाई नहीं हुई।
नाराज भाजपा के जिला और मंडल स्तर के पदाधिकारियों के साथ कार्यकर्ता शनिवार को मिर्जामुराद थाने पहुंच गए और प्रदर्शन करने लगे। मिर्जामुराद थाना प्रभारी ने समझाने का प्रयास किया, लेकिन बात नहीं बनी। मामला उच्चाधिकारियों के संज्ञान में आने आया, तब पुलिस ने भाजपा नेता के चाय की दुकान से कब्जा हटवाया। चाय की दुकान दोबारा खुलवाई। इसके बाद मामला शांत हुआ।
दूसरे पक्ष का कहना था कि उन्होंने कुछ गलत नहीं किया है। मिर्जामुराद थाने में प्रदर्शन करने वाले भाजपा के जिला उपाध्यक्ष अरविंद पटेल, अश्विनी पांडेय, मंडल अध्यक्ष डॉ. रमेश, रोहित दूबे, सुरेंद्र बिंद, सत्येंद्र सिंह, मनोज सिंह, दीपू सिंह, जितेंद्र राजभर, काशी राजभर शामिल रहे।
3 नामजद और 25 अज्ञात पर मुकदमा दर्ज
भाजपा नेता बच्चन राम बिंद की तहरीर पर चाय की दुकान में जबरन घुसकर तोड़फोड़ और 10 हजार नकदी लूटने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। घटना शुक्रवार की है। गौर निवासी बच्चन राम बिंद के अनुसार, उनके गांव के उमेश सेठ, निहाल सेठ व निखिल सेठ अपने 20-25 साथियों के साथ दुकान के अंदर घुसे। आरोपियों ने दुकान में रखा गैस सिलिंडर, चूल्हा, केतली, बर्तन और अन्य सामान क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके बाद 10 हजार रुपये लेकर भाग गए।
हेड कॉन्स्टेबल के खाते से 90 हजार उड़ाए
पुलिस लाइंस में रहने वाली महिला हेड कॉन्स्टेबल के खाते से साइबर ठग ने 80 हजार रुपये निकाल लिए। हेड कॉन्स्टेबल ने कैंट थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। सिगरा थाने में तैनात रूबी भारती ने साइबर क्राइम थाने के उच्चाधिकारियों को फ्रॉड की सूचना देने के बाद कैंट थाने में तहरीर दी। पीड़िता के अनुसार गत 17 मार्च को उनेके एक्सिस बैंक के क्रेडिट कार्ड से रिवार्ड पॉइंट के नाम पर ऑटोमेटिक ओटीपी ले लिया गया। इसके बाद बिना उनकी जानकारी के खाते से 90 हजार रुपये निकाल लिए गए।
मकान निर्माण को लेकर विवाद, मारपीट
ईश्वरगंगी इलाके में मकान निर्माण के दौरान विवाद में पड़ोसियों ने एक युवक पर हमला कर उसे घायल कर दिया। घटना में मारपीट के साथ पथराव का भी आरोप है। पीड़ित अतुल सिंह (35) का आरोप है कि वह मकान में खिड़की लगवा रहे थे।
पड़ोसी जावेद अहमद, सोहेल अहमद, जुनैद अहमद के अलावा 10 अज्ञात ने उन पर हमला कर दिया। आरोपियों ने न सिर्फ मारपीट की, बल्कि पथराव भी किया। जैतपुरा थाने की पुलिस अतुल सिंह की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश कर रही है।
आपसी विवाद में युवक पर लोहे की रॉड से हमला
कोतवाली थाना क्षेत्र के नायक बाजार में आपसी विवाद को लेकर एक व्यक्ति पर लोहे की रॉड से हमला कर उसे घायल कर दिया गया। पीड़ित अतुल जायसवाल (37) का आरोप है कि पड़ोसी रफीस उर्फ डिंपू ने उन पर रॉड से हमला किया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। अतुल जायसवाल ने कोतवाली थाने में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
ऑटो के धक्के से वृद्ध घायल
लोहता थाना क्षेत्र के जगन्नाथपुरी के राजू पाल (60) शनिवार शाम सड़क पार कर रहे थे। इसी बीच चांदपुर से भदोही जा रही ऑटो से उन्हें टक्कर लग गई। उनका एक पैर फ्रैक्चर हो गया। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को ट्रामा सेंटर भिजवाया।
सड़क हादसे में मौत का आरोपी चालक गिरफ्तार
सारनाथ थाने की पुलिस ने सुल्तानपुर गांव निवासी हेमंत कुमार को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने हेमंत की ट्रैक्टर ट्रॉली सीज की है। सारनाथ थानाध्यक्ष विवेक कुमार त्रिपाठी ने बताया कि 26 मार्च को हेमंत ट्रैक्टर ट्रॉली लेकर निकला था। शक्तिधाम आश्रम मार्ग पर ट्रैक्टर की चपेट में आने से सुल्तानपुर गांव की रहने वाली गुड़िया प्रजापति (15) की मौत हो गई थी।
पुल से कूदकर जान देने पहुंचे युवक को पुलिस ने बचाया
सरैया पुलिस चौकी प्रभारी संदीप सिंह की सूझबूझ और साहस से शनिवार को एक युवक की जान बच गई। दरअसल, पंचगंगा घाट निवासी एक युवक नशे की हालत में जैतपुरा थाना क्षेत्र के सरैया के पुराना पुल पर चढ़ गया और नीचे कूदने की धमकी देने लगा।
सूचना पाकर फोर्स के साथ सरैया चौकी प्रभारी संदीप सिंह मौके पर पहुंचे। बिना समय गंवाए वह खुद पुल पर चढ़ गए और नशे में धुत युवक को सकुशल नीचे उतार लाए। बाद में युवक को उसके परिजनों को सौंप दिया गया।
पहड़िया मंडी में छुट्टा पशु पकड़ने गई नगर निगम की टीम पर हमला
पहड़िया मंडी में छुट्टा पशुओं को पकड़ने गई नगर निगम की टीम पर कुछ असामाजिक तत्वों ने हमला कर दिया। हमले में फाॅर्मासिस्ट अमरनाथ द्विवेदी, आउटसोर्सिंग कर्मचारी सूरज और एक अन्य कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गया। हमलावरों ने पकड़े गए पशुओं को छुड़ा लिया है और नगर निगम के सचल वाहन में तोड़फोड़ भी की।
नगर निगम के पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी के निर्देश पर आठ सदस्यीय सचल दल छुट्टा पशुओं को पकड़ने पहड़िया मंडी पहुंचा था। कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने विरोध जताते हुए टीम से कहासुनी की और फिर हमला कर दिया।
सूचना पाकर जब तक लालपुर पांडेयपुर थाने की पुलिस पहुंचती, उससे पहले ही आरोपी भाग निकले थे। डॉ. संतोष पाल की तहरीर पर लालपुर पांडेयपुर थाने में अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। हतलावरों की पहचान के लिए सीसी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
महिला ट्रैकमैन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
कैंट स्टेशन के स्थायी पथ स्टोर में तैनात ट्रैकमैन चमेली देवी (58) की शनिवार को मौत हो गई। वह स्टेशन की एईएन कॉलोनी में बेटी के साथ रहती थीं। बेटी ने बताया कि चमेली शुक्रवार रात खाना खाने के बाद सोने चली गईं। शनिवार सुबह नहीं उठने पर बेटी ने जगाया तो कोई जवाब नहीं मिला। जानकारी मिलने पर पास में रहने वाले रेलकर्मी भी पहुंच गए। फिलहाल मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।
शृंगार गौरी और ज्ञानवापी के मामलों की सुनवाई टली
