वाराणसी: डिवाइडर से टकराकर फ्लाईओवर से नीचे गिरा बाइक सवार, दो युवक घायल; बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती
वाराणसी के चौकाघाट-लहरतारा फ्लाईओवर पर शनिवार अपराह्न तेज रफ्तार बाइक डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में गाजीपुर निवासी प्रमोद कुमार वर्मा फ्लाईओवर से नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उनके साथी समीर शर्मा फ्लाईओवर पर घायल मिले। सिगरा पुलिस ने दोनों को बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया।
विस्तार
चौकाघाट-लहरतारा फ्लाईओवर पर शनिवार अपराह्न तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार एक युवक उछलकर फ्लाईओवर से नीचे जा गिरा, जबकि उसका साथी ऊपर ही घायल अवस्था में पड़ा रहा। दोनों को सिगरा पुलिस ने बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया। नीचे गिरने वाले युवक को ज्यादा चोटें आई हैं। हादसे की सूचना मिलने पर गाजीपुर से दोनों के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए।
गाजीपुर के गोराबाजार थाना क्षेत्र के बड़ीबाग चुंगी निवासी प्रमोद कुमार वर्मा (28) और सदर कोतवाली क्षेत्र के सरायगंज निवासी समीर शर्मा (28) शनिवार को लाल रंग की आर-वन बाइक से चौकाघाट फ्लाईओवर पर चढ़े थे। कैंट स्टेशन के पास पहुंचने पर बाइक अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि प्रमोद कुमार उछलकर फ्लाईओवर से नीचे गिर पड़ा। वहीं, समीर शर्मा फ्लाईओवर पर ही घायल होकर गिर पड़ा।
स्थानीय लोगों ने पहुंचाया अस्पताल
सिगरा थाना क्षेत्र में कैंट स्टेशन के पास पिलर नंबर 74 और 75 के बीच प्रमोद को नीचे घायल अवस्था में देखकर राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची सिगरा पुलिस को पता चला कि युवक फ्लाईओवर से नीचे गिरा है। इसके बाद रोडवेज और विद्यापीठ चौकी प्रभारी फ्लाईओवर पर पहुंचे। वहां समीर शर्मा भी घायल अवस्था में पड़ा मिला। पास में लाल रंग की बाइक क्षतिग्रस्त हालत में थी।
पुलिस ने दोनों घायलों को तत्काल उपचार के लिए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया। सिगरा थाना प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि दोनों युवकों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रमोद कुमार वर्मा को अधिक चोटें आई हैं। हादसे की सूचना पर गाजीपुर से दोनों के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। पुलिस हादसे से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटा रही है। बाइक के अनियंत्रित होने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।