वाराणसी: नगर निगम का बड़ा फैसला, कर्मचारियों को बिना वैक्सीनेशन के नहीं मिलेगा वेतन
कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए नगर निगम में यह निर्णय लिया है। हालांकि कर्मचारी कोरोना का टीका लगवा चुके हैं।
विस्तार
वाराणसी में कोरोना संक्रमण के बढ़ते दायरे को देखते हुए नगर निगम ने बड़ा निर्णय लिया है। नगर स्वास्थ्य अधिकारी डा. एनपी सिंह ने विभागीय कर्मियों को सचेत कर दिया है कि यदि उन्होंने वैक्सीनेशन नहीं कराया तो उन्हें वेतन नहीं मिलेगा। हालांकि, नगर निगम कर्मचारियों ने फ्रंट लाइन वर्कर के तौर पर पहले ही टीका लगवा लिया था।
अतिक्रमण हटाने के साथ वसूला जुर्माना, नौ पशु जब्त
नगर निगम प्रवर्तन दल की ओर से अतिक्रमण हटाने के साथ 3400 रुपये जुर्माना वसूला गया। इस दौरान नौ पशुओं को जब्त कर उन्हें कांजी हाउस भेजा गया। अपर नगर आयुक्त द्वितीय सुमित कुमार की अगुवाई में अतिक्रमण हटवाया गया। साजन सिनेमा तिराहा, चंदूआ सट्टी , फूल मंडी, मलदहिया, लहुराबीर, लोहटिया, मैदागिन, विशेश्वरगंज वापस गोलगड्डा, चौकाघाट, मरीमाता, तेलियाबाग से अतिक्रमण हटवाया।
मैदागिन चौराहे पर ट्रैफिक पुलिस के साथ मिलकर चौराहे के चारों तरफ से ठेले, टोटो और ऑटो रिक्शा वालों को चौराहे से हटाया गया। दूसरा अभियान सिगरा, रथयात्रा, लक्सा, गुरूबाग, गिरजाघर और गोदौलिया तक अतिक्रमण हटवाया गया। कुछ दुकानदारों का सामान भी जब्त किया गया और जुर्माना भी किया गया। पशु चिकित्सा अधिकारी के निर्देश पर बड़ी पियरी, छोटी पियरी, हीरानगर, बेनियाबाग तक अवैध डेयरी के खिलाफ अभियान चलाया गया। नौ पशुओं को जब्त कर कांजी हाउस भेजा गया। शिवपुर में पुलिस बल नहीं मिलने से अतिक्रमण नहीं हट सका।