जिला जज संजीव कुमार पांडेय की अदालत में शनिवार को शृंगार गौरी और ज्ञानवापी से जुड़े मामलों की सुनवाई टल गई। अधिवक्ताओं के न्यायिक कार्य से विरत रहने के कारण सुनवाई नहीं हो पाई। अगली सुनवाई 11 अप्रैल को होगी।
मोबाइल और चेन छीनने के आरोप में दो युवक गिरफ्तार
सिगरा थाने की पुलिस ने मोबाइल और चेन छीनने के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। दोनों की पहचान शिवपुरवा के यीशू कन्नौजिया और छित्तूपुर लहरतारा के रवि प्रकाश के रूप में हुई है। दोनों के पास से एक मोबाइल और 2855 रुपये बरामद हुए हैं।
सिगरा थानाध्यक्ष संजय कुमार मिश्र ने बताया कि दोनों युवकों ने 25 मार्च को विद्यापीठ मार्ग पर एक व्यक्ति का मोबाइल छीना था। इससे पहले दोनों ने दो मार्च को कैंट स्टेशन के सामने एक महिला की सोने की चेन छीनी थी। सीसी कैमरों की फुटेज की मदद से दोनों को चिह्नित कर गिरफ्तार किया गया है।
प्राणघातक हमले में दंपती को पांच साल की कैद
जमीन विवाद को लेकर पट्टीदार पर लाठी-डंडे से प्राणघातक हमला करने के मामले में अदालत ने दंपती को दंडित किया है। अपर जिला जज (त्रयोदश) मनोज कुमार सिंह की अदालत ने मुकदमे के विचारण के बाद दोषी पाने पर सोनातालाब, सारनाथ निवासी अभियुक्त मुकुंद लाल और उसकी पत्नी शकुंतला देवी को पांच-पांच वर्ष के कठोर कारावास और 12-12 हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई हैं।
अदालत ने अभियुक्तों से वसूल की जाने वाली धनराशि 24 हजार रुपये में से 12 हजार रुपये पीड़िता पार्वती देवी को देने का आदेश दिया है। अभियोजन पक्ष के अनुसार दनियालपुर, सारनाथ निवासी वादी गणेश चंद्र ने सारनाथ थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। आरोप था कि प्रार्थी के पट्टीदार मुकुंद लाल, उसकी पत्नी शकुंतला देवी और विजय जमीन संबंधी विवाद को लेकर एक जनवरी 2016 को उसके घर आकर गालीगलौज करने लगे।
विरोध करने पर लाठी-डंडा और लात-घूसों से उसे, उसके पिता जगदीश साव और मां पार्वती देवी को बुरी तरह पीटा। पिटाई से उन लोगों को गंभीर चोटें आईं। विवेचना के बाद पुलिस ने अभियुक्त मुकुंद लाल व उसकी पत्नी शकुंतला देवी के खिलाफ प्राणघातक हमला करने समेत अन्य धाराओं में अदालत में आरोप पत्र प्रेषित किया था।
रोड रोलर से टकराया टैंपो, तीन घायल
चोलापुर थाना क्षेत्र के चंदापुर चौकी के पास शनिवार शाम अनियंत्रित टैंपो रोड रोलर से जा टकराया। घटना में तीन लोग घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि कैलाश (58), विजयी (35), सोमनाथ (62) चंदवक की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान हादसा हो गया। प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। कैलाश की गंभीर हालत देखकर चिकित्सकों ने उसे पं. दीनदयाल राजकीय चिकित्सालय रेफर कर दिया।
शिवपुर तालाब से अवैध कब्जा हटाने की उठी मांग
काशी-पंचक्रोसी परिक्रमा मार्ग स्थित ऐतिहासिक महत्व के शिवपुर तालाब को अवैध कब्जे से पूरी तरह मुक्त कराने की मांग हुई। हाथों में बैनर, प्ले कार्ड लेकर नारे बाजी की गई। स्थानीय लोग शिवपुर स्थित रामलीला मैदान में इकट्ठा होकर गिलट बाजार बाईपास और भोजूबीर से जिला मुख्यालय पहुंचे। यहां जोरदार नारेबाजी करते हुए खूब प्रदर्शन किया।
पार्षदों और अन्य स्थानीय लोगों ने कहा जिला प्रशासन और नगर निगम प्रशासन ने भू माफियाओं के खिलाफ अब तक कोई कार्रवाई नहीं की। अब अविलंब अवैध कब्जा हटाकर, जेसीबी से खुदाई कराकर तालाब का सुंदरीकरण किया जाए। अपर जिला मजिस्ट्रेट (आपूर्ति) को इन मांगों से संबंधित सभी सामूहिक हस्ताक्षर युक्त ज्ञापन सौंपा। पदयात्रा जुलूस और प्रदर्शन में कांग्रेस सेवादल के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. प्रमोद पांडेय, डॉ. उमापति उपाध्याय मौजूद रहे।
न्यायिक कार्य से विरत रहे अधिवक्ता
न्यायालयों में कथित भ्रष्टाचार को लेकर शनिवार को दीवानी कचहरी के अधिवक्ता पूरे दिन न्यायिक कार्य से विरत रहे। इस मुद्दे पर बार काउंसिल ऑफ इंडिया के को-चेयरमैन श्रीनाथ त्रिपाठी, अशोक कुमार सिंह, विवेक शंकर तिवारी, विनोद कुमार शुक्ला और अन्य अधिवक्ताओं ने बार एसोसिएशन को प्रस्ताव दिया था।
प्रस्ताव पर बैठक में शनिवार को न्यायिक कार्य से विरत रहने की घोषणा की गई। इसके बाद सेंट्रल व बनारस बार एसोसिएशन के अध्यक्षद्वय मंगलेश कुमार दूबे और सतीश तिवारी के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने कचहरी परिसर में नारेबाजी करते हुए जुलूस निकाला। अपराह्न तीन बजे बनारस बार एसोसिएशन के सभागार में बैठक की।
सदस्यों ने बीते दिनों दिल्ली हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति के आवास परिसर में जले नोटों की बरामदगी समेत अन्य बिंदुओं पर चर्चा की। अध्यक्षता कर रहे सेंट्रल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मंगलेश कुमार दूबे ने इसे जारी रखने की घोषणा कर दो अप्रैल को अपराह्न डेढ़ बजे का समय निर्धारित किया। संचालन बनारस बार एसोसिएशन के महामंत्री शशांक कुमार श्रीवास्तव ने किया।
रेल यात्रियों का मोबाइल चोरी करने का आरोपी गिरफ्तार
कैंट जीआरपी ने शनिवार को प्लेटफॉर्म संख्या एक से मोबाइल चोरी करने के आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से तीन मोबाइल बरामद हुए। कैंट जीआरपी इंस्पेक्टर हेमंत सिंह ने बताया कि आरोपी की पहचान गाजीपुर के सुहवल थाना क्षेत्र के कालूपुर निवासी रवि यादव के रूप में हुई है। आरोपी ट्रेनों और स्टेशन परिसर से यात्रियों के मोबाइल चोरी करता है। गिरफ्तारी में ज्ञानपुर रोड चौकी प्रभारी सत्येंद्र प्रताप सिंह मौजूद रहे।
शर्ट से बने फंदे से पेड़ से लटका मिला युवक
राजातालाब के नरोत्तमपुर गांव में दुर्गा मंदिर के पास सागौन के पेड़ के सहारे शनिवार सुबह सूरज बनवासी (30) का शव फंदे से लटकता मिला। सूचना पाकर पहुंची राजातालाब थाने की पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। शाहंशाहपुर गांव के रंगीले बनवासी के तीन पुत्रों और दो पुत्रियों में सबसे छोटा सूरज भदोही के कमहरिया कोइलरा गांव स्थित ससुराल से शुक्रवार को आया था।
