Varanasi News: मोहनसराय-कैंट सिक्स लेन के लिए 38 निर्माण पर चला बुलडोजर, आठ को छोड़ा गया; जानें वजह
Varanasi News: चौड़ीकरण की कार्रवाई के दाैरान भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रही। कुछ लोगों ने नाराजगी व्यक्त की लेकिन उन्हें समझा दिया गया। वहीं, आठ लोगों के मकान पर बुलडोजर नहीं चलाया गया, क्योंकि उनका मामला कोर्ट में चला गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
Varanasi News: मोहनसराय से कैंट सिक्स लेन के चौड़ीकरण के लिए बृहस्पतिवार को लहरतारा-बौलिया इलाके में पीडब्ल्यूडी ने बुलडोजर से ध्वस्तीकरण अभियान चलाया। इसे लेकर लोगों में आक्रोश है। बौलिया तिराहे पर पंप को न तोड़े जाने से नाराज लोगों की बहस हुई। कुछ अधिकारियों से धक्कामुक्की भी हुई। मौके पर तहसीलदार और पुलिस ने स्थिति संभाली। सड़क निर्माण में बाधा बन रहे 38 मकानों को तोड़ा गया, जबकि कोर्ट की शरण में गए 8 लोगों के निर्माण को अभी नहीं तोड़ा गया।
यहां एक स्टेशनरी के दुकानदार सुमित ने पुलिस प्रशासन से मोहलत मांगी लेकिन उसकी एक न सुनी गई और निर्माण को ढहा दिया गया। इससे उसका लाखों रुपये का माल मलबे में दब गया। इसी प्रकार एक मकान तोड़ने के लिए बुलडोजर आगे बढ़ा तो एक महिला हाथ जोड़कर खड़ी हो गई। पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों का कहना है कि जिस जमीन पर मकान बने हैं, वह वन विभाग की भूमि है। सड़क चौड़ीकरण के लिए इसे खाली कराना जरूरी है। नोटिस के बाद कई बार मुनादी भी कराई गई थी।
मोहनसराय बाईपास से बौलिया तिराहा तक सड़क का निर्माण पहले ही पूरा हो चुका है। इसके बाद यह सड़क वाराणसी शहर के भीतर प्रवेश करती है। कैंट स्टेशन, राजघाट तथा पड़ाव चौराहा होते हुए मुगलसराय तक जाएगी। लेकिन बौलिया तिराहा के आगे आबादी के बीच से सड़क गुजरने के कारण निर्माण कार्य रुका हुआ था।
अधिकारियों का कहना है कि मकानों के हटने के बाद सड़क निर्माण का काम तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा। बताया गया है कि मोहनसराय से मुगलसराय तक 31 किमी लंबी सिक्स लेन का निर्माण होना है। इसके बाधक बने निर्माण को तोड़ा जा रहा है। यह 194.40 करोड़ रुपये की योजना है। नगीना सांसद चंद्रशेखर ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजकर कार्रवाई न करने को कहा था।
बीते एक साल से काम रुका हुआ है। 38 मकानों को तोड़ा गया है। 8 मकानों का मामला कोर्ट में है। इन्हें छोड़कर बाकी के निर्माण तोड़े गए हैं। आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी। - केके सिंह, अधिशासी अभियंता, पीडब्ल्यूडी