रात आठ बजे के लगभग वह घर से निकला तो वापस नहीं आया। शनिवार सुबह नरोत्तमपुर गांव के ग्रामीण दुर्गा मंदिर पर योग करने पहुंचे। ग्रामीणों ने देखा कि मंदिर के सामने खेत में सागौन के पेड़ के सहारे शर्ट से बने फंदे से सूरज का शव लटका हुआ था।
सूचना पाकर मौके पर पहुंची सूरज की मां फूल देवी, पत्नी प्रमिला, तीन बच्चों और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। परिवार ने आशंका जताई कि सूरज को किसी ने मार कर फंदे से लटकाया है। पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मामले में कार्रवाई की बात कही है।
दंपती को चार लोगों ने पीटकर किया घायल
बड़ागांव के खुशियालीपुर गांव निवासी ओमप्रकाश यादव और उनकी पत्नी उषा को चार लोगों ने पीटकर घायल कर दिया। पीड़ित के अनुसार, वह कोईरीपुर तिराहे से घर जा रहे थे। रास्ते में फत्तेपुर गांव के आजाद सिंह यादव, डंपी यादव उर्फ रंजीत, अखिलेश और विकास यादव ने मिलकर लाठी-डंडे से उनकी पिटाई कर दी। हमलावरों ने गालीगलौज कर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद घर में घुसकर पत्नी उषा देवी के साथ भी मारपीट की। बड़ागांव थाने की पुलिस आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच कर रही है।
दबदबा दिखाने के लिए रिवॉल्वर लेकर घूम रहा था छात्र
दबदबा दिखाने के लिए देसी रिवॉल्वर और कारतूस लेकर घूमना एक छात्र को महंगा पड़ा। लंका थाने की पुलिस ने शुक्रवार देर रात छात्र को लंका-संकटमोचन मंदिर मार्ग से गिरफ्तार कर लिया। उसकी पहचान जौनपुर के सरायख्वाजा थाने के लोहता, गड़ैला गांव निवासी रौनक सिंह के रूप में हुई है। उसके पास से .32 बोर की देसी रिवॉल्वर, दो कारतूस और एक बाइक बरामद हुई है।
लंका थानाध्यक्ष शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि वह संकटमोचन चौकी प्रभारी अभिषेक कुमार सिंह और दरोगा अनुज सिंह के साथ रात्रिकालीन चेकिंग कर रहे थे। पुलिस को देखकर दुर्गाकुंड की ओर से बाइक से आ रहा एक युवक वापस मुड़कर भागने लगा। पीछा कर उसे पकड़ा गया और तलाशी ली गई तो पता लगा कि वह अपनी कमर में देसी रिवॉल्वर खोसा हुआ है।
पूछताछ में छात्र ने बताया कि वह दुर्गाकुंड में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करता है। जौनपुर से रिवॉल्वर और कारतूस खरीदा था। दोस्तों और परिचितों के बीच दबदबा दिखाने के लिए वह रिवॉल्वर खोस कर चलता था।
बोलेरो में ठूंसकर भरे थे 10 गोवंश, पुलिस को देख कर भागे
रोहनिया थाने की पुलिस ने मोहनसराय से रामनगर की तरफ जा रही बोलेरो में गोवंश ठूंसकर ले जाने की सूचना पर उनका पीछा किया। लठिया ओवरब्रिज पर वाहनों की चेकिंग भी शुरू कराई गई। सफेद रंग की बोलेरो देख पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो चालक औढ़े अंडरपास की ओर से भागा।
पुलिस ने पीछा किया तो चालक बच्छांव होते हुए माधोपुर में बोलेरो खड़ा कर भाग गया। पुलिस ने बोलेरो से 10 गोवंश बरामद किए। रोहनिया थानाध्यक्ष विवेक कुमार शुक्ला ने बताया कि वाहन के नंबर के आधार पर मालिक और चालक की तलाश की जा रही है।
पेड़ की डाल टूट कर गिरने पर मारपीट, पांच पर केस
शिवपुर थाने में पिसौर निवासी कन्हैया प्रसाद गौड़ ने मुकदमा दर्ज कराया है। कन्हैया ने पुलिस को बताया कि 26 मार्च की रात उसके घर के पास आम के पेड़ की डाली का एक हिस्सा टूटकर गिर गया। पड़ोसी रहिमडम ने गालीगलौज कर कहा कि पेड़ काटकर गिराया गया है।
उसने 112 नंबर पर सूचना दी तो पुलिस ने अगले दिन शिवपुर थाने में बुलाया। इसके बाद रहिमडम, उसकी पत्नी, साहिल, जन्नत और ननकी ने मिलकर लात-घूसों से घायल कर दिया। बीचबचाव करने आई पत्नी को भी उन लोगों ने पीटा। शिवपुर थाना प्रभारी उदयवीर सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।
भाजपा नेताओं ने अखिलेश यादव का पुतला फूंका
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश के गोशाला पर दिए गए बयान के विरोध में भाजपा नेताओ ने हरहुआ चौराहे पर सपा प्रमुख का पुतला फूंका। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने 'गो माता का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान' और 'अखिलेश यादव मुर्दाबाद' के नारे लगाए। इस दौरान हरहुआ मंडल अध्यक्ष अजय मिश्रा, प्रदीप सिंह, पंकज तिवारी, विजय वर्मा, मनोज पटेल, सुजीत पटेल, रामाश्रय सिंह समेत अन्य नेता मौजूद रहे।
भाजपाइयों ने फूंका अखिलेश यादव का पुतला
शनिवार शाम लहुराबीर स्थित आजाद पार्क में भाजपा महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि और विधायक नीलकंठ तिवारी के नेतृत्व में युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव का पुतला फूंका। अखिलेश यादव मुर्दाबाद के नारे लगाए। इस मौके पर युवा मोर्चा के अध्यक्ष रजत जयसवाल, जगदीश त्रिपाठी, अभिषेक मिश्रा, चंद्रशेखर उपाध्याय, लकी भारद्वाज मौजूद रहे।
ट्रैक्टर ट्रॉली और जेसीबी सीज
सिंधौरा थाने की पुलिस ने रूपचंदपुर में अवैध खनन कर मिट्टी ले जा रहे ट्रैक्टर ट्राॅली और जेसीबी को शनिवार को सीज कर दिया। पुलिस ने ट्रैक्टर चालक से मिट्टी के परिवहन के संबंध में अनुमति पत्र मांगा गया। चालक पुलिस को कोई कागजात नहीं दिखा पाया। इसके बाद पुलिस ने ट्रैक्टर और जेसीबी को सीज करके सिंधौरा थाने पर खड़ा करा दिया।
आपसी विवाद में मारपीट करने वाले पांच गिरफ्तार
ओंकालेश्वर इलाके में आपसी विवाद में मारपीट के मामले में आदमपुर थाने की पुलिस ने दोनों पक्षों से पांच लोगों को गिरफ्तार कर शनिवार को जेल भेज दिया। पुलिस के मुताबिक दोनों पक्षों की ओर से थाने में तहरीर दी गई थी। एक पक्ष से मुस्ताक अहमद व मुस्तकीम और दूसरे पक्ष से यावर खान, आफताब व मुकासिम को गिरफ्तार किया गया है। शुक्रवार को बच्चों के खेलने को लेकर दोनों पक्षों में मारपीट हुई थी। मारपीट का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।
राजघाट पुल से कूदने जा रही महिला को बचाया
राजघाट पुल पर आत्महत्या करने पहुंची महिला को राहगीरों ने बचा लिया। सूचना पाकर आदमपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को अपने साथ ले गई। पुलिस ने महिला के परिजनों से संपर्क कर उन्हें थाने पर बुलाया। शनिवार रात राजघाट पुल पर टहल रही महिला अचानक पुल की रेलिंग पर चढ़ गई। जिसके बाद राहगीरों ने उसे पकड़ लिया। पुलिस ने बताया कि महिला बिहार के शोभागंज की है। महिला पारिवारिक कलह से परेशान थी।
चिरईगांव में भाजपा कार्यकर्ताओं ने सपा प्रमुख का फूंका पुतला
चिरईगांव सपा मुखिया अखिलेश यादव पर गोमाता के अपमान का आरोप लगाते हुए शनिवार को चिरईगांव ब्लाक मुख्यालय पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने सपा प्रमुख का पुतला फूंक कर विरोध जताया। भाजयुमो किसान मोर्चा के जिला शोध प्रमुख गौरव सिंह के नेतृत्व में शनिवार को सायंकाल भाजपाजनों ने एकत्रित होकर सन्दहां स्थित रिंगरोड चौराहे से सपा प्रमुख का पुतला लेकर नारेबाजी करते हुए ब्लाक मुख्यालय पर पहुंचे।
पुलिस ने पुतला छीनने का प्रयास किया लेकिन छीना-झपटी के बीच भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुतला दहन कर जमकर नारे बाजी की। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष कमलेश मौर्या, धीरज मिश्रा, श्याम कार्तिक मिश्रा, देवमणि तिवारी, दीपक गुप्ता, कैलाश साहनी, नामवर राय, आनंद गुप्ता आदि उपस्थित रहे।
16 खाद्य दुकानों का किया निरीक्षण, 11 नमूने लिए
खाद्य सुरक्षा विभाग ने शनिवार को विभिन्न स्थानों महावीर मंदिर रोड, अर्दली बाजार, दुर्गाकुंड, खोजवां, तरना बाजार, लमही, उदयपुर स्थित कुल 16 खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। जांच के लिए सेंधा नमक, मूंगफली दाना, किशमिश, साबूदाने और दूध इत्यादि के कुल 11 नमूने लिए।
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की संयुक्त टीम द्वारा स्थानीय पुलिस व नगर निगम के सहयोग से मुख्य मार्ग पर संचालित मीट शॉप के प्रतिष्ठान बंद कराए। मौके पर मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमित, खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज यादव, राजेश कुमार, सम्राट श्रीवास्तव, नीरज, आदित्य विक्रम मौजूद रहे।
शट डाउन लेने से पहले अवर अभियंता को बताना जरूरी
बिजली आपूर्ति संबंधी फाॅल्ट सही करने के दौरान कर्मचारियों को शट डाउन लेने से पहले अवर अभियंता को बताना होगा। साथ ही बिजली निगम की ओर से एक प्रोफार्मा भी तैयार करवाया गया है। इसमें शट डाउन लेने के कारण सहित अन्य जानकारियां भी अनिवार्य रूप से देनी होंगी। शनिवार को बिजली निगम के प्रबंध निदेशक ने संविदा कर्मियों के एजेंसी से जुड़े लोगों के साथ बैठक में इसका पालन करवाने को कहा।
जिले में उपकेंद्रों से जुड़े इलाकों में फाॅल्ट की वजह से आपूर्ति बाधित हो जाती है। इसको बहाल करने के लिए जब कर्मचारी पहुंचते हैं तो उनको शटडाउन लेना पड़ता है। जिस तरह से शट डाउन लेने के बाद भी पिछले दिनों घटनाएं हुई, उसे लेकर अब बिजली निगम प्रबंधन सतर्क हो गया है।
एमडी शंभू कुमार ने संविदा कर्मियों के एजेंसी के जिला स्तरीय सुपरवाइजर और अन्य लोगों के साथ बैठक कर कई बिंदुओं पर चर्चा की। इसमें एमडी ने उपकेंद्र पर तैनात एसएसओ को शटडाउन लेने से जुड़े मानकों का पालन करने का प्रशिक्षण देने और चेक लिस्ट का पालन करने को कहा है।
यह भी बताया कि एसएसओ द्वारा किसी भी शटडाउन के पहले अवर अभियंता को बताना होगा। चेक लिस्ट में भरकर एसएसओ और लाइनमैन का संयुक्त हस्ताक्षर कर संविदा कर्मी एजेंसी के सुपरवाइजर ग्रुप और उपकेद्र/उपखंड अधिकारी व्हाटसएप ग्रुप में शेयर करना होगा।
जय श्रीराम के उद्घोष से गूंजी काशी केदार खंड की गालियां
शनिवार की शाम काशी केदार खंड की गालियां जय श्रीराम के उद्घोष से गूंज उठी। श्रीराम तारक आंध्र आश्रम में रविवार से प्रारंभ श्रीराम साम्राज्य पट्टाभिषेकम महोत्सव की पूर्व संध्या पर भव्य शोभायात्रा निकाली गई।
द्वादश दिवसीय इस समारोह में श्रीराम पट्टाभिषेक के साथ ही वाल्मीकि रामायण के 24 अध्यायों का परायण किया जाएगा। शोभायात्रा में श्रीराम प्रभु के विग्रह के अलावा देश की विभिन्न नदियों व समुद्र से लाए गए पवित्र जल कलश भी शामिल थे। दक्षिण भारत के विभिन्न स्थानों से आए रामायणविद हाथों में वाल्मीकि रामायण की पोथी लेकर आगे-आगे चल रहे थे। स्थानीय श्रद्धालुओं के अलावा बड़ी संख्या में दक्षिण भारतीय तीर्थ यात्री रामधुन गाते बड़ी संख्या में शामिल थे।
वाराणसी-पुणे के बीच स्पाइस जेट की सीधी उड़ान सेवा आज से
वाराणसी से पुणे के बीच स्पाइस जेट की सीधी उड़ान सेवा 30 मार्च से शुरू होगी। विमानन कंपनी ने शेड्यूल जारी कर दिया है और टिकट की बुकिंग भी शुरू हो गई है। जानकारी के अनुसार स्पाइस जेट की फ्लाइट एसजी 1860 दोपहर 12:10 बजे पुणे से उड़ान भरकर दोपहर 2:30 बजे वाराणसी पहुंचेगी। फिर यही विमान एस जी 187 बनकर अपराह्न 3 बजे उड़ान भरकर शाम 4:55 बजे पुणे पहुंचेगी।
पुणे के लिए इंडिगो की उड़ान पहले से ही चल रही है, लेकिन वाराणसी में लगातार यात्रियों की संख्या में वृद्धि को देखते हुए स्पाइस जेट ने भी इस रूट पर नई उड़ान संचालित करने का फैसला किया है। एयरपोर्ट अधिकारियों ने बताया कि पुणे के लिए स्पाइस जेट की सीधी उड़ान रविवार नवरात्र के पहले दिन शुरू होगी।
श्री मेहंदीपुर बालाजी महोत्सव 13 अप्रैल को
धर्म संघ परिसर स्थित श्री मेहंदीपुर बालाजी मंदिर में तृतीय मेहंदीपुर बालाजी महोत्सव 13 अप्रैल को मनाया जाएगा। इसमें श्री श्याम बाल मंडल के द्वारा आयोजित उत्सव में मंदिर का भव्य शृंगार एवं भजनों की अविरल गंगा प्रवाहित की जाएगी। मंडल के अध्यक्ष संजीव अग्रवाल ने बताया कि मंदिर का शृंगार फूलों एवं रंग बिरंगी लाइटों से किया जाएगा। भजनों की गंगा काशी के प्रमुख भजन गायकों एवं मंडलों के द्वारा की जाएगी। कार्यक्रम के संयोजक अनिल सराफ, शिव कुमार अग्रवाल, अजीत शर्मा, कृष्ण कुमार शर्मा, महेश अग्रवाल मौजूद रहे।
एमएलसी आशुतोष सिन्हा ने कॉलोनी का किया निरीक्षण
एमएलसी आशुतोष सिन्हा ने वीडीए के सहायक अभियंता और अवर अभियंता के साथ एक कॉलोनी का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान चल रहे कार्यों की प्रगति का जायजा लिया गया। एमएलसी सिन्हा ने कॉलोनी में पाई गई कमियों के बारे में सहायक अभियंता को सूचित किया और उन्हें समय सीमा के भीतर समस्याओं का समाधान करने के का निर्देश दिए। उन्होंने निवासियों को आश्वासन दिया कि उनकी समस्याओं का जल्द से जल्द समाधान किया जाएगा।
योगी सरकार की उपलब्धियों को जन जन तक पहुंचाना है
भाजपा युवा मोर्चा की शनिवार को लहुराबीर के आजाद पार्क से वाहन रैली निकाली गई। महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने वाहन जुलूस को हरी झंडी दिखाई। वाहन जुलूस के माध्यम से काशी में चल रही विकास परियोजनाओं को दिखाया गया। वाहन रैली आजाद पार्क से प्रांरभ होकर मलदहिया, इंग्लिशया लाइन, विद्यापीठ रोपवे स्टेशन होते हुए बाल गंगाधर तिलक की प्रतिमा (सिगरा) पर पहुंचकर संपन्न हुई।
झूलेलाल अवतरण दिवस पर आज होगा धर्म ध्वजारोहण
झूलेलाल मंदिर में रविवार को वार्षिक महोत्सव मनाया जाएगा। मंदिर में सुबह 10 बजे धर्म ध्वजारोहण और इसके बाद झूलेलाल की भोग आरती की जाएगी। दोपहर में प्रसाद स्वरूप ब्राह्मण भोज और आम भंडारा का आयोजन किया जाएगा।
सिंधी सेंट्रल पंचायत समाज द्वारा झूलेलाल अवतरण दिवस मनाया जाएगा। सहयोगी संस्था संत कंवर राम युवा समिति प्रभात फेरी निकालेगी जो कि अमर नगर, अशोक नगर, सिंधु नगर, सिद्धगिरीबाग, श्रीनगर, लक्सा होते हुए झूलेलाल जी के मंदिर पहुंचेगी।
कर्मचारी संघ के अध्यक्ष बने धीरज
उप्र मिनिटस्ट्रीयल कलेक्ट्रेट कर्मचारी संघ का चुनाव शनिवार को हुआ। संघ के मंत्री शिवबली ने बताया कि सभी पदाधिकारियों को एडीएम ने शपथ दिलाई। उन्होंने बताया कि धीरज कुमार श्रीवास्तव संघ के अध्यक्ष, वरिष्ठ उपाध्यक्ष के पद पर हेराल्ड विल्सन, मंत्री पद पर शिवबली, कनिष्ठ उपाध्यक्ष सतीश कुमार सिंह, संगठन मंत्री संतोष कुमार सोनकर, संयुक्त मंत्री के पद पर नदीम एजाज नकवी और कोषाध्यक्ष के पद पर ज्ञानेंद्र कुमार निर्वाचित हुए। वहीं, सांस्कृतिक मंत्री आलोक चंद्र राय और ऑडिटर के पद पर जैनुल हैदर निर्विरोध निर्वाचित हुए।
शिक्षक को दी गई विदाई
कंपोजिट विद्यालय गंगापुर के प्रधानाध्यापक अरविंद सिंह को शनिवार को उनकी सेवानिवृत्ति पर भावभीनी विदाई दी गई। अरविंद जो छात्रों और अभिभावकों के बीच भाई जी के नाम से मशहूर थे। विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में अभिभावक, छात्र और जनप्रतिनिधि शामिल हुए। सभी ने अरविंद सिंह को एक आदर्श शिक्षक बताते हुए उनकी सेवा और समर्पण की सराहना की।
आराजी लाइन के खंड शिक्षा अधिकारी एसके श्रीवास्तव ने कहा कि अरविंद सिंह अपने व्यवहार और कार्यों के कारण ''भाई जी'' के नाम से जाने जाते थे। उन्होंने परिषदीय विद्यालयों में छात्रों के नामांकन, छात्रवृत्ति, खेलकूद और देशाटन जैसी गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लिया। उन्होंने बच्चों के समग्र विकास के लिए हर संभव प्रयास किया और विद्यालय की भौतिक स्थिति सुधारने में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया।
जिसके परिणामस्वरूप आराजी लाइन विकासखंड और गंगापुर नगर पंचायत में छात्राओं के नामांकन में 50 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि हुई। समारोह के दौरान शिक्षक राजेश सिंह, चंद्रमणि पांडेय, सभासद चरण दास गुप्ता, नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी नवनीत जायसवाल आदि उपस्थित रहें।
पीएनयू क्लब प्रबंध समिति के सभी पदों पर निर्विरोध निर्वाचन तय
प्रभु नारायण यूनियन (पीएनयू) क्लब के प्रबंध समिति के सभी सात पदों पर निर्विरोध निर्वाचन तय है। सह चुनाव अधिकारी ने बताया कि क्लब के सात पदों पर सात सदस्यों ने नामांकन किया है। चुनाव अधिकारी डॉ. विमल कुमार त्रिपाठी ने बताया कि अध्यक्ष पद के लिए विशाल जायसवाल, सचिव पदक के लिए कुमार सौरभ ने नामांकन किया है।
जबकि कार्यकारिणी सदस्य के सात पदों के लिए आलोक जायसवाल, अनिल चंद जैन, गुरदीप सिंह, केदार धनधानी, कपिल कुमार मेहरा, डॉ. संजीव कुमार सिंह, सुजीत कुमार केशरी ने नामांकन किया है। रविवार 30 मार्च को चुनाव अधिकारी विजेता प्रत्याशियों की सूची जारी करेंगे।
अपनी फिल्मों के अनुभवों किए साझा
प्रसिद्ध फिल्म लेखक और निर्देशक अभिषेक शर्मा शनिवार को अपनी पत्नी श्रद्धा के साथ पीएम श्री प्राथमिक विद्यालय भिटारी पहुंचे। शैक्षणिक सत्र के अंतिम दिन उन्होंने विद्यालय के बच्चों को अंक पत्र वितरित कर उनके उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। अभिषेक ने अपने फिल्मी कॅरियर के अनुभवों को बच्चों के साथ साझा किया। अपनी फिल्म रामसेतु के पौराणिक तथ्यों के बारे में बताया। साथ ही, उन्होंने अपनी फिल्म परमाणु - द स्टोरी ऑफ पोखरण के बारे में भी जानकारी दी। विद्यालय के प्रधानाध्यापक रविंद्र सिंह, विभा यादव, रजनी, मीना यादव उपस्थित रहे।
बैठक में पेंशन के मुद्दे पर हुई चर्चा
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ की नवनिर्वाचित जिला कार्यकारिणी की पहली बैठक शनिवार को जेपी मेहता नगर निगम इंटर कॉलेज में हुई। बैठक में तदर्थ शिक्षकों की सेवा बहाली, वित्तविहीन शिक्षकों को मानदेय दिलाने, एनओसी विहीन स्थानांतरण और एनपीएस से ओपीएस में आए शिक्षकों के जीपीएफ खाते खुलवाने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई।
संघ के प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व एमएलसी चेत नारायण सिंह ने संगठन के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि पुरानी पेंशन बहाली के लिए संघर्ष तब तक जारी रखने को कहा जब तक सभी सेवारत शिक्षक पुरानी पेंशन योजना के तहत नहीं आ जाते। राजीव कुमार सिंह, जय प्रकाश चौहान, अभय नारायण सिंह, शिवपूजन सिंह और महेंद्र सिंह कुशवाहा सहित कई शिक्षकों ने विचार रखे। संचालन जिला मंत्री अरविंद कुमार और अध्यक्षता जिला अध्यक्ष दिनेश कुमार सिंह ने की। वीरेंद्र प्रताप सिंह, डॉ. महेंद्र प्रताप सिंह मौजूद रहे।
प्रतिभा खोज परीक्षा में सफल 15 छात्रों का सम्मान
सेवापुरी के कंपोजिट विद्यालय देहली विनायक में नोडल शिक्षक संकुल बरेमा और विद्यालय प्रबंध समिति की ओर से संयुक्त रूप से शिक्षक, छात्र सम्मान समारोह हुआ। शुरुआत खंड शिक्षा अधिकारी संजय कुमार यादव ने की। 31 मार्च को सेवानिवृत्त होने वाले शिक्षक ओम प्रकाश सिंह, रीता देवी और पूर्व प्रधानाध्यापक उमा शंकर सिंह को विदाई दी गई।
विद्यालय के 15 छात्रों को राष्ट्रीय प्रतिभा खोज परीक्षा में सफलता प्राप्त करने पर बाल रत्न पुरस्कार से सम्मानित किया गया। जनपद में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले छात्र अनीश कुमार को प्रधानाध्यापक ने साइकिल देकर विशेष रूप से सम्मानित किया।
सीआईएसएफ की ओर से साइक्लोथॉन
बाबतपुर एयरपोर्ट पर कार्यरत केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के सदस्यों ने शनिवार को साइक्लोथॉन का आयोजन किया। सुरक्षित तट समृद्ध भारत थीम पर साइकिल रैली निकाली गई। इसमें 125 सीआईएसएफ साइकिल चालक, समेत 14 महिला कार्मिक शामिल रहीं। एयरपोर्ट परिसर स्थित सीआईएसएफ इकाई लाइन में एयरपोर्ट के कार्यवाहक मुख्य एयरपोर्ट सुरक्षा अधिकारी राजू राम ने लोगों को जागरूक किया। इस मौके पर निरीक्षक पीयूष कुमार, प्रतीक श्रीवास्तव, महेंद्र आदि मौजूद रहे।
चैत्र नवरात्र का शुभारंभ, बाल संस्कार आश्रम से निकली भव्य कलश यात्रा
चैत्र नवरात्र के पहले दिन महेशपुर स्थित बाल संस्कार आश्रम से कलश यात्रा निकाली गई। यात्रा महेशपुर और आसपास के क्षेत्रों से गुजरी, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए। आश्रम की ओर से नौ दिवसीय श्री दुर्गा सप्तशती पाठ का भव्य आयोजन आज से शुरू होगा। धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन आश्रम के महंत डॉ. प्रेमदास के सानिध्य में वैदिक ब्राह्मण करेंगे।
यात्रा का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या ने किया। आश्रम के महंत के नेतृत्व में निकली इस यात्रा में महिलाएं ने सिर पर कलश धारण किए हुए, जबकि छात्राएं धार्मिक ध्वजा लिए चल रही थीं। पुरुष श्रद्धालु देवी के भक्ति गीतों का गायन करते हुए यात्रा में शामिल हुए। कलश यात्रा में प्रमुख रूप से पूर्व न्यायाधीश धर्मेंद्र जायसवाल, राजेंद्र मोहन श्रीवास्तव, हेमंत उपाध्याय, भाजपा के जिला उपाध्यक्ष हेमंत सिंह, विहिप के कन्हैया सिंह सहित बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष और बच्चे शामिल हुए।
उल्लास मधुमास में दीं सुंदर प्रस्तुतियां
कला प्रकाश द्वारा अस्सी स्थित एक होटल में शनिवार शाम उल्लास मधुमास का सांगीतिक कार्यक्रम हुआ। विदुषी अश्विनी भिड़े की वरिष्ठ शिष्या शिवानी ने चैत्र शुक्ल प्रतिपदा के सांगीतिक उत्सव में उपशास्त्रीय गायन प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के पूर्व अभिजित अग्रवाल ने कलाकारों का स्वागत किया।
गोआ से आईं शिवानी कल्याणपुर ने राग श्री के साथ शुभारंभ किया। मध्यलय झपताल की रचना हरि के चरण कमल के पश्चात तीन ताल में एरी हूं तो आस न की प्रस्तुति दी। ठुमरी का गायन कर दादरा सुंदर सारी मोरी गाया। तबले पर श्रीकांत मिश्र और हारमोनियम पर मोहित साहनी ने सुंदर संगत की। इस दौरान अशोक कपूर, सीमा सिंह, डॉ. अनुराधा रतूड़ी, डॉ. आशीष जायसवाल उपस्थित रहे।
डीन को विभागाध्यक्ष की जिम्मेदारी, प्रोफेसर ने कहा-अंधेर नगरी चौपट राजा
बीएचयू के एक विभाग का चार्ज डीन को देने के चलते विश्वविद्यालय पर जातिवाद और नियमों को दरकिनार करने का आरोप लगा है। प्राचीन भारतीय इतिहास, संस्कृति और पुरातत्व विभाग (एआईएसची) के प्रो. महेश प्रसाद अहिरवार ने फेसबुक पर पोस्ट कर लिखा कि ये ऑर्डिनेंस 25 (4) (2) के प्रावधान के अनुसार, विभागाध्यक्ष की जिम्मेदारी मुझे मिलनी चाहिए थी। लेकिन इस नियमों को दरकिनार करके डीन को विभागाध्यक्ष का दायित्व सौंप दिया गया।
इसे अंधेर नगरी चौपट राजा कहूं या जातिवाद का जहर...। बीएचयू के कुलसचिव कार्यालय की ओर से जारी एक अर्जेंट अधिसूचना के मुताबिक वीसी ने कला संकाय की डीन प्रो. सुषमा घिल्डियाल को एआईएसची का विभागाध्यक्ष बनाया है। वह 31 मार्च से अगले आदेश तक अपना पदभार ग्रहण करेंगी। इससे पहले इस विभाग की अध्यक्ष प्रो. सुमन जैन थीं।
बरेका में 54वें राष्ट्रीय संरक्षा सप्ताह के सहयोगी विभाग हुए पुरस्कृत
बरेका में 54वें राष्ट्रीय संरक्षा सप्ताह के तहत विभागों को पुरस्कृत किया गया। शनिवार को प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर विवेक शील ने संरक्षा, सिविल, जनसंपर्क, रेलवे सुरक्षा बल, अग्निशमन, दूरभाष केंद्र, बरेका स्काउट एवं गाइड, सेंट जॉन्स एंबुलेंस ब्रिगेड, सिविल डिफेंस और महिला कल्याण संगठन द्वारा संचालित कलांजली चित्रकला केंद्र को सम्मानित किया।
इस दौरान मुख्य संरक्षा अधिकारी एसबी पटेल, उप मुख्य संरक्षा अधिकारी केके पटेल, सहायक सुरक्षा आयुक्त जय प्रकाश मौर्या, वरिष्ठ कार्मिक अधिकारी राज कुमार गुप्ता, जिला विद्युत इंजीनियर रोहित तिवारी, जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार मौजूद रहे।
श्रीमद्भागवत कथा श्रवण मात्र से ही सभी पापों का नाश
ग्राम पंचायत जाल्हूपुर के मधुकरपुर में सात दिवसीय श्रीमद्भागवत महापुराण कथा में शनिवार को कथा वाचक आचार्य नर देव गिरी महाराज ने कहा कि श्रीमद् भागवत कथा के श्रवण मात्र से ही समस्त पापों से मुक्ति का मार्ग प्रशस्त हो जाता है।
आध्यात्मिक, दैविक और भौतिक तीनों प्रकार के पापों को नष्ट करने की शक्ति केवल श्रीमद्भागवत में ही विद्यमान है। इस चराचर जगत में व्यक्ति के हृदय में बैठे कंस रूपी अभिमान का सर्वनाश कथा के श्रवण मात्र से ही हो जाता है। इस मौके पर सुरेंद्र फौजी, वंश नारायण बंधु, लालचंद्र लल्लू, अरविंद, मुरारी मौजूद रहे।
इफ्तार पार्टी का हुआ आयोजन
काशी विद्यापीठ स्थित खेत वाली मस्जिद में 28वें रमजान शनिवार को इफ्तार का आयोजन किया गया। तयशुदा समय पर अजान होते ही लोगों ने खजूर और पानी से रोजा खोला। इसके बाद कई व्यंजनों का लुत्फ उठाया। इफ्तार के बाद मगरिब की नमाज अदा कर मुल्क की तरक्की, खुशहाली और भाईचारगी की दुआ मांगी। आयोजक सैय्यद इमरान हसन, अजीज अहमद बाबू नेता, रियाज अहमद, असलम अलमारी, बबलू मौजूद रहे।
दीपमालाओं से जगमगा उठी अंधेरी निशा
विक्रम संवत 2082 की पूर्व संध्या पर जलीं दीपमालाओं से अमावस की अंधेरी निशा जगमगा उठी। इसी के साथ नव वर्ष का अभिनंदन किया गया। आरोग्य सुख, समृद्धि, प्रेम और सद्भाव की कामना की गई। ओम का भगवा ध्वज मुख्य मार्गाें पर सजाकर जगह-जगह शुभकामना बैनर, अल्पनाएं और रंगोलियां बनाईं।
शनिवार को लाट भैरव भजन मंडल ने तुलसीदास मार्ग तेलियाना पर सड़क मार्ग के दोनों ओर दीपमालाएं लगाई। राम जानकी मंदिर के महंत रामदास ने मंदिर प्रांगण में दीप प्रज्ज्वलित कर दीपोत्सव मनाया गया। फाइन आर्ट की कलाकार चांदनी विश्वकर्मा ने सहयोगी सिमरन के साथ विभिन्न रंगों को कलात्मक ढंग से प्रयोग कर आकर्षक रंगोली उकेरी। कलाकारों ने चैती की धुन पर देवी गीत गाए।
चिरईगांव मे भाजपा कार्यकर्ताओं ने सपा प्रमुख का फूंका पुतला
सपा प्रमुख अखिलेश यादव के गोशाला पर दिए गए बयान पर शनिवार को चिरईगांव ब्लॉक मुख्यालय पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने सपा प्रमुख का पुतला फूंका। इस मौके पर कमलेश मौर्या, धीरज मिश्रा, श्याम कार्तिक मिश्रा, देवमणि तिवारी, दीपक गुप्ता मौजूद रहे।
वीडीए ने तीन अवैध निर्माण स्थलों को किया सील
वीडीए की टीम ने शनिवार को तीन अवैध निर्माण स्थल पर सीलिंग की कार्रवाई की। वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग के अनुसार मंडुवाडीह स्टेशन के सामने अवनीश राय एक हजार वर्गफीट में बिना मानचित्र स्वीकृत कराए बेसमेंट का निर्माण किया जा रहा है। उसे सील कर दिया गया।
इसी तरह राकेश पांडेय नीलकंठपुरम कॉलोनी में 1500 वर्गफीट में निर्माण करा रहे थे। उसे भी सील कर दिया गया। वहीं सरफराज महावीर कटरा में नई सड़क पर लगभग 1500 स्क्वायर फीट में बिना मानचित्र पास कराए निर्माण करा रहे थे। यहां भी सीलिंग की कार्रवाई की गई।
महिला सफाई कर्मियों को बंटा चांदी का सिक्का
श्री काशी विश्वनाथ धाम में 11 पटाखा ध्वनि के साथ राम राजा का अभिषेक किया गया। धाम की महिला सफाई कर्मियों को चांदी का सिक्का और पुलिस कर्मियों को रजत मुद्रा बांटी गई। भक्तों को प्रसाद और अंग वस्त्रम से सम्मानित किया गया। रामचरितमानस नवाह्न पारायण ज्ञान महायज्ञ के नौवें दिन पूरा प्रांगण भक्तों से पटा रहा। राजाराम के दरबार की दिव्य आरती उतारी गई।
हर-हर महादेव और जय श्री राम के नारे लगाए गए। मां काली तांत्रिक पीठ के अध्यक्ष महादेशवारा स्वामी संत शिरोमणि डॉ. सौरभ पांडेय और सीआरपीएफ के कमांडेंट प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद थे। काशी सत्संग मंडल के कार्यकारी अध्यक्ष देवेंद्र कुमार पाठक ने बताया कि मंदिर प्रशासन और पुलिस प्रशासन के सहयोग से कार्यक्रम सफल पूर्वक संपन्न हुआ।
शहर में 61 स्कल्पचर लगाए जाएंगे
वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग की अध्यक्षता में शनिवार को शहर के विभिन्न जंक्शन के इम्प्रूवमेंट के लिए लैंडस्केपिंग और स्कल्पचर की स्थापना के संबंध में बैठक की गई। वीडीए उपाध्यक्ष ने कहा कि शहर में कुल 61 स्कल्पचर लगाए जाएंगे। इस बैठक में स्कल्पचर इंस्टालेशन के दौरान आ रही समस्याओं के समाधान पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। कैंटोनमेंट बोर्ड के अधिकारियों द्वारा जंक्शन इम्प्रूवमेंट और स्कल्पचर इंस्टालेशन के लिए कुछ सुझाव प्रस्तुत किए गए।
वीडीए सचिव ने किया अभिलेखागार का निरीक्षण
वीडीए सचिव डॉ. वेद प्रकाश मिश्रा ने शनिवार को वीडीए के अभिलेखागार का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान रिकार्ड अनुभाग में अभिलेख/ पत्रावलियां बेतरतीब पड़ी मिलीं। इन्हें व्यवस्थित किए जाने का निर्देश दिया गया। रिकार्ड अनुभाग में स्थित अलमारियों और अन्य जगहों पर धूल जमी थी। इस पर कार्यालय में कार्यरत चतुर्थ श्रेणी कर्मी को कारण बताओ नोटिस जारी किया। रजिस्टरों का रख-रखाव सही और सुव्यवस्थित ढंग से नही था। इस संबंध में भी रिकाॅर्ड लिपिक को आवश्यक निर्देश दिए।
गुड़ी पड़वा की तैयारियों में जुटा मराठा समाज
शिव की नगरी काशी सिर्फ एक शहर नहीं, बल्कि एक जीवंत सांस्कृतिक गुलदस्ता है, जहां विभिन्न रंगों और खुशबु वाले फूल एक साथ खिलते हैं। इसे मिनी भारत यूं ही नहीं कहा जाता। इस समय शहर का मराठा समाज गुड़ी पड़वा की तैयारियों में जुट गया है, जो 30 मार्च को धूमधाम से मनाया जाएगा। संयोग से इसी दिन चैत्र नवरात्रि भी शुरू होगी। काशी के ब्रह्मा घाट, बीवी हटिया, पंचगंगा घाट और दुर्गा घाट जैसे इलाकों में बसे मराठा समाज के लिए गुड़ी पड़वा सिर्फ एक त्योहार नहीं, बल्कि नए साल की शुरुआत का प्रतीक है।
गोस्थलों पर लगवाएं पानी का स्प्रे, पंखे
डीएम एस. राजलिंगम की अध्यक्षता में शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में गोवंश आश्रय स्थलों के संबंध में बैठक हुई। डीएम ने गोवंश स्थलों पर सोलर लाइट लगवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हर गोशाला पर आवश्यक अभिलेख पूरे हों।
गर्मी एवं लू से गोवंशों के बचाव हेतु आवश्यक कार्यवाही की जाए तथा जहां 50 से अधिक गोवंश संरक्षित है वहां पानी का स्प्रे लगवाया जाए, शेड के ऊपर घास-फूस की लेयर लगवाई जाए। बड़ी गोशालाओं में पंखे की व्यवस्था भी कराई जाए। गोवंशों के भरण पोषण के लिए अति शीघ्र भूसे का टेंडर कराया जाए। उन्होंने कहा कि कोई गोवंश आश्रय स्थल बिना सीडीओ की इजाजत के बंद नहीं होगा।
सपा नेता ने कहा... मीट की दुकाने बंद करने का शासनादेश दिखाए नगर निगम
सपा नेता मनोज राय धूपचंडी ने शनिवार को एक वीडियो जारी किया। उन्होंने कहा कि नवरात्र में मीट की दुकानें बंद करने का आदेश नगर निगम के भाजपा नेताओं द्वारा जारी किया गया है। यह एक तरह का माहौल बनाने का प्रयास है।
नगर निगम की कार्यकारिणी में यदि कोई फैसला लिया गया है तो वह सदस्यों द्वारा स्वीकृत किया जाएगा और फिर शासन को जाएगा। शासन से शासनादेश जारी होगा और उसके बाद ही उसे लागू किया जाएगा। नगर निगम को शासनादेश दिखाना चाहिए कि क्या शासन ने यह नियम लागू कर दिया है।
श्रीकाशी विश्वनाथ धाम से सभी नवदुर्गा देवियों को अर्पण किया गया वस्त्र और शृंगार
नवरात्र रविवार से शुरू हो रहा है। शनिवार को श्रीकाशी विश्वनाथ धाम से माता विशालाक्षी शक्तिपीठ के साथ-साथ काशी में स्थित नवदुर्गा स्वरूप देवियों को भी प्रतिदिन के अनुसार वस्त्र एवं शृंगार का अर्पण किया गया। शास्त्रीय नवाचार के अंतर्गत नवरात्र के नौ दिनों में प्रतिदिन भगवान श्रीविश्वेश्वर द्वारा शृंगार सामग्री एवं वस्त्र माता विशालाक्षी को भेंट स्वरूप प्रेषित किए गए थे।
इस वर्ष इस नवाचार को और व्यावहारिक रूप से लागू किया गया है। इस बार काशी स्थित प्रथम शक्तिपीठ काशी विशालाक्षी माता धाम सहित सभी देवी धाम को पर्व प्रारंभ की पूर्व संध्या पर ही समस्त शृंगार सामग्री एवं वस्त्र श्रीकाशी विश्वनाथ महादेव द्वारा प्रेषित किए गए। पूर्वसंध्या पर ही शृंगार एवं वस्त्र प्रेषित करने से समस्त देवी विग्रह पर भगवान विश्वनाथ से प्राप्त भेंट के वस्त्र एवं शृंगार प्रथम दिवस से धारण किया जाएगा।
नवरात्र के पर्व की पूर्व संध्या पर माता काशी विशालाक्षी द्वारा भी नौ कलश गंगाजल श्री काशी विश्वनाथ को अर्पित किया गया है। चैत्र प्रतिपदा (30 मार्च 2025) को प्रातःकाल मंगला आरती के पश्चात, सर्वप्रथम प्रथम शक्तिपीठ, माता काशी विशालाक्षी द्वारा प्रेषित नौ कलश गंगाजल से महादेव का जलाभिषेक किया जाएगा।
बाल संस्कार आश्रम से निकली भव्य कलश यात्रा
महेशपुर स्थित बाल संस्कार आश्रम में चैत्र नवरात्र के उपलक्ष्य पर नौ दिवसीय श्रीदुर्गा सप्तशती पाठ होगा। इसे लेकर शनिवार सुबह आश्रम से महंत डॉ. प्रेमदास की अगुवाई में भव्य कलश यात्रा निकाली गई। शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या ने किया। कलश यात्रा में भारी संख्या में महिलाएं कलश लिए चल रहीं थीं जबकि छात्राएं ध्वजा लिए देवी गीत गाते चल रही थीं।
यात्रा महेशपुर से निकलकर आस-पास के क्षेत्रों से गुजरते हुए आश्रम तक पहुंची। इस मौके पर प्रसाद का वितरण भी हुआ। नौ दिवसीय श्री दुर्गा सप्तशती पाठ 30 मार्च से महेशपुर स्थित बाल संस्कार आश्रम में वैदिक ब्राह्मणों द्वारा आश्रम के महंत डाॅ प्रेमदास करेंगे। यात्रा में प्रमुख रूप से न्यायाधीश धर्मेंद्र जायसवाल, राजेंद्र मोहन श्रीवास्तव, हेमन्त उपाध्याय, हेमंत सिंह, कन्हैया सिंह, धीरेंद्र सिंह, नंदलाल, सर्वजीत दुबे मौजूद रहे।
पीएम श्री विद्यालयों के छात्र बनेंगे भविष्य के वैज्ञानिक
पीएम श्री स्कूल में चयनित विद्यार्थियों को भविष्य का वैज्ञानिक बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। जिसकी शुरूआत शुक्रवार को भारतीय सब्जी अनुसंधान संस्थान (आईआईवीआर) शाहंशापुर में की गई। चंदौली के 13 पीएम श्री विद्यालयों के 415 विद्यार्थियों को शैक्षणिक भ्रमण कराया गया। हर पीएम श्री विद्यालय से विज्ञान में विशेष अभिरुचि रखने वाले 25 छात्रों का चयन किया गया था, ताकि वे विज्ञान के क्षेत्र में उत्कृष्ट केंद्रीय संस्थानों का दौरा कर सकें।
संस्थान के निदेशक डॉ. नागेंद्र राय की मौजूदगी में वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. इंदवीर प्रसाद ने छात्रों और शिक्षकों का स्वागत किया। उन्होंने संस्थान द्वारा किए जा रहे सब्जी अनुसंधान और अन्य शोध कार्यों की विस्तृत जानकारी छात्रों को दी।
वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. आत्मा नंद त्रिपाठी ने एक प्रस्तुति के माध्यम से सब्जी शोध, शिक्षा, अनुसंधान और विज्ञान के सभी पहलुओं पर छात्रों के साथ बातचीत की। छात्रों ने संस्थान के प्रायोगिक खेतों, प्रयोगशालाओं और बीज उत्पादन संयंत्रों के बारे में जानकारी ली।
पाणिनि विश्व के सबसे महान वैज्ञानिक
बीएचयू के व्याकरण विभाग में एक सप्ताह की कार्यशाला के समापन पर जगद्गुरु राम कमलाचार्य महाराज ने पाणिनि को विश्व का सबसे बडा महान वैज्ञानिक बताया। पाणिनी ने अष्टाध्यायी के नाम से व्याकरण का ग्रंथ लिखा। श्रेष्ठ व्याकरणाचार्य पाणिनी का काशी से गहरा नाता रहा। इस दौरान उन्होंने कई तथ्य प्रस्तुत करते हुए 100 से ज्यादा प्रतिभागियों को धर्म की रक्षा का सूत्र दिया। संस्कृत विद्या धर्म विज्ञान संकाय के इस कार्यक्रम में संधि स्वरूप का भेद बताया।
हनुमान दास की प्रतिमा का हुआ अनावरण
हनुमान दास की प्रथम पुण्यतिथि पर महामंडलेश्वर और खाक चौक व्यवस्था समिति के मंत्री महंत राम नरेश दास ने कहा कि दशाश्वमेध घाट स्थित श्रीराम मंदिर के महंत वेदांताचार्य हनुमान दास वीतरागी संत थे। वह वास्तव में गंगा पुत्र थे। घाट पर जीवन पर्यंत रहे। गंगाजल ही पीना, स्नान और उससे भोजन बनाया करते थे। पूर्व महामंडलेश्वर रामनरेश दास, महंत रघुनंदन दास और महंत कृष्णा ने दिवंगत महंत हनुमान दास की प्रतिमा का अनावरण किया। पंडित नर नारायण शास्त्री ने पूर्ण धार्मिक विधि विधान के साथ पूजन कराया। भंडारे का आयोजन किया गया।
बिरसा मुंडा पर प्रस्तुत किए रिसर्च पेपर
बीएचयू में बिरसा मुंडा पर आयोजित संगोष्ठी के दूसरे दिन देश भर के विशेषज्ञों ने बिरसा और जनजातियों से संबंधित रिसर्च पेपर प्रस्तुत किए। महिला महाविद्यालय के जिम हॉल में उलगुलान से आधुनिक भारत तक: बिरसा मुंडा विषय पर हुई संवाद बेस्ड क्विज भी खेला गया। इतिहास विभाग, की प्रो. अनुराधा सिंह ने संगोष्ठी की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत किया।
बीएचयू में स्टार्टअप के लिए 10 छात्राओं का चयन
बीएचयू में 75 छात्राओं को 5 दिन तक युवा उद्यमी बनने की ट्रेनिंग दी गई। बेस्ट आइडिया के साथ 10 छात्राओं का चयन किया गया। इन्हें भारत सरकार की ओर से अपना स्टार्टअप तैयार करने में मदद दी जाएगी। राष्ट्रीय उद्यमिता एवं लघु व्यवसाय विकास संस्थान की ओर से बीएचयू के अटल इंक्यूबेशन सेंटर में स्वावलंबिनी एंटरप्रेन्योरियल डेवलपमेंट प्रोग्राम के तहत छात्राओं की मदद की जा रही है।
चयन के लिए प्रतियोगिताएं कराईं गईं। बिजनेस आइडिया प्लान और एक बिजनेस योजना प्रतियोगिता में छात्राओं की पहचान की गई। विजेताओं को पुरस्कार के साथ ही कई वित्तीय सहायता भी दी जाएगी। स्टार्टअप लॉन्च करने के बाद छात्राओं के काम का मूल्यांकन होगा। चयन समिति की साक्षात्कार प्रक्रिया में एक्सपर्ट के तौर पर प्रो. एचपी शर्मा और डॉ. मनीष अरोरा थे।